———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
20 अगस्त 2026 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️
01. जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने किया पदभार ग्रहण ।

—भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कुंदन कुमार (भाप्रसे-2014 बैच) ने कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के तौर पर आज पूर्वान्ह में अपना पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कहा कि कांकेर जिले में शासन की विभिन्न योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन उनकी पहली प्राथमिकता है। जिले के अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को भी योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे। इस दौरान नवपदस्थ कलेक्टर ने जिला स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कांकेर जिला अग्रणी रहे, इसके लिए जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी टीम वर्क के साथ परस्पर समन्वय एवं सामंजस्य के साथ कार्य करें।
उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कुंदन कुमार छत्तीसगढ़ कैडर आबंटन के पश्चात सबसे पहले वर्ष 2016-17 में जिले के भानुप्रतापपुर अनुभाग में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के तौर पर अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद वे 2017 से 2019 तक कवर्धा जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा शुगर मिल के प्रबंध निदेशक के तौर पर पदस्थ रहे। तदुपरांत 2019-20 में जिला पंचायत दुर्ग में तथा 2020-21 में जिला पंचायत कोरबा में सीईओ के पद पर सेवाएं दी। इसके पश्चात उन्होंने वर्ष 2021-22 में बलरामपुर जिले में कलेक्टर, 2022-23 में अंबिकापुर जिले के कलेक्टर के रूप में पदस्थ रहे। इसी तरह 2024-25 में संचालक नगरीय प्रशासन, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल तथा नया रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ के पद पर पदस्थ रहे। इसके पश्चात अप्रैल 2025 से 19 अगस्त 2026 तक मुंगेली जिले के कलेक्टर रहे तथा आज उन्होंने कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के तौर पर अपना पदभार ग्रहण किया।
—————–
✍️ 02. जिले की ग्राम पंचायतों में 25 अगस्त तक ग्राम सभा का आयोजन।
—छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 के तहत कलेक्टर कुंदन कुमार ने जिले के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालय तथा उनके आश्रित ग्रामों में आज से 25 अगस्त तक अनिवार्य रूप से ग्राम सभा आयोजन करने के लिए निर्देश जारी किया है। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने स्तर से पीठासीन अधिकारी नियुक्त कर तथा समय-सारणी बनाकर तिथि निर्धारित कर ग्राम सभा का आयोजन किया जाए, ताकि एक ही तिथि को ग्राम पंचायत के एक से अधिक ग्राम में उसी तिथि में ग्रामसभा का आयोजन न हो। इस प्रकार की व्यवस्था से सरपंच, सचिव सभी ग्रामसभाओं में अपनी उपस्थिति दे सकेंगे एवं ग्रामसभा का आयोजन सही ढंग से हो सकेगा।कलेक्टर श्री कुमार ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा आयोजन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा आयोजन की जानकारी ग्राम पंचायत के प्रत्येक पदधारी सरपंच एवं पंचों को दी जावे, जो अपने क्षेत्र के सदस्यों को ग्राम सभा में उपस्थित कराने के लिए उत्तरदायी होंगे। इसके अलावा पंचायतों के द्वारा ग्राम सभा सम्मेलन की सूचना सार्वजनिक स्थल, सहगोचर स्थानों पर चस्पा कर मुनादी कराई जावे। कलेक्टर ने ग्राम सभा की कार्यवाही सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग कर वीडियो को ‘‘ग्रामसभा निर्णय’’ (GS NIRNAY) मोबाइल एप में अपलोड कराएं। इसके साथ ही ग्राम सभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं GPDP पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराकर निर्धारित प्रपत्र में प्रतिवेदन जिला कार्यालय को 28 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
———————–
विज्ञापन—

———————–
✍️ 03.त्योहारों के मद्देनजर प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की जांच, परीक्षण हेतु 13 नमूने लिए गए।

—मातृ एवं शिशु अस्पताकलेक्टर एवं जिला अभिहित अधिकारी कुंदन कुमार के निर्देशन में ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों का नमूना संग्रहण किया जा रहा है। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी सुस्मित देवांगन ने निरीक्षण के दौरान मिठाई निर्माण इकाइयों में साफ-सफाई व्यवस्था, विनिर्माण प्रक्रिया तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी नियमों के अनुरूप प्रतिष्ठान के संचालन करने हेतु निर्देशित किया गया। पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पादों से निर्मित खाद्य पदार्थों का विक्रय निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनियमितता पाए जाने पर व्यापारियों को तत्काल सुधार हेतु चेतावनी भी दी गई। गलती दोबारा पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के साथ खाद्य लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान नमूना परीक्षण हेतु विभिन्न खाद्य पदार्थों का सेंपल लिया गया, जिसमें चारामा से पनीर एवं पतंजलि बिस्किट, दुर्गूकोंदल से पनीर, चमचम, बेसन लड्डू एवं काजू कतली तथा कांकेर से मिनी पेड़ा, काजू कतली, बूंदी खुला, गाठिया, बेसन लड्डू एवं मावा पेड़ा के नमूने लिए। इस प्रकार कुल 13 खाद्य नमूने, जिनमें 9 मिठाई, 2 पनीर एवं 2 नमकीन का नमूने परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया। जांच रिपोर्ट में नमूने अमानक पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
उपभोक्ताओं से सावधानी बरतने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा उपभोक्ताओं से बाजार में बिकने वाली खुले एवं अमानक खाद्य सामग्री के उपयोग से बचने की अपील की गई है। साथ ही अधिक रंगयुक्त मिठाइयों का उपयोग नहीं करने तथा खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले उसके लेबल की जांच करने की सलाह दी गई है। उपभोक्ताओं को निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि देखकर ही खाद्य सामग्री खरीदें। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता अथवा किसी अन्य अनियमितता की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें। उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों, किराना दुकानों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
————————
✍️ 04. सब्जियों के ग्राफ्टेड पौध उत्पादन के गुर सीख रहे किसान
— जिले में सब्जियों की खेती में प्रमुख रूप से किसान बैगन एवं टमाटर की खेती करते हैं, बैंगन की खेती में प्रमुख रूप से उकठा एवं सूत्रकृमि रोग लगने के कारण किसानों को नुकसान होता है। साथ ही बरसात में होने वाले जलभराव की समस्या एवं गर्मी में अत्यधिक तापमान से होने वाले फसल क्षति से कृषकों को भारी नुकसान होता है। इस प्रकार की समस्या को दूर करने के लिए बैगन एवं टमाटर के ग्राफ्टेड पौधों की आवश्यकता होती है। ग्राफ्टेड पौधे सामान्य पौधों की तुलना में अधिक मजबूत, रोग प्रतिरोधी तथा अधिक उत्पादन देने वाले होते हैं। वर्तमान में कांकेर जिले के सब्जी उत्पादक रायपुर या अन्य दूरस्थ नर्सरियों से ग्राफ्टेड टमाटर एवं बैंगन के पौध खरीदकर लाते हैं, जिससे उन्हें पौधे की कीमत (10-12 रूपये प्रति पौधा), परिवहन व्यय एवं समय अधिक लगता है और उत्पादन लागत बढ़ता है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में ग्राफ्टिंग तकनीक विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन 21 अगस्त तक किया जा रहा है।केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. गरिमा दीवान ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रायोगिक तौर पर ग्राफ्टिंग की तकनीक को सिखाया, साथ ही ग्राफ्टिंग के बाद पौधे की देखभाल की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण में किसानों को कम लागत में हीलिंग चौबर तैयार कर स्थानीय स्तर पर ग्राफ्टेड पौधे तैयार करने की तकनीक भी सिखाई जा रही है। ग्राफ्टेड पौधे की कीमत एवं मांग अधिक होती है जिससे छोटे किसान भी व्यावसायिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण ग्राफ्टेड पौध उत्पादन कर सफल उद्यमी बन सकते हैं। केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. बीरबल साहू द्वारा किसानों को ग्राफ्टेड पौधों की उपयोगिता एवं संभावित उद्यमिता विकास की जानकारी दी गई। केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. एन. एच. तायड़े, उपेन्द्र नाग एवं डॉ सी. एल. ठाकुर ने किसानों को टमाटर एवं बैगन की उत्पादन तकनीक, रोग प्रबंधन एवं यंत्रीकरण की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में स्वयंसेवी संस्थान के कार्यकर्ताओं सहित नरहरपुर विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों के 30 किसानों ने भाग लिया।
————————
✍️ 05. आपदा प्रबंधन के तहत बचाव राहत हेतु नगर सैनिकों ने किया ‘मॉक एक्सरसाइज’ ।

—राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गृह मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आज सुबह सिंगारभाट के जिला सेनानी कार्यालय परिसर में बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को तत्काल रेस्क्यू करते हुए उनकी जान बचाने का मॉक एक्सरसाइज किया गया। साथ ही बाढ़ की चपेट में आए मवेशियों को बचाने तथा प्रशिक्षित नगर सैनिकों ने पानी में डूबते हुए ग्रामीण को बचाने व दूसरे छोर पर फंसे लोगों की जान बचाने का मॉक एक्सरसाइज किया।जिला मुख्यालय से लगे ग्राम सिंगारभाट के जिला सेनानी कार्यालय परिसर में आज सुबह नगर सैनिकों ने आपातकालीन स्थिति मंे किए जाने वाले आपदा प्रबंधन और बचाव कार्य का मॉक एक्सरसाइज (छद्म अभ्यास) किया। भारत सरकार राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्षा ऋतु के दौरान प्राकृतिक आपदा एवं बाढ़ से प्रभावित लोगों को बचाने व राहत दिलाने के लिए उक्त मॉक ड्रिल संबंधित विभागों के परस्पर समन्वय से किया गया। इस दौरान नगर सैनिक के जवानों ने बचाव कार्य के लिए क्रमशः बोट को प्रभावित क्षेत्र में लेकर जाना, उसमें सभी प्रकार के आवश्यक उपकरण रखना, फिर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन कराते हुए पीड़ित ग्रामीणों को लाइफ जैकेट पहनाकर सुरक्षित ढंग से लाने का प्रदर्शन किया। इसके अलावा मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ में फंसे मवेशियों को सुरक्षित ढंग से बाहर निकालने का भी प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात बाढ़ में जलभराव के चलते भवन में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर सीढ़ी के माध्यम से बाहर लाने का लाइव प्रदर्शन किया गया। इसके बाद प्रभावित लोगों का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण मेडिकल टीम द्वारा किया गया तथा आवश्यकतानुसार उन्हें एम्बुलेंस के जरिए समीप के स्वास्थ्य केन्द्र में ले जाने का प्रदर्शन किया गया।इसके उपरांत नंदनमारा पुल के समीप रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान यातायात पुलिस द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का मार्ग डायवर्ट करने और राहत प्रबंधन का प्रदर्शन नगर सैनिकों के द्वारा किया गया। इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, जिला सेनानी, जल संसाधन, वन, रेडक्रॉस सोसायटी के वॉलिंटियर्स सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बचाव कार्य में इन उपकरणों का किया गया प्रदर्शन

मॉक ड्रिल के दौरान नगर सैनिकों के द्वारा बाढ़ प्रबंधन एवं बचाव कार्य में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों एवं उनकी उपयोगिता का भी प्रदर्शन किया गया। इनमें एल्युमिनियम बोट, ओबीएम, एचडीपीई लाइफ बोट, लाइफ जैकेट, सर्चिंग लाइट, मनीला रोप, नायलोन रोप, रबर दस्ताने, कटिंग प्लायर, तारपोलिन शीट, चप्पू, लोहा कांटा, कंबल, फर्स्ट एड बॉक्स, ओबीएम स्टैण्ड, लाइफ बोट ट्रॉली तथा माइक इत्यादि शामिल थे।
————————
✍️06. योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता का पालन हो- कलेक्टर कुंदन कुमार।

—जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने गुरुवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अनुशासित रहते हुए सजग होकर अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी शिद्दत से करें। आम जनता से अच्छा व्यवहार करंे तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता का पालन किया जाए। शासन की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जाए। साथ ही सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य संपादित करने के लिए निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के प्राक्कलन तैयार करने के पूर्व फील्ड निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर ने जिला स्तर के सभी विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा, वन मण्डलाधिकारी श्री शशिगानंदन, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
————————
✍️07. साइबर जागृति सप्ताह के तहत थाना बड़गांव, पखांजूर, , कोरर, नरहरपुर, दुर्गूकोंदल, सरोना एवं चारामा पुलिस द्वारा लगभग 1000 विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को किया गया जागरूक।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे साइबर जागृति सप्ताह एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 20.08.2026 को थाना बड़गांव, पखांजूर, , कोरर, नरहरपुर, दुर्गूकोंदल, सरोना एवं चारामा पुलिस द्वारा विभिन्न विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।थाना बड़गांव हायर सेकेंडरी स्कूल चिखली पखांजूर के गवर्नमेंट हाईयर स्कूल ऐसेबेड़ा, कोरर हायर सेकेंडरी स्कूल धनेलीकन्हार, दुर्गूकोंदल के हायर सेकेंडरी स्कूल कोदापाखा, चारामा के गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल चारामा, नरहरपुर क्षेत्र के ग्राम बादल , एवं थाना सरोना क्षेत्र के ग्राम अंजनी में पुलिस टीम द्वारा प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को UPI फ्रॉड, साइबर अपराध, यातायात नियम, बाल श्रम, बाल विवाह, पीड़ित क्षतिपूर्ति, घरेलू हिंसा एवं नशामुक्ति के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को OTP, UPI PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक, फर्जी कॉल, संदिग्ध APK फाइल एवं फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने की समझाइश दी गई।
यातायात नियम एवं सड़क सुरक्षा
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।साथ ही नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने तथा अभिभावकों से अपने नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील की गई।
बाल एवं महिला सुरक्षा
बाल श्रम, बाल विवाह, घरेलू हिंसा एवं पीड़ित क्षतिपूर्ति से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए नागरिकों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
नशामुक्ति जागरूकता
पुलिस द्वारा विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। समय पर की गई शिकायत साइबर ठगी की राशि को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहें, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
————————
✍️08.“यातायात की पाठशाला” में विकल्प पेपर के माध्यम से यातायात नियमों की दी जा रही जानकारी। विकल्प आधारित प्रश्नों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति किया जा रहा जागरूक। हेलमेट, सीट बेल्ट, रेड सिग्नल, गति सीमा, मोबाइल एवं नशे में वाहन चलाने के दुष्परिणामों की दी जा रही जानकारी।

—पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी दीपक साव एवं यातायात टीम द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में “यातायात की पाठशाला” अभियान संचालित किया जा रहा है।अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कैंप आयोजित कर आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों, यातायात सिग्नल, यातायात संकेतक एवं साइन बोर्ड के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
विकल्प पेपर के माध्यम से जागरूकता:-
“यातायात की पाठशाला” अभियान के तहत आमजन को विकल्प आधारित प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें विभिन्न यातायात परिस्थितियों से संबंधित प्रश्न शामिल किए गए हैं।इन प्रश्नों के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन चालक किसी विशेष यातायात नियम का पालन करने अथवा उसका उल्लंघन करने से होने वाले संभावित परिणामों को कितना समझते हैं।विकल्प पेपर के माध्यम से लोगों को स्वयं सही विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे वे सोच-समझकर यातायात नियमों के महत्व को समझें और उन्हें व्यवहार में अपनाएं।
जागरूकता कैंप में आमजन से निम्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे जा रहे हैं—
1.दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग।
2. चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग।3. रेड सिग्नल होने पर वाहन को रोकना।
4. निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना।
5. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना।
6. नशे की हालत में वाहन नहीं चलाना।7. यातायात संकेतकों एवं साइन बोर्ड का पालन करना।
8. सड़क पर स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखना।
यातायात पुलिस द्वारा आमजन को समझाया जा रहा है कि यातायात नियम केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, रेड सिग्नल पर रुकना, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करना तथा नशे में वाहन नहीं चलाना जैसे नियम सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
————————
✍️09. उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिला “कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान।

—कांकेर जिले में उत्कृष्ट पुलिसिंग, प्रभावी अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के सफल निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी एवं अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान से सम्मानित किया गया।पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अपराधों की विवेचना में उत्कृष्ट प्रदर्शन, तकनीकी दक्षता, टीमवर्क तथा जनता के प्रति संवेदनशीलता प्रदर्शित करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है।उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से पुलिसकर्मियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, कर्तव्य के प्रति समर्पण एवं बेहतर कार्य करने की भावना विकसित होती है तथा जिले में प्रभावी एवं परिणाममुखी पुलिसिंग को बढ़ावा मिलता है।
माह जून 2026 के “कॉप ऑफ द मंथ” सम्मानित अधिकारी/कर्मचारी
1. एएसआई कलावती थापा – थाना भानुप्रतापपुर
महिला संबंधी अपराध की प्रभावी विवेचना, आरोपी की गिरफ्तारी एवं सफल विवेचना के लिए सम्मानित।
2. एएसआई राजकुमार सिन्हा – थाना बांदे
धोखाधड़ी के अपराध की विवेचना करते हुए दूसरे राज्य से आरोपी की गिरफ्तारी एवं सफल विवेचना के लिए सम्मानित।
3. एएसआई कन्हैया लाल मरकाम – थाना अंतागढ़
आबकारी अधिनियम के अपराध की प्रभावी विवेचना, आरोपी की गिरफ्तारी एवं सफल कार्रवाई के लिए सम्मानित।
4. आरक्षक क्रमांक 1416 तिरीथ दिवाकर – (साइबर सेल)थाना लोहत्तर में दर्ज साइबर क्राइम प्रकरण में आरोपी की दूसरे राज्य पुणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तारी एवं सफल कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित।
5. आरक्षक क्रमांक 21 टोमन साहू – थाना भानुप्रतापपुर (थाना दुर्गूकोंदल )में दर्ज चैन स्नेचिंग प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी एवं सफल कार्रवाई के लिए सम्मानित।
6. आरक्षक क्रमांक 1338 जितेंद्र नाग –
(साइबर सेल )थाना बांदे में दर्ज हत्या के प्रकरण में तकनीकी माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आम जनता को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में ऐसे कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करते हुए जनता के विश्वास को और मजबूत करेंगे तथा जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में निरंतर अपना योगदान देते रहेंगे।
———————–
✍️
10. देवीनवागांव में सीसी रोड‚आंगनबाडी भवन तो बिरनपुर में टीना शेड निर्माण का भुमिपुजन कांकेर विधायक आशा राम नेताम द्वारा किया गया।

— आज ग्राम देवीनवागांव में सीसी रोड एवं आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने इस मौके पर कहा- विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम का साक्षी बना है, ग्राम देवीनवागांव। सीसी रोड से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और आंगनवाड़ी भवन से बच्चों एवं माताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।ग्राम की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए सुविधा, विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करना ही हमारा संकल्प है।

इसके साथ ही ग्राम बिरनपुर में टीना शेड निर्माण का भी भुमिपूजन विधायक आशाराम नेताम के करकमलों से किया गया। इस मौके पर ग्राम में उनकी जबर्दस्त स्वागत किया गया।
————————
विशेष—
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर लखनपुरी धान संग्रहण केंद्र का निरीक्षण।

—प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा द्वारा धान संग्रहण केंद्र लखनपुरी का निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन किया गया जिसमें धान उपार्जन वर्ष 2025-2026 में कूल धान का भंडारण 3 लाख 88हजार 750 मि टन किया गया बारिश पूर्व भंडारीत धान का उठाव हो चुका है धान भंडारण केंद्र में अभी स्टॉक नील है’।निरिक्षण में विधायक सावित्री मनोज मंडावी. हिरवेन्द्र साहू अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ,चंद्र कुमार कांगे सौरभ ताराम , के एल मरकाम ,किशोर नेताम ,महेंद्र नायक ,कुबेर ठाकुर ,संतोष शिंदे ,विकास मांडवी पंकज वाधवानी, परमेश्वर साहू ,तरुण चौहान, सुधराम पोया ,राहुल पोया ,चंद्र शेखर सोरी, धनराज सोरी ,समीर बछोड़ सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






