—————————
विज्ञापन

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
16 नवम्बर 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. नक्सल उन्मूलन के बाद कांकेर जिले में विकास की नई राह खोल रहे वृहद पुल निर्माण कार्य।पिछले तीन वर्षों में 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण पूर्ण। 19 पुलों का निर्माण जारी और 10 नए पुलों को मिली स्वीकृति।

—मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरूण साव के के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा आकांक्षी जिला कांकेर के सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए वृहद पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग कांकेर के समन्वित प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई राह खुल रही है। पिछले तीन वर्षों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण पूर्ण किया गया है। वहीं नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद पुल निर्माण कार्यों में और तेजी आई है। जिले के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी पर 20 करोड़ रुपये, मेढ़की नदी पर 12 करोड़ रुपये एवं महला नदी पर 06 करोड़ 50 लाख रूपये की लागत से पुलों का निर्माण किया गया है। इसी तरह भैंसगांव से आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी पर 09 करोड़ 86 लाख रूपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल बनाया गया है। इन पुलों के निर्माण ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनके निर्माण से जिले के लगभग 210 गांवों की 01 लाख 68 हजार आबादी को ब्लॉक, तहसील एवं जिला मुख्यालय से बारहमासी संपर्क की सुविधा मिली है।
पिछले कुछ महीनों में 61 करोड़ के 09 पुलों का निर्माण पूर्ण
नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद जिले में वृहद पुल निर्माण कार्यों में तेजी आई है। विगत कुछ महीनों में ही 61 करोड़ रुपये की लागत से 09 उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 07 करोड 46 लाख़ रुपये की लागत से पुल निर्माण, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 04 करोड़ 58 लाख रुपये एवं टुरी नदी पर 04 करोड 50 लाख रूपए तथा कापसी (पी.वी.-130)-पखांजूर मार्ग में त्रास नाला पर 06 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल शामिल हैं। इन पुलों के निर्माण से जिले के 80 गांवों की लगभग 56 हजार आबादी को वर्षभर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हुई है। इन पुलों के पूर्ण हो जाने से क्षेत्रवासियों को उच्च शिक्षा, व्यापार, उन्नत कृषि, पर्यटन गतिविधियां, सामाजिक सांस्कृतिक संपर्क, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंच आसान हो गया है।
महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क होगा सुगम
नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद नारायणपुर माड़ क्षेत्र सहित कांकेर जिले के सुदूर अंचलों में विकास और अंतरराज्यीय संपर्क को मजबूत करने वाले महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। इनमें मरबेड़ा-सितरम मार्ग के किलोमीटर 1/10 पर कोटरी नदी में 19 करोड़ रुपये, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ रुपये तथा ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 06 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण तेजी से जारी है। इन पुलों के पूर्ण होने से दुर्गम क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होगा तथा महाराष्ट्र राज्य से अंतरराज्यीय आवागमन को भी सुविधा मिलेगी।
140 करोड़ की लागत से 19 पुल निर्माणाधीन, 92 करोड़ के 10 नए पुल स्वीकृत
जिले के ग्रामीण अंचलों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने तथा ब्लॉक, तहसील एवं जिला मुख्यालयों से बारहमासी संपर्क सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसके साथ ही 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इन स्वीकृत पुलों में राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 06 करोड़ रुपये, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 04 करोड़ रुपये, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 05 करोड़ 50 लाख रुपये, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़ रुपये, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ रुपये तथा हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 06 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शामिल हैं।
———————-
✍️ 02.जिले के 163 धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर खरीदी जारी। आज शाम तक 7 हजार क्विंटल से अधिक क्विंटल धान की खरीदी।
— जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। किसानों की सुविधा के लिए संचालित जिले के सभी 163 धान खरीदी केन्द्रों में धान की खरीदी की जा रही है। जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम तक जिले में 204 टोकन के माध्यम से कुल 7 हजार 33 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। धान खरीदी केन्द्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
———————
✍️ 03. श्रीरामलला दर्शन योजनांतर्गत जिले के 74 दर्शनार्थी हुए रवाना।
— श्री रामलला दर्शन योजनांतर्गत अयोध्या धाम यात्रा के लिए प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में जिले के 72 दर्शनार्थियों के साथ 02 अनुरक्षक सहित 74 यात्रियों को सोमवार को रवाना किया गया। दर्शनार्थियों को अयोध्या धाम के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा आजीविका महाविद्यालय गोविन्दपुर कांकेर से झंडी दिखाकर राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका परिषद के कांकेर अध्यक्ष अरूण कौशिक, दिनेश रजक, दीपांशु सिन्हा, ग्राम पंचायत गोविन्दपुर के सरपंच श्री दीपक मंडावी, विजय रामटेके, पंकज सिन्हा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
———————-
✍️ 04.कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने के दिए निर्देश।
—जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर श्री टीकाराम देवांगन एवं सुश्री रानू मैथ्यूज ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।जनदर्शन में कुल 20 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नामांतरण, फौती कार्य समय-सीमा में न होने, लैम्पस् में एग्रीस्टैक पंजीयन कार्य के संबंध में, सीएम स्वेच्छानुदान मद में आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने, भूमि रजिस्ट्री कराने, अवैध निर्माण भूमि पर रोक लगाने, अपील प्रकरण के न्यायिक निराकरण संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा सड़क दुर्घटना उपरांत आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने, पुलिया निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बाउण्ड्रीवॉल एवं विद्युत व्यवस्था, नल खनन, स्ट्रीट लाईट लगवाने तथा पेंशन राशि का भुगतान इत्यादि आवेदन प्रस्तुत किए गए। प्राप्त आवेदनों का संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने तथा समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
——————-
✍️ 05.देवकोंगेरा में नव निर्मित धान खरीदी केेंद्र का कांकेर विधायक आशा राम नेताम के हाथों शुभारंभ।

फोटो— कांकेर नगर से सटे ग्राम देवकोंगेरा प्रवेश करते कांकेर विधायक।
—आज ग्राम देवकोगेरा में नवनिर्मित धान खरीदी केंद्र के उद्घाटन समारोह में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने इस महती मौके पर कहा-धान खरीदी केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में सुविधा मिलेगी तथा उन्हें बेहतर व्यवस्थाओं का लाभ प्राप्त होगा। किसानों का हित, उनकी खुशहाली और कृषि क्षेत्र का निरंतर विकास हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। हमारा संकल्प है कि किसानों को हरसंभव सुविधा मिले और ग्रामीण अंचलों में विकास की नई राह प्रशस्त हो।
——————-
✍️06. चोरी की मोटर मशीनों को खरीदने वाला कबाड़ी संचालक आरोपी गिरफ्तार। आरोपी के कब्जे से 04 नग मोटर मशीन, अनुमानित कीमत ₹20,000 बरामद।पूर्व में प्रकरण के 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर ।

— पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कांकेर हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा चोरी के प्रकरण में फरार आरोपी की पतासाजी कर गिरफ्तार किया गया।प्रार्थी विष्णु राम नेताम की रिपोर्ट पर ग्राम बेवरती स्थित गौठान शेड से 04 नग मोटर मशीन चोरी होने के संबंध में थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 324/2026, धारा 303(2), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी। विवेचना के दौरान चोरी की मोटर मशीनों को कबाड़ी दुकान में बेचने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ एवं विवेचना में चोरी की मोटर मशीनें अन्नपूर्णापारा कांकेर स्थित कबाड़ी दुकान संचालक भविष्य सोनी द्वारा खरीदना सामने आया। पुलिस द्वारा आरोपी भविष्य सोनी पिता चेतन सोनी, उम्र 21 वर्ष, निवासी अन्नपूर्णापारा कांकेर को तलब कर पूछताछ की गई। आरोपी के कब्जे से चोरी की 04 नग मोटर मशीन, अनुमानित कीमत 20,000 बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी में—1. भविष्य सोनी, पिता चेतन सोनी, उम्र 21 वर्ष, निवासी अन्नपूर्णापारा कांकेर है। जप्त सामग्री में—04 नग मोटर मशीन। अनुमानित कीमत 20,000। कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू‚ उप निरीक्षक रामेश्वर चतुर्वेदी‚प्रधान आरक्षक कौशल साहू (824) पुलिस टीम रहे।
————————
✍️07.लोहत्तर पुलिस ने छात्रावासों का किया भ्रमण, छात्राओं से संवाद कर सुरक्षा एवं समस्याओं की ली जानकारी।आदिवासी कन्या आश्रम लोहत्तर एवं प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास जाड़ेकुर्से का किया निरीक्षण।

—पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार —पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में अनुभागीय पुलिस अधिकारी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में लोहत्तर थाना प्रभारी ऋषभ बाजपेयी एवं पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र के आदिवासी कन्या आश्रम लोहत्तर एवं प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास जाड़ेकुर्से का भ्रमण किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। पुलिस टीम द्वारा छात्रावास अधीक्षकों एवं कर्मचारियों को बच्चों के प्रति संवेदनशील, आत्मीय एवं सकारात्मक व्यवहार रखने तथा उनकी समस्याओं को डांट-फटकार के बजाय प्रेमपूर्वक एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से समझाने के निर्देश दिए गए। साथ ही छात्राओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के बुनियादी उपायों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस से सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं को किसी भी समस्या अथवा असुरक्षा की स्थिति में निःसंकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। कांकेर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से बच्चों एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता तथा पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
————————
✍️08. दो वर्षों से CFR दावे लंबित। आदिवासी विभाग नोडल एजेंसी विभाग को बस्तर पंडुम और जनजातिय गौरव से फुर्सत नहीं।

—कांकेर जिले में आदिवासी एवं वन आश्रित समुदायों के वन अधिकारों को लेकर आम आदमी पार्टी ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत कई ग्रामसभाओं के सामुदायिक वन संसाधन अधिकार (CFR) के दावे दो वर्षों से अधिक समय से जिला स्तरीय समिति (DLC) में लंबित हैं, लेकिन प्रशासन इन दावों के निराकरण को लेकर गंभीर नहीं है।पार्टी का कहना है कि वन अधिकार कानून आदिवासी समाज को उनके पारंपरिक जंगलों पर अधिकार देने के लिए बनाया गया है। आज ग्रामसभाएं जंगलों की रक्षा कर रही हैं, वनाग्नि रोकने से लेकर जल स्रोतों और वन संपदा के संरक्षण का काम कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हीं ग्रामसभाओं को अपने अधिकारों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। आखिर कब तक आदिवासी समाज अपने अधिकारों के लिए इंतजार करता रहेगा?जिले में लगभग 450 ग्रामसभाओं को CFR अधिकार प्राप्त हो चुके हैं। आदिवासी विभाग को नोडल एजेंसी बनाया है शासन के आदिवासी मंत्री ना जिला के विभाग अब तक शांत है वहीं अनेक ग्रामसभाओं के दावे वर्षों से लंबित हैं। जिला स्तरीय समिति की बैठक नहीं होने और दावों पर निर्णय नहीं लिए जाने से ग्रामसभाओं में नाराजगी बढ़ रही है।
आम आदमी पार्टी जिला प्रशासन से मांग करती है कि तत्काल DLC की बैठक बुलाकर लंबित CFR दावों का नियमानुसार निराकरण किया जाए और पात्र ग्रामसभाओं को उनके अधिकार पत्र दिए जाएं।आम आदमी पार्टी ने प्रशासन को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अब इस मामले में और इंतजार नहीं किया जाएगा। यदि जिला प्रशासन जल्द ही लंबित दावों के निराकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं करता है, तो पार्टी प्रभावित ग्रामसभाओं और आदिवासी समुदाय के साथ मिलकर कांकेर कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी। इस आंदोलन की जिम्मेदारी पूरी तरह जिला प्रशासन की होगी।पार्टी ने कहा कि आदिवासियों को उनके जंगलों पर अधिकार देना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। वन अधिकार कोई भीख या सरकारी मेहरबानी नहीं, बल्कि कानून से मिला अधिकार है। मगर बीजेपी सरकार पिछले अपने शासन में केवल पट्टा का कानून समझ रहा था और अब वही कर रही है,आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और ग्रामसभाओं को उनका हक दिलाने के लिए आंदोलन करेगी।
———————–
✍️09.कांकेर नगर पालिका और नरहरपुर नगर पंचायत में निर्माण कार्यों के लिए हुए निविदा फर्जीवाड़ा के संबंध में आज 16 नवम्बर को कांग्रेस के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को जांच के लिए शिकायत पत्र सौंपा। संलिप्त लोगों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

————————
साथ ही नगरपालिका कांकेर में टेंडर प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा की शिकायत मिलने पर कांग्रेस के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने संलिप्त लोगों पर पालिका प्रशासन के द्वारा वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक से चर्चा की।

————————
✍️
10.कांकेर जिले के कई स्थानों पर कलार समाज के अराध्यदेव भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की जयंती धूमधाम से मनायी जा रही है। चारामा विकासखंड के डोंडकावाही पत्थर्रीपारा में दिन भर विविध गतिविधियां होती रही, तारतम्य अभी रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम की बेला में रामधुनी कार्यक्रम जारी है। क्षेत्र के जनपद सदस्य चिंताराम साहू का अतिथि के रूप में आगमन हुआ। डंडसेना कलार समाज के संभागीय कार्यालय अलबेलापारा कांकेर‚ चारामा के ढेडकोहका‚ टिकरापारा में भी कार्यक्रम जारी है‚तो कल गढियापारा लखनपुरी में कार्यक्रम आयोजित है‚जहां भानुप्रतापपुर की लोकप्रिय विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगी।

जिले के कापसी में भी सामाजिकजनों ने सौहाद्रपूर्ण वातावरण में अतिथियों के बीच मनाया‚आयोजन में जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर अतिथि के रूप में शामिल हुई। उन्होंने जनों को संबाेधित किया।

————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






