——————–
विज्ञापन

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-

———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
12 नवम्बर 2026 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का किया गया प्रारंभिक प्रकाशन। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर, ऑनलाइन भी कर सकेंगे आवेदन।
—भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हो गया है। इसके तहत जिले के सभी 767 मतदान केन्द्रों में 12 नवंबर 2026 (गुरुवार) को निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है। प्रकाशन की तिथि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक सभी मतदान केन्द्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नियुक्त अभिहित अधिकारियों के माध्यम से मतदाताओं से दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी। इस अवधि में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा एवं ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे संबंधित मतदान केन्द्र के अभिहित अधिकारी अथवा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से निर्धारित प्रारूप-6 में आवेदन प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
इसी प्रकार मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि सुधार अथवा विवरण में संशोधन के लिए प्रारूप-8 तथा नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 में आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों एवं विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने नाम की जांच कर लें तथा आवश्यकतानुसार आवेदन प्रस्तुत कर मतदाता सूची को अद्यतन कराने में सहभागिता निभाएं।
———————-
✍️ 02.जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 23 एवं 24 नवंबर को होगा आयोजित। 11 खेल विधाओं में खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा, आयोजन की तैयारियों को लेकर विभागों को सौंपे गए दायित्व। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, पेयजल एवं ठंड से बचाव के लिए होगी विशेष व्यवस्था।

—जिला मुख्यालय कांकेर में 23 एवं 24 नवंबर को जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी की अध्यक्षता में आज संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री मंडावी ने कहा कि बस्तर ओलंपिक शासन का महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके सफल संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के आवागमन, ठहरने, भोजन एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से दूरस्थ विकासखंडों से आने वाले बच्चों की सुविधाओं का ध्यान रखने तथा ठंड से बचाव के लिए ठहरने के स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था करने को कहा। जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का आयोजन शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान, इंडोर स्टेडियम, मिनी स्टेडियम तथा शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर कांकेर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, रस्साकसी, बैडमिंटन, तीरंदाजी, कराते, वेटलिफ्टिंग एवं एथलेटिक्स सहित कुल 11 खेल विधाओं में मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता के अंतर्गत 23 नवंबर को जूनियर वर्ग तथा 24 नवंबर को सीनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

खेल विधाओं के लिए निर्धारित किए गए आयोजन स्थल
प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए खेलवार आयोजन स्थल निर्धारित किए गए हैं। कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, एथलेटिक्स, हॉकी, कराते एवं वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित होंगी। फुटबॉल एवं बैडमिंटन के मुकाबले मिनी स्टेडियम में तथा तीरंदाजी की प्रतियोगिता शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर में आयोजित की जाएगी।
महिलाओं के लिए होगी रस्साकसी प्रतियोगिता
आयोजन की विशेष बात यह है कि रस्साकसी प्रतियोगिता केवल महिलाओं के लिए आयोजित की जाएगी। जिला पंचायत सीईओ मंडावी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं व्यायाम शिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए अनुशासन बनाए रखना सुनिश्चित करें तथा उन्हें अनावश्यक रूप से इधर-उधर घूमने से रोकें। उन्होंने कहा कि नरहरदेव स्कूल मैदान में मुख्य मंच तैयार किया जाएगा तथा सभी प्रतियोगिता स्थलों पर टेंट की व्यवस्था भी रहेगी। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए ठहरने वाले स्थानों एवं खेल मैदान में अलाव जलाने की व्यवस्था नगर पालिका द्वारा की जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रातः 9 बजे आयोजन स्थल पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। बस्तर ओलंपिक के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा। इससे युवाओं में खेल भावना, आपसी सद्भाव, अनुशासन एवं शारीरिक दक्षता को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में अपर कलेक्टर भागवत प्रसाद जायसवाल, डिप्टी कलेक्टर टीकाराम देवांगन सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं व्यायाम शिक्षक उपस्थित थे।
———————
✍️ 03. आवासीय एवं व्यवसायिक नजूल पट्टों के नवीनीकरण हेतु पट्टाधारियों से आवेदन प्रस्तुत करने की अपील। कांकेर में 22 नजूल पट्टों का 30 वर्षों के लिए किया गया नवीनीकरण।
— शासन के निर्देशानुसार जिले में नजूल पट्टों, जिनकी अवधि 31 मार्च 2024 को समाप्त हो चुकी है, उनका नवीनीकरण का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर कुन्दन कुमार द्वारा आज कांकेर नगर के 22 आवासीय एवं व्यवसायिक स्थायी नजूल पट्टों का आगामी 30 वर्षों 01 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2054 तक की अवधि के लिए नवीनीकरण किया गया है। उल्लेखनीय है कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 30 वर्षों की अवधि के लिए आवासीय एवं व्यवसायिक प्रयोजन के नजूल पट्टों का नवीनीकरण किया जाना है। इसी के तहत वर्ष 2024 में समाप्त हुए स्थायी पट्टों का नवीनीकरण कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने ऐसे सभी नजूल पट्टाधारियों से अपील की है, वे नजूल पट्टों के नवीनीकरण के लिए अपना विधिवत आवेदन नजूल न्यायालय कांकेर में प्रस्तुत करें, ताकि नियमानुसार समय-सीमा में उनके नजूल पट्टों का नवीनीकरण किया जा सके।
———————-
✍️ 04.कांकेर जिले के 154 पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई।
— जिला प्रशासन कांकेर द्वारा जिले में हड़तालरत 154 पटवारियों के विरुद्ध ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है। इस आशय की जानकारी देते हुए भू-अभिलेख अधीक्षक श्री नारायण ध्रुव ने बताया कि कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार हड़तालरत पटवारियों को तत्काल अपने कर्तव्य पर उपस्थित होकर शासकीय कार्याे का संपादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये थे, लेकिन इसके बावजूद उनके द्वारा निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं किया गया और न ही संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत किए गए, जिसके कारण प्रचलित सेवा नियमों के अनुसार जिले के 154 पटवारियों के विरुध्द ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि जिले के पांचो राजस्व अनुविभाग-कांकेर, चारामा, भानुप्रतापपुर, अंतागढ एंव पखांजूर में 175 पटवारी पदस्थ है, जिसमे से 155 पटवारी हड़ताल पर हैं। इन सभी 155 हड़तालरत पटवारियों को सेवा से व्यवधान (ब्रेक इन सर्विस) की प्रस्तावित कार्यवाही के संबंध में कारण बताओं नोटिस जारी किया गया था। पटवारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल से राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे है। विशेष रूप से डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी, एग्रीस्टैक पंजीयन, फसल सत्यापन, धान खरीदी से संबंधित किसानों के अभिलेखों का सत्यापन नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों से संबंधित जांच एवं प्रतिवेदन के कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। इससे किसानों एवं आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड रहा है। आगामी धान खरीदी के दृष्टिगत गिरदावरी, एग्रीस्टैक एवं किसानों के भूमि तथा फसल संबंधी अभिलेखों का समय-सीमा में सत्यापन अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे समय में पटवारियों की लगातार अनुपस्थिति से राजस्व विभाग के कार्यों के निष्पादन में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। इन पटवारियों के विरूद्ध सेवा में व्यवधान (ब्रेक इन सर्विस) की प्रस्तावित कार्रवाई के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने एवं संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने पर उनके विरूद्ध ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है। बताया गया कि इस अवधि में कांकेर अनुविभाग के अंतर्गत नरहरपुर तहसील के एक पटवारी को निलंबित किया गया है।
——————-
✍️ 05. विद्यार्थियों ने जाना कांकेर जिले का शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक वैभव। सेंट्रल लाइब्रेरी, मावा मोदोल कोचिंग संस्थान एवं कोयाबाना आदिवासी संग्रहालय का किया अवलोकन ।

— विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, ज्ञानवर्धन एवं जिले की शैक्षणिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा कांकेर जिले के प्रमुख शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस दौरान पीएम श्री शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगारभाट, शासकीय माध्यमिक शाला भंडारीपारा सहित शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं सेंट माइकल हायर सेकेंडरी स्कूल, गोविंदपुर के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण में सहभागिता की।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सेंट्रल लाइब्रेरी कांकेर, मावा मोदोल कोचिंग संस्थान सह केंद्रीय पुस्तकालय तथा कोयाबाना आदिवासी संग्रहालय एवं प्रवेश द्वार का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने इन संस्थानों की कार्यप्रणाली, विशेषताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्रीय पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित कोचिंग व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों को करीब से जाना। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने कोयाबाना आदिवासी संग्रहालय का अवलोकन कर जिले की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, रहन-सहन एवं ऐतिहासिक विरासत के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्हें कांकेर जिले की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और शैक्षणिक प्रगति को समझने का अवसर मिला। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना, अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करना तथा अपने जिले की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिचित कराना रहा। इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर प्रत्यक्ष अनुभवों के माध्यम से सीखने और अपने आसपास की गतिविधियों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। शिक्षा विभाग द्वारा जिले में उपलब्ध शैक्षणिक संस्थानों, पुस्तकालयों एवं ज्ञानवर्धक केंद्रों को विद्यार्थियों के अध्ययन, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा के उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
——————-
✍️06. कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ मिलेंगे 13,839 रुपए बैंक खाते में होगा भुगतान। धान का पूरा निर्धारित मात्रा में विक्रय करना अनिवार्य नहीं, डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के आधार पर मिलेगी आदान सहायता राशि ।
—छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के किसानों की आय में वृद्धि करना, कृषि लागत कम करना तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक स्तर में सुधार लाना है।
योजना का लाभ उन किसानों को मिलेगा, जिन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है, एग्रीस्टैक में पंजीकृत हैं तथा उनके द्वारा बोए गए धान के रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे किया जा चुका है। धान बीज उत्पादन में भाग लेने वाले किसान भी योजना के लिए पात्र होंगे। हालांकि, पंजीकृत ट्रस्ट, मंडल, प्राइवेट लिमिटेड कंपनी एवं शाला विकास समिति जैसी संस्थाओं को योजना का लाभ नहीं मिलेगा। अनुदान राशि का भुगतान कृषि भूमि सीलिंग कानून के प्रावधानों के अधीन किया जाएगा। योजना के तहत किसानों को उनके द्वारा बोए गए धान के डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के आधार पर सहायता राशि दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर यदि किसी किसान ने 2.5 एकड़ में धान की खेती की है और पूरे रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे हो चुका है, तो उसे प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से कुल 34,597.50 रुपये की सहायता राशि मिलेगी। किसान द्वारा धान की निर्धारित मात्रा का पूरा विक्रय करना अनिवार्य नहीं है। कम मात्रा में धान विक्रय करने पर भी सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि की पात्रता रहेगी। कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य है। धान विक्रय के लिए टोकन जारी कराते समय कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत आदान सहायता राशि प्राप्त करने हेतु निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना भी आवश्यक है। जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं है, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे के अनुसार सहायता राशि प्रदान की जा सकेगी। योजना की राशि किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जमा की जाएगी।
किसान समय पर पूरी करें आवश्यक प्रक्रिया
कृषक उन्नति योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान एग्रीस्टैक में अपना पंजीयन सुनिश्चित करें तथा धान विक्रय के समय निर्धारित प्रारूप में आवेदन अवश्य करें। किसान भाई ध्यान रखें कि धान की पूरी निर्धारित मात्रा बेचना जरूरी नहीं है। डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित धान के रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्राप्त हो सकती है। इसलिए समय पर पंजीयन एवं आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर योजना का लाभ उठाएं।
————————
✍️07.
————————
✍️08.
—
———————–
✍️09.
———————–
✍️
10.
—
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






