आज की टॉप 10 खबर 21 अगस्त 2026 शुक्रवार


संपादकीय—
चारामा,स्वर्णिम अतीत की यादें

—भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर विशेष—

—आधुनिक भारत के प्रणेता एवं संचार क्रांति के जनक तब देश के तात्कालीन प्रधानमंत्री राजीवगांधी  का नगर आगमन हुआ। अतीत के चित्र उस स्नेहिल याद दिलाने काफी है। श्रीशुक्ला जी इस स्कूल के प्राचार्य हुआ करते थे। चारामा का यह एकमात्र बालक हायरसेकेण्डरी स्कूल जो देश की आजादी के बाद स्थापित हुआ था,यहां सीमेंट एस्बेस्टास शीट लगे आज भी पर्यंत बीत गये इतनी मजबूत कि इसके तले आज भी छात्र अध्ययनरत हैं। महुआ का यह पेंड़ गवाही है कि इसके छांव में तब के छात्र बारिश होने पर ठहरा करते। अतीत में तब नगर का इतना विकास नहीं हुआ था। एकमात्र चलचित्र प्रदर्शनी का केंद्र था,जहां मनोरंजन के लिए जाया करते। बुकिंग इतनी कि टिकट भी न मिले। इससे पूर्व बाजार क्षेत्र में टूरिंग टाकिज हुआ करता था। टूरिंग टाकिज का यह वही दौर था जहां नगर में दुर्गोत्सव के लिए भी इतनी भींड़ होती वह स्वर्णिम भींड आज तक कभी दिखायी नहीं दिया। छत्तीसगढ़ की प्रमुख व एकमात्र लोकनाट्य सांस्कृतिक संस्था चंदैनी गोंदा चिटिक अंजोरी के बीच खिलती और लोग कायल होकर इस आयोजन का आनंद लेते। भले ही सदर मार्ग आज जैसा नहीं था,पर अहम पर्वों पर लोगों की उत्सुकता भरी भींड़ अहसास करा देता कि अंचल में त्यौहार का माहौल है। कितनी बारिश हो या अंधेरी रात! जज्बा इस कदर था कि चारामा की कीर्ति दूर-दूर तक होती थी। सियासी जगत में जब भी कोई जनप्रतिनिधी नेताओं का आगमन होता तो वह बालक स्कूल था। बालक हायरसेकेण्डरी स्कूल तब आदर्श स्कूल के नाम से विख्यास था। पढ़ाई में अपितु नियम कायदों के चलते यहां अध्ययनरत छात्र स्वमेव यहां के आदर्श नियमों का पालन किया करते थे। अतीत की स्वर्णिम यादें तो और भी बहुत कुछ है, पर अभी इतना बस।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
21 अगस्त  2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. कांकेर बस्तर का प्रवेश द्वार, बस्तर की संस्कृति यहां से होती है शुरू – कलेक्टर  कुंदन कुमार

—भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी   कुंदन कुमार (भाप्रसे-2014 बैच) ने कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के तौर पर आज पूर्वान्ह में अपना पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कहा कि कांकेर जिले में शासन की विभिन्न योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन उनकी पहली प्राथमिकता है। जिले के अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को भी योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे। इस दौरान नवपदस्थ कलेक्टर ने जिला स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कांकेर जिला अग्रणी रहे, इसके लिए जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी टीम वर्क के साथ परस्पर समन्वय एवं सामंजस्य के साथ कार्य करें। उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी  कुंदन कुमार छत्तीसगढ़ कैडर आबंटन के पश्चात सबसे पहले वर्ष 2016-17 में जिले के भानुप्रतापपुर अनुभाग में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के तौर पर अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद वे 2017 से 2019 तक कवर्धा जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा शुगर मिल के प्रबंध निदेशक के तौर पर पदस्थ रहे। तदुपरांत 2019-20 में जिला पंचायत दुर्ग में तथा 2020-21 में जिला पंचायत कोरबा में सीईओ के पद पर सेवाएं दी। इसके पश्चात उन्होंने वर्ष 2021-22 में बलरामपुर जिले में कलेक्टर, 2022-23 में अंबिकापुर जिले के कलेक्टर के रूप में पदस्थ रहे। इसी तरह 2024-25 में संचालक नगरीय प्रशासन, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल तथा नया रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ के पद पर पदस्थ रहे। इसके पश्चात अप्रैल 2025 से 19 अगस्त 2026 तक मुंगेली जिले के कलेक्टर रहे तथा आज उन्होंने कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के तौर पर अपना पदभार ग्रहण किया।

—————–

✍️ 02. जल जीवन मिशन के कार्यों की की कलेक्टर ने किया समीक्षा, शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन के दिए निर्देश।

—कलेक्टर  कुंदन कुमार की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित नल-जल योजनाओं की अद्यतन प्रगति, पूर्ण हो चुकी योजनाओं के भौतिक सत्यापन, गुणवत्ता तथा भुगतान की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण घोषित सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन किया जाए। संबंधित अधिकारी मैदानी स्तर पर यह सुनिश्चित करें कि जिन गांवों में योजना पूर्ण बताई गई है, वहॉ वास्तव में ग्रामीणों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो रहा हो। उन्होंने पूर्ण हो चुके नल-जल योजनाओं को नियमानुसार ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने तथा सभी ग्रामों में पंप ऑपरेटर की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही ग्रामों में पेयजल योजनाओं के सुचारू संचालन एवं रखरखाव के लिए पानी समितियों को सक्रिय करने पर जोर दिया। कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण एजेंसियों एवं ठेकेदारों के लंबित भुगतानों का निपटारा कार्य की गुणवत्ता एवं भौतिक सत्यापन के आधार पर ही किया जाए। निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के साथ ही पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल परीक्षण भी अनिवार्य रूप से कराया जाए। कार्यों में पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी के लिए योजना के प्रत्येक चरण तथा पूर्ण कार्यों की फोटोग्राफ डिजिटल माध्यम से अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पूर्ण योजनाओं को ग्राम पंचायतों द्वारा टेकओवर कराने की प्रक्रिया में आवश्यक समन्वय स्थापित करने तथा मैदानी स्तर पर ग्रामीणों से पेयजल आपूर्ति का फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर  कुंदन कुमार ने कहा कि हर घर तक शुद्ध एवं निर्बाध पेयजल पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्रेडा तथा ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुचारू एवं स्थायी रूप से संचालित हो सके। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मण्डावी, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता  कुंदन राना, पीएचई के सभी सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं जिला समन्वयक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

———————–

विज्ञापन—

———————–

✍️ 03. शासकीय नवीन कॉलेज नरहरपुर पुलिस का साायबर जागृति अभिया। विद्याथियों को सायबर फ्रॉड, ऑन लाईन धोखाधडी, महिला एवं बालिका सुरक्षा, अभिव्यक्ति ऐप एवं यातायात नियमों की दी गई जानकारी।

—पुलिस अधीक्षक   निखिल राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी  हरिश कुमार पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में चलाये जा रहे जागरूकता अभियान के तहत् दिनांक 21.08.2026 को शासकीय नवीन कॉलेज नरहरपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू, थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सायबर सुरक्षाः-
विद्यार्थियों को ऑन लाईन ठगी एवं सायबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई।
OTP, PIN, CVV पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की समाझर्दस दी गई।
फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक एवं मैसेज से सावधान रहने एवं सायबर ठगी की सूचना तत्काल पुलिस देने बताया गया।
यातायात जागरूकताः-
हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग करने की जानकारी दी गई।
तेज गति, वाहन चलाते समय मोबाईल का उपयोग एवं नशे में वाहन चलाने के दुष्परिणाम बताये गये।
ट्रैफिक सिग्नल, सडक संकेतक, जेबा कासिंग आदि की जानकारी दी गई।
नाबालिकों द्वारा वाहन चलाने से जुडे कानूनी प्रावधानों एवं गंभीर प्ररिणामों से अवगत कराया गया।
महिला सुरक्षा एवं अभिव्यक्ति ऐपः-

महिलाओं एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी।
अभिव्यक्ति एप की सुविधाओं एवं पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।
बिना किसी भय के कोई परेशानी एवं अपराध की सुचनादेने प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सायबर अपराध से सतर्क रहने, महिला एवं बालिका सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया गया।

————————

✍️ 04. नरहरदेव स्कूल कांकेर में “साइबर जागृति कार्यक्रम” एवं “यातायात की पाठशाला” का आयोजन। लगभग 600 विद्यार्थियों को किया गया जागरूक।

—पुलिस अधीक्षक  निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी  दीपक साव एवं यातायात टीम द्वारा श्री नरहरदेव स्कूल कांकेर में विद्यार्थियों के लिए “साइबर जागृति कार्यक्रम” एवं “यातायात की पाठशाला” का आयोजन किया गया।

साइबर जागरूकता कार्यक्रम 
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
 सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्तियों से दोस्ती करने से बचें।
 किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंक विवरण, पासवर्ड अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
 अपनी निजी तस्वीरें एवं वीडियो किसी अनजान व्यक्ति को न भेजें।
 ऑनलाइन गेमिंग के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहें।
 फर्जी डिस्काउंट लिंक एवं संदिग्ध वेबसाइट/लिंक पर क्लिक न करें।
 अनधिकृत ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन से सतर्क रहें।

विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, ब्लैकमेलिंग एवं साइबर स्टॉकिंग के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि यदि कोई बच्चा ऐसी किसी घटना का शिकार होता है तो बिना डरे तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को इसकी जानकारी दें। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा केस स्टडी एवं ऑडियो-विजुअल माध्यम से साइबर ठगों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े सवालों का समाधान भी किया गया।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए यातायात जागरूकता क्लास भी आयोजित की गई। प्रोजेक्टर एवं वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

 दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करें।
 चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं।
 वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
 तेज गति एवं लापरवाही से वाहन न चलाएं।
 शराब अथवा किसी अन्य नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
 ट्रैफिक सिग्नल एवं सड़क संकेतों का पालन करें।
 पैदल यात्री सड़क पार करने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करें।
 नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से बचें एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों का पालन करें।

 राहवीर योजना एवं डायल-112 की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद करने वाले नागरिक को शासन द्वारा 25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

 कांकेर पुलिस की अपील
यातायात पुलिस कांकेर आमजन से अपील करती है कि यातायात नियमों को समझें, उनका पालन करें और दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।किसी भी सड़क दुर्घटना, यातायात संबंधी समस्या या आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करें।

 ————————

✍️ 05. “साइबर जागृति अभियान ” सप्ताह के तहत लगभग 2500 विद्यार्थियों को किया गया जागरूक।उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतिभा लहरे, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री कविता धुर्वे एवं थाना पखांजूर, कांकेर, कोयलीबेड़ा, चारामा तथा चौकी कच्चे, हल्बा एवं दुधावा पुलिस द्वारा विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किए गए जागरूकता कार्यक्रम।

—आयोजन में  उप पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रतिभा लहरे, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री कविता धुर्वे एवं थाना पखांजूर, कांकेर, कोयलीबेड़ा, चारामा तथा चौकी कच्चे, हल्बा एवं दुधावा पुलिस द्वारा विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किए गए जागरूकता कार्यक्रम। पुलिस जानकारी अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—पुलिस अधीक्षक कांकेर   निखिल राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू के मार्गदर्शन में जिले में संचालित “साइबर जागृति अभियान ” सप्ताह के अंतर्गत आज दिनांक 21.08.2026 को विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना कांकेर,थाना पखांजूर, थाना कोयलीबेड़ा, थाना चारामा तथा चौकी कच्चे, चौकी हल्बा एवं चौकी दुधावा की पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों में पहुंचकर लगभग 2500 विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण को साइबर अपराध, UPI फ्रॉड, यातायात नियम, बाल श्रम, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, महिला एवं बाल सुरक्षा, पीड़ित क्षतिपूर्ति तथा नशामुक्ति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।

विभिन्न विद्यालयों में आयोजित हुए कार्यक्रम
पुलिस टीम द्वारा हायर सेकेंडरी स्कूल पखांजूर, पंडित विष्णु प्रसाद हाई स्कूल गोविंदपुर, शासकीय हाई स्कूल सिदेसर, हायर सेकेंडरी स्कूल गिरहोला, हायर सेकेंडरी स्कूल/आत्मानंद स्कूल कोयलीबेड़ा, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल साल्हे, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल हटका चारामा एवं शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल साईंमुंडा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।इस दौरान प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

 साइबर फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी
विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि OTP, UPI PIN, पासवर्ड, बैंक खाते एवं अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी कॉल का जवाब देने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने तथा फर्जी वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से बचने की सलाह दी गई।

 यातायात नियम एवं सड़क सुरक्षा
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने के संबंध में जागरूक किया गया।पुलिस द्वारा विशेष रूप से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने तथा अभिभावकों से अपने नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील की गई।

बाल एवं महिला सुरक्षा
पुलिस टीम द्वारा बाल श्रम, बाल विवाह, घरेलू हिंसा एवं पीड़ित क्षतिपूर्ति से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण अथवा अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

————————

✍️06. सा‚रे‚ग‚मा की तिथि बदली‚ अब 30 अगस्त को होगा आयोजन।

—सा, रे, गा, मा, केराओके एकल गीत प्रतियोगिता अब बाहर के गायकों के आग्रह पर रविवार 30 अगस्त 2026 को रखा गया है 27 अगस्त को स्व. मुकेश जी की पुण्यतिथि के दिन ऑडीशन रखा गया है कार्यक्रम की तिथि में परिवर्तन करते हुए अब ऑडीशन 25 के स्थान पर 27 को होगा और फाइनल राउंड ऑडीशन में चयनित गायक /गायिकाओं का कार्यक्रम 30 अगस्त रविवार को होगा सम्पर्क करें 9424274853,8103034121,8319834044,9893790916

————————

✍️07. नवपदस्थ कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्र में भ्रमण कर समस्याओं की ली जानकारी। नगर में वन्य प्राणियों की आवाजाही, बागोड़ एनीकट के इनटेक वेल प्लांट व बस स्टैण्ड में स्वच्छता को लेकर दिए अधिकारियों को कड़े निर्देश।

—जिले के नवपदस्थ कलेक्टर   कुंदन कुमार ने आज सुबह नगरपालिका परिषद कांकेर के अंतर्गत विभिन्न समस्याओं को लेकर दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शहर में वन्य प्राणी (भालू) के किसी भी समय विचरण की समस्या को लेकर गोविन्दपुर क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर वन एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने बागोड़ एनीकट के समीप दशपुर इनटेक प्लांट का भ्रमण कर वहां की रिटेनिंग वॉल के टूट जाने से शहर में पेयजल की समस्या दूर करने तथा शहर के बस स्टैण्ड व पुराना बस स्टैण्ड के पास डेली मार्केट में पसरी गंदगी को तत्काल दुरूस्त कराने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए।

वन्य प्राणी विचरण क्षेत्र में अलर्ट मैकेनिज्म तथा साइनेजेस लगाने के निर्देश

शहर के निरीक्षण के दौरान आज तड़के कलेक्टर   कुंदन कुमार आज सुबह 7.30 बजे गोविन्दपुर स्थित ऑक्सीवन पहुंचे। वन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी ने बताया कि आसपास पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण भोजन की तलाश में भालू शहर का रूख करते हैं। ज्यादातर तेल और मीठे की खुशबू से वे नगर के रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। इस पर कलेक्टर ने कहा कि शहर में भालू व अन्य जंगली प्राणी की आमदरफ्त होने से किसी भी अप्रिय स्थिति या अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता। भविष्य में जान-माल की क्षति न हो, इस बात का विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए। उन्होंने एसडीओ फॉरेस्ट को निर्देशित किया कि चिन्हांकित विचरण क्षेत्रों में अलर्ट मैकेनिज्म (लोगों को सतर्क करने) एडवाइजरी जारी करें, जिसमें यह उल्लेख हो कि वन्य प्राणियों की आमदगी से क्या करें और क्या न करें। साथ ही वन की रेस्क्यू टीम और राजस्व तथा नगरीय निकाय के अधिकारियों के मोबाइल नंबर उल्लेखित फ्लैक्स व बैनर लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर जमीनी अमलों के जरिए सतत निगरानी करने तथा परस्पर बैठक लेकर समन्वय स्थापित करते हुए ठोस एवं जरूरी कदम उठाने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने शीतलापारा वार्ड निवासी श्री राकेश साहू के निवास में जाकर भेंट करते हुए चर्चा की। पिछले सप्ताह घर में भालू घुस गया था।

माहुरबंद तालाब का किया जाएगा जीर्णोद्धार, किया जाएगा सौंदर्यीकरण एवं विद्युतीकरण

कांकेर नगर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अलबेलापारा वार्ड क्रमांक-01 में स्थित माहुरबंद तालाब पहंुचे, जहां पर वेे तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य से रू-ब-रू हुए। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में तालाब के चारों ओर बंड निर्माण कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर ने इस तालाब को और अधिक बेहतर ढंग से सौंदर्यीकरण करने के लिए राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के तकनीकी विशेषज्ञों की मदद लेते हुए ग्रास कारपेट, पेवर ब्लॉक तथा आकर्षक विद्युतीकरण कराने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया। उन्हांेने विशेष तौर पर जोर दिया कि गंदे पानी निकासी की व्यवस्था तालाब के किनारे अलग से किया जाए। इस अवसर कलेक्टर ने एसआरएलएम सेंटर का भी निरीक्षण कर गीला एवं सूखा कचरा का पृथक-पृथक प्रबंधन करने व स्वच्छता को लेकर किसी तरह की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

बागोड़ एनीकट पर नदी का जल इनटेक वेल प्लांट की ओर डायवर्ट करने के निर्देश

इसके पश्चात कलेक्टर  कुमार ने बागोड़ एनीकट के पास स्थापित इनटेक वेल प्लांट का आकस्मिक निरीक्षण किया। स्थल निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि प्लांट से लगा हुआ अपवाह क्षेत्र का स्तर ऊपर होने के कारण महानदी का पानी बाएं किनारे की ओर बह जाता है, जिसके कारण इनटेक वेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को दूरभाष पर निर्देशित किया कि एनीकट की रिटेनिंग वॉल की तत्काल मरम्मत कर नदी का अपवाह क्षेत्र गहरा करते हुए जल बहाव प्लांट की ओर डायवर्ट करें। उन्होंने कहा कि इस प्लांट से नगर के 4 हजार से अधिक परिवारों को पेयजल की आपूर्ति की जाती है, अतः अधिकारी इसे गंभीरता से संज्ञान में लें। इस दौरान कलेक्टर ने सीसी रोड से इंटेकवेल प्लांट पहुच मार्ग पर रपटानुमा पुल निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने सीएमओ को निर्देशित किया।

नए एवं पुराने बस स्टैण्ड और डेली मार्केट में पसरी गंदगी को जताई नाराजगी
शहर के मौका-मुआयना के दौरान कलेक्टर श्री कुमार नया बस स्टैण्ड पहुंचे, जहां पर साफ-सफाई की लचर व्यवस्था देख नाराजगी जाहिर की। उन्होंने  व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के किनारे रखे डस्टबीन की तादाद बढ़ाने तथा मवेशियों का प्रवेश प्रतिबंधित करने हेतु सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया। इसके अलावा बस स्टैण्ड के पीछे बने सुलभ शौचालय के आसपास पसरी हुई गंदगी तथा गंदे पानी की समुचित निकासी नहीं होने पर कलेक्टर ने असंतोष जाहिर करते हुए तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराते हुए जिला मुख्यालय की गरिमा के अनुरूप शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के सख्त निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए। उन्होंने बस स्टैण्ड पर बैठे बुजुर्ग श्री बंशीराम से बातचीत की, जिस पर पता चला कि वह पांच औलादों के पिता होने के बाद भी भीख मांगकर गुजर-बसर करते हैं। इस पर कलेक्टर ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को आवश्यक सहयोग करने के लिए एसडीएम कांकेर को निर्देशित किया। इसके पश्चात वे पुलिस थाने के बगल से डेली मार्केट क्षेत्र का मुआयना करते हुए वहां पसरी गंदगी को देख बेहद नाराज हुए तथा एक सप्ताह के भीतर इन सभी जगहों पर सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराने के निर्देश सख्त लहजे में दिए।

 ————————

✍️08.सड़क दुर्घटना में मृतक के परिजनों को सहायता राशि स्वीकृत।

—अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पखांजूर द्वारा सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के सात प्रकरण में मृतक के परिजनों के लिए 25-25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत किया गया है। कोयलीबेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम जिरामतरई निवासी संतलाल पोटाई की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण के उनकी पत्नी श्रीमती मनाय बाई पोटाई के लिए 25 हजार रूपए, ग्राम सुलंगी निवासी दीपक कुमार की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण उनके निकटतम परिजन गजरत उसेण्डी के लिए 25 हजार रूपए, ग्राम जिरामतराई निवासी गुलशन उसेण्डी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर पत्नी श्रीमती दिव्या उसेण्डी के लिए 25 हजार रूपए तथा जिरामतरई निवासी मनाउ राम की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती राशिका आंचला के लिए 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसी तरह पखांजूर तहसील अंतर्गत ग्राम पीव्ही. 67 सत्यनगर निवासी बिट्टु सरकार की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर पिता श्री जगदीश सरकार के लिए 25 हजार रूपए, ग्राम पीव्ही. 12 सुभाषनगर निवासी प्रेम साना की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण में उनके पिता श्री प्रभाष साना हेतु 25 हजार रूपए तथा ग्राम शुभपल्ली पखांजूर निवासी शिवप्रसाद कड़ियाम की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के प्रकरण उनकी पत्नी श्रीमती ज्योति कड़ियाम के लिए 25 हजार रूपए की सहायता राशि स्वीकृत किया गया है।

————————

✍️09.विधायक निवास चारामा में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी   की जयंती मनाई गई।

—भारत में आधुनिक सूचना एवं संचार क्रांति की मजबूत नींव रखने वाले, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर लोकतंत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने वाले जननेता एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जन्म जयंती पर उन्हें सादर नमन किया। स्व .राजीव गांधी ने देश को आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर और दूरसंचार के नए युग की ओर अग्रसर किया। उनके विचार और राष्ट्र निर्माण के लिए किए गए प्रयास सदैव स्मरणीय रहेंगे।जन्म जयंती सदभावना कार्यक्रम में विधायक सावित्री मनोज मंडावी. हिरवेन्द्र साहू अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नरेंद्र यादव पूर्व सदस्य गौ सेवा आयोग अमृतलाल देवांगन भूषण सिन्हा चंद्र कुमार कांगे सौरभ ताराम राजेंद्र सलाम गोविंद पटेल के एल मरकाम किशोर नेताम महेंद्र नायक कुबेर ठाकुर संतोष शिंदे विकास मंडावी‚ मोहित नायक किरण कुमार ध्रुव बोधन लाटिया नंदकुमार देवांगन समीर बछोड़ युवराज बरकारीया शैलेंद्र सिन्हा मंगल राम सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 ———————–

✍️ 10.लगातार भारी बारिश की चेतावनी के बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान परेशान। आज दिन भर उमस बनी रही पर बारिश नहीं हुई।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 20 अगस्त 2026 गुरूवार

———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 20 अगस्त  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. जिले के नवपदस्थ कलेक्टर  कुंदन कुमार ने किया पदभार ग्रहण । —भारतीय…

आज की टॉप 10 खबर 19 अगस्त 2026 बुधवार

———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 19 अगस्त  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– विज्ञापन— ———————– विज्ञापन— विज्ञापन—  ———————– ———————– प्रो. धनंजय साहू‚लखनपुरी ———————– ———————– ———————-– ———————- ———————-…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *