आज की टॉप 10 खबर 01 मई 2026 शुक्रवार

———————-

संपादकीय-

मजदूर है, मजबूर !

—वह मजदूर जो बड़े-बड़े बिल्डिंगों को खड़ी करता है,लोकार्पण के बाद वहां नहीं घुस सकता। सब्जी फार्म में काम करने वाले मजदूर बिना मालिक की आज्ञा से किसी फल को अपने बच्चों के लिए तोड़ नहीं सकता। होटल में काम करते मजदूर बिना मालिक की आज्ञा न खा सकता है और न अपने बच्चों के लिए कुछ नहीं ले जा सकता। बड़े बड़े रेस्टारेंट में लोगों के लिए स्वादिष्ट भोजन बनाने वाला मजदूर के लिए वह भोजन कभी नसीब नहीं होता। नसीब इनके लिए अलग से किसी अन्य मजदूर द्वारा बनाया गया भोजन होता है। आज वे लोग भी मजदूर बन कर सोशल मीडिया में मजदूर बने अपना चित्र वायरल करते ऐसे संवेदना का परिचय दे रहे हैं,जैसे लोग नहीं जानते कि वो मजदूर दिवस के बाकी दिनों में मजदूरों से कैसे व्यवहार करते हैं। कैसे उनकी भावनाएं भरी दुपहरी में काम करते मजदूरों और उनके बच्चों के लिए नहीं जागती। लेकिन कभी मजदूरों के घर आप गए हो? कैसे गरीब होने के बावजूद उनकी भावनाएं उनकी झोपड़ियों में आने वाले के लिए जगती है और कैसे टुटी फुटी कुर्सी तो लकड़ी के अदद पाटे को सामने रखकर दिली निष्ठा और सम्मान से आपकी ओर बढ़ाते हैं। कीमत उस टूटी फुटी कुर्सी की नहीं, कीमत उनकी सम्माननीय भावनाओं का है,जो आपमें नहीं। उनके जिस खानपान को स्टेटस बनाने की सोच है,वो तो उनके नित्य की बात है,जो मजदूर की मजबुरी है। प्रत्येक दिन अपनी आजीविका के लिए संघर्ष और भविष्य की चिंता न करना। वर्तमान तकाजा मार रहा हो तब वो भविष्य की क्या चिंता करे। जिन्होंने मजदूर यानि कि गरीबी को नजदीकी से समझ लिया उसके लिए दुनिया की अन्य बातों को समझना कठिन नहीं है। आर्थिक रूप से सक्षम होने के नाते खुद का घमंड एक दिन धरातल में ले ही आता है। क्योंकि जीवन का यह दस्तुर है,अकेला आए हैं तो अकेला ही जाना है। किशोरावस्था पार करने पर शादी में जरूर पति-पत्नी मिल कर चल रहे हों। पर कटू सत्य है कि पति जाय या पत्नी कोई न कोई एक दिन पहले जाएगा और आप हो जाओगे अकेला। फिर अकेला उन कठिनाईयों का सामना करते दुनियां से विदा लोगे। इसलिए निश्चित रूप से अपने आपे में ही सृदृढ़ और मस्त रहे।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 
01 मई   2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

01.कांकेर सांसद भोजराज नाग एवं भाजपा नेता राजा देवनानी पहूंचे ठेलकाबोड‚ जैन परिवार के वैवाहिक आयोजन में  हुए शामिल।

—कांकेर सांसद भोजराज नाग एवं भाजपा नेता एवं जानेमाने व्यवसायी राजा देवनानी कांकेर से सटे ग्राम ठेलकाबोड पहूंच कर दोलेश जैन(उप सरपंच ग्राम पंचायत ठेलकाबोड) की सुपुत्री सौ.कां. उर्वशी संग चि.खिलावन के वैवाहिक आयोजन में पहूंच कर वर-वधु को शुभआशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर भाजपा के अन्य  पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सांसद ने सभी परिवारजनों के साथ मिलकर खुशियां साझा की। सी.आर.जैन, श्रीमती रोमबाई जैन, डोरेलाल जैन,श्रीमती शिवकुमारी जैन, दोलेश जैन,शांति जैन,परस राम जैन,राधा बाई,केवल,लक्ष्मी,आत्मा राम इंदिरा, भूषण मीना बाई,चुनेश्वर जैन, आदि मौजूद रहे।

फोटो-कांकेर सांसद भोजराज नाग वर-वधु, परिवारजनों के साथ।

 ———————–

02. उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री, उपयोग करने वाले व्यक्तियों पर की चालानी कार्यवाही। कांकेर पुलिस की COTPA Act के तहत सख्त एक्शन। सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान एवं तंबाकू विक्रय पर अभियान।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा (भा.पु.से.) कांकेर के निर्देशन में जिले में COTPA Act (Cigarettes and Other Tobacco Products Act, 2003) के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री/उपयोग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।

किेये गये कार्यवाही में कांकेर शहर एवं जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाजार, बस स्टैंड, चौक-चौराहों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सघन जांच अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई। 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों पर कार्यवाही की गई। शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू विक्रय करने वाले दुकानों को चिन्हित कर वैधानिक कार्यवाही की गई। चालानी कार्यवाही अंतर्गत कुल 521 व्यक्तियों/दुकानदारों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।कुल 103600 समन शुल्क वसूला गया। जागरूकता कार्यक्रम में आमजन एवं दुकानदारों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक किया गया। दुकानदारों को COTPA Act के नियमों का पालन करने हेतु सख्त निर्देश दिए गए।

 ———————

03. भैंसाकान्हर डू में बस्तर मुन्ने शिविर आयोजित ।  शिविर को लेकर ग्रामीणों में उत्साह- बढ़ चढ़ कर विभिन्न विभागो में संचालित योजनाओं का लाभ लेने आवेदन दिया गया।

— राज्य शासन के मंशानुरूप शासन की 31 जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बस्तर मुन्ने(अग्रणी बस्तर)कार्यक्रम के तहत ग्राम स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 01 मई 2026 से जिले के विभिन्न ग्रामों में आयोजन शुरू हो गई है।उक्त शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर समय सीमा के भीतर सम्बंधित विभागों द्वारा उसका निराकरण किया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम भैंसाकान्हर डू में बस्तर मुन्ने शिविर का आयोजन किया गया शिविर में बढ़ी संख्या में ग्रामीणों ने शासकीय योजनाओं का लाभ लेने अपने मांग सम्बन्धी आवेदन शिविर प्रभारी एंव पीठासीन अधिकारी को दिया गया शिविर में विभिन्न विभागों के योजना संबंधी कुल 72 आवेदन ग्रामीणों के द्वारा दिया गया जिसमे उज्वला गैस सिलेंडर 17 जॉब कार्ड 2 पीएम आवास 7 आधार कार्ड 4 पेन कार्ड 8 वृद्धा पेंशन 9 विधवा पेंशन 5 राशन कार्ड 1 महतारी वंदन 2 वन अधिकार 2 विकलांग 2 शौचालय 1 पीएम सम्मान निधि 4 जन्म प्रमाणपत्र 2 जाती निवास प्रमाण पत्र 5 सोलर पंम्प 1 शिविर में सरपंच परनिया भुरकुईया शिविर प्रभारी ओमप्रकाश बघेल पीठासीन अधिकारी नारायण सिंग बघेल ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण कवाची पटवारी यशवंत शोरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियो की उपस्थिति रही।

————————

04 बस्तर मुन्ने व सुशासन तिहार: 02 मई को जिले के विभिन्न ग्रामों में शिविर का आयोजन।

—राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने हेतु बस्तर संभाग में संचालित बस्तर मुन्ने तथा नियद नेल्लानार 2.0 और राज्य व्यापी सुशासन तिहार अभियान के तहत जिले के विभिन्न ग्रामों में 01 मई से शिविरों का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में बस्तर मुन्ने एवं सुशासन तिहार के तहत दूसरे दिन जिले के सभी सातों विकासखण्ड के कुल 100 गांवों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।जिला पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार 02 मई को विकासखण्ड अंतागढ़ के ग्राम सिरसांगी, धौंसाकला, सरंडी, घोटलबेड़ा, तुमापाल, मुरामेर, नेलसोड़, गावड़ेखसगांव, घुमर, उमकी, हल्बासिकसोड़, सेन्दुरमेटा, सुकलापाल, कुरूंटोला, किसकोड़ो, पिपरा, तेलंगा, मेचानार, हलाईनार, देहारीतोपाल, लामपुरी, पुनगांव, गरदा, पेवारी, कोटनखोड़, सुरेली, तारलकट्टा, हुरतरई, मुरपाल, कुम्हारी, अंजरेल, छोटेजेतपुरी, सोड़े, हुर्रापिजोड़ी, कोतकुड, अडेंगा, डुबाल तथा निलझर में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार कांकेर विकासखण्ड के ग्राम मरकाटोला, कानागाँव, साल्हेभाट, नंदनमारा, मलांजकुड्म, कोदागाँव, ,गोविन्दपुर, अंजनी, अंजनी, कोमलपुर। चारामा विकासखण्ड के ग्राम गिरहोला, दमकसा, कंडेल, बड़ेगौरी, हिंगनझर, मैनखेड़ा, पिपरौद, पलेवा, टिकरापारा, जुनवानी और रतेसरा। दुर्गूकोंदल विकाखण्ड के ग्राम रसोली, कलवर, बरगांव, गुडफेल, डुवा, कोड़ाखुरीं, गुलालबोडी, मोहगांव, डंडईखेड़ा, फित्तेफुलचूर, मिचेवाडा, नेलचांग, ओडाहर, गुमडीडिही, एनहूर, खेडेगांव, हुलघाट, डांगरा, हाहलद्दी, मर्रामपानी और कोवाचीकट्टेल। नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम बतबनी, महेशपुर, डब्बीपानी, चरभाठा, खजरावन, साईमुण्डा, बिहावापारा, भीमाडीह और बरकई। इसी प्रकार विकासखण्ड भानुप्रतापपुर के ग्राम कुंआपानी, विनायकपुर, विक्रमगंज, पिचेकट्टा, जनकपुर, बुदेली, कोरर, नरसिंहपुर, अस्तरा और डोंगरकटटा में शिविर आयोजित किया जाएगा।।

 ————————

05 .उच्चतम न्यायालय में विशेष लोक अदालत (समाधान समारोह) का आयोजन।

—उच्चतम न्यायालय द्वारा 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत (समाधान समारोह) का आयोजन किया जा रहा है। इस स्पेशल लोक अदालत का उद्देश्य लंबित प्रकरणों का त्वरित, सुलभ एवं आपसी सहमति के आधार पर प्रभावी निराकरण करना है।विशेष लोक अदालत में निम्न प्रकार के मामलों का सुलह किया जाएगा- बैंक से संबंधित प्रकरण, चेक बाउंस, उपभोक्ता विवाद, सिविल एवं दाण्डिक सुलह योग्य मामले, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, श्रम एवं औद्योगिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, सेवा (सर्विस) संबंधी मामले, स्थानांतरण याचिकाएँ तथा ऐसे अन्य प्रकरण जो आपसी सहमति से निराकरण योग्य हैं। जिन पक्षकारों के प्रकरण माननीय उच्चतम न्यायालय में लंबित हैं, वे आपसी समझौते के आधार पर इस विशेष लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का निराकरण करवा सकते हैं। इसके लिए इच्छुक पक्षकार निर्धारित गूगल फॉर्म भरकर अपने प्रकरण को लोक अदालत में सूचीबद्ध करवा सकते हैं।इस विशेष लोक अदालत की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि पक्षकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी सुनवाई की व्यवस्था की गई है। इससे देश के विभिन्न स्थानों पर स्थित पक्षकार बिना व्यक्तिगत उपस्थिति के, अपने अधिवक्ताओं के साथ ऑनलाइन जुड़कर अपने प्रकरण का निराकरण करवा सकेंगे। यह व्यवस्था समय, धन एवं संसाधनों की बचत करते हुए प्रक्रिया को अधिक सरल एवं सुलभ बनाती है।अतः सभी संबंधित पक्षकारों, अधिवक्ताओं एवं हितधारकों से आग्रह है कि वे इस विशेष लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने लंबित प्रकरणों का शीघ्र, सरल एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, यदि किसी पक्षकार का मामला अन्य जिले, उच्च न्यायालय अथवा सिविल न्यायालय में लंबित है तथा पक्षकार अन्यत्र निवासरत हैं, तो वे संबंधित जिले के सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांकेर (छ.ग.) से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।।

————————

06.अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर रायपुर निवास में विधायक सावित्री मंडावी ने मनाया बोरे-बासी दिवस।

—अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में परंपरागत रूप से बोरे-बासी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इसी क्रम में भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने अपने रायपुर निवास में बोरे-बासी ग्रहण कर श्रमिक भाई-बहनों के सम्मान को नई गरिमा प्रदान की।रायपुर निवास में आयोजित इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी बोरे-बासी का आनंद लिया और छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर गर्व व्यक्त किया। 

  ————————

07. ग्राम कोलर में सर्वेक्षण दल को मिलीं प्राचीन और दुर्लभ पांडुलिपियां।

-ज्ञान भारतम् राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के तहत कांकेर जिले में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अंतागढ़ ब्लॉक के ग्राम कोलर में सर्वेक्षण दल को प्राचीन और दुर्लभ पांडुलिपियां प्राप्त हुई हैं।कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी श्री हरेश मंडावी द्वारा प्रबुद्धजन, समाज प्रमुख, ब्लाँक प्रमुख, महाविद्यालय के प्रोफेसर, समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित कर सर्वे कार्य को तीव्र गति से करने एवं पांडुलिपि की पहचान करने के निर्देश दिए तथा बताया गया कि सर्वेक्षण में प्राप्त दस्तावेजों का विशेषज्ञों द्वारा भौतिक सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद इनका डिजिटलीकरण कर राष्ट्रीय पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।इसी क्रम में अंतागढ़ ब्लॉक के ग्राम कोलर में सर्वेक्षण दल को 02 स्थानों में कुल 12 प्राचीन और दुर्लभ पांडुलिपियां प्राप्त हुई हैं, जिसमें ग्राम कोलर के देहारीपारा में स्वतंत्रता सेनानी श्री चिंटू देहारी द्वारा ताड़पत्र में संरक्षित कुल 07 ताड़पत्र में दस्तावेज प्राप्त हुए हैं, जिसमें नामरत्न गीता, लक्ष्मी पुराण, देवी भागवत, कृपा सिंधु, काग बोली, पांजी संगनेष्ठी एवं भागवत पुराण शामिल हैं। श्री कुशल राम देहारी/श्री मंगल राम देहारी के यहां लरिया भाषा में कुल 05 पांडुलिपियां प्राप्त हुई हैं इनमें गणेश पुराण, कलकी कथा, नामरत्ना, ज्योतिषि, मृगणी स्तुति सम्मिलित हैं। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके पास भी कोई प्राचीन लिपि या दस्तावेज हो, तो वे ज्ञान भारतम् एप के माध्यम से उसे सूचीबद्ध कराने में सहयोग करें।

 ————————

08.विकसित कृषि संकल्प अभियान 5 से 20 मई तक

—कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा खरीफ सीजन 2026 के पहले विकसित कृषि संकल्प अभियान 05 से 20 मई तक चलाया जाएगा। इसके तहत कृषकों को उन्नत कृषि तकनीकियों, केन्द्र व राज्य सरकार की कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन तथा मत्स्य पालन विभाग की कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि विज्ञान केन्द्र के विषय विशेषज्ञों द्वारा कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा का भी आयोजन किया जाएगा। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले के सभी विकासखण्डो में उक्त तिथियों में ग्रामवार शिविर सुबह 11 बजे से आयोजित कर किसानों को कृषि एवं समवर्गीय विभागों में संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी

——————–

09 . एनआरएलएम में संविदा भर्ती हेतु पात्र-अपात्र आवेदकों की सूची जारी, दावा-आपत्ति 06 मई तक आमंत्रित। 

-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर रिक्त विभिन्न पदों पर संविदा भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों के सूक्ष्म परीक्षण उपरांत पात्र एवं अपात्र सूची का प्रकाशन किया गया है। जिला पंचायत पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि यदि किसी आवेदक को उक्त सूची के प्रकाशन के संबंध में किसी भी प्रकार का दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करनी हो तो वे आगामी 06 मई तक कार्यालयीन समय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर कार्यालय जिला पंचायत की आवक-जावक शाखा में अपनी दावा-आपत्ति सायं 05 बजे तक प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पात्र-अपात्र सूची जिला पंचायत के सूचना पटल पर तथा जिले की वेबसाइट www.kanker.gov.in पर अवलोकन किया जा सकता है। जिला पंचायत के सीईओ ने कहा है कि अभ्यर्थी जिले की वेबसाइट का समय-समय पर किसी भी अद्यतन जानकारी के लिए अवलोकन करते रहें, ताकि किसी अन्य माध्यम से इसकी पृथक से सूचना नहीं दी जाएगी।

————————

10. कांकेर पुलिस द्वारा मोबाइल दुकान संचालकों की बैठक आयोजित–सुरक्षा एवं नियमों के पालन पर जोर। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु “अभिव्यक्ति एप” डाउनलोड करवाने की गई अपील। सेकंड हैंड मोबाइल खरीद में ID Proof अनिवार्य, बिना बिल अनलॉक पर रोक, चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त पर सख्त कार्यवाही की चेतावनी ।

-पुलिस अधीक्षक  निखिल कुमार राखेचा (भा.पु.से.) कांकेर के निर्देशन में ,ASP श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन में, सुश्री प्रतिभा लहरे उप पुलिस अधीक्षक( IUCAW ) एवं सुश्री विंकेश्वरी पिन्दे उप पुलिस अधीक्षक ( मुख्यालय )के पर्यवेक्षण में कांकेर अनुविभाग के समस्त मोबाइल दुकानदारों/संचालकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं नियमों के पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के मुख्य बिंदु:-
मोबाइल संचालकों को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से ‘अभिव्यक्ति एप’ की जानकारी देकर इसकी कार्यप्रणाली एवं ऑनलाइन शिकायत करने के तरीके के बारे में बताकर ऐप डाउनलोड कराने को कहा गया।
मोबाइल दुकान संचालकों को निर्देशित किया गया कि पुराने/सेकंड हैंड मोबाइल खरीदते समय विक्रेता का वैध पहचान पत्र (ID Proof) अनिवार्य रूप से लिया जाए एवं उसका रिकॉर्ड संधारित किया जाए।
बिना वैध दस्तावेज (बिल/स्वामित्व प्रमाण) के किसी भी मोबाइल का लॉक न खोलने के सख्त निर्देश दिए गए।
चोरी/लूट के मोबाइल के खरीद-फरोख्त पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए संदिग्ध मोबाइल की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु कहा गया।

CCTV एवं सुरक्षा व्यवस्था:
सभी मोबाइल दुकानों में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने एवं उन्हें सुचारू स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए।
CCTV कैमरों का कवरेज दुकान के अंदर एवं बाहर (सड़क/प्रवेश द्वार) तक सुनिश्चित करने हेतु कहा गया।
CCTV फुटेज को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर जांच में सहयोग मिल सके।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:-
दुकान में आने-जाने वाले ग्राहकों का संक्षिप्त विवरण रजिस्टर में दर्ज करने की सलाह दी गई।
साइबर अपराधों एवं मोबाइल से संबंधित धोखाधड़ी के मामलों में सतर्क रहने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु कहा गया।

————————

विशेष-

कु. प्रियांशी कटबेर

-चारामा विकासखंड के ग्राम अरौद की बेटी  प्रियांशी कटबेर ने 10वीं में 98.66ःप्रतिशत अर्हता के साथ जिले का मान बढाया है।ग्राम अरौद की बेटी कु प्रियांशी कटबेर पिता दुर्गेश कटबेर माता श्रीमती हेमप्रभा कटबेर कक्षा 10 वीं शा.उ. मा.वि. मरकाटोला लारगाव से 98.66ः अंक अर्जित की। कु प्रियांशी श्री रामसिंह कटबेर सेवानिवृत्त प्रधान अध्यापक की नातिन है इस सफलता के लिए कटबेर परिवार एवं समस्त ग्राम वासी अरौद द्वारा ढेर सारी शुभकामनाएं दी गई।

————————

सफलता पर बधाई, असफलता पर हिम्मत—जगदीश नेताम का प्रेरणादायक संदेश

— सफल विद्यार्थियों को दी हार्दिक बधाई
कांकेर जिले में बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद आम आदमी पार्टी के नरहरपुर ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश नेताम ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जो सभी के लिए गर्व की बात है।

जिले की उपलब्धि पर जताया गर्व
जगदीश नेताम ने कहा कि कांकेर जिले के विद्यार्थियों ने जिस तरह से बोर्ड परीक्षा में सफलता हासिल की है, वह पूरे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए कहा कि इसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

असफल विद्यार्थियों को दिया हौसला
अपने संदेश में उन्होंने उन विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से संबोधित किया जो इस बार सफलता प्राप्त नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि असफलता जीवन का एक छोटा सा पड़ाव है, जिससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। यदि विद्यार्थी अधिक मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे प्रयास करेंगे, तो उन्हें निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। उन्होंने छात्रों से निराश न होने और लगातार प्रयास करते रहने की अपील की।

अभिभावकों से सहयोग की अपील
जगदीश नेताम ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों का मनोबल बनाए रखें और उन्हें आगे पढ़ाई के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। कठिन समय में माता-पिता का साथ बच्चों को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास देता है, जिससे वे आगे बढ़कर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 29 अप्रेल 2026 बुधवार

———————- संपादकीय- ‘निजी पब्लिक स्कूलों की मनमानी’ –निजी शिक्षा संस्थान पब्लिक स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को कभी फीस के नाम टार्चर तो अभिभावकों को पुस्तक कापियों, ड्रेस के नाम पर…

आज की टॉप 10 खबर 28 अप्रेल 2026 मंगलवार

———————- संपादकीय- ”एंटी इन्कंबेसी आपका पीछा नहीं छोडेगी” -अच्छा हो आप अभी से ऑट्स आफ लिविंग के साथ लोकजीवन में अपने को ऐसा बनाईये कि आप भी किसी कलमकार पत्रकार…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *