आज की टॉप 10 खबर 23 सितंबर 2026 बुधवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

23  सितंबर  2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन एवं अभिनंदन कार्यक्रम में  कल 24 सितंबर को  श्रीमती काैशिल्या  विष्णुदेव साय का कांकेर आगमन।

— सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन एवं अभिनंदन कार्यक्रम में कल 24 सितंबर को  श्रीमती कौशिल्या  विष्णुदेव साय का कांकेर आगमन। आयोजन कांकेर विधानसभा के विधायक आशा राम नेताम की अध्यक्षता में सम्पन्न होगा। विशिष्ट अतिथियों में कांकेर सांसद भोजराज नाग, भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी, श्रीमती किरण नरेटी,जिला पंचायत अध्यक्ष, डॉ. वर्णिका शर्मा अध्यक्ष छ.ग.बाल संरक्षण आयोग,कुंवर जितेंद्र नरसिंह राणा प्रदेश अध्यक्ष आदिम जाति सेवक संघ, अरूण कौशिक नगरपालिकाध्यक्ष कांकेर, श्रीमती तारा ठाकुर उपाध्यक्ष जिला पंचायत कांकेर, श्रीमती तारिणी ठाकुर उपाध्यक्ष जनपद पंचायत कांकेर, महेश जैन भाजपा जिलाध्यक्ष, श्रीमती सुमित्रा मारकोले पूर्व विधायक कांकेर, श्रीमती सविता कुलदीप उपाध्यक्ष महिला मोर्चा कांकेर, श्रीमती मिनी पाण्डेय आईटी सेल प्रदेश कार्यकारिणी, उमा शर्मा संयोजक एवं प्रदेश कार्यकारिणी महिला मोर्चा, विक्रम उसेण्डी विधायक अंतागढ,श्रीमती शालिनी राजपूत अध्यक्ष हस्तशिल्प विकास बोर्ड, डॉ. ममता साहू अध्यक्ष महिला आयोग,प्रकाश कुमार उईके राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय आदिम जाति सेवक संघ,श्रीमती विभा अवस्थी प्रदेश अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा, श्रीमती पुर्णिमा कावडे अध्यक्ष जनपद पंचायत कांकेर, उत्तम यादव उपाध्यक्ष नगरपालिका परिषद कांकेर,सतीष लाटिया प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा, आलोक ठाकुर प्रदेश अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा, श्रीमती रूखमणी उईके जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कांकेर, सुश्री आयुषी पाण्डेय युवा मोर्चा कन्या शक्ति कांकेर प्रभारी, श्रीमती सरिता जोशी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ जिला मीडिया प्रभारी कांकेर, श्रीमती विजयलक्ष्मी कौशिक संयोजक एवं महिला महामंत्री महिला मोर्चा कांकेर, श्रीमती रजिंदर रंधावा प्रदेश कार्यकारिणी की उपस्थिति में नया बस स्टेण्ड डोम में प्रातः 10.30 से 4 बजे तक कार्यक्रम सम्पन्न होगा।

———————–

✍️ 02. कालेज की मॉंग पर गीतपहर(चारामा) में हुई बैठक पर हल्बा की असहमति से अब भी नहीं बन पाई सहमति।

—पिछली कांग्रेस की सरकार के समय ऐन चुनाव से पूर्व क्षेेत्र के ग्राम अरौद के मंच पर जब पूरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी मंच पर मौजूद था,जहां अरौद के वाशिंदों ने अपनी मांग की फेहरिस्त में यहां उच्च शिक्षा के लिए अरौद में कालेज की मांग की, जिस पर तात्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे भूपेश बघेल द्वारा यह घोषणा की गई कि यहां प्राप्त सभी मांगों को हमारी सरकार आने पर पूरा किया जायेगा।

कांग्रेस की सरकार बनी लेकिन कालेज की मांग पर अन्य ग्राम भी आगे आ गये। तब कई स्तर की बैठकों का दौर चला लेकिन अंततः सहमति नहीं बन पाने के चलते तय नहीं हुआ कि कालेज यहां बने। अरौद,टांहकापार,जेपरा की जमीं पर सहमति बनाने यहां के वाशिंदों ने एकजुटता दिखायी पर सहमति नहीं बन पाने के चलते ठंडे बस्ते में चला गया।फिर भी अब चुंकि आने वाले समय में फिर विधानसभा का चुनाव होना है। चारामा विकासखंड के गीतपहर में क्षेत्र के बुद्विजीवियों,जनप्रतिनिधियों ने जिले के सबसे बडे ग्राम गीतपहर में साम्य बनाने बैठक का आयोजन किया जिसमें काफी लोगों की उपस्थिति रही। बताया जाता है कि इस बैठक में जेपरा से अरौद के बीच कालेज के लिए सहमति बनाई गई। लेकिन दुःखद कि हल्बा के वाशिंदे सहमत नहीं हुए। इसका आशय यह है कि हल्बा वाले हल्बा में ही कालेज बने तब सहमति देंगे। अब इसके चलते तकरार शांत नहीं हुआ अपितु बढ गया है,क्योंकि जब क्षेत्र में उस वक्त बैठकों का दौर चल रहा था, तब हल्बा में कालेज की मांग नहीं थी,जो कि बाद में यहां के लोगों ने इस मांग को सामने रखा।

अब क्षेत्र के लोगों का हल्बा में कालेज की मांग संदर्भ सवाल उठा रहे हैं कि हल्बा में पहले से ही पुलिस चौकी,ग्रामीण बैंक, उप-स्वास्थ्य केंद्र जैसी अनेक सुविधाएं संचालित है,जिसका लाभ लोग ले रहे हैं,ऐसे में अन्य ग्राम में विकास का अवसर मिलना जनहित में होगा। लेकिन अब कालेज की मांगों के संदर्भ अभी भी कोई भी राजनीतिक विचार की बातें नहीं है,क्षेत्र के लोग सबसे परे जहां सेंटर के ग्राम में कालेज बने और जिससे सब लाभान्वित हो ऐसी जगह का चयन चाहते हैं।बैठक में प्रमुख रूप से राजेंद्र सलाम‚ देव कुमार‚ राम कुमार रायस्त‚ सुशीला सरपंच‚ हल्बा कान्ति कवाची सरपंच गितपहर सोहद गंगासागर स सरपंच जेपरा‚ चिंता राम साहू जनपद सदस्य ग्राम अरौद‚ परमेश्वर सिन्हा‚ उप सरपंच रिकेशवर हिरवानी आदि उपस्थित थे।

———————–

✍️ 03.कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने सेंट्रल लाइब्रेरी एवं मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान का किया अवलोकन।

— कलेक्टर  कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी   हरेश मंडावी ने आज पुरानी कचहरी परिसर स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी एवं मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से रू-ब-रू होकर उनकी पढ़ाई, तैयारियों और आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें निरंतर मेहनत और बड़े लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने सबसे पहले सेंट्रल लाइब्रेरी का अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थिति पंजीयन रजिस्टर का अवलोकन करने के साथ लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों की जानकारी ली। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का रिकॉर्ड सॉफ्टवेयर आधारित करने तथा विद्यार्थियों के लिए क्यूआर आधारित उपस्थिति व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को जानकारी मिली कि लाइब्रेरी की पुस्तकें विद्यार्थियों को घर ले जाने के लिए उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं। इस पर उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित अवधि के लिए पुस्तकें विद्यार्थियों को निर्गत करने के निर्देश लाइब्रेरियन को दिए, ताकि वे घर पर भी अध्ययन कर सकें। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी में कर्मचारी की नियुक्ति प्रतिनियुक्ति के आधार पर न किया जाकर नियमानुसार लाइब्रेरियन की भर्ती किया जावे तथा प्रतिनियुक्ति में कार्यरत कर्मचारी को उनकी मूल पदस्थापना स्थल पर वापस भेजने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने लाइब्रेरी में अध्ययनरत विद्यार्थियों से वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया। बीआईटी रायपुर से इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके विद्यार्थी लोकेश देहारी से उन्होंने उनकी शैक्षणिक यात्रा और वर्तमान में यूपीएससी की तैयारी के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने उनसे यह भी पूछा कि वे अब तक किस प्रकार आगे बढ़े और उन्हें पढ़ाई के साथ कार्य एवं अन्य जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी तरह पीजी कॉलेज कांकेर के छात्र हर्ष गुप्ता से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को लाइब्रेरी का अधिकतम उपयोग करने, पढ़ाई के दौरान मोबाइल फोन एवं सोशल मीडिया से होने वाले अनावश्यक विचलन से बचने तथा नियमित अभ्यास पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि ‘यूथ शुड एम हाई’ अपने लक्ष्य और सोच को बड़ा रखें तथा मंजिल पर पूरा फोकस करते हुए निरंतर प्रयास करें।कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग संस्थान का अवलोकन किया और वहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी तैयारियों के साथ-साथ व्यक्तिगत संघर्ष और अब तक की यात्रा के बारे में उनकी जानकारी ली। इस दौरान सीजी पीएससी मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर चुकीं छात्रा सुश्री प्रतिभा कुंजाम ने कलेक्टर से साक्षात्कार की तैयारी को लेकर सवाल किए। कलेक्टर ने उनसे व्यक्तिगत रूप से चर्चा करते हुए इंटरव्यू की तैयारी के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि साक्षात्कार में आत्मविश्वास महत्वपूर्ण है, साथ ही स्वयं को प्रभावी एवं सहज तरीके से प्रस्तुत करने पर भी काम करना चाहिए। उन्होंने प्रतिभा को अपनी बात स्पष्ट रूप से रखने, विषय की समझ मजबूत करने और आत्मविश्वास के साथ साक्षात्कार का सामना करने के लिए प्रेरित किया। छात्रा सुश्री सुचेता मरकाम सहित अन्य विद्यार्थियों से भी कलेक्टर ने बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर निरंतर मेहनत करने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनावश्यक डिस्ट्रैक्शन से दूर रहना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही विद्यार्थियों को सामाजिक रूप से सक्रिय भी रहना चाहिए। अपने सहपाठियों और आसपास के लोगों से संवाद करने, अपनी बात साझा करने और दूसरों को समझने से कम्युनिकेशन स्किल बेहतर होती है तथा झिझक और सोशल एंग्जायटी को दूर करने में मदद मिलती है।कलेक्टर ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन, निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और बेहतर संवाद कौशल के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थी अपने लक्ष्य के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास करें। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी   रमेश निषाद, डीएमसी नवनीत पटेल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों से संवाद के दौरान बताया गया कि मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग सेंटर कांकेर से अब तक 89 युवाओं का चयन विभिन्न पदों के लिए हो चुका है।।

————————

✍️ 04.रासेयो स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरोना में किया योजनाओं का प्रचार-प्रसार। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महतारी वंदन, आयुष्मान भारत एवं स्वच्छता का दिया संदेश।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नमो सेवा-अनकही कहानियां, के तहत शासकीय महाविद्यालय सरोना (साल्हेभाट) की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा स्थानीय बाजार स्थल में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। रासेयो स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत बालिकाओं के संरक्षण एवं शिक्षा के महत्व, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा एवं आयुष्मान कार्ड के लाभ तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। स्वयंसेवकों ने सरल एवं प्रभावी संवादों के माध्यम से योजनाओं से संबंधित जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई। बाजार स्थल पर उपस्थित नागरिकों ने रासेयो स्वयंसेवकों की इस पहल की सराहना की। आयोजन के माध्यम से जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया, वहीं युवाओं में जनसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम में इस पहल की नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर, जनपद पंचायत के सीईओ  भानुप्रताप चुरेंद्र, महाविद्यालय के प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

 ————————

✍️ 05.पशुधन विकास विभाग ने चलाए व्यापक अभियान। पशु चिकित्सा शिविर, टीकाकरण, उपचार, टैगिंग एवं रेडियम बेल्ट लगाने का किया गया कार्य।

— सेवा संकल्प अभियान के तहत पशुधन विकास विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्रों में पशुपालकों और पशुओं के हित में व्यापक गतिविधियां संचालित की गईं। इस दौरान पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर पशु उपचार, टीकाकरण, औषधि वितरण, कृमिनाशक दवा पान, बाह्य परजीवी नियंत्रण, बधियाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही घुमंतू पशुओं की सुरक्षा के लिए रेडियम बेल्ट लगाने और पशुओं की टैगिंग का कार्य भी किया गया।
कांकेर शहर में वार्ड टीम द्वारा तीन वार्डों में भ्रमण कर 10 पशुपालकों के यहां 74 पशुओं का सर्वे किया गया तथा 18 नवीन पशुओं में टैगिंग की गई। विकासखंड कांकेर के ग्राम मोदे में 95 बकरियों और ग्राम कोदागांव में 97 बकरियों को पीपीआर टीका लगाया गया। ग्राम तेलावट में 244 भेड़-बकरियों का भी पीपीआर टीकाकरण किया गया।

चारामा विकासखंड में बहुउद्देशीय पशु चिकित्सा शिविर
विकासखंड चारामा के ग्राम भानपुरी में सरपंच श्रीमती दीपिका मंडावी एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में बहुउद्देशीय पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 32 पशुओं का उपचार, 65 पशुओं को औषधि वितरण, 76 पशुओं को कृमिनाशक दवा पान, 80 पशुओं का डिटीकिंग, 06 पशुओं का बधियाकरण तथा 93 बकरियों का गोट पॉक्स टीकाकरण किया गया।
ग्राम कुर्रूभाट में आयोजित शिविर में 190 बकरियों का पीपीआर तथा 191 गौवंशीय पशुओं का एलएसडी टीकाकरण किया गया। इसके अलावा 26 पशुओं का उपचार, 28 पशुओं को कृमिनाशक दवा तथा पशु-पक्षियों के लिए 476 इकाई औषधियों का वितरण किया गया। शिविर से 26 पशुपालक लाभान्वित हुए। इस अवसर पर सरपंच श्री जगमोहन दर्राे सहित जागरूक पशुपालक एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

नरहरपुर में पशु चिकित्सा शिविर एवं टीकाकरण
विकासखंड नरहरपुर के ग्राम पंचायत भिरौद में पशु चिकित्सालय सरोना द्वारा शिविर आयोजित कर 13 पशुओं का उपचार, 35 पशुओं को कृमिनाशक दवा पान, 02 पशुओं का बधियाकरण, 85 पशुओं का टीकाकरण तथा 183 हितग्राहियों को औषधि वितरण किया गया। शिविर में डॉ. नवीन कुमार नरेटी, श्री ए.एल. मरकाम, श्री सेवक राम मरकाम, श्री सालिक राम कोर्राम एवं श्री कमलेश निषाद सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं ग्राम रिसेवाड़ा में 245 बकरियों का पीपीआर टीकाकरण किया गया।

दुर्गूकोंदल में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर
विकासखंड दुर्गूकोंदल के ग्राम कर्रामाड़ में आयोजित शिविर में 98 पशुओं का टीकाकरण, 15 पशुओं का उपचार, 50 पशुओं को औषधि वितरण, 35 पशुओं को कृमिनाशक दवा पान तथा 14 पशुओं का डिटीकिंग किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत कर्रामाड़ के सरपंच श्री रजलाल आंचला, वार्ड पंच गंगेश्वरी सोम एवं ग्रामीणों सहित पशुधन विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और मोबाइल वेटरनरी यूनिट के स्टाफ उपस्थित रहे।

कोयलीबेड़ा के शंकरनगर में पशु एवं कुक्कुट चिकित्सा सेवाएं
विकासखंड कोयलीबेड़ा के पशु चिकित्सालय बांदे अंतर्गत ग्राम शंकरनगर में निःशुल्क पशु चिकित्सा एवं टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 190 पशुओं का एचएस एवं बीक्यू टीकाकरण, 41 पशुओं का उपचार, 125 पशुपालकों को दवा वितरण तथा 05 पशुओं का गर्भ परीक्षण किया गया। साथ ही 1,917 मुर्गियों के लिए दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ग्रामीण एवं पशुपालक उपस्थित रहे।

अंतागढ़ और कोरर क्षेत्र में भी पशु चिकित्सा सेवाएं
विकासखंड अंतागढ़ के ग्राम उसेली में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर पशुओं का टीकाकरण, कुत्तों को निःशुल्क एंटी रेबीज टीका, औषधि एवं कृमिनाशक दवाओं का वितरण किया गया। पशु चिकित्सालय कोरर एवं पशु औषधालय अंतर्गत ग्राम भैंसाकांहार में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 08 पशुओं का उपचार, 82 पशुओं को दवा वितरण, 68 पशुओं को कृमिनाशक दवा पान तथा 62 पशुओं में बाह्य परजीवी नियंत्रण के लिए दवा का छिड़काव किया गया। शिविर से 26 पशुपालक लाभान्वित हुए।

कांकेर के करप में 21 पशुपालक हुए लाभान्वित
कृत्रिम गर्भाधान केंद्र कांकेर के अंतर्गत कृत्रिम गर्भाधान उपकेंद्र डंवरखार के ग्राम करप में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। इसमें 92 पशुओं का पीपीआर टीकाकरण, 18 पशुओं का उपचार, 125 पशुओं को औषधि वितरण, 72 पशुओं को कृमिनाशक दवा पान, 45 पशुओं में बाह्य परजीवी नियंत्रण के लिए दवा का छिड़काव, 01 कृत्रिम गर्भाधान तथा 08 पशुओं का बधियाकरण किया गया। शिविर से 21 पशुपालक लाभान्वित हुए।

घुमंतू पशुओं की सुरक्षा के लिए रेडियम बेल्ट एवं टैगिंग
अभियान के तहत घुमंतू गौवंशीय पशुओं की सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षा के लिए भी विशेष पहल की गई। एनएच-30 लखनपुरी में 10 पशुओं को रेडियम बेल्ट पहनाए गए तथा 08 पशुओं की टैगिंग की गई। नगर पंचायत अंतागढ़ में भी घुमंतू पशुओं को रेडियम बेल्ट लगाए गए। नगर पंचायत चारामा में पशुपालकों में जागरूकता के लिए फ्लैग मार्च आयोजित किया गया, जिसमें 17 पशुओं को रेडियम बेल्ट पहनाए गए, पूर्व में लगाए गए 23 रेडियम बेल्ट को सड़क से विस्थापित किया गया तथा 11 पशुओं की नवीन टैगिंग की गई। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पशुपालकों को घर-घर एवं शिविरों के माध्यम से पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण, उपचार एवं सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

———————— 

✍️06. जिले में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक होगा ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन।

—“सेवा संकल्प अभियान” के तहत जिले में जिला स्तरीय ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ 30 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर  कुन्दन कुमार द्वारा शिविरों के सफल क्रियान्वयन, पर्यवेक्षण तथा विभागीय सहयोग एवं समन्वय के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।जारी आदेशानुसार 30 सितंबर को विकासखंड कांकेर के ग्राम मोदे के शासकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग  समीर पाण्डे को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार 01 अक्टूबर को चारामा विकासखंड के ग्राम हल्बा के शासकीय हाईस्कूल प्रांगण टीना शेड में होने वाले शिविर के नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कुंदन राणा, 02 अक्टूबर को कांकेर के मेलाभाठा, जनकपुर वार्ड में आयोजित शिविर हेतु नोडल अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी होंगे।इसी प्रकार में 03 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत परिसर में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी उप संचालक कृषि  जितेन्द्र कोमरा, 04 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर विकासखंड के तरांदुल के हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री टंकेश्वर देवांगन तथा 05 अक्टूबर को दुर्गूकोंदल विकासखंड के कोडे़कुर्से हाई स्कूल मैदान में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला परिवहन अधिकारी  प्रकाश रावटे होंगे। इसी प्रकार 06 अक्टूबर को नरहरपुर विकासखंड के मांडाभर्री ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविर हेतु सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री जया मनु, 07 अक्टूबर को अंतागढ़ विकासखंड के आमाबेड़ा बाजार स्थल में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती शांति ध्रुव तथा 10 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम माहला के प्राथमिक शाला खेल मैदान में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला योजना एवं सांख्यिकीय अधिकारी  विनोद कुमार अहिरवार को नियुक्त किया गया है।

————————

✍️07. स्पीड बसों के लिए यातायात विभाग ने की चालानी कार्रवाई। 11 बसों पर हुई कार्रवाई।

—लगातार राजमार्ग 30 में हाईस्पीड बसों के चलते हादसे हो रहे हैं। इसे देखते हुए आज यातायात पुलिस ने नगर से सटे नांदनमारा,गोविंदपुर क्षेत्र तथा केशकाल रोड बाफना लॉन के पास चालानी कार्रवाई की गई। अभी तक इस कार्रवाई में 11 बसों पर चालानी कार्रवाई की गई है,जिसमें 09 बसों में ओवर स्पीड पर कार्रवाई हुई। इसके साथ 02 बसों में बगैर युनिफार्म चालक पर कार्रवाई की गई है,इनमें मुस्कान टेªवल्स,महेंद्रा,रायल ट्रेवल्स एवं कांकेर रोडवेज की गाडियां है। आज की कार्रवाई में कुल 18600 राशि की चालानी रसीद काटी गई————————

✍️08.मिशन रक्षक के तहत पखांजूर अनुविभाग में 320 युवाओं के निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण का शुभारंभ। सुदूर एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को पुलिस एवं पैरामिलिट्री भर्ती की तैयारी का मिलेगा अवसर ।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस एवं पैरामिलिट्री सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में तथा थाना प्रभारी पखांजूर तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में मिशन रक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 सितंबर 2026 को सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम, पखांजूर में शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण, दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को पुलिस, पैरामिलिट्री एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती हेतु आवश्यक शारीरिक दक्षताओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है ताकि युवा कठिन परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प के साथ पुलिस एवं पैरामिलिट्री सेवाओं में अपना भविष्य बना सकें। पखांजूर अनुविभाग में “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 514 अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें—उद्घाटन अवसर पर 320 अभ्यर्थियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया, जिसमें 190 पुरुष एवं 130 अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे।कांकेर पुलिस द्वारा युवाओं को भर्ती की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भानुप्रतापपुर, आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा एवं अंतागढ़ में “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा चुका है। साथ ही इन क्षेत्रों में युवाओं को नियमित रूप से शारीरिक प्रशिक्षण एवं भर्ती परीक्षा संबंधी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।”मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी सप्ताह में कांकेर में भी “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक विक्रम देव उसेंडी रहे। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण साह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका शाह, मंडल अध्यक्ष दीपांकर राय, बंग समाज प्रदेश अध्यक्ष   मनोज मंडल, पार्षद दीनानाथ चूरेन एवं सुखरंजन उसेंडी, पुराना बाजार कमेटी अध्यक्ष विप्लव साह, एसडीएम मनीष देव साहू, तहसीलदार केतन भुआर्य, BSF कमांडेंट अरुण सिंह गंगवार, जनपद CEO उदय प्रकाश नाग, PWD सब इंजीनियर अमित भारद्वाज, वन विभाग रेंजर देवदत्त ताराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन, मेहनत एवं लक्ष्य के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति आवश्यक है। युवाओं को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व में जिले के युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने, उनकी प्रतिभा एवं क्षमता को निखारने तथा उन्हें रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

 ——————- 

✍️09.कम्युनिटी हॉल के जीणोद्वार हेतु भुमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम, कांकेर नगर पालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक।

—कांकेर शहरवासियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कम्युनिटी हॉल के जीर्णाेद्धार हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। भूमिपूजन कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशाराम नेताम के साथ ही कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक ने पूजा अर्चना कर कार्यक्रम सम्पन्न कराया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के पार्षदगण एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी सहभागिता निभाई। कांकेर विधायक श्रीनेताम ने कहा- यह कम्युनिटी हॉल आने वाले समय में शहरवासियों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए एक सुविधाजनक और उपयोगी स्थान के रूप में विकसित होगा। 

 ———————–

✍️ 10. विभागीय कार्यशाला संपन्न हुई।

—सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी कांकेर में दो दिवसीय बालिका शिक्षा एवं शिशु वाटिका शिक्षा कार्यशाला आयोजित की गई।उक्त कार्यशाला में तीन जिले कांकेर, नारायणपुर एवं चारामा से 41 की संख्या में विद्यालय की महिला आचार्य मौजूद थी।शिशु वाटिका प्रांत प्रमुख   राम कुमार वर्मा एवं बालिका शिक्षा प्रांत प्रमुख श्रीमती मनोज साहू ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य वार्षिक कार्य योजना बनाकर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से महिला आचार्यगणों को अवगत कराना था। इसके तहत शिशु वाटिका एवं बालिका शिक्षा को लेकर निर्धारित विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला गया।

तथा आगामी वार्षिक शैक्षणिक कार्य योजना पर भी व्यापक चर्चा की गई।प्राचार्य श्री भूपेंद्र तिवारी ने आये अतिथियों का आभार व्यक्त कर कार्यशाला के महत्व को बतलाया।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में तीनों जिलो कांकेर, नारायणपुर,व चारामा से शिशु वाटिका में 25 एवं बालिका शिक्षा में 15 महिला आचार्य उपस्थित थे।इस अवसर पर विभाग समन्वयक श्री महेश भवसार,शिशु वाटिका जिला प्रमुख श्रीमती पूर्णिमा पांडे अनिता साहू,हेमा सिन्हा, बालिका शिक्षा विभाग प्रमुख श्रीमती सविता यादव,जिला प्रमुख श्रीमती राजेश्वरी यदु, रामेश्वरी विश्वकर्मा, सहित कुल इक्तालीस महिला आचार्य उपस्थित थे।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 22 सितंबर 2026 मंगलवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 22  सितंबर  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. गोविंदपुर में  बडी सडक दुर्घटना में बची मेडिकल छात्रा। मेडिकल कालेज हास्टल…

आज की टॉप 10 खबर 21 सितंबर 2026 सोमवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 21  सितंबर  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. युवा उड़ान कार्यक्रम का आयोजन 22 सितंबर को नरहरदेव विद्यालय परिसर में।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *