आज की टॉप 10 खबर 04 नवम्बर 2026 बुधवार

  ———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

04 नवम्बर  2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. कांकेर की ज्योतिष मनीषी डॉ. गीता शर्मा के हाथों कादम्बरी सम्मान से अलंकृत देश की साहित्यिक विभुतियां ।

—कांकेर ।देश के जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय साहित्यिक संस्था कादम्बरी का अखिल भारतीय स्तर पर साहित्यकार पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन जबलपुर के शहीद स्मारक सभागार में बेहद गरिमामयी सभा में महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद जी महाराज प्रज्ञा पीठाधीश्वर साध्वी श्री मां विभानंद गिरी जी  जो अंतर्राष्ट्रीय प्रज्ञा मिशन प्रज्ञाधाम कटंगी की महामंडेश्वर एवं विश्व माता गायत्री  ट्रस्ट दिल्ली की संस्थापक है‚ के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। संस्था के अध्यक्ष भागवत दुबे एवं महासचिव राजेश ‘पाठक प्रवीण’ जिन्होंने अद्भुत मंच संचालन कर साहित्यकारों के ह्रदय में जगह बनाई।

छत्तीसगढ के कांकेर के लिए गौरवान्वित करने वाली बात रही कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित  ज्योतिष मनीषी डॉ. गीता शर्मा के हाथों देश के 20-25 साहित्य विभुतियों को सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि डॉ. गीता शर्मा को कादम्बरी सम्मान पिछले ही वर्ष 2025 में प्रदान किया जा चुका है। इस बार उनके हाथों सम्मान प्रदान किये जाने आमंत्रित किया गया था। बताते चलें कादम्बरी संस्था विगत कई वर्षों से साहित्य के क्षेत्र में कार्य कर रही है,जहां साहित्यिक विभुतियों को सम्मानित किया जाता रहा है। इस बार भी तकरीबन 700-800 कृतियां सम्मान के लिए देश के विभीन्न क्षेत्रों से साहित्यकारों द्वारा भेजे गए थे,जिनमें से 129 पुस्तकों का कादम्बरी समिति द्वारा उत्कृटता  के रूप में शर्तों का पालन करते हुए चयन किया गया था। मेरठ एवं कई जगहों पर कादम्बरी सम्मान से अलंकृत साहित्य विभुतियों को गाजेबाजे के साथ ग्राम,नगरवासियों ने स्वागत किया जो साहित्य के क्षेत्र में बडा संदेश जाता है। सशक्त हस्ताक्षर से मुखातिब होते हुए कई साहित्यकारों ने कहा—डॉ.गीता शर्मा जैसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ज्योतिषाचार्य के हाथों सम्मान ग्रहण करना उनके लिए अद्भुत रहा‚ उनके इस स्नेह को नहीं भूला जा सकता।

इस सम्मान समारोह में देश के विभीन्न क्षेत्रों से आये कुल 129 साहित्य विभुतियों में जिनमें छत्तीसगढ के भी चार साहित्कार है जहां घरघोडा से एक भिलाई से दो एवं भाटापारा से एक साहित्यकार है। छत्तीसगढ के नामचीन प्रतिभा ननकी साहू  तथा  इस तरह  कुल 129  साहित्यिक विभुतियों को कुल 04 लाख 18 हजार 200 रूपये की सम्मान राशि,समान पत्र,शाल श्रीफल से सम्मानित किया गया। सम्मान प्रदान करने पहूंची छत्तीसगढ के बस्तर अंचल कांकेर की डॉ. गीता शर्मा को शाल,स्फटिक शिवलिंग,रूद्राक्ष देकर सम्मानित किया गया।

साहित्य क्षेत्र के देश के इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संस्था कादम्बरी के मंच पर कांकेर की ज्योतिषाचार्य डॉ. गीता शर्मा के हाथों देश की साहित्य विभुतियों को सम्मान प्रदान किये जाने की खुशियां छत्तीसगढ प्रदेश में बस्तर के कांकेर में भी स्थानीय साहित्यकारों में देखने मिला जहां उन्हें खबर मिलते ही फोन काल कर बधाई दी तो आंचलिक खबरों के माध्यम बधाई शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी है। कांकेर से डॉ. मीरा आर्ची, श्रीमती पूर्वा शर्मा,किरण शर्मा,सविता वैष्णव,वंदना शैली,निषा अतुल्य,आशा जैन,डॉ.सुधा पंड्या, प्रभा शुक्ला,अल्का यादव,पद्माक्षी उपाध्याय, अनुपम जोफर,मनोज जायसवाल,संतोष श्रीवास्तव,अनिल शर्मा, राजा देवनानी,दीपक शर्मा,अभय शर्मा,अनुराग उपाध्याय,सुरेश श्रीवास्तव,शिव सिंह भदौरिया ,अशोक राठी, पप्पू मोटवानी,संजय मंशानी,डॉ. पुष्पलता मिश्रा, रमाकांत शर्मा आदि ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

———————–

✍️ 02. जिले में 09 नवम्बर को सार्वजनिक अवकाश। गोवर्धन पूजा के लिए पूर्व में घोषित स्थानीय अवकाश को संशोधित कर देवउठनी एकादशी (तुलसी विवाह) 20 नवम्बर को रहेगा स्थानीय अवकाश।

—छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार 09 नवंबर सोमवार को दीपावली का दूसरा दिन (गोवर्धन पूजा) के अवसर पर संपूर्ण छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में स्थानीय अवकाश की तिथि में संशोधन किया गया है। पूर्व में 09 नवंबर 2026, सोमवार को दीपावली का दूसरा दिन (गोवर्धन पूजा) के अवसर पर संपूर्ण उत्तर बस्तर कांकेर जिले के लिए घोषित स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था, जिसे निरस्त करते हुए अब 20 नवंबर शुक्रवार को देवउठनी एकादशी (तुलसी विवाह) के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। उपरोक्त स्थानीय अवकाश बैंक, कोषालय एवं उपकोषालय के लिए लागू नहीं होगा।

———————

✍️ 03. जिले के 6 विकासखंडों में खुलेंगे मिनी मॉल। औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत निवेशकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित। निजी सीबीएसई स्कूल खोलने के लिए भी मंगाए गए आवेदन

— जिले में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा निजी निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत मिनी मॉल, मल्टीप्लेक्स एवं निजी सीबीएसई स्कूल स्थापित करने के लिए निवेशकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पहल से जिले में मनोरंजन, खरीदारी एवं शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर सृजित होंगे। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक  टंकेश्वर देवांगन ने बताया कि जिले के अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, चारामा, दुर्गूकोंदल, कोयलीबेड़ा एवं नरहरपुर विकासखंडों में मल्टीप्लेक्स सहित मिनी मॉल स्थापित किए जा सकेंगे। इसके लिए न्यूनतम 08 हजार वर्गफीट कारपेट एरिया की आवश्यकता होगी। प्रस्तावित मॉल में 100 दर्शकों की क्षमता वाला कम से कम एक स्क्रीन, 5 रिटेल स्टोर तथा एक फूड कोर्ट होना अनिवार्य है। इसके लिए भूमि की लागत को छोड़कर कम से कम 05 करोड़ रुपये का स्थायी पूंजी निवेश करना होगा। पात्र निवेशकों को योजना के तहत स्टाम्प शुल्क एवं डायवर्सन शुल्क में 100 प्रतिशत छूट के साथ अधोसंरचना अनुदान का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार जिले के दुर्गूकोंदल, कोयलीबेड़ा एवं नरहरपुर विकासखंड मुख्यालयों से 10 किलोमीटर की परिधि में निजी सीबीएसई स्कूल खोलने के लिए भी आवेदन किए जा सकते हैं। प्रस्तावित स्कूल कक्षा पहली से 12वीं तक संचालित होना चाहिए। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

——————-

✍️ 04. शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव का आयोजन 5 नवंबर को। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता दल राज्य स्तरीय महोत्सव में करेगा कांकेर जिले का प्रतिनिधित्व । बीएड कॉलेज कांकेर परिसर में होगा आदिवासी लोक कला महोत्सव।

— जिला मुख्यालय कांकेर के बीएड कॉलेज परिसर में 5 नवंबर को शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति, आदिवासी लोक कला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला स्तर पर जनजातीय लोक नर्तक दलों के बीच प्रतियोगिता आयोजित होगी, इसमें जिले के आदिवासी लोक कला एवं नृत्य दल भाग ले सकेंगे। आदिवासी लोक कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुश्री जया मनु ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आदिवासी लोक कला (नर्तक) दल को 13 नवंबर को जिला मुख्यालय रायगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव में कांकेर जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जिले के जनजातीय लोक नर्तक दलों से बीएड कॉलेज परिसर कांकेर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

 ——————-

✍️ 05. आधुनिक कृषि यंत्रों से खेती को मिली नई रफ्तार, फार्म मशीनरी बैंक बना अतिरिक्त आय का माध्यम।  कृषक   बोधन कोरेटी को प्रतिवर्ष लगभग 03 लाख रुपये अतिरिक्त आय की उम्मीद।

—खेती को आधुनिक एवं लाभकारी बनाने के लिए कृषि में उन्नत तकनीक और कृषि यंत्रों का उपयोग आज समय की आवश्यकता बन गया है। विशेषकर लघु एवं सीमांत किसानों के लिए महंगे कृषि यंत्र खरीदना आसान नहीं होता। ऐसे में कृषि अभियांत्रिकी विभाग की फार्म मशीनरी बैंक योजना किसानों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आई है। इस योजना का लाभ लेकर कांकेर विकासखंड के ग्राम किरगापाटी निवासी कृषक   बोधन कोरेटी ने न केवल अपनी कृषि गतिविधियों को आधुनिक स्वरूप दिया है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी कृषि यंत्रीकरण की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की है। राज्योत्सव-2026 के अवसर पर मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री   केदार कश्यप के कर कमलों श्री बोधन कोरेटी को ट्रेक्टर अनुदान राशि का चेक प्रदाय किया गया।कृषक श्री बोधन कोरेटी ने बताया कि उनके पास कुल 05 एकड़ 35 डिसमिल कृषि भूमि है तथा उनके परिवार में 6 सदस्य हैं। पहले कृषि कार्यों के लिए आवश्यक मशीनरी उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें खेत की तैयारी, बुवाई एवं अन्य कृषि कार्यों के लिए दूसरे किसानों अथवा किराये के कृषि यंत्रों पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे समय और श्रम अधिक लगता था तथा खेती की लागत भी बढ़ जाती थी। कृषि कार्यों को आसान बनाने और आय के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से श्री कोरेटी ने कृषि अभियांत्रिकी विभाग की फार्म मशीनरी बैंक योजना का लाभ लेने का निर्णय लिया। उन्होंने 15 लाख रुपये की कुल परियोजना लागत से फार्म मशीनरी बैंक स्थापित किया। इसके लिए 12 लाख रुपये का बैंक ऋण प्राप्त किया गया तथा योजना के नियमानुसार ऋण उपरांत 06 लाख रुपये का विभागीय अनुदान प्राप्त होने का प्रावधान है।

श्री कोरेटी के फार्म मशीनरी बैंक में खेती के विभिन्न कार्यों के लिए आधुनिक एवं उन्नत कृषि यंत्र उपलब्ध हैं। इनमें खेत की तैयारी के लिए ट्रैक्टर एवं रोटावेटर, धान की सीधी बुवाई के लिए डीएसआर सीड ड्रिल, फसल प्रबंधन के लिए स्प्रेयर तथा कटाई एवं गहाई के लिए रीपर और थ्रेशर सहित अन्य कृषि यंत्र शामिल हैं। इन आधुनिक कृषि यंत्रों को किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार किराये पर प्राप्त कर सकेंगे। इससे खेत की तैयारी से लेकर बुवाई, फसल प्रबंधन, कटाई एवं गहाई तक के कार्य समय पर पूरे करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों को महंगे कृषि यंत्र खरीदने के लिए बड़ी राशि खर्च नहीं करनी पड़ेगी और श्रम एवं कृषि लागत में भी कमी आएगी। फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना   बोधन कोरेटी के लिए खेती के साथ अतिरिक्त आय का नया माध्यम बन गई है। कृषि यंत्रों को किराये पर उपलब्ध कराने से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 03 लाख रुपये अतिरिक्त आय होने की उम्मीद है। इससे उनकी पारिवारिक आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। कृषि अभियांत्रिकी विभाग की फार्म मशीनरी बैंक योजना ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने, किसानों की लागत कम करने, समय पर कृषि कार्य संपन्न कराने तथा स्वरोजगार के अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।   बोधन कोरेटी की यह सफलता अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा है।

 ——————-

✍️06. UAPA के प्रकरण में तीन आरोपियों को 10-10 वर्ष सश्रम कारावास एवं 3,500 – ₹3,500 अर्थदंड की सजा।माननीय विशेष न्यायाधीश (NIA), भानुप्रतापपुर श्री दीपक के. गुप्ता की अदालत का फैसला। अपर लोक अभियोजक श्री टी.एस. यादव द्वारा प्रकरण में प्रभावी पैरवी।

 

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—दिनांक 20.05.2023 को प्रार्थी द्वारा थाना कोयलीबेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 18.05.2023 को प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन की गतिविधियों की सूचना पर सुरक्षा बलों द्वारा COB चिलपरस एवं ढूंट्टा से संयुक्त सर्च अभियान प्रारंभ किया गया था। अभियान के दौरान कागबरस, नयापारा, चिलपरस क्षेत्र में सर्च करते हुए केसोकोड़ी की ओर बढ़ने पर पहाड़ी जंगल के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। सुरक्षा बलों द्वारा घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान पीलूराम आंचला उर्फ सालिक राम, रमेश पुनेम उर्फ बुधरू एवं पुनऊ राम मंडावी के रूप में बताई। आरोपियों के प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़े होने तथा संगठन में विभिन्न पदों पर कार्य करने की जानकारी सामने आई।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से वॉकी-टॉकी सेट, माओवादी संगठन की चिट्ठियां, नक्सली साहित्य, नगदी रकम, गुलेल, टॉर्च एवं चाकू सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। आरोपियों को पकड़ने के दौरान पुलिस पार्टी पर हमला किए जाने से एक जवान के दाहिने हाथ में चोट भी आई।उक्त घटना पर थाना कोयलीबेड़ा में अपराध क्रमांक 08/2023 के तहत धारा 147, 148, 149, 307 भादवि, धारा 04, 05 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं धारा 38(2), 39(2) विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1967 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ श्री अमर सिदार को UAPA प्रकरण का विवेचना अधिकारी नियुक्त किया गया। उनके द्वारा विवेचना के दौरान आरोपियों की संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य संकलित किए गए तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। प्रकरण में अपर लोक अभियोजक श्री टी.एस. यादव द्वारा न्यायालय के समक्ष साक्षियों के कथनों एवं उपलब्ध साक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए पैरवी की गई।

न्यायालयीन निर्णय:-
प्रकरण में प्रस्तुत मौखिक, दस्तावेजी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का समग्र मूल्यांकन करने के पश्चात माननीय विशेष न्यायाधीश (NIA), भानुप्रतापपुर श्री दीपक के. गुप्ता द्वारा तीनों आरोपियों को दोषसिद्ध ठहराते हुए प्रत्येक को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 3,500-₹3,500 अर्थदंड से दंडित किया गया।

दोषसिद्ध आरोपियों का विवरण इस प्रकार है
1. पीलूराम आंचला उर्फ सालिक राम, पिता स्व. नोहरू राम, उम्र 35 वर्ष, निवासी इमलीपारा कागबरस, थाना कोयलीबेड़ा, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।
2. रमेश पुनेम उर्फ बुधरू, पिता लक्कू, उम्र 25 वर्ष, निवासी वड्डे पारा, पूसनार, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर।
3. पुनऊ राम मंडावी, पिता स्व. लच्छन राम, उम्र 22 वर्ष, निवासी बिचपारा गोमे, थाना नारायणपुर, जिला नारायणपुर।

पुलिस टीम में—अमर सिदार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, अंतागढ़। निरीक्षक मालिक राम केवट। उप निरीक्षक मोहित पारिक। प्रधान आरक्षक अमित ढिढी।. प्रधान आरक्षक जगमोहन सलाम। कांकेर पुलिस द्वारा गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरणों में प्रभावी विवेचना, साक्ष्य संकलन तथा अभियोजन के साथ समन्वय स्थापित कर न्यायालयीन कार्यवाही में प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है।

 

————————

✍️07. कांकेर पुलिस द्वारा “उजियारा अभियान” के तहत अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी। स्कार्पियो वाहन से 30 पेटी अवैध रॉकेट देशी संत्रा शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार। 2950 नग शराब, कुल 265.500 लीटर कीमती ₹1,18,000 एवं ₹50,000 नगद बरामद। अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन सहित मोबाइल फोन भी जब्त।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम मे थाना बांदे पुलिस द्वारा दिनांक 03.11.2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम पीव्ही-82 विजय नगर में घेराबंदी कर अमित साहा के कब्जे से स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 18 J 8172 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 30 पेटी रॉकेट देशी संत्रा शराब, कुल 2950 नग (प्रत्येक बोतल 90 एमएल), कुल 265.500 लीटर शराब बरामद की गई। पुलिस द्वारा मौके पर गवाहों के समक्ष अवैध शराब, नगदी रकम ₹50,000, घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन एवं एक मोबाइल फोन को विधिवत जप्त किया गया। आरोपी का कृत्य आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करते हुए थाना बांदे में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण में—
अमित साहा, पिता स्व. आनंद साहा, उम्र 32 वर्ष, निवासी पीव्ही-14 श्यामनगर, थाना पखांजूर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.)।
जप्त सामग्री का विवरण:-
1. 30 पेटी रॉकेट देशी संत्रा शराब, कुल 2950 नग, मात्रा 265.500 लीटर – कीमत ₹1,18,000।
2. नगदी रकम – 50,000।
3. घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 18 J 8172 – कीमत ₹3,00,000।
4. एक नग आईक्यू मोबाइल फोन – अनुमानित कीमत ₹20,000।

पुलिस टीम में— निरीक्षक रामचन्द्र साहू, थाना प्रभारी बांदे, सउनि कमलेश कुमार साहू, आरक्षक 1241 यशवंत मंडावी, आरक्षक 1273 अमृत नेताम, आरक्षक 1105 मोहन दुग्गा, आरक्षक 1184 अरुण मंडावी, आरक्षक 1294 उमेश जुर्री, आरक्षक 1441 लिलेश सिन्हा, आरक्षक 333 इन्द्रजीत विश्वास एवं महिला आरक्षक 1104 हिरोन्दा दुग्गा।

————————

✍️08. कांकेर की बुलबुल वैद्य को मिलेगा माता बहादुर कलारिन सम्मान । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरे मंत्रिमंडल के सामने किया सम्मानित, मिली दो लाख रुपये की सम्मान राशि ।

—छत्तीसगढ़ शासन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा माता बहादुर कलारिन सम्मान वर्ष 2026 के लिए कांकेर जिले की बुलबुल वैद्य का चयन किया गया है। संचालनालय महिला एवं बाल विकास छत्तीसगढ़, इन्द्रावती भवन, ब्लाक-1, द्वितीय तल, नवा रायपुर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरे मंत्रिमंडल के सामने राज्य अलंकरण माता बहादुर कलारिन सम्मान से बुलबुल वैद्य को सम्मानित किया। इस दौरान राज्योत्सव स्थल पर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कांकेर की बेटी का सम्मान हुआ। बुलबुल वैद्य के चयन पर जिले में हर्ष का माहौल है।

2 लाख रुपये का डीडी, चेक और प्रशस्ति पत्र मिला
जारी आदेश के अनुसार बुलबुल वैद्य, पता पी-37, उदय नगर कॉलोनी कांकेर, जिला कांकेर को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया गया है। उक्त सम्मान दिनांक 03.11.2025 को प्रदान किया जाना है, जिसमें 2.00 लाख रुपए का बैंक डीडी, चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। माता बहादुर कलारिन सम्मान छत्तीसगढ़ का एक प्रतिष्ठित सम्मान है जो महिला सशक्तिकरण और उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को दिया जाता है।

एस्कॉर्ट अधिकारी नियुक्त, लाने ले जाने की व्यवस्था के निर्देश
इस हेतु रीना लारिया, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, जिला कांकेर को एस्कॉर्ट अधिकारी नामांकित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि सम्मान ग्राहिता को सम्मान सहित राज्योत्सव स्थल तक लाने एवं वापस पहुंचाने तक की व्यवस्था के साथ नोडल अधिकारी ममता भगत, सहायक संचालक, मोबाइल नंबर 9926752156, 8253001128 एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों से संपर्क करते हुए स्वयं तथा सम्मान ग्राहिता के लिए पास प्राप्त करने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्था हेतु एस्कॉर्ट अधिकारी को निर्देशित किया जाए।

संचालक ने डिजिटली साइन कर जारी किया आदेश
यह आदेश 27 अक्टूबर 2026 को संचालक महिला एवं बाल विकास नवा रायपुर, अटल नगर की ओर से डिजिटली साइन होकर जारी किया गया है, जिस पर रेणुका श्रीवास्तव संचालक के हस्ताक्षर हैं। इस आदेश की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव छत्तीसगढ़ शासन महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर, सचिव छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग राज्य स्तरीय पुरस्कार शाखा, संचालक संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा द्वितीय तल व्यावसायिक परिसर सेक्टर 27 नवा रायपुर तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास जिला कांकेर को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।

कांकेर जिले में हर्ष का माहौल, बधाइयों का तांता
बुलबुल वैद्य को राज्य स्तरीय सम्मान मिलने की खबर मिलते ही कांकेर जिले में हर्ष का माहौल बन गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शहर के लोगों ने बुलबुल वैद्य को बधाई दी। लोगों का कहना है कि बुलबुल वैद्य का सम्मान कांकेर जिले की सभी महिलाओं के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

———————–

 ✍️09.पखांजुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में ब्लॉक(कोयलीबेड़ा) स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ।पढ़ाई के साथ साथ खेल में भी क्षेत्र का नाम रोशन करें विद्यार्थी-श्रीमती श्यामबती मण्डावी ।

—शासन द्वारा पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने, बस्तर संभाग के जनजातीय बहुल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में युवाओं की खेल प्रतिभा को पहचानने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘बस्तर ओलंपिक 2026’ का आयोजन किया जा रहा है,जिसका विकासखंड कोयलीबेड़ा में पखांजूर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती श्यामबती मंडावी अध्यक्ष जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा, विशेष अतिथि दीपांकर राय जिला पंचायत सदस्य कांकेर, श्रीमती सुनीता मंडल जिला पंचायत सदस्य कांकेर, श्रीमती मोनिका साहा कांकेर भाजपा जिला महामंत्री, श्री शंकर सरकार उपाध्यक्ष नगर पंचायत पखांजूर, श्रीमती मंजू सरदार उपाध्यक्ष जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा, एवं अन्य अतिथि श्री श्याम तिवारी,श्रीं स्वप्न तरफदार आदि के गरिमामय उपस्थित में शुभारंभ किया गया । सर्वप्रथम  अतिथि एवं आयोजको द्वारा  मां भारती और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना किया गया इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पहार ,गुलदस्ते से स्वागत किया गया।
प्रतियोगिता का प्रारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती श्यामबती मंडावी,श्री सुरेश कुमार साहू अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पखांजूर, एवं श्री उदय प्रकाश नाग मुख्य कार्यपालिका अधिकारी जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा द्वारा बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में सिटी बजाकर किया गया।

इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में कोयलीबेड़ा ब्लॉक के सभी 103 ग्राम पंचायत के पंचायत स्तर और स्कूल के खिलाडी भाग ले रहे हैं। इसके लिए खिलाड़ियों का पंजीयन पूर्व में ही पंचायत स्तर पर किया जा चुका है इस आयोजन को दो वर्ग में बांटा गया है जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष के युवक भाग ले सकेंगे वही सीनियर वर्ग के लिए कोई उम्र बंधन नहीं है। इस वर्ष कोयलीबेड़ा ब्लॉक को 9 ज़ोनों में बांटा गया है जो क्रमशः ऐसेबेड़ा, पखांजूर इरपंहार,बांदे,छोटेबेटिया, गोण्डाहुर, कोयलिबेडा, छोटेकापसी, बड़गांव है जहां से विजेता टीम एवं खिलाड़ी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में पखांजूर में खेल रहे हैं।
बस्तर ओलंपिक में विभिन्न खेल एथलेटिक्स विभिन्न लंबाई के दौड़ ,लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेक, तीरंदाजी, कराते एवं बैडमिंटन, फुटबॉल खो-खो,कबड्डी,व्हालीबाल आदि खेलों का आयोजन किया जा रहा है।
बस्तर ओलंपिक के संबंध में पखांजूर नगर पंचायत उपाध्यक्ष शंकर सरकार ने कहां है कि बस्तर ओलंपिक केवल खेल नहीं है यह बस्तर की समरसता, बंधुत्व, विश्वास और एकता का प्रतीक भी है। यह ओलंपिक बस्तर के युवाओं को अपनी नैसर्गिक प्रतिभा के प्रदर्शन का एक मंच प्रदान करने के साथ उनमें आत्मविश्वास जगाने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का एक माध्यम भी है। हमें पूरा भरोसा है कि इस ओलंपिक के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी प्रदेश को मिलेंगे जो प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में बस्तर का नाम ऊंचा करेंगे।

इस आयोजन को संपन्न कराने में श्री सुभाष चंद्र बैध, अशोक कुमार टांडिया, प्रदीप विश्वास, देव कुमार शील, सत्यवान बैध,गजाधर जैन,खोकन डे, अमिताभ सरकार,परितोष राय, कृपा सिंधु घरामी,प्रकाश चौधरी, भोला प्रसाद ठाकुर, संतोष जायसवाल, कृष्णेन्दु आईच,
व्यायाम शिक्षक शंभू साहा संतोष साहा, जगत राम ध्रुव, राम शरण वैष्णोव ,सोमारी मंडावी, देवेंद्र गौर, शोभन बनर्जी, चंचला सिंहा, श्रद्धा टांडेकर, खेल के संयोजक एवं निर्णायक परिमल राय, दिनेश नाग, संजय बैरागी कृष्णपाल राणा, अजीत ठाकुर, शिखा दास, , ललिता ठाकुर, संध्या कोर्राम, रजत दास, डी एल राय, कुसुम जैन, राजेंद्र कलामें,तापस समददार, गुरु दास बनर्जी, उषा टाले, अर्चना मरकाम, राधा कौशल ,सरोज मरकाम, प्रकाश ध्रुव, रितिका काउडे, ,धनेश्वर खांडेकर, इंद्रेश निषाद ,यशवंत कुमार ठाकुर, कन्हेयालाल कचलाम, परमेश्वर साहू, अरुण रावटे, विष्णुपद वेद , चुनिंदा विश्वास ,बलविंदर कौर, पूर्णिमा विश्वास संजय बैरागी ,मंदाराम स्वामी पारस ध्रुव राम भुवन वर्मा, रितिका कवाडे, राधा कौशल सोमरू गावडे, प्रीतम सिंह, जयदेव बाला सहित सभी जोनों के ग्राम पंचायत सचिव एवं जनपद पंचायत के कर्मचारीगण खेलो को संपन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिए।

———————–

✍️ 10. राज्योत्सव में सशिमं विद्यालय की आकर्षक प्रस्तुति हुई।

  —छत्तीसगढ़ राज्य उत्सव के दौरान जिले का मुख्य आयोजन शास.नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर में संपन्न हुआ। जहाँ विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया।  इसी कड़ी में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी कांकेर की बहनों ने पारंपरिक आदिवासी हल्बी नृत्य की रोचक प्रस्तुति दी।
उक्त प्रस्तुती में बहनों ने पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में सुंदर नृत्य का प्रदर्शन किया।नृत्य में प्रमुख रूप से मानसी, अनुमेहा, देविका, चंचल, अंजलि, श्रेया, दामिनी, उर्वशी, मानसी, निकिता, आंचल, सुनिधि, आदि बालिकाएं शामिल थी।नृत्य की प्रस्तुति में महत्वपूर्ण भूमिका विद्यालय की दीदी श्रीमती मनभा मंडावी व आचार्य श्री सूरज मंडावी का रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री भूपेंद्र तिवारी उपस्थित थे।उक्त प्रस्तुती में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक व लोक परम्परा की स्पष्ट छवि नजर आ रही थी, जो अत्यंत ही रोचक थी।

———————–

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

  • Related Posts

    आज की टॉप 10 खबर 05 नवम्बर 2026 गुरूवार

      ———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 04 नवम्बर  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01.  लोकतंत्र बचाओ‚ अराजकता हटाओ अभियान अंतर्गत कांकेर में विशाल पदयात्रा एवं…

    आज की टॉप 10 खबर 03 नवम्बर 2026 मंगलवार

    ———————- संपादकीय— ”भौतिक सरोकार ही जिंदगी”  —भौतिक रूप से मिलने जुलने, बात करने फोन पर भी बात करने से आपको आत्मिक शांति मिलेगी। बातों में ही सब कुछ रखा है,…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *