———————-
संपादकीय—
—भौतिक रूप से मिलने जुलने, बात करने फोन पर भी बात करने से आपको आत्मिक शांति मिलेगी। बातों में ही सब कुछ रखा है, वरन जिंदगी में और तो कुछ भी नहीं है। अगर आपमें धन,संपदा के चलते ज्यादा ही अहम आ गया हो तो आप हवा हवाई सोशल मीडिया में संबंध निभाते रहिये। भौतिकता में चूर होकर घृणा,ऊंच,नीच का भाव रखिये और सोशल मीडिया में बने बनाये इम्युजी चेंप कर अपने में इसलिए मस्त रहिये कि हम रिश्ते निभा रहे हैं। रिश्तों से घर भी भर जाता है, पर उस उतरते रंगों का क्या? जिसका न आपको होश है, न निभाने की तहजीब। आप अच्छा लिख लेते हैं, अच्छा गा लेते हैं, इससे क्या? जब साहित्य कला जगत के होकर आप भौतिक रूप से बातों पर संशय करने लगे। आपके साहित्य कला जगत के होने पर लानत दिखायी देता है। इसी बीच उच्च शिक्षित होने के बावजूद संर्कीणता की छाया भी स्पष्ट होने लगती है। कई दफा तो अपने परिवार के संस्कारों की दुहाई देने लग जाते हैं ऐसे लगता है कि आपके साथ जो बात कर रहा है उसका तो कोई संस्कार ही न हो। कौन ये समझाए कि आपके सामने बैठा शख्स बिना संस्कारों के कैसे लिख सकता है। अर्थ से भले ही कमजोर हो पर वह सात्विक ही होगा जो लेखन करता है। आपके इस संशयात्मक विचारधाराओं और हवा हवाई सोशल मीडिया में निभाते संबंधों को देख कर मिथ्या स्नेह भी दिखायी देने लगता है। समान विधा के जब दो लोग चाहे फोन में हों या भौतिक चर्चाओं में हो बात बिल्कुल लंबी खिंच जाती है। उन बातों में स्वयं का अनुभव तो बढ़ता ही है,जीने की लालसा और हौसला बुलंद हो जाता है। एक समय अपने ही अंदर कमी का हीनभावना हो उसमें भी रंग भर कर उभरने लगती है। सनद यह भी होना चाहिए कि कोई किसी से भौतिक बातों से अन्यत्र कुछ भी नही है,ना किसी को कुछ हासिल करने की हसरत। कितने भी मित्र हों आपके। समान विधा के मित्रों से गंभीरता पूर्ण चर्चा ही आपकी समझदारी है। वैसे भी अपनी विधा के लोगों की बातें अपने ही समझ सकते है। साहित्य और कला जगत के कईयों में कई दफा पीड़ा से उभर कर आयी प्रतिभाएं होती है। अपने विधा के लोगों के पास अपनी पीड़ा का बयां कोई वो दीगर बात नहीं कि आपकी इज्जत,शौहरत कम जो जाायेगी। आपके ही विधा के लोगों के लिए आपको बात करने के लिए परमीशन लेना पड़े फिर बात करें तो इससे बड़ी दुखद और क्या! कम से कम जन्म दिवस पर भौतिक रूप से बातों से बधाई संदेश देना संबंधों का कायदा है,वरन सोशल में अपने को प्रसिद्व होने का महिमामंडन करते हुए जताना बेशर्मी ही कहा जाय। आपकी छाप भौतिक बातचीतों,मिलने जुलने सामाजिकता निभाने से है, ना कि सिस्टम पर बैठकर उंगली फिराते अपनी प्रसिद्वि के खुद गुणगान करने से।
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
03 नवम्बर 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. हर्षोल्लास के साथ कांकेर में मनाया गया राज्योत्सव 2026। नक्सल प्रभावित अंचलों से विकास की मुख्यधारा तक पहुंचा बस्तर संभाग – केदार कश्यप

— छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में आज राज्योत्सव 2026 हर्षाेल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। पीएमश्री शासकीय नरहरदेव स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली तथा स्कूली बच्चों एवं लोक कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों एवं आमजन ने अवलोकन किया।राज्योत्सव समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया तथा राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति हुई है। बस्तर संभाग जो एक जिले के रूप में जाना जाता था, आज सात जिलोें में विभाजित हो गया है, एक समय में यहां अनेका चुनौतियां थीं, दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आज सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संचार सुविधाओं का विस्तार लगातार हो रहा है, सड़क, पुल-पुलियों का निर्माण हुआ है। शासन के प्रयासों, सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन तथा आम नागरिकों के सहयोग से प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास का वातावरण मजबूत हुआ है। मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं।

रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं और कांकेर क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए सर्वेक्षण सहित विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क एवं परिवहन व्यवस्था से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिल रही है। श्रीकश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना है, आज हम बस्तर को नक्सल मुक्त होते देख रहे हैं। उन्होंने इस दिशा में पुलिस विभाग, सुरक्षा बलों, प्रशासन और ग्रामीणों के योगदान की सराहना की।

विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद प्रदेश ने निरंतर प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कांकेर जिला बनने से पहले क्षेत्र के लोगों को अपनी अनेक प्रशासनिक आवश्यकताओं एवं समस्याओं के समाधान के लिए दूरस्थ स्थानों तक जाना पड़ता था, जबकि आज प्रशासनिक एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। बस्तर संभाग में नए जिलों के गठन के साथ शासन-प्रशासन की पहुंच आमजन के और अधिक करीब हुई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में उच्च शिक्षण संस्थानों एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।

आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को उपचार के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा है, वहीं जल जीवन मिशन, जनधन योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। विधायक श्री नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। किसानों के हित में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में लिए गए निर्णयों का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की चुनौती से लंबे समय तक प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब शांति और विकास की नई तस्वीर उभर रही है। शासन के प्रयासों के साथ-साथ आम नागरिकों के सहयोग से यह परिवर्तन संभव हो रहा है। सभी को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 01 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन प्रदेश के पूर्वजों के संघर्ष, जनभावनाओं और एक अलग पहचान के लंबे सपने का परिणाम था। आज राज्य स्थापना की इस यात्रा में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांकेर जिले में भी पिछले वर्षों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य बुनियादी अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़कों और सेवाओं की पहुंच बढ़ी है तथा पंचायतों और ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर आने वाली पीढ़ियों के लिए छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम भविष्य की मजबूत नींव रखनी है।राज्योत्सव समारोह में अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी को राज्योत्सव एवं दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, नगर पालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, महेश जैन, दिलीप जायसवाल, राजा पाण्डेय,पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, राजा देवनानी, हलधर साहू, टीकेश्वर जैन, कांकेर डीएफओ भानुप्रतापपुर संदीप बलगा, जिला पंचायत सीईओ कांकेर हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर भागवत जायसवाल, एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
———————–
✍️ 02. आदिम जाति सेवा सहकारी समिति आसुलखार में 1.44 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता एवं गबन के मामले में धान खरीदी प्रभारी और बारदाना प्रभारी गिरफ्तार।खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान उपार्जन के दौरान पाई गई अनियमितता। 11,628 बोरा बारदाना एवं 4,651.20 क्विंटल धान की कमी पाई गई। कुल 1,44,18,720 रुपये की अनियमितता एवं गबन का मामला।

—पुलिस जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में जिले में आर्थिक एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु कार्रवाई की जा रही है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित आसुलखार के समिति प्रबंधक परमेश महावीर, उम्र 33 वर्ष, निवासी डोड़कावाही, थाना नरहरपुर द्वारा थाना भानुप्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समिति के धान खरीदी प्रभारी टिकेश्वर पोटाई एवं बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन द्वारा धान उपार्जन का कार्य किया गया था।
उक्त अवधि में कुल 748 किसानों से 36,703.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी, जिसके विरुद्ध 30,855.95 क्विंटल धान का उठाव (परिदान) हुआ। इस संबंध में कार्यालय कलेक्टर, खाद्य शाखा जिला उत्तर बस्तर कांकेर द्वारा आदेश क्रमांक 876/खाद्य/2026, दिनांक 10.06.2026 के माध्यम से जांच समिति गठित कर भौतिक सत्यापन कराया गया।
संयुक्त जांच समिति में खाद्य निरीक्षक भानुप्रतापपुर सुश्री हसीना राणा, सहकारी निरीक्षक रूपेन्द्र सोनेवरा एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा प्रबंधक श्री गजराज सिंह चौहान द्वारा जांच की गई। जांच में 11,628 बोरा बारदाना एवं 4,651.20 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसकी कुल कीमत 1,44,18,720 रुपये आंकी गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर धान खरीदी प्रभारी टिकेश्वर पोटाई एवं बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन की संलिप्तता पाए जाने पर समिति प्रबंधक द्वारा थाना भानुप्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्रमांक 226/2026, धारा 316(5), 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों टिकेश्वर पोटाई एवं भोज कुमार जैन को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
केस में गिरप्तार आरोपियों में—1. टिकेश्वर पोटाई, पिता सियाराम पोटाई, उम्र 26 वर्ष, निवासी अलवरखुर्द, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर (धान खरीदी प्रभारी)।
2. भोज कुमार जैन, पिता स्व. माताप्रसाद जैन, उम्र 34 वर्ष, निवासी फरसकोट, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर (बारदाना प्रभारी)। पुलिस टीम में—1. शेर बहादुर सिंह ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, भानुप्रतापपुर।
2. निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर। 3. सहायक उप निरीक्षक शिवचरण मरकाम।
4. प्रधान आरक्षक क्रमांक 551 विजय कटकवार रहे।
———————–
✍️ 03.मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा 10 से 15 नवंबर प्रस्तावित। यात्रा को लेकर 04 नवंबर को बैठक आयोजित।
—मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना 2026 के अंतर्गत जिले के तीर्थयात्रियों को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर, वैष्णो माता मंदिर एवं बाघा बॉर्डर की यात्रा कराई जाएगी। प्रस्तावित यात्रा 10 नवंबर से 15 नवंबर तक कुल 05 दिवस की होगी। यात्रा के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन के लिए 04 नवंबर को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष कलेक्टर कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई है। इसमें तीर्थयात्रा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला सत्कार अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सभी जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को उपस्थित रहने कहा गया है।
——————-
✍️ 04. आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत।
— कलेक्टर कुन्दन कुमार ने राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 में दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए मधुमक्खी काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में मृतक के निकटतम परिजन के लिए चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किए हैं। दुर्गूकोंदल तहसील के ग्राम पड़गाल निवासी 75 वर्षीय मंगली बाई कुमेटी की मधुमक्खी काटने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनके निकटतम परिजन सोमाराम कुमेटी, सोमजी कुमेटी और सामकोबाई के लिए संयुक्त रूप से चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
——————-
✍️ 05. धान खरीदी में पारदर्शिता और निगरानी के पुख्ता इंतजाम करें अधिकारी: कलेक्टर कुन्दन कुमार। एक सप्ताह के भीतर खरीदी केंद्रों में नोडल अधिकारी, केंद्र प्रभारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति के निर्देश, बिना जीपीएस लगे वाहनों से नहीं होगा धान का परिवहन ।

—खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार, खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षक, सहकारिता विभाग, जिला विपणन अधिकारी, मंडी सचिव तथा नागरिक आपूर्ति निगम और कृषि विभाग के अधिकारियों को धान खरीदी से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एक सप्ताह के भीतर सभी धान खरीदी केंद्रों में नोडल अधिकारी, केंद्र प्रभारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा एक ही स्थान पर लंबे समय से पदस्थ खाद्य निरीक्षकों एवं सहकारिता निरीक्षकों का आवश्यकतानुसार स्थानांतरण करने के निर्देश दिए। सहकारिता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए भी कहा गया। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को धान खरीदी केंद्रों में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी तहसीलदारों को धान खरीदी कार्य को गंभीरता से लेते हुए सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में धान के फुटकर एवं थोक व्यापारियों की बैठक लेकर शासन के नियमों की जानकारी देने तथा मिलर्स के स्टॉक की जांच करने के लिए कहा गया। इसके अलावा संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों में लंबे समय से कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटरों को अन्य केंद्रों में स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।
10 नवंबर से कटेगा टोकन, 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
बैठक में जानकारी दी गई कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी केंद्रों में धान के नियंत्रित एवं व्यवस्थित रूप से उपार्जन के लिए किसानों को टोकन जारी कर धान खरीदी कार्य की जावेगी। 10 नवंबर 2026 से टोकन काटने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी तथा खरीदी का कार्य 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। धान खरीदी के लिए सीमांत एवं लघु कृषक दो एकड़ तक एक टोकन, सीमांत एवं लघु कृषक दो एकड़ से 10 एकड़ तक दो टोकन एवं दीर्घ किसानों 10 एकड़ से अधिक के लिए तीन टोकन जारी किया जाएगा। धान खरीदी कार्य में पारदर्शिता के लिए बॉयोमेट्रिक आधारित व्यवस्था लागू रहेगी। धान का विक्रय किसान स्वयं या उसके द्वारा अधिकृत परिवार के सदस्य द्वारा खरीदी केंद्र में जाकर किया जा सकता है। जिले में किसानों की सुविधा एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने के साथ ही जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामसभा आयोजित कर किसानों को धान खरीदी नीति एवं प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही सहकारी समितियों में फ्लैक्स लगाकर धान खरीदी से संबंधित तीन प्रमुख बिंदुओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कलेक्टर ने सहकारी बैंक प्रबंधकों को किसानों के एटीएम कार्ड बनवाने के निर्देश दिए, ताकि किसान अपने खातों में प्राप्त राशि का आसानी से एटीएम के माध्यम से आहरण कर सकें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों द्वारा धारित वास्तविक रकबे एवं उपज के आधार पर ही धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए। नए स्वीकृत धान खरीदी केंद्रों में चबूतरा निर्माण के लिए अविलंब प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए, ताकि इन केंद्रों में समय पर चबूतरा निर्माण कराया जा सके।
जीपीएस और आईपी आधारित कैमरों से होगी धान खरीदी एवं परिवहन की निगरानी
धान खरीदी एवं परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कलेक्टर ने महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि बिना जीपीएस लगे वाहनों से धान का परिवहन नहीं किया जाएगा। सभी धान खरीदी केंद्रों में आईपी आधारित कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिनमें मोशन डिटेक्शन सेंसर की सुविधा होगी। उन्होंने सभी सहकारिता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र के खरीदी केंद्रों में इन व्यवस्थाओं को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इन तकनीकी व्यवस्थाओं से धान खरीदी केन्द्रों की गतिविधियों एवं परिवहन की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सकेगी तथा अनियमितताओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
बैठक में एसडीएम भानुप्रतापपुर अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे, भागवत जायसवाल एवं जी.डी. वाहिले सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा कृषि, सहकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
——————-
✍️06. नरहरपुर में ब्लॉक स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ। ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह।

—छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुसार ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, युवाओं में खेल भावना विकसित करने तथा स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत नरहरपुर द्वारा आज उन्मुक्त खेल मैदान नरहरपुर में ब्लॉक स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का शुभारंभ किया गया। आयोजन में विकासखंड नरहरपुर के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में नगर पंचायत नरहरपुर की अध्यक्ष श्रीमती प्यारी सलाम, पार्षद मुकेश संचेती, संतोष भास्कर, योगेश सोनवंशी, आशकरण धु्रव, रामेश्वर साहू, महमूद अली, ग्राम पंचायत जामगांव की सरपंच श्रीमती भगवती उइके, जनपद पंचायत नरहरपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भानु प्रताप सुरेंद्र एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी एमन जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।
————————
✍️07.धारदार चाकू से युवक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त चाकू जप्त। पुरानी बातों को लेकर विवाद के बाद आरोपी ने युवक पर किया चाकू से वार। आरोपी थाना कांकेर का सूचीबद्ध गुण्डा-बदमाश आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज ।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटील के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई की गई। दिनांक 02.11.2026 की रात्रि लगभग 11:00 बजे प्रार्थिया शानो आनंद, निवासी संजयनगर कांकेर द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी अनमोल सारथी द्वारा पुरानी बातों को लेकर उसके पुत्र आयुष आनंद के साथ विवाद करते हुए अश्लील गाली-गलौज एवं मारपीट की गई। इस दौरान आरोपी ने जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से आयुष आनंद के पेट, कमर पर वार कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 389/2026, धारा 296, 118(1), 351(3), 109 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपी अनमोल सारथी की पतासाजी कर उसे भण्डारीपारा कांकेर से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ पर आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू से हमला करना स्वीकार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू गवाहों के समक्ष जप्त किया गया।आरोपी अनमोल सारथी को विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराया गया तथा माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम एवं आपराधिक रिकॉर्ड:- अनमोल सारथी, पिता स्व. ईश्वर सारथी, उम्र 21 वर्ष, निवासी महादेव वार्ड, कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।
आरोपी के विरुद्ध पूर्व में दर्ज आपराधिक प्रकरण :
1. अपराध क्रमांक 255/2024, धारा 296, 115(2), 351(2) बीएनएस।
2. अपराध क्रमांक 107/2025, धारा 281, 125(ए), 295, 351(2) बीएनएस।
3. अपराध क्रमांक 317/2025, धारा 78(2), 296, 351(3), 333 बीएनएस, 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं 12 पॉक्सो एक्ट।
4. अपराध क्रमांक 68/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट।
जप्त संपत्ति
– घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू जप्त किया गया है।
सराहनीय भूमिका में‘थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र साहू, सउनि सोमेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक कौशल साहू एवं आरक्षक रोशन राठौर, रामप्रसाद साहू, देवदत्त कड़ियाम तथा पुरन साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
————————
✍️08.शादी का प्रलोभन देकर युवती से जबरन शारीरिक संबंध बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार।” मोर-मितान” कांकेर पुलिस अभियान के तहत बीट क्षेत्र से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पतासाजी कर 24 घंटे से कम समय में गिरफ्तारी में मिली महत्वपूर्ण सफलता।
—थाना अंतागढ़ क्षेत्रांतर्गत ग्राम हिन्दुबिनापाल (कदमपारा) निवासी आरोपी साहिल बघेल द्वारा पीड़िता को शादी का प्रलोभन देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए जाने के संबंध में पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना अंतागढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।मामले की संवेदनशीलता को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ संतोष जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अंतागढ़ के नेतृत्व में आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में संचालित मोर मितान कांकेर पुलिस अभिया के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बीट प्रभारियों एवं बीट आरक्षकों द्वारा सूचना तंत्र को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में उक्त प्रकरण में भी बीट प्रणाली की सक्रियता महत्वपूर्ण साबित हुई।आरोपी को अपने विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध होने की जानकारी मिलने पर वह फरार हो गया था। पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम हिन्दुबिनापाल (कदमपारा) की बीट आरक्षक म.आर. 157 लोकेश्वरी गावड़े को अपने बीट क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं सक्रिय सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने निर्धारित स्थान पर दबिश देकर घेराबंदी की और 24 घंटे से कम समय में आरोपी साहिल बघेल को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल भूषण पटेल, उपनिरीक्षक हेमलता परिहार, प्रधान आरक्षक बीरबल रावटे, आरक्षक लखन लाल हिडको, जागेश्वर कोमरा, महिला आरक्षक मानको दुग्गा एवं डीएसएफ आरक्षक शम्भू उसेण्डी, थाना अंतागढ़ की सराहनीय भुमिका रही।
———————–
✍️09. छत्तीसगढ अन्य पिछडा वर्ग की बैठक कल 04 नवंबर बुधवार को कांकेर में।

— मीटिंग में सभी सामाजिकजनों को आने का आग्रह किया गया है।
———————–
आम आदमी पार्टी नगरीय निकाय चुनाव के संबंध में नरहरपुर में महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

आगामी नगरीय निकाय चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर आम आदमी पार्टी द्वारा आज नगर पंचायत नरहरपुर में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में कांकेर लोकसभा अध्यक्ष परवेज खान जी के नेतृत्व में एवं *प्रदेश संगठन मंत्री राजू सलाम जी के में चुनावी रणनीति पर गहन चर्चा की गई।बैठक में प्रमुख रूप से जिला संगठन मंत्री श्री संतोष मंडावी जी एवं किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष श्री जगदीश नेताम जी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष परवेज खान जी ने कहा कि आम आदमी पार्टी नरहरपुर निकाय चुनाव को पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर दिल्ली और पंजाब मॉडल की तरह शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के मॉडल को जनता तक पहुंचाएं।प्रदेश संगठन मंत्री राजू सलाम ने कहा कि नरहरपुर में संगठन का विस्तार तेजी से हुआ है और आने वाले नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी चौंकाने वाले परिणाम देगी। सभी कार्यकर्ता अभी से वार्ड-वार्ड में सक्रिय हो जाएं।जिला संगठन मंत्री संतोष मंडावी जी एवं किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष जगदीश नेताम जी ने भी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।बैठक में नरहरपुर ब्लॉक एवं नगर के समस्त पदाधिकारी, वार्ड प्रभारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
———————–
✍️
10. हल्बा चौकी में रखी गई शाति समिति की बैठक। क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए।

—आज 03 नवम्बबर को चौकी हल्बा में आगामी दीपावली के उपलक्ष्य में शांति समिति की बैठक रखी गई। जिसमे सभी लोगों से आगामी समस्त त्योहारो में शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की गई है, तथा किसी भी प्रकार की हुल्लड़बाजी ना करने और त्यौहारों में होने वाली समस्यायों के बारे में विचार विमर्श किया गया जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि सरपंच उप सरपंच पटेल कोटवार वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने अपने सुझाव दिये। बैठक में चौकी प्रभारी हल्बा पीयुष कुमार यादव के साथ समस्त स्टाफ एवं क्षेत्र के लोग शामिल हुए।
———————–
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






