———————-
संपादकीय—


✍️मनोज जायसवाल
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
02 नवम्बर 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. कांकेर नगर बस स्टैण्ड में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधानसभा के लोकप्रिय विधायक आशा राम नेताम।

—आज नया बस स्टैंड, कांकेर में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। मंच से अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा- जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली युवाओं के उत्साह, उमंग और रचनात्मक प्रतिभा को करीब से देखने एवं उनका उत्साहवर्धन करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस अवसर पर युवाओं द्वारा अपनी कला, संस्कृति, रचनात्मकता एवं हुनर का शानदार प्रदर्शन किया गया।

फोटो—आयोजन में जिले के कलेक्टर कुंदन कुमार‚सांसद भोजराज नाग‚ कांकेर विधायक आशा राम नेताम।
ऐसे आयोजन न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करते हैं।युवा किसी भी समाज और राष्ट्र की वास्तविक शक्ति होते हैं। उनकी ऊर्जा, सकारात्मक सोच, नवाचार और संकल्प ही विकसित एवं समृद्ध भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं। आज के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर हर क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहे हैं। आवश्यकता है कि उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलता रहे।मेरा विश्वास है कि कांकेर जिले के प्रतिभाशाली युवा अपनी मेहनत, लगन और क्षमता से जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं साधुवाद।
———————–
✍️ 02. जिले में हड़ताली 155 पटवारियों को ब्रेक इन सर्विस का कारण बताओ नोटिस जारी। अनिश्चितकालीन हड़ताल से राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित, किसानों एवं आम नागरिकों को हो रही असुविधा।
—राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए हैं। जिसके कारण राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों और आम नागरिकों को असुविधा हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा हड़तालरत पटवारियों को तत्काल अपने कर्तव्य पर उपस्थित होकर शासकीय कार्यों का संपादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हड़तालरत पटवारियों द्वारा निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने तथा संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में उनके विरुद्ध प्रचलित सेवा नियमों के तहत आगामी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। हड़ताल पर गए जिले के 155 पटवारियों को सेवा में व्यवधान (ब्रेक इन सर्विस) की कार्रवाई के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उल्लेखनीय है कि जिले के पांच राजस्व अनुविभाग कांकेर, चारामा, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ एवं पखांजूर में कुल 175 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें से 155 पटवारी वर्तमान में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल प्रारंभ होने के बाद से अब तक इन पटवारियों द्वारा अपने कर्तव्यों पर उपस्थित होकर शासकीय कार्यों का संपादन प्रारंभ नहीं किया गया है। पटवारियों की लगातार अनुपस्थिति से राजस्व विभाग के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इनमें डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस), गिरदावरी, एग्रीस्टैक पंजीयन, फसल सत्यापन तथा धान खरीदी के लिए किसानों के अभिलेखों का सत्यापन प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों से संबंधित जांच और प्रतिवेदन तैयार करने के कार्यों में भी व्यवधान उत्पन्न हो रही है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को देखते हुए किसानों की भूमि एवं फसल संबंधी जानकारी का समय-सीमा में सत्यापन करना अत्यंत आवश्यक है। गिरदावरी, एग्रीस्टैक पंजीयन और फसल सत्यापन जैसे कार्य धान खरीदी की प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण है।
———————–
✍️ 03.आसुलखार धान खरीदी केंद्र में अनियमितता, दो कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज।
—खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित (लेम्पस) आसुलखार के अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्र आसुलखार में अनियमितता का मामला सामने आया है। आदिम जाति सेवा सहकारी आसुलखार के समिति प्रबंधक श्री परमेश महावीर द्वारा धान खरीदी केंद्र प्रभारी श्री टिकेश्वर पोटाई एवं बारदाना प्रभारी श्री भोज कुमार जैन के विरुद्ध पुलिस थाना भानुप्रतापपुर में 01 नवंबर 2026 को प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कराई गई है।
गौरतलब है कि धान खरीदी केंद्र आसुलखार में अनियमितता की शिकायत प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार गठित जांच दल द्वारा उपार्जन केंद्र का संयुक्त रूप से भौतिक सत्यापन किया गया। भौतिक सत्यापन के दौरान 11 हजार 628 बोरा धान, जिसका कुल वजन 4,651.20 क्विंटल में अनियमितता पाई गई। जिसकी कुल राशि 01 करोड़ 44 लाख 18 हजार 720 रुपए आंकी गई है।
——————-
✍️ 04. आगामी 15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कॉमन धान 2441 और ग्रेड-ए धान 2461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा।
— खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से प्रारंभ होकर 15 जनवरी 2027 तक की जाएगी। इस दौरान किसानों से नगद एवं लिंकिंग के माध्यम से भारत सरकार द्वारा निर्धारित उचित औसत गुणवत्ता (एफ.ए.क्यू.) का धान खरीदा जाएगा। इसके लिए कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिला खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की जाएगी। धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से अधिक होने पर क्रय नहीं किया जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से 24 घंटे टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। निर्धारित व्यवस्था के तहत कुल टोकन में से 70 प्रतिशत टोकन ऐप के माध्यम से तथा 30 प्रतिशत टोकन समिति के माध्यम से जारी किए जाएंगे। टोकन प्राप्त करने के लिए बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा।रकबे के आधार टोकन व्यवस्था के तहत 02 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को एक टोकन, 02 से 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को दो टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन टोकन प्राप्त करने की सुविधा होगी। वहीं 02 एकड़ तक भूमि वाले किसानों के लिए एक टोकन के साथ शेष रकबा स्वतः समर्पित हो जाएगा।
अवैध धान खपाने पर रोक के लिए बनाए गए 13 चेकपोस्ट
समिति एवं उपार्जन केंद्रों में कोचियों और बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान खपाने के प्रयासों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। इसके तहत अनुविभाग एवं विकासखंड स्तर पर उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। साथ ही अंतरराज्यीय सीमा पर 02 तथा जिला स्तर पर 11 चेकपोस्ट सहित कुल 13 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं।
——————-
✍️ 05. बस्तर फाइटर्स भर्ती 2026 : कांकेर जिले के स्थानीय युवाओं के लिए 125 पदों पर भर्ती का अवसर। आज 02 नवंबर से प्रारंभ हो गया आवेदन जो 12 दिसंबर 2026 तक चलेगा।निर्धारित आवेदन पत्र पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय , जिले के समस्त थाना/चौकी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस व कांकेर पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट से नि:शुल्क प्राप्त किए जा सकेंगे। आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में लिये जा रहे आवेदन स्थल पर बेरोजगारों की भीड रही।

फोटो—आज एसपी कार्यालय परिसर कांकेर में बस्तर फाईटर्स के लिए जमा करते बेरोजगार।
—छत्तीसगढ़ शासन, गृह (पुलिस) विभाग की अधिसूचना क्रमांक ESTB-1/762/2025 HOME SECTION दिनांक 31.08.2026 द्वारा अधिसूचित छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल (बस्तर फाइटर्स), फाइटर आरक्षक सेवा भर्ती (भर्ती तथा सेवा की शर्तें) नियम, 2026 के प्रावधानों के अनुसार जिला कांकेर के स्थानीय निवासी पात्र युवाओं से बस्तर फाइटर्स के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
कुल रिक्त पद – 125
जिले के लिए निर्धारित 125 रिक्त पदों का वर्गवार विवरण निम्नानुसार है –
– अनारक्षित वर्ग – 33 पद
– अन्य पिछड़ा वर्ग – 17 पद
– अनुसूचित जाति – 05 पद
– अनुसूचित जनजाति – 70 पद
महत्वपूर्ण तिथियां
– आवेदन प्रारंभ होने की तिथि – 02 नवंबर 2026
– आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि – 12 दिसंबर 2026 (सायं 05:00 बजे तक)
आवेदन जमा करने का स्थान
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरकर कार्यालयीन दिवसों में निर्धारित समयावधि के दौरान निम्नलिखित कार्यालयों में नि:शुल्क जमा कर सकते हैं –
1. कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला कांकेर।
2. कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), भानुप्रतापपुर।
3. कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), अंतागढ़।
4. कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), पखांजूर।
इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी अपना आवेदन पंजीकृत भारतीय डाक के माध्यम से कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला कांकेर (छत्तीसगढ़), पिन कोड – 494334 के पते पर भी प्रेषित कर सकते हैं। आवेदन प्रारूप एवं भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी:- भर्ती के लिए निर्धारित आवेदन पत्र का प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी जिले के समस्त थाना/चौकी,अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध रहेगी।
आधिकारिक वेबसाइट्स: विस्तृत भर्ती नियम एवं सूचना हेतु निम्नलिखित पोर्टल्स का अवलोकन करें:
छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट
https://cgpolice.gov.in कांकेर पुलिस की वेबसाइट https://kanker.cgpolice.gov.in
भर्ती प्रक्रिया में शासन द्वारा निर्धारित आरक्षण संबंधी प्रावधानों एवं दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। रिक्त पदों की संख्या एवं वेतनमान में शासन तथा पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के निर्देशानुसार परिवर्तन किया जा सकता है।
कांकेर पुलिस की अपील करती है—
कांकेर पुलिस द्वारा पात्र स्थानीय युवाओं से अपील की जाती है कि वे बस्तर फाइटर्स भर्ती 2026 से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना आवेदन प्रस्तुत करें। बस्तर फाइटर्स बल में सम्मिलित होकर क्षेत्र की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के इस अवसर का लाभ उठाएं।
——————-
✍️06. कल 03 नवंबर से शुरू होगा बस्तर ओलंपिक, जिले के सभी सात विकासखंडों में 11 खेल विधाओं में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
—छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के सभी सात विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बस्तर ओलंपिक के तहत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित कुल 11 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसमें 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के जूनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ सीनियर वर्ग की महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। विकासखंडवार आयोजन की तिथि एवं स्थल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चारामा विकासखंड में 3 एवं 4 नवंबर को मिनी स्टेडियम चारामा में, अंतागढ़ में 3 एवं 4 नवंबर को उन्मुक्त खेल मैदान में तथा भानुप्रतापपुर में 3 एवं 4 नवंबर को हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसी प्रकार नरहरपुर में 3 एवं 4 नवंबर को उन्मुक्त खेल मैदान में तथा दुर्गूकोंदल में 3 एवं 4 नवंबर को उन्मुक्त खेल मैदान में प्रतियोगिताएं होंगी। इसी प्रकार कांकेर विकासखंड में 4 एवं 5 नवंबर को खेल मैदान सिंगारभाट तथा कोयलीबेड़ा विकासखंड में 4 एवं 5 नवंबर को खेल मैदान पखांजूर में बस्तर ओलंपिक की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बस्तर ओलंपिक ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा। इसके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलने के साथ ही युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा उन्हें भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरणा मिलेगी। जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों से बस्तर ओलंपिक में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।
————————
✍️07.मिशन रक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष बंछोर ने किया निरीक्षण।युवाओं को पुलिस एवं पैरामिलिट्री बलों में भर्ती के लिए किया प्रेरित, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को मिशन रक्षक जर्सी वितरित कर किया प्रोत्साहित।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में कांकेर पुलिस द्वारा संचालित ‘मिशन रक्षक’ के अंतर्गत युवाओं को पुलिस, पैरामिलिट्री बलों एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती हेतु तैयार करने के उद्देश्य से निःशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।इसी क्रम में दिनांक 02.11.2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष बंछोर (रा.पु.से.) ने कोयलीबेड़ा में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली तथा उन्हें नियमित अभ्यास, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप मिशन रक्षक जर्सी वितरित किए गए। साथ ही लिखित परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।मिशन रक्षक के तहत कांकेर पुलिस के प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को नियमित शारीरिक प्रशिक्षण एवं भर्ती प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा श्री निर्मल जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
————————
✍️08. अर्नब तुफान से किसान फसलों के नुकसान से गुजर रहे थे कि पुनः तुफान के चलते हो रही बारिश से पसोपेश में।
—अर्नब तुफान से किसान फसलों के नुकसान से गुजर रहे थे कि पुनः तुफान के चलते हो रही बारिश से पसोपेश में दिखाई दे रहे हैं‚क्या करें क्या ना करें कि स्थिति है‚क्योंकि जो फसल पक चुकी है‚उसे कटाई कर घर ले आएं तो सुखाने के लिए सबसे ज्यादा परेशानी होगी। पुनः मौसम खराब होने से धान ऊपज तो प्रभावित होगी ही धान की क्वालिटी में स्पष्ट अंतर दिखायी देगा।
———————–
✍️09. इस वक्त कांकेर नगर के नरहरदेव ग्राउण्ड पर राज्योत्सव उत्सव चल रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम से बिखरेगी छटा। प्रत्येक स्टाल में विद्युत प्रकाश की उत्तम व्यवस्था।
—
———————–
✍️
10. दीपावली पर्व पर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपरान्ह 3.00 बजे क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों‚ग्राम कोटवार‚गणमान्य नागरिकों पत्रकारों की आवश्यक मीटिंग का आयोजन पुलिस चौकी हल्बा में रखी गई है। नये चौकी प्रभारी ने यह सुचना दी है‚जो सोशल पर भी वायरल हो रही है।
—
———————–
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






