आज की टॉप 10 खबर 28 अक्टूबर 2026 बुधवार

———————-

संपादकीय—

वी. शांताराम जी(फिल्म निर्देशक)

भारतीय सिनेमा के जानेमाने फिल्म निर्देशक की पुण्य तिथि पर सादर नमन …
फिल्म निर्देशक फिल्मकार राजाराम वांकुडरे शांताराम का जन्म महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 18 नवंबर, 1901 को एक जैन परिवार में हुआ था। उनकी प्रमुख फिल्मों में अमर कहानी, अमर भूपाली, झनक-झनक पायल बाजे, दो आंखें बारह हाथ, नवरंग आदि थी।उन्हें वर्ष 1957 में झनक-झनक पायल बाजे के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का फ़िल्मफेयर पुरस्कार दिया गया था। उनकी कालजयी फ़िल्म दो आंखें बारह हाथ के लिए सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म का पुरस्कार प्रदान किया गया। 1985 में भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े पुरस्कार दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया।30 अक्तूबर 1990 को मुंबई में निधन हो गया। और उन्होंने सिनेमा जगत सहित दुनियां को अलविदा कह दिया।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

28 अक्टूबर  2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. पटवारी संघ द्वारा किये जा रहे हडताल पंडाल जाकर भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ने दिया समर्थन।

—राजस्व पटवारी संघ, ब्लॉक इकाई चारामा के धरना स्थल पर पहुंचकर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी के साथ पटवारी संघ की चार सूत्रीय मांगों को जायज ठहराते हुए उनके प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। पटवारी संघ की प्रमुख मांगों में पटवारी संवर्ग से राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति, वर्ष 2017 में ग्रेड पे में संशोधन के फलस्वरूप उत्पन्न वेतन विसंगति का निराकरण, PV एप के स्थान पर DCS के माध्यम से शुद्ध एवं त्रुटिरहित फसल गिरदावरी सुनिश्चित करना तथा आंदोलन की पृष्ठभूमि में की गई निलंबन, स्थानांतरण एवं कारण बताओ नोटिस संबंधी कार्यवाहियों को निरस्त करना शामिल है। विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ने पटवारी संघ की मांगों को जायज बताते हुए उनकी समस्याओं के निराकरण की आवश्यकता पर बल दिया। धरना स्थल पर पहुंचकर उन्होंने पटवारी संवर्ग की मांगों और समस्याओं के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और सरकार से आग्रह किया है कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए पटवारियों के मांगों को जल्द से जल्द पूरी की जाए। इस अवसर पर हिरवेन्द्र साहू अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी चारामा, भुनेश्वर नागराज अध्यक्ष नगर पंचायत चारामा, महेन्द्र नायक कार्यकारी जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस कांकेर, सत्तार खान अध्यक्ष कांग्रेस मंडल जैसाकर्रा,कमलेश रानू सेन पार्षद नगर पंचायत चारामा, संतोष शिन्दे, सुधांशु पांडे आदि उपस्थित रहे

———————–

✍️ 02. बस्तर ओलंपिक में अधिकाधिक भागीदारी के लिए नरहरदेव मैदान में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खिलाड़ियों और युवाओं को किया प्रोत्साहित ।

— बस्तर ओलंपिक के आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा युवाओं और खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज नरहरदेव मैदान में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर द्वारा किया गया। इस दौरान बस्तर ओलंपिक में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने के लिए युवाओं और खिलाड़ियों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा खेलों के माध्यम से युवाओं में उत्साह, अनुशासन, आपसी सहयोग और खेल भावना का विकास करना है। बस्तर ओलंपिक स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनजागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से बस्तर ओलंपिक में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्रीमती सरस्वती बंजारे, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री टी के देवांगन, जनपद पंचायत कांकेर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अश्वनी यादव, डॉ. लोकेश देव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

———————–

✍️ 03. मोर-मितान कांकेर पुलिस अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज  बद्रीनारायण मीणा ने ली जिले के समस्त बीट आरक्षकों की बैठक।‘मोर मितान’ अभियान के तहत प्रभावी बीट पुलिसिंग, जनसंपर्क एवं सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने पर दिया गया जोर।

—गत दिनांक 27 अक्टूबर को जिला कांकेर के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, जगदलपुर बद्रीनारायण मीणा (भा.पु.से.) एवं पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) ने पुलिस लाइन कांकेर के सभाकक्ष में ‘मोर मितान’ कांकेर पुलिस अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त बीट आरक्षकों की बैठक ली। बैठक में बीट आरक्षकों के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों एवं असामाजिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा आमजन से नियमित संपर्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने, जन-जागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस एवं आमजन के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करने पर जोर दिया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने बीट आरक्षकों को कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा एवं जिम्मेदारी से करते हुए प्रभावी सामुदायिक पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अपने बीट क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं सराहनीय पुलिसिंग करने वाले 11 बीट आरक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रहे‚उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, एसडीओपी हरीश पाटिल, डीएसपी सुश्री प्रतिभा लहरे, डीएसपी मुख्यालय सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, रक्षित निरीक्षक गोविन्द वर्मा, रक्षित निरीक्षक दीपक साव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

————————

✍️ 04. टेलीग्राम पर अश्लील वीडियो भेजने एवं प्रैक्टिकल में कम अंक देने की धमकी देने के मामले में मानसिक रूप से परेशान करने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक, जिला उत्तर बस्तर कांकेर  निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण में त्वरित कार्रवाई की गई। दिनांक 27.10.2026 को प्रार्थिया द्वारा थाना सिटी कोतवाली कांकेर में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी पियूष कान्त नेताम, जो प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है, ने दिनांक 25.09.2026 को टेलीग्राम के माध्यम से उसे एक अश्लील वीडियो भेजा था। वीडियो को खोलकर देखने पर अश्लील सामग्री होने के कारण प्रार्थिया ने तत्काल उसे बंद कर दिया। प्रार्थिया के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी उससे अश्लील बातें करता था। प्रोफेसर होने के कारण वह प्रारंभ में उसकी बातों को नजरअंदाज करती रही, किंतु अश्लील वीडियो भेजे जाने तथा प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी से वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 376/2026, धारा 75(2), 75(3), 351(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 67(ए) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी की पतासाजी की गई। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी कृषि महाविद्यालय, कांकेर परिसर में मौजूद है। सूचना के आधार पर सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वरी भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों एवं विवेचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए दिनांक 28.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

 ——————-

✍️ 05.  चक्रवाती अर्नब का असर कांकेर जिले के चारामा विकासखंड में‚ जारी है बारिश।

—बंगाल की खाड़ी में उठे समुद्री चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। हल्की ठंडी हवाओं और रुक-रुककर हो रही बारिश ने वातावरण में ठंडक घोल दी है। कांकेर जिले के चारामा विकासखंड में इस समय काफी असर देखा जा रहा है,जहां अभी लगातार बारिश हो रही है। जिले के पखांजूर‚भानुप्रतापपुर‚कोरर‚नरहरपुर‚जिला मुख्यालय  सभी जगह बारिश हो रही है। चारामा क्षेत्र में विद्‍युत व्यवस्था सुचारू है। बात बस्तर की करे तो  हवाई सेवाओं पर भी असर की खबरें है।

 ——————-

✍️06.पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी पर संकट, पंजीयन अधूरा,29 को किसानों की मांगो को लेकर “आप” सौंपेंगी जिलास्तरीय ज्ञापन।

—छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर 13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने प्रदेश की राजस्व व्यवस्था को गंभीर संकट में डाल दिया है। वहीं पीवी (फिजिकल वेरिफिकेशन) ऐप की तकनीकी खामियों, लंबित वेतन विसंगति, पदोन्नति और पटवारियों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में जारी इस आंदोलन का सीधा असर अब प्रदेश के किसानों और आम जनता पर पड़ रहा है। इन्हीं सभी मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी 29 अक्टूबर 2026 को हर जिले में कलेक्टर के माध्यम से छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री को ज्ञापन सौंपेगी।आम आदमी पार्टी ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर पटवारियों की जायज मांगों और किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

————————

✍️07. त्योहार में महंगाई की मार, गरीब की थाली से गायब हुई रोटी और मिठाई।केंद्र सरकार महंगाई रोकने में फेल, जनता त्रस्त –   व्यास यदु  

—दीपावली का त्योहार नजदीक है, लेकिन बाजार में बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। शिवसेना नेता व्यास यदु ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से लेकर पूरे भारत में महंगाई ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। सरकार हर दिन महंगाई रोकने के दावे करती है, लेकिन जमीन पर दाम लगातार बढ़ रहे हैं। सरकार सिर्फ भाषण दे रही है, गरीब क्या खाएगा इसकी चिंता किसी को नहीं है।

मजदूर की दिहाड़ी 300 और दाल 160 रुपये किलो, घर कैसे चलेगा

व्यास यदु ने कहा कि आज एक मजदूर दिन भर मेहनत करके 250 से 300 रुपये कमाता है। उसी में उसे घर चलाना है, बच्चों को पढ़ाना है, दवाई और राशन लाना है। जब रहर दाल 160 रुपये किलो, चावल 100 रुपये किलो तक बिक रहा है तो गरीब परिवार क्या खाएगा। उन्होंने बताया कि पहले एक गरीब परिवार का महीना 4000 रुपये में चल जाता था, अब 5000 रुपये में भी महीना चलना मुश्किल हो गया है। हर चीज के दाम आसमान छू रहे हैं।

बाजार में हर चीज महंगी, चावल दाल से लेकर शक्कर तक के ये हैं दाम

वर्तमान में बाजार में हर सामान महंगा हो गया है। चावल में काली मूछ 75 से 80 रुपये, एचएमटी 75 रुपये, अब्बा हुजूर 100 रुपये, जय श्रीराम 75 से 80 रुपये और जवा फूल 130 रुपये किलो बिक रहा है। दाल में रहर 160, चना 110, उड़द 150, मूंग 130, देशी चना 90 रुपये किलो है। शक्कर 55 से 60 रुपये किलो हो गई है। इसके अलावा सरसों तेल, नमक, मसाला, दूध, सब्जी, गैस सिलेंडर, दवाई, खाद बीज, डीजल, किताब कापी, कपड़ा सबके दाम बढ़ गए हैं।

किसान दोहरी मार से परेशान, खाद बीज महंगा और ऊपर से बारिश का अलर्ट

किसानों को लेकर चिंता जताते हुए व्यास यदु ने कहा कि किसानों को खाद, बीज से लेकर खेत में डालने वाली दवाइयों तक सब महंगा मिल रहा है। किसान वैसे ही परेशान है और अब मौसम विभाग ने 28 और 29 तारीख को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे छत्तीसगढ़ के किसानों को अतिरिक्त नुकसान होगा। किसान हर तरफ से दर्द सहकर धान और चावल उगाता है, लेकिन दूसरी चीजों के लिए बढ़ती महंगाई से जूझता रहता है और अपना दर्द सरकार तक नहीं पहुंचा पाता। सरकार को चाहिए कि किसान को खाद बीज सस्ता दे और धान का उचित दाम दे।

त्योहार में मिठाई और महंगी होगी, मिलावट का खतरा बढ़ा

त्योहार के समय शक्कर महंगी होने से लड्डू, बर्फी, जलेबी, पेड़ा, गुलाब जामुन, खुरमा, बताशा सब महंगा हो जाएगा। दाम बढ़ने से दुकानदार मिलावट करने लगते हैं। नकली खोवा, खराब तेल, रंग और केमिकल मिलाया जाता है। इसका सीधा असर गरीब परिवार पर पड़ता है, जो अपने बच्चे को एक लड्डू भी नहीं खिला पाता। दुर्ग भिलाई की हाल की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मां दुर्गा डेयरी में एक्सपायरी दूध से पनीर बन रहा था, गुप्ताजी लड्डू हाउस में 250 किलो लड्डू में गलत रंग और केमिकल मिला, मुस्कान फूड फैक्ट्री में गंदगी में सोनपापड़ी, पेड़ा और बर्फी बन रही थी। विभाग ने 2500 किलो मिठाई और 1000 लीटर दूध नष्ट कराया और 3 दुकानें बंद कराई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना कांकेर जिले में न हो, इसके लिए प्रशासन को पहले से अलर्ट रहना चाहिए और मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

गरीब के पास राशन के पैसे नहीं और पिकअप में 4 करोड़ कैश बरामद

महंगाई की मार झेल रही जनता का जिक्र करते हुए व्यास यदु ने कहा कि एक तरफ गरीब जनता एक एक पैसा नहीं जोड़ पा रही है, राशन के लिए 4000 रुपये नहीं हैं, वहीं दूसरी तरफ दुर्ग भिलाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये कैश पकड़ा है। गरीब के पास खाने को पैसे नहीं और 4 करोड़ कैश गुप्त चेंबर में घूम रहा है। यह पैसा कहां से आया और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उसी दिन भाजपा उच्च प्रभारी स्मृति ईरानी का आना हुआ था, ऐसे में यह घटना कई सवाल खड़े करती है। अगर केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई पर रोक नहीं लगाई तो आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी और केंद्र और राज्य की सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।

————————

✍️08.कांकेर जिले में 29 अक्टूबर को भी बंद रहेंगे सभी आंगनबाड़ी केंद्र । बारिश और चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन का निर्णय।

—जिले में बारिश तथा चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव व अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को कांकेर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा।कलेक्टर   कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। बारिश के कारण बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों तक आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानियों और सुरक्षा संबंधी जोखिमों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

 ———————–

 ✍️09.

 

—

———————–

✍️ 10.

— ————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 27 अक्टूबर 2026 मंगलवार

———————- संपादकीय— भारतीय सिनेमा के जानेमाने गीतकार आनंद जी के जन्मदिवस पर… भारतीय हिन्दी फ़िल्मों के मशहूर गीतकार आनंद का जन्म 28 अक्टूबर, 1930 को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी…

आज की टॉप 10 खबर 26 अक्टूबर 2026 सोमवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 26 अक्टूबर  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में  बनाए जा रहे रंभल सेपरेटेड  एवं जेब्रा क्रासिंग…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *