———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
26 अक्टूबर 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में बनाए जा रहे रंभल सेपरेटेड एवं जेब्रा क्रासिंग तो अच्छे पर जानलेवा गढ्ढे दे रहे हादसों को न्यौता ।
—राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में लखनपुरी से कांकेर के बीच आज रंभल सेपरेटेड एवं जेब्रा क्रासिंग बनाने का कार्य चल रहा था,यह तो अच्छा है,लेकिन इसी के आगे आज जिसे नया माकडी कहा जाता है,माखनभोग होटल के सामने कैसे सडक पर जानलेवा गढ्ढे खासकर रात्रि में जानलेवा साबित हो रहे हैं।

फोटो—नये माकडी में माखनभाेग होटल के सामने सडक में गढ्ढे।
चित्र में देख सकते हैं कि सडक के बीच में इस प्रकार के गढ्ढों को सुधार की जेहमत विभाग नही उठा रहा है,तो इससे आगे कानापोंड डिवाईडर से लेकर छात्रावास भवन जहां पिछले दिनों हादसे में 14 गौ-वंशो की मौत हो गई थी, इस साईड में जगह-जगह सडक उखडे हुए हैं।

फोटो— राजमार्ग 30 ईमली मोड के सामने बनाए जा रहे रंभल क्रासिंग।
नीचे चित्र में देख सकते हैं कि नंदनमारा पुल के पास अब हाईमास्ट सोलर लाईट लगा दी गई है,जो कि लगातार बाईपास में हो रही हादसों के मद्देनजर जरूरी था।

फोटो— राजमार्ग 30 कांकेर बायपास‚नंदनमारा पुल से नगर कटिन तिराहे पर हाईमास्ट सोलर लाईट लगाया जाना अच्छी पहल।
राजमार्ग 30 पर इस सकारात्मक पहल की प्रशंसा जरूर बनती है,लेकिन जगह-जगह राजमार्ग में हुए घाव भी भरने की सख्त जरूरत है।
———————–
✍️ 02. कांकेर जिले में 28 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी। गरज-चमक के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं,
हवा के झोंकों की गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना।

—मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कांकेर जिले में 28 अक्टूबर को भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हवा के झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मौसम संबंधी पूर्वानुमान में जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार द्वारा नागरिकों से सतर्क रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए फसलों की कटाई एवं सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करें। तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के पास जाने से बचें। मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी पर नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में सावधानी बरतें।
———————–
✍️ 03. अर्नब चक्रवात के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट, 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने के निर्देश

—अर्नब चक्रवात के संभावित प्रभाव एवं मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को देखते हुए जिला प्रशासन कांकेर द्वारा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर भागवत प्रसाद जायसवाल ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिला एवं तहसील स्तर पर 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने, संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। इसके लिए कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 76479-70445 है। आपात स्थिति में उक्त नंबर पर सम्पर्क किया जा सकता है। इसी प्रकार तहसील मुख्यालयों में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नियंत्रण कक्ष एवं आपातकालीन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
अपर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि वर्षा, जलभराव, सड़क अवरोध, मकान क्षति, जनहानि सहित अन्य घटनाओं की जानकारी संकलित करने के लिए रजिस्टर एवं डिजिटल रिपोर्टिंग व्यवस्था तैयार रखी जाए। सभी संबंधित अधिकारियों के नाम, मोबाइल नंबर एवं वैकल्पिक संपर्क नंबर उपलब्ध रहें। आवश्यकता पड़ने पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ अथवा अन्य सक्षम बचाव एजेंसियों से सहायता लेने की प्रक्रिया भी स्पष्ट रखी जाए। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्क रहने और आपदा पूर्व आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य, विद्युत एवं बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान
स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रखने तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को जर्जर बिजली खंभों, झूलते तारों एवं बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की शाखाओं से होने वाले संभावित नुकसान की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग एवं अन्य निर्माण एजेंसियों को सड़कों, पुल-पुलियों की सतत निगरानी रखने तथा कटाव, सड़क क्षति एवं जलभराव की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जल संसाधन विभाग को बांधों में जलभराव की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के लिए कहा गया।
स्कूलों, छात्रावासों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की सुरक्षा जांचने के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी, आदिवासी विकास विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को स्कूलों, छात्रावासों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों की सुरक्षा जांचने के निर्देश दिए गए। कमजोर छतों, जर्जर भवनों एवं जलभराव वाले परिसरों की पहचान कर आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम चेतावनी एवं स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर शैक्षणिक संस्थानों के संचालन अथवा अवकाश के संबंध में प्रस्ताव कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को ग्राम पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों को सतर्क रखने तथा स्थानीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसी प्रकार खाद्य विभाग को उचित मूल्य की दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
किसानों एवं पशुधन की सुरक्षा के लिए समय रहते करें उपाय
कृषि एवं पशुपालन विभाग को किसानों को मौसम संबंधी सलाह समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पशुओं को खुले मैदानों, नदी-नालों एवं अन्य असुरक्षित स्थानों से हटाकर सुरक्षित आश्रय में रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार पशु चिकित्सा दलों को तैयार रखने को कहा गया है।
बचाव दलों को तैयार रखने और जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर
आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पुलिस, स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। नगर सेना, होमगार्ड, अग्निशमन दल एवं बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों सहित तैयार रखने को कहा गया। अपर कलेक्टर श्री जायसवाल ने जनसंपर्क माध्यमों एवं मुनादी के जरिए आम नागरिकों को मौसम संबंधी चेतावनियों से अवगत कराने, सतर्कता बरतने तथा बदलती परिस्थितियों के संबंध में समय-समय पर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा है।
————————
✍️ 04. कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में 40 आवेदन प्राप्त। शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश।

— कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। नव पदस्थ अपर कलेक्टर भागवत प्रसाद जायसवाल ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम कुड़ालठेमली निवासी दाऊलाल सोनवानी ने नवीन हैण्डपंप स्थापित तथा भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बांसला के सरपंच ने ग्राम पंचायत में निर्माण कार्य स्वीकृत तथा अन्य ग्रामीणों द्वारा ग्राम बांसला में ही नवीन धान केंद्र खोलने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने अंत्योदय राशन कार्ड, अतिक्रमण हटाने, किसान सम्मान निधि के राशि दिलाने, आर्थिक सहायता प्रदान करने, अतिक्रमण भूमि का कब्जा हटाने, प्रधानमंत्री आवास पात्रता सूची में नाम जोड़ने, श्रम सम्मान राशि प्रदान करने, पेंशन राशि दिलाने, मुख्यमंत्री सहायता योजना के तहत राशि दिलाने, नौकरी दिलाने, नक्शा-खसरा और फौती नामांतरण सहित विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर श्री जायसवाल ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
अनुभाग मुख्यालयों में जनदर्शन की पहल से नागरिकों को मिल रही सुविधा
कलेक्टर कुन्दन कुमार की पहल पर जिले के सभी अनुभाग मुख्यालयों में प्रत्येक शुक्रवार को जनदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी शुरुआत गत शुक्रवार से हुई है, जिससे दूरस्थ विकासखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को अपनी समस्याओं और मांगों के संबंध में आवेदन प्रस्तुत करने के लिए जिला मुख्यालय कांकेर तक आने की आवश्यकता कम होगी। अनुभाग मुख्यालयों में जनदर्शन की व्यवस्था शुरू होने से नागरिकों को अपने नजदीकी स्तर पर ही अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिल रहा है। प्रत्येक शुक्रवार को अनुभाग मुख्यालयों में आयोजित होने वाले जनदर्शन होने से विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों के समय, श्रम और यात्रा व्यय की बचत होगी तथा उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रानू मैथ्यूज एवं श्री टीकाराम देवांगन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
——————-
✍️ 05.प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश के लिए चतुर्थ काउंसलिंग की चयन सूची जारी। चयनित विद्यार्थियों को 30 अक्टूबर तक लेना होगा प्रवेश।
—मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चतुर्थ काउंसलिंग के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी कर दी गई है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट क्रम में तैयार चयन सूची आदिवासी विकास विभाग की वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर प्रदर्शित की गई है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुश्री जया मनु ने बताया कि चयनित छात्र-छात्राओं को 30 अक्टूबर तक अपने चयनित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश लेना अनिवार्य होगा। प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विद्यालय में उपस्थित होना होगा। प्रवेश के समय विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होने की अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा लागू होने की स्थिति में विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा प्रवेश की पात्रता होने पर दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउन्टर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। विद्यार्थियों के चयनित प्रयास आवासीय विद्यालयों में संस्था परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
——————-
✍️06. बस्तर ओलंपिक के प्रचार-प्रसार के लिए 28 अक्टूबर को कांकेर में होगा जन-जागरूकता अभियान।
—बस्तर ओलंपिक 2026 में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा जिले के युवाओं और खेल प्रेमियों को प्रतियोगिता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कांकेर द्वारा 28 अक्टूबर, बुधवार को एक दिवसीय जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 6.30 बजे से नरहरदेव स्कूल खेल मैदान कांकेर में होगा। अभियान के दौरान बस्तर ओलंपिक 2026 के अंतर्गत शामिल विभिन्न खेल विधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, खेल संघों एवं संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों, प्रेस-मीडिया प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, खेल प्रेमियों तथा आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। साथ ही बस्तर ओलंपिक 2026 में सहभागिता के लिए अधिक से अधिक युवाओं को पंजीयन कराने हेतु प्रेरित करने का आग्रह किया गया है।
————————
✍️07. जिला स्तरीय युवा उत्सव 29 अक्टूबर को, प्रतिभागियों को मिलेगा राज्य स्तर पर जाने का अवसर। नया बस स्टैंड स्थित डोम में सुबह 10 बजे से होगा आयोजन, सफल संचालन के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी।
—छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार कांकेर जिले में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर गुरुवार को किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से नया बस स्टैंड स्थित डोम कांकेर में आयोजित होगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव में चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
युवा उत्सव के सफल आयोजन एवं संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं व्यायाम अनुदेशकों को जिम्मेदारियां सौंपा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी को व्यवस्था समिति का संयोजक तथा नवनीत पटेल और केजू राम सिन्हा को सह-संयोजक बनाया गया है। वहीं, उद्घोषक समिति में गुलराज शर्मा, के.एन. गजबल्ला और लोकेश साहू को दायित्व सौंपा गया है।कार्यक्रम में प्रतिभागियों के स्वागत, स्वास्थ्य एवं प्राथमिक उपचार, पेयजल, स्वच्छता, भोजन तथा ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था के लिए भी अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। इन समितियों में जिला खेल अधिकारी टी.आर. देवांगन, सहायक संचालक शिक्षा एसपी कोसरे एवं प्रकाश सेन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किशोर कुमार धु्रव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमंत कुमार नेताम सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभिन्न विधाओं में होगा प्रतिभागियों का चयन
जिला स्तरीय युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज तथा पारंपरिक एवं विविध वेशभूषा जैसी विधाओं से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष संचालन के लिए निर्णायकों की नियुक्ति भी की गई है। इसके साथ ही परिणाम संग्रहण एवं पंजीयन प्रपत्रों की जांच के लिए समिति गठित की गई है। युवा उत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजन से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
————————
✍️08. कांकेर नगर से सटे कोकपुर में आयोजित त्रि-दिवसीय मानसगान प्रतियोगिता में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज ग्राम कोकपुर में आयोजित राज्य स्तरीय त्रि-दिवसीय मानसगान प्रतियोगिता में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए मानस मंडलियों के कलाकारों द्वारा भगवारन श्रीराम की महिमा के गुणगान एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

मंच से कहा- ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपराओं को संरक्षित किये जाने, रामचरितमानस के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने तथा समाज में सद्भाव और एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रभु श्रीराम की कृपा सभी क्षेत्रवासियों पर बनी रहे और हमारी समृद्ध संस्कृति निरंतर आगे बढ़ती रहे। उन्होंने लोगों के साथ भगवान श्रीराम की आरती की।
———————–
✍️09. जिले में ठंड की आहट। मार्निंग वाक चलने वालों की संख्या बढी पर जंगली भालुओं का डर भी।
—
———————–
✍️
10. जिले के चारामा विकासखंड अंतर्गत महानदी के टांहकापार घाट में पुल की स्वीकृति पश्चात भुमिपूजन के लिए प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने प्रतिनिधी मंडल रायपुर गया था‚ लेकिन मुख्यमंत्री के बसना प्रवास होने के चलते नहीं मिल सके। अब पुनः रायपुर जाकर मुलाकात करेंगे महानदी संघर्ष समिति एवं क्षेत्रवासी।
—
————————
विशेष—
30 अक्टूबर को मनाया जाएगा ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’, जारी होगी 24वीं किस्त
— प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को बनासकांठा (गुजरात) से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त पात्र हितग्राहियों को जारी की जाएगी। इस अवसर पर देशभर में ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ मनाया जाएगा तथा राज्य, जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






