आज की टॉप 10 खबर 23 अक्टूबर 2026 शुक्रवार

———————-

संपादकीय
 रेल का नहीं,कांकेर मुख्यालयवासीयों को फोरलेन का इंतजार

छत्तीसगढ के प्रमुख शहर फोरलेन मार्ग से जुड चुका है‚ अब इंतजार है‚तो बस्तर तक फोरलेन की‚जिसकी घोषणा तो हो चुकी है‚लेकिन संभवतया क्रियान्वयन धीमा है कि अभी तक उच्च डीपीआर का कार्य भी पूरा नहीं हाे सका है। फोरलेन कार्य पर ही हालांकि विभागीय व्यस्तता हो लेकिन इतनी भी देरी कि लोगों का सब्र जवाब देने लगा है‚जिसके चलते सडकों के किनारे बसे लोग भविष्य की योजनाएं नहीं बना पा रहे। आजादी के कई दशक बीत गए पर कांकेर जिला मुख्यालय रेल सुविधा से महरूम है।अभी तक डीपीआर पूरा नहीं हो पाने की बात‚फिर चारामा सहित अन्य जगहों के बायपास कार्य के चलते क्रियान्वयन आगे नहीं बढने की बात भी सुनी जाती रही है‚लेकिन खाका क्या हैॽ क्या आने वाले वर्ष 2027 में भी फोरलेन का कार्य शुरू होते देख सकेंगे या नहीं यह स्पष्टया कोई नहीं बता रहा है।

रायपुर से रावघाट और कुरूद तक पूरा होने के बाद अब धमतरी तक बडी रेल का इंतजार हो रहा है, कुछ ही समय बाद यह भी पूरा हो जाएगा, लेकिन कांकेर जिला मुख्यालय एवं क्षेत्र अब फोरलेन का इंतजार कर रहा है। लोग अब जिला मुख्यालय तक रेल की बात भी नहीं सोचते। बहुत हो चुकी उपेक्षा ! रेल दूर की बात अब पूर्व की तरह आने वाले चुनाव में फिर से सिर्फ रेल पर टीवी चैनलों में डिबेट देखी जायेगी जैसा देखते आ रहे हैं।अब इस क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि रेल नहीं तो फोरलेन कार्य तो जल्द शुरू हो ! लेकिन…किंतु..परंतु यहां भी हो रहा है। विभाग की माने तो तकनीकी कार्यों की प्रगति देखें तो ऐसा नहीं लगता कि बहुत जल्द ही धमतरी से जगदलपूर तक फोरलेन का कार्य शुरू हो जाएगा। विभागीय अधिकारी अभी भी डीपीआर प्रगति की जानकारी दे रहे हैं। जैसा कि सशक्त पथ संवाद,कांकेर टॉप 10 न्यूज संपादक मनोज जायसवाल को बताया कि अभी भी डीपीआर फायनल नहीं हुआ है।
डीपीआर फायनल होने के बाद ही टेंडर लगेगा। अब जब उच्च डीपीआर ही फायनल नहीं हुआ है तो टेंडर में देरी होगी ही। जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग 30 किनारे प्रभावितों के खातों में विभाग कब की राशि डाल चुका है,जिन्होंने अपना निर्माण भी कर लिया लेकिन सडक किनारे किसी ने अपना निर्माण नहीं तोडा। तोडेगा भी क्यों जब अभी कार्य ही शुरू नहीं हुई। तत्संबंध में एक उच्च अधिकारी ने बताया कि मुआवजा तो दिया जा चुका है,तोडना है तो तोड सकते हैं,लेकिन उनकी तरफ से तो फोरलेन निर्माण शुरू होने के बाद ही नोटिस देकर तोडने की कार्रवाई करेंगे। लखनपुरी में ओवरब्रिज नहीं बनेगा,संभावना धमतरी से लगे पुरूर की है। कुल मिलाकर ऐसा लग रहा है कि आने वाले वर्ष 2027 के शुरू में तो नहीं अपितु अंत तक ही कुछ कहा जा सकता है। लेकिन लोगों को कुछ जानकारी नहीं होने के चलते जैसा कि कानाफुंसी चर्चा होती है,वह हो रही है। जिला मुख्यालय कांकेर रेल से जब जुडे तब लेकिन पहले पहल फोरलेन से तो जुडे।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

23 अक्टूबर  2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01.कांकेर में दिव्यांग बच्चों के लिए आकलन एवं मूल्यांकन शिविर आयोजित। 374 बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, 282 के बने दिव्यांगता प्रमाण पत्र।

—समग्र शिक्षा संचालक एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एलिम्को कानपुर तथा स्वास्थ्य विभाग कांकेर के सहयोग से जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के लिए आकलन एवं मूल्यांकन शिविर आयोजित किए गए। शिविर कांकेर, भानुप्रतापपुर एवं कोयलीबेड़ा विकासखंड मुख्यालयों में आयोजित हुए। इनका उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की दिव्यांगता का आकलन कर उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना तथा आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए चिन्हांकित करना था।

374 दिव्यांग बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
जिले में आयोजित शिविरों में कुल 374 दिव्यांग बच्चों ने सहभागिता की। विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार अंतागढ़ से 30, भानुप्रतापपुर से 59, चारामा से 35, दुर्गूकोंदल से 29, कांकेर से 73, कोयलीबेड़ा से 78 तथा नरहरपुर से 70 बच्चे शिविर में शामिल हुए। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी दिव्यांगता का आकलन किया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय कांकेर के विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से 282 बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। वहीं, एलिम्को कानपुर की विशेषज्ञ टीम ने 91 बच्चों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हांकित किया तथा आवश्यक माप लिया। शिविर में ही प्रमाण पत्र बनाए जाने से बच्चों एवं उनके अभिभावकों को आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों में जाने की परेशानी से राहत मिली।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया परीक्षण
शिविर में जिला चिकित्सालय कांकेर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ईएनटी विभाग से  विजय उसेंडी एवं  बी.डी. नाग, नेत्र रोग विशेषज्ञ श्रीमती सरिता कुमेटी, अस्थि रोग विशेषज्ञ  अमन गोयल,  लोकेश देव एवं   अरविंद कोर्राम तथा मेडिसिन विभाग से  अरमान मिश्रा एवं श्री धीरज मजूमदार ने बच्चों की दिव्यांगता के आकलन और प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया।इसी प्रकार एलिम्को कानपुर से आए विशेषज्ञ   पिंटू कुमार,   ऋतिक कुमार एवं  नवचेतन सहित अन्य सदस्यों ने बच्चों की आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए माप लिया। विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी गई।

समावेशी शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने की पहल
शिविर के माध्यम से पात्र बच्चों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी पहल की गई। आयोजन में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समग्र शिक्षा के अधिकारियों, विशेष शिक्षकों, बीआरसी कार्यालय के कर्मचारियों तथा संबंधित विद्यालयों के संस्था प्रमुखों का सराहनीय सहयोग रहा। विभिन्न विभागों के समन्वय से शिविर का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।जिला शिक्षा अधिकारी   एवं जिला मिशन समन्वयक   नवनीत पटेल ने ऐसे शिविरों को दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को समय पर चिकित्सकीय परीक्षण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में मददगार हैं।

———————–

✍️ 02. नर्सिंग और कम्प्यूटर कोर्स में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए काउंसलिंग 26 को।

— जिले के बेरोजगार युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने एवं उन्हे आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार स्व-रोजगार से जोड़कर उन्हे सक्षम बनाने के लिए लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में 30-30 सीटों में जनरल ड्यूटि असिस्टेंट (नर्सिंग) एवं डेस्कटॉप पब्लिषिंग (कम्प्यूटर) कोर्स में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण के लिये 26 अक्टूबर को लाईवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में प्रातः 10 से शाम 04 बजे तक कांउसलिंग का आयोजन किया गया है। जिले के ऐसे युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है जो इस प्रशिक्षण से जुड़कर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, 02 पासपोर्ट साईज फोटोग्रॉफ, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय में कांउसलिंग में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते है।

———————–

✍️ 03. पैरालीगल वॉलंटियर्स को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए दिया गया प्रशिक्षण।

—राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांकेर के मार्गदर्शन में आज जिला न्यायालय कांकेर में पैरालीगल वॉलंटियर्स के लिए साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस विभाग के साइबर सेल के विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध, सिम स्वैप, सिम सस्पेंड, टू-स्टेप वेरिफिकेशन तथा बैंकिंग संबंधी साइबर धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही बैंक खाते, एटीएम, यूपीआई एवं ओटीपी को सुरक्षित रखने, संदिग्ध कॉल और लिंक से सतर्क रहने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया खातों को सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों ने साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrim.-gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पैरालीगल वॉलंटियर्स को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना है, ताकि वे आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाकर उन्हें संभावित ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए जागरूक कर सकें। इस पहल से आमजन में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम में सहयोग मिलने की उम्मीद है।

————————

✍️ 04. कलेक्टर  कुन्दन कुमार की पहल से जिले के सभी सातों विकासखंडों में आयोजित हुआ जनदर्शन। कांकेर, चारामा, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़, दुर्गूकोंदल और कोयलीबेड़ा में सुनी गईं आम नागरिकों की समस्याएं। स्थानीय स्तर पर समस्याओं के निराकरण की पहल, नागरिकों को जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता होगी कम।

 —आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और प्रशासन को जनसामान्य के और करीब लाने के उद्देश्य से कलेक्टर   कुन्दन कुमार की पहल पर आज जिले के सभी सातों विकासखंडों में जनदर्शन का आयोजन किया गया। इसके तहत कांकेर, चारामा, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़, दुर्गूकोंदल और कोयलीबेड़ा में आम नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं। जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखने के लिए स्थानीय स्तर पर ही मंच उपलब्ध कराया गया। इससे लोगों को अपनी शिकायतों के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता कम होगी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं रखने में सुविधा मिलेगी। विकासखंड मुख्यालयों में आयोजित जनदर्शन में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्रतानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों पर समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर   कुन्दन कुमार की इस पहल का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को आम नागरिकों के और करीब पहुंचाना, शिकायतों के निराकरण में तेजी लाना तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। स्थानीय स्तर पर जनदर्शन आयोजित होने से नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सुगम और सुलभ मंच उपलब्ध हो रहा है।
 ——————-

✍️ 05. शराब सेवन कर स्कूल आने और शिक्षकों से अभद्र व्यवहार की शिकायत पर भृत्य निलंबित।

 — भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बांसकुण्ड के सरपंच एवं ग्रामवासियों द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बांसकुण्ड में पदस्थ भृत्य  अभिषेक भारतद्वाज के विरुद्ध की गई शिकायत की जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री भारतद्वाज के विरुद्ध शाला में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहने, विद्यालय के अन्य शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा शराब का सेवन कर शाला में उपस्थित होने की शिकायत सेवा संकल्प शिविर में की गई थी। शिकायत की जांच के लिए गठित जांच दल ने आरोपों की जांच की, जिसमें शिकायत की पुष्टि हुई। संबंधित कर्मचारी का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उपनियम (1), (2) एवं (3) के विपरीत तथा कदाचार की श्रेणी में पाया गया। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत श्री अभिषेक भारतद्वाज को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड दुर्गूकोंदल निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

——————-

✍️06. मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित।

—मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थियों से 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान एवं निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थानों जैसे आईआईटी, एआईआईएमएस, आईआईएम, एनएलयू, एमबीबीएस, नीट, आईआईआईटी में चयन एवं प्रवेश के उपरांत तात्कालिक सहायता उपलब्ध कराना है।आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित प्रपत्र में ऑफलाइन आवेदन कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कांकेर में 30 अक्टूबर तक जमा करना होगा। आवेदन पत्र का प्रारूप कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कांकेर से अथवा विभागीय पोर्टल https://eklavya.cg.nic.in/ से प्राप्त किया जा सकता है। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

 ————————

✍️07. ध्वनि प्रदूषण रहित एवं सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप दुर्गा विसर्जन संपन्न कराने वाली चार दुर्गोत्सव समितियों को कांकेर पुलिस ने किया सम्मानित।

—कांकेर पुलिस द्वारा जिले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, व्यवस्थित तथा निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर   हरीश पाटिल द्वारा दुर्गा विसर्जन के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने, निर्धारित समय-सीमा का पालन करने तथा धार्मिक आयोजनों की सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने में सहयोग प्रदान करने वाली चार दुर्गोत्सव समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इन चार समितियों को किया गया सम्मानित—1. श्री श्री कालिका महोत्सव समिति, राजापारा।2. श्री श्री संगम दुर्गोत्सव समिति। 3. नवजोत दुर्गोत्सव समिति, आमापारा 4. जवाहर वार्ड दुर्गोत्सव समिति,आंग्ल वैदिक स्कूल।उक्त समितियों द्वारा दुर्गा विसर्जन के दौरान धुमाल, डीजे एवं प्रेशर हॉर्न जैसे तेज ध्वनि वाले साधनों के उपयोग से संबंधित प्रतिबंधों एवं पुलिस प्रशासन की समझाइश का पालन करते हुए विसर्जन कार्यक्रम निर्धारित समय से पूर्व संपन्न कराया गया। समितियों द्वारा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने तथा विसर्जन को सांस्कृतिक स्वरूप में संपन्न कराने के लिए किए गए सहयोग की कांकेर पुलिस ने सराहना की।इस अवसर पर सम्मानित समितियों के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कांकेर पुलिस ने भी समितियों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इसी प्रकार जिम्मेदारी एवं सहयोग की भावना बनाए रखने की अपेक्षा की है।

————————

✍️08. ग्राम बड़ेगौरी में धारदार चाकू लेकर घूम रहे 03 युवकों के विरुद्ध कार्रवाई, 01 आरोपी गिरफ्तार एवं 02 विधि से संघर्षरत बालकों पर वैधानिक कार्रवाई।ग्राम बड़ेगौरी में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमकाने की सूचना पर चारामा पुलिस की त्वरित कार्रवाईपुलिस ने घेराबंदी कर 03 युवकों को पकड़ा, कब्जे से 03 धारदार चाकू बरामद।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को थाना चारामा पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बड़ेगौरी में तीन युवक अपने पास धारदार चाकू रखकर संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं तथा आने-जाने वाले लोगों को धमका रहे हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना चारामा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ा गया। इस संबंध में थाना चारामा में अपराध क्रमांक 220/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 03 धारदार चाकू बरामद कर जब्त किए गए। साथ ही एक स्कूटी वाहन क्रमांक CG 19 BD 5598 भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी में— भूपेन्द्र उर्फ सूरज कवाची, पिता बुधराम कवाची, उम्र 19 वर्ष, निवासी बड़ेगौरी, थाना चारामा, जिला कांकेर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, अन्य दो के नाबालिग होने के कारण उनके विरुद्ध विधि के अनुरूप कार्रवाई की गई।

जब्त सामग्री का विवरण में— 1. काले रंग के कवर वाला धारदार चाकू — कुल लंबाई 27 सेमी, चौड़ाई 3 सेमी।2. लोहे का धारदार चाकू — लंबाई 33 सेमी, चौड़ाई 3 सेमी।3. लोहे का धारदार चाकू 25 सेमी और चौड़ाई 2.5सेमी।4. स्कूटी वाहन क्रमांक CG 19 BD 5598।उक्त कार्रवाई में थाना चारामा के निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, सहायक उपनिरीक्षक माखन नागवंशी, सहायक उपनिरीक्षक दुष्यंत दीवान, प्रधान आरक्षक लोकेन्द्र सोनवानी, नरेन्द्र नागेश तथा आरक्षक भागीरथी मण्डावी एवं शंकर खुंटे का विशेष योगदान रहा।

———————–

 ✍️09.पैसे के विवाद में युवक को बंधक बनाकर लोहे की वजनदार पट्टी से मारपीट कर जान से मारने का प्रयास करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।  

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में एवं अनुभाग पुलिस अधिकारी श्री हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रार्थी निर्भय श्रीवास्तव, उम्र 26 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोडेजुंगा चौक, कांकेर द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 19.10.2026 को दोपहर लगभग 12:20 बजे मांझापारा कांकेर स्थित अशोक ग्लासेस दुकान में पैसे के विवाद को लेकर मनीष सेरवानी एवं अमन मंडावी उर्फ आमीन ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 364/2026, धारा 296, 118(2), 351(3), 127(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों की पतासाजी कर उनसे पूछताछ की । आरोपियों ने अपने कथनों में पैसे के विवाद को लेकर घटना के दिन युवक को दुकान की दूसरी मंजिल पर ले जाकर मारपीट करने की बात बताई।

घटना में प्रयुक्त लोहे की वजनदार पट्टी को दिनांक 23.10.2026 को गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया गया। इसके पश्चात दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में—
1. मनीष सेरवानी पिता – स्व. अशोक सेरवानी, उम्र 44 वर्ष निवासी – गोविंदपुर, थाना कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।2. अमन मंडावी उर्फ आमीन पिता – विष्णु राम मंडावी, उम्र 21 वर्ष निवासी – शिवनगर, कांकेर, थाना कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।जब्त संपत्ति में— – घटना में प्रयुक्त लोहे की वजनदार पट्टी – 01 नग। – निरीक्षक जितेन्द्र साहू, थाना प्रभारी कांकेर- सहायक उप निरीक्षक भीखम साहू‚ प्रधान आरक्षक कौशल साहू‚ आरक्षक अनिल मरकाम‚ आरक्षक देवदत्त कडियाम‚- आरक्षक पुरन साहू‚

———————–

✍️ 10. नगर प्रवेश पूर्व नंदनमारा नये पुल कटिन के पास सोलर लाईट लगाये जाने से दूर होगा अंधेरा।

—कांकेर नगर प्रवेश पूर्व नंदनमारा के नये पुल के बाद जहां बायपास मार्ग प्रारंभ होता है, नगर प्रवेश करने वाले मार्ग पूर्व ही अंधेरा व्याप्त होता था,जिसके चलते हादसे की आशंका बनी रहती थी। अब यहां हाईमास्ट सोलर लाईट लगाये जाने से आम आवाजाही करने वालों को परेशानियों का सामना नहीं करना पडेगा। लोगों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की है।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

रेल का नहीं,कांकेर मुख्यालयवासीयों को फोरलेन का इंतजार

(मनोज जायसवाल) कांकेर(सशक्त पथ संवाद)। छत्तीसगढ के प्रमुख शहर फोरलेन मार्ग से जुड चुका है‚ अब इंतजार है‚तो बस्तर तक फोरलेन की‚जिसकी घोषणा तो हो चुकी है‚लेकिन संभवतया क्रियान्वयन धीमा…

आज की टॉप 10 खबर 22 अक्टूबर 2026 गुरूवार

———————- संपादकीय ”विचार,व्यवहार,सरोकार साबित करते,आपकी श्रेष्ठता” —आज के आधुनिक जीवनचर्या में सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक प्रमुख अंग बन चुका है। ऐसा माध्यम जिसके चलते हम सामाजिक जुड़ाव पाते हैं। एक…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *