आज की टॉप 10 खबर 24 अक्टूबर 2026 शनिवार

———————-

संपादकीय
टूटी चीजें अशुभ कैसे?

अमूमन टूटी हुई चीजों के तारतम्य खासकर किसी मुर्ति का जरा भी खंडित होना शुभ नहीं माना जाता। कल तो दीपावली पूजन अवसर पर नियम यह भी बताया जा रहा था,कि छोटी मुर्ति बीच से खाली नहीं होना चाहिए। कांच के टूटने के संबंध में काफी बातें सुनायी देती है।कांच का टूटना शुभ नहीं माना जाता। कांच के टूटने का संबंध इंसान के दिल टूटने से जोड़ा गया और इस पर कला जगत में कई गीत भी लिखे गये। सीधे अर्थों में कहें तो टूटी हुई चीजें आज इस सभ्य समाज में वो अशुभ चीजे हैं,जिसे रखना दूर देखने भर मात्र से ही नकारात्मक ऊर्जा आने लगती है। टूटी चीजें घर क्या मंदिर में जरा भी नहीं रखने के विधान बताये जाते हैं।सवाल यह कि किस कदर यही सभ्य,साभ्रांत इंसान जो टूटी चीजों को रखने मात्र से ही शुभ नहीं मानता वही मंदिरों में कैसे टूट कर जाता है और मूर्ति के सामने भगवान से उनकी मनोकामना पूरी किये जाने की मनौती मांगता है। इन दिनों कथावाचक भी टूटी चीजों के लिए विधान बताते हैं,दूसरी ओर उन्हीं के सामने टूटे इंसान को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए सलाह देते नजर आते हैं।जहां कोई महिला अपने पति के शराब पीने,दुर्व्यसनों से तो लड़ाई झगड़े के चलते अलग रहने विवश हैं जैसी तमाम सवालात सुनायी देते हैं। यह निश्चित है कि भौतिक चीजें ही टूटा करती है,निश्चित रूप से भी कि टूटी वस्तुएं किसी को प्रिय नहीं हो सकती। आप भी मानते हैं कि टूटी चीजें किसी को नहीं भाती तो आप भी मंदिरों में टूट कर नहीं अपितु जुड़े रह कर जाएं।
तमाम आकांक्षाओं को उनके ऊपर जैसे कि आपकी आस्था है,उसके अनुरूप स्वयं की समस्या अपने तक रखे और उन्हें आशीर्वाद बनाए रखने की कामना करें। जब आप यह कहते हैं कि मंदिरों,घरों में टूटी चीजें नहीं रखनी चाहिए तो आप भी टूट कर ना जायें।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

24 अक्टूबर  2026 शनिवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01.वनांचल में कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार, मंत्री  केदार कश्यप ने दो नई बसों को दिखाई हरी झंडी।

—मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत कांकेर जिले में ग्रामीण परिवहन सुविधा के विस्तार की दिशा में आज दो नए बस मार्गों पर सेवा शुरू हुई। परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भानुप्रतापपुर-कोरर और भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीणों के लिए तहसील, जनपद और अन्य प्रमुख केंद्रों तक पहुंचना आसान होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, हाट-बाजार और शासकीय कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।जिले में इन दो नए मार्गों पर बस सेवा शुरू होने से पहले से संचालित 10 मार्गों के माध्यम से भी ग्रामीण क्षेत्रों को परिवहन सुविधा मिल रही है। इनमें चारामा-आमाबेड़ा, कोरर-डौंडी, कांकेर-अंतागढ़, कोयलीबेड़ा-आलपरस, कोरर-भानुप्रतापपुर, कोरर-कांकेर, दुधावा-धमतरी, गुर्दाटोला-भानुप्रतापपुर, कोरर-कांकेर के दूसरे मार्ग तथा भानुप्रतापपुर-कोदापाखा मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों पर बसों के संचालन से विभिन्न गांवों के लोगों को मुख्य मार्गों और प्रमुख केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है।

चारामा-आमाबेड़ा मार्ग पर सुकलापा, बेलादी, खड़कागाँव, धनतुलसी, साल्हेवारा, कुरूस्टीकुर, कोदागाँव, पोटगाँव, बागडोंगरी, जामबहार, लिलेझर, बरकघार और चावड़ी जैसे गांव जुड़े हैं। कोरर-डौंडी मार्ग पर भर्रीटोला, परसोदा, बेनोदा, मंगलतराई, चिहरो, आमाडुला, पुरी, भोथा, किशनपुरी और सेलेगाँव तक बस सुविधा उपलब्ध है। कांकेर-अंतागढ़ मार्ग पर मर्दापोटी, मलांजकुडुम, गुमझीर, उसेली, निलझर और बाडेजोरी सहित गांवों को परिवहन सुविधा मिलती है, जबकि कोयलीबेड़ा-आलपरस मार्ग कोयलीबेड़ा, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर और कोरर को जोड़ता है।

इसी तरह कोरर-भानुप्रतापपुर मार्ग पर किसानपुरी, सेलेगाँव, मेनखेड़ा, नरसिंगपुर, साल्हे और कच्वे तक बस सेवा संचालित है। कोरर-कांकेर मार्ग पर हाटकर्रा, तरांदुल, आमाबेड़ा, उसेली, मलांजकुडुम, मरदोपोटी और मनकेसरी के ग्रामीणों को सुविधा मिल रही है। दुधावा-धमतरी मार्ग पर दुधावा, सरोना, धनेसरा, नरहरपुर, उमरादाह, तारसगाँव, लखनपुरी, चारामा और पुरूर तक बस सेवा उपलब्ध है। गुर्दाटोला-भानुप्रतापपुर मार्ग पर कराकी, जाड़ेखुर्से, परभेली, सोनाडाही, लोहतार, दमकसा, गादुलमुड़ा, सेवनी कालागाँव, हाटकोंदल और बोगर जैसे गांव जुड़े हैं। कोरर-कांकेर के दूसरे मार्ग पर कांकेर, सरोना, दुधावा, बेलर, नगरी और दरिपार सहित क्षेत्रों को जोड़ने वाली सेवा का उल्लेख है। वहीं, भानुप्रतापपुर-कोदापाखा मार्ग पर साल्हे, कच्चे, हाटकोंदल, कलगाँव, सिओनी, गोदुलमुण्डा, दमकसा, बरहेली, चेमल, हानपतरी और मेड़ो तक बस सुविधा उपलब्ध है।

नये बस मार्ग
अब भानुप्रतापपुर से कोरर तक 68 किलोमीटर लंबे नए बस मार्ग पर हाटकोंदल, बोगर, सम्बलपुर, घोड़ाबत्तर, मालापार, केंवटी, जनकपुर, भेजा, तेलम्मा, बरबसपुर और हेटारकसा होते हुए कोरर तक बस सेवा शुरू की गई है। इसी प्रकार भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ तक 68 किलोमीटर लंबे दूसरे मार्ग पर सम्बलपुर, चवेला, बांसला, दुर्दूकोंदल, दियागांव, मदले, पीपली, अमोड़ी, पंडरीपानी, करेंगांव, हल्बा, सिकसोड़, मण्डागांव, भंसासूर और टेमरूपानी होते हुए अंतागढ़ तक बसें चलेंगी। इन दोनों मार्गों पर सेवा शुरू होने से दूरस्थ गांवों के लोगों को आवागमन के लिए सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

एक वर्ष में 850 से अधिक गांवों तक पहुंची बस सेवा

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का शुभारंभ 4 अक्टूबर 2025 को जगदलपुर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री   अमित शाह, मुख्यमंत्री   विष्णु देव साय और परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप की उपस्थिति में किया गया था। योजना का उद्देश्य बस सुविधा से वंचित ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ना तथा वहां के नागरिकों तक आवश्यक सेवाओं की पहुंच सुगम बनाना है।

योजना के एक वर्ष में बस्तर और सरगुजा संभाग के 13 जिलों के 106 चयनित मार्गों पर 107 बसों का संचालन शुरू किया गया है। इसके माध्यम से 850 से अधिक गांव पहली बार नियमित बस सेवा से जुड़े हैं। योजना के तहत संचालित बसों ने एक वर्ष में 24 लाख किलोमीटर से अधिक दूरी तय की है। इससे ग्रामीणों को हाट-बाजार, अस्पताल, विद्यालय और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है।

दुर्गम क्षेत्रों में बस संचालन को प्रोत्साहित करने के लिए बस संचालकों को पहले तीन वर्षों तक प्रति किलोमीटर वित्तीय सहायता देने का प्रावधान है। इसके तहत प्रथम वर्ष 26 रुपये, द्वितीय वर्ष 24 रुपये और तृतीय वर्ष 22 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित है। साथ ही मोटरयान कर में पूर्ण छूट का प्रावधान भी किया गया है। योजना की निगरानी एमएमजीबीवाई पोर्टल और जीपीएस आधारित वीएलटीडी प्रणाली से की जा रही है, जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की समय-सारणी बस संगवारी ऐप पर उपलब्ध है।

ग्रामीण कनेक्टिविटी के विस्तार से दूरस्थ गांवों को मिल रहा लाभ :   केदार कश्यप

परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि पिछले वर्ष बस्तर में आयोजित मुरिया दरबार कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह द्वारा मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बस सेवा की शुरुआत की गई थी। एक वर्ष के दौरान इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा का विस्तार हुआ है और 850 से अधिक गांव नियमित बस सेवा से जुड़ पाए हैं।
उन्होंने कहा कि पहले कई दूरस्थ गांवों तक वाहन नहीं पहुंच पाते थे, जिससे ग्रामीणों को ब्लॉक मुख्यालय और अन्य आवश्यक स्थानों तक जाने में परेशानी होती थी। अब बस सेवाओं के विस्तार से ऐसे क्षेत्रों में भी सार्वजनिक परिवहन की सुविधा पहुंच रही है। इससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, बाजार और शासकीय कार्यों के लिए आवागमन में सहूलियत मिल रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवहन सुविधा का विस्तार केवल बसों के संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दूरस्थ गांवों को विकास के अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना शासन की प्राथमिकता :   आशाराम नेताम
इस अवसर पर कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री   नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश के अंतिम छोर पर बसे गांवों और वहां रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। इसी भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और दूरस्थ क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों में अंदरूनी गांवों के बच्चे और युवा उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। यह दर्शाता है कि अवसर मिलने पर दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाएं भी सामने आ रही हैं। वन मंत्री श्री केदार कश्यप के नेतृत्व में वनांचल के लोगों की जरूरतों और सुविधाओं को लेकर भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को  महेश जैन ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष  अरुण कौशिक,   राजा पांडेय, दिलीप जायसवाल, राजा देवनानी, हीरा मरकाम, हलधर साहू, बृजेश चौहान, दिनेश रजक, अशोक वालेचा, अजय मोटवानी, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे, परिवहन अधिकारी श्री प्रकाश रावटे सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित थे।नए बस मार्गों पर सेवा शुरू होने से कांकेर जिले के ग्रामीण अंचलों में कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। नियमित परिवहन सुविधा से ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र की सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

———————–

✍️ 02. नर्सिंग और कम्प्यूटर कोर्स में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए काउंसलिंग 26 को।

— जिले के बेरोजगार युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने एवं उन्हे आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार स्व-रोजगार से जोड़कर उन्हे सक्षम बनाने के लिए लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में 30-30 सीटों में जनरल ड्यूटि असिस्टेंट (नर्सिंग) एवं डेस्कटॉप पब्लिषिंग (कम्प्यूटर) कोर्स में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण के लिये 26 अक्टूबर को लाईवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में प्रातः 10 से शाम 04 बजे तक कांउसलिंग का आयोजन किया गया है। जिले के ऐसे युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है जो इस प्रशिक्षण से जुड़कर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, 02 पासपोर्ट साईज फोटोग्रॉफ, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय में कांउसलिंग में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते है।

———————–

✍️ 03. कांकेर के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में गूंजेगी युवाओं की आवाज, छत्तीसगढ़ विधानसभा से संसद भवन तक मिलेगा विचार रखने का मंच।

—जिले के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा, तार्किक क्षमता और नेतृत्व कौशल को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2027 (Viksit Bharat Youth Parliament 2027) के अंतर्गत 28 अक्टूबर 2026 को भानुप्रताप देव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कांकेर में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को न केवल अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का मार्ग भी खुलेगा। इस आयोजन की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कांकेर जिले से चयनित शीर्ष तीन प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद राज्य स्तर पर चयनित छत्तीसगढ़ के तीन प्रतिभागी देश की संसद भवन में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इस प्रकार जिले के युवाओं के लिए यह प्रतियोगिता अपने विचारों को जिला स्तर से राज्य और फिर राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का एक विशेष अवसर है।

जिले से विधानसभा और फिर संसद भवन तक पहुँचने का अवसर
विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति समझ विकसित करना है। यह मंच युवाओं को केवल भाषण देने तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें किसी महत्वपूर्ण विषय का अध्ययन करने, तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने और दूसरों के विचारों को सुनते हुए स्वस्थ लोकतांत्रिक संवाद में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है।

कांकेर जिले के प्रतिभागियों के लिए यह अवसर इसलिए भी खास है, क्योंकि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन युवा छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद राज्य स्तर पर चयनित तीन प्रतिभागियों को संसद भवन, नई दिल्ली में अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। इससे जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा और दृष्टिकोण को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।

‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर होगी भाषण प्रतियोगिता
जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2027 का मुख्य विषय “एक राष्ट्र, एक चुनाव” रखा गया है। प्रतिभागियों को इस विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। उन्हें विषय के विभिन्न पहलुओं को समझते हुए अपने तर्क, विचार और दृष्टिकोण प्रभावशाली तरीके से सामने रखने होंगे।प्रत्येक प्रतिभागी को भाषण के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। भाषण हिंदी अथवा अंग्रेजी में प्रस्तुत किया जा सकेगा। निर्धारित समय के भीतर अपनी बात स्पष्ट रूप से रखना प्रतियोगिता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। यदि दो या अधिक प्रतिभागियों के अंक समान होते हैं, तो बराबरी की स्थिति का समाधान करने के लिए विषय से संबंधित 10 अंकों का एक तात्कालिक प्रश्न पूछा जाएगा।

कौन ले सकता है प्रतियोगिता में भाग?
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 17 अगस्त 2026 की स्थिति में 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पिछले वर्षों में राष्ट्रीय स्तर के दौर के फाइनलिस्ट इस प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। प्रतिभागियों को पंजीकरण के दौरान अपनी सही जानकारी देना अनिवार्य होगा। गलत जानकारी दिए जाने पर उनकी भागीदारी रद्द की जा सकती है।
प्रतिभागियों को पंजीकरण डेस्क पर अपना पहचान-पत्र (ID) दिखाना होगा। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को चर्चा के नियमों का पालन करना और अन्य वक्ताओं के विचारों का सम्मान करना आवश्यक होगा। प्रतियोगिता के दौरान भाषण रिकॉर्ड किए जाएंगे तथा उनका सीधा प्रसारण भी किया जा सकता है। विजेताओं को समापन समारोह में पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

युवाओं के लिए अपनी पहचान बनाने का मौका
आज के दौर में युवाओं की भागीदारी देश के विकास, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नीति संबंधी चर्चाओं में महत्वपूर्ण है। विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट युवाओं को अपनी सोच विकसित करने, राष्ट्रीय विषयों पर अध्ययन करने और जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखने का अवसर प्रदान करती है।

कांकेर जिले के युवाओं के लिए यह प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा में विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, जबकि राज्य स्तर से चयनित तीन प्रतिभागी संसद भवन, नई दिल्ली में अपने विचार रखेंगे। ऐसे में यह आयोजन युवाओं के लिए केवल एक भाषण प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अपने विचारों को व्यापक स्तर तक पहुँचाने और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर है।

आयोजन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी

– कार्यक्रम: विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2027
– दिनांक: 28 अक्टूबर 2026
– स्थान: भानुप्रताप देव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कांकेर
– मुख्य विषय: एक राष्ट्र, एक चुनाव
– पात्रता: 18 से 25 वर्ष (17 अगस्त 2026 की स्थिति में)
– भाषा: हिंदी एवं अंग्रेजी
– भाषण की समय सीमा: 3 मिनट
– जिला स्तर से चयन: शीर्ष 3 प्रतिभागी
– अगला चरण: छत्तीसगढ़ विधानसभा में विचार प्रस्तुत करने का अवसर; राज्य स्तर से चयनित 3 प्रतिभागियों को संसद भवन, नई दिल्ली में विचार प्रस्तुत करने का अवसर

————————

✍️ 04. न्यायालय परिसर कांकेर में साइबर सुरक्षा पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।साइबर अपराधों की रोकथाम एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए किया गया जागरूक।न्यायिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं विभिन्न थानों से आए पैरालीगल वॉलंटियर्स की रही सहभागिता।

—पुलिस अधीक्षक   निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम, डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आम नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देने के उद्देश्य से दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को जिला न्यायालय परिसर, कांकेर में साइबर सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में    संजीव कुमार टामक, अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा   भास्कर मिश्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सी.जे.एम.) उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त साइबर सेल कांकेर के प्रभारी  राजेन्द्र साहू, थाना कांकेर के प्रभारी   जितेन्द्र साहू, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक  पर्वत कौशल पोया एवं   अभिषेक साहू सहित जिले के विभिन्न थानों से आए पैरालीगल वॉलंटियर्स ने सहभागिता की।कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल के अधिकारियों द्वारा साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकारों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी साझा करने में विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंकिंग संबंधी जानकारी एवं पासवर्ड साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर प्राप्त संदिग्ध संदेशों, कॉल और ऑनलाइन ऑफर के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई। डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित एजेंसी अथवा पुलिस को सूचित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी अथवा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in के माध्यम से भी साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

 ——————-

✍️ 05. नरहरपुर पुलिस ने 40 गौवंश की तस्करी के प्रकरण मे 02 फरार मुख्य आरोपीयों को किया गिरफ्तार, एवं 01 मारुती ब्रेजा वाहन जप्त।आरोपियों द्वारा गौवंशों को गौशाला भेजने के नाम पर 40 मवेशियों का किया गया तस्करी। आरोपियों से जप्त मवेशी बिक्री रकम – 32000 रुपये, 1 नग मोबाइल फोन 10000₹ व घटना में प्रयुक्त 01 ब्रेजा वाहन 1200000₹ बरामद ।

 —पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—प्रार्थी रविकांत ठाकुर निवासी वार्ड क्रमांक 08 नरहरपुर द्वारा थाना नरहरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि नरहरपुर क्षेत्र के ग्रामीणों की गाय एवं बछड़े दिनांक 30.09.2026 की रात्रि से लापता हैं। पूछताछ में जानकारी प्राप्त हुई कि हिमांशू तिवारी एवं गौरव शोरी द्वारा आवारा एवं लावारिस मवेशियों को गौशाला भेजने की बात कहकर ग्रामीणों से संपर्क किया गया था।आरोपियों द्वारा पण्डरीपानी, सिहावा स्थित गौशाला में मवेशियों को भेजने की बात कहकर नरहरपुर हाईस्कूल खेल मैदान से लगभग 40 गौवंशों को पिकअप वाहनों में भरकर ले जाया गया। जब ग्रामीणों ने संबंधित गौशाला में जाकर जानकारी ली तो वहां नरहरपुर से कोई भी गौवंश पहुंचना नहीं पाया गया। शिकायत एवं पूछताछ के आधार पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 193/2026, धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भापुसे )के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरिश कुमार पाटिल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई। लिस टीम द्वारा आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने लगभग 40 गौवंशों को गौशाला भेजने के बहाने चोरी करना स्वीकार किया। जिस पर पूर्व में कुल 08 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है तथा प्रकरण के मुख्य फरार आरोपी हेमंत यादव निवासी धमतरी व प्रियेश साहू निवासी खरतूली की पता तलाश की जा रही थी। जो आरोपियों की जानकारी मिलने पर धमतरी से घेराबंदी कर पकड़ कर पूछताछ किया गया जिन्होंने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी हिमांशु तिवारी व गौरव सोरी के मिलकर चोरी की मवेशियों को पापड़हांडी लेजाकर 85000 ₹ में बेच देना बताया। स्वयं बचने व पुलिस को गुमराह करने के लिए कही और से मवेशी लाकर बताया की नरहरपुर से लाये गये मवेशी हैं। आरोपियों के कब्जे से गौवंश बिक्री रकम – 32000 ₹ , साथ ही घटना में प्रयुक्त 1 नग मोबाइल फोन कीमत – 10000₹ व 01 मारुती ब्रेजा वाहन कीमती – 1200000₹ कीमत कुल ₹12,42,000 ₹ की जप्ती की गई। आरोपियों के द्वारा वाहन में मवेशियों ठूस ठूस कर भरकर कत्लखाना पापडहांडी उडीसा ले जाया जो धारा 4,6,10 छग क़षिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं धारा 11 घ पशु क्रूरता अधिनियम का पाये जाने से आरोपियों के विरूद् धारा जोडी गई। गिरफ्तार आरोपी में — 1. हेमंत यादव पिता नारायण यादव , उम्र 37 वर्ष, वार्ड न. 22 धमतरी , थाना धमतरी जिला धमतरी।
2. प्रियेश साहु पिता नारायण साहु, उम्र 20 वर्ष, निवासी खरतुली, थाना अर्जुनी जिला धमतरी। आरोपियों को अपराध में संलिप्त पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया। जप्त सामग्री में – 01 मारुती ब्रेजा वाहन – कीमत 12,00,000 ₹
– मवेशी बिक्री रकम – 32000 
– 1 नग मोबाइल फोन – 10000 – कुल जप्ती – 12,42,000 

पुलिस टीम में— निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल, थाना प्रभारी नरहरपुर; उपनिरीक्षक (प्रशिक्षु) पियुष कुमार यादव; स उ नि बुधारू राम मरकाम, प्रधान आरक्षक संवलू राम नेताम; आरक्षक नीलेश निषाद, पवन मरकाम, गुलशन मंडावी  रहे।

——————-

✍️06. मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित।

—मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थियों से 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान एवं निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थानों जैसे आईआईटी, एआईआईएमएस, आईआईएम, एनएलयू, एमबीबीएस, नीट, आईआईआईटी में चयन एवं प्रवेश के उपरांत तात्कालिक सहायता उपलब्ध कराना है।आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित प्रपत्र में ऑफलाइन आवेदन कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कांकेर में 30 अक्टूबर तक जमा करना होगा। आवेदन पत्र का प्रारूप कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कांकेर से अथवा विभागीय पोर्टल https://eklavya.cg.nic.in/ से प्राप्त किया जा सकता है। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

 ————————

✍️07.नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी गिरफ्तार । इंस्टाग्राम वीडियो कॉल के माध्यम से अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप।

— पुलिस जानकारी के अनुसार   घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर  निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस   हरीश पाटील के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई की गई।

————————

✍️08. “जन सहयोग” संगठन ने किया अज्ञात नवजात शिशु का अंतिम संस्कार।

—थाना शहर भानुप्रतापपुर पुलिस के अनुरोधपत्र पर आज “जन सहयोग” समाजसेवी संगठन ने पुनः एक लावारिस शिशु की लाश का अंतिम संस्कार किया। अजय पप्पू मोटवानी की अध्यक्षता वाले इस लोकप्रिय संगठन द्वारा की गई यह 165 वीं लावारिस लाश थी, जिसकी अंत्येष्टि आज 4:00 बजे शाम दूध नदी के तट पर विधि-विधान सहित कर दी गई। इस अवसर पर अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा दिलीप कुमार गंजीर, संजय कुंजाम, पप्पू साहू,शैलेंद्र देहारी, महेंद्र निषाद, आदि वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग दिया। पुलिस विभाग की ओर से टी आई अंबर सिंह भारद्वाज, उप निरीक्षक रामेश्वर चतुर्वेदी, आरक्षक शक्ति सिंह, नागेश साहू,एल एच सी उमित्रा मण्डावी, सी/2334, अजय मंडावी, थाना भानुप्रतापपुर की ओर से ड्यूटी पर उपस्थित थे। पुलिस तथा “जन सहयोग ” के इस पुण्य कार्य की सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है।

———————–

 ✍️09.पैसे के विवाद में युवक को बंधक बनाकर लोहे की वजनदार पट्टी से मारपीट कर जान से मारने का प्रयास करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।  

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में एवं अनुभाग पुलिस अधिकारी श्री हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रार्थी निर्भय श्रीवास्तव, उम्र 26 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोडेजुंगा चौक, कांकेर द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 19.10.2026 को दोपहर लगभग 12:20 बजे मांझापारा कांकेर स्थित अशोक ग्लासेस दुकान में पैसे के विवाद को लेकर मनीष सेरवानी एवं अमन मंडावी उर्फ आमीन ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 364/2026, धारा 296, 118(2), 351(3), 127(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों की पतासाजी कर उनसे पूछताछ की । आरोपियों ने अपने कथनों में पैसे के विवाद को लेकर घटना के दिन युवक को दुकान की दूसरी मंजिल पर ले जाकर मारपीट करने की बात बताई।

घटना में प्रयुक्त लोहे की वजनदार पट्टी को दिनांक 23.10.2026 को गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया गया। इसके पश्चात दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में—
1. मनीष सेरवानी पिता – स्व. अशोक सेरवानी, उम्र 44 वर्ष निवासी – गोविंदपुर, थाना कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।2. अमन मंडावी उर्फ आमीन पिता – विष्णु राम मंडावी, उम्र 21 वर्ष निवासी – शिवनगर, कांकेर, थाना कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।जब्त संपत्ति में— – घटना में प्रयुक्त लोहे की वजनदार पट्टी – 01 नग। – निरीक्षक जितेन्द्र साहू, थाना प्रभारी कांकेर- सहायक उप निरीक्षक भीखम साहू‚ प्रधान आरक्षक कौशल साहू‚ आरक्षक अनिल मरकाम‚ आरक्षक देवदत्त कडियाम‚- आरक्षक पुरन साहू‚

———————–

✍️ 10. भारतीय किसान संघ   कांकेर जिला अध्यक्ष के रूप में युवा कृषक संदीप द्विवेदी निर्विरोध निर्वाचित। नई जिला एवं तहसील कार्यकारिणी का गठन, 27 अक्टूबर को। 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी।

—भारतीय किसान संघ जिला कांकेर के संगठनात्मक पुनर्गठन के अंतर्गत युवा कृषक संदीप द्विवेदी को सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। उनके निर्वाचन से जिले के किसानों में उत्साह का वातावरण है। संगठन के सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में किसानों की समस्याओं, कृषि हितों एवं कृषकों के अधिकारों को लेकर संघर्ष और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ेगा।

संदीप द्विवेदी एक उन्नत कृषक होने के साथ-साथ लंबे समय से जिले के किसानों के हितों के लिए सतत संघर्ष करते आ रहे हैं। उन्हें संगठन संचालन एवं कार्यकारिणी में कार्य करने का भी अनुभव प्राप्त है। वे प्रदेश अध्यक्ष ‘प्रेरक’ संघ एवं अनियमित कर्मचारी महासंघ की प्रदेश कार्यकारिणी में भी दायित्व निभा चुके हैं। उनके अनुभव, सक्रियता एवं किसान हितों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए जिला अध्यक्ष पद के लिए सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से निर्विरोध निर्वाचित किया है।  उनके निर्वाचन से जिले के किसानों में उत्साह का वातावरण है। संगठन के सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में किसानों की समस्याओं, कृषि हितों एवं कृषकों के अधिकारों को लेकर संघर्ष और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ेगा। संदीप द्विवेदी एक उन्नत कृषक होने के साथ-साथ लंबे समय से जिले के किसानों के हितों के लिए सतत संघर्ष करते आ रहे हैं। उन्हें संगठन संचालन एवं कार्यकारिणी में कार्य करने का भी अनुभव प्राप्त है। वे प्रदेश अध्यक्ष प्रेरक संघ एवं अनियमित कर्मचारी महासंघ की प्रदेश कार्यकारिणी में भी दायित्व निभा चुके हैं। उनके अनुभव, सक्रियता एवं किसान हितों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए जिला अध्यक्ष पद के लिए सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर सर्वसम्मति से सहमति बनी व प्रदेश अध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर की भी सहमति प्राप्त की गई

उल्लेखनीय है कि भारतीय किसान संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष  नरेंद्र कुमार नागेश, जो कृषि अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं व संघ को सेवा दे रहे थे उन्हें संगठन में प्रदेश महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है। उनके इस दायित्व के कारण जिला अध्यक्ष का पद रिक्त था। संगठन के सदस्यों ने आपसी सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए  संदीप द्विवेदी को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। प्रदेश किसान महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ने भी श्री संदीप द्विवेदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

जिला कार्यकारिणी में दायित्वों की घोषणा

भारतीय किसान संघ, जिला कांकेर की नवगठित कार्यकारिणी में निम्नलिखित पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है—

1.  नरेंद्र कुमार नागेश — प्रदेश महामंत्री एवं जिला प्रभारी
2.  संदीप द्विवेदी — जिला अध्यक्ष
3.   सुमित दास — जिला महामंत्री
4.  चंद्रशेखर साहू — जिला कोषाध्यक्ष
5.  हृदय राम शोरी — विद्युत आयाम प्रमुख
6.   बिषन लाल पटेल — विपणन प्रमुख
7.   प्रदीप पटेल — कार्यकारिणी सदस्य
8.   देव प्रसाद निषाद — जिला उपाध्यक्ष
9. श्रीमती निर्मला भास्कर — महिला प्रमुख

कांकेर तहसील इकाई का भी गठन

जिला कार्यकारिणी के साथ कांकेर तहसील इकाई में भी पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। इसमें श्री चुन्नीलाल नाग को तहसील अध्यक्ष तथा   महावीर उसेंडी को तहसील उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

27 अक्टूबर को 10 सूत्रीय मांगों को लेकर होगा आंदोलन

संदीप द्विवेदी ने सशक्त पथ संवाद कांकेर टॉप 10 न्युज से मुखातिब होते बताया कि बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं संगठन की मांगों को लेकर आगामी 27 अक्टूबर को प्रदेश स्तर पर प्रस्तावित आंदोलन की तैयारी पर भी चर्चा की गई। इस आंदोलन के अंतर्गत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर महानदी भवन का घेराव किया जाना है। इसके लिए संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने तथा किसानों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी किसानों की समस्याओं के समाधान, कृषि व्यवस्था में सुधार, विद्युत एवं विपणन संबंधी मुद्दों तथा कृषकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष  संदीप द्विवेदी सहित सभी नवदायित्व प्राप्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। संगठन ने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी सामूहिक नेतृत्व, समर्पण एवं किसान हितों को सर्वोपरि रखते हुए भारतीय किसान संघ को जिले में और अधिक मजबूत करेंगे।

 ————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 25 अक्टूबर 2026 रविवार

———————- संपादकीय दुश्मनी करो तो करो इतनी कि मिले तो शर्मिंदगी की गुंजाईश न रहे   न्याय अन्याय तो होते रहता है। पर जब अपने उपर अन्याय हो रहे हों तो…

संदीप द्विवेदी बनाये गए भारतीय किसान संघ कांकेर जिलाध्यक्ष

—सुमीत दास को जिला महामंत्री का प्रभार तो नई जिला एवं तहसील कार्यकारिणी का गठन, 27 अक्टूबर को। 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी। कांकेर(सशक्त पथ संवाद)।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *