———————-
संपादकीय—

भारतीय सिनेमा के जानेमाने गीतकार आनंद जी के जन्मदिवस पर…
भारतीय हिन्दी फ़िल्मों के मशहूर गीतकार आनंद का जन्म 28 अक्टूबर, 1930 को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी बनारस में हुआ था। मूल नाम लालजी पांडेय था। अंजान ने अपने कॅरियर की शुरूआत वर्ष 1953 में अभिनेता प्रेमनाथ की फ़िल्म ‘गोलकुंडा का कैदी’ से की। 1963 में पंडित रविशंकर के संगीत से सजी प्रेमचंद के उपन्यास गोदान पर आधारित फ़िल्म ‘गोदान’ में उनके रचित गीत ‘चली आज गोरी पिया की नगरिया…’ की सफलता के बाद अंजान ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अंजान को इसके बाद कई अच्छी फ़िल्मों के प्रस्ताव मिलने शुरू हो गए, जिनमें ‘बहारें फिर भी आएंगी’, ‘बंधन’, ‘कब क्यों और कहां’, ‘उमंग’, ‘रिवाज’, ‘एक नारी एक ब्रह्मचारी’, ‘हंगामा’ जैसी फिल्में नाम रही। इसके साथ ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘डॉन’, ‘खून पसीना’, ‘बहारें फिर भी आएँगी’, ‘लावारिस’, ‘याराना’ आदि उनकी प्रमुख फिल्में थी। ‘खइके पान बनारस वाला’, ‘ओ साथी रे तेरे बिना भी क्या जीना’ और ‘रोते हुए आते हैं सब’ जैसे न जाने कितने ही सदाबहार गीत अंजान ने लिखे और प्रसिद्धि की ऊँचाईयों को छुआ। अमिताभ बच्चन पर फ़िल्माये गए उनके गीत काफ़ी लोकप्रियता हासिल किये थे।13 सितम्बर, 1997 को 67 साल की आयु में संगीत जगत सहित दुनियां को अलविदा कह दिया।
✍️मनोज जायसवाल
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
27 अक्टूबर 2026 मंगलवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. कांकेर में जिला स्तरीय युवा उत्सव अब 31 अक्टूबर को होगा आयोजित। चक्रवात के कारण वर्षा की संभावना को देखते हुए आयोजन की तिथि में किया गया बदलाव।
—खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव की तिथि में बदलाव किया गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार युवा उत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर को किया जाना था, लेकिन मौसम विभाग द्वारा चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में 27 से 29 अक्टूबर तक वर्षा होने की संभावना जताए जाने के कारण अब इसका आयोजन 31 अक्टूबर शनिवार को प्रातः 10 बजे से नया बस स्टैंड डोम कांकेर में किया जाएगा। इसमें 15 से 29 वर्ष के युवा प्रतिभागी के रूप में भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा शामिल हैं। युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं के बीच पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा एकता की भावना को सुदृढ़ करना है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।।
———————–
✍️ 02. खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में मिलेगा स्वरोजगार को बढ़ावा। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत बैंक ऋण पर मिलेगा 35 प्रतिशत अनुदान।
— छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योगों की स्थापना एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को परियोजना राशि पर 35 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जाता है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के सभी 33 जिलों में योजना का लाभ दिया जा सकता है। इच्छुक आवेदक अपना आवेदन सहायक संचालक, छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत कार्यालय कांकेर में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
सहायक संचालक ग्रामोद्योग ने बताया कि मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र आवेदकों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत सेवा क्षेत्र में साइकिल रिपेयरिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग, ब्यूटी पार्लर, फोटोकॉपी सेंटर, वीडियोग्राफी, मंडप डेकोरेशन, कंप्यूटर सेंटर एवं होटल जैसे व्यवसायों के लिए एक लाख रुपये तक तथा विनिर्माण क्षेत्र में फैब्रिकेशन, मिठाई निर्माण, बेकरी, दोना-पत्तल निर्माण, मोमबत्ती निर्माण, अगरबत्ती निर्माण, पशु चारा निर्माण, सिलाई कार्य, मसाला निर्माण एवं दलिया निर्माण जैसे कुटीर उद्योगों के लिए तीन लाख रुपये तक की प्रोजेक्ट राशि पर शासन द्वारा 35 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जाता है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं अंकसूची, ग्राम पंचायत का अनापत्ति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, बैंक पासबुक और पेन कार्ड इत्यादि की छायाप्रति सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। इस संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए सहायक संचालक, छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के दूरभाष नंबर 78989-85248 पर संपर्क किया जा सकता है।
———————–
✍️ 03. आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और आश्रमों की व्यवस्थाओं को लेकर सीईओ जिला पंचायत ने दिए निर्देश।
—जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिले के आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों के संचालन और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उनके द्वारा बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, खान-पान और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत ने आश्रमों – छात्रावासों के निरीक्षण के लिए नियुक्त अधिकारियों को नियमित रूप से संस्थाओं का निरीक्षण करने तथा आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों में बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों में शिकायत पेटी अनिवार्य रूप से रखने के लिए निर्देशित किया, ताकि विद्यार्थी अपनी समस्याओं और शिकायतों को सामने रख सकें। छात्राओं की सुरक्षा और उनकी समस्याओं को समझने के लिए महिला निरीक्षणकर्ता अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर छात्राओं से एकांत में संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वे बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकें। स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से प्रत्येक माह कम से कम एक बार स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा गया। इसके अलावा, अस्वस्थ एवं बीमार विद्यार्थियों की उचित देखभाल के लिए प्रत्येक संस्था परिसर में पृथक कक्ष को मेडिकल रूम के रूप में व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। इस कक्ष में बिस्तर, आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। जिला पंचायत सीईओ श्री मण्डावी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें, ताकि आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों में अध्ययनरत बच्चों को सुरक्षित वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और समुचित देखभाल उपलब्ध हो सके। वीडियो कॉन्फ्रेंस में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा), सभी खंड शिक्षा अधिकारी, मंडल संयोजक, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अंतागढ़ के अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
————————
✍️ 04. नरहरपुर पुलिस ने 40 गौवंश की तस्करी के प्रकरण मे 03 फरार मुख्य आरोपीयों को किया गिरफ्तार, एवं 01 हुंडई क्रेटा व 2 पिकअप वाहन जप्त। आरोपियों द्वारा गौवंशों को गौशाला भेजने के नाम पर 40 मवेशियों का किया गया तस्करी। आरोपियों से जप्त मवेशी बिक्री रकम – 10000 रुपये, व घटना में प्रयुक्त 01 क्रेटा वाहन 1500000 व 2 पिकअप वाहन कीमत 1000000 । कुल कीमती 2510000 ₹ की संपत्ति जप्त।प्रकरण में अब तक कुल 13 आरोपियों को किया गया हैं गिरफ्तार।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—प्रार्थी रविकांत ठाकुर निवासी वार्ड क्रमांक 08 नरहरपुर द्वारा थाना नरहरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि नरहरपुर क्षेत्र के ग्रामीणों की गाय एवं बछड़े दिनांक 30.09.2026 की रात्रि से लापता हैं। पूछताछ में जानकारी प्राप्त हुई कि हिमांशू तिवारी एवं गौरव शोरी द्वारा आवारा एवं लावारिस मवेशियों को गौशाला भेजने की बात कहकर ग्रामीणों से संपर्क किया गया था।आरोपियों द्वारा पण्डरीपानी, सिहावा स्थित गौशाला में मवेशियों को भेजने की बात कहकर नरहरपुर हाईस्कूल खेल मैदान से लगभग 40 गौवंशों को पिकअप वाहनों में भरकर ले जाया गया। जब ग्रामीणों ने संबंधित गौशाला में जाकर जानकारी ली तो वहां नरहरपुर से कोई भी गौवंश पहुंचना नहीं पाया गया। शिकायत एवं पूछताछ के आधार पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 193/2026, धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भापुसे )के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरिश कुमार पाटिल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने लगभग 40 गौवंशों को गौशाला भेजने के बहाने चोरी करना स्वीकार किया। जिस पर पूर्व में कुल 10 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है तथा प्रकरण के मुख्य फरार आरोपी हेमंत यादव निवासी धमतरी व प्रियेश साहू निवासी खरतूली की पता तलाश की जा रही थी। जो आरोपियों की जानकारी मिलने पर धमतरी से घेराबंदी कर पकड़ कर पूछताछ किया गया जिन्होंने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी हिमांशु तिवारी व गौरव सोरी के मिलकर चोरी की मवेशियों को पापड़हांडी लेजाकर 45000 में बेच देना बताया। स्वयं बचने व पुलिस को गुमराह करने के लिए कही और से मवेशी लाकर बताया की नरहरपुर से लाये गये मवेशी हैं। आरोपियों के कब्जे से :- घटना में प्रयुक्त 01 हुंडई क्रेटा वाहन कीमत 15,00,000 , 2 पिकअप वाहन कीमती 1000000, मवेशी बिक्री रकम – 10000 कुल जप्ती – 25,10,000 की जप्ती की गई। आरोपियों के द्वारा वाहन में मवेशियों ठूस ठूस कर भरकर कत्लखाना पापडहांडी उडीसा ले जाया जो धारा 4,6,10 छग क़षिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं धारा 11 घ पशु क्रूरता अधिनियम का पाये जाने से आरोपियों के विरूद् धारा जोडी गई। गिरफ्तार आरोपी में—1. विजय कुमार साहू पिता चमराराम साहू उम्र 32 वर्ष, निवासी जामगांव थाना नरहरपुर जिला उ.ब. कांकेर (छ. ग.) 2. किशोर नाग पिता घासी राम उम्र 38 वर्ष, निवासी जामगांव थाना नरहरपुर जिला उ.ब. कांकेर (छ.ग.)
3. आशीष पटेल पिता स्व. लोचन पटेल उम्र 31 वर्ष निवासी जामगांव थाना नरहरपुर जिला कांकेर हैं।आरोपियों को अपराध में संलिप्त पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
जप्त सामग्री में—
– 01 हुंडई क्रेटा वाहन – कीमत 15,00,000 ₹
– 2 पिकअप वाहन -1000000
– मवेशी बिक्री रकम – 10000
– कुल जप्ती – 25,10,000
निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल, थाना प्रभारी नरहरपुर; उपनिरीक्षक (प्रशिक्षु) पियुष कुमार यादव; स उ नि बुधारू राम मरकाम, प्रधान आरक्षक संवलू राम नेताम; आरक्षक नीलेश निषाद, पवन मरकाम, गुलशन मंडावी पुलिस टीम में रहे।
——————-
✍️ 05. पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा ने किया जिला कांकेर का वार्षिक निरीक्षण। जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों की गई समीक्षा ।

—पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर बद्रीनारायण मीणा (भा.पु.से.) द्वारा दिनांक 26 एवं 27 अक्टूबर 2026 को जिला कांकेर प्रवास के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रक्षित केंद्र कांकेर का वार्षिक निरीक्षण किया गया।दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के नेतृत्व में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के निराकरण, विवेचना की गुणवत्ता तथा आम नागरिकों की शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की समस्त शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ-साथ निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध निष्पादन करने पर जोर दिया गया।

दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिरीक्षक द्वारा रक्षित केंद्र कांकेर में पुलिस परेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस बल के अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं तैयारियों का जायजा लिया गया। साथ ही बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया, जिसके माध्यम से भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने तथा पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय एवं सामूहिक कार्यक्षमता को परखा गया। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान ‘ पुलिस संवाद’ कार्यक्रम आयोजित कर जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनकर पुलिस विभाग में बेहतर संवाद एवं समन्वय को बढ़ावा देना रहा।

वार्षिक निरीक्षण के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस बल के सभी सदस्यों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही पुलिस सैलेरी पैकेज के तहत आईडी ब्लास्ट में शहीद हुए परिजनो को 1 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की गई।यह सहायता शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को संकट या जरूरत के समय कम ब्याज पर तुरंत ऋण उपलब्ध कराना और उनके वेतन से नियमित बचत कराकर उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस साख समिति का शुभारंभ किया गया। पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा ने आम नागरिकों की सुरक्षा, सेवा एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसिंग में संवेदनशीलता, कार्यकुशलता, अनुशासन एवं जवाबदेही बनाए रखते हुए जनविश्वास को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी योगेश साहू , एएसपी राकेश कुर्रे, एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर,एसडीओपी हरीश पाटिल, डीएसपी सुश्री प्रतिभा लहरें, डीएसपी मुख्यालय सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, एसडीओपी संतोष जैन, रक्षित निरीक्षक गोविन्द वर्मा, रक्षित निरीक्षक दीपक साव एवं अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
——————-
✍️06.कांकेर विधानसभा के विधायक आशाराम नेताम एवं बस्तर रेंज आईजी बद्रीनारायण मीणा ने किया साइबर सेल का उद्घाटन। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल।

—साइबर सेल की स्थापना जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर संबंधी शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई तथा साइबर अपराधों से संबंधित प्रकरणों के निराकरण को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से साइबर अपराधों की जांच, तकनीकी साक्ष्यों के संकलन तथा संबंधित शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। यह पहल नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से की गई है।
थाना सिटी कोतवाली एवं ई-मालखाना का निरीक्षण
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, बद्रीनारायण मीणा (भा.पु.से.) द्वारा थाना सिटी कोतवाली कांकेर का भ्रमण कर थाने की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान ई-मालखाना का भी अवलोकन किया गया तथा जब्तशुदा संपत्ति के डिजिटल अभिलेखीकरण एवं ऑनलाइन ट्रैकिंग प्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से जब्तशुदा सामग्री का डिजिटल रिकॉर्ड संधारित करने तथा उसकी स्थिति एवं उपलब्धता का व्यवस्थित विवरण सुरक्षित रखने में सुविधा होती है। इससे जब्त संपत्ति के रखरखाव में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ-साथ विवेचना तथा न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान आवश्यक सामग्री के अभिलेखों की उपलब्धता सुगम होती है।

महिला सेल एवं महिला रक्षा टीम के कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक द्वारा महिला सेल का भ्रमण कर महिला रक्षा टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों, शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई तथा महिला सुरक्षा के क्षेत्र में पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली गई। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, तत्परता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ करें। आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया। उक्त अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक (IUCAW) सुश्री प्रतिभा लहरे, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, रक्षित निरीक्षक दीपक साव, रक्षित निरीक्षक गोविंद वर्मा, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जितेंद्र साहू, साइबर थाना प्रभारी राजेंद्र साहू सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
————————
✍️07. शासकीय कोमलदेव जिला अस्पताल पहूंच कर मरीजों से मुलाकात कर कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने कुशलक्षेम जाना।

—आज कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने शासकीय कोमलदेव जिला अस्पताल पहुंचकर यहां स्वास्थ्य लाभ ले रहे मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का कुशलक्षेम जाना। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीय संवाद कर उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
————————
✍️08.भाजपा कार्यालय कमल सदन में संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए कांकेर विधायक आशाा राम नेताम।

—आज कमल सदन, अलबेलापारा, कांकेर में आयोजित संगठनात्मक बैठक में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कहा-संगठन की शक्ति हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं, आपसी सहयोग और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता में निहित है। हमारा उद्देश्य जन-जन तक पहुंचकर उनकी अपेक्षाओं को समझना और क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना है।
———————–
✍️09.कांकेर में कल स्कूलों की छुट्टी, चक्रवाती तूफान “अर्नब” के असर को देखते हुए आदेश जारी।

—बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती तूफान “अर्नब” के प्रभाव और आने वाले दिनों में तेज बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने कांकेर जिले के सभी स्कूलों में कल बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को अवकाश घोषित किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी, द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मौसम विभाग से मिली जानकारी के आधार पर बच्चों के स्कूल पहुंचने, उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। कलेक्टर द्वारा अनुमोदित यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।अवकाश जिले के सभी शासकीय और अशासकीय प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला, हाई एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में रहेगा।यह अवकाश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा।
कांकेर जिले में कल सभी आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान और संभावित अतिवृष्टि के मद्देनजर कांकेर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में कल, 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को अवकाश रहेगा।जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कलेक्टर के निर्देशानुसार जारी आदेश में कहा गया है कि भारी बारिश के कारण बच्चों के आंगनबाड़ी केंद्रों तक आने-जाने में होने वाली संभावित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
———————–
✍️
10.नाबालिग युवती से दुष्कर्म एवं गर्भवती होने के मामले में आरोपी गिरफ्तार। नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद प्रेम एवं शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप।
—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछौर, अंतागढ़ के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री संतोष जैन, अंतागढ़ के पर्यवेक्षण में थाना आमाबेड़ा पुलिस द्वारा नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई की गई। थाना आमाबेड़ा क्षेत्र में नाबालिग युवती से दुष्कर्म एवं उसके गर्भवती होने के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है। प्राप्त शिकायत के अनुसार, आरोपी द्वारा पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसे प्रेम एवं शादी का झांसा देकर फरवरी 2026 से लगातार शारीरिक संबंध बनाया गया, जिससे पीड़िता गर्भवती हो गई।प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना आमाबेड़ा में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत धारा 64(1), 64(2)(m) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
————————
विशेष—
जनपद पंचायत चारामा उपाध्यक्ष ठाकुर राम कश्यप ने अपने गृहग्राम चारभाटा में आयोजित दशहरा कार्यक्रम में शामिल हुए।

— जनपद पंचायत चारामा के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता ठाकुर राम कश्यप अपने गृह ग्राम चारभाटा में आयोजित दशहरा कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने इस उत्सवी मौके पर सभी जनों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया। दशहरा का यह पावन पर्व हम सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————





