आज की टॉप 10 खबर 22 सितंबर 2026 मंगलवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

22  सितंबर  2026 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. गोविंदपुर में  बडी सडक दुर्घटना में बची मेडिकल छात्रा। मेडिकल कालेज हास्टल के  छात्रों  के राजमार्ग पर आ जाने से चक्काजाम की स्थिति निर्मित हुई।

— आज अपरान्ह तकरीबन 3 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 30 गोविंदपुर ढलान के पास फिर हादसा हो गया गया,जिसमें कांकेर से रायपुर को जा रही  दुबे ट्रेवल्स की  बस क्रं.सीजी 04 ईए  4482  स्कूटी  क्रं. सीजी 19 बी.यु. 5749 सवार मेडिकल कालेज छात्रा को ठोकर मार दी जहां छात्रा दूर छिटक गयी,जबकि उनकी स्कूटी बस के सामने चक्के में फंस कर पुरी तरह कुचल कई। घटना स्थल के सामने मेडिकल छात्र जो कि निजी हास्टल में रहते हैं, घटना सुन सब सडक पर आ गये जिससे चक्काजाम जैसी स्थिति निर्मित हुई। इधर घटना पर कांकेर पुलिस यातायात निरीक्षण तत्काल स्थल पर पहूंच कर यातायात बहाल की कार्रवाई शुरू की। इसके पूर्व छात्रा को अस्पताल रिफर किया गया  जहां वह खतरे से बाहर बतायी जा रही है।

स्थल पर मेडिकल छात्र काफी गुस्से में थे, वे समझाईश को मान नही रहे थे। कांकेर पुलिस थाना प्रभारी जितेंद्र साहू एवं यातायात  रक्षित निरीक्षक   दीपक साव ने  कार्रवाई करते हुए   पहूंच कर समझाईश दी जिस पर यातायात बहाल हुआ। लोगों ने कहा कि  यात्री बसों की  स्पीड के चलते लगातार हादसे हो रहे हैं‚  चारामा से लेकर कांकेर तक लगातार इस प्रकार के हादसों में कमी नहीं आ रही है। फिलहाल आज की घटना में बस ड्राइवर ने  छात्रा को बचाने  के प्रयास से  ही स्टेरिक मोडा जिसके चलते छात्रा  बच गई।  मेडिकल कालेज के छात्र इतने गुस्से में थे  कि किसी को  हादसे का फोटो या वीडियो लेने नहीं दे रहे थे।  कुछ मीडिया वालों से भी उलझते देखे गये। सशक्त पथ संवाद‚कांकेर ”टॉप टेन ” टीम के नाम पर ही हमें   फोटो  लेने दिया गया।

———————–

✍️ 02. संगीत एक सफर ग्रुप कांकेर द्वारा “मेलोडी नाईट” का भव्य आयोजन।

संगीत एक सफर ग्रुप कांकेर के तत्वावधान में गत रविवार, 20 सितंबर को सिटी सेंटर मॉल, कांकेर में कराओके सिंगिंग “मेलोडी नाईट” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर के प्रसिद्ध संगीतज्ञ विजय राव उपस्थित रहे। ग्रुप के सदस्यों ने पुराने व नए दौर के लोकप्रिय गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आकाश राव ने “मुसाफिर हूं यारों”, सतीश केशरवानी ने “सोचेंगे तुम्हें प्यार करें कि नहीं”, फिरोज बक्स ने “जो तुमको हो पसंद वही बात करेंगे”, इब्राहिम ने “मेरे संग संग आया तेरी यादों का मेला”, रवि शर्मा ने “तू अगर मेरी हवाएं, तेरी”, प्रशांत ठाकुर ने “देवा श्री गणेशा”, प्रवेश चौहान ने “मेरा चांद मुझे आया है नजर” तथा मयंक हड़प ने “मेरे रंग में रंगने वाली” गीत प्रस्तुत कर महफिल में समां बांध दिया। इनके अतिरिक्त जतिन कुमार, सामर्थ और राजीव मिश्रा सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी मधुर प्रस्तुतियां दीं।कार्यक्रम का संचालन सतीश केशरवानी एवं आकाश राव ने बखूबी किया। आयोजन को सफल बनाने में राजीव मिश्रा, रवि शर्मा, गुलाब खान, टीकम सलाम सहित ग्रुप के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।संगीत एक सफर ग्रुप के अध्यक्ष आकाश राव व सतीश केशरवानी ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के संगीतमय आयोजन होते रहेंगे, जिसके माध्यम से क्षेत्र के संगीत प्रेमियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता रहेगा।

———————–

✍️ 03. सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा 2026 अंतर्गत प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान आयोजित।बाजार क्षेत्र में नागरिकों एवं व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने किया जागरूक।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित “स्वच्छता ही सेवा 2026” के तहत नगर पालिका परिषद कांकेर द्वारा प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से नागरिकों एवं व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक तथा प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग से बचने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद की टीम एवं संबंधित वार्ड पार्षदों की सहभागिता से सुभाष वार्ड, पुराना बाजार एवं पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान आम नागरिकों एवं दुकानदारों को कपड़े एवं पुनः उपयोग योग्य झोलों का वितरण किया गया तथा खरीदारी के दौरान प्लास्टिक कैरीबैग के स्थान पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद की टीम ने नागरिकों एवं व्यापारियों को प्लास्टिक के पर्यावरण एवं स्वच्छता पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, प्लास्टिक कैरी बैग के स्थान पर पुनः उपयोग योग्य झोलों को अपनाने तथा स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बाजार के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई। नगर पालिका परिषद कांकेर ने नागरिकों से “स्वच्छ कांकेर, प्लास्टिक मुक्त कांकेर” के संकल्प को साकार करने के लिए दैनिक जीवन में प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग को कम करने तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने की अपील की।

————————

✍️ 04. नवोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू। प्रवेश परीक्षा 10 अप्रैल को, आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर।

—जवाहर नवोदय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु लेटरल एंट्री चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नवोदय विद्यालय समिति द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।नवोदय विद्यालय कांकेर (करप) के प्राचार्य ने बताया कि कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए आवेदन हेतु ऑनलाइन पंजीयन पोर्टल⁠ https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix_9 तथा कक्षा 11वीं के लिए ऑनलाइन पंजीयन पोर्टल https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix_11 ⁠पर आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा एवं प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी और प्रॉस्पेक्टस ऑनलाइन पंजीयन पोर्टल पर उपलब्ध है। विद्यार्थियों को आवेदन करने से पहले पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अवलोकन करने की सलाह दी गई है।

 ————————

✍️ 05. युवा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें, विकसित भारत के संकल्प को साकार करें:   विश्व विजय सिंह तोमर

— ऐतिहासिक नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में आयोजित ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज देश के लिए जीने और देश के लिए काम करने की आवश्यकता है। युवा देश के भविष्य और ताकत हैं, इसलिए वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ें और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।श्री तोमर ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है और आने वाले समय में विकास की गति और तेज होगी। युवाओं को शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपने सपनों को साकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों, एम्स तथा एमबीबीएस सीटों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिससे युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार हुआ है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच रखते हुए किसी भी परिस्थिति में अपने लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प लेने की अपील की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने युवाओं से अच्छी संगति करने, माता-पिता का सम्मान करने तथा पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपना लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करें और सफलता हासिल करें। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशे के कारण आए दिन युवा दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। युवा देश की ताकत हैं, उन्हें अपनी शक्ति और जिम्मेदारी को समझते हुए शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए तथा पढ़-लिखकर सफल नागरिक बनना चाहिए।‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। ‘युवाओं के लिए हो रहे कार्य, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां’, ‘एक देश-एक चुनाव’ तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत में युवाओं की भूमिका’ विषय पर सहायक प्राध्यापक  विजय बेसरा, डॉ. लक्ष्मी लेकाम, सहायक प्राध्यापक श्रीमती अलका केरकेट्टा, युवा   मुकेश कुमार एवं कुमारी सुनीता साहू ने अपने विचार साझा किए।इस अवसर पर दो युवाओं कुमारी वैष्णवी जैन एवं   हर्ष कुमार डोंगरे को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन के लिए की गई अपनी मेहनत, सफलता के अनुभव तथा विद्यार्थी जीवन से जुड़ी जानकारी युवाओं के साथ साझा की। उन्होंने युवाओं से बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने, सकारात्मक सोच रखने, माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने तथा निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष  अरूण कौशिक,  महेश जैन,  राजा पाण्डेय,   राजा देवनानी, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी, श्री दिलीप जायसवाल,  हीरा मरकाम,  ईश्वर कावड़े,   दिनेश रजक,  संजू गोपाल साहू, सुश्री शिल्पा साहू सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, मेडिकल कॉलेज एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी तथा जिले के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।।

———————— 

✍️06.नवा खाई पर्व के अवसर पर ग्राम डवरखार में कांकेर पुलिस ने आयोजित किया साइबर जागरूकता कार्यक्रम।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कांकेर जिले में आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 21.09.2026 को ग्राम डवरखार में नवा खाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांकेर पुलिस द्वारा ग्रामीणों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।नवा खाई छत्तीसगढ़ एवं बस्तर अंचल की महत्वपूर्ण पारंपरिक कृषि एवं लोक-सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा पर्व है। नई फसल के अन्न को पहली बार ग्रहण करने की परंपरा से जुड़े इस पर्व में ग्रामीण समुदाय प्रकृति, धरती एवं अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता है। यह पर्व कृषि, प्रकृति, सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का प्रतीक है। नवा खाई पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एकत्रित हुए। कांकेर पुलिस ने इस सामाजिक एवं सांस्कृतिक अवसर को जन-जागरूकता के प्रभावी माध्यम के रूप में उपयोग करते हुए ग्रामीणों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।ग्रामीणों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की गई राशि को होल्ड कराने की कार्रवाई में सहायता मिल सकती है।इसके साथ ही पीड़ित व्यक्ति को निकटतम पुलिस थाना/चौकी से संपर्क करने तथा उपलब्ध डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन, स्क्रीनशॉट एवं अन्य संबंधित जानकारी सुरक्षित रखने की समझाइश दी गई।

————————

✍️07. गणेश उत्सव एवं अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर कलेक्टोरेट सभा कक्ष में जिला प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त बैठक आयोजित।

—गणेश उत्सव एवं अनंत चतुर्दशी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को कलेक्टोरेट स्थित सभा कक्ष में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।बैठक में एडीएम  जितेंद्र कुमार कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू, एसडीओपी कांकेर हरीश कुमार पाटिल, तहसीलदार कांकेर पौरस वेनताल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन कुमार मेरिया, रक्षित निरीक्षक दीपक साव, थाना प्रभारी कांकेर जितेंद्र कुमार साहू, सहायक चिकित्सा अधिकारी मृदुल गुहा, सेनानी नगर सेना संजय मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणेश उत्सव समिति के सदस्य एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, जुलूस एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी तथा आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रमुख बिंदुओं पर दिए गए निर्देश
1)गणेश पंडालों, जुलूस मार्ग एवं विसर्जन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।
2)संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं सतत निगरानी रखने के निर्देश।
3) गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु आवश्यक डायवर्जन, पार्किंग एवं यातायात नियंत्रण की कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा।
4) आयोजन समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती कर पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश।
5) डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने तथा आपत्तिजनक गीत, नारे अथवा सामग्री के प्रसारण से बचने की हिदायत।
6)सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक संदेशों की निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश।
7) महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के साथ चोरी, छेड़छाड़, मारपीट एवं अन्य घटनाओं की रोकथाम के लिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता रखने के निर्देश।
8)विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस बल, चिकित्सा सुविधा एवं आवश्यक आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर।
9)नदी, तालाब एवं अन्य जल स्रोतों में विसर्जन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश।
10) थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पेट्रोलिंग एवं बीट भ्रमण बढ़ाने तथा प्रमुख स्थानों पर पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश।

————————

✍️08. नरहरपुर मुख्यालय में श्रीगणेश पूजा में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम। 

—आज नरहरपुर​ में स्थानीय विधायक आशा राम नेताम ने भगवान श्रीगणेश पंडाल जाकर आम लोगों के साथ पूजा अर्चना की। उन्होंने इस मौके पर समस्त ग्रामवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। भगवान गणेश की कृपा से सभी परिवारों में खुशहाली बनी रहे और जीवन की सभी बाधाएँ दूर हों, यही प्रार्थना है। आगे कहा- ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी आस्था, संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को और मजबूत करते हैं।

 ——————- 

✍️09. सरंगपाल में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में शामिल में होकर कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने सामुहिक रूप से कथाओं का श्रवण किया। 

—ग्राम सरंगपाल में आयोजित शिव महापुराण कथा कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव की पावन कथा का श्रवण किया। अवसर पर उन्होंने कहा- शिव महापुराण हमें सत्य, सेवा, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।भगवान महादेव से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना है। हर परिवार पर भोलेनाथ की कृपा बनी रहे और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि का वास हो।

 ———————–

✍️ 10. आज ग्राम बेवरती में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया।

—आज कांकेर नगर से सटे विधायक आशा राम नेताम के गृह ग्राम बेंवरती में सामुदायिक भवन का लोकार्पण   कांकेर विधायक आशा राम नेताम    के करकमलों से सम्पन्न हुआ। इस मौके पर उन्होनेयह सामुदायिक भवन ग्रामवासियों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। ग्राम के विभिन्न कार्यक्रमों, बैठकों एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए यह भवन एक उपयोगी एवं सुविधाजनक स्थान के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।किसी भी गांव का विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं होता, बल्कि ऐसी सुविधाओं का निर्माण भी आवश्यक है, जो गांव के लोगों को एक साथ जोड़ें, सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा दें और सामुदायिक एकता को मजबूत करें।ग्राम बेवरती के विकास और जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास, जनहित और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य करने का संकल्प है।ग्राम बेवरती के विकास और जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास, जनहित और आवश्यक विकास कार्य जो हमारे जेहन में है‚उसे मुर्त रूप प्रदान करेंगे।

————————

विशेष—

विधायक  विक्रम देव उसेंडी व कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने अंतागढ़ क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थाओ एवं विकास कार्यों का किया निरीक्षण

— विधायक   विक्रम देव उसेंडी एवं कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने आज अंतागढ़ क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थाओ व विकास कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लामकन्हार, अंतागढ़ स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक श्री उसेंडी एवं कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने छात्रावास परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्राचार्य एवं छात्रावास अधीक्षक को छात्रावास में नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए गए कंबलों की भी नियमित साफ-सफाई एवं धुलाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए खेल मैदान को व्यवस्थित करने तथा बच्चों के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान उन्होंने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों छायांश एवं हुसैन से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
विधायक श्री विक्रम देव उसेंडी ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। छात्रावास में रहने वाले बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्वच्छता, भोजन, आवास और खेल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने प्राचार्य से कहा कि विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए समय पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इसके पश्चात विधायक एवं कलेक्टर ने अंतागढ़-चारगांव मार्ग पर रेलवे स्टेशन से पहले पीएमजीएसवाई सड़क में पड़ने वाले नाले में निर्मित पुलिया का निरीक्षण किया। कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने संबंधित निर्माण एजेंसी को उक्त कार्य को पीएमजीएसवाई से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि नाले में पुल का निर्माण कार्य को सीएसआ, डीएमएफ अथवा अन्य मद से कराया जा सके। उन्होंने प्रस्ताव को आवश्यक प्रक्रिया के साथ शीघ्र तैयार करने कहा। इसके बाद विधायक श्री उसेंडी एवं कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने अंतागढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन मास्टर   आर.के. गुप्ता से स्टेशन से संबंधित जानकारी ली तथा विधायक श्री उसेंडी ने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।साथ ही रावघाट से लौहआय स्क परिवहन के लिए रेल परिचलन मानक परिक्षण के संबंध में जानकारी ली ।
इसके पश्चात उन्होंने बालक प्राथमिक शाला अंतागढ़ का निरीक्षण किया।इस दौरान शिक्षकों की संख्या के अनुपात में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या कम पाए जाने पर विधायक एवं कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सहायक खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या बढ़ाने तथा अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए सख्त निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर के पीछे स्थित नगर पंचायत गार्डन के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद अध्यक्ष अंतागढ़ श्रीमती मनोरमा मंडावी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यापालन अधिकारी  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर  ए एस पैकरा, एस डी एम  राहुल रजक, सहित जन प्रतिनिधि एवं विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 21 सितंबर 2026 सोमवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 21  सितंबर  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. युवा उड़ान कार्यक्रम का आयोजन 22 सितंबर को नरहरदेव विद्यालय परिसर में।…

आज की टॉप 10 खबर 20 सितंबर 2026 रविवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 20  सितंबर  2026 रविवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. परंपरानुसार कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने परिवारजनों के साथ नवाखाई पर्व…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *