———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
21 सितंबर 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. युवा उड़ान कार्यक्रम का आयोजन 22 सितंबर को नरहरदेव विद्यालय परिसर में।
— छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत विजन-2047’ से जोड़ने तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कांकेर के शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर परिसर (डोम) में 22 सितंबर को में दोपहर 12 बजे से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के लगभग एक हजार युवाओं की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम की अवधि 2 घंटे 10 मिनट की होगी, इसमें तीन आमंत्रित विषय विशेषज्ञों हेतु 01 घंटा 30 मिनट तथा युवाओं के साथ संवाद, प्रश्नोत्तर एवं सुझाव के लिए 40 मिनट निर्धारित की गई है।।
———————–
✍️ 02. सेवा संकल्प अभियान के तहत पशुधन विकास विभाग ने चलाया जागरूकता एवं पशु चिकित्सा अभियान।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पशुधन विकास विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों में पशुपालकों को जागरूक करने के साथ पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, टीकाकरण एवं समुचित प्रबंधन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान पशुपालकों को पशुओं की नियमित देखभाल, समय पर टीकाकरण तथा घुमंतू एवं निराश्रित पशुओं के सुरक्षित एवं समुचित प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई।विकासखंड कांकेर अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में विभागीय टीमों द्वारा भ्रमण कर घुमंतू एवं निराश्रित पशुओं के प्रबंधन के संबंध में पशुपालकों को समझाइश दी गई। पशुपालकों से अपने पशुओं को खुले में न छोड़कर घरों में सुरक्षित रखने की अपील की गई। इस दौरान 208 पशुओं का सर्वे कर नवीन पशुओं को चिन्हित एवं टैगिंग की गई। साथ ही 12 पशुओं को रेडियम बेल्ट लगाए गए, जिससे रात्रि के समय उनकी दृश्यता बढ़ाने में मदद मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सकेगा।इसी क्रम में विकासखंड चारामा के ग्राम जुनवानी में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 45 पशुओं का उपचार, 149 पशुओं का एलएसडी टीकाकरण, 95 पशुओं को कृमिनाशक दवा तथा 120 पशुओं को औषधि वितरण किया गया। शिविर से कुल 38 पशुपालक लाभान्वित हुए।विकासखंड चारामा के ग्राम शाहवाडा में बहुउद्देशीय पशु चिकित्सा शिविर एवं कॉफ रैली का आयोजन किया गया। शिविर में 95 गौवंशीय पशुओं का एलएसडी टीकाकरण, 87 बकरियों का ईटी टीकाकरण, 142 पशुओं को औषधि वितरण, 22 पशुओं का उपचार तथा 33 गौवंशीय पशुओं को कृमिनाशक दवा दी गई। शिविर से 20 पशुपालक लाभान्वित हुए।पशुधन विकास विभाग द्वारा अभियान के दौरान पशुपालकों को पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कृमिनाशक दवा के उपयोग तथा पशुओं को सुरक्षित रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य एवं प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए इस प्रकार की गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं।
———————–
✍️ 03. महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए अनुशंसाएं आमंत्रित।
—खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित प्रारूप में अनुशंसाएं आमंत्रित की गई हैं। यह सम्मान प्रतिवर्ष एक खिलाड़ी को प्रदान किया जाएगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025-26 में सीनियर वर्ग की तीरंदाजी राष्ट्रीय चैंपियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेते हुए स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी अथवा अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी सम्मान के लिए पात्र होंगे।यदि संबंधित वर्ष में निर्धारित उपलब्धियों वाला तीरंदाजी खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होता है, तो नियमों के अनुसार पिछले तीन वर्षों तक की राष्ट्रीय शालेय अथवा राष्ट्रीय अंतर-विश्वविद्यालयीन तीरंदाजी प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों पर विचार किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में भी पात्र खिलाड़ी उपलब्ध न होने पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय खेल अलंकरण के लिए मान्य अन्य खेलों के राष्ट्रीय चैंपियनशिप या राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों पर विचार किया जाएगा।
सम्मान पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के लिए संयुक्त रूप से होगा तथा उपलब्धियों की तुलना संयुक्त रूप से की जाएगी। पात्रता के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना अथवा उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में छत्तीसगढ़ की किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था में नियमित अध्ययनरत होना या राज्य के शासकीय, अर्द्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में निरंतर कार्यरत होना आवश्यक है।सम्मान के अंतर्गत चयनित खिलाड़ी को एक लाख रुपये नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान खिलाड़ी को जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जाएगा।विभाग ने बताया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित प्रारूप में आवेदन विभागीय वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर अपलोड किए जाने पर ही मान्य होंगे। शासकीय, अर्द्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में कार्यरत आवेदकों को संबंधित विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है।
————————
✍️ 04. जिले में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक लगेगा मेगा स्वास्थ्य शिविर।
— “सेवा संकल्प अभियान के तहत कांकेर जिले के विभिन्न विकासखंडों में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक मेगा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। शिविरों की थीम “सभी के लिए स्वस्थ जीवन” रखी गई है। शिविरों में चिकित्सा सेवा, टीकाकरण एवं दवाई वितरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 सितंबर को कांकेर विकासखंड के ग्राम मोदे के शासकीय हाई स्कूल प्रांगण में, 01 अक्टूबर को चारामा विकासखंड अंतर्गत ग्राम हल्बा के मेलाभाठा स्थल, 02 अक्टूबर को कांकेर जिला मुख्यालय के जनकपुर वार्ड स्थित मेलाभाठा रंगमंच, 03 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत परिसर, 04 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर के ग्राम तारांदुल स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर तथा 05 अक्टूबर को दुर्गूकोंदल के ग्राम कोड़ेकुर्से स्थित दुर्गा मंच में शिविर आयोजित होगा। इसी क्रम में 06 अक्टूबर को नरहरपुर विकासखंड के ग्राम मांडाभर्री स्थित पंचायत भवन परिसर, 07 अक्टूबर को अंतागढ़ के ग्राम आमाबेड़ा स्थित बाजार स्थल दुर्गा चौक तथा 10 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा के ग्राम माहला स्थित प्राथमिक शाला खेल मैदान में मेगा स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। जिला प्रशासन ने लोगों से निर्धारित तिथि एवं स्थल पर पहुंचकर शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।
————————
✍️ 05. सोलर पैनल तकनीशियन एवं असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स में निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए 25 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित।
—जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में 30-30 सीटों पर सोलर पैनल तकनीशियन एवं असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए इच्छुक युवाओं से 25 सितंबर तक लाइवलीहुड कॉलेज, गोविंदपुर कांकेर में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिले के ऐसे युवा, जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है और जो इस प्रशिक्षण से जुड़कर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं। वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज की फोटो एवं निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।।
————————।
✍️06. गुण्डाधुर सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए अनुशंसाएं आमंत्रित।
—खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले गुण्डाधुर सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों एवं टीम से निर्धारित प्रारूप में अनुशंसाएं आमंत्रित की गई हैं। सम्मान के लिए अनुशंसाएं 20 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तुत की जा सकती हैं।गुण्डाधुर सम्मान एक खिलाड़ी अथवा एक टीम को प्रदान किया जा सकता है। सम्मान के अंतर्गत चयनित खिलाड़ी या टीम को एक लाख रुपये नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।सम्मान के लिए ऐसे खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने वर्ष 2025-26 में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय खेल अलंकरण के लिए मान्य खेलों की सीनियर वर्ग राष्ट्रीय चैंपियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक प्राप्त किया हो अथवा अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।सम्मान पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के लिए संयुक्त रूप से होगा तथा उपलब्धियों का मूल्यांकन संयुक्त रूप से किया जाएगा। पात्रता के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना अथवा उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में राज्य की किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था में नियमित अध्ययनरत होना या छत्तीसगढ़ के शासकीय, अर्द्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में निरंतर कार्यरत होना आवश्यक है।यह सम्मान खिलाड़ी को जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जाएगा। साथ ही, महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान से अलंकृत खिलाड़ी गुण्डाधुर सम्मान के लिए पात्र नहीं होंगे।शासकीय, अर्द्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में कार्यरत आवेदकों को संबंधित विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से विभागीय वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर अपलोड किए जाने पर ही मान्य होंगे।आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
————————
✍️07. वीबी-जी राम जी योजना से गांवों में बढ़ेंगी बुनियादी सुविधाएं।मुक्तिधाम, बालिका शौचालय, कृषि तालाब सहित 327 विकास कार्यों को मिली प्रशासकीय स्वीकृति।
—जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं के विकास और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत जिले के सभी जनपद पंचायतों में विभिन्न महत्वपूर्ण निर्माण एवं जनसुविधा से जुड़े 327 कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के लिए 15 करोड़ 13 लाख 63 हजार की राशि स्वीकृत की गई है।
स्वीकृत विकास कार्यों में ग्रामीण क्षेत्रों में मुक्तिधाम (श्मशान घाट) का निर्माण, बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय, जल संरक्षण के लिए कृषि तालाब सहित अन्य आवश्यक जनसुविधा एवं अधोसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जनपद पंचायतवार स्वीकृत कार्य एवं राशि इस प्रकार है—
– नरहरपुर विकास खण्ड -68 कार्यों के लिए 336.180 लाख रुपये।
– भानुप्रतापपुर विकास खण्ड –50 कार्यों के लिए 265.236 लाख रुपये।
– अंतागढ़ विकास खण्ड –48 कार्यों के लिए 200.510 लाख रुपये।
– चारामा विकास खण्ड -32 कार्यों के लिए 191.712 लाख रुपये।
– दुर्गूकोंदल विकास खण्ड — 31 कार्यों के लिए 182.168 लाख रुपये।
– कोयलीबेड़ा विकास खण्ड –: 52 कार्यों के लिए 176.020 लाख रुपये।
– कांकेर विकास खण्ड –46 कार्यों के लिए 161.810 लाख रुपये।
योजना के तहत स्वीकृत इन कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। मुक्तिधाम के निर्माण से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी, बालिका शौचालयों के निर्माण से स्वच्छता एवं गरिमा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी तथा कृषि तालाबों से जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय किसानों और ग्रामीण परिवारों को लाभ मिलेगा।
जिले में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दिए जाने से ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधोसंरचना का विकास सुनिश्चित होगा।
————————
✍️08.
—
——————-
✍️09.
—
———————–
✍️
10.
—
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






