(मनोज जायसवाल)
— विद्यालय के व्यवस्थापक अशोक राठी ने विधार्थियों की मेहनत‚कल्पना‚टीम भावना को सराहा।
कांकेर(सशक्त पथ संवाद)। दीपावली पर्व के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी कांकेर में कक्षा सजाओ प्रतियोगिता और दीपोत्सव का सुंदर आयोजन रखा गया।इस अवसर पर विद्यालय के व्यवस्थापक अशोक राठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बड़े ही रोचक ढ़ंग से अपनी कक्षाओं की साज सज्जा की तथा दीप जलाकर अतिथियों का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के व्यवस्थापक अशोक राठी ने विद्यार्थियों की मेहनत, कल्पना और टीम भावना को सराहा। उन्होंने कहा कि दीपावली आप सभी के जीवन में सुख, शांति और अच्छे संस्कार लेकर आये। प्राचार्य भूपेंद्र तिवारी ने कहा कि हमे दीपावली के पर्व पर मिट्टी के दीये का उपयोग करना चाहिए। साथ ही पटाखे का उपयोग कम करना चाहिए। दीपावली पर्व पर स्वदेशी का भाव परिलक्षित होना चाहिए। वरिष्ठ आचार्य श्रीमती सविता यादव ने कहा कि दीपावली का पर्व भगवान् श्री राम के अयोध्या आगमन पर मनाया जाता है। यह दीपदान व अन्य तमाम धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा हुआ है। वरिष्ठ आचार्य श्रीमती उत्तरा नायक ने भी दीपावली पर्व पर अनेक विशिष्ट जानकारी विद्यार्थियों को दी। वरिष्ठ आचार्य संतोष श्रीवास्तव “सम” ने अपनी कविता के माध्यम से कहा कि –
यह दीप पर्व रौशन करता,
हर घर, हर आंगन का कोना,
दमके जैसे कोई सोना।
कक्षा सजाओ प्रतियोगिता में कनिष्ट वर्ग से कक्षा प्रथम ने प्रथम स्थान पाया एवं वरिष्ठ वर्ग से कक्षा अष्टम् व कक्षा षष्ठ ने प्रथम स्थान अर्जित किया। कक्षा सजाओ प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में श्रीमती बबीता दीदी, श्रीमती रेणुका जैन, श्रीमती सविता यादव, श्रीमती शशिकला श्रीवास्तव, श्रीमती पूर्णिया पांडे व श्रीमती रूखमणी साहू थे। कार्यक्रम का संचालन जीवन गंगबेर ने किया। इस अवसर पर सभी आचार्य/दीदी व भैया बहन उपस्थित थे।






