आज की टॉप 10 खबर 24 सितंबर 2026 गुरूवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

24  सितंबर  2026 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. पुण्य सलिला महानदी की सहायक दूध नदी पर पुल और पहुंच मार्ग के लिए 16.15 करोड़ स्वीकृति।कोदाभाठ,माटवाड़ा मोदी मार्ग में बनेगा उच्च स्तरीय पुल। लोगों में खुशी की लहर।

—कांकेर को विकास की एक और सौगात मिली,जहां राज्य शासन ने कांकेर जिले में दूध नदी पर पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 16 करोड़ 14 लाख 71 हजार रुपए मंजूर किए हैं। इस राशि से कोदाभाठ-माटवाड़ा मोदी मार्ग पर दूध नदी पर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। उप-मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से राशि स्वीकृति का पत्र प्रमुख अभियंता को जारी कर दिया है।

समय सीमा में कार्य पूरा कराने निर्देश
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय-सीमा में काम पूर्ण किया जाना सुनिश्चित कराने को कहा है। कार्य पूर्ण किये जाने के लिए अनावश्यक समय-सीमा वृद्धि नहीं किए जाने के भी निर्देश विभाग ने दिए हैं। अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर मान्य कारणों के आधार पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा में वृद्धि की जा सकेगी।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्रियों एवं संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर उत्तरदायित्व का निर्धारण करते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। राज्य शासन ने प्रमुख अभियंता को कार्य की निविदा समय-सीमा में करने, निर्माण कार्य प्राक्कलन व कार्य संपादित करने में मितव्ययिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

———————–

✍️ 02. युवा रत्न सम्मान के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

—राज्य शासन द्वारा प्रदेश के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने तथा राज्य स्तर पर मान्यता प्रदान करने के उद्देश्य से युवा रत्न सम्मान योजना के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजनांतर्गत प्रत्येक वर्ष 01 स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में 01-01 उत्कृष्ट युवा को सम्मानित किए जाने का प्रावधान है। चयनित स्वैच्छिक संगठन को पदक, प्रमाण-पत्र एवं सम्मान स्वरूप 05 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। वहीं उत्कृष्ट युवा को 02 लाख 50 हजार रुपये की सम्मान राशि तथा अन्य युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित प्रत्येक युवा को 01 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
योजना के तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से 01 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त आवेदनों का जिला स्तरीय चयन निर्णायक समिति के माध्यम से नियमानुसार परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। पात्र आवेदनों की राज्य स्तर पर अनुशंसा की जाएगी। इच्छुक युवा एवं स्वैच्छिक संगठन अपने आवेदन जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण कांकेर के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

———————–

✍️ 03.नगर के गणेश पंडालों में जाकर कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने श्रीगणेश का दर्शन कर पूजा आरती में भाग लिया।

—कांकेर नगर के हर कोने में विराजे श्रीगणेश भगवान के पंडालों में कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने पहूंच कर पूजा अर्चना में भाग लिया। भक्तों के साथ मुखातिब होते हुए विसर्जन पर भी चर्चा करते हुए कई वर्षों से लगातार प्रति वर्ष पूरे भव्यता के साथ श्रीगणेश पंडाल सजाकर सनातन हिंदु संस्कृति एवं परंपराओं को निरंतर बनाये रखने के लिए स्वागत करते आभार व्यक्त किया।

फोटो—कांकेर विधायक आशा राम नेताम नगर में श्रीगणेश पूजा करते हुए।

युवाओं का हौसला अफजाई करते हुए धार्मिक आध्यात्मिक कार्यों के लिए हमेशा पहले कतार में बने रहने की बात बतातेे हुए हमेशा धर्म के कार्यो के लिए सहयोग की बात कही। इसके साथ ही आम सभी जनता के लिए श्रीगणेश की कृपा पूरे जिलेवासियों पर ऐसे बरसे कि यहां सुख,शांति,समृद्वि,खुशहाली कायम रहे।

————————

✍️ 04.राष्ट्रीय सेवा योजना के 57वें स्थापना दिवस पर नशामुक्ति की शपथ दिलायी गई।

— कृषि महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. प्रमोद कुमार नेताम ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा ही कल के विकसित भारत की नींव है। युवाओं का शारीरिक, मानसिक एवं वैचारिक रूप से स्वस्थ और नशामुक्त होना राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल दिव्य ने राष्ट्रीय सेवा योजना के गौरवशाली इतिहास, उद्देश्यों एवं ‘स्वयं से पहले आप’ के मूल मंत्र की जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों को नशामुक्ति का संदेश समाज तक पहुंचाने और जागरूकता दूत के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशामुक्ति एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े नारा वाचन, देशभक्ति गीत, कविता पाठ और भाषण प्रस्तुत किए। प्रथम वर्ष की छात्राओं योगेश्वरी, कनेश्वरी, अंजू एवं स्वाति तथा तृतीय वर्ष की छात्रा सुसमय ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में अतिथि शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार गंजीर एवं डॉ. उषा यादव सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।

 ————————

✍️ 05.स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत अलबेलापारा तालाब में सफाई अभियान।  

—नगर पालिका परिषद कांकेर द्वारा वार्ड क्रमांक 01 स्थित अलबेलापारा तालाब में सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य शहर के जलस्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।सफाई अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छता टीम के सदस्यों, चेंबर ऑफ कॉमर्स कांकेर के सदस्यों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए अलबेलापारा तालाब परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की। इस दौरान तालाब परिसर में मौजूद कचरे एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर उनका उचित निस्तारण किया गया तथा तालाब के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सफाई कार्य किया गया।अभियान के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है तालाब, नदी, नालों सहित अन्य जलस्रोतों में कचरा एवं अपशिष्ट सामग्री न डालें और अपने आसपास के जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। जलस्रोतों की स्वच्छता केवल सफाई अभियान तक सीमित न रहकर नियमित जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बने, इस दिशा में भी लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, चेंबर ऑफ कॉमर्स कांकेर के सदस्य, नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वच्छता टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

———————— 

✍️06. जिले में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक होगा ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन।

—“सेवा संकल्प अभियान” के तहत जिले में जिला स्तरीय ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ 30 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर  कुन्दन कुमार द्वारा शिविरों के सफल क्रियान्वयन, पर्यवेक्षण तथा विभागीय सहयोग एवं समन्वय के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।जारी आदेशानुसार 30 सितंबर को विकासखंड कांकेर के ग्राम मोदे के शासकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग  समीर पाण्डे को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार 01 अक्टूबर को चारामा विकासखंड के ग्राम हल्बा के शासकीय हाईस्कूल प्रांगण टीना शेड में होने वाले शिविर के नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कुंदन राणा, 02 अक्टूबर को कांकेर के मेलाभाठा, जनकपुर वार्ड में आयोजित शिविर हेतु नोडल अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी होंगे।इसी प्रकार में 03 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत परिसर में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी उप संचालक कृषि  जितेन्द्र कोमरा, 04 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर विकासखंड के तरांदुल के हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री टंकेश्वर देवांगन तथा 05 अक्टूबर को दुर्गूकोंदल विकासखंड के कोडे़कुर्से हाई स्कूल मैदान में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला परिवहन अधिकारी  प्रकाश रावटे होंगे। इसी प्रकार 06 अक्टूबर को नरहरपुर विकासखंड के मांडाभर्री ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविर हेतु सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री जया मनु, 07 अक्टूबर को अंतागढ़ विकासखंड के आमाबेड़ा बाजार स्थल में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती शांति ध्रुव तथा 10 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम माहला के प्राथमिक शाला खेल मैदान में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला योजना एवं सांख्यिकीय अधिकारी  विनोद कुमार अहिरवार को नियुक्त किया गया है।

————————

✍️07.चारामा में सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित। स्वच्छता दीदियों एवं सफाई कर्मियों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण।

—स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत चारामा द्वारा सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर पंचायत चारामा में कार्यरत स्वच्छता दीदियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी एवं उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान उपस्थित स्वच्छता दीदियों एवं स्वच्छता कर्मियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। मोबाइल मेडिकल यूनिट में स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं चिकित्सा दल द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर कर्मियों को उनके स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। जांच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी किसी प्रकार की आवश्यकता पाए जाने पर उचित चिकित्सकीय सलाह भी दी गई।इस अवसर पर स्वच्छता कर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही सफाई कार्य के दौरान संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की समझाइश दी गई। स्वच्छता कर्मियों को कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया। दस्ताने, मास्क, जूते एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने से सफाई कार्य के दौरान संभावित स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव किया जा सकता है। इस संबंध में कर्मियों को सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग एवं कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। 

————————

✍️08.‘उम्मीद की उड़ान’ में महिलाओं को स्वावलंबन से जुड़ने का संदेश। कौशल्या देवी साय ने कहा- स्वसहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं योजनाओं का लाभ उठाएं और आर्थिक रूप से मजबूत बनें।

—भारतीय आदिम जाति सेवक संघ (स्टेट बोर्ड छत्तीसगढ़) द्वारा बस्तर क्षेत्र की महिलाओं के उत्थान, सम्मान, स्वावलंबन एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ‘उम्मीद की उड़ान’ कार्यक्रम का आयोजन कांकेर में किया गया। कार्यक्रम में कांकेर, सुकमा, बस्तर एवं नारायणपुर जिले से स्व-सहायता समूहों की महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आजीविका के अवसरों, स्वरोजगार और शासन की योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय आदिम जाति सेवक संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती कौशल्या देवी साय थीं। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं अधिक से अधिक संख्या में स्व-सहायता समूहों से जुड़ें और लखपति दीदी योजना सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि बस्तर में परिस्थितियों में बदलाव के साथ महिलाओं के सामने आगे बढ़ने के नए अवसर उपलब्ध हैं। समय कम है और काम अधिक है, इसलिए महिलाएं एकजुट होकर इन अवसरों का लाभ उठाएं। श्रीमती कौशल्या देवी साय ने स्थानीय संसाधनों को आजीविका से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिमी कंद को पकाकर, सुखाने के बाद उसकी पैकिंग कर बाजार में बिक्री की जा सकती है। जिमी कंद और मुनगा को मध्याह्न भोजन में शामिल करने की दिशा में भी प्रयास किए जा सकते हैं। इच्छुक महिलाएं कपड़ों एवं फैब्रिक पर डिजाइन तैयार कर अपनी कला को आय का माध्यम बना सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को गेंदा फूल की खेती करने तथा एक-दूसरे से सलाह लेकर अपने अनुभव एवं ज्ञान को साझा करने के लिए भी प्रेरित किया। चरोटा भाजी जैसे स्थानीय खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने की बात कही तथा बच्चों और बड़ों के लिए पौष्टिक स्थानीय खाद्य पदार्थों के उपयोग को प्रोत्साहित किया। उन्होंने दोना-पत्तल के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में भी दोना-पत्तल का उपयोग किया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिल सके।

महिलाओं की आर्थिक उन्नति से परिवार में आएगी खुशहाली –   आशाराम नेताम
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि सरकार की सोच है कि अधिक से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनें और आर्थिक रूप से आगे बढ़ें। महिलाओं की आर्थिक उन्नति से परिवार में खुशहाली आएगी। उन्होंने महिलाओं से केन्द्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के साथ ही मुख्यमंत्री   विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का भी लाभ उठाने का आह्वान किया।

बस्तर में विकास को मिलेगी नई गति – डॉ. ममता साहू
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कहा कि बस्तर में नक्सल समस्या के प्रभाव से बाहर निकलने के बाद विकास को गति देने के नए अवसर सामने आए हैं। उन्होंने महिलाओं से आगे बढ़कर अपने अधिकारों और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को किसी प्रकार की समस्या हो तो वे अपनी बात महिला आयोग के समक्ष रख सकती हैं।

महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करने बनाया जाएगा व्हाट्स ऐप समूह- प्रकाश कुमार उईके
भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश कुमार उईके ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल स्व-सहायता समूहों की महिलाओं का व्हाट्स ऐप समूह बनाया जाएगा, जिसके माध्यम से महिलाएं अपनी समस्याएं एवं सुझाव सीधे संगठन तक पहुंचा सकेंगी। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ (स्टेट बोर्ड छत्तीसगढ़) के प्रदेश अध्यक्ष श्री कुंवर जितेन्द्र नरसिंह राणा तथा संगठन के राष्ट्रीय प्रशासनिक अधिकारी   जी.आर. चुरेन्द्र ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वावलंबन की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में कांकेर, सुकमा, बस्तर एवं नारायणपुर जिले से पहुंचीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपने-अपने समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों, आजीविका कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। महिलाओं ने समूह के माध्यम से किए जा रहे कार्यों तथा भविष्य की संभावनाओं पर भी अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर पद्मश्री  अजय मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नेरेटी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, नगर पालिका परिषद कांकेर अध्यक्ष  अरुण कौशिक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी   हरेश मंडावी, श्रीमती अर्चना गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।

 ——————- 

✍️09. जल जीवन मिशन के कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा, शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन के दिए निर्देश।

— कलेक्टर   कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में आज जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित नल-जल योजनाओं की प्रगति, पूर्ण योजनाओं के सत्यापन, भुगतान, पंप ऑपरेटरों की नियुक्ति तथा योजनाओं के ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी नल-जल योजनाओं का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा सत्यापन के बाद पात्र योजनाओं के भुगतान की कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रत्येक योजना में पेयजल आपूर्ति एवं पंप संचालन के लिए पंप ऑपरेटर की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सत्यापन के दौरान सरपंच एवं वार्ड पंच के हस्ताक्षर भी लिए जाएं। साथ ही सोलर योजनाओं के सत्यापन के समय क्रेडा के अधिकारी को भी उपस्थित रखा जाए, ताकि संबंधित कार्यों का समुचित सत्यापन हो सके। उन्होंने नल-जल योजनाओं में पंप चोरी की घटनाओं पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंप चोरी होने की स्थिति में एफआईआर दर्ज कराई जाए, ताकि योजनाओं का संचालन प्रभावित न हो।
बैठक में योजनाओं के सत्यापन एवं भुगतान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सत्यापन के बाद जिन योजनाओं में भुगतान किया जाना है, उनकी कार्यवाही एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को योजनाओं का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर टेक्निकल सैंक्शन को नियमानुसार रिवाइज करने की कार्यवाही की जाए। सोलर योजनाओं में भी लंबित भुगतान की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों के एग्रीमेंट की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने जून 2022 से पहले किए गए एग्रीमेंट तथा वर्ष 2022 के बाद किए गए एग्रीमेंट की पृथक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन अभियंता ने समीक्षा के दौरान बताया कि लंबित भुगतान की स्थिति की जानकारी सितंबर माह के अंत तक भुगतान की कार्यवाही पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही क्रेडा से संबंधित कार्यों के भुगतान की कार्यवाही भी निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित की जाएगी। कार्यपालन अभियंता द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति, पूर्ण योजनाओं, सत्यापन एवं भुगतान सहित विभिन्न कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुर्रे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता कुंदन राणा, संबंधित विभागीय अधिकारी एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।

  ———————–

✍️ 10.लगातार हो रही  झमाझम  बारिश से महानदी का जल स्तर लगातार बढ रहा।

—जिले में लगातार हो रही   झमाझम  बारिश से पुण्य सलिला महानदी का जल स्तर लगातार बढ रहा है। ऊपरी क्षेत्रों मे लगातार हो रही बारिश के चलते ही जल स्तर तेजी से बढ रहा है। महानदी की सहायक हटकुल,नैनी,सिंदुरी,दुधनदी के साथ कई स्थानीय नालों से भी पानी आता है। महानदी चारामा क्षेत्र के ग्राम भिरौद से आगे गंगरेल जलाशय के कैचमेंट क्षेत्र में मिल जाती है। महानदी के हाराडुला घाट पुल टूट जाने से आम लोग भिरौद पुल की ओर से घुम कर जाना पड रहा है। लगातार बारिश से इधर नारा पुल के सामने वाले रपटे के ऊपर से पानी बहने के चलते यातायात अवरूद्व होता है, यहां से कुरना-शाहवाडा तक एकांगी सडक होने से क्षेत्रवासियों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। एक दो चारपहिये आमने सामने हों तो बमुश्किल सडक से पार किया जाता है। चौबीसों यातायात होने वाले इस मार्ग के लिए जनप्रतिनिधी उदासीन है,जबकि क्षेत्रवासियों की यह मांग कई वर्षो से है।  

————————

विशेष—
छत्तीसगढ प्रदेश अन्य पिछडा वर्ग समाज की  चारामा ब्लाक  एक महती बैठक  28 सितंबर को जैसाकर्रा  साहू सदन में आयोजित।  कल 25 सितंबर को गणेश प्रतिमाओं का होगा विसर्जन।  खबर  लिखे जाने तक अभी  झमाझम बारिश हो रही है और  कई गणेश पंडालों में  हवन पूजा चल रहा है।

————————

राजधानी से मिली प्रेरणा, केसेकोड़ी में बना बेटियों के लिए आधुनिक शौचालय

—आदिवासी महिला सरपंच फूलबती उसेंडी की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना, वीबीजी रामजी योजना के तहत प्रदेश का पहला आधुनिक बालिका शौचालय
— कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत केसेकोड़ी में बना बालिका शौचालय इन दिनों सिर्फ एक निर्माण नहीं, बल्कि एक महिला सरपंच की सोच और पहल की कहानी बन गया है। दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्र की आदिवासी महिला सरपंच फूलबती उसेंडी ने राजधानी प्रवास के दौरान देखी आधुनिक शौचालय की सुविधा से प्रेरणा ली और तय किया कि उनके गांव की बेटियों को भी ऐसी ही सुविधा मिलनी चाहिए।फूलबती उसेंडी बताती हैं कि राजधानी जाने के दौरान उन्होंने आधुनिक तरीके से बनाए गए शौचालय और उसमें उपलब्ध सुविधाओं को देखा था। वहीं से उनके मन में विचार आया कि जब शहरों में बेटियों के लिए बेहतर और सुविधाजनक शौचालय बनाए जा सकते हैं, तो उनके गांव में भी ऐसी सुविधा क्यों नहीं हो सकती। उन्होंने लौटकर पंचायत में इस बात को रखा। सवाल सिर्फ शौचालय बनाने का नहीं था, बल्कि ऐसा शौचालय बनाने का था जिसे देखकर गांव की बेटियों को भी लगे कि उनके लिए कुछ खास सोचा गया है।

‘रायपुर में देखा तो लगा, हमारे गांव की बेटियों के लिए भी ऐसा होना चाहिए’
सरपंच फूलबती उसेंडी के मुताबिक, “मैं राजधानी रायपुर गई थी। वहां आधुनिक शौचालय देखा तो मुझे लगा कि हमारे गांव की बेटियों को भी ऐसी सुविधा मिलनी चाहिए। फिर हमने सोचा कि सामान्य शौचालय बनाने के बजाय ऐसा शौचालय बनाया जाए, जो साफ-सुथरा, सुविधाजनक और बेटियों के लिए उपयोगी हो।” इसके बाद पंचायत स्तर पर योजना तैयार की गई। निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखने के साथ शौचालय को बालिकाओं की जरूरत के मुताबिक तैयार कराया गया। भवन पर ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ का संदेश भी अंकित किया गया है, जो इस पूरे प्रयास की सोच को सामने रखता है।

निर्माण से ज्यादा महत्वपूर्ण थी सोच
केसेकोड़ी जैसे दूरस्थ इलाके में बालिकाओं के लिए आधुनिक शौचालय की सुविधा तैयार करना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्राथमिकता अक्सर सड़क, नाली, भवन और अन्य अधोसंरचना तक सीमित रहती है। ऐसे में पंचायत ने बालिकाओं की एक बुनियादी लेकिन महत्वपूर्ण जरूरत को प्राथमिकता दी। पंचायत से जुड़े लोगों के मुताबिक, शौचालय निर्माण के दौरान गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और इसे बेहतर स्वरूप देने पर जोर दिया गया। इसी सोच का परिणाम है कि केसेकोड़ी का यह शौचालय अब सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश से बाहर भी चर्चा में आया है।

सरपंच की पहल, प्रशासन का सहयोग
इस काम को जमीन पर उतारने में ग्राम पंचायत की पहल के साथ प्रशासनिक स्तर पर मिले सहयोग को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांकेर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी और कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत के सीईओ   उदय प्रकाश नाग की निगरानी और सहयोग से पंचायत को योजना को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिली। ग्रामीण स्तर पर किसी अच्छी पहल को केवल पंचायत की उपलब्धि के रूप में नहीं देखा जा सकता। जनप्रतिनिधि की सोच, पंचायत की सक्रियता और प्रशासनिक अधिकारियों के मार्गदर्शन, इन तीनों के समन्वय से ही ऐसी योजनाएं जमीन पर बेहतर रूप लेती हैं। केसेकोड़ी का यह काम इसी समन्वय का उदाहरण है।

‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ सिर्फ दीवार पर नहीं, सोच में भी
केसेकोड़ी का बालिका शौचालय यह संदेश देता है कि ग्रामीण विकास केवल बड़े निर्माण कार्यों का नाम नहीं है। किसी गांव की वास्तविक जरूरत को समझना और उसी के अनुरूप सुविधा तैयार करना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वीबीजी रामजी योजना के तहत प्रदेश का पहला आधुनिक बालिका शौचालय होने का दावा किए जा रहे इस निर्माण की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पंचायत की चर्चा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची है।फूलबती उसेंडी के लिए यह केवल एक सरकारी योजना का काम नहीं, बल्कि राजधानी में देखे गए एक विचार को अपने गांव तक लाने की कोशिश थी। वह कहती हैं कि “अगर हमारी बेटियों को यह सुविधा पसंद आती है और वे इसका अच्छे से इस्तेमाल करती हैं, तो हमारे लिए यही सबसे बड़ी खुशी है।” केसेकोड़ी की यह कहानी बताती है कि विकास की शुरुआत हमेशा बड़े बजट से नहीं होती। कई बार शुरुआत एक छोटे से सवाल से होती है कि ‘जो सुविधा शहर की बेटियों को मिल रही है, वह हमारे गांव की बेटियों को क्यों नहीं मिल सकती।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 23 सितंबर 2026 बुधवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 23  सितंबर  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन एवं अभिनंदन कार्यक्रम…

आज की टॉप 10 खबर 22 सितंबर 2026 मंगलवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 22  सितंबर  2026 मंगलवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. गोविंदपुर में  बडी सडक दुर्घटना में बची मेडिकल छात्रा। मेडिकल कालेज हास्टल…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *