आज की टॉप 10 खबर 25 सितंबर 2026 शुक्रवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

25  सितंबर  2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. भारी बारिश को देखते हुए जिले के सभी स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आज अवकाश घोषित। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया निर्णय।

—जिले में हो रही भारी बारिश एवं मौसम की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने विद्यार्थियों एवं बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आज अवकाश घोषित किया है।कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मैदानी अमले को भी मौसम एवं स्थानीय परिस्थितियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचें और बच्चों एवं परिवारजनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था के दिए निर्देश। 

जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों में बढ़े जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने आज कांकेर शहर एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सर्वप्रथम कांकेर शहर के दूध नदी के किनारे शांति नगर वार्ड स्थित क्षेत्र का निरीक्षण किया। नदी के बढ़ते जलस्तर एवं आसपास की स्थिति का जायजा लेते हुए नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नदी किनारे आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने, रेड फ्लैग लगाने तथा खतरे से संबंधित सूचना एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। पुलिस, होमगार्ड, नगरपालिका एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा लगातार निगरानी बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने पार्षद से चर्चा कर क्षेत्र की स्थिति एवं स्थानीय समस्याओं की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने भंडारीपारा के महादेव वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नदी किनारे बसे लोगों से चर्चा कर बारिश एवं जलस्तर की स्थिति की जानकारी ली तथा लगातार हो रही बारिश को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों के समीप नहीं जाने की समझाइश दी। उन्होंने नदी किनारे बसे वार्डवासियों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने तथा आवश्यकता पड़ने पर घर खाली कर पंचायत भवन जैसे सुरक्षित स्थानों में पहुंचने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मनकेशरी के नदी किनारे के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया तथा लोगों को शीघ्र सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाईश दी। नदी किनारे अनाधिकृत रूप से अतिक्रमण नहीं करने के संबंध में भी लोगों को समझाइश दी। उन्होंने संबंधित सरपंच एवं सचिव को नदी किनारे की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा जलभराव एवं बाढ़ को देखते हुए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी   हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर   जितेन्द्र कुर्रे एवं एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 

———————–

✍️ 02. वंदेमातरम गीत गाकर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने राष्ट्र व्यापी आयोजन का अंग बना सरस्वती शिशु मंदिर कांकेर।

फोटो— आयोजन में मुख्य वक्ता सुरेशचंद्र श्रीवास्तव उद्बोधन देते हुए।

—वंदेमातरम गीत गाकर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने राष्ट्र व्यापी आयोजन का सरस्वती शिशु मंदिर कांकेर बना, जहां आज भारी बारिश के बावजूद सामूहिक वंदेमातरम गायन समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

आयोजन में मुख्यअतिथि कांकेर सांसद भोजराज नाग थे।कार्यक्रम की अध्यक्षता कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने की। मुख्य वक्ता के रूप में नगर के साहित्यकार सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, विशेष अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, विद्या भारती संगठन मंत्री डा. देवनारायण साहू, व्यवस्थापक अशोक राठी, उपाध्यक्ष रामशरण जैन, प्राचार्य भूपेंद्र तिवारी उपस्थित थे।उपस्थित अतिथियों का आत्मीय स्वागत उपरांत सभी उपस्थित जनों द्वारा वंदेमातरम गीत का सामूहिक गायन किया गया। बात रखते हुए सुरेश चंद श्रीवास्तव ने कहा- स्वतंत्रता संग्राम में वंदेमातरम शब्द ऊर्जा का संचार करने वाला बना था। आजादी की पृष्ठभूमि इस गीत के आसपास थी। यह गीत संगठनात्मक एकता को बल देता है। आनंदमठ उपन्यास का जिक्र करते हुए इस गीत की संक्षिप्त व्याख्या भी उन्होंने किया। साथ ही वंदेमातरम गीत की स्वतंत्रता में अभूतपूर्व योगदान का उल्लेख किया।

संगठन मंत्री डा. देवनारायण साहू ने कहा कि वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विद्या भारती ने यह वृहद आयोजन वंदेमातरम गीत का किया है। गिनीज बुक में नाम दर्ज कर राष्ट्र सेवा का अनुपम योग सरस्वती शिशु मंदिरो ने दिया है। कांकेर शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष रामशरण जैन ने कहा कि वंदेमातरम गायन का यह अभूतपूर्व योगदान निश्चित ही आने वाले समय के लिए प्रेरणा का कार्य करेगा। कांकेर शिक्षा समिति व विद्यालय के व्यवस्थापक अशोक राठी ने समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए इस राष्ट्र व्यापी कार्यक्रम की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया तथा वंदेमातरम गायन को देशभक्ति भाव जगाने वाला स्वतंत्रता संग्राम का प्रेरक गीत बताया। अंत में विद्यालय की बहन लोमांशी देवांगन ने वंदेमातरम पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी।संचालन आचार्य सूरज नेताम ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य गण, दीदियां,भैया बहन, पालकगण तथा गणमान्य नागरिक गण उपस्थित थे।

———————–

✍️ 03.सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन-अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित। श्रीमती कौशल्या विष्णुदेव साय ने कहा-महिलाएं बिना संकोच आगे आएं और अपनी प्रतिभा व कला को पहचान दें ।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन-अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ स्टेट बोर्ड भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती कौशिल्या विष्णुदेव साय शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिला हितग्राहियों, मितानिनों, महिला जनप्रतिनिधियों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया तथा उनके द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का स्वाद भी लिया। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार व्यंजनों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की प्रतिभा और मेहनत को प्रोत्साहन देने के लिए उन्हें आगे आने के अवसर मिलना जरूरी है।

श्रीमती कौशल्या विष्णुदेव साय ने कहा कि महिलाओं को अपनी कला और प्रतिभा दिखाने के लिए घर से बाहर निकलना होगा। महिलाएं बिना संकोच एक-दूसरे से संवाद करें और अपने अनुभव साझा करते हुए आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार अंतिम घर के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा विशेष रूप से जनजातीय समूहों सहित जरूरतमंद परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाया जा रहा है।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू ने कहा कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। बस्तर क्षेत्र में शांति और भयमुक्त वातावरण बनने के साथ महिलाओं के लिए विकास और आत्मनिर्भरता के नए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने महिलाओं से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्निका शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं, मितानिनों एवं महिला हितग्राहियों का सम्मान किया गया। साथ ही महिला जनप्रतिनिधियों को भी तेजा का उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए माहुदबंदपारा कांकेर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती भगवती जगताप, संजय नगर के सुश्री मिथलेश्वरी मण्डावी, अलबेलापारा के मितानीन अनिता कुमेटी एवं श्रीराम नगर के सरिता यादव के साथ ही महतारी वंदन के हितग्राही उयद नगर कांकेर के श्रीमती अंजली सिंह तथा बाबूदबेना के श्रीमती प्रतिभा लाटिया को सम्मानित किया गया।

श्रीमती कौशल्या विष्णुदेव साय ने गांधी ग्राम कुलगांव का किया भ्रमण
महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की ली जानकारी, बंद गतिविधियों को पुनः शुरू करने की पहल।श्रीमती कौशल्या विष्णुदेव साय ने गांधी ग्राम कुलगांव का भ्रमण कर वहां महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर महिला स्व-सहायता समूह के कार्यों, आजीविका के साधनों तथा वर्तमान में संचालित गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। ग्राम कुलगांव में वर्तमान में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा मुर्गी पालन एवं बकरी पालन का कार्य किया जा रहा है। वहीं सरकार द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों को विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों से जोड़ने के लिए शेड का निर्माण कराया गया था। इन शेडों में दोना-पत्तल निर्माण, मसाला उद्योग, रागी प्रोसेसिंग यूनिट, हथकरघा कार्य, मशरूम उत्पादन तथा तालाब में मछली पालन जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इन गतिविधियों से 09 महिला स्व-सहायता समूह जुड़े हुए थे, लेकिन वर्तमान में इनमें से अधिकांश गतिविधियां बंद हैं। भ्रमण के दौरान इन गतिविधियों को पुनः प्रारंभ करने की दिशा में पहल करने की बात कही गई, ताकि महिला स्व-सहायता समूहों को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के बेहतर अवसर मिल सकें तथा उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को और मजबूत किया जा सके।
————————

✍️ 04.उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही । अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री हेतु ग्राहक तलाश रहे आरोपी को भानुप्रतापपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार। आरोपी के कब्जे से 2.855 किलोग्राम गांजा, कीमत 1,42,750/- बरामदआरोपी के विरुद्ध NDPS Act के तहत अपराध पंजीबद्ध कर की गई वैधानिक कार्यवाही ।।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में भानुप्रतापपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।दिनांक 24.09.2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सहकट्टा में एक व्यक्ति अपने घर के पीछे अवैध रूप से गांजा छिपाकर बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा है।सूचना पर भानुप्रतापपुर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी एवं जांच की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी यशवंत धनेलिया को अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री हेतु ग्राहक तलाश करते हुए पकड़ा गया।आरोपी के कब्जे से 2.855 किलोग्राम गांजा, अनुमानित कीमत 1,42,750/- बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना भानुप्रतापपुर में NDPS Act के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी में—यशवंत धनेलिया, पिता वासुदेव, उम्र 39 वर्ष, निवासी सहकट्टा, थाना भानुप्रतापपुर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़)।बरामदगी विवरण:-गांजा – 2.855 किलोग्रामअनुमानित कीमत – 1,42,750/- पुलिस टीम में—
निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर,सउनि कैलाश पांडे,प्रधान आरक्षक 551 विजय कटकवार,आरक्षक 21 टोमन साहू
आरक्षक 428 गौतम हुपेंडी,महिला सहायक आरक्षक 161 मीनाक्षी मरकाम रहे।

 ————————

✍️ 05.लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश मौसम विभाग की रेड अलर्ट चिंता का विषय।

— अर्नब चक्रवात पूरे छत्तीसगढ में तांडव मचा रही है।  मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की रेड अलर्ट से पूरे बस्तर संभाग के नदी नाले उफान पर है। कांकेर जिले में महानदी खतरे के निशान पर है,तो तमाम सहायक नदियां उफन रही है। बस्तर लाईफ लाईन चारामा से आगे बालोद की सीमा पर मरकाटोला घाट जिसे काट कर सडक बनायी गई है,भू-स्खलन देखने मिला। जहां हालांकि कोई जानमाल की हानि तो नहीं हुई पर कुछ देर यातायात अवरूद्व रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 चारामा नगर में मुख्य मार्ग पर पानी का जलजमाव देखने मिला, तो कांकेर से सटे गोविंदपुर में सडक पर घुटने भर पानी भर गया। इधर कांकेर नगर दूध नदी किनारे के गांव भंडारी पारा में दूध नदी का पानी आ जाने से मस्जिद की ओर पानी का बहाव दिखाई दिया। प्रशासन की नजर बनी हुई है। चारामा नैनी नदी भी उफान पर है। बीते दशकों से चारामा प्रवेश पूर्व इस नदी पर उच्च स्तरीय पुल से हालांकि आवाजाही प्रभावित नहीं हो रही है।   लेकिन मुख्य महानदी  भिरौद घाट को देखें जहां दोनों पुल से पानी के चलते किसानों की फसलों की तबाही भी देखी जा सकती है। अवैध तरीके से रेत उत्खनन का दुष्परिणाम स्पष्टया  अब पता चलने लगा है।

मरकाटोला घाट पर दर्दनाक सडक हादसा

मरकाटोला घाट में आज शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 6 लोगों की मौत होने की सूचना है।  रायपुर से जगदलपूर गेहूं भर कर जा रही ट्रक जो मरकाटोला घाट से उतर रहा था कि गणेश विजर्सन को इधर से जा रही पिकअप जिसमें 13 लोग सवार थे‚ आमने सामने टक्कर मार दी पिकअप को घसीटते दूर तक ले गई जहां सवार 4 युवकों ने  मौके पर ही दम तोड दिया।  हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।  स्थल पर तत्काल हाईवे पेट्रोलिंग टीम एवं  गुरूर पुलिस पहूंच कर कार्रवाई करते हुए पिकअप में फंसे लोगों को क्रेन से निकलवाया गया।  07 से अधिक घायलों  को  जिला चिकित्सालय धमतरी अस्पताल रिफर किया गया। गौरतलब कि यहां पहले भी भू—स्खलन की घटना हो चुकी है। वर्तमान में लगातार बारिश के चलते  पत्थर ऊपर पहाडी से  राजमार्ग में  गिर गये थे‚ इसे भी साफ कराया गया ‚तब यातायात बहाल हुआ।

———————— 

✍️06. जिले में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक होगा ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन।

—“सेवा संकल्प अभियान” के तहत जिले में जिला स्तरीय ‘सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर’ 30 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर  कुन्दन कुमार द्वारा शिविरों के सफल क्रियान्वयन, पर्यवेक्षण तथा विभागीय सहयोग एवं समन्वय के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।जारी आदेशानुसार 30 सितंबर को विकासखंड कांकेर के ग्राम मोदे के शासकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग  समीर पाण्डे को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार 01 अक्टूबर को चारामा विकासखंड के ग्राम हल्बा के शासकीय हाईस्कूल प्रांगण टीना शेड में होने वाले शिविर के नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कुंदन राणा, 02 अक्टूबर को कांकेर के मेलाभाठा, जनकपुर वार्ड में आयोजित शिविर हेतु नोडल अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी होंगे।इसी प्रकार में 03 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत परिसर में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी उप संचालक कृषि  जितेन्द्र कोमरा, 04 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर विकासखंड के तरांदुल के हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री टंकेश्वर देवांगन तथा 05 अक्टूबर को दुर्गूकोंदल विकासखंड के कोडे़कुर्से हाई स्कूल मैदान में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला परिवहन अधिकारी  प्रकाश रावटे होंगे। इसी प्रकार 06 अक्टूबर को नरहरपुर विकासखंड के मांडाभर्री ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविर हेतु सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री जया मनु, 07 अक्टूबर को अंतागढ़ विकासखंड के आमाबेड़ा बाजार स्थल में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती शांति ध्रुव तथा 10 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम माहला के प्राथमिक शाला खेल मैदान में आयोजित शिविर के नोडल अधिकारी जिला योजना एवं सांख्यिकीय अधिकारी  विनोद कुमार अहिरवार को नियुक्त किया गया है।

————————

✍️07. गंगरेल के सभी 14 गेट खोले गये, प्रशासन द्वारा नदी किनारे गावों को किया अलर्ट।

—छत्तीसगढ में भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किया गया है। तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते महानदी की प्रमुख गगरेल बांध के सभी गेट खोले गये, प्रशासन द्वारा नदी किनारे गावों को किया अलर्ट कर नजर रखी जा रही है। मुरूमसिल्ली बांध,दुधावा आदि बांध के गेट भी ख्ुाले हैं,जो पानी गंगरेल में खोला गया है।

वीडियो— चारामा के अरौद घाट पर ऊफान पर महानदी।

क्षेत्र में भी लगातार बारिश हो रही है‚ जहां अरौद के सामने गोडधोंवा नाला‚ नारा से पहले पडने वाला रपटा‚नरहरपुर जाने वाले नाले सब ऊफन रहे हैं‚ तो वीडियो में महानदी के अरौद घाट की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है‚ अगर बारिश नहीं रूकी तो अरौद घाट में पुल के ऊपर पानी का बहाव आ सकता है। क्षेत्र में कई जगह एयर नेटवर्क भी खराब  है‚जहां  मोबाईल से बातचीत नहीं हो रहा है। चारामा ब्लाक के महानदी क्षेत्र में टांहकापार  सब स्टेशन से  लगातार बिजली का आना जाना लगा है। लोग परेशान हैं।

————————

✍️08.जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक बाइक रैली का आयोजन।  

—जल संसाधन विभाग द्वारा “जल जन सेवा संकल्प” अभियान के अंतर्गत 27 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा सभी संबंधित जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।जारी निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को जिला नोडल अधिकारी नामांकित किया गया है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर बाइक रैली के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा गया है।

 ——————- 

✍️09.गुण्डाधूर सम्मान एवं प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित।

—छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सर्वाेत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रदान किए जाने वाले गुण्डाधूर सम्मान एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ियों से 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित अंतिम तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर ने बताया कि निर्धारित प्रारूप में आवेदन संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की विभागीय वेबसाइट http//sportsyw.cg.gov.in पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। उन्होंने बताया कि गुण्डाधूर सम्मान एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान शासन द्वारा निर्धारित नियमावली, प्रावधानों एवं पात्रता शर्तों के अनुसार चयन जूरी द्वारा किसी एक खिलाड़ी अथवा एक दल को प्रदान किया जाएगा। सम्मान के तहत 01 लाख रुपये नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। सम्मान की नियमावली, चयन मापदंड एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, कांकेर से संपर्क कर सकते हैं।

  ———————–

✍️ 10.कांकेर पुलिस ने चोरी के दो मामलों का किया खुलासा। हल्बा चौकी एवं नरहरपुर थाना क्षेत्र के दो चोरी के मामलों में चोरी करने वाले महिला एवं पुरुष आरोपी गिरफ्तार। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण एवं चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त ।5 लाख से अधिक मूल्य की के जेवरात बरामद।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—प्रार्थिया मधुबाई मंडावी, निवासी किलेपार, चौकी हल्बा, थाना नरहरपुर द्वारा दिनांक 05.08.2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 29.07.2026 से 03.08.2026 के मध्य अज्ञात आरोपी द्वारा उसके घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए हैं। रिपोर्ट पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 166/2026, धारा 305, 331 बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भापुसे.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में चौकी हल्बा, थाना नरहरपुर एवं साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG-05-AU-1817 TVS Sport में एक महिला एवं पुरुष सोने-चांदी के जेवरात बेचने हेतु ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में ग्राम किलेपार निवासी प्रार्थिया मधुबाई मंडावी के घर की आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करना तथा चोरी के जेवरात को अपने मायके ग्राम सिलीडीही, थाना भखारा, जिला धमतरी में छिपाकर रखना स्वीकार किया। इसी प्रकार आरोपियों ने दिनांक 08.09.2026 को ग्राम कुरालठेमली, थाना नरहरपुर के अपराध क्रमांक 192/2026, धारा 305, 331(2) बीएनएस में प्रार्थिया बिमला बाई पति सुक्रीत नेताम के घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करना भी स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर दोनों प्रकरणों से संबंधित चोरी का मशरूका अलग-अलग बरामद कर जप्त किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दिनांक 25.09.2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी का विवरण में—1. सुशील साहू, पिता स्व. बेलसिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी उरकुड़ा, थाना चारामा, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।2. श्रीमती उषा देवांगन, पति शैलेन्द्र देवांगन, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम सिलीडीही, थाना भखारा, जिला धमतरी। बरामद मशरूका में— पुलिस चौकी हल्बा के अपराध क्रमांक 166/2026 में जब्त समान
– 01 नग TVS Sport मोटरसाइकिल क्रमांक CG-05-AU-1817
– 06 जोड़ी चांदी की पायल
– 02 जोड़ी सोने के झुमके
– 01 जोड़ी सोने की कनछड़ी
– ग्रामीणों के जमीन संबंधी दस्तावेज ।

थाना नरहरपुर के अपराध क्रमांक 192/2026 में जब्त समान
– 01 जोड़ी चांदी की पायल
– 01 जोड़ी सोने के कान के टॉप्स

कुल अनुमानित कीमत 5लाख से अधिक ।

पुलिस टीम में—
निरीक्षक दीपा सिंह केवट, सउनि राकेश स्वर्ण,सउनि चेतन साहू, प्र.आर. संवलू राम नेताम, आरक्षक मनोज साहू, बिरेन्द्र जुर्री, ईश्वर मरकाम, म.आर. जागेश्वरी कश्यप, अन्नपूर्णा नेताम, तेजेश्वरी नेताम, सरिता गोटी रहे।

————————

विशेष—

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के वरिष्ठ सलाहकार ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कांकेर का किया औचक निरीक्षण

— राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के वरिष्ठ सलाहकार प्रकाश कुमार उइके ने आज एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कांकेर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अपने दल एवं सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कांकेर के साथ विद्यालय पहुंचकर वहां संचालित शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्री उइके ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, मेस, रसोईघर, स्टोर रूम, छात्रावास के कमरों, कक्षाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मेस में विद्यार्थियों को प्रतिदिन उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य पदार्थों एवं अन्य सामग्री से संबंधित रजिस्टरों का परीक्षण किया तथा उपलब्ध सामग्री का भौतिक सत्यापन भी किया। इस दौरान मेस एवं रसोईघर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण दल ने कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाओं का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों से भोजन, पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, कला विषय सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली गई। साथ ही शिक्षकों, विद्यालय की नर्स एवं सफाई कर्मचारियों से भी बातचीत कर विद्यालय की दैनिक व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त की।श्री उइके ने छात्रावास के विभिन्न कमरों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की समस्त व्यवस्थाओं के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए इन्हें निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में और अधिक सुधार लाने पर विशेष जोर दिया। विशेष रूप से अंग्रेजी विषय में विद्यार्थियों की पठन क्षमता को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता में और अधिक वृद्धि हो सके। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता वाले कुछ विद्यार्थियों के संबंध में श्री उइके के समक्ष विषय रखा। उन्होंने संबंधित विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई के लिए आवश्यक वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर श्री उइके ने विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग एवं सहायता के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया।

————————
विभिन्न कोर्स में प्रमाणीकरण के लिए लाइवलीहुड कॉलेज में आवेदन आमंत्रित
—भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत जिले में Recognition of Prior Learning के तहत प्रमाणीकरण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न कोर्स, ट्रेड एवं व्यवसाय में पूर्व प्रशिक्षित एवं अनुभवी हितग्राहियों को उनके कौशल का आंकलन कर कौशल प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर द्वारा इच्छुक हितग्राहियों से विभिन्न चिन्हित कोर्स असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, राज मिस्त्री, सोलर पी.वी. इंस्टॉलर, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, डोमेस्टिक आई हेल्पडेस्क अटेंडेंट एवं जल वितरण संचालक में प्रमाणीकरण के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी लाइवलीहुड कॉलेज, गोविंदपुर कांकेर में उपस्थित होकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

————————
सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 से 30 सितंबर तक सेवा सेतु कैंप का आयोजन

—सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 सितंबर से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय सहित सभी विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया जाएगा। सेवा सेतु कैंप के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा राज्य शासन की विभिन्न खाद्य संबंधी योजनाओं के हितग्राहियों को आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला खाद्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेवा सेतु कैंप में हितग्राहियों के आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर दर्ज कराने तथा ई-केवाईसी से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के संबंध में जानकारी दी जाएगी। कैंप में खाद्यान्न सामग्री के सैंपल का प्रदर्शन एवं स्मार्ट पीडीएस में राशनकार्ड बनाने संबंधी प्रक्रिया की जानकारी भी किया जाएगा, जिससे हितग्राही खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं संबंधित जानकारी से अवगत हो सके। खाद्य शाखा द्वारा जिले के नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों से सेवा सेतु कैंप में उपस्थित होकर उपलब्ध सुविधाओं एवं जानकारी का लाभ उठाने की अपील की गई है।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 24 सितंबर 2026 गुरूवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 24  सितंबर  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. पुण्य सलिला महानदी की सहायक दूध नदी पर पुल और पहुंच मार्ग…

आज की टॉप 10 खबर 23 सितंबर 2026 बुधवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 23  सितंबर  2026 बुधवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01. सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन एवं अभिनंदन कार्यक्रम…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *