आज की टॉप 10 खबर 24 जून 2026 बुधवार

———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
24 जून  2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

01. उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब बिक्री पर थाना नरहरपुर पुलिस की कार्यवाही ।2 महिला आरोपीयों के कब्जे से 18.5 बल्क लीटर देशी महुआ शराब किया गया जप्त ।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि  पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.)के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में उप. पुलिस अधीक्षक मोहसिन खान के निर्देशन में थाना प्रभारी नरहरपुर सोमेश सिंह बघेल व थाना नरहरपुर द्वारा उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब बिक्री में संलिप्त लोगों पर कार्यवाही करते हुए थाना नरहरपुर के अपराध क्रमांक 129/26 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम ब अपराध क्रमांक 130/20 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के प्रकरण में थाना नरहरपुर पुलिस द्वारा 2 महिला आरोपियों के कब्जे से कुल 18. 5 लीटर देशी महुआ शराब जप्त कर आरोपीयों के विरूद्व वैधानिक कार्यवाही किया गया । दिनांक 23 -24 /06 / 26 को थाना नरहरपुर पुलिस द्वारा गस्त पेट्रोलिंग पर रवाना हुए थे कि सूचना के आधार पर आरोपीया अनीता बघेल पति स्व भारत बघेल उम्र 42 वर्ष निवासी जामगांव थाना नरहरपुर के कब्जे से 11लीटर महुआ शराब व आरोपिया दिलेश्वरी जूरी पति रोहित उम्र 30 वर्ष निवासी माड़वाडी थाना नरहरपुर के कब्जे से 7.5लीटर देशी महुआ शराब कों बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त कर अपराध धारा का पंजीबद्व कर आरोपीयों के विरूद्व वैधानिक कार्यवाही किया गया ।

 ———————-

02. अल-नीनो की संभावना को देखते हुए कृषि विभाग ने दी किसानों को सामयिक सलाह।

—अल-नीनो की संभावित प्रभाव के कारण खरीफ सीजन में मानसून के देर से आने, शीघ्र समाप्त होने तथा फसल अवधि के दौरान खण्ड वर्षा की संभावना को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए सामयिक सलाह जारी की गई है।किसानों को सलाह दी गई है कि वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व खेतों एवं मेड़ों की सफाई, जुताई तथा भूमि तैयारी के सभी कार्य समय पर पूर्ण कर लेने चाहिए। अल-नीनो की परिस्थितियों को देखते हुए किसानों को कम एवं मध्यम अवधि में पकने वाली फसलों एवं उन्नत किस्मों का चयन करें, जिससे वर्षा की अनिश्चिता का प्रभाव कम हो। धान की रोपा पद्धति के बजाय धान की सीधी बुवाई को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। धान की सीधी बुवाई से लगभग 20 प्रतिशत पानी की बचत होती है, खेती की लागत में लगभग 5 हजार रुपये प्रति एकड़ तक कमी आती है तथा फसल 12 से 15 दिन पहले तैयार हो जाती है।किसानों को खेतों में मेड़बंदी कर वर्षा जल संरक्षण सुनिश्चित करने तथा उच्चहन भूमि वाले क्षेत्रों में धान के स्थान पर दलहनी फसलें जैसे अरहर, मूंग, उड़द तथा तिलहनी फसलें मूंगफली, तिल, रामतिल एवं सोयाबीन की खेती अपनाने की सलाह दी गई है। फसलों की बुवाई कतार पद्धति से करने की सलाह देते हुए बताया गया कि इससे नमी संरक्षण, खरपतवार नियंत्रण तथा पौधों की बेहतर वृद्धि में सहायता मिलती है। कृषि विभाग द्वारा फसलों के बीजों का बुवाई के पूर्व उपचार करने तथा बोवाई के तीन दिन से पांच दिन के भीतर अनुशंसित मात्रा में अंकुरण पूर्व खरपतवारनाशी दवाओं का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। जुलाई के अंत तक मूंग एवं उड़द की बुवाई पूर्ण कर लेने तथा अगस्त माह में तिल, सूरजमुखी तथा मध्यम अवधि वाली अरहर की बुवाई करने एवं बुवाई के बाद खरपतवार नियंत्रण, मल्चिंग, वर्षा जल संचयन तथा आवश्यकतानुसार पर्णीय पोषण प्रबंधन अपनाने की भी सलाह दी गई है।कम वर्षा की स्थिति में नत्रजन उर्वरकों के सीमित उपयोग तथा 2 प्रतिशत यूरिया घोल या नैनो यूरिया के पर्णीय छिड़काव को अधिक लाभकारी बताया गया है। वहीं दलहनी एवं तिलहनी फसलों में बुवाई के लगभग एक माह बाद 2 प्रतिशत डीएपी घोल का छिड़काव करने की अनुशंसा की गई है।
 ———————

03.पंजीकृत महिला श्रमिकों को ई-रिक्शा हेतु मिलेगी 01 लाख 50 हजार रुपये की सहायता।

— छत्तीसगढ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत महिला श्रमिकों के लिए ‘दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना’ संचालित है जिसके अन्तर्गत मंडल में 03 वर्षों से अधिक समय से पंजीकृत महिला हितग्राही जिसका ड्राईविंग लाईसेंस बना हो वे पात्र होंगे। श्रम विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को ई-रिक्शा के लिए 01 लाख 50 हजार रूपए डीबीटी के माध्यम से सीधे हितग्राही के बैंक खाते में अन्तरण की जावेगी। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने व उनके जीवन स्तर को सुधार करने का महत्वपूर्ण योजना है, जिससे वे ई-रिक्शा का संचालन कर अधिक आय अर्जित कर पायेंगे। उक्त योजना के संबंध में हितग्राही अधिक जानकारी या आवेदन की प्रक्रिया हेतु कार्यालय श्रम पदाधिकारी कांकेर अथवा जनपद पंचायतों के श्रम संसाधन केन्द्र में उपस्थित होकर आवेदन कर सकते हैं।

 ————————

04.एनएमएमएसई परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन, 143 विद्यार्थी सफल

—राष्ट्रीय साधन एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएसई) 2026 में कांकेर जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। घोषित परीक्षा परिणामों के अनुसार जिले के 143 विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। यह उपलब्धि जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सतत शैक्षणिक अनुश्रवण तथा विद्यार्थियों की नियमित तैयारी का सकारात्मक परिणाम है।विद्यार्थियों की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान विशेष रणनीति के तहत कार्य किया गया। कक्षा आठवीं में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें प्रारंभिक स्तर से ही एनएमएमएस परीक्षा की तैयारी से जोड़ा गया। नियमित ओएमआर शीट आधारित अभ्यास, मॉडल प्रश्नपत्रों का निर्माण, साप्ताहिक परीक्षण, विषयवार मार्गदर्शन तथा परिणामों के विश्लेषण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयार किया गया। इन प्रयासों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा और परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किए। इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का सतत मार्गदर्शन, शिक्षा के प्रति विशेष संवेदनशीलता तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण विकसित करने की प्रतिबद्धता प्रमुख रूप से रही है। उनके निर्देशन में जिले में शिक्षा गुणवत्ता संवर्धन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न नवाचारात्मक गतिविधियां संचालित की गई। इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक के निर्देशन में सभी विकासखंडों में सुनियोजित कार्ययोजना के अनुसार एनएमएमएस तैयारी अभियान संचालित किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल समन्वयकों, संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन, अभ्यास एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया, जिसके परिणामस्वरूप जिले के 143 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस उपलब्धि पर सभी चयनित विद्यार्थियों, उनके पालकों, शिक्षकों एवं शैक्षणिक अमले को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले के समस्त शैक्षणिक परिवार के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने सभी चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आगामी शैक्षणिक जीवन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की है।

 ————————

05.एमएसएमई के तहत कार्यशाला का आयोजन, उद्यमियों और बैंकर्स के बीच हुआ सीधा संवाद।

 — जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कांकेर द्वारा आज रैम्प योजना के तहत उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियो, महिला उद्यमियों के प्रतिनिधि, पीएमएफएमई व् पीएमईजीपी योजना और स्टार्टअप्स ने भाग लिया। जिले के प्रमुख बैंकों जैसे केनरा बैंक बैंक, बैंक ऑफ इंडिया एवं सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना और सीजीटीएमएसई के लाभों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को बैंक अधिकारियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिला। उपस्थित उद्यमियों ने अपने व्यापार से जुड़ी समस्याओं को साझा किया, जिन पर बैंक अधिकारियों ने समाधान और मार्गदर्शन प्रदान किया। मौके पर ही कई ऋण प्रस्तावों पर कार्यवाही प्रारंभ की गई। जिला व्यपार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक टन्केश्वर देवांगन ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम एमएसएमई सेक्टर को सशक्त करने की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं। भविष्य में ऐसे और भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठन एवं स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे।

 ————————

06. मूलभूत कार्यों के लिए ग्राम पंचायतों को 06 करोड़ रूपये से अधिक की राशि जारी।

— राज्य शासन द्वारा जिले की ग्राम पंचायतों को मूलभूत कार्यों के लिए एवं अनुसूचित क्षेत्रों के ग्राम पंचायतों को अनुदान मद अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रथम किश्त की राशि 06 करोड़ 92 हजार 600 रूपये जारी किए गए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि राज्य शासन से प्राप्त उक्त आबंटन की राशि को जिले के सभी 454 ग्राम पंचायतों के मूलभूत बैंक खाता में जारी की गई है। अंतागढ़ जनपद पंचायत की 56 ग्राम पंचायतों के लिए 68 लाख 71 हजार 648 रूपये, भानुप्रतापपुर की 52 ग्राम पंचायतों हेतु 72 लाख 22 हजार 438 रूपये, चारामा की 64 ग्राम पंचायतों के लिए 84 लाख 75 हजार 170 रूपये, दुर्गूकोंदल की 44 ग्राम पंचायतों को 57 लाख 35 हजार 350 रूपये, कांकेर विकासखण्ड की 64 ग्राम पंचायतों के लिए 84 लाख 64 हजार 380 रूपये, कोयलीबेड़ा की 103 ग्राम पंचायतों के लिए 01 करोड़ 39 लाख 08 हजार 450 रूपये और जनपद पंचायत नरहरपुर की 71 ग्राम पंचायतों के लिए 94 लाख 15 हजार 164 रूपये की राशि जारी की गई है।

  ————————

07. जीवन रक्षा पदक के लिए नामांकन आमंत्रित ।

—छत्तीसगढ़ शासन गृह विभाग द्वारा जीवन रक्षा पदक सिरीज अंतर्गत 2026 के लिए सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, उत्तम जीवन रक्षा पदक और जीवन रक्षा पदक पुरस्कार हेतु पात्र व्यक्तियों एवं बच्चों का नामांकन प्रस्ताव आमंत्रित किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा पुलिस अधीक्षक कांकेर, सीईओ जिला पंचायत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और जिला खेल अधिकारी के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

 ————————

08. ‘ सेवा सेतु पोर्टल’ पर आय, जाति, निवास के साथ अब विवाह प्रमाण पत्र एवं नाम परिवर्तन सेवा भी ऑनलाइन उपलब्ध

— जिले के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ’सेवा सेतु पोर्टल’ पर अब आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के साथ-साथ ’विवाह प्रमाण पत्र एवं नाम परिवर्तन सेवा को भी ऑनलाइन उपलब्ध’ करा दिया गया है। पूर्व में इन सेवाओं का लाभ नागरिकों को ऑफलाइन प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त होता था। वर्तमान में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न सेवाओं को ऑनलाइन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को अब सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर  घनश्याम साहू ने बताया कि ऑनलाइन सेवा उपलब्ध होने से आवेदन प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक हो गई है। ’लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण करना अनिवार्य है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया होने के बाद सभी सेवाओं की ’निगरानी जिला कार्यालय स्तर से की जा रही है’ एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुसार प्रमाण पत्र जारी करवाए जा रहे हैं। हितग्राही स्वयं या अपने नजदीकी ’सेवा सेतु केंद्र च्वाईस सेंटर पर जाकर आय, जाति, निवास, विवाह प्रमाण पत्र एवं नाम परिवर्तन सहित अन्य सेवाओं हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सभी नागरिकों से अपील गई है कि वे छत्तीसगढ़ शासन की इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाएं एवं अपनी आवश्यक सेवाओं के लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें।।

  ————————

09.अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट हेतु स्कूलों में चलाया जा रहा विशेष अभियान, 05 से 17 वर्ष तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क।

– जिले में बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित कर 05 से 17 वर्ष तक के बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार यूआईडीएआई के दिशा-निर्देशों के तहत 05 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर बच्चों का पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराना आवश्यक है। इसी प्रकार 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद दूसरा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट करवाना भी आवश्यक है। यदि बच्चे का पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर नहीं कराया गया है, तो पहला बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क किया जा रहा है। इसके बाद बायोमेट्रिक अपडेट कराने पर 125 रुपये शुल्क लेने का प्रावधान है। वर्तमान में जिले में 05 से 17 वर्ष तक के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।जिला प्रशासन ने सभी पालकों से अपील की है कि जिन बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट अभी तक नहीं हुआ है, वे अपने नजदीकी आधार केंद्र अथवा आयोजित विशेष शिविरों में पहुंचकर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूर्ण कराएं। आधार बायोमेट्रिक अपडेट होने से बच्चों की आधार संबंधी जानकारी अद्यतन रहती है, जिससे भविष्य में केवाईसी, स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति तथा अन्य आधार आधारित सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। सभी अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि 05 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे बच्चे जिनका अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है, उनका आधार अपडेट जल्द से जल्द कराकर शासन की निःशुल्क सुविधाओं का लाभ उठाएं।।

———————–

10. कन्या शिक्षा को नई उड़ान: सुभाष चंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू

 — जिले में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा दूरस्थ एवं वंचित वर्ग की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सुभाष चंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मंडावी के निर्देशन में समग्र शिक्षा विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों में इन विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। इन आवासीय विद्यालयों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों की बालिकाओं को सुरक्षित आवासीय वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। वर्तमान में जिले के दुर्गूकोंदल, कोयलीबेड़ा, नरहरपुर एवं कांकेर विकासखंडों में सुभाष चंद्र बोस कन्या आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जहां छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा, सुरक्षित आवास, पौष्टिक भोजन, गणवेश, पाठ्यपुस्तकें तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती है।कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने विशेष रूप से अनाथ, पितृविहीन, आर्थिक रूप से कमजोर, शाला त्यागी एवं आउट ऑफ स्कूल बालिकाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों, प्रधानाध्यापकों एवं संस्था प्रमुखों से व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र छात्राओं एवं उनके अभिभावकों तक जानकारी पहुंचाने की निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले की प्रत्येक पात्र बालिका गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़कर आत्मनिर्भर बने और अपने सपनों को साकार कर सके। जिला शिक्षा अधिकारी  रमेश कुमार निषाद एवं जिला मिशन समन्वयक   नवनीत पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासखंड कांकेर अंतर्गत ग्राम बेवरती में विद्यालय का नवीन एवं स्थायी भवन पूर्ण रूप से तैयार हो चुका है। आगामी शैक्षणिक सत्र से यहां 200 छात्राओं की क्षमता के अनुरूप नियमित संचालन किया जाएगा। इसी प्रकार विकासखंड दुर्गूकोंदल स्थित शिक्षा हब परिसर में संचालित विद्यालय में भी 200 छात्राओं के प्रवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विकासखंड नरहरपुर एवं कोयलीबेड़ा में स्थायी भवनों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। निर्माण पूर्ण होने के पश्चात दोनों विद्यालयों में भी 200-200 छात्राओं की क्षमता के साथ पूर्णकालिक आवासीय संचालन प्रारंभ किया जाएगा। वर्तमान में नरहरपुर का विद्यालय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरोना परिसर में तथा कोयलीबेड़ा का विद्यालय छोटेबेठिया में संचालित किया जा रहा है, जहां कक्षा 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई नियमित रूप से जारी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के पालकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का प्रवेश इन आवासीय विद्यालयों में कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों को सशक्त, आत्मविश्वासी एवं समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 ————————

विशेष-
– कोमलदेव जिला अस्पताल, कांकेर में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का शुभारंभ कांकेर विधायक आशा राम नेताम के हाथों सम्पन्न हुआ। कांकेर जिले में इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा के प्रारंभ होने से अब मरीजों को एमआरआई जांच के लिए रायपुर अथवा अन्य बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध जांच सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को बेहतर उपचार प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी तथा समय और आर्थिक संसाधनों की भी बचत होगी।

————————

दिव्यांग चन्द्रशेखर को मिला घरौंदा पुर्नवास केन्द्र में आश्रय

-जिले के नरहरपुर विकासखंड के ग्राम सरोना निवासी 25 वर्षीय दिव्यांग चंद्रशेखर जो 90 प्रतिशत मानसिक दिव्यांग है, उनके लिये आवास सदन हेतु कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया था। जिस पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्यवाही की गई। कलेक्टर के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग चन्द्रशेखर को घरौंदा पुनर्वास केंद्र बिलासपुर में प्रवेश दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार चन्द्रशेखर के माता का निधन हो गया है और पिता बाहर काम पर जाते हैं, उसे भोजन, पानी एवं दैनिक जीवन निर्वहन में कठिनाई हो रही है। इस समस्या के निराकरण हेतु समाज कल्याण विभाग कांकेर द्वारा बालोद एवं बिलासपुर घरौंदा केन्द्र में सीट की उपलब्धता की जानकारी ली गई। तत्पश्चात् उन्हें संयुक्त संचालक समाज कल्याण विभाग बिलासपुर, जिला पुलिस विभाग कांकेर के सहयोग से घरौंदा पुर्नवास केन्द्र बिलासपुर में प्रवेश दिलाया गया। उक्त केन्द्र में उन्हें निःशुल्क आवास, भोजन एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। दिव्यांग चन्द्रशेखर के पिता  ईश्वर विश्वकर्मा ने पुत्र के पुर्नवास केन्द्र में प्रवेश एवं आवश्यक सुविधायें उपलब्ध होने से जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग का आभार व्यक्त किया है।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 25 जून 2026 गुरूवार

———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 25 जून  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– 01. प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 11वीं की रिक्त सीटों पर लेटरल एंट्री के…

सादा जीवन उच्च विचार का संदेश देते कांकेर विधायक आशा राम नेताम

(मनोज जायसवाल) – कांकेर विधायक की इन दिनों वायरल वीडियो फोटो लोकप्रियता के लिए दिखावे की नहीं अपितु खुद की आम जिंदगी से जुडा हुआ है। ये हैं,हमारे कांकेर विधायक…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *