———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
03 अक्टूबर 2026 शनिवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
विज्ञापन

———————-
विज्ञापन

———————-
✍️ 01. सेवा संकल्प अभियान के तहत कोयलीबेड़ा में जिला स्तरीय सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर।
—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कोयलीबेड़ा विकासखंड मुख्यालय में जिला स्तरीय सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नक्सल गतिविधियों के लंबे दौर के बाद क्षेत्र में पहली बार जिला स्तर पर इतने व्यापक स्तर पर आयोजित इस शिविर में कोयलीबेड़ा सहित आसपास की ग्राम पंचायतों एवं सुदूर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर में 1040 लोगों ने ओपीडी पंजीयन कराया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श, जांच एवं उपचार का लाभ लिया।शिविर में विभिन्न मांग एवं समस्याओं से सम्बंधित 240 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर की विशेष उपलब्धि रही कि कोयलीबेड़ा क्षेत्र में पहली बार स्वास्थ्य शिविर में सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर कुन्दन कुमार की पहल से उपलब्ध कराई गई इस सुविधा से क्षेत्र की महिलाओं एवं अन्य मरीजों को आवश्यक जांच के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिली। शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं एमडी मेडिसिन सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच एवं उपचार किया।मेगा स्वास्थ्य शिविर में 1040 लोगों का ओपीडी पंजीयन किया गया। इनमें 120 लोगों का एक्स-रे, 41 लोगों की सोनोग्राफी और 225 लोगों की रक्त जांच की गई। वहीं 135 हितग्राहियों को जांच के बाद निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए तथा 55 लोगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र संबंधी जांच एवं प्रक्रिया की गई। शिविर में 28 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 8 लोगों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। जनभागीदारी के तहत 34 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया जिसमे 18 बीएसफ के जवान भी शामिल हैं।सेवा सेतु शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत कोयलीबेड़ा में आयोजित यह चौथा सेवा सेतु शिविर है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे हैं, जिनमें सुदूर क्षेत्रों से आए ग्रामीण भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस शिविर में पहली बार सोनोग्राफी मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीण यहां पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर का लाभ ले रहे हैं। मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक जांच सुविधाओं का भी ग्रामीणों को लाभ मिल रहा है।शिविर में सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि कोयलीबेड़ा क्षेत्र पिछले करीब 40 वर्षों से नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। एक समय ऐसा था जब जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का इस क्षेत्र में पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। आज शासन के प्रयासों से क्षेत्र में शांति और विकास का वातावरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में क्षेत्र में अब ग्रामीण शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से विभिन्न विभाग ग्रामीणों के बीच पहुंचकर अपनी-अपनी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दे रहे हैं। विभागीय अधिकारी शिविर में काउंटर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके निराकरण की दिशा में कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास बन रहे हैं, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र लोगों को उपचार की सुविधा मिल रही है तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से सड़क एवं कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। पूर्व में नक्सल गतिविधियों के कारण सड़क निर्माण सहित विकास कार्यों में अनेक कठिनाइयां आती थीं।जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने कहा कि शिविर में ऐसे मरीजों की पहचान की जाए, जिन्हें गंभीर बीमारी है, ऑपरेशन की आवश्यकता है अथवा जो किसी जटिल बीमारी से ग्रस्त हैं। ऐसे मरीजों को चिन्हांकित कर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केवल दस्तावेजों की कमी के कारण किसी भी प्रकरण को अमान्य न किया जाए, बल्कि आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति कराकर संबंधित प्रकरण का नियमानुसार निराकरण किया जाए, ताकि पात्र हितग्राही शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न हों।उन्होंने बताया कि कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार कोयलीबेड़ा विकासखंड की 18 ग्राम पंचायतों का अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया है। इस दौरान ग्राम पंचायतों की मूलभूत आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली गई है तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वीबी जी राम जी योजना के तहत ग्राम पंचायतों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप स्कूलों के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण, आंगनबाड़ी भवन, ग्राम पंचायत भवन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, स्कूलों की बाउंड्रीवाल सहित विभिन्न विकास कार्य लिए जाएंगे।सेवा सेतु शिविर के दौरान ही कोयलीबेड़ा विकासखंड की 18 ग्राम पंचायतों के लिए VB-GRAM-G योजना के अंतर्गत कुल 2 करोड़ 1 लाख 43 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई। इनमें 8 मुक्तिधाम निर्माण के लिए 24 लाख रुपये, 15 बालिका शौचालय निर्माण के लिए 63 लाख 75 हजार रुपये, 37 डबरी निर्माण के लिए 1 करोड़ 12 लाख रुपये तथा 4 सैंड फिल्टर निर्माण के लिए 1 लाख 58 हजार रुपये के कार्य शामिल हैं।इन कार्यों के माध्यम से ग्राम पंचायतों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ ग्रामीणों की स्थानीय जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा 634 हितग्राहियों को योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 100 खसरा बी-1 प्रतियां, 43 जाति प्रमाण पत्र, 46 निवास प्रमाण पत्र तथा अधिकार अभिलेख स्वामित्व योजना के तहत 250 हितग्राहियों को लाभ दिया गया।खाद्य विभाग द्वारा 25 हितग्राहियों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा 30 छड़ी, 4 व्हीलचेयर एवं 15 श्रवण यंत्र वितरित किए गए। लखपति दीदी योजना के तहत 22 हितग्राहियों को लाभ मिला तथा संबंधित योजना के अंतर्गत 18 हितग्राहियों को कार्यादेश प्रदान किए गए।इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 हितग्राहियों को लाभ, किसान किताब के 6 प्रकरण, कृषि विभाग द्वारा 9 हितग्राहियों को कृषि बीज, पशुधन विभाग द्वारा 11 उन्नत नर बकरों, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 40 आयुष्मान भारत कार्ड, उद्यानिकी विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को फलदार पौधे, मत्स्य विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को लाभ तथा 1 हितग्राही को मृत्यु प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।ग्राम पुलुंजसल्हेभाट निवासी श्रीमती शांति दर्रो अपने 4 वर्षीय बच्चे राकेश का आधार कार्ड बनवाने शिविर में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु सह मेगा शिविर की जानकारी मिलने पर वे अपने बच्चे के साथ यहां आईं और मौके पर ही आधार पंजीयन की प्रक्रिया पूरी हो गई। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।ग्राम सुलांगी निवासी श्रीमती मेघरे पोटाई ने बताया कि पिछली चार गर्भावस्थाओं के दौरान सोनोग्राफी के लिए उन्हें कोयलीबेड़ा से बाहर जाना पड़ा था। इस बार शिविर में ही सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें काफी राहत मिली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ही यह सुविधा मिलने से महिलाओं को बड़ी सुविधा हुई है।इसी तरह कोयलीबेड़ा निवासी श्रीमती हस्तिना नाग ने बताया कि उन्हें सोनोग्राफी के लिए कांकेर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और शिविर में ही उनकी जांच हो गई।संबलपुर निवासी श्री राजेन्द्र पिछले कुछ समय से सीने में दर्द की समस्या से परेशान थे। वे शिविर में पहुंचे, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक ने उनकी जांच कर निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।वहीं श्रीमती सुरजिला उसेंडी ने शिविर में अपनी आंखों की जांच कराई। जांच के बाद उन्हें निःशुल्क चश्मा भी उपलब्ध कराया गया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में एक ही स्थान पर आंखों की जांच और चश्मा मिलने की सुविधा को उपयोगी बताया।कोयलीबेड़ा में आयोजित सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सा, सोनोग्राफी, एक्स-रे, रक्त जांच, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, नेत्र जांच एवं निःशुल्क चश्मा, दिव्यांग प्रमाण पत्र तथा आयुष्मान कार्ड जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। साथ ही राजस्व, खाद्य, कृषि, पशुधन, उद्यानिकी, समाज कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों ने अपने काउंटर लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिया।नक्सल गतिविधियों से लंबे समय तक प्रभावित रहे कोयलीबेड़ा क्षेत्र में आयोजित यह शिविर शासन की सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने, समस्याओं के मौके पर निराकरण तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर में जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा की अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती मंडावी, उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू सरदार, सरपंच संघ की अध्यक्ष श्रीमती हेमा हुपेन्डी, सहित जनप्रतिनिधि गण अपर कलेक्टर अंतागढ़ श्री जी.डी. वाहिले, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार, जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा एवं पखांजूर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
———————–
✍️ 02. जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण के सपनों को किया अभिव्यक्त।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में देश के प्रति सकारात्मक सोच, रचनात्मक अभिव्यक्ति, कल्पनाशीलता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने सपनों और कल्पनाओं को चित्रकला एवं भाषण के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय स्तर से विकासखण्ड और उसके बाद जिला स्तर तक किया गया। जिले के अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, चारामा, दुर्गूकोंदल, कांकेर, कोयलीबेड़ा एवं नरहरपुर सहित सभी 7 विकासखण्डों में प्रतियोगिता से संबंधित गतिविधियों में व्यापक सहभागिता रही।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक एवं माध्यमिक वर्ग में 83,855 विद्यार्थी, 1,12,928 पालक व नागरिक तथा 10,130 जनप्रतिनिधियों सहित कुल 2,06,913 लोगों की सहभागिता रही। वहीं हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी वर्ग में 24,345 विद्यार्थी, 48,690 पालक व नागरिक तथा 10,130 जनप्रतिनिधियों सहित कुल 83,165 सहभागिता दर्ज की गई। इस प्रकार दोनों वर्गों में कुल 2,90,078 सहभागिता दर्ज हुई। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शिक्षा, तकनीक, अनुशासन, संस्कार, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अपने विचार साझा किए, वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी कल्पनाओं के माध्यम से भारत के उज्ज्वल और विकसित भविष्य की तस्वीर उकेरी।
कार्यक्रम में विधायक श्री आशाराम नेताम, कलेक्टर कुन्दन कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेश मंडावी, जनप्रतिनिधिगण, पालक, नागरिक तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया।विधायक आशाराम नेताम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हुए शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत से परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय तेजी से बदल रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित नई तकनीकें शिक्षा और कार्य के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। विद्यार्थियों को इन तकनीकों को समझकर उनका सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर एक विशेष प्रतिभा होती है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता को पहचानते हुए निरंतर सीखने तथा अपने ज्ञान और कौशल का विकास करने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने सपनों को केवल सोच तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें लक्ष्य बनाकर निरंतर सीखने और प्रयास करने की आदत विकसित करें। ये रहे जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता
भाषण प्रतियोगिता—प्राथमिक/माध्यमिक वर्ग
प्रथम—जागृति साहू, मा.शा. कोदागांव, कांकेर।
द्वितीय—अबिदा नूरी, सेजेस नरहरदेव कांकेर।
तृतीय—नमन पुडो, बालक आश्रम घोड़ागांव, कोयलीबेड़ा।
भाषण प्रतियोगिता—हाई/हायर सेकेण्डरी वर्ग
प्रथम—कु. अंकिता अदिति साहू, प्रयास आवासीय विद्यालय कांकेर।
द्वितीय—कु. करिश्मा पटेल, शा.उ.मा.वि. भेजा, भानुप्रतापपुर।
तृतीय—तूफान पोताई, उ.मा.वि. ताड़ोकी, अंतागढ़।
चित्रकला प्रतियोगिता—प्राथमिक/माध्यमिक वर्ग
प्रथम—कु. कृतिशी धाली, मा.शा. ज्ञानामृत पानावार, कोयलीबेड़ा।
द्वितीय—कनिष्क जैन, मा.शा. सेलेगांव, भानुप्रतापपुर।
तृतीय—कु. इशिका भुआर्य, मा.शा. साधुमिचगांव, दुर्गूकोंदल।
चित्रकला प्रतियोगिता—हाई/हायर सेकेण्डरी वर्ग
प्रथम—कु. रुचि यादव, शा. कन्या उ.मा.वि. कांकेर।
द्वितीय—गुलशन कुंजाम, शा.उ.मा.वि. सेलेगांव, भानुप्रतापपुर।
तृतीय—जस्मीत कौर, सेजेस, भानुप्रतापपुर।

कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा करने और अपने जीवन के लक्ष्यों को लेकर सोचने का अवसर प्रदान किया। आयोजन की सफलता में जिला प्रशासन, स्कूल शिक्षा विभाग, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, पालकों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
———————–
✍️ 03. जिला हार्वेस्टर संघ का एक महती सभा कल 04 अक्टूबर को नाथियानवागांव रामवाटिका में।
—दिनांक 04 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे नाथियानवागांव स्थित NH-30, ईशान वन में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई है।संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक में उपस्थिति अनिवार्य है।साथ ही, अपने-अपने गांव तथा आसपास के गांवों में जो भी हार्वेस्टर मालिक भाई अभी तक संगठन की सदस्यता ग्रहण नहीं कर पाए हैं, उनसे संपर्क कर उन्हें संगठन से जोड़ने तथा बैठक में अपने साथ लेकर आने का विशेष प्रयास करें।इस जिला स्तरीय बैठक में हार्वेस्टर से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा तथा संगठन के हित में आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।बैठक में उपस्थित सभी साथियों के लिए चाय-नाश्ता एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।अतः सभी साथी निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करें। उक्ताशय की सुचना संगठन प्रभारी द्वारा दी गई है।
————————
✍️ 04. एडीजी विवेकानंद सिन्हा ने गोद लिए थाना चारामा की कार्यप्रणाली की समीक्षा की, अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर दिया जोर। थाना चारामा को उत्कृष्ट एवं आदर्श थाना के रूप में विकसित करने पर जोर, एडीजी श्री विवेकानंद सिन्हा ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश। ‘उत्कृष्ट थाना मार्गदर्शिका’ के अनुरूप कार्यप्रणाली विकसित कर थाना को आदर्श स्वरूप प्रदान करने के दिए निर्देश ।
—डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस-2025 के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश के 10 वर्ष से अधिक सेवा अनुभव वाले भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों द्वारा एक-एक पुलिस थाना गोद लेकर थाना स्तर पर अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, वारंट निष्पादन, सड़क सुरक्षा एवं जनसेवा से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक,नक्सल ऑप्स, वित्त, योजना एवं प्रबंध, छत्तीसगढ़ पुलिस श्री विवेकानंद सिन्हा (भापुसे) द्वारा गोद लिए गए थाना चारामा का निरीक्षण किया गया। थाना की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं, अभिलेख एवं रिकॉर्ड संधारण, अपराध अनुसंधान, लंबित प्रकरणों तथा पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।‘ उत्कृष्ट थाना मार्गदर्शिका’ के अनुरूप कार्य करने के निर्देश:- एडीजी विवेकानंद सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी ‘उत्कृष्ट थाना मार्गदर्शिका’ के निर्धारित मानकों के अनुरूप थाना की कार्यप्रणाली को विकसित किया जाए।

थाना स्तर पर प्रत्येक कार्य का व्यवस्थित एवं अद्यतन दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने तथा महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं फाइलों के बेहतर डिजीटल संधारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।उन्होंने 01वर्ष से पूर्व लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता तथा प्रकरणों में समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।एडीजी महोदय ने निर्देशित किया कि गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही, लंबित वारंटों के निष्पादन, निरोधात्मक कार्यवाही तथा नागरिक सेवाओं से संबंधित प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा का विशेष रूप से पालन किया जाए।उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों एवं प्राथमिकता वाले कार्यों का थाना स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि इनके अपेक्षित परिणाम आम नागरिकों तक पहुंच सकें। जनसुनवाई व्यवस्था को संवेदनशील एवं प्रभावी बनाने पर जोर ।निरीक्षण के दौरान एडीजी महोदय ने थाना स्तर पर जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए तथा प्रकरणों के निराकरण में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत एवं न्याय मिल सके।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय निखिल राखेचा (भापुसे),एसडीओपी कांकेर हरीश पाटिल, थाना प्रभारी चारामा सुरेश कुमार राठौर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
————————
✍️ 05. भानुप्रतापपुर: ग्राम डूमरकोट में ग्राम सभा आयोजित।

—गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत डूमरकोट में जनपद सदस्य खेमिन कुरेटी की अध्यक्षता में एंव ग्राम सभा प्रभारी प्रभा जुर्री सरपंच दीपा गंगवंशी की उपस्थिति में आयोजित की गई ग्राम सभा मे सर्वप्रथम स्वछता को लेकर शपत दिलाई गई उसके उपरांत ग्राम सभा पत्र में उल्लेखित 28 प्रकार के एजेंडाओ पर विस्तार पूर्वक चर्चा कर पंचायत सचिव द्वारा जानकारी दी गई। पुलिस विभाग से एसआई छत्रपाल सिंग साहू के द्वारा ग्रामीणों को साईबर ठगी डिजिटल अरेस्ट फेक लिंक से सतर्क रहने जागरूक किया
कृषि विभाग से ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण कवाची उपस्थित किसानों को कृषक उन्नति योजना पीएम सम्मान निधि योजना फसल बीमा योजना केसीसी एग्रिस्टेक फार्मर आईडी धान विक्रय हेतु नवीन पंजीयन रकबा संशोधन वारिशान पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई और साथ ही उपस्थित किसानों को फसल में लगने वाले किट बीमारी और उसके नियंत्रण के उपाय बताए धान फसल में बैक्टेरियल लीफ ब्लाइट जीवाणु झुलसा एक जीवाणुजनित रोग है जो धान की प्रमुख समस्याओं में शामिल है बीएलबी के प्रमुख लक्षण धीरे-धीरे पत्ती का किनारा पीला होकर सूखने लगता है रोग बढ़ने पर पूरी पत्ती सूख सकती है नियंत्रण के उपाय खेत में पानी का प्रबंधन करे सिंचित खेत में लगातार बहुत अधिक पानी भरकर न रखें जरूरत के अनुसार पानी निकालकर खेत को कुछ समय हल्का सूखने देना चाहिए नाइट्रोजन यूरिया को संतुलित मात्रा में प्रयोग करे कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 50 ग्राम एंव साथ मे स्ट्रेप्टोसाइक्लिन 25 प्रति एकड़ छिड़काव करे धान में माहू नियंत्रण के लिए डाइनोटेफ्यूरान 20 प्रतिशत एसजी 80 ग्राम प्रति एकड़ या ट्राईफ्लूमेजोपिरिम 10 प्रतिशत एससी दवा का प्रयोग करे धान के पेनिकल माइट अदृश्य मकडी नियंत्रण के लिए प्रोपरजाइट 57 प्रतिशत ईसी का प्रयोग करने सलाह दी गई ग्राम सभा मे रामरतन कोरेटी शेखर मंडावी रामदास कोरेटी दिनेश कुलदीप जागेश्वरी बघेल जोहरलाल टेकाम कल्याण गोटा इत्यादि की उपस्थिति रही
—————————
✍️06.भानुप्रतापपुर: ग्राम पंचायत भैंसाकान्हर डू में सेवा सेतु अभियान आयोजित।

—भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत भैंसाकान्हर डू में सेवा संकल्प अभियान में माननीय बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाठियां जिला पंचायत सदस्य श्रीमती झरना ध्रुव बीजेपी मंडल महामंत्री जय शिवना बीजीपी मंडल माह मंत्री बीजेपी साहसंयोजक सुखी दर्रो बीजेपी मंडल कोसा अध्यक्ष रोहित साहू बीजेपी मंडल अध्यक्ष पीयूष कश्यप पिछड़ा वर्ग जिला उपाध्यक्ष शंकर यादव जनपद अध्यक्ष श्रीमती निर्मला कावड़े जनपद सदस्य डूमरकोट खेमिन कुरेटी जनपद सदस्य तेजबत्ती शोरी विभिन्न ग्रामों के सरपंच पर्निया भुरकुईया दीपा गंगवंशी संतोषी कुमेटी नमिता नेताम सतीश कुरेटी मनीष तारम नरेंद्र नेताम इत्यादि की उपस्थिति में सेवा संकल्प शिविर आयोजित की गई प्रशासनिक अधिकारी अनिकेत अशोक फड़तरे SDM भानुप्रतापपुर जनपद सीईओ प्रदीप पटेल तहदीलदार कुलदीप ठाकुर नायाब तहसीलदार योगिता भेड़िया प्रवीण नेताम कृषि अधिकारी महात्मा तरेता मनोज सरकार प्रवीण कवाची किरण भंडारी कुलदीप साहू तामेश्वर जोशी भूपेंद्र गंगा सागर मत्स्य निरीक्षक कांतिलाल कोर्राम उद्यानिकी अधिकारी नारायण मुखर्जी कृषि विभाग से किसान सियाराम नंदर ग्राम भैंसाकान्हर डू को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजनाअंतर्गत 50 प्रतिशत अनुदान पर 1.5 लाख राशि वितरण का प्रमाण पत्र दिया गया एंव उपस्थित किसानों को प्रधनमंत्री सॉइल हेल्थ कार्ड योजना अंतर्गत मिट्टी जांच प्रमाण पत्र दिया गया। मत्स्य विभाग से किसान रामुराम परचापी ग्राम बायनार को मछली जॉली वितरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में समिल्लित ग्रामों के ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
————————
✍️07. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत धनेसरा और उमरादाह में लगेंगे शिविर।
—प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हर घर सोलर, हर घर बिजली के उद्देश्य से जनपद पंचायत नरहरपुर अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में इच्छुक हितग्राही योजना की जानकारी प्राप्त करने के साथ पंजीयन करा सकते हैं। जनपद पंचायत नरहरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 अक्टूबर को ग्राम धनेसरा तथा 05 अक्टूबर को ग्राम उमरादाह में शिविर आयोजित किया जाएगा। दोनों शिविरों का आयोजन सुबह 10 बजे से किया जाएगा। शिविर में पंजीयन कराने के लिए हितग्राहियों को बिजली बिल, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, घर की छत की फोटो, ई-मेल आईडी एवं मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। योजना के तहत पंजीयन के लिए बिजली बिल में अंकित नाम, बैंक पासबुक तथा आधार कार्ड में अंकित नाम एक समान होना आवश्यक है। जनपद पंचायत नरहरपुर ने क्षेत्र के इच्छुक नागरिकों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। आइए, अपने घर को सौर ऊर्जा से रोशन करें और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में कदम बढ़ाएं।
————————
✍️08. चारामा नगर में नाकापारा रामसत्ता समिति को विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने 6.50 लाख रूपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन की सौगात दी।

— नाकापारा चारामा में आयोजित रामधुनी कार्यक्रम में विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुई। उन्होंने मंच से रामसत्ता समिति नाकापारा चारामा को 6.50 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन की सौगात दी। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष चारामा एवं नरेंद्र यादव‚ महेन्द्र नायक कार्यकारी जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस कांकेर, मोहित नायक पार्षद नगर पंचायत चारामा, कमलेश रानू सेन पार्षद नगर पंचायत चारामा, मंजू सोनकर पार्षद नगर पंचायत चारामा, चंद्रिका देवांगन पार्षद नगर पंचायत चारामा, कविता साहू पार्षद नगर पंचायत चारामा, विनोद साहू,शिव सोनकर, संतोष शिन्दे विकास मंडावी, समीर बंछोर , सुधांशु पांडे, सुरेन्द्र साधवानी,सुमन साहू, रानू साहू सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
—————————
✍️09. भीरावाही खपरापारा में सामाजिक भवन हेतु निर्मित टीना शेड लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज ग्राम भीरावाही (खपरापारा) में सामाजिक भवन हेतु निर्मित टीना शेड के लोकार्पण कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने कहा- सामाजिक भवन एवं टीना शेड जैसी सुविधाएँ ग्रामीण जनजीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं। इनके माध्यम से सामाजिक बैठकें, सामुदायिक आयोजन और विभिन्न कार्यक्रम सुविधाजनक ढंग से संपन्न हो सकते हैं। ऐसे निर्माण ग्रामीणों को एक साझा स्थान उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं। कहा-ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करना विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
———————–
✍️
10. महानदी के टांहकापार‚भुईगांव के बीच बनने वाले पुल निर्माण के भुमिपूजन को लेकर कल टांहकापार में 12 बजे क्षेत्रवासियों की आवश्यक सभा का आयोजनं
— जिले के चारामा विकासखंड अंतर्गत महानदी क्षेत्र के महादेव घाट टांहकापार से बासनवाही भुईगांव के बीच महानदी में सेतु ( पुल ) निर्माण कार्य आदेश ठेकेदार को जारी हो चुका है | अतः भुमिपुजन के चर्चा हेतु दिनांक -04 अक्टूबर समय – 12.00 बजे , स्थान – ( बाजार चौक ) टंहकापार में आवश्यक बैठक रखा गया है | जिसमें क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






