———————-
संपादकीय-
‘सम्मान की ख्वाहिश में समाज की ओर नजर’
-अपनी प्रतिभा को परे रख कर सामाजिक सत्ता की लाईन में अमूमन लोग अपनी लोकप्रियता हासिल करने के मकसद से मंचों पर टिमटिमाते दिखायी देते हैं। कई लोग कुछ अभियान में लगे होते हैं,जिसका ध्वेय उक्त मुहिम के पूरा होने से नहीं अपितु अपनी मंसुबा कायम हो के नाम होता है।सामाजिक सत्ता में गंभीर आर्थिक अनियमितता का मतलब ही चोरी से है,जहां लोग चोर की संज्ञा देते हैं। संगठन के नाम कभी इन्होंने विचार ही नहीं किया। अतीत में राजा राम मोहन राय, ईश्वचंद्र विद्यासागर सहित कई वो समाजसेवी इनके आदर्श नहीं रहे। इनके घरों की दीवारों पर आज भी इन समाजसेवियों की फोटो नहीं मिलेंगी। पुस्तकें कभी नहीं मिल सकती, लेकिन ये कहलाना चाहते हैं, उनसे भी बडे समाजसेवी कि इन्होंने कौन सा ऐसा समाज उत्थान कार्य बगैर किसी मीडिया में खबर बनने की विचारों को परे रख कर किया हो?
अलग-अलग समाज के साथ सर्व समाज का भी निर्माण हुआ। सर्व पिछडा वर्ग समाज को ही लें,जिन्होंने चारामा के राजा राव पठार में अपने आयोजन के लिए उनसे सहयोग के नाम मिलने पहूंचे तब एक विशेष समाज के अहं से कहा गया कि मुझे आप लोगों की कोई जरूरत नहीं है। आज जब इस समाज की लोकप्रियता का पता चला तो यह कहते सुना गया कि आप लोग अपने किसी मंचीय आयोजन में बुलाएं तो आऊ। यानि कि इतने बडे पिछडा वर्ग समाज का इस्तेमाल आज भी इस घृणित सोच के साथ करने की निम्न मानसिकता है कि पैसे के बल पर उन्हें कुछ चढाऊं और उन्हें मंच में कुर्सी मिले। समाज के इतने ही हिमायती होते तो समाज के साथ बैठते। सम्मान पाने की ख्वाहिश हुई तो समाज में पैसे के नाम सहयोग करते सम्मान के लिए सुध लिये जा रहे हो। तुम्हारे पैसे तुम्हें ही सलाम रहे।समाज ने कहा-पिछडा वर्ग समाज आपकी मानसिकता को समझने इतने कमजोर नहीं है। अपनी सामाजिक सत्ता,अपने पैसे का गुरूर अपने पास रखिये। इसकी कोई जरूरत समाज को नहीं है। संबंल समाज है,पूरे हौसले के साथ चलना सीखा और चल रहा है। होगी तुममें कुटनीतिक परिपक्वता पर याद रखें समाज के अंदर की बौद्विक क्षमता तुम्हें परास्त ही करायेगा।
✍️मनोज जायसवाल
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
27 अप्रेल 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01.सर्व पिछडा वर्ग ने आज कांकेर नगर में प्रेस वार्ता आयोजित कर भारत की जनगणना में पिछडा वर्ग के लिए कालम नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए तात्कालीन भाजपा सरकार को जम कर कोसा।
— आज सर्व पिछडा वर्ग समाज जिला कांकेर द्वारा भारत की जनगणना के संबंध में व्याप्त खामियों को लेकर नगर के जैन मिष्ठान्न होटल में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में जवाब देते हुए जिलाध्यक्ष माधेश्वर जैन ने तात्कालीन सतारूढ भाजपा सरकार को जम कर कोसा। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए नाराजगी के साथ कहा कि- सभी वगों का जनगणना पृथक-पृथक रूप से किया जाना था,लेकिन जनगणना प्रपत्र में पिछडा वर्ग का अलग से कोई कालम नहीं होने से पिछडा वर्ग के आर्थिक एवं आरक्षण संबंधित जमीनी स्थितियों से दूर हो जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए प्रश्न किया किय क्या ट्रिपल इंजन की यह सरकार पिछडा वर्ग को समाप्त तो नहीं करना चाहती। भारत सरकार के राजपत्र 22 जनवरी 2026 के जनगणना कालम ही नहीं रखा गया है,जो सर्व पिछडा वर्ग के साथ घोर अन्यायय है। जब हमारी जनगणना ही नहीं होगी तो अस्तित्व ही कहां रहेगा। सीधे तौर पर पिछडा वर्ग को अन्य में विलोपित करने का कुचक्र रखा गया है।

प्रेस वार्ता के बाद कलेक्ट्रेट जाकर कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा।
———————–
02. गौ रक्षा को लेकर शिवसेना का प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज, मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन ।

— -शिवसेना द्वारा प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के निर्देशानुसार प्रदेश भर में गौ रक्षा के मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज कांकेर जिला मुख्यालय में शिवसेना के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान शिवसेना के हर्ष विजय प्रकाश व युवासेना पदाधिकारियों ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, किंतु वर्तमान समय में गौहत्या, गौ तस्करी एवं गौवंश की उपेक्षा लगातार बढ़ती जा रही है, जो अत्यंत चिंताजनक विषय है। इन परिस्थितियों को देखते हुए शिवसेना ने प्रदेश सरकार से ठोस एवं कड़े कदम उठाने की मांग की है।ज्ञापन में प्रमुख मांगों के रूप में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता को राज्य माता घोषित करने, गौ तस्करी में लिप्त वाहनों को तत्काल राजसात करने, गौ हत्या करने वालों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने, तथा प्रदेश के गौठानों को व्यवस्थित गौशालाओं के रूप में विकसित कर वहां गौ सेवकों की नियुक्ति करने की मांग शामिल है।ज्ञापन के साथ ही शिवसेना द्वारा 3 जुलाई से प्रारंभ किए गए महा हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत प्राप्त हजारों नागरिकों के व्यापक जनसमर्थन की हस्ताक्षरयुक्त प्रतियां भी जिलाधीश को सौंपी गईं। शिवसेना पदाधिकारियों ने बताया कि इस अभियान को प्रदेश के विभिन्न जिलों, तहसीलों एवं गांवों में भारी जनसमर्थन प्राप्त हुआ है, जिससे स्पष्ट है कि गौ रक्षा के विषय में आमजन की भावना अत्यंत प्रबल है।शिवसेना नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा शीघ्र ही इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्यवाही नहीं की जाती है, तो शिवसेना आगामी समय में और भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम के दौरान शिवसेना के हर्ष विजय प्रकाश,समृद्ध शर्मा,गौरव जैन,निखिल पांडेय,अभिषेक भंडारी,अकाश सेन,इन्द्रजीत भंडारी,शुभम सहारे,संतोष मरकाम,विनय विके,दिपांशु पांडेय,आवेश व कई प्रमुख पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने गौ रक्षा के समर्थन में अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।
———————
03.कलेक्टर जनदर्शन में मिले 27 आवेदन । प्राप्त आवेदनों को शीघ्र निराकृत करने कलेक्टर ने दिए निर्देश ।

-जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुल 27 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने मांग तथा समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेंद्र कुमार कुर्रे सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।।
————————
04 नकली हाथ पैर के मापन शिविर का आयोजन 28 एवं 29 अप्रैल को।
—कांकेर जिले में दो दिवसीय नकली हाथ पैर के मापन शिविर का आयोजन 28 एवं 29 अप्रैल को प्रातः 11 से 4 बजे तक शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय कोदाभाट कांकेर में किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने जानकारी दी है कि जरूरतमंद सभी दिव्यांग शिविर का लाभ ले सकते हैं। शिविर हेतु भोजन, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था समाज कल्याण विभाग कांकेर द्वारा की जाएगी। शिविर में हितग्राही को अपना आधार, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साईज फोटो, यू.डी.आई.डी. कार्ड लाना अनिवार्य है।
————————
05 . जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 04 से 25 मई तक।
— प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 04 से 25 मई तक सुबह 06 से 08 बजे तक एवं सायंकाल 05 से 07 बजे तक शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान एवं जिला खेल परिसर सिंगारभाट कांकेर में आयोजन किया जाएगा। प्रभारी खेल अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जिला स्तरीय खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन में प्रशिक्षक फुटबॉल, कराटे, खो-खो, एथेलटिक्स, हैण्डबॉल, व्हालीबॉल और बैडमिंटन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर हेतु व्यवस्थित खेल मैदान, खेल सामग्री, प्रशिक्षक की व्यवस्था, प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों को शुद्ध पेयजल, पौष्टिक आहार आदि समस्त व्यवस्था विभाग द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में प्रवेश हेतु खिलाड़ियों की आयु सीमा मय दस्तावेज निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र तथा 8 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक, बालिकाओं को शामिल किया जाएगा। आयु प्रमाण के लिए प्रवेश लेने वाले खिलाड़ियों से जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड अथवा ऐसी दस्तावेज जो सक्षम प्राधिकारी द्वारा अभिप्रमाणित हो। प्रशिक्षणार्थी जिस खेल में भाग लेना चाहते हैं, उन खेलों से संबंधित प्रशिक्षण स्थल अथवा कार्यालय खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर में जाकर सीधे सम्पर्क कर अपना नाम पंजीयन अथवा आवेदन जमा करा सकते हैं।
————————
06. ग्राम पंचायत घोटिया एवं कच्चे में उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित ।
—अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर द्वारा ग्राम पंचायत घोटिया एवं नवीन दुकान कच्चे में शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालन के लिए इच्छुक पात्र एजेंसियों से 04 मई तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए ग्राम पंचायत, महिला स्व-सहायता समूह, प्राथमिक कृषि साख समितियां एवं अन्य सहकारी समितियां शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालित करने के इच्छुक हों वे निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर ने बताया कि ग्राम पंचायत के द्वारा दुकान संचालन की स्थिति में ग्राम पंचायत को दुकान संचालन स्वतः करना होगा अर्थात किसी निजी व्यक्ति को अधिकृत नहीं किया जा सकेगा। ग्राम पंचायत द्वारा दुकान संचालन करने पर सरपंच एवं पंच, पंचायत सचिव एवं एक गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले राशन कार्डधारी तथा अन्त्योदय राशन कार्डधारक व्यक्ति जिसमें दो महिला सदस्य होना आवश्यक है, के समिति द्वारा संचालन किया जाना होगा। स्थानीय शिक्षित बेरोजगार व्यक्ति को सेल्समेन के पद पर ग्राम पंचायत अनुमोदन पश्चात् रखा जाना अनिवार्य होगा।
महिला स्व-सहायता समूह का पंजीयन होना अनिवार्य। समूह का पंजीयन 03 माह पूर्व होना चाहिए तथा उसके खाते में पर्याप्त धन राशि जमा होना अनिवार्य है, जो कि एक माह के खाद्यान्न एवं केरोसीन के डी.डी. हेतु पर्याप्त राशि होना चाहिए। समूह द्वारा विक्रेता के पद पर शिक्षित बेरोजगार महिला को रखना अनिवार्य होगा।
————————
07. सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने व नियद नेल्लानार योजना के संबंध में अधिकारी तैयारी पूर्ण कर लें, समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश ।

—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभागों में लंबित प्रकरणों की साप्ताहिक प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आगामी मई माह में आयोजित होने वाले सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने तथा नियद नेल्लानार 2.0 के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लेें। विशेष तौर पर ग्राम पंचायत एवं क्लस्टर स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों के आयोजन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।आज सुबह 11 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने बताया कि सुशासन तिहार के तहत मई माह के प्रथम अथवा द्वितीय सप्ताह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रवास संभावित है। अतः तदनुरूप विभाग के अधिकारी अपनी तैयारियां पूर्ण रखें तथा शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को सेच्युरेशन मोड में योजनाओं का लाभ दिलाएं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया कि कोई भी पात्र हितग्राही इससे वंचित होने न पाए। बैठक में कलेक्टर ने विभागवार लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में अधोसंरचना एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने राजस्व विभाग में लंबित प्रकरणों को 30 अप्रैल तक निराकृत करने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा 01 मई से प्रारंभ होने वाली जनगणना 2027 के लिए अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओे श्री हरेश मंडावी ने बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार 2.0 के क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक जानकारी अधिकारियों को दी। इसके अलावा कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, डीफ एवं निष्क्रिय बैंक खातों की जानकारी, विशेष केन्द्रीय सहायता मद, आयुष्मान भारत एवं वय वंदना योजना सहित विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान संविधान के अनुच्छेद 275(1) के अधीन गठित जिला योजना एवं निगरानी समिति के तहत विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। इस अवसर पर सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।
————————
08.सीईओ हरेश मंडावी ने कोयलीबेड़ा के सुदूर गांवों में विकास कार्यों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश ।

—जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने विकासखंड कोयलीबेड़ा के सुदूर ग्रामों का दौरा कर शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं विकास कार्यों का स्थल चिन्हांकन सहित अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।ग्राम सरगी कोर्ट में मनरेगा के तहत निर्माणाधीन आजीविका डबरी का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों को सब्जी उत्पादन, मछली पालन एवं बतख पालन जैसी आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सरगी कोट से जुड़े चार गांवों के ब्रिज का निरीक्षण कर सेतु विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पुल चालू करने के निर्देश दिए।
मावा मोदोल लाइब्रेरी के लिए माध्यमिक शाला कोयलीबेड़ा का चयन किया गया है। वर्तमान में भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसके मरम्मत एवं निर्माण हेतु एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने अटल डिजिटल सुविधा केंद्र एवं महतारी सदन का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। कन्या आश्रम के निरीक्षण के दौरान वहां विकसित किचन गार्डन की सराहना की गई। इसके अलावा प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक कन्या छात्रावासों का निरीक्षण करते हुए बाउंड्री वॉल एवं मरम्मत कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा को दिए गए। ग्राम माहला में पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए बोरवेल खनन का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पेशल प्रोजेक्ट आवास के हितग्राहियों को 30 मई तक आवास पूर्ण करने हेतु कार्ययोजना बनाकर समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कोयलीबेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक-एक बोरवेल स्वीकृति के लिए सहमति प्रदान की गई।निरीक्षण के दौरान जिला मिशन समन्वयक नवनीत पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा उदय नाग, कार्यक्रम अधिकारी बाल किशन बंजारे, एसडीओ सीएल स्वर्णकार, तकनीकी सहायक, रोजगार सहायक एवं आवास मित्र उपस्थित रहे।
——————–
09 . प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना पर कार्यशाला आयोजित।
– प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के अंतर्गत जिला पंचायत उत्तर बस्तर कांकेर के सभाकक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित हितधारक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उद्योग संचालनालय रायपुर के प्रतिनिधि द्वारा पीएम गति शक्ति पोर्टल के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से विभाग अपनी परियोजनाओं को तैयार करने, समन्वय स्थापित करने एवं योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों को बताया गया कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विभिन्न प्रकार की आधारभूत संरचना एवं भूमि से संबंधित जानकारी उपलब्ध रहती है, जिससे परियोजनाओं की योजना बनाने में समय और संसाधनों की बचत होती है। इसके उपयोग से जिले में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के सुदृढ़ होने से व्यापार एवं उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों को पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के सहयोग से संपन्न हुआ।
————————
10. बिजली के लौ-वोल्टेज की समस्या के चलते निस्तारी पेयजल की समस्या।
-चारामा विकासखंड के लखनपुरी एवं महानदी क्षेत्र के गावों में इन दिनों बिजली के लौ-वोल्टेज के चलते लोगों को ऐन भरी गर्मी में बिजली के लौ-वोल्टेज की समस्या से परेशानियों का सामना करना पड रहा है। घरों में एक हार्स पंप भी कभी चल रहे कभी नहीं जिसके चलते कई बार मोटर खराब होने की शिकायते आ रही है,तो वहीं घरेलू कुलर पंखे भी पर्याप्त नहीं चल पा रहे हैं।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






