‘संपादकीय-
”शहनाई”

पडोस में बज रही
शहनाईयों की गुंज
याद आती स्व मिलन
कैसा था, वह मौसम
कैसे थे वह परिणय
शामिल हो हम भी
नव युगल को दें
आर्शीवाद स्नेह पथ में
हरियाली सदैव रहे
भरी रहे गोद प्यारी रहे
सिंदुर की सलामती
की दुआ हमारी सदैव
साथ रहे… साथ रहे।
✍️मनोज जायसवाल
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
19 अप्रेल 2026 रविवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01. थाना कोयलीबेड़ा पुलिस की प्रभावी कार्यवाही। मारपीट, धमकी एवं घर में घुसकर तोड़फोड़ करने वाले 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।
—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि-पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार बंछोर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शुभम तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।इसी क्रम में थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र की प्रार्थिया राजेश्वरी कोमरा पति नोहरू राम कोमरा निवासी बड़गांव (बदरंगी) द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 13.04.2026 को शाम करीब 04:00 बजे गांव के प्रभु राम आंचला, ललित आंचला, सुनील हिडको, दासू सलाम एवं अन्य साथियों द्वारा एक राय होकर उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।आरोपियों द्वारा घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश कर प्रार्थिया के पति नोहरू राम कोमरा के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई।घर में रखे सामान एवं खपराछानी को नुकसान पहुंचाया गया। घटना से भयभीत होकर अपनी जान बचाकर रिश्तेदार के गांव पहुंचे तथा बाद में थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई।सूचना पर कार्यवाही करते हुए निरीक्षक निर्मल जांगड़े थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा के नेतृत्व में आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडा जप्त किया गया।
पुलिस टीम का विवरणः
थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, स. उ. नि. रजनीश गजभिये, प्र. आर. धर्मराज धुर्वे, प्र. आर. देवचंद शोरी, व अन्य थाना स्टॉफ।
———————–
02.जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवारों का सर्वेक्षण ।

—छत्तीसगढ़ शासन आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग रायपुर के निर्देशानुसार जिले में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवारों का सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है। जिले के नरहरपुर विकासखण्ड के 13 ग्रामों में विशेष पिछड़ी जनजाति कमार जाति के लोग निवास करते हैं, जिनका सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है,जो 30 अप्रैल चलेगा।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि कमार परिवारों का सर्वेक्षण, उनके निवास स्थान में जाकर मोबाईल ऐप के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तरीय सर्वेक्षण दल जिसमें छात्रावास अधीक्षक द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी, बीटगार्ड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा मितानीन के सहयोग से किया जा रहा है। उक्त सर्वेक्षण कार्य से ग्राम की आधारभूत जानकारी एवं पीवीटीजी परिवार की विस्तृत जानकारी ऐप के माध्यम से इंद्राज की जा रही है।
———————
03. जनगणना के लिए सुपरवाइजर और प्रगणकों को दी गई प्रशिक्षण, जनगणना आंकड़ों का संग्रहण डिजिटल उपकरणों के माध्यम से।

—भारत की जनगणना 2027 के लिए सुपरवाइजर और प्रगणकों को दो चरणों में प्रशिक्षित किया जा रहा है। भारत में जनगणना 1872 से की जा रही है आगामी दशकीय जनगणना देश की 16वीं जनगणना और स्वतंत्रता के बाद यह 8वीं जनगणना होगी। यह जनगणना विशिष्ट और उल्लेखनीय है क्योंकि यह भारत की पहली ऐसी जनगणना होगी, जिसमें जनगणना आंकड़ों का संग्रहण डिजिटल उपकरणों के माध्यमों से किया जाएगा जिसकी मॉनिटरिंग सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। प्रगणकों के द्वारा विशिष्ट मोबाइल एप्लीकेशन का प्रयोग करते हुए परिवारों से आंकड़ों का संग्रहण कर किया जाएगा। तहसील कांकेर चार्ज अधिकारी ग्रामीण के लिए दो चरणों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। पहले प्रशिक्षण 13, 14 और 15 अप्रैल को संपन्न हुआ। दूसरे चरण का प्रशिक्षण 18, 19 और 20 अप्रैल को पूर्ण हुआ।कांकेर विकासखंड के 100 ग्रामों को 160 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में बांटा गया है, जिसके लिए 160 प्रगणक और 27 सुपरवाइजर की नियुक्ति की गई है। सभी प्रगणक और सुपरवाइजर को प्रशिक्षक मंडल के द्वारा आगामी प्रथम चरण 01 मई से 30 मई तक होने वाले जनगणना कार्य के लिए एचएलबी ऐप के माध्यम से मकान भवनों का सूचीकरण कार्य संबंधी 34 प्रश्नों के माध्यम से कार्य पूर्ण करने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के बाद सभी सुपरवाइजर और प्रगणक अपने-अपने आवंटित एचएलबी जिसकी पूर्व में ग्राम पंचायत के सचिवों के द्वारा भवनों का नंबरिंग किया गया है में जाकर जानकारी एकत्रित कर अपने एचएलबी एप संग्रहित करेंगे। सभी सुपरवाइजर और प्रगणक को प्रशिक्षण के बाद जनगणना पूर्व अभ्यास के लिए अलग-अलग शहर एवं ग्राम के वार्डों में जनगणना करने पूर्व अभ्यास कराया गया।पूर्व अभ्यास के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक पूर्वाअभ्यास जनगणना कार्य में अपनी सहभागिता देते हुए 34 प्रश्नों का जवाब देकर जानकारी एचएलबी एप के माध्यम से दी। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल माध्यम से दी जा रही जानकारी बहुत ही सुविधाजनक है और इस कार्य में सभी को सहयोग करना चाहिए। सुपरवाइजर और प्रगणक के इस महत्वपूर्ण कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्होंने आमजनों से अपील किया की जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सबकी सहभागिता हो।
————————
04. उचित मूल्य की दुकान संचालन हेतु 30 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित
—अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर द्वारा विकासखण्ड नरहरपुर अंतर्गत लेम्पस दबेना, लेम्पस सरोना, ग्राम पंचायत देवीनवागांव, ग्राम पंचायत धनोरा, लेम्पस बासनवाही, ग्राम पंचायत कुम्हानखार, मावलीपारा और सरोना में शासकीय उचित मूल्य की दुकान आबंटित किए जाने हेतु इच्छुक पात्र एजेंसियों से आगामी 30 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किया गया है।उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए वृहत्ताकार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, कृषि साख समितियों, वन सुरक्षा समितियों, महिला स्व-सहायता समूह, ग्राम पंचायत एवं अन्य सहकारी समितियां जो शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालित करने के इच्छुक हैं, ऐसी संस्था से समस्त दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रारूप में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर में कार्यालयीन समय पर आगामी 30 अप्रैल तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
————————
05 .खनिज प्रभावित क्षेत्र के कोर एरिया में स्थित गांवों को मॉडल गांव में रूप में विकसित की योजना।

— जिले के खनिज प्रभावित क्षेत्रों के कोर एरिया में स्थित गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। चिन्हांकित गांवों में सभी मूलभूत सुविधाएं सड़क, बिजली, पानी उपलब्ध कराने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य संस्थाओं में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने इसके लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में उनके द्वारा विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए इस आशय के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए निर्देशित किया। सभी विभागों को आगामी पांच साल की कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए। बस्तर मुन्ने अभियान की सफलता के लिए विभागीय योजनाओं में पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराने कहा गया। कलेक्टर द्वारा सभी विभागों को ई-ऑफिस में कार्य करने तथा कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की गई तथा प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।बैठक में जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन और नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।
————————
06. दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान करने हेतु मूल्यांकन शिविर 22 से 24 अप्रैल तक
—एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के निगमित सीएसआर मद से दिव्यांगजन को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदाय करने हेतु मूल्यांकन शिविर का आयोजन जनपद पंचायतों में 22 अप्रैल से 24 अप्रैल तक प्रातः 10 बजे से सायं 04 बजे तक आयोजित किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल को जनपद पंचायत कांकेर में आयोजित होने वाले मूल्यांकन शिविर में चारामा, कांकेर और नरहरपुर जनपद पंचायत के दिव्यांगजन सम्मिलित हो सकते हैं। इसी प्रकार 23 अप्रैल को भानुप्रतापपुर जनपद पंचायत में भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ और दुर्गूकोंदल तथा 24 अप्रैल को कोयलीबेड़ा में आयोजित मूल्यांकन शिविर में कोयलीबेड़ा, अंतागढ़ और दुर्गूकोंदल जनपद पंचायत के दिव्यांगजन शामिल होंगे।मूल्यांकन शिविर में दिव्यांगजनों को आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, मेडिकल, पासपोर्ट साईज फोटो जिसमें दिव्यांगता दर्शित हो, आय प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र तथा राशन कार्ड लाना अनिवार्य होगा। शिविर विषयक सभी व्यवस्था संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत द्वारा की जाएगी। शिविर में दिव्यांगजन प्रमाणीकरण हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा चिकित्सक टीम उपलब्ध कराई जाएगी। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों का पेंशन, मोबाईल सीडिंग, डीएलसी इत्यादि कार्य किए जाएंगे। इसी प्रकार जिला आधार सेवा केंद अधिकारी के द्वारा दिव्यांगजन का आधार बनाने, अपडेट किए जाने हेतु टीम उपलब्ध कराया जाएगा तथा अग्रणी बैंक प्रबंधक द्वारा दिव्यांगजनों के बैंक खाता संबंधी समस्या के समाधान हेतु टीम उपलब्ध कराई जाएगी।
————————
07.जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना 30 अप्रैल तक, कलेक्टर ने की स्व-गणना करने की अपील
— जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के नागरिकों से स्व-गणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर स्वयं जानकारी दर्ज करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 के तहत छत्तीसगढ़ राज्य में स्व-गणना 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक किया जाएगा, जबकि मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 01 मई से 30 मई तक किया जाएगा। प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे तथा हर मकानों की जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके अलावा घर की स्थिति, सुविधाएं और मूलभूत जानकारी भी संकलित की जाएगी। जनगणना अधिनियम 1948 के तहत आपकी जानकारी पूरी तरह सुरक्षित एवं गोपनीय रखी जाएगी।
————————
08. जिला खनिज संस्थान न्यास निधि से 811 करोड़ के विकास कार्य, राजस्व वसूली में 103 प्रतिशत लक्ष्य हासिल,अवैध खनन पर सतत कार्रवाई।
—जिले ने विकास और खनिज राजस्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिला खनिज संस्थान न्यास निधि (डीएमएफ) के प्रभावी उपयोग और राजस्व वसूली में बेहतर प्रदर्शन के चलते जिले के सभी सातों विकासखण्डों कांकेर, चारामा, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल, अंतागढ़ और कोयलीबेड़ा में विकास कार्यों ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है।कांकेर जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास निधि के अंतर्गत 31 जनवरी 2026 की स्थिति में 811 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से 05 हजार 89 कार्यों को स्वीकृति दी गई है, इनमें से अब तक 622 करोड़ 69 लाख रुपये विकास कार्यों में व्यय हो चुके हैं जो पूर्ण राशि का 76.7 प्रतिशत है। स्वीकृत कार्यों में अब तक 03 हजार 793 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शिक्षा के क्षेत्र में 161 करोड़ 17 लाख रुपये और भौतिक आधारभूत संरचना निर्माण में 249 करोड़ 14 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। खनन प्रभावित विकासखण्ड अंतागढ़, कोयलीबेड़ा और दुर्गूकोंदल में स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी गई।
राजस्व वसूली में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि
वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनिज राजस्व का लक्ष्य 453 करोड़ 88 लाख रुपये का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके विरूद्ध 471 करोड़ 30 लाख रुपये की वसूली की गई जो लक्ष्य का 103.80 प्रतिशत है। इससे पहले वर्ष 2024-25 में भी 250 करोड़ 20 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 330 करोड़ 54 लाख रुपए वसूले गए थे, जो लक्ष्य का 132.11 प्रतिशत था। जिले में डीएमएफ अंशदान भी पिछले 10 वर्षों में 01 करोड़ 44 लाख रुपये से बढ़कर 150 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई
कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, परिवहन और अवैध भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जा रही है। वर्ष 2025-26 में कुल 135 प्रकरण दर्ज कर 55 लाख 29 हजार 508 रुपए का अर्थदंड वसूला गया। इनमें अवैध परिवहन के 117 मामलों में 38 लाख रुपए, अवैध भंडारण के 13 मामलों में 09 लाख 81 हजार रुपए और अवैध खनन के 05 मामलों से07 लाख 45 हजार रुपए की वसूली की गई।
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने बताया कि खनिज संसाधनों से प्राप्त हर राशि को खनन प्रभावित परिवारों के कल्याण पर खर्च किया जा रहा है। जिला खनिज संस्थान न्यास निधि के माध्यम से स्कूल, अस्पताल, सड़क और नल-जल योजना के 3793 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। राजस्व में वृद्धि से डीएमएफ और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
——————–
09 .अवैध रेत खनन के खिलाफ दुर्गूकोंदल में फूटेगा आक्रोश आज से अनिश्चितकालीन चरणबद्ध आंदोलन का आगाज।

चित्र—तहसीलदार के नाम सौंपे गए ज्ञापन की प्रति।
—विकासखंड दुर्गूकोंदल के खण्डी नदी में चेन माउंटेन मशीनों के जरिए हो रहे अवैध रेत खनन पर रोक न लगने से स्थानीय ग्रामीणों और आंदोलनकारियों में भारी रोष है। शासन-प्रशासन की कथित निष्क्रियता के विरोध में अब क्षेत्र के लोगों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। कल 21 अप्रैल से दुर्गा मंच बाजार के पास दुर्गुकोंदल में अनिश्चितकालीन चरणबद्ध आंदोलन और धरना प्रदर्शन शुरू किया जा रहा है। आंदोलनकारियों ने तहसीलदार दुर्गूकोंदल को सौंपे गए पत्र में स्पष्ट किया है कि पूर्व में कई बार शिकायत करने के बावजूद अवैध खनन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में अब शांतिपूर्ण लेकिन कड़े तरीके से अपनी मांगों को रखा जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए कार्यक्रम निर्धारित किए हैं 21 अप्रैल से अनिश्चितकालीन आंदोलन का प्रारंभ, 24 अप्रैल को राजस्व और खनिज विभाग को नींद से जगाने के लिए नगाड़ा बजाओ प्रदर्शन, 27 अप्रैल को अधिकारियों को सद्बुद्धि प्रदान करने हेतु विशेष श्पूजा-अर्चनाश् कार्यक्रम, 30 अप्रैल को शासन की बेरुखी के खिलाफ अर्धनग्न प्रदर्शन किया जाएगा।
सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी
शोप सिंह आंचला, पूरन बघेल, नंद कुमार नेताम का कहना है कि वे लंबे समय से अवैध खनन से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की चुप्पी ने उन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि इस विरोध प्रदर्शन के दौरान होने वाली किसी भी स्थिति के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होगा। थाना प्रभारी दुर्गूकोंदल को भी सूचना के लिए प्रेषित कर दी गई है। अब देखना यह होगा कि इस अल्टीमेटम के बाद प्रशासन हरकत में आता है या ग्रामीणों का यह आंदोलन और उग्र रूप धारण करता है।
————————
10. ‘अक्ति तिहार’ में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज कांकेर सिंगरभाट स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित “अक्ति तिहार” के पावन अवसर पर कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रतिकात्मक रूप से बीज बोवाई कार्यक्रम में शामिल होकर किसानों की समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की। आगे कहा-अक्ति तिहार सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी खेती-किसानी, परंपरा और प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव का प्रतीक है। यह दिन हर किसान के लिए नई उम्मीद, नई शुरुआत और समृद्ध भविष्य का संदेश लेकर आता है।हमारी सरकार किसानों को सशक्त बनाने, आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने और उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। किसान मजबूत होगा तो गांव मजबूत होगा, और गांव मजबूत होगा तो देश आत्मनिर्भर बनेगा।आइए, इस पावन अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि खेती को और उन्नत बनाएंगे, परंपराओं को संजोए रखेंगे और किसानों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करेंगे।
————————
विशेष—

पुलिस जानकारी के अनुसार— निखिल राखेचा, पुलिस अधीक्षक, कांकेर ने बताया कि विगत दिनों में लगातार माओवादी कैडरों ने हिंसा का मार्ग त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया है। इसी तारतम्य में पुनर्वास हेतु आज दिनांक 20 अप्रैल को आगे आए माओवादी कैडर का नाम एवं रैंक:
(1) PPCM दारसु शोरी (8 लाख इनामी )
पुनर्वास हेतु आगे आए माओवादी कैडर दारसु शोरी द्वारा एक AK 47 के साथ आत्मसमर्पण किया गया है ।उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी PLGA कंपनी क्रमांक 05 PPCM दारसु शोरी से प्राप्त जानकारी के आधार पर इलाके में सक्रिय अन्य माओवादी कैडरों से संपर्क स्थापित कर उन्हें भी मुख्यधारा में शामिल कराने के प्रयास जारी हैं। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, श्री सुन्दरराज पट्टलिंगम ने विगत दिनों में मुख्यधारा में शामिल होने के लिए आगे आए सभी माओवादी कैडरों के निर्णय का स्वागत करते हुए एक बार फिर शेष बचे कुछ माओवादी कैडरों से हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने की अपील दोहराई। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए पुनर्वास का द्वार खुला है। लेकिन जो हिंसा का रास्ता चुनेंगे, उन्हें उचित और कड़ा जवाब दिया जाएगा।
————————
“सेनापति ” हुए “संन्यासी ” मुंगेर (बिहार) में कर्म संन्यास लिया

—छत्तीसगढ़ के योग मास्टर ट्रेनर, जो योग के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सभी राज्यों में योग प्रशिक्षण लेकर नए नए उन्नत योग सीखकर उत्तर बस्तर काँकेर जिले एवं अन्य जिलों में योग की सेवा देते हैं ; उन्हें मुंगेर स्कूल ऑफ़ योगा के प्रमुख परम हंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती जी के द्वारा अक्षयतृतीया के शुभ अवसर पर कर्म संन्यास की दीक्षा दी गयी। योगकृपा उनका आध्यात्मिक नाम है । उनका पारिवारिक नाम मोहन सेनापति है। मुंगेर बिहार स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्तर के योग विद्यालय में चार स्तरों पर दीक्षा दी जाती है। पहले स्तर पर मंत्र दीक्षा दी जाती है। उसमें कम से कम तीन वर्ष पूर्ण होने और उसके नियमों में दक्ष होने पर अगली दीक्षा जिज्ञासु की दी जाती है।

जिज्ञासु में दक्ष होनें के बाद तृतीय चरण में कर्म संन्यासी की दीक्षा दी जाती है। ये तीनों दीक्षाएं संन्यास परंपरा अनुसार या तो आश्रम में रहकर या समाज में कार्य करते हुए ली जा सकती हैं किन्तु अंतिम दीक्षा संन्यास दीक्षा केवल आश्रम में रहने वाले संन्यासियों को ही दी जाती है। मोहन सेनापति उर्फ़ योग कृपा को मुंगेर (बिहार )में कर्म संन्यास की दीक्षा लेने पर नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, राजेश शर्मा, अशोक राठी, रूपेंद्र बैस, केतन व्यास सपन श्रीवास्तव, मनोज चोपड़ा, राजकुमार फवयानी, किशोर वत्यानी, देवधर शर्मा, कमल साहू,सुनील साहू, राज़भारती, मुरारी देवांगन एवं योग विद्या साधना केन्द्र, काँकेर योगा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संजय वस्त्रकार ,उपेश्वर ठाकुर, ईश्वर साहू , कुश साहू ,ओम प्रकाश चंद्रवंशी एवं अन्य पदाधिकारियों ने शुभकामनायें प्रदान की हैं।
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






