‘संपादकीय-
छत्तीसगढ़ में विवाह का दौर…क्या है मंगरोहन?

-इन दिनों छत्तीसगढ़ में शादी समारोह चल रहा है,जहां विविध रस्मो परंपराओं के मध्य विवाह संस्कार निभाये जा रहे हैं। इसमें सबसे जहां मण्डपाच्छादन किया जा रहा है वहां पहले पहल आता है मंगरोहन की स्थापना। बारात प्रस्थान पुर्व समस्त पितरों का आव्हान किया जाता है। दो बांसों से मंडप बनाया जाता है। यह आंगन की मिट्टी को खोदकर गड़ाया जाता है। दिनोंदिन जगह की कमी और सीमेंटीकरण के दौर से इस आंगन में दो पीपे में रेत डालकर यह आजकल बांस खड़ी की जाने लगी है। इन्हीं बांसों के मध्य आम या गुलर के लकड़ी से बनायी गयी मानव के आकृति बना कर स्थापित की जाती है। बांस के ऊपर पत्तियों का झालर लगाया जाता है। इसे ही मंगरोहन कहा जाता है। यह भी बता दें कि इन बांसों के पास मिट्टी के दीए जो कलश के ऊपर रखे जाते हैं,जिसे निरंतर प्रज्जवलित रखा जाता है। मंगरोहन दरहसल यहां होने वाले विवाह आयोजन का साक्षी भी है,जिसे टोटका के रूप में प्रस्तुती भी मानते हैं,इसके चलते विवाह संस्कार निर्विघ्न निभाये जाते हैं। मंगरोहन के पीछे हमारे यहां महाभारत में किवदंतियां भी है,जिसके चलते इसे पूरी महत्ता दी जाती है। मंगरोहन मौके पर छत्तीसगढ़ में गायी जाने वाली गीत को मंगरोहन गीत कहा जाता है
✍️मनोज जायसवाल
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
19 अप्रेल 2026 रविवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01. नरहरपुर के मर्रामपानी में शहीद प्रधान आरक्षक बिरेंद्र कुमार शोरी की प्रतिमा का गरिमामयी अनावरण।’ ’वीर जवान के शौर्य, साहस एवं बलिदान को किया गया नमन।’ ’जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न।’ ।

–कांकेर जिले के नरहरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मर्रामपानी(बावालारी) में शहीद प्रधान आरक्षक बिरेंद्र कुमार शोरी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद प्रधान आरक्षक श्री बिरेंद्र कुमार शोरी का जन्म 26 जून 1988 को ग्राम मार्रामपानी में हुआ था। वर्ष 2010 में पुलिस विभाग में आरक्षक पद पर भर्ती होकर उन्होंने निष्ठा, साहस एवं समर्पण के साथ सेवाएं दीं। उत्कृष्ट कार्यशैली के चलते वे प्रधान आरक्षक पद तक पहुंचे तथा डीआरजी बल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे। दिनांक 04 दिसंबर 2024 को जिला नारायणपुर के पांगुड़ (गारपा) क्षेत्र में एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए राष्ट्र रक्षा हेतु सर्वाेच्च बलिदान दिया।शहीद जवान की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने एवं नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा देने के उद्देश्य से ग्राम मर्रामपानी में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा प्रतिमा का अनावरण किया गया।
कार्यक्रम में शहीद जवान के पिता रामनारायण शोरी, माता श्रीमती बिंदु शोरी, पत्नी श्रीमती शीतल शोरी एवं परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।इस अवसर पर आशा राम नेताम विधायक कांकेर,माननीय सावित्री मंडावी विधायक भानुप्रतापपुर, उप पुलिस अधीक्षक डीआरजी कांकेर अविनाश ठाकुर,थाना प्रभारी सोमेशसिंह बघेल थाना नहरहपुर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने परिवारजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शहीद बिरेंद्र कुमार शोरी का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं साहस की प्रेरणा देता रहेगा।उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस शहीद जवानों के शौर्य एवं बलिदान को सदैव नमन करती है।
———————–
02.पुलिसअधीक्षक कांकेर के नेतृत्व में सुदूर माड़ क्षेत्र में पहुंची पुलिस टीम। ग्रामीणों के बीच सिविक एक्शन कार्यक्रम, जरूरतमंदों को राहत एवं दैनिक उपयोगी सामग्री का वितरण ।
शासन की योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सुविधाओं से जोड़ने की बड़ी पहल ।
—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 16.04.2026 को प्रार्थी द्वारा थाना अंतागढ़ उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके पिकअप वाहन के डाले में रखे 04 बोरी सूखा महुआ एवं 01 बोरी हल्का क्वालिटी किसमिश को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया, जिससे उसे लगभग ₹8,000/- का आर्थिक नुकसान हुआ। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना अंतागढ़ में अपराध क्रमांक 24/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ श्री आशीष बंछोर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ श्री शुभम तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी की गई।मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर अंतागढ़ एवं नारायणपुर जिले से संदेहियों को पकड़ा गया। पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया तथा अपने सहयोगी का नाम बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी रामरतन कोर्राम द्वारा थाना अंतागढ़ के अपराध क्रमांक 15/2026 धारा 303 बीएनएस में प्रार्थी अखिलेश चंदेल के घर के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल HF Deluxe चोरी करना भी स्वीकार किया गया। आरोपी रामरतन कोर्राम को दिनांक 17.04.2026 को समय 16:30 बजे एवं विधि से संघर्षरत बालक को दिनांक 18.04.2026 को समय 11:00 बजे गिरफ्तार किया गया। दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम का विवरणः- थाना प्रभारी रमेश जायसवाल, प्रधान आरक्षक 886 नरेंद्र देव मांझी, प्रधान आरक्षक 421 अजेन नरेटी, आरक्षक 744 मस्सूराम दर्रो,डीएसएफ. आर. 2431 शंभू उसेंडी,
———————
03.उप मुख्यमंत्री श्री साव ने किया मावा मोदोल लाइब्रेरी चारामा का शुभारंभ।

— प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेलकूद और युवा कल्याण एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने आज कांकेर जिले के चारामा में मावा मोदोल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। लोकार्पण पश्चात उन्होंने लाईब्रेरी का अवलोकन कर वहां अध्ययनरत युवाओं से संवाद किया तथा उनसे अपने विद्यार्थी जीवन को साझा करते हुए कहा कि लगन से पढ़ाई करें, सरकार जो सुविधाएं उपलब्ध करा रहीं है, उसका लाभ उठाए और सफल होकर अपने देश-प्रदेश व क्षेत्र का नाम रौशन करें। देश के प्रति हमेशा निष्ठावान रहें। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दी। कुल 43 लाख रूपए की लागत से निर्मित इस सर्वसुविधायुक्त लाईब्रेरी में एक साथ 75 विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंंगे। लाईब्रेरी के छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी विशेष रूप से उपस्थित थी।लाईब्रेरी के शुभारंभ अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा लगातार बच्चों के भविष्य को गढ़ने का कार्य किया जा रहा है। चाहे दिल्ली मे ंप्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना हो, अथवा प्रदेश में लाईब्रेरी व नालंदा परिसरों की स्थापना, विधार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समूचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। कांकेर जिले में भी जिला प्रशासन द्वारा लगातार बच्चों के लिए अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है, इसी कड़ी में आज मावा मोदोल लाईब्रेरी चारामा का शुभारंभ हो रहा है। पूरे क्षेत्र के बच्चे यहां अच्छे वातावरण में पढ़ाई कर अपना भविष्य गढ़ सकते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों सहित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे सभी युवाओं एवं उनके पालकों को अपनी शुभकामनाएं भी दी।
समारोह को स्थानीय विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मावा मोदोल लाइब्रेरी की स्थापना से इस क्षेत्र के बच्चों को लाइब्रेरी का लाभ मिलेगा। मावा मोदोल लाईब्रेरी में अच्छी तैयारी कर बच्चे अपना भविष्य संवार सकते हैं। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसार ने अपने उद्बोधन में बताया कि जिले के सभी 11 तहसील मुख्यालय में मावा मोदोल लाईब्रेरी की स्थापना की जाएगी, ताकि उस क्षेत्र के बच्चे लाईब्रेरी में पढ़ाई कर उच्च पदों पर आसीन हो सके। कांकेर जिले का यह छंटवा लाईब्रेरी है, इससे पूर्व कांकेर, भानुप्रतापपुर, कोरर, दुर्गूकोंदल और अंतागढ़ में मावा मोदोल निःशुल्क लाईब्रेरी संचालित की जा रही है। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक, नगर पंचायत चारामा के अक्ष्यक्ष भुनेश्वर नाग, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, सीईओ जिला पंचायत हरेश मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद, महेश जैन, उमादेवी शर्मा सहित गणमान्य नागरिक और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
————————
04. उप मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में ट्रामा सेंटर, वित्तीय साक्षरता लैब और कोया बाना आदिवासी संस्कृति संवर्धन संस्थान का किया लोकार्पण

— प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल और युवा कल्याण तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने आज जिला मुख्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कोमलदेव शासकीय जिला चिकित्सालय परिसर में ट्रामा सेंटर तथा ओपीडी एवं अतिरिक्त भवन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके अलावा पुत्री शाला परिसर का जीर्णोद्धार कर वित्तीय साक्षरता लैब और कचहरी परिसर स्थित मावा मोदोल कोचिंग संस्थान प्रांगण में कोया बाना आदिवासी संस्कृति संवर्धन संस्थान का भी लोकार्पण जिले के प्रभारी मंत्री श्री साव ने किया।आज दोपहर कोया बाना आदिवासी संस्कृति संग्रहालय के लोकार्पण पश्चात नगरवासियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि कांकेर जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा क्योंकि यहां कुल 11 करोड़ 21 लाख रूपए के विभिन्न निर्माण कार्यों और नवाचारों का लोकार्पण हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सकारात्मक और विकासपरक सोच ही परिणाम है कि जिले में इतनी तादाद में विकास की झलकियां देखने को मिल रही हैं। वहीं आने वाली पीढ़ी को आदिवासी संस्कृति और विरासत को करीब से जानने के लिए कोया बाना जैसे बहुउद्वेशीय संग्रहालय का आज लोकार्पण हुआ। श्री साव ने कहा कि कांकेर जिले को सहेजने और संवारने का काम शासन, प्रशासन और जिले के जनप्रतिनिधि के द्वारा परस्पर समन्वय के साथ किया जा रहा है। उन्होंने नगरवासियों को इन संस्थानों का लाभ उठाने की अपील की।विशिष्ट अतिथि की आसंदी से कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्री साव के नेतृत्व में कांकेर जिले को लगातार सौगातें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की इच्छाशक्ति से बस्तर के नक्सलमुक्त होने के बाद अब यहां सतत् विकास देखने को मिल रहा है। इसके अलावा सरकारें विभिन्न योजनाओं के माध्यम से यहां की आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक विरासतों को संजोने व संवर्धन करने हर संभव प्रयासरत है, जिसका उदाहरण कोया बाना संग्रहालय है जो युवाओं को उनकी प्राचीन परंपरा और सभ्यता से अवगत कराएगा। कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री एवं अन्य मंचस्थ अतिथियों ने मासिक पत्रिका नवांकुर और हल्बा जनजाति की लोक संस्कृति नामक पुस्तिका का विमोचन किया। विदित हो कि कोया बाना आदिवासी संस्कृति संवर्धन संस्थान में गोड़ी पाठशाला का संचालन और सांस्कृतिक लाइब्रेरी की स्थापना, आदिवासी पुरातत्व संग्रहालय एवं युवाओं के लिए रेडियो स्टूडियो की स्थापना की गई है। उक्त संस्थान की स्थापना जिला खनिज न्यास निधि मद से 30 लाख रूपए की लागत से की गई है।
ट्रामा सेंटर और अतिरिक्त अस्पताल भवन का किया लोकार्पण
इसके पहले उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कोमलदेव शासकीय जिला चिकित्सालय में आधुनिक तकनीक से लैस ट्रामा सेंटर और ओपीडी एवं अतिरिक्त अस्पताल भवन का लोकार्पण किया। उक्त ट्रामा सेंटर की स्थापना 01 करोड़ 41 लाख 35 हजार रूपए की लागत से डीएचएस एवं डीएमएफ मद से की गई है, जहां गंभीर मरीजों का उपचार उन्नत चिकित्सा पद्धति से तात्कालिक रूप से हो सकेगा। इसी तरह डीएमएफ मद से 08 करोड़ 42 लाख रूपए की लागत से ओपीडी एवं अतिरिक्त अस्पताल भवन का भी लोकार्पण उप मुख्यमंत्री श्री साव के द्वारा किया गया। इन चिकित्सा अधोसंरचनाओं के निर्माण से मरीजों को विभिन्न सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इस दौरान उन्होंने ट्रॉमा यूनिट में भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर हालचाल जाना।
वित्तीय साक्षरता लैब में बच्चे खेल-खेल में बनेंगे जागरूक
उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री साव ने कांकेर प्रवास के दौरान आज पोस्ट ऑफिस के समीप पुराने पुत्रीशाला परिसर में वित्तीय साक्षरता लैब का लोकार्पण किया। उक्त लैब का निर्माण पुराने शाला भवन का जीर्णोद्धार कर किया गया है। डीएमएफ मद से कुल 65 लाख रूपए की लागत से उक्त लैब का निर्माण आधुनिकीकृत ढंग से किया गया है, जहां पर विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को वित्तीय सशक्तिकरण, सायबर फ्रॉड के प्रति जागरूकता तथा व्यावसायिक निवेश कंपनी अधिनियम की जानकारी, जीएसटी, टीडीएस एवं कर प्रणाली की समझ और शेयर मार्केट से परिचय व शासन की योजना एवं आर्थिक बजट की जानकारी सहित बैंकिंग प्रणाली और निवेश आदि की वित्तीय जानकारी मिलेगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष अरूण कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मण्डावी, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले सहित नागरिक महेश जैन, दिलीप जायसवाल एवं नगर के पार्षद, जनप्रतिनिधिगण एवं नागरिक उपस्थित थे।
————————
05 .उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव कांकेर जिले के ग्राम पंचायत नारा के आश्रित ग्राम से सुभिया मुड़पार में भक्त माता कर्मा मंदिर लोकार्पण एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह सह कर्मा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर साहू समाज से काफी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।

————————
06. बाहर जिले से आने वाले हार्वेस्टरो पर रोक, महानदी हार्वेस्टर संघ कांकेर की चेतावनी

-हार्वेस्टर मालिकों की समस्याओं को संज्ञान लेते हुए महानदी हार्वेस्टर संघ कांकेर ने बड़ा फैसला लिया है कि अब हमारे जिला में बाहर से कोई भी जिला की गाड़िया (हार्वेस्टर) आकर काम नहीं करेगी। क्योंकि बाहर की गाड़िया कंपीटिशन के चक्कर में कम दर पर काम करते हैं और जिससे स्थानीय हार्वेस्टर मालिकों को काम नहीं मिल पाता जिससे उन्हें बहुत सी आर्थिक परेशानी एवं समय पर किस्त नहीं जुटा पाते हैं। जिससे स्थानीय हार्वेस्टर मालिकों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं लेकिन अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि महानदी हार्वेस्टर संघ कांकेर ने अपने संघ का पंजीयन करवाकर निम्न विषयों पर काम करेगी। संघ का मुख्य उद्वेश्य
1. बाहर जिले से आने वाले हार्वेस्टर पर रोक, खासकर धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद रायपुर अन्य।
2. धान कटाई का मूल्य 3000 से ऊपर, अधिकतम 3500
3. डिफॉल्टर किसानों को चिन्हांकित करके उनका नाम सूचीबद्ध करना
4. डिफॉल्टर किसानों के पास रुका हुआ पैसा हमारे हार्वेस्टर मालिकों को दिलाना
5. हार्वेस्टर ऑपरेटरों का एक फिक्स रेट
6. ऑपरेटर अगर किसी गाड़ी वाले के पास से बिना बताए काम छोड़ कर चला जाता है तो उसे कांकेर जिले में काम नहीं दिया जाएगा
7. कोई भी हार्वेस्टर डीलर आपको हार्वेस्टर बेचने के बाद यदि सही से सर्विस नहीं देता है या किसी भी प्रकार से आपको मानसिक परेशानी देता है तो संघ हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा
8. हार्वेस्टर से संबंधित किसी भी प्रकार से परेशानी में संघ आपके लिए लड़ाई लड़ेगी। जिसमें कांकेर जिला के संरक्षक संतुराम साहू जिला अध्यक्ष धनंजय साहू, उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश टेकाम, सचिव निलेश कुमार, कोषाध्यक्षक प्रदीप साहू मीडिया प्रभारी तारजन कतलाम, पूरन साहू, दीपक साहू, महेंद्र नायक, रोमन साहू, डब्बू साहू, ल9. ललेश साहू, तोमन सिन्हा, रामसिंग साहू, धर्मेंद्र साहू, हेमंत रिंकू साहू दुष्यंत नाग संतु सिन्हा , दादू साहू, शेखर साहू एवं पूरे कांकेर जिले के समस्त हार्वेस्टर मालिक शामिल रहे।
————————
07. हाटकोंदल में अक्ति विवाह शिव-पार्वती विवाह की तैयारियां शुरू, गणेश पूजन व हल्दी-मेहंदी रस्म सम्पन्न

– विकासखंड दुर्गूकोदल अंतर्गत ग्राम हाटकोंदल में आगामी अक्ति विवाह शिव-पार्वती विवाह आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो गई हैं। पारंपरिक आस्था और उत्साह के साथ गांव में धार्मिक माहौल बना हुआ है। आयोजन की शुरुआत गणेश पूजन, हल्दी एवं मेहंदी की रस्मों के साथ धूमधाम से की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से युवराज पटेल, जगदीश, पटेल लीलाधर, चौरका पुष्पकुमार भोयर, बहुर यादव, गेंद सिंह, टिकु, गोपल यादव, सीमा यादव, सजना, टिकेश्वरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
————————
08. दिलीप गंजीर के सुपुत्र प्रखर गंजीर के सुपुत्री श्रेणुका गंजीर का आज गायत्री शक्तिपीठ अन्नपूर्णापारा कांकेर में जन्मदिवस संस्कार मनाया गया जिसमें उपस्थित परिजनों ने बालिका के दीर्घायु की कामना करते हुए, शुभ आशीर्वाद प्रदान किये।

——————–
09 .चारामा विकासखंड के जंवरतरा विद्युत सब स्टेशन में मेंन्टनेंस कार्य के चलते आज सुबह 8.30 से बिजली बंद रखी गई जो 4.30 को बहाल हुई। भरी गर्मी उमस के चलते लोगों को काफी तकलीफों का सामना करना पडा। लेकिन बार-बार हर घंटे मिनट बिजली बंद होने से पूरे चारामा विकासखंड के लोग परेशान।
————————
10.शासन के बजट में बोदेली,पिपरौद,अरौद से लगे महानदी घाट में एनीकट हेतु करोडों की राशि बजट में पास हो गई है, पर अभी तक तत्संबंध में ग्रामीणों को कोई जानकारी नहीं होने के चलते अब प्रशासन से पुनः जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ करने की मांग करने वाले हैं। चारामा क्षेत्र में आज कई गावों में अक्षय तृतीया का पर्व मनाया गया। कई जगह कल मनायी जायेगी।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






