आज की टॉप 10 खबर 14 अप्रेल 2026 मंगलवार

———————-

‘संपादकीय-

‘नहीं रहा गंभीर लेखन का दौर”

-महज लाईक के फेर में अनर्गत विषयों पर महिला की तस्वीर डालकर थोथी वाहवाही ले रहे। पाठक भी हैं कि स्तरीय पाठ्य सामग्री पोस्ट को पढना ही नही चाहते। जो लाईक मिल भी रहे हैं,वो भी बगैर पढे ही लोग लिख रहे हैं।*

आपकी भी अपनी स्वतंत्र अभिव्यक्ति होना चाहिए। आप चाहे जिस किसी फील्ड में रहें,चाहे व्यवसायी,कलाकार,नौकरीपेशा,सामाजिक कार्यकर्ता या राजनीतिक। कुछ लोगों में लिखने की चाहत,लिखने की क्षमता होते हुए भी नहीं लिखते। कारण किसी के लिए सरकारी कर्मचारी का हवाला तो किसी के लिए अच्छे शब्दकोश का चयन। जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है, आप अपनी स्वतंत्र अभिव्यक्ति जिस शब्द शैली में लिख सकते हैं, जरूर कलम चलायें।

समाज की विसंगतियों,असमानताओं, राजनीति, आध्यात्मक जगत कई क्षेत्र हैं,जिस पर आप कलम चला सकते हैं, इसके लिए आपका पत्रकार होना जरूरी नहीं है। अपनी बौद्विक प्रतिभा को बनाए रखने के लिए विभीन्न विषयों पर कलम चलायें। आज के सोशल मीडिया भी बेहतर प्लेटफार्म है,जहां भी आप लिख सकते हैं। लेकिन किसी रील की तरह आप किसी लाईक कमेंट की चाहत में ही कलम ना चलायें। आपकी कलम किसी के लाईक कमेंट की मोहताज नहीं होना चाहिए।

चटखारेदार दो लाईनें,द्विअर्थी संवादों को लेकर तमाम सोशल मीडिया पटल में आज अश्लीलता परोसी जा रही है, वह कहीं ना कहीं युवाओं को दिग्भ्रमित करने की सोच ही कहा जाएगा कि नगरों में हिंसात्मक वारदातें हो रही है। इस पर भी लिखते रहें,कोई आपका पोस्ट,आलेख पढें ना पढें।

वैसे भी सोशल मीडिया पटल पर गंभीर बौद्विक पत्रकारिता का भी पतन हो रहा है,कोई गंभीर विषयों पर आलेखों पोस्ट को पढना ही नहीं चाहते। हां किसी लडकी की सुंदर तस्वीर दिख जाये तो तत्काल लाईक कमेंट और लिंक टच किया जाता है। यही कारण है कि सोशल मीडिया में हजारों आईडी किसी लडकी के नाम फर्जी आईडी लडकों द्वारा चलायी जा रही है। इसके बाद कुछ प्रतिशत तो वो पति भी अपनी पत्नी के नाम आईडी इस्तेमाल कर रहे हैं,जो पत्नी सोशल मीडिया में नहीं है।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 
14  अप्रेल 2026  मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

01. जिले में कई जगह-जगह मनाई गई डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती।

कन्हारपुरी(नरहरपुर) में अम्बेडकर जयंती

– आज ग्राम कन्हारपुरी,बोदेली में भारत रत्न, भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135 वीं जयंती के पावन अवसर पर उनकी प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने मुर्ति पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कहा-बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने हर वर्ग को सम्मान और अधिकार दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया।

कांकेर नगर में अंबेडकर जयंती
इसी तरह कांकेर कलेक्ट्रेट रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर भावपूर्ण श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मौके पर उपस्थित कांकेर लोकसभा के सांसद भोजराज नाग, कांकेर विधायक आशा राम नेताम एवं नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित भारतीय जनता पार्टी के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हाराडुला(चारामा) में अंबेडकर जयंती

-जनपद पंचायत सभापति एवं कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती रेणुका सिन्हा के नेतृत्व में हाराडुला मंडल में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में बाबा साहेब द्वारा निर्मित संविधान, सामाजिक न्याय और उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज जैन, भाजपा जिला सदस्य रघुनंदन साहू, हाराडुला मंडल महामंत्री महावीर सिन्हा, युवा मोर्चा अध्यक्ष शेखर बघेल, मंडल मीडिया प्रभारी रामनारायण नेताम, मंडल सदस्य केशव साहू, यशवंत साहू, अवध साहू सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन मूल्यों को अपनाने और संविधान के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन श्रीमती रेणुका सिन्हा द्वारा किया गया।

———————–

02. चारामा वि.खं. के टिकरापारा(हल्बा) में अभी से पेयजल की समस्या विकराल।

जनपद पंचायत चारामा अंतर्गत ग्राम पंचायत टिकरापारा में जल जीवन मिशन के तहत “हर घर जल” योजना के अंतर्गत निर्मित पानी टंकी आज तक उपयोग में नहीं लाई जा सकी है, जिसके चलते इस 40 डिग्री तापमान हो चुकी गर्मी के बीच लोगों का आक्रोश उबल रहा है।

ग्रामीणों की मानें तो निर्माणकर्ता ठेकेदार झगरु राम पासवान द्वारा करीब दो वर्ष पूर्व पानी टंकी का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया था। सफल बोरवेल खुदाई और बिजली कनेक्शन भी उपलब्ध है। इसके बावजूद आज तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। काशीराम जैन ने बताया कि तकनीकी रूप से कोई बाधा नहीं होने के बावजूद योजना का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच रहा है। जब इस संबंध में पीएचई विभाग के मैकेनिक रिपोर्ट इंजीनियर राकेश साहू से बात की गई तो उन्होंने सिविल विभाग के इंजीनियर प्रकाश कुमेटी से संपर्क करने की बात कही। वहीं, प्रकाश कुमेटी ने ठेकेदार से संपर्क करने को कहा। इस तरह जिम्मेदारों के बीच जवाबदेही टलती रही। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि एसडीओ कांकेर जितेंद्र हिरकने द्वारा फोन तक रिसीव नहीं किया जा रहा है, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।टिकरापारा गोंड समाज के सुरेंद्र कुमार शोरी ने बताया कि वर्तमान में ग्रामीण पुराने जल स्रोतों जैसे कुएं और हैंडपंप पर निर्भर हैं। गर्मी के मौसम में जल संकट और अधिक गंभीर हो जाता है। ग्रामीणों ने जिला पंचायत जनप्रतिनिधी पर भी ध्यान ना देकर उपेक्षा का आरोप लगाया है, एवं चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन एवं जिला प्रशासन की होगी।

———————

03.अब 28 अप्रेल को होगा सर्व पिछडा वर्ग समाज ब्लाक चारामा अध्यक्ष का चुनाव।

—पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज राजमार्ग 30 जैसाकर्रा स्थित साहू सदन में सर्व पिछडा वर्ग समाज के कई पदाधिकारी उपस्थित हुए। आज डॉ. अम्बेडकर जयंती एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों के चलते संख्या बल में कमी को देखते हुए इसे निरस्त करने का निर्णय हुआ। मीटिंग में लिये निर्णय के अनुसार अब यह चुनाव 28 अप्रेल को होगा। आज की सभा में सर्व पिछडा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू, कांकेर जिलाध्यक्ष माधेश्वर जैन,जिला संगठन मंत्री अलित सिन्हा,चारामा ब्लाक अध्यक्ष राजकुमार साहू साथ ही जितेंद्र साहू, गौरी शंकर साहू, रामदेव सिन्हा, नरोत्तम वैष्णव बृजलाल साहू, दुर्गूकोंदल ब्लाक अध्यक्ष,उपाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी उपस्थित हुए।

————————

04. टीना शेड निर्माण कार्य का कांकेर विधायक आशा राम नेताम द्वारा किया भूमिपूजन।

—आज ग्राम बासनवाही(नरहरपुर) में ‘टीना शे’ निर्माण कार्य का भूमिपूजन कांकेर विधानसभा के विधायक आशा राम नेताम द्वारा किया गया। बताया कि यह टीना शेड केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि ग्रामवासियों के सुख-दुख, सामाजिक कार्यक्रमों और आपसी सहयोग का सशक्त केंद्र बनेगा।ग्राम के हर वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस कार्य की शुरुआत की गई है, जिससे आने वाले समय में गांव की सामाजिक एकता और भी मजबूत होगी। हमारा संकल्प है कि विकास की यह गति निरंतर बनी रहे और हर गांव आत्मनिर्भर व सशक्त बने। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, युवा मोर्चा अध्यक्ष  संजूगोपाल साहू , ग्राम सरपंच श्रीमती भभीता वट्टी   सहित सभी जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों की उपस्थिति रही।

 ————————

05 . ग्राम सभा का आयोजन 14 से 19 अप्रैल तक।

—कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालय तथा उनके आश्रित ग्रामों में 14 से 19 अप्रैल तक ग्राम सभा का आयोजन करने के लिए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि अपने स्तर से पीठासीन अधिकारी नियुक्त कर तथा समय-सारणी बनाकर ग्राम सभा का आयोजन किया जावे, एक ही तिथि में एक ग्राम पंचायत में एक से अधिक गांव में ग्राम सभा का आयोजन न किया जाए। इस व्यवस्था से सरपंच, सचिव सभी ग्राम सभाओं में अपनी उपस्थिति दे सकेंगे एवं ग्राम सभा का आयोजन सही ढंग से हो सकेगा।कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने ग्राम सभा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए जनपद सीईओ को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा आयोजन की जानकारी ग्राम पंचायत के प्रत्येक पदधारी सरपंच तथा पंचों को दी जाए, जो अपने क्षेत्र के सदस्यों को ग्राम सभा में उपस्थित कराने के लिए उत्तरदायी होंगे। ग्राम पंचायतों के द्वारा ग्राम सभा सम्मेलन की सूचना सार्वजनिक स्थल, सहगोचर स्थानों पर चस्पा व मुनादी कराने के लिए भी निर्देशित किया गया है। ग्रामसभा की कार्यवाही सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के बाद लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग कर वीडियो को ‘‘ग्राम सभा निर्णय’’ (GS NIRNAY) मोबाईल एप में अपलोड कराएं। ग्रामसभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं GPDP पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराने के लिए निर्देशित किया गया है।

  ————————

06.परिवहन आरक्षक हेतु लिखित भर्ती परीक्षा 19 अप्रैल को, जिले के 27 परीक्षा केन्द्रों में 5942 परीक्षार्थी होंगे शामिल, नोडल अधिकारी नियुक्त।

-छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा परिवहन आरक्षक के रिक्त पदों हेतु लिखित भर्ती परीक्षा रविवार 19 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 5942 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा के सफल संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक शिक्षा श्री लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।परिवहन आरक्षक परीक्षा हेतु जिले में 27 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही रोड अलबेलापारा कांकेर, शासकीय आदर्श हायर सेकेण्डरी स्कूल लखनपुरी, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम कॉलेज कांकेर, कृषि कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर सिंगारभाट कांकेर, शासकीय नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल कांकेर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल लट्टीपारा, शासकीय पं. विष्णु प्रसाद शर्मा हायर सेकेंडरी स्कूल गोविंदपुर कांकेर, शासकीय जिला शिक्षा संस्थान एवं प्रशिक्षण केन्द्र (डाईट) कांकेर, शासकीय महिला आईटीआई कांकेर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट और शासकीय कन्या छात्रावास हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट शामिल है। इसी प्रकार शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल तारसगांव चारामा, शासकीय कन्या हाई स्कूल मांझापारा कांकेर, शासकीय हाई स्कूल शीतलापारा कांकेर, शासकीय हाई स्कूल डुमाली, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिदेसर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल बागोडार, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आतुरगांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल पटौद, शासकीय हाई स्कूल दशपुर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल ईच्छापुर, शासकीय हाई स्कूल माकड़ी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल नाथियानवागांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल मुरडोंगरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोकपुर तथा शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कन्हारपुरी को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।

  ————————

07.श्रीसत्य साई दर्शन पुट्टपर्ती दर्शन को जा सकेंगे युवा। 

-आगामी 12, 13 एवं 14 जून 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य की “युवा पर्ती दर्शन यात्रा” प्रशांति निलयम में आयोजित की जा रही है। इस पावन यात्रा में भगवान श्री सत्य साई बाबा के आश्रम, उनके द्वारा स्थापित अस्पताल एवं अन्य पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर प्राप्त होगा। यह अवसर विशेष रूप से उन युवा भाई-बहनों के लिए है—जो कभी प्रशांति निलयम नहीं जा पाए हैं।जो किसी कारणवश प्रशांति सेवा या अन्य सेवाओं में सम्मिलित नहीं हो सके।तथा वे सभी युवा भी जो अभी तक श्री सत्य साई सेवा संगठन से नहीं जुड़े हैं।

आगमन: सभी युवा दर्शनार्थी 12 जून 2026 सुबह तक पहुँचें।
प्रस्थान: 14 जून 2026 को सायंकाल प्रस्थान किया जा सकता है।

महत्वपूर्ण सूचना:
 आने-जाने का ट्रेन किराया स्वयं वहन करना होगा। वहाँ रहने, भोजन एवं भ्रमण की व्यवस्था संगठन द्वारा की जाएगी।

ट्रेन मार्ग एवं अन्य जानकारी हेतु संपर्क करें
एम. साई प्रताप – 8099240300
भानु चंद्र यादव – 9907934466
एस. श्याम सुंदर साई – 9131309897

जितने भी इच्छुक युवा भक्त है वह नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से पंजीकरण करावे।
पंजीकरण लिंक: https://forms.gle/1N3wPCFuniAMWMj17

पंजीकरण की अंतिम तिथि: 30 अप्रैल 2026

 ————————

08. महिला माओवादी रूपी ढेर। सरेंडर करने के किया था इंकार। डीकेएस जेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो मानपुर-मोहला मुठभेड में मारा गया था।

वीडियो-मुठभेड पर जानकारी देते हुए कांकेर पुलिस अधीक्षक कांकेर, निखिल राखेचा।

-पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरणस इस प्रकार है- पुलिस अधीक्षक, जिला कांकेर निखिल राखेचा ने बताया कि जिला कांकेर के छोटेबेठिया-परतापुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में स्थित माचपल्ली-आरामझोरा-हिडूर क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की आसूचना के आधार पर पुलिस बल द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था।

सर्च अभियान के दौरान पुलिस बल और माओवादियों के बीच माचपल्ली इलाके में मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के पश्चात सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा एक महिला माओवादी कैडर का शव बरामद किया गया। मुठभेड़ में बरामद माओवादी कैडर के शव की पहचान महिला माओवादी कमांडर । रूपी के रूप में हुई है। उल्लेखनीय है कि रूपी, डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जिसकी वर्ष 2025 में जिला मानपुर, मोहला में एक मुठभेड़ के बाद शव बरामद किया गया था।

यह भी उल्लेखनीय है कि रूपी बस्तर क्षेत्र में सक्रिय अंतिम तेलुगू माओवादी कैडर थी। मुठभेड़ स्थल की सर्चिंग के दौरान मृत महिला माओवादी के शव के साथ एक पिस्टल हथियार, गोला-बारूद तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है। आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तथा अन्य सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है।

पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि माओवादी कैडरों के सामने आत्मसमर्पण और पुनर्वास का अवसर देते हुए शासन की ओर से लगातार अपील की जाती रही है, जिसके प्रभाव से विगत महीनों में काफी बड़ी संख्या में माओवादी कैडरों ने पुनर्वास का मार्ग अपनाया है। किंतु रूपी जैसे कुछ कैडरों ने पुनर्वास के मार्ग को छोड़कर हिंसात्मक रास्ता अपनाया, जिसका परिणाम आज उनके अंत के रूप में सामने आया है।
आईजीपी बस्तर ने शेष बचे कुछ माओवादी कैडरों से अपील की कि उनके पास अब बहुत सीमित समय शेष है। वे सभी हिंसा के मार्ग को त्यागें और समाज की मुख्यधारा में लौटकर एक शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की शुरुआत करें।

 ——————–

09 .जनगणना-2027: प्रथम चरण के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश।

– जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह कार्य छत्तीसगढ़ राज्य में 01 मई से 30 मई तक किया जाएगा, जबकि स्व-गणना की अवधि 16 से 30 अप्रैल निर्धारित की गई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में जनसामान्य की सहभागिता और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सभी अनुभागों, तहसीलों एवं नगरीय निकायों को उपलब्ध निःशुल्क प्रचार माध्यमों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार, नगर निकायों की कचरा संग्रहण गाड़ियों में लगे ऑडियो सिस्टम के माध्यम से जनगणना संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों के एलईडी डिस्प्ले और नोटिस बोर्ड पर जनगणना से जुड़े वीडियो एवं स्लोगन प्रदर्शित किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों, चौराहों एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी जनगणना संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। स्थानीय केबल नेटवर्क और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रचार-प्रसार को और सशक्त बनाने के लिए स्कूलों, बस स्टॉप, ग्राम पंचायतों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रिंट एड, पोस्टर एवं होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। जनगणना से संबंधित स्लोगन, वीडियो, जिंगल/ऑडियो एवं अन्य प्रचार सामग्री गूगल लिंक के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे प्रचार-प्रसार से जुड़ी सभी गतिविधियों की जानकारी, फोटो एवं वीडियो सहित प्रेषित करें, ताकि उसे संकलित कर निदेशालय को भेजा जा सके।

————————

10. जनगणना-2027: प्रगणक एवं सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण तिथियां निर्धारित ,उपस्थिति अनिवार्य।

—जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु तहसील कांकेर (ग्रामीण) में नियुक्त प्रगणक एवं सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण विभिन्न तिथियों में चार बैचों में संपन्न होगा, जिसमें प्रत्येक बैच में 50-50 प्रशिक्षार्थियों को शामिल किया गया है।तहसील कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार 13 से 15 अप्रैल को प्रातः 09.30 से सायं 05 बजे तक प्रथम बैच का प्रशिक्षण डाइट संजयनगर कांकेर में तथा द्वितीय बैच का प्रशिक्षण जनपद पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा।इसी प्रकार 18 से 20 अप्रैल तक उपरोक्त समयानुसार तृतीय बैच का प्रशिक्षण डाइट संजयनगर कांकेर और चतुर्थ बैच का प्रशिक्षण जनपद पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। जनगणना के लिए नियुक्त प्रगणक एवं सुपरवाइजरों की उक्त प्रशिक्षण में उपस्थिति अनिवार्य किया गया है। संबंधित संस्था प्रमुख, संकुल समन्वयक, प्राचार्य एवं प्रधान अध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित कर्मचारियों को अन्य सभी कार्यों से मुक्त रखते हुए प्रशिक्षण में उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।

————————

विशेष-
समय-सीमा की बैठक, सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठक करने के निर्देश
-कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठक आयोजित करने के लिए निर्देशित किया है। जिले में मोबाईल टॉवर की स्थापना कार्य को प्राथमिकता से लेने के निर्देश भी दिए हैं। बताया गया कि जिले में 60 से अधिक मोबाईल टॉवर स्थापना का वर्क आर्डर जारी किया जा चुका है। सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि 2026-27 की कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सके। जनगणना कार्य को गंभीरता से लेने के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना के लिए जिले में प्रशिक्षण शुरू हो चुका है, अच्छा से प्रशिक्षण प्राप्त कर त्रुटिरहित कार्य करें। मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, जनशिकायत के अलावा अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों की निराकरण की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। राजस्व मामलों खाता विभाजन, नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार इत्यादि के निराकरण की भी समीक्षा की गई। ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलें भेजने, बॉयोमेट्रिक अटेंडेन्स, आईगॉट कर्मयोगी में ऑनबोर्ड इत्यादि की समीक्षा किया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।
————————

-कल 14 अप्रेल को मेन रोड रा.राजमार्ग 30 जैसाकर्रा,चारामा स्थित साहू सदन में सर्व पिछडा वर्ग समाज ब्लाक चारामा के नये अध्यक्ष का निर्वाचन होना है,इस हेतु महती सभा का आयोजन प्रातः 11 बजे से आयोजित है। सर्व पिछडा वर्ग के जिलाध्यक्ष माधेश्वर जैन सहित समाज से जुडे सभी लोगों को आने का आव्हान किया गया है।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 13 अप्रेल 2026 सोमवार

———————- ‘संपादकीय- ”संवेदना को खोज रहा हूं ”मैं” -मैं उन संवेदना को खोज रहा हूं,सोच कर कि आखिरकार कहां बची है, यह ! शहरों में खुन की बोतलों के दलाल।…

आज की टॉप 10 खबर 12 अप्रेल 2026 रविवार

———————- ‘संपादकीय- सुर  सम्राज्ञी आशा भोसले का निधन, 92 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस – भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सुरों की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *