‘संपादकीय-
”संवेदना को खोज रहा हूं ”मैं”
-मैं उन संवेदना को खोज रहा हूं,सोच कर कि आखिरकार कहां बची है, यह ! शहरों में खुन की बोतलों के दलाल। और अस्पतालों में निरीह मरीज जो मंहगे इलाज के चलते दम तोड देते हैं। लाश को न दिये जाने की खबर सिर्फ यहां ही मिलता है। आइसीयु अपने को जी भर कर देखने की सुविधा नहीं,कि जो पर्ची दी जा रही उसे अपने अपनों को खिलायी भी जा रही कि नहीं? क्योंकि प्रतिदिन एक-एक ट्रे अंग्रेजी दवाईयां जो ले जाया जा रहा है। यह भी सोचता हूं कि आपके अपने जो कोमा पर है, ना बोल सकता,ना उनका मस्तिष्क काम कर रहा है, ना खा सकता, ना हाथ पैर हिला नहीं रहा है,आखिर…आखिर इतनी दवाईयां वह खा कैसे रहा है?मैं सवाल भी नहीं कर सकता! बंधा हूं अपनी उस असीम मजबुरी से कि जो हमसे जा रहा है,जाने दीजिए लेकिन बहुमूल्य जीवन तो मिल जाये। पर एक दिन वो खबर आती है,जब पूर्वजों के छोडे जमीन,जायदाद,स्वर्ण आभूषण भी चला जाता है,लेकिन बावजूद इसके जीवन भी नहीं मिलता।
समाज में प्रतिदिन नर पिशाप अबोध बच्चियों को उन बलात्कारियों को पशुता दिखाते। उस स्थान पर जहां राक्षस भी डरा करते हैं मंदिरों में पुजा की छोड अन्यत्र विचारने से भी उसी मंदिर में ये राक्षस से भी आगे निकले पिशाची नहीं बक्शे। आज मैं सोचता हूं। मैं खोजता हूं संवेदना शुन्य वातावरण में कहीं संवेदना बची भी है कि नहीं? ऐसा नहीं है कि इसी पुरूष समाज के पुरूष उन घटनाओं पर चुपचाप हैं। अपितु यह भी कडवा सच है कि संवेदना के चलते कई पुरूष चुप इसलिए हैं कि बोलें तो बोलें क्या? लिखने भर से तो सुधार नहीं आना है। व्यक्त करें तो किसे करें। सब कुछ समझ से परे।महिलाओं के साथ अब शादी के बाद उन बेटों की भी चिंता जहां कुछ महिलाओं ने उन्हें उनकी मॉं से अलग कर दिया। खैरǃ पर राह में अब भी मैं संवेदना को खोज रहा हूं….
✍️मनोज जायसवाल
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
13 अप्रेल 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01.डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पूर्व अम्बेडकर चौक परिसर में कांकेर विधायक सहित भाजपा पदाधिकारियों ने स्वच्छता अभियान चलाया।

-कल 14 अप्रेल को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर कांकेर नगर के अम्बेडकर चौक में कांकेर विधानसभा के विधायक आशा राम नेताम,नगरपालिकाध्यक्ष अरूण कौशिक, चेम्बर ऑफ कामर्स के अनुप शर्मा,राजा देवनानी के साथ भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं,समाजसेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाते हुए सफाई की। मौे पर कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने कहा-बाबा साहब ने हमें जो संविधान, समानता और न्याय का मार्ग दिखाया, उसे आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ, सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
———————–
02. प्रोत्साहन राशि के भुगतान में देरी पर नाराजगी, जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी।
—जनपद पंचायत दुर्गूकोदल के जनपद सदस्य धनसाय हुर्रा ने तेंदुपत्ता संग्रहण से जुड़े मजदूरों की दो वर्षों की लंबित प्रोत्साहन राशि को लेकर वन विभाग के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने प्रेस नोट जारी कर वर्ष 2024 एवं 2025 की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है।जनपद सदस्य ने बताया कि क्षेत्र के हजारों ग्रामीण मजदूर, विशेषकर आदिवासी परिवार, तेंदुपत्ता तोड़ाई कार्य से जुड़े हुए हैं और यह उनकी आय का प्रमुख स्रोत है।
———————
03.शिक्षा में नवाचार की पहल, विद्यार्थियों का कराया गया एयरपोर्ट भ्रमण।

—कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में शासकीय पीएम श्री विद्यालय नरहरपुर एवं नरहरदेव के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, यह पहल विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा शिक्षण से आगे बढ़ाकर व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत विद्यार्थियों ने जगदलपुर एयरपोर्ट का भ्रमण कर विमानन क्षेत्र की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने भविष्य के प्रति सजग और सक्षम बन सकें। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जब बच्चे विभिन्न क्षेत्रों को प्रत्यक्ष रूप से देखते और समझते हैं, तो उनमें सीखने की जिज्ञासा और आत्मविश्वास दोनों बढ़ते हैं।जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मडावी ने कहा कि ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों के लिए एसे भ्रमण अत्यंत आवश्यक हैं। इससे बच्चों को आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं, संसाधनों और कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अनुभव बच्चों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हैं और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि करते हैं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को एयरपोर्ट की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, चेक-इन प्रक्रिया, रनवे संचालन तथा एयर ट्रैफिक कंट्रोल की भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बच्चों को सरल और रोचक तरीके से विमानन क्षेत्र की बारीकियों को समझाया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भ्रमण में भाग लिया और विभिन्न तकनीकी पहलुओं को नजदीक से समझा। इस दौरान उन्होंने अनेक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया, जिससे उनके ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा और मार्गदर्शन सुनिश्चित किया।
————————
04. मुख्यमंत्री ने सुकमा से किया स्वस्थ्य बस्तर अभियान का शुभारंभ, वर्चुअल माध्यम से जुड़े जिले के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी।

—मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सुकमा में आयोजित कार्यक्रम से मुख्यमंत्री स्वस्थ्य बस्तर अभियान का शुभारंभ किया, इस अभियान के तहत घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से सभी आयु वर्गों में संचारी एवं गैर संचारी रोगो, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी रोगों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार एवं रेफरल सेवों से जोड़ा जाएगा। बस्तर संभाग के सभी जिलों में यह अभियान चलाया जाएगा।मुख्यमंत्री स्वस्थ्य बस्तर अभियान के शुभारंभ अवसर पर वर्चुअल माध्यम से जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी कार्यक्रम से जु़डे़ थे। कांकेर विकासखण्ड के ग्राम बेवरती में आयोजित इस आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांकेर विधानसभा के विधायक आशाराम नेताम कहा कि बस्तर संभाग के सभी जिलों में 13 अप्रैल से 12 मई तक एक माह का विशेष स्वास्थ्य अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की जाएगी तथा गैर संचारी रोग जैसे- रक्तचाप, मधुमेह, मोतियाबिंद, सिकलसेल, मुख स्वास्थ्य, फ्लोरोसिस जांच की जाएगी। संचारी रोगो- टीबी, मलेरिया, कुष्ठ, फाइलेरिया इत्यादि की जांच की जाएगी।

साथ ही मौसमी बीमारियों की पहचान भी किया जाएगा। नवजात शिशुओं एवं गर्भवती माताओं की देखभाल, टीकाकरण और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी, साथ ही वय वंदन एवं आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएगें। प्रत्येक नागरिक का डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया जाएगा। विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि बस्तर क्षेत्र के लिए यह खुशी का समय है, जहां नक्सल उन्मूलन के साथ विकास की नई धारा प्रवाहित हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले माओवादी गतिविधियों के कारण विकास कार्यों में बाधा आती थी, लेकिन अब अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास एवं उज्ज्वला योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने कहा कि कांकेर जिला सहित बस्तर संभाग के स्वास्थ्य और खुशहाली को नई ऊंचाई देने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा स्वस्थ बस्तर अभियान एवं अटल आरोग्य लैबोरेटरी का भव्य शुभारंभ किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बस्तर संभाग के समस्त जिले के कोने-कोने तक, विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले हर एक व्यक्ति तक उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है जिसमें रक्तचाप, मधुमेह, मोतियाबिंद, टीबी, आयुष्मान कार्ड, नवजात शिशु स्वास्थ्य, उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं की पहचान एवं लोकल स्तर पर होने वाली बीमारियों की पहचान एवं उपचार संबंधित सेवाएं प्रदाय की जायेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा अटल आरोग्य लैब का भी शुभारंभ किया गया, जो स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण पहल है। दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांकेर जिले में वर्ष 1984 में पहली बार माओवादी गतिविधियां देखी गई थीं, लेकिन अब नक्सल उन्मूलन हो चुका है, जिले विकास कार्य तेजी से हो रहा हैं, 200 करोड़ रूपए से अधिक के पुल-पुलिया बनाए जा रहे हैं, 60 से अधिक मोबाईल टावर की स्थापना के लिए कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं।कार्यक्रम में मत्स्य कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, ग्राम बेवरती के सरपंच विष्णु नेताम, महेश जैन, दिलीप जायसवाल, राजीवलोचन सिंह सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मण्डावी, स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर रायपुर डॉ. निधि अत्रवाले, सीएमएचओ आर.सी ठाकुर एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित थे।
————————
05 . ग्राम सभा का आयोजन 14 से 19 अप्रैल तक।

—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालय तथा उनके आश्रित ग्रामों में 14 से 19 अप्रैल तक ग्राम सभा का आयोजन करने के लिए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि अपने स्तर से पीठासीन अधिकारी नियुक्त कर तथा समय-सारणी बनाकर ग्राम सभा का आयोजन किया जावे, एक ही तिथि में एक ग्राम पंचायत में एक से अधिक गांव में ग्राम सभा का आयोजन न किया जाए। इस व्यवस्था से सरपंच, सचिव सभी ग्राम सभाओं में अपनी उपस्थिति दे सकेंगे एवं ग्राम सभा का आयोजन सही ढंग से हो सकेगा।कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने ग्राम सभा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए जनपद सीईओ को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा आयोजन की जानकारी ग्राम पंचायत के प्रत्येक पदधारी सरपंच तथा पंचों को दी जाए, जो अपने क्षेत्र के सदस्यों को ग्राम सभा में उपस्थित कराने के लिए उत्तरदायी होंगे। ग्राम पंचायतों के द्वारा ग्राम सभा सम्मेलन की सूचना सार्वजनिक स्थल, सहगोचर स्थानों पर चस्पा व मुनादी कराने के लिए भी निर्देशित किया गया है। ग्रामसभा की कार्यवाही सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के बाद लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग कर वीडियो को ‘‘ग्राम सभा निर्णय’’ (GS NIRNAY) मोबाईल एप में अपलोड कराएं। ग्रामसभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं GPDP पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराने के लिए निर्देशित किया गया है।
————————
06.परिवहन आरक्षक हेतु लिखित भर्ती परीक्षा 19 अप्रैल को, जिले के 27 परीक्षा केन्द्रों में 5942 परीक्षार्थी होंगे शामिल, नोडल अधिकारी नियुक्त।
-छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा परिवहन आरक्षक के रिक्त पदों हेतु लिखित भर्ती परीक्षा रविवार 19 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 5942 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने परीक्षा के सफल संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक शिक्षा श्री लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।परिवहन आरक्षक परीक्षा हेतु जिले में 27 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही रोड अलबेलापारा कांकेर, शासकीय आदर्श हायर सेकेण्डरी स्कूल लखनपुरी, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम कॉलेज कांकेर, कृषि कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर सिंगारभाट कांकेर, शासकीय नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल कांकेर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल लट्टीपारा, शासकीय पं. विष्णु प्रसाद शर्मा हायर सेकेंडरी स्कूल गोविंदपुर कांकेर, शासकीय जिला शिक्षा संस्थान एवं प्रशिक्षण केन्द्र (डाईट) कांकेर, शासकीय महिला आईटीआई कांकेर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट और शासकीय कन्या छात्रावास हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट शामिल है। इसी प्रकार शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल तारसगांव चारामा, शासकीय कन्या हाई स्कूल मांझापारा कांकेर, शासकीय हाई स्कूल शीतलापारा कांकेर, शासकीय हाई स्कूल डुमाली, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिदेसर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल बागोडार, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आतुरगांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल पटौद, शासकीय हाई स्कूल दशपुर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल ईच्छापुर, शासकीय हाई स्कूल माकड़ी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल नाथियानवागांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल मुरडोंगरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोकपुर तथा शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कन्हारपुरी को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
————————
07.श्रीसत्य साई दर्शन पुट्टपर्ती दर्शन को जा सकेंगे युवा।
-आगामी 12, 13 एवं 14 जून 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य की “युवा पर्ती दर्शन यात्रा” प्रशांति निलयम में आयोजित की जा रही है। इस पावन यात्रा में भगवान श्री सत्य साई बाबा के आश्रम, उनके द्वारा स्थापित अस्पताल एवं अन्य पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर प्राप्त होगा। यह अवसर विशेष रूप से उन युवा भाई-बहनों के लिए है—जो कभी प्रशांति निलयम नहीं जा पाए हैं।जो किसी कारणवश प्रशांति सेवा या अन्य सेवाओं में सम्मिलित नहीं हो सके।तथा वे सभी युवा भी जो अभी तक श्री सत्य साई सेवा संगठन से नहीं जुड़े हैं।
आगमन: सभी युवा दर्शनार्थी 12 जून 2026 सुबह तक पहुँचें।
प्रस्थान: 14 जून 2026 को सायंकाल प्रस्थान किया जा सकता है।
महत्वपूर्ण सूचना:
आने-जाने का ट्रेन किराया स्वयं वहन करना होगा। वहाँ रहने, भोजन एवं भ्रमण की व्यवस्था संगठन द्वारा की जाएगी।
ट्रेन मार्ग एवं अन्य जानकारी हेतु संपर्क करें
एम. साई प्रताप – 8099240300
भानु चंद्र यादव – 9907934466
एस. श्याम सुंदर साई – 9131309897
जितने भी इच्छुक युवा भक्त है वह नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से पंजीकरण करावे।
पंजीकरण लिंक: https://forms.gle/1N3wPCFuniAMWMj17
पंजीकरण की अंतिम तिथि: 30 अप्रैल 2026
————————
08. महिला माओवादी रूपी ढेर। सरेंडर करने के किया था इंकार। डीकेएस जेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो मानपुर-मोहला मुठभेड में मारा गया था।
वीडियो-मुठभेड पर जानकारी देते हुए कांकेर पुलिस अधीक्षक कांकेर, निखिल राखेचा।
-पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरणस इस प्रकार है- पुलिस अधीक्षक, जिला कांकेर निखिल राखेचा ने बताया कि जिला कांकेर के छोटेबेठिया-परतापुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में स्थित माचपल्ली-आरामझोरा-हिडूर क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की आसूचना के आधार पर पुलिस बल द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था।
सर्च अभियान के दौरान पुलिस बल और माओवादियों के बीच माचपल्ली इलाके में मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के पश्चात सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा एक महिला माओवादी कैडर का शव बरामद किया गया। मुठभेड़ में बरामद माओवादी कैडर के शव की पहचान महिला माओवादी कमांडर । रूपी के रूप में हुई है। उल्लेखनीय है कि रूपी, डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जिसकी वर्ष 2025 में जिला मानपुर, मोहला में एक मुठभेड़ के बाद शव बरामद किया गया था।
यह भी उल्लेखनीय है कि रूपी बस्तर क्षेत्र में सक्रिय अंतिम तेलुगू माओवादी कैडर थी। मुठभेड़ स्थल की सर्चिंग के दौरान मृत महिला माओवादी के शव के साथ एक पिस्टल हथियार, गोला-बारूद तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है। आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तथा अन्य सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि माओवादी कैडरों के सामने आत्मसमर्पण और पुनर्वास का अवसर देते हुए शासन की ओर से लगातार अपील की जाती रही है, जिसके प्रभाव से विगत महीनों में काफी बड़ी संख्या में माओवादी कैडरों ने पुनर्वास का मार्ग अपनाया है। किंतु रूपी जैसे कुछ कैडरों ने पुनर्वास के मार्ग को छोड़कर हिंसात्मक रास्ता अपनाया, जिसका परिणाम आज उनके अंत के रूप में सामने आया है।
आईजीपी बस्तर ने शेष बचे कुछ माओवादी कैडरों से अपील की कि उनके पास अब बहुत सीमित समय शेष है। वे सभी हिंसा के मार्ग को त्यागें और समाज की मुख्यधारा में लौटकर एक शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की शुरुआत करें।
——————–
09 .जनगणना-2027: प्रथम चरण के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश।
– जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह कार्य छत्तीसगढ़ राज्य में 01 मई से 30 मई तक किया जाएगा, जबकि स्व-गणना की अवधि 16 से 30 अप्रैल निर्धारित की गई है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में जनसामान्य की सहभागिता और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सभी अनुभागों, तहसीलों एवं नगरीय निकायों को उपलब्ध निःशुल्क प्रचार माध्यमों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार, नगर निकायों की कचरा संग्रहण गाड़ियों में लगे ऑडियो सिस्टम के माध्यम से जनगणना संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों के एलईडी डिस्प्ले और नोटिस बोर्ड पर जनगणना से जुड़े वीडियो एवं स्लोगन प्रदर्शित किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों, चौराहों एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी जनगणना संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। स्थानीय केबल नेटवर्क और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रचार-प्रसार को और सशक्त बनाने के लिए स्कूलों, बस स्टॉप, ग्राम पंचायतों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रिंट एड, पोस्टर एवं होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। जनगणना से संबंधित स्लोगन, वीडियो, जिंगल/ऑडियो एवं अन्य प्रचार सामग्री गूगल लिंक के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे प्रचार-प्रसार से जुड़ी सभी गतिविधियों की जानकारी, फोटो एवं वीडियो सहित प्रेषित करें, ताकि उसे संकलित कर निदेशालय को भेजा जा सके।
————————
10. जनगणना-2027: प्रगणक एवं सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण तिथियां निर्धारित ,उपस्थिति अनिवार्य।
—जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु तहसील कांकेर (ग्रामीण) में नियुक्त प्रगणक एवं सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण विभिन्न तिथियों में चार बैचों में संपन्न होगा, जिसमें प्रत्येक बैच में 50-50 प्रशिक्षार्थियों को शामिल किया गया है।तहसील कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार 13 से 15 अप्रैल को प्रातः 09.30 से सायं 05 बजे तक प्रथम बैच का प्रशिक्षण डाइट संजयनगर कांकेर में तथा द्वितीय बैच का प्रशिक्षण जनपद पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा।इसी प्रकार 18 से 20 अप्रैल तक उपरोक्त समयानुसार तृतीय बैच का प्रशिक्षण डाइट संजयनगर कांकेर और चतुर्थ बैच का प्रशिक्षण जनपद पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। जनगणना के लिए नियुक्त प्रगणक एवं सुपरवाइजरों की उक्त प्रशिक्षण में उपस्थिति अनिवार्य किया गया है। संबंधित संस्था प्रमुख, संकुल समन्वयक, प्राचार्य एवं प्रधान अध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित कर्मचारियों को अन्य सभी कार्यों से मुक्त रखते हुए प्रशिक्षण में उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।
————————
विशेष-
समय-सीमा की बैठक, सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठक करने के निर्देश
-कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठक आयोजित करने के लिए निर्देशित किया है। जिले में मोबाईल टॉवर की स्थापना कार्य को प्राथमिकता से लेने के निर्देश भी दिए हैं। बताया गया कि जिले में 60 से अधिक मोबाईल टॉवर स्थापना का वर्क आर्डर जारी किया जा चुका है। सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि 2026-27 की कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सके। जनगणना कार्य को गंभीरता से लेने के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना के लिए जिले में प्रशिक्षण शुरू हो चुका है, अच्छा से प्रशिक्षण प्राप्त कर त्रुटिरहित कार्य करें। मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, जनशिकायत के अलावा अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों की निराकरण की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। राजस्व मामलों खाता विभाजन, नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार इत्यादि के निराकरण की भी समीक्षा की गई। ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलें भेजने, बॉयोमेट्रिक अटेंडेन्स, आईगॉट कर्मयोगी में ऑनबोर्ड इत्यादि की समीक्षा किया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।
————————
-कल 14 अप्रेल को मेन रोड रा.राजमार्ग 30 जैसाकर्रा,चारामा स्थित साहू सदन में सर्व पिछडा वर्ग समाज ब्लाक चारामा के नये अध्यक्ष का निर्वाचन होना है,इस हेतु महती सभा का आयोजन प्रातः 11 बजे से आयोजित है। सर्व पिछडा वर्ग के जिलाध्यक्ष माधेश्वर जैन सहित समाज से जुडे सभी लोगों को आने का आव्हान किया गया है।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————







