———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
27 जुलाई 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01. एनसीओआरडी की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में दी गई जानकारी।
-स्वापक औषधि मनोप्रभावी पदार्थों (एनडीपीएस) के अनधिकृत व्यवसाय पर प्रभावी नियंत्रण (एनसीओआरडी) हेतु गठित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आज दोपहर को आयोजित की गई, जिसमें एक्ट के तहत् पंजीबद्ध प्रकरणों की संख्यात्मक जानकारी दी गई। बैठक में कलेक्टर ने ऐसे प्रकरणों के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। टीएल मीटिंग के उपरांत आयोजित बैठक में कलेक्टर ने एनसीओआरडी तथा कोटपा एक्ट के तहत पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों को भी सतत् कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे कम उम्र के किशोरों में नशे की लत न लगने पाए। साथ ही नशे के कारोबार में संलिप्त व्यवसायियों के विरूद्ध भी सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देशित किया। डीएसपी सुश्री विंकेश्वरी पिंदे ने उक्त एक्ट के तहत जिले में अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 24 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 21 प्रकरण गांजा तथा 03 अन्य नशीली दवाओं के विरूद्ध कार्यवाही करके 36 आरोपियों के विरूद्ध अपराध कायम दर्ज किया गया है। इन जब्त किए गए मादक द्रव्यों में से गांजे की कीमत 81 लाख 43 हजार 650 रूपए तथा अन्य नशीली प्रतिबंधित दवाओं की कीमत 21 हजार 618 रूपए है। उन्होंने यह भी बताया कि जब्त किए गए नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण की कार्यवाही जिला न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी। डीएसपी ने यह भी बताया कि पुलिस विभाग द्वारा कोटपा एक्ट के तहत जिले में अब तक 611 प्रकरण दर्ज कर 01 लाख 21 हजार 200 रूपए की चालानी कार्यवाही की गई है। इसी तरह जिला पुलिस द्वारा विभागीय कर्मचारियों को नशामुक्त करने की दिशा में प्रोजेक्ट करूणा चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक इस वर्ष 20 कर्मचारियों को नशामुक्त कराया जा चुका है। बैठक में यह भी बताया गया कि मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री एवं तस्करी की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए पुलिस विभाग द्वारा उजियारा अभियान, चलित थाना, लघु नाटिका, सामुदायिक पुलिसिंग तथा सोशल मीडिया के माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी तरह खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी ने बैठक में बताया कि विभाग द्वारा 02 मेडिकल स्टोर्स की संलिप्तता पाए जाने के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बताया गया कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा कोटपा एक्ट के तहत 177 चालान काटे गए तथा उनसे 19 हजार 580 रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गई। कलेक्टर ने सभी मेडिकल स्टोर में सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉल करने हेतु निर्देशित किया, इस संबंध मंे बताया गया कि जिले में संचालित सभी 532 मेडिकल स्टोर्स में सीसी टीवी कैमरे की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा चुकी है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की ब्लैक स्पॉट से अवगत कराया गया
इस दौरान जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की भी बैठक कलेक्टर श्री क्षीरसागर की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले में 01 जनवरी 2026 से 30 जून तक सड़क दुर्घटना के कुल 214 प्रकरण दर्ज हुए हैं, जिनमें 150 लोगों की मृत्यु तथा 203 घायल हुए हैं। वहीं इस वर्ष ‘हिट एंड रन’ के 12 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें से अधिकांश दुर्घटना नेशनल हाईवे पर घटित हुई है। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जनवरी 2026 से 30 जून तक 359 प्रकरण दर्ज कर 34 लाख 54 हजार 200 रूपए के अर्थदण्ड की वसूली विभाग द्वारा की गई है। साथ ही बैठक में ब्लैक स्पॉट, ग्रे स्पॉट, कांकेर शहर के भीतर तथा गांवों के दुर्घटना के दृष्टिकोण से संवेदनशील जगहों की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने निर्माणाधीन पुल-पुलियों व सड़कांे को जल्द पूर्ण करने व राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यकतानुसार कार्यवाही करने के लिए संबंधित अधिकारी को तथा हाईमास्ट लाइट स्थापित करने के लिए क्रेडा विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया। साथ ही शहर के भीतर यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित और सुचारू करने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए।
✍️ 02.मलेरिया से बचाव एवं रोकथाम हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने दी सामयिक सलाह।
— मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर ने मलेरिया से बचाव एवं रोकथाम के लिए सामयिक सलाह दी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिले में विगत 05-06 दिनों में मलेरिया से प्रभावित मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। नागरिक गण अपने घरों के आसपास की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखें व मच्छरों की पैदावार रोकने के लिए गड्ढों व नालियों में पानी इकट्ठा न होने दें। ठहरे हुए पानी में मिट्टी का तेल, जला हुआ मोबिल आइल डाल दें। शाम के समय घरों में नीम के पत्तों का धुंआ करें व नियमित रूप से मच्छरदानियों का उपयोग करें। घरों में कूलर, फ्रिज का टेª, टायर, नारियल के खोखले व अन्य कंटेरनुमा सामग्रियों में पानी जमा होने न देवें, क्योंकि इसमें जमा पानी में मलेरिया के मच्छर पनपने हैं। खानपान व स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें, गरम व ताजा भोजन का सेवन करें। स्वच्छ जल को उबालकर पियें, यदि किसी व्यक्ति को बुखार, उल्टी दस्त, हाथ व पैर में दर्द, सिर दर्द आदि की शिकायत हो तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर मलेरिया जांच करावें।
———————
✍️ 03.आश्रम-छात्रावासों में स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश
—कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के सभी आश्रम-छात्रावास, स्कूलों में लगातार स्वास्थ्य परीक्षण कर मलेरिया व मौसमी बीमारियों की जांच कर आवश्यक उपचार करने के निर्देश दिए हैं। सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने अभियान के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों के निराकरण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया है। जिले में संचालित निर्माण कार्यों में प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि वर्ष 2020-21 से 23-24 तक स्वीकृत सभी निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। बस्तर विकास प्राधिकरण एवं सांसद व विधायक निधि मद के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों को भी शीघ्रता से पूरा करने के लिए कहा गया है। नशामुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि स्कूल परिसरों के आसपास नशीले पदार्थों के विक्रय पर कड़ी कायवाही की जावे। कार्यालयों में डीफ एकाउंट (निष्क्रिय खातों) का निराकरण करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर द्वारा सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, पीएम पोर्टल में प्राप्त शिकायतों सहित विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की गई। उनके द्वारा सभी शिकायतों को गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। आंगनबाड़ी भवन, उचित मूल्य सह गोदाम भवन, प्रधानमंत्री आवास, किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन, मुख्यमंत्री घोषणा मद अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्य, आयुष्मान भारत अंतर्गत पंजीयन इत्यादि कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने निर्देश दिए गए। इस अवसर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायतों के अधिकारी उपस्थित थे। ————————
✍️ 04.सांसद भोजराज नाग की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक संपन्न

— लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद भोजराज नाग की अध्यक्षता में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय, राज्य एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं की विभागीय प्रगति तथा उसके पर्यवेक्षण संबंधी कार्यवाही पर चर्चा एवं समीक्षा की गई। बैठक मे विधायक अंतागढ़ विक्रम उसेण्डी, विधायक कांकेर आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर विशेष रूप से उपस्थित थे।दिशा समिति की बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए सांसद श्री नाग ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनहित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसका लाभ अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहंुचाना सुनिश्चित किया जावे। पूर्व में नक्सल गतिविधियों के कारण अंदरूनी क्षेत्रों में विकास कार्य बाधित हुए हैं, इन क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित हो तथा सभी कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जावे। योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के लिए जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण समन्वय बनाकर कार्य करें। सब मिलकर योजनाओं को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करें। बैठक के दौरान एजेंडावार कार्यों में प्रगति की समीक्षा की गई। कुपोषित बहुलता वाले गांवों का सर्वे कराने, श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की सूची ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चारामा में जुआ खेलते हुए पकड़ाए गए कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में वित्तीय वर्ष 2024-25 में 31 हजार 586 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा 30 हजार 404 हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि जारी की जा चुकी है। प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में कक्षा पहली से 8वीं तक अध्ययनरत 65 हजार 105 बच्चों को दो-दो सेट गणवेश तथा 70 हजार 797 बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तक का वितरण किया गया है। जिले को तीन महीने में अप्रैल से जून माह तक 133.24 करोड़ रूपए का खनिज राजस्व प्राप्त हुआ है। इस अवधि के दौरान अवैध खनिज उत्खन्न के सात प्रकरणों में 11 लाख 44 हजार रूपए, अवैध खनिज परिवहन के 74 प्रकरण में 16 लाख 38 हजार 608 रूपए और अवैध खनिज भण्डारण के चार प्ररकणों में 02 लाख 64 हजार 800 रूपए की अर्थदण्ड वसूल की गई है। ग्रामीण एवं राज्य मार्गो में ओवरलोड वाहनों में कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, समाज कल्याण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, कृषि, नगरीय निकायों, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुधन विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, खाद्य विभाग, श्रम, परिवन विभाग, खनिज विभाग सहित विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं कि क्रियान्वयन में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मण्डावी ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों से जो भी दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं, उसके अनुसार कार्य करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। इस अवसर पर दिशा समिति के सदस्यगण-जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
————————
✍️ 05. स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक, सौंपे उत्तरदायित्व
—राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस का समारोहपूर्वक आयोजन आगामी 15 अगस्त को किया जाएगा। इसके गरिमामयी आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज बैठक लेकर अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय पर्व के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को परस्पर सामंजस्य और समन्वय के साथ सौंपे गए उत्तरदायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में बताया गया कि इसके लिए अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में 15 अगस्त को प्रातः 7.30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसी तरह जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में किया जाएगा, जहां पर मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 09 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी। समय-सीमा बैठक के पश्चात आयोजित मीटिंग में कलेक्टर ने बताया कि राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु सम्पूर्ण कानून व्यवस्था के लिए अपर कलेक्टर तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को नोडल अधिकारी नियुक्त गया है। इसी प्रकार समारोह स्थल में मुख्य मंच का निर्माण, अतिथियों की बैठक एवं बैरिकेटिंग व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग, सलामी मंच एवं आकर्षक पौधे इत्यादि की व्यवस्था उद्यानिकी विभाग, विद्युत एवं जनरेटर व माइक सेट की व्यवस्था विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग, मार्च पास्ट एवं परेड का संचालन रक्षित निरीक्षक द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के लिए आमंत्रण पत्र मुद्रण की व्यवस्था, समारोह स्थल पर पेयजल की व्यवस्था, मुख्य मंच पर अतिथियों की बैठक व्यवस्था, शहीदों के परिजनों, पत्रकार दीर्घा व दर्शक दीर्घा की बैठक व्यवस्था दो दिन पूर्व सुनिश्चित कर ली जाएं। यह भी बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए रिहर्सल 02 अगस्त से शुरू होगा जिसका अंतिम पूर्वाभ्यास 13 अगस्त को किया जाएगा। साथ ही विभिन्न मोर्चों में शहीद हुए जवानों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए सूची 08 अगस्त तक जिला पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुकूल सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का अक्षरशः कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। विशेष तौर पर इस अवसर पर जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।
————————
✍️06.कन्हारपुरी नदी किनारे जुआ फड़ पर थाना कोरर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 09 जुआरी गिरफ्तार। जुआ फड़ से 11,400 नगद, 52 ताश पत्ती, 07 मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री जप्त।

—पुलिस जानकारी अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है, इसी क्रम में दिनांक 27 जुलाई 2026 को थाना कोरर टीम द्वारा जुर्म-जरायम पतासाजी एवं रात्रि गश्त पर ग्राम कन्हारपुरी क्षेत्र में रवाना हुए थे।रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कन्हारपुरी स्थित नदी किनारे कोसुम पेड़ के नीचे कुछ व्यक्ति ताश के 52 पत्तों से रुपए-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। इसके पश्चात पुलिस टीम एवं गवाहों के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 09 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 11,400 नगद, 52 ताश पत्ती, ग्रीन नेट का टुकड़ा, 02 अधजली मोमबत्तियां तथा मौके पर खड़ी 07 मोटरसाइकिलें बरामद कर गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त की गईं।आरोपियों का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर थाना कोरर में अपराध पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
————————
✍️07. अऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई
—प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। कृषि विभाग ने जिले के सभी अऋणी किसानों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर अपनी संबंधित बैंक शाखा समिति एवं नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अन्य वित्तीय संस्थानों के माध्यम से फसल बीमा अवश्य कराएं। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि इस वर्ष अल नीनो एवं मौसम को देखते हुए अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में होने वाले फसल क्षतिपूर्ति का लाभ प्राप्त कर सकें। जिले में अब तक 261.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इस अवधि की औसत वर्षा का केवल 50.8 प्रतिशत है। संभावित उपज में कमी को दृष्टिगत रखते हुए किसानों को फसल बीमा कराने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ ऋणी एवं अऋणी दोनों प्रकार के किसानों को मिलेगा। भू-धारक एवं बटाईदार किसान भी योजना के लिए पात्र होंगे। अधिसूचित फसल के लिए जिन किसानों को वित्तीय संस्थानों से मौसमी कृषि ऋण स्वीकृत हुआ है, उन्हें योजना में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। गैर ऋणी किसान भी आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बी-1, खसरा तथा स्व-प्रमाणित फसल बुवाई प्रमाण-पत्र के साथ योजना में शामिल हो सकते हैं। योजना के तहत किसानों को कुल बीमित राशि का केवल 02 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना होगा। यदि किसी किसान ने एक ही अधिसूचित क्षेत्र और फसल के लिए अलग-अलग वित्तीय संस्थानों से ऋण लिया है, तो उसे केवल एक ही स्थान से बीमा कराना होगा तथा इसकी जानकारी संबंधित बैंक को देना आवश्यक होगा। जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संचालन के लिए बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी को नामित किया गया है। कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से शीघ्र फसल बीमा कराने की अपील की है।
————————
✍️08. विश्व आदिवासी दिवस की तैयारी तेज, अंतागढ़ में जिला स्तरीय बैठक,एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य,जिले के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा

-आगामी 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को लेकर सर्व आदिवासी समाज की जिला स्तरीय बैठक अंतागढ़ के गोंडवाना समाज भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से समाज के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही जिले के ज्वलंत मुद्दों जैसे पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, अधोसंरचना, डीएमएफ फंड, सीएसआर मद की राशि, पेसा कानून और आदिवासी क्षेत्रों के विकास पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।बैठक में सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष कन्हैया उसेंडी ने कहा कि इस बार कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जाएगा और लगभग एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक संख्या में समाज के लोग एकजुट होंगे, उतनी ही मजबूती से समाज की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचेगी। उन्होंने सभी से अपील की कि ब्लॉक स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम करने के बजाय जिला स्तरीय आयोजन में शामिल हों।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि दिल्ली के प्रोफेसर लक्ष्मण यादव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों सहित विभिन्न विषयों पर एक घंटे से अधिक समय तक अपना संबोधन देंगे। समाज ने तय किया कि ऐसे ही विद्वानों को मंच पर आमंत्रित किया जाएगा जो आदिवासी समाज के मुद्दों की गहरी समझ रखते हों।सर्व आदिवासी समाज अंतागढ़ के ब्लॉक अध्यक्ष संत राम सलाम ने कार्यक्रम के बेहतर संचालन के लिए एक अलग समिति बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सभी ब्लॉकों के युवा कार्यक्रम से पहले पहुंचकर आयोजन में सहयोग करेंगे।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम में डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि मंच से दिए जाने वाले विचार हर व्यक्ति तक स्पष्ट रूप से पहुंचें, इसलिए केवल पारंपरिक आदिवासी वाद्ययंत्रों का उपयोग किया जाएगा।
समाज के संरक्षक विजय ठाकुर ने कहा कि समाज की विभिन्न समस्याओं को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन दिए गए हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने रावघाट खदान, जिले में हो रहे खनन, पेसा कानून के प्रभावी पालन, जल संकट, स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़क, अधोसंरचना, डीएमएफ फंड और सीएसआर मद की राशि के पारदर्शी उपयोग जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।बैठक में पेसा कानून, ग्राम सभा के अधिकार, भूमि संबंधी विषय, रावघाट खदान से मिलने वाले लाभ, डीएमएफ फंड, सीएसआर मद की राशि तथा आदिवासी क्षेत्रों के समग्र विकास पर भी चर्चा हुई। समाज के सदस्यों ने कहा कि खनन का बड़ा हिस्सा कांकेर जिले में होने के बावजूद स्थानीय लोगों को विकास का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ विकसित करने की मांग की।
बैठक में आदिवासी छात्रावासों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई। हाल के दिनों में बीमारी और मलेरिया से बच्चों की हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए समाज ने छात्रावासों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, नियमित चिकित्सा व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।महिला प्रभाग की शकुंतला दीवान ने बताया कि इस बार महिला प्रभाग की बड़ी भागीदारी रहेगी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ अतिथियों का स्वागत करेंगी।बैठक के अंत में समाज के सलाहकार अश्वनी कांगे ने कहा कि समाज से जुड़े अधिकारों और विकास के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए सभी लोगों की एकजुटता जरूरी है। उन्होंने विश्व आदिवासी दिवस के सफल आयोजन और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए बैठक का समापन किया।
————————
✍️09. माय भारत नशा मुक्त एवं विकसित भारत के तहत गत दिवस अन्तर्विद्यालयीन विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।

—माय भारत नशा मुक्त एवं विकसित भारत के तहत गत दिवस अन्तर्विद्यालयीन विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।उक्त प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के भैया बहनों ने अपनी भागीदारी दी।माय भारत नशा मुक्त एवं विकसित भारत के तहत आयोजित कार्यक्रम में स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में भैया सेजल विश्वकर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वही भाषण प्रतियोगिता में हिमाद्री जैन द्वितीय पर रहीं।इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में अदिति पटेल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

इस दौरान नाटक का मंचन भी किया गया। जिसमें सरस्वती शिशु मंदिर उमा विद्यालय के भैया बहन डामिनी ध्रुव, संध्या राजपूत,रागिनी शांडिल्य, रौशनी,अदिति, गीतिका यादव द्वितीय स्थान पर रहे।समस्त विजयी प्रतिभागियों को व्यवस्थापक अशोक राठी, प्राचार्य भूपेंद्र तिवारी सहित कांकेर शिक्षा समिति के सभी पदाधिकारियों व आचार्य दीदियों ने बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएँ प्रदत्त की है।
———————–
✍️
10.गौ सम्मान आव्हान को लेकर नगर में गौ वंश की सुरक्षा गौ वंश को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने निकाली रैली, सौंपा ज्ञापन। खराब मौसम के बाद भी गौ-सेवकों ने कार्यक्रम सफल बनाया।जिले सहित चारामा विकासखंड में दिन भर रूक-रूक कर हो रही बारिश।
—
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






