आज की टॉप 10 खबर 29 जुलाई 2026 बुधवार

 ———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
29  जुलाई  2026 बुधवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

✍️ 01. कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने गुरू पुर्णिमा पर नगर के नरहरदेव स्कूल जाकर श्रीमती रचना श्रीवास्तव का सम्मान कर आशीर्वाद लिया।

-कांकेर विधायक आशा राम नेताम जो नगर के नरहरदेव विद्यालय कांकेर के छात्र रहे आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपनी गुरु एवं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रचना श्रीवास्तव का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया। आज शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कांकेर में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में विधायक आशाराम नेताम शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रचना श्रीवास्तव, जिन्होंने छात्र जीवन में विधायक को शिक्षा प्रदान की थी, का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। विधायक ने अपने गुरु के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें शिक्षा, अनुशासन, संस्कार एवं निरंतर परिश्रम के महत्व से अवगत कराया गया। विधायक  ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद, विद्यालय परिवार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गुरु का आशीर्वाद और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन ही एक समृद्ध, शिक्षित और संस्कारित समाज की नींव है।

✍️ 02.कांकेर जिले में हो रही भारी बारिश, महानदी का जल स्तर बढ रहा।

— बीती रात्रि से कांकेर जिले में लगातार बारिश हो रही है,जिसके चलते अब महानदी में भी जल स्तर बढ रहा है। रूक-रूक कर बारिश होने के चलते लोगों की जीवनचर्या भी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी का संदेश भी लोगों के मोबाईल में मैसेज मिल रहे हैं।

 ———————

✍️ 03. ग्राम खड़कागांव-नीलेगोंदी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से 04 नग टिफिन IED बरामद।  बद्री नारायण मीणा (भा.पु.से.) पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज के निर्देशन,श्री निखिल राखेचा,पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान संचालित किया जा रहा है।

पुलिस जानकारी अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- आज  29.07.2026 को थाना आमाबेड़ा,कांकेर सीमावर्ती ग्राम खड़कागांव-नीलेगोंदी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान डीआरजी एंव बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा  1नग लगभग 05 कि०ग्रा० 03 नग लगभग 03 कि०ग्रा० कुल-04 नग टिफिन IED बरामद किया गया। बीडीएस टीम द्वारा मौके मे बरामद IED को डिफ्यूज कर नष्ट किया गया।

————————

✍️ 04. सरस्वती शिशुु मंदिर कांकेर में गुरू पुर्णिमा पर हुआ कार्यक्रम।

— सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी कांकेर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। जिसमें हवन पूजन के साथ ही किशोर/कन्या/बाल/ एवं शिशु भारती के पदाधिकारी को शपथ दिलवाई गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय गढ़पिछवाड़ी कांकेर के व्यवस्थापक   अशोक राठी ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे प्रथम गुरु हमारे माता-पिता होते हैं। तत्पश्चात हमारे शिक्षकगण होते है,जो हमें जीवन में सही राह दिखलाते हैं। हमें गुरुओं के बताएं मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। जीवन की सार्थकता हेतु आध्यात्मिक गुरु का भी होना आवश्यक है। जिनसे हमारा जीवन सफल होता है। गुरू का स्थान सर्वोच्च होता है।हमें सदैव उनका सम्मान करना चाहिए।प्राचार्य  भूपेंद्र तिवारी ने कहा कि हम गुरूओं के मार्गदर्शन में ही अपना जीवन सफल बना सकते हैं। माता पिता के प्रति हमे सदैव आदर व सम्मान का भाव रखना चाहिए। हमे एकलव्य से शिक्षा लेनी चाहिए जो गुरू की आज्ञा का पालन करते हुए गुरु दक्षिणा में अपने दाहिने हाथ का अंगूठा अपने गुरु के चरणों में अर्पित कर दिया था।विद्यालय की वरिष्ठ दीदी श्रीमती ललता अहरवाल ने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु वेदव्यास के जन्म दिवस पर मनाया जाता है। गुरु वेदव्यास ने चारों वेदों की रचना की एवं महाभारत ग्रंथ लिखा था।

उन्होंने संपूर्ण राष्ट्र को ही नहीं बल्कि पूरे विश्व को ज्ञान के प्रकाश से प्रकाशित किया। आज हम उनकी जयंती पर गुरुओं के महत्व को अंगीकार करते हैं।इसी प्रकार विद्यार्थियों में हिमाद्री जैन ने गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवों का भाव प्रकट करते हुए गुरु के प्रति अपने समर्पण भाव को व्यक्त किया।भैया कुशाल उइके ने जीवन में गुरु के महत्व को व्यक्त करते हुए गुरुओं के बताए रास्ते पर चलने का आग्रह किया।इस अवसर पर किशोर/कन्या/बाल व शिशु भारती के भैया बहनों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। जिसमें श्रीमती रेणुका जैन,  भागवत साहू, श्रीमती अमरिका रवानी,श्रीमती रूखमणी साहू,ने अपने विभाग के भैया बहनों को कर्तव्य परायणता की शपथ   अतिथियों से दिलवायी। हवन का कार्यक्रम  संतोष पाठक ने संपादित किया। संचालन आचार्य  जीवन गंगबेर ने किया। कार्यक्रम में कांकेर शिक्षा समिति के माननीय व्यवस्थापक   अशोक राठी के साथ ही श्री यशवंत सिन्हा व समीर कोठारी भी उपस्थित थे।समस्त आचार्यों/ दीदियों व भैया बहनों ने कार्यक्रम में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। 

 ————————

✍️ 05. पिछडा वर्ग की बैठक 02 अगस्त को साहू समाज भवन कांकेर में ।

– संगठन सुदृढ़ीकरण एवं अन्य विषयों को लेकर और आगामी कार्य योजना बनाने हेतु आगामी 02 अगस्त रविवार को समय 11 बजे से साहू समाज भवन कंकालीन पारा नया बस स्टैंड के पीछे कांकेर में जिला स्तरीय आवश्यक बैठक आहूत की गई है जिसमें आप सब पदाधिकारी एवं समाज प्रमुखों की उपस्थिति प्राथमिकता पूर्वक अनिवार्य है।

  ————————

✍️06.मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले 03 आरोपी गिरफ्तार । 04 मोबाइल फोन जब्त, आरोपियों के बैंक खातों में जमा 6.88 लाख की राशि होल्ड ।

—पुलिस जानकारी अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले में संचालित अभियान के तहत अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। दिनांक 28.07.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बसंत नगर, नारायणपुर में कुछ व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से विभिन्न अंकों पर रुपए-पैसों का दांव लगवाकर अधिक लाभ का प्रलोभन देकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।प्रकरण में थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्रमांक 147/2026 धारा 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
1. विकास उर्फ रिंकू सॉरी, पिता रवि सॉरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी बसंत नगर, नारायणपुर, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर।
2. नरेंद्र जायसवाल, पिता दिनेश जायसवाल, उम्र 43 वर्ष, निवासी सालियापारा वार्ड क्रमांक-07, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर।
3. मनोज सचदेव, पिता स्व. द्वारिका सचदेव, उम्र 38 वर्ष, निवासी संतोषी नगर, भानुप्रतापपुर, थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर।

बरामदगी
04 नग मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत 2,50,000।
आरोपियों के बैंक खातों में जमा ₹6,88,000 की राशि होल्ड कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज (थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर), सहायक उप निरीक्षक फलित कुमार, सहायक उप निरीक्षक कैलाश पांडे (साइबर टीम), सहायक उप निरीक्षक भागेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक पुरुषोत्तम कतलाम तथा आरक्षक क्रमांक 1385, 1013, 1324 एवं 2112 की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

   ————————

✍️07. 100 पेड़ों पर रेडियम स्टिकर, विशेष वाहन जांच अभियान एवं 200 से अधिक विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश ।

 

—पुलिस अधीक्षक  निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   आकाश श्रीश्रीमाल (भानुप्रतापपुर) एवं  योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस)  शेर बहादुर सिंह ठाकुर एवं उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी श्री दीपक साव एवं यातायात पुलिस कांकेर द्वारा भानुप्रतापपुर अनुभाग में Triple E (Engineering, Enforcement & Education) अभियान संचालित किया गया।

अभियान का उद्देश्य
कांकेर पुलिस द्वारा संचालित Triple E (3E) अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित कर नागरिकों के जीवन की रक्षा करना है।

Engineering (इंजीनियरिंग)
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भानुप्रतापपुर परिवहन संघ के सहयोग से क्षेत्र के लगभग 100 पेड़ों पर रेडियम स्टिकर लगाए गए, जिससे रात्रि के समय सड़क किनारे की स्पष्ट पहचान हो सके। साथ ही दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार हेतु विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया गया।

Enforcement (प्रवर्तन)
यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस एवं थाना भानुप्रतापपुर की संयुक्त टीम द्वारा अनुभाग के विभिन्न मार्गों पर एमसीपी लगाकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग, मोबाइल का उपयोग, ओवरस्पीडिंग एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर प्रभावी कार्रवाई की गई तथा नशामुक्त एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

 Education (शिक्षा)
शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, भानुप्रतापपुर में विद्यार्थियों के लिए सड़क सुरक्षा विषयक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रोजेक्टर के माध्यम से यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन एवं सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थी, शिक्षकगण एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। साथ ही डायल-112 की त्वरित आपातकालीन सेवाओं एवं दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

————————

✍️08. स्वास्थ्य मंत्री   ने जिला अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण,  मरीजों व परिजनों से मुलाकात कर जाना हालचाल

-प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विकास मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल आज कांकेर जिला प्रवास के दौरान कोमलदेव शासकीय जिला चिकित्सालय पहंुचे, जहां पर उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। साथ ही इस दौरान मरीजों व उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री ने अलबेलापारा स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज आयोजित संभाग स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक के उपरांत स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने जिला अस्पताल में हाल ही में शुरू किए गए एमआरआई सेवाओं का अवलोकन किया तथा प्रतिदिन आने वाले औसतन मरीजों की जानकारी ली। साथ ही मरीजों के साथ आए उनके परिजनों से भेंट कर जिला अस्पताल में उपलब्ध सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। इसके उपरांत प्रथम तल में स्थित आईपीडी कक्ष में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर सेहतपुर्सी की जानकारी ली। कांकेर विकासखण्ड के ग्राम बारदेवरी से आई मरीज श्रीमती कलावती प्रधान, ग्राम लेण्डारा की मलेरिया से पीड़ित मरीज श्रीमती श्यामबाई यादव तथा श्री प्रवीण तारम का हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इसके उपरांत वे अलबेलापारा स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र पहंुचे जहां पर उन्होंने चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी ली। इस दौरान शिशु चिकित्सा कक्ष में जाकर भर्ती मरीजों से उनकी सेहत का हालचाल जाना तथा मलेरिया से ग्रसित कक्षा चौथी का मरीज समीर उईके से भेंट की। स्वास्थ्य मंत्री ने शिशुओं की माताओं से भी मिलकर चर्चा की और घरों के आस-पास साफ सफाई रखने, गड्ढों मे पानी जमा न होने देने व लार्वा न पनपने देने की समझाइश भी दी। इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव श्री अमित कटारिया, स्वास्थ्य संचालक डॉ. संजीव झा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, मेडिकल कॉलेज कांकेर की डीन डॉ. यास्मीन खान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरसी ठाकुर सहित स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक व स्टाफ मौजूद थे।    

————————

✍️09. चारामा में नेचर पार्क के सामने “ट्री एटीएम” का किया गया स्थापनानागरिकों को पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।  

—हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने एवं जनसहभागिता से वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वनमंडल कांकेर के अंतर्गत चारामा परिक्षेत्र में नेचर पार्क जैसाकर्रा चारामा के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने “ट्री एटीएम” की स्थापना की गई है। इस अभिनव पहल के माध्यम से वर्षा ऋतु के वर्तमान रोपण सत्र में क्षेत्र के किसान, ग्रामवासी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं इच्छुक नागरिकों को पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके। ट्री एटीएम में स्थानीय जलवायु के अनुरूप विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति अपनी आवश्यकता के अनुसार पौधे प्राप्त कर उन्हें अपने खेतों, घरों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर रोपित कर सकते हैं। चारामा परिक्षेत्र का यह ट्री एटीएम वन विभाग की जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभिनव पहल है, जो वृक्षारोपण को सरल, सुलभ एवं जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।वन विभाग ने किसानों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे इस पहल का अधिकतम लाभ उठाएँ तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लें, इससे क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ेगा और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण भी होगा।

  ———————–

✍️ 10.स्वास्थ्य मंत्री   जायसवाल ने बस्तर संभाग के स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेकर की समीक्षा कहा- नक्सलमुक्त बस्तर की तर्ज पर मलेरियामुक्त बस्तर की दिशा में सार्थक प्रयास करें, बस्तर संभाग के सभी जिलों के शत-प्रतिशत आश्रम-छात्रावासों में स्क्रीनिंग कव्हरेज आगामी 15 दिनों में पूर्ण करें: स्वास्थ्य सचिव श्री कटारिया

—प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विकास मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल आज जिला मुख्यालय कांकेेर पहुंचकर बस्तर संभाग के स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय प्रगति की जानकारी ली तथा महत्वाकांक्षी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संभाग के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ की आशातीत सफलता की बधाई देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की इच्छाशक्ति से जिस तरह बस्तर को नक्सलमुक्त बनाया गया, उसी तर्ज पर इसे मलेरियामुक्त बनाने की दिशा में ठोस व सार्थक प्रयास करें। जिला पंचायत के सभाकक्ष में मंगलवार को सुबह आयोजित मलेरिया एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा प्रबंधन पर आधारित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों एवं भीषण गर्मी में बस्तर का स्वास्थ्य अमला पूरी शिद्दत व ईमानदारी के साथ मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान को सफल बनाया। उन्होंने टीम वर्क के साथ सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से परस्पर समन्वय स्थापित कर प्राथमिक सेवाओं को निचले स्तर पर पहुंचाने की बात कही। साथ ही यह भी कहा कि जब तक मैदानी अमला पूरे समर्पण भाव से सक्रिय होकर अपनी विभागीय जिम्मेदारियों का समुचित निर्वहन नहीं करेगा, तब तक किसी भी अभियान की सफलता संभव नहीं है। स्वास्थ्य सेवाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिक सेवाओं में शामिल हैं और शासन ने अवसर तथा उत्तरदायित्व सौंपा है, उन्हें अवश्य पूर्ण करें। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बस्तर में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा मलेरियामुक्त बस्तर का संकल्प भी जल्द ही पूरा होगा।इसके पहले स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल, स्वास्थ्य सचिव श्री अमित कटारिया तथा संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. संजीव झा ने बस्तर संभाग के सभी सात जिलों कांकेर, कोण्डागांव, नारायणपुर, बस्तर, सुकमा, बीजापुर और दंतेवा़ड़ा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की एजेण्डावार व जिलावार समीक्षा करते हुए विभिन्न बिन्दुओं पर जानकारी ली। बैठक में स्वास्थ्य सचिव  कटारिया ने कहा कि विभाग का मैदानी अमला लगातार फील्ड में जाकर सैम्पल संग्रहित करें तथा पॉजीटिव रिपोर्ट आने पर तत्काल उपचार शुरू करें। चूॅकि बस्तर में मलेरिया की शिकायतें अन्य जिलों से अधिक मिलती हैं, इसलिए कोई भी गांव, मजरा, टोला और पारा सर्वे से अछूता न रहे। उन्होंने मितानिनों की दवा पेटी में सभी आवश्यक दवाईयां अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने तथा अनुपलब्धता की स्थिति में तत्काल डिमांड कर आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलों से आए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया कि मलेरिया की एक भी दवा की कमी नहीं होनी चाहिए। शासन द्वारा बस्तर संभाग में सर्वोच्च प्राथमिकता से मलेरिया की दवाएं प्रदाय की जा रही हैं। मलेरियामुक्त बस्तर अभियान के तहत चल रहे 14वें चरण में आगामी 14 अगस्त तक शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा अगले 15 दिनों में सभी जिलों के शत-प्रतिशत आश्रम-छात्रावासों में जाकर निर्धारित इंडेक्स के तहत स्क्रीनिंग कव्हरेज पूरा करने के लिए निर्देशित किया। स्वास्थ्य सचिव ने यह भी कहा कि यदि बस्तर को मलेरियामुक्त करना है तो सिर्फ स्क्रीनिंग ही नहीं, जमीनी स्तर पर जाकर मरीजों का सघन उपचार भी करना होगा। इस दौरान बताया गया कि बस्तर संभाग में मलेरिया के 07 लाख 57 हजार 322 सैम्पल लिए गए, जिनमें से 08 हजार 846 सैम्पल पॉजीटिव पाए गए हैं, जिसके उपरांत मरीजों का तत्काल इलाज प्रारंभ किया गया। स्वास्थ्य संचालक डॉ. झा ने गांवों में जाकर ‘डोर टू डोर’ सर्वे के अलावा ग्रामीणों को जागरूक करने पर जोर दिया तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर उपचार कराने के लिए प्रेरित करने की बात कही। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को मुख्यालय में रहने और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को बेहतर ढंग से मोबिलाइज करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में मच्छरदानी का शत-प्रतिशत वितरण, लार्वा पनपने वाले स्थलों का चिन्हांकन करने, प्रमुख बीमारियों की पहचान करने, मरीज के गंभीर होने पर तत्काल उच्च स्तरीय अस्पताल में रेफर करने, कीटनाशक दवाओं का समुचित ढंग से छिड़काव करने, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों, आश्रम-छात्रावासों में मच्छरदानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बारिश के मद्देनजर सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी वेनम, डॉग बाइट, स्नेक बाइट रोधी दवाओं व टीकों का अनिवार्य रूप से भंडारण रखने के निर्देश सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए गए। इसके अलावा विभिन्न एजेण्डों पर विषयवार समीक्षा कर स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर सहित बस्तर संभाग के सभी सात जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, मलेरिया नोडल अधिकारी, डीपीएम, बीएमओ तथा संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

  ————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 27 जुलाई 2026 सोमवार

 ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 27  जुलाई  2026 सोमवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01. एनसीओआरडी की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में दी गई जानकारी।…

आज की टॉप 10 खबर 25 जुलाई 2026 शनिवार

   ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 25  जुलाई  2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01. गो सम्मान आव्हान अभियान का कांकेर जिले में जबर्दस्त उत्साहपूर्ण जोर।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *