आज की टॉप 10 खबर 02 अक्टूबर 2026 शुक्रवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

02  अक्टूबर  2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

विज्ञापन

———————-

विज्ञापन

———————-

✍️ 01. चारामा में भानुप्रतापपुर विधायक की उपस्थिति में गांधी जयंती मनायी गई।

फोटो—विधायक निवास‚चारामा में गांधी जयंती मनाया।

—ब्लाक कांग्रेस कमेटी चारामा के तत्वावधान में विधायक निवास चारामा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती गरिमामयी वातावरण में पूर्ण श्रद्वा उल्लास,सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी एवं श्रीमति देवती कर्मा पूर्व विधायक दंतेवाड़ा के साथ दोनों महापुरुषों के छायाचित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। उल्लास मौके पर हिरवेन्द्र साहू अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चारामा,महेन्द्र नायक कार्यकारी जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस कांकेर, अमृत देवांगन पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत चारामा,मोहित नायक पार्षद नगर पंचायत चारामा, कमलेश रानू सेन पार्षद नगर पंचायत चारामा,मंजू सोनकर पार्षद नगर पंचायत चारामा, अंजू नाग अध्यक्ष शहर महिला कांग्रेस चारामा,सत्तार खान अध्यक्ष कांग्रेस मंडल जैसाकर्रा ,के.एल. मरकाम, देवानंद कोरेटी, संतोष शिन्दे,कैलाश कठोलिया,रवि मंगतानी, तेजेन्द्र साहू मंगेश मेश्राम सहित कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

———————–

✍️ 02.पंचायत सचिव भर्ती हेतु 3131 आवेदक पात्र एवं 701 अपात्र। पात्र अभ्यर्थियों की दस्तावेज सत्यापन 6 अक्टूबर को ।एवं कंप्यूटर कौशल परीक्षा 8 अक्टूबर को।

— पंचायत सचिव के पद पर भर्ती हेतु जारी विज्ञापन के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच उपरांत पात्र एवं अपात्र आवेदकों की सूची का प्रकाशन किया गया था तथा 20 अगस्त 2026 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई थी। प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद 3131 आवेदक पात्र पाए गए हैं एवं 701 आवेदक अपात्र पाए गए। दावा-आपत्ति निराकरण उपरांत पात्र एवं अपात्र आवेदकों की सूची जारी की गई है। जिसे जिला पंचायत कांकेर के सूचना पटल के साथ ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत कांकेर, चारामा, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, दुर्गुकोंदल, अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है। इसके अलावा जिला उत्तर बस्तर कांकेर की वेबसाइट www.kanker.gov.in पर भी इसका अवलोकन किया जा सकता है।जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी   हरेश मण्डावी ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों में से एक पद के विरुद्ध पांच अभ्यर्थियों को मेरिट सूची के आधार पर कंप्यूटर कौशल परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। पात्र अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन एवं कंप्यूटर कौशल परीक्षा का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार 06 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से जिला पंचायत सभाकक्ष, कांकेर में दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। इसके पश्चात 08 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), माकड़ी, कांकेर में कंप्यूटर कौशल परीक्षा आयोजित की जाएगी। कंप्यूटर कौशल परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र की मूल प्रति तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होना अनिवार्य है।
———————–

✍️ 03. युक्तियुक्तकरण प्रकरण में शिक्षिका खोरबाहरीन नेताम को सुरही विद्यालय में यथावत रखने का निर्णय।

—छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार युक्तियुक्तकरण से असंतुष्ट शिक्षकों के अभ्यावेदन पर सुनवाई के लिए संभागायुक्त (राजस्व) बस्तर संभाग, जगदलपुर की अध्यक्षता में संभागीय स्तर समिति गठित की गई थी। इसी क्रम में जिला कांकेर की शिक्षिका श्रीमती खोरबाहरीन नेताम, व्याख्याता एल.बी., शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरही, विकासखंड नरहरपुर द्वारा युक्तियुक्तकरण के संबंध में अभ्यावेदन प्रस्तुत किया गया था।श्रीमती नेताम द्वारा अपने अभ्यावेदन में उल्लेख किया गया था कि उनकी सेवानिवृत्ति में लगभग 11 माह का समय शेष है, इसलिए उन्हें युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में राहत प्रदान की जाए। उपलब्ध सेवा अभिलेख के अनुसार उनकी जन्मतिथि 27 जुलाई 1964 है तथा उनकी सेवानिवृत्ति तिथि 30 जून 2026 निर्धारित है। युक्तियुक्तकरण निर्देश की कंडिका 7(1) के अनुसार जिन शिक्षकों की सेवा अवधि दो वर्ष या उससे कम शेष रहती है, उन्हें काउंसलिंग में वरीयता के आधार पर पहले आमंत्रित किए जाने का प्रावधान है।जिला शिक्षा अधिकारी, कांकेर द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन एवं संबंधित दस्तावेजों के परीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित विद्यालय में इतिहास एवं राजनीति विषय के दो व्याख्याता कार्यरत हैं। शिक्षिका के अभ्यावेदन पर संभागीय स्तर समिति द्वारा 20 अगस्त 2025 को सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान श्रीमती नेताम ने उन्हें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरही के स्थान पर अन्य विद्यालय में पदांकित किए जाने के संबंध में नवीन पदांकित संस्था में पदस्थापना निरस्त करने का अनुरोध किया। समिति द्वारा प्रकरण में प्रस्तुत तर्कों तथा जिला शिक्षा अधिकारी, कांकेर के प्रतिवेदन एवं संबंधित अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद शिक्षिका का अभ्यावेदन मान्य किया गया। समिति के निर्णय के फलस्वरूप श्रीमती खोरबाहरीन नेताम, व्याख्याता एल.बी. को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरही, विकासखंड नरहरपुर, जिला कांकेर में ही यथावत रखने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में आदेश 18 सितंबर 2025 को जारी किया गया। उक्त आदेश संभागायुक्त (राजस्व) बस्तर संभाग, जगदलपुर की अध्यक्षता में गठित संभागीय स्तर समिति द्वारा प्रकरण पर सुनवाई एवं निर्णय लिए जाने के उपरांत जारी किया गया।

————————

✍️ 04. स्वास्थ्य शिविर में 620 नागरिकों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण। विधायक आशाराम नेताम एवं कलेक्टर कुन्दन कुमार ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कांकेर में सेवा सेतु शिविर के साथ ही मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्राप्त किया। कांकेर विधायक  आशाराम नेताम एवं कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे नागरिकों से संवाद किया।शिविर में 620 लोगों का ओपीडी पंजीयन किया गया, स्वास्थ्य परीक्षण पश्चात चिकित्सक की सलाह एवं परामर्श के अनुसार सभी हितग्राहियों को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं के अंतर्गत 161 लोगों की बीपी जांच की गई। स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा 23 महिलाओं का परीक्षण किया गया, जिनमें 4 गर्भवती महिलाएं शामिल रहीं। शिशु रोग विशेषज्ञ ने 7 हितग्राहियों, मेडिसिन विशेषज्ञ ने 61, मुख जांच से संबंधित 40 तथा नाक-कान-गला विशेषज्ञ ने 12 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। नेत्र रोग विशेषज्ञ द्वारा 152 हितग्राहियों की जांच की गई, वहीं 110 मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। आयुष क्लिनिक में 119 हितग्राहियों, हड्डी रोग विशेषज्ञ द्वारा 55 हितग्राहियों को सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा 16 हितग्राहियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र संबंधी प्रक्रिया तथा 14 हितग्राहियों को कुष्ठ रोग संबंधी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 25 लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी प्रदान की गई। शिविर स्थल के लैब जांच केंद्र में 250 हितग्राहियों की जांच की गई, जिनमें से 70 हितग्राहियों के उच्च स्तरीय जांच हेतु नमूने लिए गए। शिविर में टीबी पंजीयन, जांच एवं एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध रही। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही नागरिकों ने रक्तदान कर सेवा संकल्प अभियान में अपना योगदान दिया। विधायक आशाराम नेताम एवं कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने शिविर में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों एवं चिकित्सा दल से सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की और नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। सेवा सेतु शिविर के साथ ही आयोजित इस मेगा स्वास्थ्य शिविर से एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं, जांच, दवाइयां, चश्मा, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का सहज लाभ मिला।

————————

✍️ 05. हल्बा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

फोटो— हल्बा(चारामा) में नुक्कड नाटक के माध्यम से प्रसार करते प्रतिभागी कलाकार।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चारामा विकासखंड के ग्राम हल्बा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में कला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी रोचक एवं प्रभावी तरीके से दी गई। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के लाभ और उद्देश्यों से अवगत कराया।नुक्कड़ नाटक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, महतारी वंदन योजना, नव निहाल योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, नशामुक्ति एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को विषय बनाकर संदेश प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने सहज एवं स्थानीय संवादों के माध्यम से यह बताया कि पात्र हितग्राही इन योजनाओं का लाभ किस प्रकार प्राप्त कर सकते हैं। गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दिए जाने से ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ स्वच्छता, नशामुक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया। सेवा सेतु शिविर में कला एवं संस्कृति के माध्यम से दी गई यह प्रस्तुति ग्रामीणों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनी। ग्रामीणों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए ऐसे जन जागरूकता कार्यक्रमों को उपयोगी बताया।

————————— 

✍️06.‘मेरे सपनों का भारत’ पर विद्यार्थी रखेंगे अपने विचार, जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता कल 3 अक्टूबर को। कांकेर के बाजार डोम में होगा आयोजन, विभिन्न स्तरों पर विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा।

— जिला प्रशासन कांकेर के निर्देशन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन 3 अक्टूबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता कांकेर के बाजार डोम में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगी। प्रतियोगिता की थीम ‘मेरा समाज, मेरा दायित्व, मेरा योगदान’ एवं ‘मेरे सपनों का भारत’ रखी गई है। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतियोगिता में शामिल होकर अपने विचारों एवं कल्पनाओं को अभिव्यक्त करेंगे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर के अनुसार विभाजित किया गया है। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थी निर्धारित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में रंगों एवं चित्रों के माध्यम से अपने सपनों के भारत, समाज के प्रति दायित्व एवं योगदान की कल्पना को साकार करेंगे।

 ————————

✍️07. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत धनेसरा और उमरादाह में लगेंगे शिविर।

—प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हर घर सोलर, हर घर बिजली के उद्देश्य से जनपद पंचायत नरहरपुर अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में इच्छुक हितग्राही योजना की जानकारी प्राप्त करने के साथ पंजीयन करा सकते हैं। जनपद पंचायत नरहरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 अक्टूबर को ग्राम धनेसरा तथा 05 अक्टूबर को ग्राम उमरादाह में शिविर आयोजित किया जाएगा। दोनों शिविरों का आयोजन सुबह 10 बजे से किया जाएगा। शिविर में पंजीयन कराने के लिए हितग्राहियों को बिजली बिल, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, घर की छत की फोटो, ई-मेल आईडी एवं मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। योजना के तहत पंजीयन के लिए बिजली बिल में अंकित नाम, बैंक पासबुक तथा आधार कार्ड में अंकित नाम एक समान होना आवश्यक है। जनपद पंचायत नरहरपुर ने क्षेत्र के इच्छुक नागरिकों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। आइए, अपने घर को सौर ऊर्जा से रोशन करें और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में कदम बढ़ाएं।

————————

✍️08.बासनवाही के बाजार में नुक्कड़ नाटक से दिया जनजागरूकता का संदेश। शासकीय योजनाओं, स्वच्छता और सामाजिक सरोकारों के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत नरहरपुर के ठाकुर भावसिंह कला एवं विज्ञान महाविद्याल के राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं द्वारा ग्राम पंचायत बासनवाही के स्थानीय बाजार स्थल में प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरल, स्थानीय और प्रभावी संवादों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला गया। वहीं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं एवं निःशुल्क उपचार की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। स्वच्छ भारत मिशन के संदेश को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए ग्रामीणों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा अपने घर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, जनसेवा और समाज के प्रति संवेदनशीलता की भावना को भी बढ़ावा मिला। इस अवसर पर श्री टिकेश्वर जैन, ग्राम पंचायत बासनवाही की सरपंच श्रीमती भाभीता नेताम सहित स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 ————————— 

✍️09. मेला भाठा मैदान में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन। विभिन्न योजनाओं से किया गया हितग्राहियों को लाभान्वित।

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कांकेर के मेला भाठा मैदान में जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर के साथ ही मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम थे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा नागरिकों को विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। इस दौरान कला जत्थे के माध्यम से गीत, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को शासकीय योजनाओं के साथ स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक   आशाराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी की सोच है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति और अंतिम गांव तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि गांव का ऐसा व्यक्ति, जो किसी कारणवश शहर तक नहीं पहुंच पाता, उसके लिए प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर शिविर आयोजित कर रहा है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिला रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान इसी भावना के साथ लोगों तक शासन की सेवाएं पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। श्री नेताम ने स्वच्छता को जनजीवन से जोड़ते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता स्वच्छता पर होनी चाहिए। शहर और आसपास का क्षेत्र स्वच्छ रहेगा तो लोग कम बीमार पड़ेंगे। हमें नियमित साफ-सफाई पर ध्यान देना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, आंगन और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की आदत विकसित करे तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करे।  कलेक्टर   कुन्दन कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय स्थानों पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिले में कुल 31 सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें 7 जिला स्तरीय शिविर शामिल हैं। जिला स्तरीय शिविरों में सेवा सेतु के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी, विभागीय सेवाएं और स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की सेवाओं को लोगों तक पहुंचाना और नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप उन्हें योजनाओं से जोड़ना है। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शिविरों में उपस्थित रहकर नागरिकों के आवेदन प्राप्त कर रहे हैं तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदक की पात्रता पूरी नहीं होती है, तो उसे इसकी जानकारी स्पष्ट रूप से दी जाए, ताकि उसे आवेदन की स्थिति और पात्रता के संबंध में सही जानकारी मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री   लाल बहादुर शास्त्री ने देश और समाज की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। गांधी जी के संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए। मेगा स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा शुगर, ब्लड टेस्ट, बुखार, सर्दी-खांसी सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।सेवा सेतु शिविर में 24 आवेदन प्राप्त हुए इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत 09 हितग्राहियों को गेंदा पौधा एवं 06 हितग्राहियों को फलदार पौधे वितरित किए गए। श्रम विभाग के द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत कुमार चंचल को शिक्षा प्राप्त करने लिए 20 हजार रूपए की सहायता राशि का चेक प्रदान की गई। राजस्व विभाग द्वारा 04 हितग्राहियों को बी-1, खसरा प्रदाय किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 25 वरिष्ठजनों को छड़ी, 10 निश क्तजन को व्हीचेयर और 01 दिव्यांगजनों को बैसाखी सहायक उपकरण प्रदान किया गया। एक कुष्ठरोग के मरीज को एमसीआर चप्पल और सेल्फ केयर किट प्रदाय किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 03 बच्चों का अन्नप्राशन एवं 03 माताओं की गोदभराई रस्म की अदायगी की गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष   अरूण कौशिक, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णीमा कावड़े,   महेश जैन, नगर पालिका उपाअध्यक्ष  उत्तम यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, दिलीप जायसवाल, दिनेश रजक, अनुप शर्मा जिला पंचायत सीईओ   हरेश मण्डावी, एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित जनप्रतिनिधि, नागरिकगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

  ———————–

✍️ 10.ठेलकाबोड़ में स्वच्छता के लिए कलेक्टर और सीईओ ने किया श्रमदान। स्वच्छता रैली निकालकर ग्रामीणों को दिया सतत जनभागीदारी का संदेश।

—सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर जिले के ग्राम पंचायत ठेलकाबोड़ में सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम में स्वच्छता रैली निकाली गई। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का संदेश दिया। कलेक्टर एवं सीईओ सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर ग्राम पंचायत के समीप महिला मंडल तालाब की मेड़ पर उगे खरपतवार की फावड़े से सफाई करते हुए सामूहिक श्रमदान किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर ग्राम के निर्माण के लिए स्वच्छता को अपनी नियमित जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन अथवा अभियान तक सीमित गतिविधि नहीं है, बल्कि यह निरंतर सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से जुड़ा दायित्व है। ग्रामीणों से अपने घर, गली-मोहल्ले एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। सामूहिक स्वच्छता श्रमदान के माध्यम से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता को जन-अभियान के रूप में निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अश्वनी यादव, सहायक परियोजना अधिकारी श्री संतलाल गोटा, जिला समन्वयक श्री बालमुकुंद देवांगन, सरपंच श्रीमती जागेश्वरी उईके, उपसरपंच, ग्राम पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

————————

विशेष—

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित।भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर में

—सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर में गुरूवार को जिला स्तरीय नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की टीमों ने सहभागिता की। शहीद गेंदसिंह महाविद्यालय चारामा, ठाकुर भावसिंह महाविद्यालय नरहरपुर, शासकीय नवीन महाविद्यालय सरोना, शासकीय महाविद्यालय नरहरपुर तथा भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर की टीमों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता, स्वच्छता, सेवा भावना, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर प्रभावी प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से जनसेवा, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, नागरिक दायित्व एवं राष्ट्रहित के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रस्तुति के आधार पर भानुप्रतापदेव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर ने प्रथम स्थान, शासकीय नवीन महाविद्यालय सरोना ने द्वितीय स्थान तथा शासकीय नवीन महाविद्यालय नरहरपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक ने कहा कि नुक्कड़ नाटक जनसामान्य तक सामाजिक एवं जनजागरूकता से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सहित विभिन्न जनहितकारी अभियानों में नागरिकों की सहभागिता और सेवा कार्य ‘सेवा संकल्प’ की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री देवेंद्र भाऊ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़कर कार्य करने तथा जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अलका केरकेट्टा ने किया। समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी. के. रामटेके ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक जनसामान्य तक सामाजिक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का विकास होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में सहभागी सभी महाविद्यालयों एवं विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालयीन परिवार के साथ सरोना, नरहरपुर एवं चारामा के राष्ट्रीय सेवा योजना के अधिकारियों एवं दलों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद कांकेर के उपाध्यक्ष   उत्तम यादव, डिप्टी कलेक्टर  टी.आर. देवांगन, जनभागीदारी समिति के सदस्य   धीरज जायसवाल,   शशांक राय, श्री जयप्रकाश गेडाम, अलबेलापारा की पार्षद श्रीमती उगेश्वरी सहित अन्य अतिथिगण एवं महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

————————

“साइबर जागृति अभियान” के अंतिम दिवस कांकेर पुलिस की विशेष पहल।ग्राम सभा से साइबर सुरक्षा तक—गांधी जयंती पर कांकेर पुलिस का जन-जागरूकता अभियान । गांधी जयंती के अवसर पर सत्य एवं जागरूकता के विचारों से प्रेरित होकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का सामूहिक संकल्प। 400 से अधिक ग्राम सभाओं में “साइबर जागरूकता प्रस्ताव” पारित कर साइबर सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ा गया ।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर  निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा ग्राम सभाओं में “साइबर चौपाल” आयोजित कर ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन में आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई।400 से अधिक ग्राम सभाओं में पारित हुआ साइबर जागरूकता संबंधी प्रस्ताव:–अभियान के अंतिम दिवस जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आयोजित 400 से अधिक ग्राम सभाओं में साइबर जागरूकता संबंधी प्रस्ताव पारित करवाया गया।प्रस्ताव के माध्यम से ग्राम सभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा OTP, UPI PIN, पासवर्ड, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक/कॉल से सावधान रहने, डिजिटल अरेस्ट एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति सतर्क रहने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर सूचना देने के संबंध में सामूहिक रूप से जागरूकता एवं सतर्कता का संकल्प लिया गया।इस पहल का उद्देश्य साइबर सुरक्षा को केवल पुलिस के जागरूकता कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए ग्राम स्तर पर सामुदायिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता का स्थायी माध्यम विकसित करना है।

————————

उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 लीटर अवैध अंग्रेजी/ देसी मदिरा शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार।ग्राम गोटा पटेल पर में अंग्रेजी/देशी शराब बिक्री करते हुए एक आरोपी को किया गिरफ्तार। आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक कार्रवाई की गई।

 

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि निखिल अशोक कुमार राखेचा, पुलिस अधीक्षक, उत्तर बस्तर कांकेर के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस  शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के अंतर्गत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में 01 अक्टूबर 2026 को थाना भानुप्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति ग्राम घटा पटेल पर में अंग्रेजी/ देशी शराब रखकर बिक्री करने हेतु ग्राहक तलाश कर रहा है कि सूचना पर तत्काल अनुविभागी अधिकारी भानुप्रतापपुर  शेर बहादुर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम घोठा पटेल पारा रवाना होकर मुखबीर के बताएं स्थान पर घेराबंदी कर एक व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया! पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलदेव कोरेटी पिता स्वर्गीय श्री रउनू राम कोरेटी उम्र 55 वर्ष निवासी पटेल पारा घोठा थाना भानुप्रतापपुर जिला कांकेर का होना बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सिंबा बियर 11 नग प्रत्येक में 650 एमएल कुल 7 लीटर 150 एमएल, कीमती = 2310 रुपए, 01 नग स्टोक बियर 650 एमएल कीमती 210 रुपए, 01 नग जम्मू व्हिस्की पवार 180 ml कीमती 120 रुपए, o1 नग गोवा व्हिस्की पौवा 180 एमएल कीमती ₹120 रुपए, 02 नग बन शाट व्हिस्की पौवा प्रत्येक में 180 ml कल 360 म कीमती 440 रुपए, 32 नग शोले देसी प्लेन मदिरा पौवा प्रत्येक में 180 एमएल कुल 5 लीटर 760 ml कीमती 2560 रुपए, 06 नग सुपर 36 देसी प्लेन पौवा प्रत्येक में 180 एमएल कुल 1 लीटर 80 ml कीमती 480 रुपए, कुल जुमला शराब अंग्रेजी देसी =15 लीटर 360 एमएल, कुल कीमती =6240 रुपए, बरामद कर जफ्त किया गया! आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई। बरामदगी कुल जुमला शराब अंग्रेजी देसी =15 लीटर 360 एमएल, कुल कीमती =6240 रुपए,
अनुविभागीय अधिकारी शेर बहादुर सिंह ठाकुर (पुलिस) भानुप्रतापपुर PSi फलित राम, सहायक उप निरीक्षक जय मोहन पद्माकर, सहायक उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम कतलाम, सहायक उप निरीक्षक भागेश पटेल, प्रधान आरक्षक 1201 चेतन, आरक्षक क्रमांक 1013 राम रतन निषाद, आरक्षक क्रमांक 1338 जितेंद्र नाग, आरक्षक क्रमांक 2306 फत्तू उसेंडी, आरक्षक क्रमांक 816 वीरेंद्र नेताम, सैनिक क्रमांक 240 महेंद्र मांडवी टीम में रहे।

————————

नगर के सेट माइकल स्कूल के पास स्पीड एवं प्रेसर हार्न की कार्रवाई जारी है। बस – 12 प्रकरण, +कार 9 प्रकरण बनाये गये। रकम – 17600/- रुपए का चालानी कारवाई किया गया।

वीडियो—कांकेर नगर में बसों पर चालानी कार्रवाई करते यातायात पुलिस।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 03 अक्टूबर 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 03  अक्टूबर  2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- विज्ञापन ———————- विज्ञापन ———————- ✍️ 01. सेवा संकल्प अभियान के तहत कोयलीबेड़ा में जिला…

आज की टॉप 10 खबर 01 अक्टूबर 2026 गुरूवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 01  अक्टूबर  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- विज्ञापन ———————- विज्ञापन ———————- ✍️ 01. मतदाता सुचियों में कथित धांधली(एसआईआर) लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं की…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *