———————-
आज जन्म दिवस पर बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं….

———————-
संपादकीय-
-समाज के अंदर वैवाहिक आयोजनों में ”बफर सिस्टम” किसी मायने में गलत नहीं है, चाहे लाख बुराई कर लें। सबसे ज्यादा फायदा तो सामाजिक सरोकार का है,जहां आपके आयोजन में आया कोई आगंतुक यह नहीं बोल सकता कि आपने खानपान के लिए नहीं पूछा। किसी ने नहीं खाया तो यह उनकी अपनी बात। खानपान में तमाम आयटम जिसे चाहे वो जितना खाये। यदि कोई अनावश्यक रूप से थाली में लेकर बर्बाद कर रहा तो यह उनकी गलती है। आयोजनकर्ता मालिक ने तो खाने के लिए व्यवस्थाएं रखी।
✍️मनोज जायसवाल
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
23 अप्रेल 2026 गुरूवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01.हार्वेस्टर संघ की चारामा ब्लाक इकाई का गठन, शिवप्रसाद वट्टी बने ब्लाक अध्यक्ष।

—महानदी हार्वेस्टर संघ जिला कांकेर के निर्देशानुसार गत 22 अप्रेल को साहू सदन जैसाकर्रा,चारामा में ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया,जहां हार्वेस्टर से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा किया गया और साथ में ब्लॉक समिति का गठन किया गया,जिसमें सर्वसम्मति से शिवप्रसाद वट्टी ग्राम तुएगहन को चारामा ब्लॉक का अध्यक्ष बनाया गया। उपाध्यक्ष-भूपेश पोया,मयाना, रोहित साहू,किशनपुरी,ब्रह्मानंद मरकाम,हल्बासुंदर लाल साहू, पिपरौद चूमन पाल आंवरी को बनाया गया। संरक्षक-महेंद्र नायक चावड़ी,सचिव-दीपक गुरुपंचायन कुर्रूभाट, कोषाध्यक्ष-राकेश गजेंद्र जैसाकर्रा, मीडिया प्रभारी-हेमंत साहू चावड़ी, संयोजक-तोमेश जैन जेपरा निगरानी समिति-फागू राम साहू कुर्रूभाट को बनाया गया है
———————–
02. नशे के कारोबार पर करारा प्रहार, उजियारा अभियान के तहत चारामा पुलिस ने गांजा बेचने वाले युवक को किया गिरफ्तार।आरोपी के कब्जे से 01 किलो 30 ग्राम मादक पदार्थ गांजा जप्त । बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 51,500। आदतन अपराधी पर चारामा पुलिस की सख्त कार्यवाही।
—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 22अप्रेल को थाना चारामा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नाकापारा चारामा निवासी गुलाब सिन्हा नामक व्यक्ति ग्राम जैसाकर्रा में महुआ पेड़ के नीचे, परमानंद जैन की जमीन के पास सफेद रंग के कपड़े के थैले में प्लास्टिक झिल्ली में भरा अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री हेतु रखा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू (रा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा (नोडल अधिकारी साइबर सेल) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर मोहसीन खान (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस द्वारा टीम गठित कर मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर रेड कार्यवाही की गई।मौके पर एक संदिग्ध व्यक्ति मिला, जिससे पूछताछ करने पर उसने अपना नाम गुलाब सिन्हा पिता सुरेश सिन्हा उम्र 30 वर्ष निवासी नाकापारा चारामा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सफेद रंग के कपड़े के थैले में प्लास्टिक झिल्ली में भरा 01 किलो 30 ग्राम गांजा बरामद किया गया।आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।।
———————
03.सखी वन स्टॉप सेंटर के लिए भर्ती हेतु पात्र-अपात्र आवेदकों की सूची जारी।
—जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत अतिरिक्त सखी वन स्टॉप सेंटर के लिए रिक्त पदों पर संविदा भर्ती के लिए पात्र एवं अपात्र आवेदकों की सूची जारी कर दी गई है, जो जिले की वेबसाइट www.kanker.govt.in पर अपलोड की गई है, जिसे जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, संयुक्त कलेक्टोरेट परिसर कांकेर के सूचना पटल पर भी चस्पा किया गया है , जिसका अवलोकन किया जा सकता है। उक्त सूची के संबंध में यदि किसी आवेदक को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करना हो तो वह प्रमाणित साक्ष्यों सहित स्पीड पोस्ट, कुरियर या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से 08 मई शाम 05 बजे तक प्रस्तुत कर सकते हैं। उक्त निर्धारित तिथि पश्चात प्राप्त दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
————————
04 मंडी बोर्ड उप निरीक्षक के लिखित परीक्षा हेतु,जिले में बनाए गए 55 परीक्षा केंद्र, 11811 परीक्षार्थी होंगे शामिल।
— छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षकां की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल रविवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक किया जाएगा। इसके लिए कांकेर जिले में 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 11811 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
कलेक्टर श्री निलेशकुमार महोदव क्षीरसागर द्वारा परीक्षा के सफल संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी तथा सहायक संचालक शिक्षा लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उक्त परीक्षा के लिए जिले में शासकीय भानुप्रतापदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर, शासकीय इंदरू केंवट कन्या कॉलेज भीरावाही अलबेलापारा कांकेर, शासकीय बालक हायर सेकेण्डरी स्कूल सरोना, स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मिडियम मॉडल कॉलेज कांकेर, कृषि एवं रिसर्च सेंटर सिंगारभाट, शासकीय नरहरदेव हायर सेकेंडरी स्कूल कांकेर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल लट्टीपारा, शासकीय पंडित विष्णुप्रसाद शर्मा हायर सेकेण्डरी स्कूल गोविन्दपुर कांकेर, डाईट कांकेर और शासकीय महिला आईटीआई कांकेर में परीक्षा केंद्र बनाया गया हैइसी प्रकार इसी प्रकार शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट, कन्या शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिंगारभाट, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल सरोना, शासकीय कन्या हाई स्कूल मांझापारा कांकेर, शासकीय हाई स्कूल शीतलापारा कांकेर, सेंट माइकल हायर सेकेंडरी स्कूल गोविंदपुर, जेपी इंटरनेशनल स्कूल सरंगपाल, पैराडाइज हायर सेकेण्डरी स्कूल ईमलीपारा, सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल गढ़पिछवाड़ी, जुपिटर वर्ल्ड पब्लिक स्कूल माहुरबंदपारा कांकेर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल डुमाली, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल सिदेसर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल बागोडार, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आतुरगांव, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल पटौद, शासकीय हाई स्कूल दशपुर, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल ईच्छापुर, शासकीय हाई स्कूल माकड़ी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल नाथियानवागांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल मुरडोंगरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोकपुर, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कन्हारपुरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल धनेलीकन्हार, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोदागांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल पोटगांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल लारगांव, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल तारसगांव, शासकीय आदर्श हायर सेकेण्डरी स्कूल लखनपुरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल गोलकुम्हड़ा, शासकीय शहीद गैंदसिंह कॉलेज चारामा, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम चारामा, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल चारामा, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल गिरहोला, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल आंवरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल पंडरीपानी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल हाराडुला, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल हल्बा, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल शाहवाड़ा, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल जेपरा, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल अरौद, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल कोटेला, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल चिनौरी, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल अमोड़ा, शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल जैसाकर्रा और शासकीय नवीन कॉलेज सरोना नरहरपुर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
————————
05 . जिले में ‘बस्तर मुन्ने’ के तहत प्रत्येक गांव में 01 मई से लगेंगे विशेष संतृप्तता शिविर। वंचित परिवारों को योजनाओं से जोड़ने का संकल्प।
—छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सुनिश्चित करने के लिए “बस्तर मुन्ने“ (अग्रणी बस्तर) अभियान का आगाज़ किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत आगामी 01 मई से जिले की सभी ग्राम में विशेष ’संतृप्तता शिविरों’ का आयोजन किया जाएगा।इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने बताया कि अभियान का प्राथमिक लक्ष्य एनसीएईआर सर्वेक्षण के दौरान ’नियद नेल्लानार’ योजना के अंतर्गत चिन्हित उन परिवारों को लाभान्वित करना है, जो वर्तमान में किन्हीं कारणों से शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं। प्रशासन का संकल्प इन परिवारों को मुख्यधारा से जोड़कर लाभ का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करना है। यह अभियान विभिन्न चरणों में व्यवस्थित रूप से संचालित होगा।उन्होंने बताया कि पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल से एक सप्ताह तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रमुख सामुदायिक कार्यों जैसे आंगनबाड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, राशन दुकान, प्राथमिक शाला, खेल मैदान, पहुंच मार्ग (बारहमासी सड़क), विद्युतीकरण, इंटरनेट, पोस्ट ऑफिस, वन धन विकास केंद्र, सी.एस.सी., पंचायत भवन, बैंक, कॉलेज की उपलब्धता एवं सुविधाओं से संबंधित कार्यों का संकलन के साथ ग्राम सभा में अनुमोदन प्राप्त किया जाना है। साथ ही ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित प्रस्तावों पर नियमानुसार जिला स्तर से ही स्वीकृति आदेश जारी किए जाएंगे। ऐसे प्रस्ताव जिनमें शासन स्तर की अनुमति आवश्यक होगी, उन्हें त्वरित कार्यवाही हेतु राज्य शासन को प्रेषित किया जाएगा।
————————
06. डिप्टी कलेक्टर श्री साहू पखांजूर के अनुविभागीय अधिकारी नियुक्त
— कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया गया है। इसके तहत डिप्टी कलेक्टर टीकाराम देवांगन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पखांजूर को जिला कार्यालय कांकेर में तथा उनके स्थान पर श्री मनीष देव साहू डिप्टी कलेक्टर एवं नजूल अधिकारी कांकेर को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पखांजूर के तौर पर पदस्थापना आदेश जारी किया है।
————————
07. त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन हेतु रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त।
— त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने छत्तीसगढ़ पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के नियम 20 तथा 21(1) में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) नियुक्त करने का आदेश जारी किया है।जारी आदेशानुसार ग्राम पंचायत स्तर पर उप निर्वाचन हेतु जनपद पंचायत कांकेर के लिए तहसीलदार कांकेर पुष्पराज पात्र को रिटर्निंग ऑफिसर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कांकेर अश्वनी यादव को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (पंच के लिए) नियुक्त किया गया है। इसी तरह जनपद पंचायत चारामा हेतु तहसीलदार चारामा सत्येन्द्र शुक्ला को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चारामा गोपाल सिंह कंवर को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (सरपंच एवं पंच के लिए) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा जनपद पंचायत नरहरपुर के लिए तहसीलदार पौरस वेंताल को रिटर्निंग ऑफिसर और सीईओ जनपद पंचायत नरहरपुर बी.आर. सुखदेवे को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (पंच के लिए), जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर के लिए तहसीलदार सुरेन्द्र उर्वशा को रिटर्निंग ऑफिसर एवं सीईओ जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर जी.एसल. चुरेन्द्र को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (पंच के लिए), जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल हेतु तहसीलदार कुलदीप ठाकुर को रिटर्निंग ऑफिसर एवं सीईओ जनपद पंचायत दुर्गूकोंदल सुरेन्द्र बंजारे को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (पंच के लिए) तथा जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा के लिए तहसीलदार पखांजूर केतन भोयर को रिटर्निंग ऑफिसर और जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा के सीईओ उदय प्रकाश नाग को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (सरपंच तथा पंच के लिए) नियुक्त किया गया है।
————————
08. विशेष ग्राम सभा का आयोजन 24 अप्रैल को। ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगी अनेक गतिविधियां।
—पंचायती राज दिवस के अवसर पर 24 अप्रैल को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी कर शासन के निर्देशानुसार अलग-अलग गतिविधियां ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशानुसार 24 अप्रैल को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएंगी, जिसमें सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ एवं सम्मानित नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम के दौरान “ग्राम संवाद” आयोजित होगा, जिसमें उप मुख्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का 20 मिनट का रिकॉर्डेड संदेश ग्रामवासियों को सुनाया जाएगा। इसके अलावा “ग्राम संपदा ऐप” में ग्राम की सभी परिसंपत्तियों को अपलोड करने का संकल्प व वाचन किया जाएगा। इसी प्रकार “आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत” हमारा कोष, हमारा अधिकार के तहत आरोपित कर का संग्रहण को लेकर संकल्प पारित किया जाएगा। उक्त ग्राम सभा में राज्य एवं राष्ट्र स्तर पर पुरस्कृत कलाकारों, नर्तकों, खिलाड़ियों या अन्य विधा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले तथा “लखपति दीदी” का सम्मान भी किया जाएगा।ग्राम पंचायतों में तैयार स्कोर कार्ड का प्रदर्शन किया जाएगा तथा ग्रामों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प पारित किया जाएगा और सार्वजनिक व शासकीय भवनों में साफ-सफाई की जाएगी। इसी तरह उक्त दिवस सामुदायिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर प्रस्ताव पर चर्चा एवं संरक्षण हेतु आवश्यक कार्यवाही तथा आदर्श ग्राम पंचायत बनाए जाने का संकल्प पारित करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए हैं। इसके अलावा “मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत जल संरक्षण के प्रयासों को भी प्राथमिकता पर भी चर्चा की जाएगी।इसी तरह 24 अप्रैल से एक सप्ताह तक “बस्तर मुन्ने” कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रत्येक ग्राम पंचायत अपने तीन प्रमुख सामुदायिक कार्यों की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करेगी। ग्राम सभा की उपरोक्त समस्त कार्रवाई और दिए गए निर्णयों की वीडियो रिकार्डिंग कर ‘ग्राम सभा निर्णय’ ऐप में अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही सभी गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं GPDP पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड 25 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं।
——————–
09 .सारी बाधाओं को दूर करके मातृशक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण का संवैधानिक अधिकार दिलाकर रहेंगे-लता उसेंडी।

-भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व कोंडागांव लता उसेंडी ने नारी शक्ति वन्दन (संशोधन) अधिनियम को लोकसभा में पारित नहीं होने देने के लिए कांग्रेस समेत इण्डी गठबंधन के सहयोगी दलों पर जमकर निशाना साधा है।सुश्री लता उसेंडी ने आज भाजपा कार्यालय कमल सदन कांकेर में आहूत एक महती पत्रकार वार्ता में कहा कि महिलाओं के साथ किए गए इस महापाप का परिणाम कांग्रेस व विपक्षी दलों को भुगतना पड़ेगा। सुश्री उसेंडी के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन, विधायक आशा राम नेताम, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रूखमणी उइके भी उपस्थित रही ।विधायक लता उसेंडी ने कहा कि हमारे देश की आधी आबादी, माता-बहनों को देश के विकास में सहभागी बनाने और लोकसभा व विधानसभाओं में उनका 33 प्रतिशत नेतृत्व सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नारी शक्ति वन्दन (संशोधन) अधिनियम लाया गया था और संसद के विशेष सत्र में उस पर चर्चा की गई।16 से 18 अप्रैल तक आहूत संसद के सत्र से पहले एक बहुत अच्छा वातावरण पूरे देश व प्रदेश में था। देशभर की मातृशक्ति में इस अधिनियम को लेकर काफी उमंग व उत्साह का वातावरण था। महिलाओं की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए देशभर में अनेक कार्यक्रम हो रहे थे। लेकिन दुर्भाग्य का विषय है कि हमारी माता-बहनों की खुशी कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक और समाजवादी पार्टी के अड़ियल और महिला विरोधी राजनीतिक चरित्र के चलते साकार नहीं हो पाई।
सुश्री उसेंडी ने कहा कि हमारे देश में नारी का स्थान पूजनीय रहा है। नारी की प्रखर मेधा का सम्मान करते हुए देश की राजनीति में हम महिलाओं को उनका अधिकार देकर सम्मानित करने जा रहे थे। लेकिन इण्डी गठबंधन ने इसमें अवरोध उत्पन्न करके नारी शक्ति के साथ घोर अन्याय करने का पाप किया है।लता उसेंडी ने डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं को पंचायतों में दिए गए 50 फीसदी आरक्षण सहित अन्य महिला उत्थान की संचालित की गई योजनाओं के साथ ही मौजूदा केंद्र तथा प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही महिला कल्याणकारी योजनाओं का ब्योरा रखते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने सदैव हर स्तर पर नारी के संवैधानिक अधिकारों व सम्मान की रक्षा की है। आज त्रि-स्तरीय पंचायतों में महिलाओं का नेतृत्व 50 से बढ़कर 57 प्रतिशत है। इसी प्रकार प्रदेश की विधानसभा में भी महिलाओं का प्रतिनिधित्व लगभग 22 प्रतिशत तक है।
सुश्री उसेंडी ने कहा कि कांग्रेस फूट डालो और राज करो की ब्रिटिश नीति पर चलकर पिछले तीन दशकों से महिला आरक्षण की केवल बातें कर रही है, परंतु जब भी इस पर सार्थक पहल कर उसे कानून बनाने का वक्त आता है तब कांग्रेस के लोग मुँह फेर लेते हैं और यही चरित्र कांग्रेस ने इस बार भी प्रदर्शित किया है। परिसीमन, धर्म आधारित आरक्षण, उत्तर-दक्षिण वैमनस्य पैदा करने की गर्हित कोशिश करके नारी शक्ति वन्दन अधिनियम को पारित नहीं होने दिया। यह हमारे देश की 70 करोड़ माता-बहनों के साथ सरासर धोखा है, अपमान है। इसके लिए निश्चित रूप से देश की मातृशक्ति इण्डी गठबंधन को कतई माफ नहीं करेगी और कांग्रेस समेत समूचे विपक्ष को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। श्री साय ने कहा कि विधेयक पारित नहीं होने बावजूद भाजपा का संकल्प डिगा नहीं है और इस अधिनियम के मार्ग की सारी बाधाओं को दूर करके हम देश की मातृशक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण का संवैधानिक अधिकार दिलाकर रहेंगे।पत्रकार वार्ता में सुमित्रा मारकोले, दिलीप जायसवाल, राजा देवनानी, बृजमोहन तिवारी, विजय लक्ष्मी कौशिक, उमा देवी शर्मा, अरुण कौशिक, उत्तम यादव, मीरा सलाम, निधि संचेती, अंजू नेगी, उगेश्वरी उइके, शकुंतला जैन सहित अन्य कार्यकर्त्ता उपस्थित रही।
————————
10. ‘महिला आरक्षण’ भाजपा पर सवाल ‘आप’ नेता ने खोला मोर्चा।

-महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक बयान बाजी तेज हो गई है आम आदमी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश नेताम ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल महिलाओं को अधिकार देने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास मात्र था नेताम ने कहा कि वर्ष 2023 में 33% महिला आरक्षण पारित होने बावजूद सरकार इसे लागू करने में टालमटोल करती रही है इससे सरकार की मनसा पर सवाल खड़े होते है उन्होंने दावा किया कि हालिया घटनाक्रम से स्पष्ट है कि अब विपक्ष और जनता सरकार की रणनीति को समझने लगी है पार्टी के संगठन मंत्री संतोष मांडवी ने भी इसे राजनीतिक चाल बताते हुए कहा कि विपक्ष की एकजुटता से यह प्रयास विफल रहा
————————
विशेष-
मिट्टी की दशा में सुधार और उत्पादन क्षमता में वृद्धि करती है हरी खाद
—मृदा (मिट्टी) के लगातार दोहन से उसमें उपस्थित पौधे की बढ़वार के लिए आवश्यक तत्व नष्ट होते जा रहे हैं। इनकी क्षतिपूर्ति के लिए व मिट्टी की उपजाऊ शक्ति को बनाये रखने के लिए हरी खाद एक उत्तम विकल्प है। कृषि विभाग ने जिले के किसानों के लिए हरी खाद को बेहतर विकल्प के तौर पर उपयोग करते हेतु समसामयिक सलाह दी है।
इस संबंध में बताया गया कि हरी खाद उस फसल को कहते हैं, जिसकी खेती मुख्यतः भूमि में पोषक तत्वों को बढ़ाने तथा उसमें जैविक पदार्थो की पूर्ति करने के उद्देश्य से की जाती है। हरी खाद वाली फसल के रूप में मुख्यतः ढेंचा, सन, लोबिया, मूंग, उड़द, ग्वार, बरसीम आदि फसलों का उपयोग किया जाता है। इनमें से भी ढेंचा व सन अत्यधिक उपयोग किए जाते हैं। इन हरी खाद वाली फसलों को उगाकर इन्हें खड़ी अवस्था में ही फूल आने से पहले (40-45 दिन बाद) मिट्टी में ट्रैक्टर से हल चलाकर दबा दिया जाता है। इसके बाद ये फसलें सड़कर लगभग 10-15 दिन में खाद बनती है, इसे ही हरी खाद कहा जाता है। इसके बाद खेतों में धान की रोपाई की जाती है। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले को 58.80 कि्ंवटल ढेंचा व 29.40 कि्ंवटल मूंग हरी खाद हेतु लक्ष्य प्राप्त हुआ है। ढेंचा 8 किलोग्राम व मूंग 4 किलोग्राम प्रति एकड़ की दर से 50 प्रतिशत अनुदान पर प्राप्त किया जा सकता है।
हरी खाद के फायदेः-
इसके फायदे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हरी खाद को मिट्टी में मिलाने से मिट्टी की भौतिक दशा में सुधार होता है व मृदा भुरभुरी, अधिक वायु संचार वाली, जलधारण क्षमता में वृद्धि, अम्लीयता, क्षारीयता में सुधार एवं मृदा क्षरण में भी कमी होती है। मृदा में सूक्ष्मजीवों की संख्या व क्रियाशीलता बढ़ती है। मृदा की उर्वरता शक्ति एवं उत्पादन क्षमता भी बढ़ती है। इसके उपयोग से मृदा जनित रोगां में भी कमी आती है। इसके प्रयोग से रासायनिक उर्वरकों में कमी करके टिकाऊ खेती की जा सकती है। हरी खाद (जैसे ढेंचा, सनई) से प्रति हेक्टेयर लगभग 50 से 175 किलोग्राम नाइट्रोजन मिट्टी को मिलती है। एक हेक्टेयर में लगभग 6-7 टन (60-70 क्विंटल) से लेकर 10 टन तक हरा बायोमास (पत्ते और तना) मिल सकता है, जो सड़ने के बाद जैविक खाद बन जाती है। यह मिट्टी में कार्बनिक कार्बन को बढ़ाती है और मिट्टी की जल धारण क्षमता में सुधार करती है।
———————-
साल्हेभाट में उचित मूल्य की दुकान संचालन हेतु 30 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर द्वारा विकासखण्ड नरहरपुर तहसील सरोना अंतर्गत ग्राम साल्हेभाट में शासकीय उचित मूल्य की दुकान आबंटित किए जाने हेतु इच्छुक पात्र एजेंसियों से आगामी 30 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किया गया है।उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए वृहत्ताकार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, कृषि साख समितियों, वन सुरक्षा समितियों, महिला स्व-सहायता समूह, ग्राम पंचायत एवं अन्य सहकारी समितियां जो शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालित करने के इच्छुक हैं, ऐसी संस्था से समस्त दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रारूप में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कांकेर में कार्यालयीन समय में आगामी 30 अप्रैल तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
———————-
प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना पर आधारित कार्यशाला 27 अप्रैल को
-प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत जिले में सोमवार 27 अप्रैल को एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसार ने बताया कि उक्त प्रशिक्षण जिला पंचायत के सभाकक्ष में दोपहर 01 बजे से आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी विभाग प्रमुखों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
———————-
दिव्यांगजनों के लिए केंवटी में प्रशासन की संवेदनशील पहल चिन्हांकन शिविर में दिव्यांग आवेदकों से 250 आवेदन प्राप्त हुए
– जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण की संवेदनशील पहल पर केंवटी (भानुप्रतापपुर) में समाज कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन के माध्यम से आयोजित शिविर में दिव्यांगजन प्रमाणीकरण, नवीनीकरण, यूडीआईडी कार्ड, सहायक उपकरण नकली हाथ-पैर के लिए उपस्थित हुए। कलेक्टर के निर्देशानुसार इस शिविर में 250 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनके माध्यम से दिव्यांगजनों के चिन्हांकन, मेडिकल प्रमाण पत्र, नकली हाथ-पैर हेतु चिन्हांकन हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन आदि किया जा रहा है।

उप संचालक समाज कल्याण ने बताया कि हितग्राहियों को पात्रता अनुसार सहायक उपकरण भी प्रदाय किये गये है। शिविर में समाज कल्याण की विभागीय टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक, मेडिकल बोर्ड एवं एलिम्को टीम उपस्थित रही। सहायक उपकरण मिलने तथा मेडिकल प्रमाणीकरण होने से दिव्यांगजन ने शासन प्रशासन का आभार व्यक्त किया तथा शिविर में जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर की पेंशन शाखा द्वारा पेंशन हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






