‘संपादकीय-
” छत्तीसगढी फिल्मी पत्रिकाओं ने तोड दिया दम”

-राष्ट्रीय अखबारों पर छत्तीसगढ़ कला जगत के संबंध में नियमित जब कालम नहीं तो पत्रिकाएं कैसे चलेंगी। छत्तीसगढ़ी फिल्मों के हिट होने के दौर में ग्लैमर जैसी पत्रिका ने दम तोड़ दिया। किसी तरह दबंग स्टार के नाम भी पत्रिका निकाली गयी पर आशातीत सफलता नहीं मिली। सफलता नहीं मिलने के पीछे ऐसा भी नहीं कि कला रिर्पोटर का अभाव था। अभाव तो इस बात का था कि पत्रिका का मैनेज नहीं हो पाया। पत्रिका के नियमित प्रकाशन के लिए विज्ञापन चाहिए लेकिन विज्ञापन तो दूर मैंने इस स्थिति को देखा है कि कला जगत से जुड़े कई कलाकार भी इस बात से रहे भी कि स्वेच्छा से वार्षिक बंधा ले। चिकने उत्कृष्ट कागज पर जितने अलंकार में हमने सितारों को सामने लाने का प्रयास किया पर कला जगत में भी सुदूर अंचलों तक अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाने से वो हश्र देखने मिला जैसा किसी ने सोचा भी न हो। छत्तीसगढ़ी एलबम के दौर ने बेहद कमाल किया पर निरंतर डिलीटलाईज्ड बदलाव के चलते यह भी ज्यादा दिन नहीं चल सका। तब कैसेट दुकानों में बिकते नहीं थे। जहां कई एलबम के कैसेट डबिंग का खर्च भी नहीं निकल पा रहा था। चहूंओर व्यवासायिक दुकानों में ये कैसेट पड़े होते थे। सो अच्छा है कि अब जिन्हें देखना है यु-ट्युब में सर्चिंग करते रहें। सोशल मीडिया के दौर ने भी आज पत्रिकाओं की महत्ता को किनारा किया है। इसके बावजूद कलमकार कला प्रतिनिधी जिन्हें लगाव है,उतने दूर नहीं गए हैं। अपनी धरा से स्नेह रखने वाले कई कला प्रतिनिधी वेब पोर्टल न्यूज से लेकर पत्रिकाओं का संचालन कर रहे हैं। जिसके उदाहरण हम खुद हैं,जहां हमने कला प्रकार की कला जगत के लिए पत्रिकाओं में संघर्ष करते काम किया पर हम थके नहीं सफर हम अपने पोर्टल सशक्त हस्ताक्षर के नाम और भी मुखरता से बने हुए हैं।
✍️मनोज जायसवाल
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
17 अप्रेल 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01. महतारी वंदन ई-केवाईसी कराने ली जा रही राशि पर कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी ने सौंपा कलेक्टर के नाम ज्ञापन।

फोटो-महतारी वंदन केवाईसी के नाम पैसा लेने की शिकायत ज्ञापन देते आम आदमी पार्टी के पदाधिकारीगण।
-राज्य शासन की महती महतारी वंदन केवाईसी कार्य सीएससी के माध्यम से प्रत्येक महिला हितग्राहियों का किया जा रहा है। सीएससी द्वारा प्रत्येक ब्लाक में प्रशिक्षण के माध्यम पहले पहल यह बताया गया था, कि यह कार्य निःशुल्क किया जाना है,कोई राशि नहीं ली जानी है। इस कार्य के एवज में शासन वीएलई को मानदेय उनके खाते में देगी। लेकिन जब से यह कार्य शुरू हुआ जिले से इस प्रकार की शिकायतें आ रही है। पहले ही अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया,जिसके बाद कार्रवाई की बात आई पर तमाम शिकायतों के बाद भी किसी का आईडी ब्लाक नहीं किया गया,जैसा कि कहा गया था कि गलत तरीके से पैसा लिया गया तो आईडी ब्लाक होगी।

फोटो-महतारी वंदन केवाईसी पर राशि लिये जाने का ज्ञापन।
अब आज 17 अप्रेल को संतोष मंडावी उप-सरपंच ग्राम पंचायत देवगांव एवं आम आदमी पार्टी जिला संगठन मंत्री तहसील नरहरपुर जिला कांकेर द्वारा कलेक्टर के नाम ज्ञापन उनसे मुखातिब नहीं होने पर अपर कलेक्टर को सौंपा गया है। ज्ञापन में लिखा गया है कि सीएससी की ट्रेनिंग में किसी भी महिला हितग्राही से राशि नहीं ली जाने की निःशुल्क किये जाने की जानकारी आपके शासन द्वारा उल्लेखित है, परंतु कई सीएससी सेंटर में 20,50,100 रूपये लेने की बातें हो रही है। इस प्रकार की आम गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की कृपा करें।ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से अर्जुन सिंग ठाकुर जिला उपाध्यक्ष आम आदमी पार्टी कांकेर, तथा आम आदमी पार्टी के ब्लाक अध्यक्ष जगदीश नेताम, कोषाध्यक्ष विरेंद्र ठाकुर, ब्लाक अध्यक्ष दुधावा संतोष मंडावी, डिगेश्वर नेताम आदि के हस्ताक्षर हैं।
———————–
02. थाना कांकेर में सेन्टमाईकल स्कूल के विद्यार्थियों का हुआ शैक्षणिक भ्रमण। कांकेर पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को थाना से संबंधित दी गई विभिन्न प्रकार की जानकारी। शैक्षणिक भ्रमण हेतु थाना विजिट में 65-70 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा।

फोटो-सेंट माईकल इंग्लिश स्कूल गोविंदपुर कांकेर के छात्र भ्रमण के दौरान नगर कोतवाली थाने के भ्रमण के दौरान जानकारियां ग्रहण करते हुए।
— आज नगर के सेंट माईकल इंग्लिश स्कूल गोविंदपुर के तकरीबन 65-70 छात्रों ने थाना प्रभारी प्रतीक बनसोडे दादासाहेब(भापुसे.) के निर्देशन में थाना कांकेर वार्षिक शैक्षणिक भ्रमण के दौरान थाना कोतवाली का भ्रमण किया, जिसके अंतर्गत उन बच्चों को थाना प्रभारी एवं स्टाफ द्वारा थाना से संबंधित जानकारी एवं कार्यप्रणाली के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। चूंकि कुछ ही दिनों में विद्याार्थियों की गर्मी की छुट्टियां प्रारंभ होने वाली है, इस दौरान बच्चे अधिक समय तक मोबाइल का उपयोग करते है जिससे कई प्रकार के साइबर फ्रॉड का शिकार होने की संभावना होती है इसी तारतम्य में उन्हें जागरूक एवं सचेत करने हेतु कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारियां दी गई, जिसमें .सी.ई.आई.आर. पोर्टल, सी.सी.टी.एन.एस. पोर्टल की सम्पूर्ण जानकार,.डिजीटल अरेस्ट के संबंध में।

सायबर फ्राड के बारे में बताकर उससे बचने के उपाय और सावधानी के बारे में विद्यार्थियों को सरल शब्दो में समझाकर सायबर हेल्प लाईन नम्बर, सूचना हेल्पलाईन नम्बर के बारे में विस्तार से बताया गया एवं इन्टनेट सम्बंधित अन्य अपराध की जानकारी। .प्रथम सूचना पत्र एवं शिकायत आवेदन के संबंध में। थाना बंदी गृह, मालखाना, के संबंध में। महिला सुरक्षा टीम की त्वरित कार्यवाही व सतत् निगरानी तथा महिला हेल्लाईन नम्बर 9479155925 के संबंध में जानकारी,.यातायात नियमों का पालन करते हुए अपनी और दूसरे की यात्रा को सुखद बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम में थाना प्रभारी बनसोडे प्रतिक दादासाहेब(भापुसे0), उपनिरीक्षक दयालू राम साहू, मनोरथ जोशी, प्रधान आरक्षक 290 दशरू राम कवंर, प्रधान आरक्षक 1036 गीतेश्वर कुलदीप, सीसीटीएनएस आरक्षक अनिल सलाम, पुरन साहू, शिशुपाल सोरी, अनिल मरकाम उपस्थित रहे।
———————
03.कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने दुर्गूकोंदल में किया सर्व आदिवासी विश्राम गृह का लोकार्पण, कहा- माओवाद की समाप्ति के बाद अब बस्तर का सर्वांगीण विकास होगा।

— प्रदेश के आदिम जाति विकास, कृषि, मछली पालन एवं पशुधन विकास विभाग के मंत्री रामविचार नेताम ने शुक्रवार को कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल ब्लॉक मुख्यालय में सर्व आदिवासी समाज कल्याण विश्राम गृह का लोकार्पण किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि पिछले 04 दशक तक हिंसा, आतंक का पर्याय बन चुका माओवाद आज समाप्त हो गया है। लंबे अरसे तक दंश झेलने वाले बस्तर में अब तेजी से सर्वांगीण विकास होगा।दुर्गूकोंदल के बाजार चौक में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में कैबिनेट श्री नेताम ने कहा कि प्रदेश में माओवाद की समूल समाप्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्प को पूरा करने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेहतर रणनीति के साथ इस कार्य को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि साय सरकार के नेतृत्व में युवा, बुजुर्ग, बच्चे और महिलाओं सभी वर्ग के लिए बेहतर कार्य हो रहे हैं।

बस्तर के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा मास्टर प्लान तैयार किया गया है। श्री नेताम ने सर्व आदिवासी समाज विश्राम गृह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इससे समाज के लोगों को लाभ मिलेगा और सामाजिक गतिविधियों को अच्छे ढंग से संपादित कर सकेंगे। इस अवसर पर भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी ने भी सामाजिकजनों को बधाई देते हुए विश्राम भवन के निर्माण को दुर्गुकोंदल क्षेत्र के लिए काफी उपयुक्त बताया।उल्लेखनीय है कि बाजार चौक दुर्गूकोंदल में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग कांकेर द्वारा पीएसी मद से 43 लाख 08 हजार रुपए की लागत से उक्त भवन तैयार किया गया है, जिसका लोकार्पण आज आदिम जाति विकास एवं कृषि मंत्री श्री नेताम ने किया। इसके पहले, उन्होंने भानुप्रतापपुर के विश्राम गृह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर क्षेत्र के समस्याओं की जानकारी ली तथा यथोचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एसडीएम भानुप्रतापपुर श्री जी डी वाहिले सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।
————————
04.सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने पात्र आवेदकों से आवेदन आमंत्रित
— महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में शामिल होने के लिए पात्र आवेदकों से 30 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि 03 मई को राज्य में वृहद मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इस योजना के तहत आवेदन करने के लिए निर्धारित पात्रतानुसार कन्या गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले अथवा मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजनांतर्गत राशनकार्ड घारी परिवार आवेदन कर सकते हैं। विवाह हेतु कन्या की आयु 18 वर्ष से अधिक तथा वर की आयु 21 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। कन्या एवं उसके परिवार को छत्तीसगढ़ राज्य का निवासी होना चाहिए। एक परिवार के अधिकतम दो कन्याओं को लाभान्वित की जा सकेगी। इस योजना के तहत अनाथ, निराश्रित कन्याओं को भी योजनांतर्गत सहायता प्रदान की जावेगी। इच्छुक पात्र जोड़े विवाह हेतु पंजीयन कराने के लिए अपने नजदीकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक, परियोजना अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।
————————
05 . खाद्य प्रतिष्ठानों का दबिश देते औचक निरीक्षण किया गया।

—कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों कोल्ड्रिंग्स सेंटर, किराना, खाद्य बर्फ फैक्ट्रियों, आईसकीम निर्माता फर्म, ठेला गुमटी आईस लॉली, आईस कैंडी व गन्ना जूस कॉर्नर का निरीक्षण कर परिसर में स्वच्छता रखने, स्वच्छ पेयजल, खाद्य पेय, जूस का वितरण करते समय स्वच्छता मानक का पालन करने के साथ-साथ हैण्ड गल्बस, हेंड वियर व डस्टबिन इत्यादि का उपयोग करने का निर्देश दिया जा रहा है।इस संबंध में जानकारी देते हुए अभिहित अधिकारी सुमित देवांगन ने बताया कि जिले के चारामा, कांकेर, पखांजूर (कोयलीबेड़ा) विकासखंड के खाद्य प्रतिष्ठानों से जांच कर विभिन्न खाद्य पदार्थ जिसमें वनीला आईसक्रीम, आईस कैंडी, आईस लॉली, बर्फ कैफीनेटेड एनर्जी-मॉनस्टर, आइकैन, हेल एनर्जी डिंग्स, थम्स-अप इत्यादि कोल्ड्रिंग्स का 16 खाद्य नमूना संकलित कर गुणवत्ता जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। मानकों के पालन में कमी पाए जाने पर एवं समय-सीमा में सुधार तथा आवश्यक खाद्य सुरक्षा अनुपालन हेतु सबंधित फर्म संचालक को सुधार नोटिस दिया गया है। खाद्य पदार्थ के गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित फर्म संचालक के विरूध्द नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। उन्हांने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संकलन ग्रीष्म ऋतु तक निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण आदि कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
————————
06. मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान स्वास्थ्य परीक्षण के लिए घर-घर पहुंच रही टीम कमिश्नर ने किया औचक निरीक्षण।

– बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह द्वारा शुक्रवार को चारामा विकासखण्ड के ग्राम रतेसरा के सड़क पारा और सराधुनवागांव में मुख्यमंत्री स्वस्थ्य बस्तर अभियान के अंतर्गत किए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण का औचक निरीक्षण किया गया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में जानकारी ली। गौरतलब है कि बस्तर संभाग के सभी जिलों में मुख्यमंत्री स्वस्थ्य बस्तर अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत परिवार के सभी सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण (स्क्रीनिंग) किया जा रहा है, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर परिवार के प्रत्येक सदस्यों का स्क्रीनिंग कर टीबी, मलेरिया, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया, मधुमेह, शुगर, मुख कैंसर एवं मोतियाबिंद, एनीमिया इत्यादि के स्क्रीनिंग के अलावा मौसमी बीमारियों का मौके पर उपचार के साथ ही गर्भवती माताओं की पहचान भी की जा रही है। मरीजों को मौके पर ही दवाई दिए जा रहे हैं और जोखित पाए जाने पर बेहतर जांच व उपचार के लिए हायर सेंटरों को रिफर किया जा रहा है।

कमिश्नर डोमन सिंह के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ग्राम रतेसरा में स्वास्थ्य कार्यकर्ता गणराज गावड़े, प्रीति पोयाम व अंकिता जुर्री के द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा था, मितानिन भी उनका सहयोग कर रही थी। कमिश्नर द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि प्रातः 09 बजे से स्वास्थ्य परीक्षण का कार्य शुरू किया जाता है। कमिश्नर ने मितानिन पेटी का भी अवलोकन किया तथा दवाईयों की उपलब्धता की जानकारी ली। कमिश्नर श्री डोमन सिंह के निरीक्षण के दौरान ग्राम सराधुनवागांव में स्वास्थ्य कार्यकर्ता कौशल जुर्री, देवेन्द्र साहू व सोनिया शांडिल्य के टीम द्वारा हेमंत नेताम के घर के बरामदे में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा था। कमिश्नर ने यहां लोगों से बातचीत कर स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में जानकारी ली तथा मौके पर उपस्थित मितानिन से भी दवाईयों के उपलब्धता के संबंध में पूछताछ किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक व कोटवार स्वास्थ्य परीक्षण टीम का सहयोग करें। इसके अलावा स्वास्थ्य परीक्षण के लिए तय किए गए दिन के दो दिवस पहले संबंधित गांव में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई जाए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री सिंह द्वारा राजस्व पखवाड़ा के संबंध में भी ग्रामीणों से जानकारी ली गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, एसडीएम चारामा नरेन्द्र बंजारा, बीएमओ डॉ. ओ.पी. शंखवार, तहसीलदार सत्येन्द्र शुक्ला भी उपस्थित थे।
————————
07.नगर पंचायत पखांजूर तथा चारामा में उप चुनाव हेतु रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त।
-छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने नगर पंचायत पखांजूर एवं नगर पंचायत चारामा में उप निर्वाचन को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए हैं। जारी आदेशानुसार नगर पंचायत पखांजूर के वार्ड क्रमांक-09 में पार्षद पद के निर्वाचन के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पखांजूर को रिटर्निंग ऑफिसर एवं तहसीलदार तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी पखांजूर को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार नगर पंचायत चारामा के वार्ड क्रमांक 13 में पार्षद के निर्वाचन के लिए अनुविभागीय अधिकारी चारामा को रिटर्निंग ऑफिसर तथा तहसीलदार एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी चारामा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
————————
08.जनगणना 2027 में शामिल होने कलेक्टर ने जिलेवासियों से की अपील

-कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिलेवासियों से जनगणना 2027 में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी जनगणना का कार्य किया जाना है। जनगणना केवल गिनती नहीं, बल्कि देश के भविष्य की नींव है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही शासन की योजनाएं, स्कूल, अस्पताल, सड़क, राशन तथा पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाएं तय होती है। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जिले के आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि जब जनगणना कर्मी आपके घर पहुंचे तो परिवार के प्रत्येक सदस्य की उम्र, शिक्षा, व्यवसाय आदि की सही और पूरी जानकारी निर्भीक होकर दें। जनगणना का किसी भी नागरिकता, कर या कानूनी कार्रवाई से कोई संबंध नहीं है, इससे जुड़ी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है। साथ ही लोगों को अफवाहों से बचने की सलाह भी दी गई। जनगणना के दौरान घर के सभी सदस्य विशेषकर महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे गणना से छूटने न पाए, इस कार्य में सहयोग करें।उन्होंने कहा कि जनगणना प्रक्रिया में इस बार डिजिटल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, स्वयं मोबाइल ऐप से जानकारी भरें और उसका लाभ उठाएं। 16 अप्रैल से 30 अपै्रल तक जनगणना निदेशालय के वेब पोर्टल ेse.census.gov.in में अपनी जानकारी स्वयं दे सकते हैं। जानकारी अपलोड करने के बाद 12 अंकों वाला एसई आईडी को सुरक्षित रखें, ताकि गणनाकर्मी के आने पर उसे साझा करें। आपके द्वारा दी गई सटीक जानकारी से गांव और जिले के विकास तय होगा।
——————–
09 .राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण छात्रवृत्ति परीक्षा 02 मई को पात्र विद्यार्थियों को लक्ष्य आधारित तैयारी से जोड़ा गया।
– राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएसई) का 02 मई को दो पालियों में आयोजित किया जाएगा। जिले में इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए व्यापक एवं सुनियोजित तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं शासकीय उच्च प्राथमिक शालाओं के संस्था प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत कक्षा 8वीं के पात्र विद्यार्थियों को लक्ष्य आधारित तैयारी से जोड़ा गया है। जिला स्तर पर तैयार प्रश्न-पत्र, जिसमें विभिन्न वर्षों के अति महत्वपूर्ण प्रश्नों को समाहित किया गया है, के आधार पर विद्यार्थियों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत 23 अप्रैल को मॉक टेस्ट आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों की तैयारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रतिदिन प्रातः 09 बजे से 11 बजे तक टेस्ट आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अगले दिवस संबंधित विद्यार्थियों को उनके टेस्ट का परिणाम प्रदान करते हुए उनकी प्रगति का विश्लेषण भी किया जाएगा, जिससे कमजोर बिंदुओं की पहचान कर सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। विद्यार्थियों की तैयारी को और सशक्त बनाने हेतु ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन भी प्रारंभ किया गया है, जिससे विद्यार्थी निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद ने बताया कि तैयारी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है। वे कक्षाओं, टेस्ट एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की फोटो एवं जानकारी नियमित रूप से साझा करें, जिससे मॉनिटरिंग किया जा सके।
————————
10. कोलियारी,सुरेली जात्रा में शामिल हुए कांकेर विधानसभा के विधायक आशा राम नेताम।

— आज ग्राम-कोलियारी (सुरेली) में आयोजित देव जात्रा में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए।इस देवस्थल में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं निरंतर विकास की कामना की। इस मौके पर काफी संख्या में समाजवासी उपस्थित थे।

अपने दौरे में आज ही कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने क्षेत्र के ग्राम पटौद में सी.सी. सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर समस्त ग्रामवासियों के साथ भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






