आज की टॉप 10 खबर 30 मई 2026 शनिवार

 ———————–

संपादकीय-
‘पत्रकारों को दिली सम्मान,नमन करें.’
-पत्रकारिता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं…मंजे हुए पत्रकारों लेखकों, बुद्विजीवियों के ही कलम से मिली। प्रतिदिन अपनी जमीन जिंदा रखने के लिए, हर कदम भटकते हुए खुद से अधिक खबरों को जीवित रखते सब तक प्रसारित करना। हर कोई किसी मीडिया संस्थान का वो कर्मचारी पत्रकार नहीं,जिन्हें महीने में वेतन मिले।शहर,गांव,अस्पताल के चीरघर,श्मशान घाट,तेज चिलचिलाती धुप में मोटर सायकल से समय पर आवाजाही,बादल गरज रहे हों, या बिजली चमक रही हो। समाचार पत्रों की सुर्खियां बनना है,स्वयं के पोर्टल के साथ सोशल पटल पर भी जीवित ही दिखना है।

कई शासकीय सेवक जो उच्च शिक्षित होते हुए भी वर्तमान में पत्रकारिता की स्थिति देखते हुए हर किसी को कही देखे हुए स्तरीय समझना, यह भी समझना कि पत्रकार कुछ सहयोग के नाम ही मुखातिब हो रहा है। कोरा भ्रम कि उन्हें नहीं पता हो कि कोई पत्रकार कोई आरक्षण के नाम अपनी पत्रकारिता कर रहा है। हतोत्साहित करने के नाम यह शब्द कि जब इसमें कोई फायदा नही तो ये पोर्टल,एजेंसी वगैरह..वगैरह क्यों चलाना?

कभी किसी पत्रकार की योग्यता,डिग्री तो किसी बैनर से जुडाव का प्रश्न। उन्हें नही पता हो कि उनके साथ हर व्यक्ति साहित्य एवं कला जगत से जुडा है,जो जीवन जीने की लालसा जगाती है,जिसके चलते वो खुद भी जिंदा है। पत्रकारिता से दूर नहीं जाया जा सकता। उन्हें अब ये कौन समझाए कि अपनी जिंदगी के तीस साल से अधिक समय पत्रकारिता की साधना को समर्पण कर देने वाले लिए किसी बैनर,संस्थान से जुडाव कोई जरूरी नहीं है। पत्रकार के इन तंज सकते शब्दों पर फिर भी आपकी भावना ना जगे तो महान कवि गया प्रसाद शुक्ल सनेही की इन पंक्तियों पर कभी विचार कर लीजियेगा-
“जो भरा नहीं है भावों से, बहती जिसमें रसधार नहीं।
वह हृदय नहीं है पत्थर है, जिसमें स्वदेश का प्यार नहीं॥”

सबकी अपनी पत्रकारिता का स्तर..! कभी खुद के दुःखों के पल पर पत्रकार जो याद आते हैं,पत्रकारिता दिवस पर दिल से पत्रकारों का सम्मान करें,नमन करें…

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
30  मई  2026 शनिवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

01.दूध नदी स्वच्छता अभियान में जुटे जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन और नगरवासी।

— कांकेर नगर की जीवनदायिनी दूध नदी का संरक्षण एवं सफाई करने के उद्देश्य से आज सुबह स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा नगर के स्वयंसेवी संगठनों व नगरवासियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान पुराने बस स्टैण्ड के पीछे दूध नदी के अपवाह क्षेत्र में संयुक्त रूप से सघन स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया, जिसमें कांकेर विधायक  आशाराम नेताम, नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष  अरूण कौशिक सहित कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं विभिन्न स्वयं सेवी संगठनों के सदस्यों ने हिस्सा लेकर साफ-सफाई की। स्वच्छता अभियान के दौरान नदी के किनारों पर डंप किए गए कचरों को हटाया गया तथा खरपतवारों को निकाला गया।
विधायक श्री नेताम, कलेक्टर सहित जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मण्डावी, एसडीएम कांकेर   अरूण वर्मा, विभिन्न वार्डो के पार्षदगणों ने भी हिस्सा लेकर सुबह 6 से 8 बजे तक स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान विधायक ने नदी के दोनों किनारों पर मानसून के आगमन पर नारियल एवं आम के पौधे रोपित करने तथा टो-वॉल निर्मित करने के निर्देश दिए। साथ ही नदी के तट की दोनों ओर अतिक्रमण हटाकर पाथ-वे निर्माण करने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष को कहा। उन्होंने नगरवासियों से प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को अभियान चलाकर दूध नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने की अपील की। साथ ही नागरिकों को निर्धारित स्थल पर ही कचरों को डंप करने की बात कही। नगर के बीचों-बीच बहने वाली दूध नदी को स्वच्छ करने के साथ-साथ साैंदर्यीकरण कराने के निर्देश एसडीएम कांकेर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने दिए। उक्त अभियान में  महेश जैन,  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  यशवंत साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष  उत्तम यादव, चेम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष   अनूप शर्मा, राजा देवनानी, पार्षदगण श्रीमती शकुंतला जैन, चित्ररेखा जैन, मंजू सारथी, उगेश्वरी उईके सहित काफी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया।
ई।

  ———————–

02. जिले में खाद-बीज का पर्याप्त भण्डारण, कृषि वैज्ञानिकों की अनुशंसा पर निर्धारित मात्रा में किसानों को वितरित किया जा रहा उर्वरक

—दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित ’खाद-बीज आपूर्ति के लिए सीएम के नाम पर किसान संघ ने सौंपा ज्ञापन’ और ’खाद-बीज संकट पर संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा आवेदन’ नामक शीर्षक से प्रकाशित खबर के संबंध में जानकारी देते हुए कृषि विभाग के उप संचालक जितेन्द्र कोमरा ने बताया कि खरीफ मौसम के लिए जिले के किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से में 12021 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में समितियों में 4558.20 क्विंटल बीज का भण्डारण किया जा चुका है तथा 03 हजार क्विंटल बीज उपलब्ध है। जिले में उर्वरक वितरण के लिए 64,560 मेट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है तथा 33,368.527 मेट्रिक टन खाद का भण्डारण किया गया है, जिसमें सहकारी समितियों में 23061.174 मेट्रिक टन तथा निजी विक्रय केन्द्रों में 10307.35 मेट्रिक टन उर्वरक भण्डारित है। सहकारी समितियों एवं निजी विक्रय केन्द्रों के माध्यम से किसानों को उर्वरक वितरण किया जा रहा है। कृषि वैज्ञानिकों की अनुशंसा के अनुसार प्रति एकड़ एक बोरी यूरिया, एक बोरी डीएपी एवं एक बोरी एमओपी वितरित किया जा रहा है। किसानों को उचित मूल्य पर खाद बीज उपलब्ध कराने के लिए विक्रय केन्द्रों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।।
 ———————

03सीएम हेल्पलाइन सम्बंधी प्रशिक्षण 01 जून को ।

— आम जनता से प्राप्त विभिन्न शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन, सुशासन एवं अभिसरण विभाग द्वारा शीघ्र ही ” सीएम हेल्पलाइन” प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है।” सीएम हेल्पलाइन” के प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों के समयबद्ध निराकरण तथा मैदानी स्तर पर सुचारू संचालन सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से जिला एवं विकास खण्ड स्तर पर नामांकित अधिकारियों को 01 जून सोमवार को प्रातः 10:30 बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उक्त प्रशिक्षण में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं ब्लाक लेवल कार्यालयों के कार्यालय प्रमुख अधिकारियों को उपस्थित रहने कहा गया है। ब्लाक स्तर के अन्य अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से आनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

 ————————

04.जिला स्तरीय कार्यशाला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर

— ‘‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026’’ के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में जिला सीईओ  हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में किया गया जिसमें राज्य सलाहकार श्रीमती मधुरिमा महेन्द्र गिरी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 की विस्तृत जानकारी देते हुए कचरे के वैज्ञानिक तरीके से संग्रहण, उपचार एवं सुरक्षित निपटान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट का उचित प्रबंधन नहीं होने से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है तथा विभिन्न गंभीर बीमारियों का खतरा उत्पन्न होता है, बढ़ती जनसंख्या, तीव्र औद्योगिकीकरण तथा कारखानों से निकलने वाले रासायनिक अवशेष एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थ पर्यावरण के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत पर्यावरण संरक्षण के लिए शहरी स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों तथा कचरा उत्पन्न करने वाले सभी संस्थानों की जिम्मेदारी और भागीदारी सुनिश्चित की गई है।कार्यशाला में ग्राम एवं ग्राम पंचायत स्तर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर ग्रामों के निर्माण के लिए कचरे के पृथक्करण, संग्रहण एवं निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था आवश्यक है।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्यगण, जनपद पंचायत अध्यक्षगण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, स्वच्छाग्रही समूह की दीदियां तथा जिला पंचायत कांकेर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। 

  ————————

05. विशेष ग्राम सभा का आयोजन 05 जून को।

—‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026’ के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 05 जून को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विशेष ग्राम सभा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध में चर्चा कर संकल्प पारित किया जावे, साथ ही इस संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय की अनुवादित प्रति का वाचन कर जानकारी दी जाए। विशेष ग्राम सभा ग्राम पंचायत विकास योजना 2026-27 हेतु 09 थीम अनुसार संकल्प भी पारित किया जाए। पीएआई 2.0 स्कोर कार्ड ग्राम पंचायतों में चस्पा कर उसका वाचन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने सभी जनपद पंचायत के सीईओ को निर्देशित करते हुए कहा है कि ग्रामसभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग कर वीडियो को ‘‘ग्रामसभा निर्णय’’ ( GS NIRNAY ) मोबाईल एप में अपलोड किया जावे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार पंचायती राज मंत्रालय द्वारा ग्राम सभाओं की कार्यवाही का ए.आई. आधारित कार्यवाही विवरण तैयार करने हेतु नवीन पोर्टल ‘सभासार’ बनाया गया है। सभी ग्राम पंचायतों में इस पोर्टल का उपयोग करते हुए कार्यवाही विवरण तैयार किया जाए। इसके अलावा ग्रामसभा के गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल https://meetingonline.gov.in एवं GPDP पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड कराकर निर्धारित प्रपत्र में प्रतिवेदन जिला कार्यालय को 08 जून 2026 तक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

 ————————

06. एनआईडी के प्रतिनिधिमंडल ने की पद्मश्री मण्डावी से भेंट, जिले में काष्ठ शिल्प की तलाशी संभावनाएं

-केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह के निर्देशानुसार माओवाद के उन्मूलन उपरांत बस्तर संभाग में आजीविका एवं नियोजन कार्यक्रमों के बेहतर ढंग से संचालन हेतु नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन अहमदाबाद (गुजरात) के प्रतिनिधि मण्डल द्वारा क्षेत्र का व्यापक दौरा किया गया। इसके तहत मण्डल के सदस्यों ने पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित  अजय मण्डावी से भेंट कर जिले में काष्ठ शिल्प एवं इससे जुडे़ कार्यों की जानकारी ली। टीम के सदस्यों ने शुक्रवार 29 मई की देर शाम को श्री मण्डावी के गोविंदपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल सह निवास पहुंचकर उनसे चर्चा की। इस दौरान उन्होंने लकड़ी से तैयार किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के शिल्प कला की बारीकियों की जानकारी ली तथा इसकी संभावनाओं को लेकर वार्तालाप किया। प्रतिनिधि मण्डल में एनआईडी के डायरेक्टर  अशोक मण्डल, प्रो. त्रिधा गज्जत, प्रोडक्शन डिजाइनर   नसीम शेख, डिजाइनर सुश्री ग्रीष्मा शामिल थे। जिला प्रशासन की ओर से जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मण्डावी तथा एसडीएम कांकेर  अरूण वर्मा मौजूद रहे।उल्लेखनीय है कि विगत 18 एवं 19 मई को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह ने बस्तर प्रवास पर शिरकत की थी। इस दौरान उन्होंने प्रारंभिक तौर पर 70 बेस कैंपों को वीर शहीद गुण्डाधूर सेवा डेरा के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। इसके तुरंत पश्चात उन्होंने स्थानीय आदिवासियों की आजीविका एवं सर्वांगीण विकास के लिए इन कैंपों में बहुउद्देशीय गतिविधियां एवं कार्यक्रम संचालित कर शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ प्रदाय करने के उद्देश्य से एनआईडी के प्रतिनिधि मण्डल ने बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों सहित कांकेर जिले का प्रवास कर सेवा डेरा कैंप में नवीन गतिविधियां संचालित करने के संबंध में संभावनाओं की जानकारी ली।क्ति के पास लिखित या मौखिक जानकारी हो तो वे अनुविभागीय दण्डाधिकारी पखांजूर के न्यायालय में 02 जून तक कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर जानकारी प्रस्तत कर सकते हैं।  

  ————————

07. राम दरबार सिक्का खरीदने के नाम पर 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले 04 आरोपी गिरफ्तार।रक्षा मंत्रालय का फर्जी परिचय पत्र बनाकर जाली दस्तावेज भी जब्त किया गया।सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस की कार्यवाही, फर्जी दस्तावेज, नकली पहचान पत्र, वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक साइबर नोडल अधिकारी दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में जिले में धोखाधड़ी एवं साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा धोखाधड़ी के एक मामले का खुलासा करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28.05.2026 को प्रार्थी राजुराम कुमेटी निवासी ग्राम कामतेड़ा, जिला कांकेर द्वारा थाना सिटी कोतवाली कांकेर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत में बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर स्वयं को अविनाश तिवारी बताया तथा उसे कृषि विज्ञान केंद्र सिगारभाट के पास बुलाया। आरोपी ने राम, सीता एवं लक्ष्मण अंकित विशेष सिक्के को विदेश में ऊंचे दामों में बेचकर भारी मुनाफा कमाने तथा प्राप्त राशि को आपस में बांटने का लालच दिया। इस झांसे में आकर प्रार्थी से 30,000 रुपये प्राप्त कर धोखाधड़ी की गई। शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 182/2026 धारा 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। पतासाजी के दौरान ग्राम बाबूसाल्हेटोला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों के मिलने की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अविनाश तिवारी उर्फ सोहन साहू सहित उसके तीन अन्य साथियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सोहन साहू उर्फ अविनाश तिवारी, गन्नु राम नेताम, तामेश्वर सिंह नाग एवं जितेन्द्र शार्दुल बताया तथा प्रार्थी के साथ धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।

आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, लैपटॉप, फर्जी आधार कार्ड, रक्षा मंत्रालय  का फर्जी परिचय पत्र, एश्वर्या कदम के नाम से तैयार जाली दस्तावेज, अविनाश तिवारी के हस्ताक्षरयुक्त बैंक चेक, 02 तांबे के राम दरबार सिक्के, 02 बजरंगबली सिक्के, तीन छोटी पेटियां, एक सफेद रंग की कार क्रमांक CG-22-AB-9990 एवं एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-QJ-8943 बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 319(2), 336(3) एवं 340(2) बीएनएस की धाराएं भी जोड़ी गईं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

 ————————

08. पद्म पुरस्कार-2027 हेतु नामांकन 31 मई तक आमंत्रित

– भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन एवं अनुशंसा आमंत्रित किए गए हैं। राज्य आयुक्त दिव्यांगजन छत्तीसगढ़ द्वारा जारी निर्देश के अनुसार दिव्यांगजन सशक्तीकरण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के नाम प्रस्तावित किए जाएंगे। कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरपालिका एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि जिले के पात्र संस्थाएं एवं व्यक्तियों से 31 मई तक भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कराएं।

 ————————

09. “समाधान ऐप” के माध्यम से किराएदार एवं होटल सत्यापन सुविधा को बढ़ावा देने विशेष बैठक का आयोजन। होटल, लॉज, धर्मशाला, हॉस्टल, गेस्ट हाउस, विवाह स्थल एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों के संचालकों को ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी।

-पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि-  पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक सुश्री विंकेश्वरी पिंदे के पर्यवेक्षण में जिला उत्तर बस्तर कांकेर में “समाधान ऐप” के माध्यम से किराएदार एवं होटल सत्यापन सुविधा को प्रभावी रूप से लागू करने एवं जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में जिले के होटल, लॉज, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, हॉस्टल, विवाह स्थल एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों के संचालकों को समाधान ऐप के माध्यम से ऑन लाइन सत्यापन प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस विभाग आधुनिक तकनीक का उपयोग कर नागरिक सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा समाधान ऐप इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बैठक के दौरान बताया गया कि कई बार अपराधी, फरार आरोपी अथवा संदिग्ध व्यक्ति अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर होटल, लॉज अथवा किराए के मकानों में ठहरने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में यदि प्रत्येक अतिथि एवं किराएदार का समय पर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तो अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होती है।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि अब किसी भी अतिथि अथवा किराएदार का सत्यापन मोबाइल फोन के माध्यम से कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन किया जा सकता है। इससे सत्यापन प्रक्रिया सरल, सुरक्षित, पारदर्शी एवं समयबद्ध हो गई है, साथ ही पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच समन्वय भी मजबूत होगा।होटल /लॉज में कार्यरत सभी कर्मचारियों का आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं पूर्ण पते का पुलिस सत्यापन करवाने कहा गया। साथ ही होटल / लॉज के मुख्य मुख्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवा कर उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में डीसीबी प्रभारी निरीक्षक मनोरमा कुर्रे, एएसआई पवन जैन, डोगेश्वर कुमार सहित लगभग 40 होटल एवं लॉज संचालक उपस्थित रहे। कांकेर पुलिस की अपील है कि  कांकेर पुलिस सभी होटल, लॉज, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, हॉस्टल एवं किराएदार रखने वाले मकान मालिकों से अपील करती है कि वे “समाधान ऐप “डाउनलोड कर प्रत्येक अतिथि एवं किराएदार का सत्यापन अनिवार्य रूप से करें।

———————–

10. पेट्रोल डीजल और खाद्य पदार्थों की लगातार महंगाई ने तोड़ी आम जनता की कमर – जगदीश नेताम संतोष मंडावी

– आम आदमी पार्टी ब्लॉक अध्यक्ष नरहरपुर जगदीश नेताम ने कहा एक तरफ आमदनी स्थिर है और दूसरी तरफ हर गुजरते दिन के साथ बढ़ती महंगाई ने देश के आम नागरिकों का जीना दूभर कर दिया है। पिछले एक महीने में चार बार पेट्रोल और डीजल के दामों में की गई बढ़ोतरी और रसोई की थाली को महंगा करने वाली खाद्य सामग्री की कीमतों में उछाल ने यह साबित कर दिया है, कि आम जनता की आर्थिक स्थिति की अनदेखी की जा रही है।

जगदीश नेताम ने इस जन विरोधी नीति की कड़े शब्दों में निंदा करती है ईंधन की कीमतों में यहां निरन्तर वृद्धि केवल एक संख्या नहीं है बल्कि यह परिवहन मॉल भाड़े और हर जरूरी सब्जी दाल और अनाज की कीमतों में आग लगाने का काम कर रही है आज आम गृहिनी एक मजदूर और माध्यम वर्गीय परिवार का मासिक बजट पूरी तरह पटरी से उत्तर चुकी है।

आम आदमी पार्टी के संगठन मंत्री संतोष माड़वी ने इस गंभीर स्थिति पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा महंगाई का यह बोझ देश के अन्नदाता और मेहनत कश वर्ग के साथ सीधा अन्याय है देश में आम आदमी की जेब काटी जा रही है सरकार को ध्यान में रखते हुए ईंधन और खाद्य पदार्थों पर टैक्स कम करना चाहिए ताकि देश की रीढ़ कहे जाने वाले आमजन को राहत मिल सके आम आदमी पार्टी भाजपा सरकार से पुरजोर मांग करती है कि पेट्रोल डीजल की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को तुरन्त वापस लिया जाए आम जनता को राहत प्रदान की जाए यदि अविलंब महंगाई पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आम आदमी पार्टी जनहित में सड़कों पर उतरकर शांति पूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा हम देश के जागरूक नागरिकों से भी अपील करते हैं कि वे इस अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज उठाएं क्योंकि जन भागीदारी से ही सकारात्मक बदलाव संभव है।

 ————————

विशेष-

केंद्र में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा करेगी विभिन्न कार्यक्रम- अजय जामवाल

कांकेर। केंद्र में भारत के यशस्वी व लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय कमल सदन कांकेर में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, जिला संगठन प्रभारी रंजना साहू की उपस्थिति व भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

अजय जामवाल ने समग्र मार्गदर्शन देते हुए कहा कि पार्टी का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करें और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें।

श्रीजामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में नई गति, नई पहचान और नई ऊंचाई हासिल की है। मजबूत अर्थव्यवस्था से दुनिया में बढ़ता भारत का सम्मान है । हाईवे, एक्सप्रेसवे, मेट्रो और वंदे भारत से बेहतर कनेक्टिविटी मिली। डिजिटल इंडिया और UPI से हर हाथ में डिजिटल शक्ति आई । उज्ज्वला योजना से करोड़ों माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति मिली। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिली । स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते AIIMS और अस्पतालों की बढ़ती सुविधाएं दी जा रही। सौर ऊर्जा और स्वच्छ ऊर्जा से आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम बढ़ रहे है ।
जिला संगठन प्रभारी रंजना साहू ने आगामी कार्ययोजना के बारे में बताते हुए कहा कि 8 जून से 14 जून के बीच जिले से लेकर बूथ स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच जनसंपर्क अभियान, स्वच्छता अभियान, प्रगति पदयात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों के सफल संचालन के लिए जिले एवं मंडल स्तर पर टोली का गठन भी किया गया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन ने बताया कि मेक इन इंडिया से उत्पादन, रोजगार और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिला । प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को पक्का घर मिला। स्टार्टअप, स्किल और रोजगार से युवा शक्ति को नया अवसर मिला। 12 सालों में भारत ने केवल विकास नहीं देखा, बल्कि आत्मविश्वास, सम्मान और बदलाव का नया अध्याय लिखा है।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री राजा पांडेय ने व आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री जितेंद्र मरकाम ने किया ।

कार्यशाला में विधायक विक्रम उसेंडी, आशाराम नेताम, छग हस्तशिल्प विकास बोर्ड अध्यक्ष शालिनी राजपूत, पूर्व सांसद मोहन मण्डावी, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर सहित भाजपा, मोर्चा, प्रकोष्ठ के प्रदेश, जिला व मण्डल पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

बैठक के अंत में वरिष्ठ प्रचारक एवं छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा एवं मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष स्व.भरत मटियारा को मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई।बैठक कार्यशाला में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सहित बड़ी संख्या में जिलापदधिकारी, मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 ———————–

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

रवि प्रकाश मिश्रा बनाये गये प्राचार्य फोरम नरहरपुर के अध्यक्ष

(मनोज जायसवाल) -रविप्रकाश मिश्रा,प्राचार्य कुम्हानखार प्राचार्य फोरम नरहरपुर विकासखंड  के अध्यक्ष बनाये गये। कांकेर(सशक्त पथ संवाद)। जिला प्राचार्य फोरम कांकेर के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार विकास खंड नरहरपुर के समस्त प्राचार्यों…

आज की टॉप 10 खबर 29 मई 2026 शुक्रवार

———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 29 मई  2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– 01. महिला रक्षा टीम द्वारा “पुना परियान (नई उड़ान)” कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात,…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *