——————–——–
संपादकीय—
✍️मनोज जायसवाल
——————–——–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
28 नवम्बर 2026 शनिवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. कृषक उन्नति योजना का किसानों को दें सही जानकारी- कुन्दन कुमार(कलेक्टर‚कांकेर)

— कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, सहकारिता, कृषि विभाग तथा सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, मंडी सचिव, सहकारिता निरीक्षक एवं खाद्य निरीक्षकों की बैठक लेकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा की। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि किसान अपने वास्तविक रकबे में बोए गए धान को खरीदी केंद्रों में विक्रय कर सकते हैं, जिसे समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। धान विक्रय के बाद समर्थन मूल्य की राशि किसानों के खातों में शीघ्र भुगतान की जा रही है, जबकि कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली बोनस राशि शासन द्वारा एकमुश्त किसानों के खातों में प्रदान की जाएगी।भारत सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य के अनुसार धान पतला 2,461 रुपये एवं धान मोटा 2,441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि किसान निर्धारित टोकन से कम मात्रा में भी धान विक्रय करते हैं, तो उन्हें प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से बोनस राशि प्रदान की जाएगी। किसान द्वारा खरीदी केंद्रों में धान कम मात्रा में बेचने से आगामी वर्ष का पंजीयन कम नहीं होगा तथा आगामी वर्ष भी पंजीयन नियमानुसार होगा। कलेक्टर ने कृषक उन्नति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को जनप्रतिनिधियों, सरपंचों एवं किसानों की बैठक आयोजित कर योजना की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सभी जनपद पंचायतों में पांच-पांच ई-रिक्शा के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार करने के लिए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया।कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसान अपनी इच्छा से अपनी सुविधा एवं बाजार मूल्य के अनुसार राइस मिलर्स, ट्रेडर्स एवं व्यापारी को भी धान विक्रय कर सकते हैं, इसमें किसी प्रकार की रोक नहीं है। मिलर्स मंडी अनुज्ञा के अनुसार धान का परिवहन भी कर सकते हैं। जिले के पंजीकृत किसान धान बेचने के लिए टोकन कटवाएं, बायोमेट्रिक प्रक्रिया का पूर्ण उपयोग करें। उन्होंने सभी तहसीलदारों को डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) का सत्यापन गंभीरता से करने तथा समिति मॉड्यूल में प्रदर्शित शून्य रकबे को सुधारने के निर्देश दिए। धान खरीदी का ऐप के माध्यम से भौतिक सत्यापन एवं खरीदे गए धान की स्टेकिंग संबंधी जानकारी प्रत्येक सोमवार सुबह उपलब्ध कराने को भी कहा। धान खरीदी एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कृषि विभाग के उप संचालक जितेन्द्र कोमरा एवं वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक महेश मरकाम की आगामी एक सप्ताह के लिए पखांजूर में ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।
ये थे‚ उपस्थित
बैठक में अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री भागवत प्रसाद जायसवाल, एसडीएम भानुप्रतापपुर अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अंतागढ़ जी.डी. वाहिले, एसडीएम चारामा नरेन्द्र बंजारा, एसडीएम पखांजूर सुरेश साहू, उप संचालक कृषि जितेन्द्र कोमरा, खाद्य अधिकारी श्रीमती शांती ध्रुव, जिला विपणन अधिकारी तामेश नागवंशी, वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक महेश मरकाम, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी डी.एल. देवांगन, सभी मंडी सचिव, खाद्य निरीक्षक एवं सहकारिता निरीक्षक उपस्थित थे।
———————-
✍️ 02.जनगणना 2027 की तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से करें- कुन्दन कुमार(कलेक्टर‚कांकेर)

—कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज जिले के सभी एसडीएम, जनगणना चार्ज अधिकारी, तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों की बैठक लेकर जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जनसंख्या गणना कार्य को सुचारू, व्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जनगणना कार्य में एकल शिक्षकीय संस्थाओं के शिक्षकों, गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की ड्यूटी नहीं लगाई जाए। मान्यता प्राप्त निजी शैक्षणिक संस्थाओं के कर्मचारियों की ड्यूटी भी जनगणना कार्य में लगाई जा सकती है। जनगणना कार्य के लिए ड्यूटी लगाए जाने वाले कर्मचारियों एवं रिजर्व कर्मचारियों का पहले से चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए। सभी तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों को टीम के प्रत्येक सदस्य का आंकलन कर निर्धारित मापदंड के अनुसार पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को कहा गया। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में नियुक्त प्रगणक धैर्यवान एवं जिम्मेदार होना चाहिए। बैठक में बताया गया कि फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 02 से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। वहीं प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा। सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति प्रशिक्षण प्रारंभ होने से पूर्व कर दी जाएगी। विशेष क्षेत्र चार्ज अधिकारियों एवं विशेष क्षेत्र प्रगणक-पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 27 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 के मध्य आयोजित किया जाएगा। जनगणना कार्यक्रम के अनुसार विशिष्ट व्यक्तियों (व्ही वीआईपी) द्वारा स्व-गणना 10 से 15 जनवरी 2027 तक तथा जनसामान्य द्वारा स्व-गणना 10 से 24 जनवरी 2027 तक की जा सकेगी। जनसंख्या गणना का फील्ड कार्य 25 से 28 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा पुनरीक्षण चरण 01 से 05 मार्च 2027 तक संपन्न किया जाएगा। प्रगणकों द्वारा पर्यवेक्षकों के माध्यम से जनगणना अभिलेख, नजरी नक्शा एवं संक्षिप्त मकान सूची सहित अन्य रिकॉर्ड 06 मार्च 2027 को जमा किए जाएंगे।
ये थे‚ उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं भागवत प्रसाद जायसवाल, एसडीएम भानुप्रतापपुर अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अंतागढ़ जी.डी. वाहिले, एसडीएम चारामा नरेन्द्र बंजारा, एसडीएम पखांजूर सुरेश साहू सहित सभी तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित थे।
————————
✍️ 03. जिले की सभी जनपद पंचायतों को विकास कार्यों के लिए 01 करोड़ 93 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत।

— जिला पंचायत कांकेर द्वारा जिले की सभी सात जनपद पंचायतों को विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 01 करोड़ 93 लाख 50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के लिए विकास निधि के रूप में आबंटित की गई है। स्वीकृत राशि के तहत जनपद पंचायत अध्यक्ष को 03 लाख 75 हजार रुपये, उपाध्यक्ष को 02 लाख 25 हजार रुपये तथा प्रत्येक जनपद पंचायत सदस्य को 01 लाख 50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस राशि का उपयोग क्षेत्र में आवश्यक विकास एवं जनहित के कार्यों के लिए किया जाएगा। इस राशि से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने में मदद मिलेगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी द्वारा जिले के जनपद पंचायत अंतागढ़ को 22 लाख 50 हजार रुपये, भानुप्रतापपुर को 24 लाख रुपये, चारामा को 28 लाख 50 हजार रुपये, दुर्गूकोंदल को 19 लाख 50 हजार रुपये, कांकेर को 27 लाख रुपये, कोयलीबेड़ा को 40 लाख 50 हजार रुपये तथा नरहरपुर को 31 लाख 50 हजार रुपये आबंटित किए गए हैं। आबंटित राशि का उपयोग शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं स्वीकृत उद्देश्यों के अनुरूप किए जाने के लिए निर्देशित किया गया है। विकास कार्यों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा व्यय का पूरा विवरण एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
——————-
✍️ 04. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले के 24 तीर्थयात्रियों का दल रवाना। एक दिसंबर तक प्रमुख धार्मिक स्थलों का करेंगे दर्शन।

—मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जिले से 24 तीर्थयात्रियों का दल 27 नवंबर को धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्रियों के दल को नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, भारतीय खाद्य निगम के सदस्य श्री हलधर साहू, श्री टेमन साहू एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर सफल यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए रवाना किया गया। यात्रा के दौरान तीर्थयात्री एक दिसंबर तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बिहार के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों सहित नालंदा, गया, बोधगया और राजगीर आदि का भ्रमण करेंगे। यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को आवागमन, भोजन, धर्मशाला एवं होटल में ठहरने, चिकित्सा सुविधा तथा शुद्ध पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य पात्र वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य हितग्राहियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर प्रदान करना है। इस योजना के माध्यम से यात्रियों को सुविधाजनक एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि वे धार्मिक स्थलों का दर्शन कर सकें और यात्रा के दौरान आवश्यक देखभाल एवं सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
—————–
✍️ 05.चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी गिरफ्तार। आरोपी के द्वारा प्रार्थी के घर अन्दर घुसकर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दिया गया। आरोपी के द्वारा पकडा गया चाकू को बरामद किया गया। सिटी कोतवाली थाना कांकेर जिला उत्तर बस्तर कांकेर की कार्यवाही।

— पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा(भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में दिनांक 27.11.2026 को प्रार्थी आनंद राम नेताम निवासी गंगानगर अन्नपूर्णापारा कांकेर के द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 27.11.2026 को रात्रि करीबन 08.00 बजे नासीर खान निवासी गंगानगर अन्नपूर्णापारा कांकेर के द्वारा प्रार्थी के घर सामने गंदी -गंदी गली गलौच कर रहा था जिसे प्रार्थी द्वारा मना करने पर नासीर खान के द्वारा तुम होते कौन हो बोल कर प्रार्थी के घर दरवाजा को लात से मारकर घर अन्दर घुसकर प्रार्थी को धक्का मुक्की कर चाकू दिखा कर जान से मारने की धमकी देने पर प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 436/2026 धारा- 96,115(2),351(2),331(2) बीएनएस, 25 आम्र्स एक्ट के तहत् अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी नासीर खान का पता तलाश पुलिस टीम के द्वारा उनके निवास स्थान पर जाकर घेराबंदी कर आरोपी को अभिरक्षा में लेकर मेमोरण्डम कथन लेखबद्ध कर प्रकरण में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर आरोपी नासीर खान निवासी गंगानगर अन्नपूर्णापारा कांकेर के द्वारा घटना करीत करना कबूल करने पर गिरफ्तारी की कारणों से अवगत कराकर दिनांक 28.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय न्यायिक रिमाण्ड पर पेश किया गया। पुलिस टीम में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार, उनि सतीश सहारे, सउनि भीखम साहू, प्रधान आरक्षक शिव बेसरे, आरक्षक शिव नेताम, लिखिश्वर साहू, एवं थाना पेट्रोलिंग पार्टी।
——————-
✍️06.नाबालिक बालिका को अनाचार करने वाला आरोपी गिरफ्तार।आरोपी के द्वारा नाबालिक बालिका को शादी का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसाकर शरीरिक संबंध बनाया गया। सिटी कोतवाली थाना कांकेर जिला उत्तर बस्तर कांकेर की कार्यवाही।
—पुलिस जानकारी के अनुसार मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार हैं कि पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा(भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटील के पर्यवेक्षण में दिनांक 27.11.2026 को प्रार्थी द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि प्रार्थी की नाबालिक बेटी को आरोपी‚ कांकेर के द्वारा नाबालिक जानते हुये भी प्रेम जल में फंसाकर मैं तुमसे प्यार करता हूं तमसे शादी करूंगा बोल कर दिनांक 03.12.2025 को कांकेर बुलाकर अपने घर ले जाकर प्रार्थी की नाबालिक बेटी के साथ मना करने के बावजूद जबरदस्ती शरीरिक संबंध बनाया उसके बाद आरोपी के द्वारा समय- समय पर काई बार अपने घर ले जाकर नाबालिक से शारीरिक संबंध बनाने से प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 435/2026 धारा- 64(1),64(2)(m) बीएनएस, 4,6 पाक्सों एक्ट कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान नाबालिक पीडिता से महिला अधिकारी द्वारा कथन लेखबद्ध किया गया जिसमें नाबालिक को आरोपी के द्वारा शारीरिक संबंध बनाना बताई तथा आरोपी की पता तलाश उनके निवास स्थान कांकेर में जाकर घेराबंदी कर अभिरक्षा में लेकर संदेही आरोपी को पुछताछ के दौरान घटना करित करना कबूल करने पर गिरफ्तारी की कारणों से अवगत कराकर दिनांक 28.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय न्यायिक रिमाण्ड पर पेश किया गया। पुलिस टीम में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार,सउनि भुनेश्वरी भगत, प्र.आर. शरीफ खान, म.प्र.आर. सावित्री मरकाम म.प्र.आर., आरक्षक तनिश कावडे, राकेश बघेल, रामप्रसाद साहू, गजेन्द्र नागवंशी, म.आर. अगसिया कोडोपी एवं थाना कांकेर पेट्रोलिग टीम रहे।
————————
✍️07. जिला पंचायत कांकेर सभागार में बाल विवाह मुक्त कार्यशाला का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।

—आज जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर पांडेय के मार्गदर्शन व उपस्थिति मे बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला एवं 27 नवम्बर को “बाल विवाह मुक्त भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय व राज्य स्तर के कार्यक्रम सीधा प्रसारण का आयोजन जिला पंचायत सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान मे किया गया, जिसमें शिक्षा विभाग के शिक्षक, पुलिस से साइबर टीम, स्वास्थ्य विभाग, बालक कल्याण समिति,किशोर न्याय बोर्ड के अध्यक्ष सदस्य,विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिवक्ता, वालंटियर जिला बाल संरक्षण इकाई,चाईल्ड हेल्प लाईन एवं जिले की सभी बाल देखरेख संस्थाओं ने सहभागिता निभाई। इस दौरान संस्था के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समस्त बालक-बालिकाओं ने बाल विवाह के विरुद्ध शपथ लेकर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
————————
✍️08.असमय होने वाली सड़क- दुर्घटनाओं पर अजय पप्पू मोटवानी ने वाहन चालकों से चर्चा की।

—समाज सेवी संगठन “जन सहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी द्वारा एक नई पहल करते हुए गत रात्रि अपना सारा समय सड़क दुर्घटना समस्याओं को देते हुए कई वाहन चालकों से जरूरी चर्चा की। गौरतलब कि कांकेर तथा आसपास मुख्य रूप से कांकेर बाईपास रोड में अनेक हादसे होते रहे हैं‚जिसमे कई लोग लोग हताहत हो चुके हैं। कई लोगों की जान भी गई है। गत रात्रि भी कांकेर बाईपास में सिर्फ़ और सिर्फ़ अपर -डिपर का संकेत सही ढंग से नहीं मिल पाने के कारण एक मोटरसाइकिल ट्रक से टकरा गई, जिसका शिकार छोटा बच्चा हो गया ।अजय पप्पू मोटवानी ने सशक्त पथ संवाद कांकेर टॉप 10 न्युज को बताया कि वे नियमित रूप से देर रात्रि तक जिला अस्पताल में जाकर नि:शुल्क सेवाएं देते हैं। इस दौरान बताया कि मुझे दुर्घटना का पता चला तो मैंने घटना स्थल पहुंचकर जो भी सेवा कार्य कर सकता था, वह किया और ड्राइवर भाइयों के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर चर्चा करते हुए उन्हें गाड़ी की रफ्तार तथा सही ढंग से डिपर के संबंध में सुझाव दिए।

एक पढ़े लिखे ड्राइवर ने बताया कि छोटी गाड़ियों वाले ही सही ढंग से अपर डिपर नहीं देते, जिससे बड़ी गाड़ी वालों को धोखा हो जाता है। हमारे भी मां-बाप बीवी बच्चे इंतज़ार करते हैं, जिसकी चिंता हमें रहती , इसलिए जानबूझकर गलती तो हम कर नहीं सकते ,फिर भी हम अपनी ड्राइवर यूनियन से अपील करते हैं कि विशेष कर रात्रि के समय गाड़ी की स्पीड कम रखें,नशा ना करें तथा अपर-डिपर का प्रयोग इस तरह करें जिससे कि सामने वाला सावधान होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से बच सके। “जन सहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने रात्रि में ही बाईपास से आने जाने वाले वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर पट्टियाँ चिपकाईं एवं आने- जाने वाले सभी वाहन चालकों को अपर डिपर जागरूकता का नव संदेश देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है , इसकी रक्षा में लापरवाही ना करें ताकि किसी के घर का चिराग़ सड़क दुर्घटना में ना बुझने पाए। अपना और सबका ध्यान रखें, सुरक्षित रहें। पप्पू मोटवानी के इस नेक कार्य की सारे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। उन्होंने समस्त छत्तीसगढ़ के लिए अनेक संचार माध्यमों से अपनी मार्मिक अपील भी जारी की है।
———————–
✍️09. कोतवाली थाना के सामने तेज गति कार टकराई पर चालक की जान बच गई।
—कोतवाली थाना कांकेर के सामने बीती रात्रि तेज गति कार खुद पलट कर राउंड मारते पलट गई। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल जो चर्चा का विषय इसलिए बना हुआ है कि इस गंभीर हादसे के बावजूद ड्रायवर की जान बच गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि देर रात्रि कैसे कोतवाली थाने के सामने पलट कर राउंड मार कर रूक गया।
————————
✍️
10. 45 व्याख्याताओं एवं शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण, डिजिटल भुगतान और साइबर सुरक्षा के बताए गए तरीके

—जिला प्रशासन से तैयार वित्तीय साक्षरता लैब में ज़िला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद एवं डीएमसी नवनीत पटेल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता विकसित करने तथा शिक्षकों को आधुनिक बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन की व्यवहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से वित्तीय साक्षरता लैब प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को आर्थिक रूप से जागरूक बनाने के साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों को बचत, बैंकिंग व्यवस्था, डिजिटल भुगतान एवं सुरक्षित आर्थिक लेन-देन की जानकारी देने के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में छोटी उम्र से ही आर्थिक समझ विकसित करना और उन्हें भविष्य में जिम्मेदार वित्तीय निर्णय लेने के लिए सक्षम बनाना है।कार्यक्रम में श्रीमती शांति नरेटी, एपीसी समग्र शिक्षा जिला कांकेर की विशेष उपस्थिति रही। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर श्री मुरली धरन ने कुल 45 प्रतिभागियों, व्याख्याताओं एवं शिक्षकों को वित्तीय साक्षरता के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ दैनिक जीवन में वित्तीय सेवाओं के उपयोग और आर्थिक प्रबंधन की व्यवहारिक समझ भी प्रदान की गई।प्रशिक्षण में बताया गया कि वर्तमान डिजिटल युग में प्रत्येक व्यक्ति के लिए वित्तीय साक्षरता का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। केवल आय अर्जित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आय का सही उपयोग, अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण, आय और व्यय के बीच संतुलन तथा भविष्य के लिए नियमित बचत करना भी जरूरी है। आर्थिक रूप से जागरूक व्यक्ति ही अपनी आवश्यकताओं के अनुसार बेहतर वित्तीय निर्णय ले सकता है।मास्टर ट्रेनर श्री मुरली धरन ने बैंक खाते के संचालन, बचत खाते, विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं, एटीएम के उपयोग, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई के माध्यम से भुगतान तथा ऑनलाइन लेन-देन की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से लेन-देन करते समय सावधानी बरतना भी उतना ही आवश्यक है, जितना बैंकिंग सुविधाओं का उपयोग करना।प्रशिक्षण के दौरान साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को ऑनलाइन लेन-देन करते समय सतर्क रहने, गोपनीय बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने तथा डिजिटल भुगतान के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की जानकारी दी गई।इसके साथ ही विद्यार्थियों को वित्तीय निर्णय लेने में सक्षम बनाने, आवश्यकताओं और इच्छाओं के बीच अंतर समझाने तथा छोटी-छोटी बचत की आदत विकसित करने पर विशेष बल दिया गया। शिक्षकों को बताया गया कि वे विद्यालयों में वित्तीय साक्षरता लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को इन विषयों की सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दे सकते हैं।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————





