—————————
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
25 नवम्बर 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन एवं विलोपन के लिए 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति आमंत्रित। 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर।
— भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए जिले के सभी 767 मतदान केन्द्रों में 12 नवंबर 2026 (गुरुवार) फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया है। जिले के सभी मतदान केंद्रों में 11 दिसंबर 2026 तक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नियुक्त अभिहित अधिकारियों के माध्यम से मतदाताओं से दावा-आपत्ति प्राप्त किए जा रहे है। इस अवधि में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा एवं ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे संबंधित मतदान केन्द्र के अभिहित अधिकारी अथवा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से निर्धारित प्रारूप-6 में आवेदन प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि सुधार अथवा संशोधन के लिए प्रारूप-8 तथा नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 में आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से तथा गूगल प्ले स्टोर से ईसीआई नेट एप्लीकेशन में भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं की सुविधा हेतु जिला स्तर पर हेल्प डेस्क संपर्क नम्बर 1950 स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त हेल्प डेस्क के नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर 79748-03016 पर भी संपर्क किया जा सकता है। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों एवं विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने नाम की जांच कर लें तथा आवश्यकतानुसार आवेदन प्रस्तुत कर मतदाता सूची को अद्यतन कराने में सहभागिता निभाएं।
———————-
✍️ 02.चारामा पुलिस ने सेंट एल्फाेंसा इग्लिश मीडियम स्कूल जैसाकर्रा में आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम।लगभग 250 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराध, यातायात नियम, महिला सुरक्षा एवं नशामुक्ति के संबंध में किया जागरूक।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर हरीश कुमार पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस द्वारा दिनांक 25.11.2026 को सेंट एल्फोंसा इंग्लिश मीडियम स्कूल जैसाकर्रा में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में थाना प्रभारी चारामा सुरेश कुमार राठौर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हेमंत मारगिया, सहायक उपनिरीक्षक सागर निषाद एवं बीट आरक्षक तरुण कुमार सिन्हा द्वारा लगभग 250 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देकर जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया।
छात्र-छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा, उनके अधिकारों, गुड टच-बैड टच तथा छेड़छाड़ एवं उत्पीड़न से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही अभिव्यक्ति ऐप की उपयोगिता एवं उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं से अवगत कराते हुए किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में तत्काल पुलिस से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने एवं अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी किसी से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को मादक पदार्थों एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। उन्हें नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
———————
✍️ 03. आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 4643 बरामद। बरामद मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 50,000।
—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई की गई।प्रार्थी संजय चौधरी, पिता बलीराम, उम्र 33 वर्ष, निवासी बीरापारा, थाना विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 24.11.2026 को वह अपने जीजा के घर झुनियापारा कांकेर आया था। इस दौरान उसने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 4643, मॉडल SP 125 Shine Drum, घर के सामने खड़ी की थी। रात्रि करीब 12:30 बजे बाहर आकर देखा तो मोटरसाइकिल अपने स्थान पर नहीं थी। आसपास तलाश करने पर भी मोटरसाइकिल का पता नहीं चला। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 431/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा चोरी गई मोटरसाइकिल की पतासाजी की गई। इसी क्रम में मेलाभाठा टिकरापारा कांकेर मैदान में संदेही सुनील पटेल के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वयं उपयोग करने के उद्देश्य से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त कर आरोपी को दिनांक 25.11.2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय कांकेर के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी का विवरण में—सुनील पटेल, पिता तिहारू राम पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी झुनियापारा कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.)। जप्त संपत्ति का विवरण में— 01 नग मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 4643, मॉडल SP 125 Shine Drum, कीमत लगभग 50,000। पुलिस टीम में निरीक्षक जितेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक शिव बेसरे, आरक्षक अनिल मरकाम, संतोष मरकाम, चन्द्रशेखर वट्टी, रोमेश दिवान एवं पुरन साहू रहे।
———————-
✍️ 04. कांकेर पुलिस द्वारा “उजियारा अभियान” के तहत अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी।अवैध शराब बिक्री के मामले में बांदे पुलिस की कार्रवाई, 02 फरार सह-आरोपी गिरफ्तार।30 पेटी अवैध रॉकेट देशी संत्रा शराब बिक्री के प्रकरण में बांदे पुलिस को मिली सफलता।

—पुलिस जानकारी के अनुसारा घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी पखांजूर कुलदीप बंजारे पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना बांदे में अपराध क्रमांक 84/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत 30 पेटी अवैध रॉकेट देशी संत्रा शराब की बिक्री के मामले में विवेचना की जा रही थी।प्रकरण में संलिप्त दो अन्य फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 25.11.2026 को थाना बांदे पुलिस की टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों मे — 1. सुशांत साहा उर्फ मोरू, पिता धीरेन्द्र साहा, उम्र 31 वर्ष, निवासी पीव्ही 100 जयराम नगर, थाना बांदे, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.)। 2. प्रसन्नजीत हलदर उर्फ छोटू, पिता स्व. परिमल हलदर, उम्र 35 वर्ष, निवासी फॉरेस्ट कॉलोनी, दुर्गा मंदिर के पीछे, बांदे, थाना बांदे, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.)। बरामदगी का विवरण में—पूर्व में जप्त सामग्री का विवरण में—1. 30 पेटी रॉकेट देशी संत्रा शराब, कुल 2950 नग, मात्रा 265.500 लीटर – कीमत 1,18,000।2. नगदी रकम – 50,000।3. घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 18 J 8172 – कीमत 3,00,000। 4. एक नग आईक्यू मोबाइल फोन – अनुमानित कीमत 20,000। 5. 04 नग मोबाइल फोन। पुलिस टीम में— निरीक्षक रामचन्द्र साहू (थाना प्रभारी बांदे), सउनि कमलेश कुमार साहू, सउनि देवनारायण बंजारे, प्रधान आरक्षक 190 सूर्यदेव कुंजाम, आरक्षक 78 अश्वनी कुंजाम, आरक्षक 333 इन्द्रजीत विश्वास, आरक्षक 1273 अमृत नेताम, आरक्षक 1184 अरुण मण्डावी, आरक्षक 1252 सुरेश दुग्गा, आरक्षक 1105 मोहन दुग्गा एवं आरक्षक 612 नरोत्तम कुलदीप रहे।
——————-
✍️ 05.उप—मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव के जन्म दिवस मौके पर कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उप—मुख्यमंत्री को जन्म दिवस की बधाई दी।

—कल 24 नवम्बर की देर रात्रि बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में छत्तीसगढ़ शासन के उप—मुख्यमंत्री अरूण साव को जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने शामिल होकर उन्हें पुष्पगुच्छ एवं श्रीरामचरितमानस ग्रंथ भेंट कर जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कहा— प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें तथा जनसेवा और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहें।
——————-
✍️06.गोवर्धन पूजा एवं यादव शौर्य नृत्य महोत्सव में शामिल हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव। *यादव समाज को शिक्षा, आधुनिक तकनीक और शासकीय योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश।

—दुधावा के कलमीपारा में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा एवं यादव शौर्य नृत्य महोत्सव में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत गोवर्धन पूजा की तथा महोत्सव को संबोधित करते हुए यादव समाज को शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और आधुनिक तकनीक अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यादव समाज द्वारा आयोजित इस नृत्य महोत्सव में विभिन्न पारंपरिक कलाओं का सुंदर प्रदर्शन किया जा रहा है। यादव समाज के कलाकार नृत्य के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की 16 कलाओं की नृत्य कला को प्रदर्शित कर रहे हैं। यह आयोजन समाज की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और विरासत को सहेजने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने इस आयोजन के लिए समाज के सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यादव समाज की बड़ी आबादी निवास करती है, लेकिन आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए अभी और प्रयास करने की आवश्यकता है। समाज के लोग शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक रूप से मजबूत बनें और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करें। सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर की स्थापना की जा रही है, जहां युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि बदलते समय के साथ हमें नई तकनीक अपनाकर अपने पारंपरिक व्यवसाय को भी आधुनिक स्वरूप देना होगा। हमारे पूर्वज दूध और दही के व्यवसाय से जुड़े रहे हैं। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आधुनिक तकनीक के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय एवं गोपालन को विकसित करना चाहिए, ताकि समाज के लोगों की आय में वृद्धि हो सके। इस अवसर पर मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने महोत्सव के आयोजन के लिए अपनी ओर से एक लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने प्राथमिक शाला डोमपदर, प्राथमिक शाला साल्हेभाट एवं प्राथमिक शाला बोदेली में प्रार्थना शेड निर्माण तथा हाई स्कूल दुधावा में अतिरिक्त कक्ष एवं प्रार्थना शेड निर्माण कराने की घोषणा भी की। जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा एवं यादव शौर्य नृत्य महोत्सव में पारंपरिक रीति-रिवाजों, धार्मिक आस्था और यादव समाज की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में यादव समाज के जिला अध्यक्ष सुदामा यादव सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जनपद पंचायत नरहरपुर के उपाध्यक्ष संजू गोपाल साहू, जिला शिक्षा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
————————
✍️07.निर्धारित मात्रा से 33.80 क्विंटल अधिक धान परिवहन करते वाहन सहित 173.80 क्विंटल धान जप्त। मंडी समिति कांकेर की कार्रवाई, दस्तावेजों में 140 क्विंटल जबकि जांच में मिला 173.80 क्विंटल धान।

—कृषि उपज मंडी समिति कांकेर द्वारा मंडी नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए निर्धारित मात्रा से अधिक धान का परिवहन पाए जाने पर वाहन सहित कुल 173.80 क्विंटल धान जप्त किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कांकेर श्रीमती सरस्वती बंजारे से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 नवम्बर 2026 को मंडी समिति के अधिकारियों द्वारा थाना कांकेर क्षेत्र में वाहन क्रमांक CG04QS,3971 की जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में धान का परिवहन पाया गया। वाहन चालक द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों एवं अनुमति-पत्र में धान की मात्रा 140 क्विंटल अंकित थी, जबकि भौतिक जांच में वाहन में कुल 173.80 क्विंटल धान पाया गया। इस प्रकार दस्तावेजों में दर्शाई गई मात्रा से 33.80 क्विंटल अधिक धान का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान संबंधित दस्तावेजों में खण्डेलवाल ट्रेडर्स, ग्राम विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव से संबंधित जानकारी भी प्राप्त हुई। मामले में कृषि उपज मंडी अधिनियम एवं संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए जप्ती पंचनामा तैयार किया गया तथा धान सहित वाहन को जप्त कर लिया गया। मंडी समिति द्वारा कृषि उपज के परिवहन में निर्धारित मात्रा एवं मंडी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच की जा रही है। समिति ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
————————
✍️08. जिले में आज शाम तक 17 हजार 842 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी।
—जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले में आज सायं 5.30 बजे तक आनलाईन माड्यूल में 558 टोकन में 17 हजार 842 क्विंटल 20 किलोग्राम धान की खरीदी की गई है। आगामी तिथि 26 नवम्बर के लिए आनलाईन माड्यूल से जिले के 160 उपार्जन केन्द्रों में सायं 5.30 बजे तक किसानों द्वारा 30 हजार 736 क्विंटल 10 किलोग्राम धान विक्रय के लिए 865 टोकन कटवाया गया है।
———————–
✍️09.छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज की प्रदेश स्तरीय संवैधानिक मांगों को लेकर निर्णायक बैठक रायपुर में सम्पन्न।

—छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज एवं आदिवासी समाज के अलग अलग संगठनों का संयुक्त रूप से प्रदेश स्तरीय संवैधानिक मांगों को लेकर निर्णायक बैठक विमलराज होटल, रायपुर में कल 24 नवम्बर को सम्पन्न हुआ‚ जिसमें समाज के संवैधानिक अधिकारों का हनन हो रहे हैं और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। इस बैठक के विशेष मुद्दे रहे‚ जिसमें प्रमुख रूप से— 1. छत्तीसगढ़ में आरक्षण की अस्थिरता के लिए स्थायी समाधान ढूंढना।2. आदिम जाति कल्याण विभाग का नाम बदलकर जनजाति कार्य विभाग करने संबंधी मांग को यथावत रखते हुए आदिम जाति कल्याण विभाग का नाम रखा जाए।3. छत्तीसगढ़ में यूसीसी (UCC) लागू नहीं होना चाहिए।4. छत्तीसगढ़ में स्थानीय भर्ती के लिए स्थायी समाधान ढूंढना।

5. पूर्व में जिला कलेक्टर के माध्यम से शासन-प्रशासन को दिए गए ज्ञापन की वस्तुस्थिति तथा आगामी आंदोलन की रणनीति तय करना।6. परिसीमन के संबंध में।आगामी आंदोलन एवं रणनीति—आदिवासी समाज के सभी छोटी-बड़ी संगठनों के पदाधिकारी एवं समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित होकर सर्व सहमति से 1 दिसंबर 2028 को विधानसभा एवं मंत्री के निवास में जाकर ढोल-नगाड़ा बजाकर समस्याओं का निराकरण करने के लिए [अस्पष्ट] में चर्चा कर स्थायी हल निकालने का निर्णय लिया गया। इस विषय के लिए चेतावनी दी जाएगी। 9 दिसंबर को मुख्यमंत्री, आदिम जाति कल्याण विभाग मंत्री तथा संबंधित नेताओं सहित सभी विधायकों को ज्ञापन दिया जाएगा, इसके साथ ही 15 दिसंबर से छत्तीसगढ़ राज्य के आदिवासियों के द्वारा 15 दिसंबर को विधानसभा सत्र का घेराव करेंगे। इसके माध्यम से शासन को हमारी मांगों को हल करने के लिए बाध्य करेंगे।
ये थे‚ उपस्थित
पूर्व कैबिनेटभारत सरकार मंत्री अरविंद नेताम। बी.एस. रावठे कार्यकारी अध्यक्ष, शिशुपाल शोरी पूर्व विधायक कांकेर, रोहित राय पूर्व विधायक, दिलीप देवांगन पूर्व विधायक, जनक लाल ठाकुर पूर्व विधायक,श्रीमती सावित्री मंडावी विधायक भानुप्रतापपुर, श्रीमती अंबिका मरकाम जी विधायक सिहावा धमतरी, श्रीमती अनिला भेड़िया विधायक दिल्ली राजहरा बालोद, विद्यावती सिदार लैलूंगा विधायक विनोद नागवंशी‚ प्रदेश सचिव सर्व आदिवासी छत्तीसगढ़, आर.एन.अनुसूचित जन जाति कर्मचारी प्रदेश अध्यक्ष, शिव कुमार कंवर जी प्रदेश अध्यक्ष कंवर समाज, कमलेश सोरी जी केंद्रीय अध्यक्ष धमाधगढ़,अश्वनी कांगे जी प्रदेश सह सचिव सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़, ललित नरेटी प्रदेश उपाध्यक्ष युवा प्रभाग, दीपक लकड़ा प्रदेश सचिव युवा प्रभाग, दामेश मंडावी प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, श्रीमती लोकेश्वरी नेताम जिला पंचायत सदस्य गरियाबंद,मृदुला भास्कर जिला पंचायत सदस्य कांकेर, नीलिमा श्याम जिला पंचायत सदस्य बालोद जनप्रतिनिधि सहित सैकड़ों की संख्या सामाजिकजन शामिल थे।
————————
✍️
10.प्रकाश पर्व,चारामा में शाामिल हुई भापुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी।

—सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान संत गुरु नानक देवजी की जयंती प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर भानुप्रतापपुर की विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुई। उन्होंने गुरुद्वारा चारामा पहुंच कर मत्था टेका और प्रदेशवासियों एवं क्षेत्रवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए अरदास की।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————





