आज की टॉप 10 खबर 27 अगस्त 2026 गुरूवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
27 अगस्त  2026 गुरूवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01.कनक जोशी बनीं सावन की रानी। शिव मंदिर समिति द्वारा धूमधाम से मनाया गया सावन उत्सव।

—शहर के ऊपर-नीचे रोड स्थित शिव मंदिर समिति के तत्वावधान में मंगलवार, 25 अगस्त को सावन महोत्सव धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। पिछले 18 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस पारंपरिक उत्सव में मंदिर में पूरे सावन माह अखंड रामायण पाठ करने वाली मातृशक्ति ने विशेष रूप से भाग लिया। इस वर्ष सावन की रानी के रूप में कनक जोशी का चयन किया गया, जिन्हें सभी ने बधाई दी। महिलाओं ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया और सावन के इस पावन आयोजन को यादगार बनाया। महोत्सव के दौरान परिसर में सावन के झूले लगाए गए थे। महिलाओं ने सावन के गीतों के बीच झूलों पर खूब आनंद लिया। सावन के लोकगीतों पर सभी ने एक दूसरे को बधाइयां दीं। महिला समिति की ओर से उपस्थित सभी श्रद्धालुओं और महिलाओं के लिए सुरुचिपूर्ण नाश्ते की उत्तम व्यवस्था की गई थी। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा और महिलाएं सावन के रंग में रंगी नजर आईं।

खेलों में दिखा उत्साह, 9 महिलाओं ने प्रतियोगिता में मारी बाजी
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए तीन अलग-अलग मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं में विजेता इस प्रकार रहीं – शिवानी तिवारी, रीना लहरिया, चांदनी यादव, स्मृति कौशिक, दीप्ति ठाकुर, रश्मि साहू, अलका सोनी, मंजू गुप्ता और पूनम ठाकुर। कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी गई और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।सफल और गरिमामय आयोजन के लिए शिव मंदिर समिति के सभी सदस्यों का आभार और धन्यवाद ज्ञापित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति की महिलाओं का विशेष योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, उल्लास और पारंपरिक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला, जिससे उपस्थित सभी महिलाओं ने सावन के इस उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया और एक दूसरे को सावन की शुभकामनाएं दीं।

ये थी‚ उपस्थित

आयोजन में निर्मला शर्मा, सरिता यादव, विजया लक्ष्मी कौशिक, मोना साहू, रजनी सोनी, रीना लारिया, माधुरी गुप्ता, ज्योत्सना गुप्ता, कृष्णा कौशिक, वेदमती, छाया कौशिक, अनिता सोनी, सुषमा गुप्ता, संध्या सोनी, रेशमी साहू और अंजू निगी सहित बड़ी संख्या में वार्ड और शहर की महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी की मौजूदगी से कार्यक्रम और भी भव्य बन गया और सावन महोत्सव यादगार बन गया।

—————–

✍️ 02. खेलो इडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन‚ प्रत्येक युवा खेल के लिए एक घंटा समय निकालें-सांसद श्रीनाग

— प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने खेलो इं़िडया संवाद कार्यक्रम के तहत देश के युवाओं से वर्चुअल संवाद किया, देशभर के लाखों युवा इसमें वर्चुअली रूप से जुड़े हुए थे। रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र सिंगारभाट कांकेर में वर्चुअल कार्यक्रम की व्यवस्था की गई थी। लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद श्री भोजराज नाग के मुख्य आतिथ्य एवं विधायक कांकेर श्री आशाराम नेताम की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगरपालिका अध्यक्ष   अरूण कौशिक, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, नगरपालिका उपाध्यक्ष   उत्तम यादव और महेश जैन तथा राष्ट्रीय तीरंदाज खिलाड़ी एवं भारतीय खेल प्राधिकरण की एथेलिट कु. हर्षिता साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि  भोजराज नाग ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने देश के युवा पीढ़ी से कहा था कि ‘‘उठो, जागो और चलते रहो, जब तक लक्ष्य न मिल जाए’। मेहनत करके ही हम अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं, हमारे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया है, वहीं हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्हांेने सभी युवाओं को खेल के लिए समय निकालने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रतिदिन सुबह जल्दी उठें और कम से कम एक घंटा खेल के लिए समय निकालें, योगा करें, साइकिल चलाएं। इससे शरीर स्वस्थ रहेगा और कड़ी मेहनत कर अपने लक्ष्य को हासिल कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि पहले लोग सुबह जल्दी उठकर अपने घर के कामकाज में लग जाते थे और शाम को सामूहिक रूप से आगामी दिवस के काम की रूपरेखा तय करते थे। आधुनिक युग नए तकनीक का है, हम उसका उपयोग करते हुए अपने शरीर और स्वास्थ्य के लिए भी समय निकालें। सुबह एक घंटा खेल में व्यतीत करें, पहले अपने रूचि को पहचानें और लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करें, शासन-प्रशासन हर संभव मदद करेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक  आशाराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री   नरेन्द्र मोदी देश के सभी नागरिकों को अपना परिवार मानते हैं। इसी प्रकार हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर ओलंपिक की भी शुरूआत की है। युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेल को अपनाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि हर खेल की अपनी विशिष्टता होती है, जो भी खेल रहे हैं, उसे गंभीरता से लें और जो भी दायित्व मिला है उसका भलीभांति निर्वहन करें। उन्होंने युवाओं को नशा से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि जो खेलता है वह नशा से भी दूर रहता है, इसलिए खेल को भी अपने दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम को एथेेलिट एवं तीरंदाज कु. हर्षिता साहू ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए उन्होंने जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर उन्हें मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी, कृषि महाविद्यालय कांकेर के अधिष्ठाता आदिकांत प्रधान, डिप्टी कलेक्टर एवं खेल अधिकारी  टीकाराम देवांगन, मेरा युवा भारत कांकेर के अधिकारी सुनील कुमार मीणा सहित कृषि महाविद्यालय कांकेर के प्राध्यापक और विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।

———————–

✍️ 03. मलेरिया अथवा गर्भावस्था से मृतिका की मृत्यु होने की पुष्टि नहीं: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी। पोस्टमार्टम से परिजनों का इंकार; नाव से नदी पार करते रक्तस्राव से हुई मृत्यु।

—दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर ’102 एंबुलेंस की देरी, अस्पताल ले जाते वक्त नाव में ही गर्भवती ने तोड़ा दम’ खबर के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरसी ठाकुर ने जानकारी दी है कि खण्ड चिकित्सा अधिकारी कोयलीबेड़ा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस टीम द्वारा 18 अगस्त को ग्राम कंदाड़ी पहुंचकर जांच की गई, जिसमें पाया गया कि कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम कंदाड़ी निवासी 27 वर्षीय मृतिका सुलो जाड़े पति रमेश जाड़े की उप स्वास्थ्य केंद्र सितरम में 17 अगस्त 2026 को मृत्यु हुई। मृत्यु की सूचना प्राप्त होने पर मृत्यु का वास्तविक कारण जानने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस टीम द्वारा मृतिका के परिजनों से पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया गया, किंतु मृतिका के पति एवं अन्य परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इस संबंध में मृतिका के पति एवं परिवारजनों द्वारा लिखित इंकारनामा भी दिया गया है।जांच के दौरान ग्राम पटेल एवं अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में मृतिका के पति रमेश जाड़े ने बताया कि सुलो जाड़े को 13 अगस्त से बुखार की शिकायत थी, पति द्वारा पैरासिटामॉल की गोली दी गई थी और वह ठीक हो गई थी। इसके पश्चात पुनः 15 अगस्त की रात्रि लगभग 12 बजे उसे कमर दर्द के साथ योनि मार्ग से अत्यधिक रक्तस्राव तथा छाती में तेज दर्द की शिकायत हुई, 16 अगस्त को मृतिका का शरीर ठंडा पड़ने पर उसे दोपहर लगभग 01 बजे छोटेबेठिया स्थित एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया, जिसके बाद भी अत्यधिक रक्तस्राव जारी रहा। 17 अगस्त को दर्द एवं रक्तस्राव नहीं रुकने पर सुबह लगभग 09 बजे गांव के पारंपरिक वैद्य से जड़ी-बूटी द्वारा उपचार कराया गया, किंतु रक्तस्राव कम नहीं हुआ। इसके बाद मृतिका के उपचार हेतु परिजनों द्वारा लगभग दोपहर 12 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांदे ले जाने के लिए नाव से नदी पार कर रहे थे, उसी दौरान उसकी मृत्यु नाव पर ही हो गई तथा परिजन मृतिका को वापस अपने गांव कंदाड़ी ले गए।18 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग, पुलिस टीम एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में मृतिका के पति रमेश जाड़े ने स्पष्ट रूप से बताया कि मृतिका को मलेरिया बुखार नहीं था और न ही उसकी किसी प्रकार की गर्भावस्था की जांच हुई थी। उसे कई दिनों से पेट दर्द, कमर दर्द, छाती में दर्द, पेट में सूजन एवं अत्यधिक रक्तस्राव की शिकायत थी। पति ने यह भी बताया कि मृतिका की 06 माह की बच्ची है, जिसे वह स्तनपान कराती थी। इससे यह स्पष्ट होता है कि मृतिका की मृत्यु मलेरिया से होने अथवा उसके गर्भवती होने की पुष्टि नहीं होती है। पोस्टमार्टम कराने से परिजनों द्वारा इंकार किए जाने के कारण मृत्यु के चिकित्सकीय कारण की पुष्टि भी नहीं हो सकी है।

————————

✍️ 04.जिला स्तरीय खेल दिवस का आयोजन 29 अगस्त को।

— प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर द्वारा खेल दिवस का आयोजन किया जाएगा। उक्त आयोजन में जिले के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं जिला मुख्यालय के स्कूलों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। जिला खेल अधिकारी  टीकाराम देवांगन ने बताया कि खेल दिवस के अवसर पर शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में हॉकी प्रतियोगिता तथा मिनी स्टेडियम कांकेर के खेल मैदान में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन दोपहर 02 बजे से किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी से अधीनस्थ विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा गया है।

————————

✍️ 05.जल संसाधन संभाग कांकेर के नवीन कार्यालय भवन का लोकार्पण

— लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद   भोजराज नाग के मुख्य अतिथि एवं विधायक कांकेर  आशाराम नेताम की अध्यक्षता में जल संसाधन संभाग कांकेर के नवीन कार्यालय का लोकार्पण किया गया। लगभग 01 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित इस कार्यालय भवन में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। कार्यालय भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। केंद्र और राज्य सरकार के बजट में किसानों, युवाओं और महिलाओं के हित को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि हर खेत तक पानी पहुंचे। इसी दिशा में जल संसाधन विभाग के माध्यम से किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

सांसद श्री नाग ने विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे सरकारी कार्यों को भी उसी भावना और जिम्मेदारी से करें, जिस तरह व्यक्ति अपने स्वयं के मकान का निर्माण करते समय उसकी मजबूती, गुणवत्ता और टिकाऊपन का ध्यान रखता है। उन्होंने कहा कि सरकारी भवन और विकास कार्य जनता के पैसे से निर्मित होते हैं, इसलिए उनकी गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। पुराने समय में लोग अपने कार्य को कर्मभूमि मानकर पूरी निष्ठा और समर्पण से करते थे। हमें भी अपने कार्य को सेवा और जिम्मेदारी मानकर करना चाहिए। किसी भी कार्य में गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से निर्वहन करें।
सांसद श्री नाग ने वर्षाजल के संचय एवं संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि नदी-नालों में नाला बंधान, स्टॉप डैम, तालाब और बड़े बांधों जैसी जल संरचनाओं के माध्यम से बारिश के पानी का अधिक से अधिक संचयन किया जाना चाहिए। हमारे पूर्वजों और राजा-महाराजाओं ने भी तालाब, कुएं और बावड़ियों का निर्माण कर जल संरक्षण की परंपरा को आगे बढ़ाया था। हमें भी इस परंपरा से प्रेरणा लेकर अपने माता-पिता, समाज अथवा देवी-देवताओं के नाम पर जल संरचनाओं का निर्माण कराने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रेरित करना चाहिए। जल की एक-एक बूंद का सदुपयोग सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। संरक्षित जल का उपयोग कृषि सहित अन्य आवश्यक कार्यों में किया जाए, ताकि इसका लाभ समाज और आने वाली पीढ़ियों को मिल सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांकेर विधायक   आशाराम नेताम ने कहा कि जल संसाधन विभाग द्वारा जल संरक्षण और जल को धरती तक पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे कार्य अत्यंत सराहनीय है। किसी भी विभाग की सफलता उसके नेतृत्व और अधिकारियों-कर्मचारियों के समन्वित प्रयास पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि वर्षा के पानी को रोकना और उसे किसानों तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। जल संसाधन विभाग द्वारा इस दिशा में किए जा रहे कार्य आने वाले समय के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कांकेर जिले में जल संसाधन संभाग अंतर्गत लगभग 200 करोड़ रुपये के कार्य हुए हैं। इसके लिए उन्होंने विभाग के अधिकारी से लेकर पीयून स्तर तक सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और जल संरक्षण के कार्यों को इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को नगर पालिका के अध्यक्ष  अरुण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर तथा श्री महेश जैन ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता श्री मेश्राम ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026-27 के बजट में मेढ़की बैराज का प्रस्ताव शामिल किया गया है, जिससे 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ सिंचाई तथा 2500 हेक्टेयर क्षेत्र में रबी सिंचाई प्रस्तावित होगी। साथ ही 2.50 मिलियन घन मीटर जल की आपूर्ति रावघाट परियोजना को हो सकेगी। नरहरपुर विकासखण्ड अंतर्गत मांडाभर्री जलाशय बजट में प्रस्तावित है, जिसके बनने से लगभग 800 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। जिले में दो वर्षों में 32 योजनाओं का जीर्णोद्धार किया जाकर लगभग 05 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेप फिलिंग का कार्य किया गया है। वर्तमान में जिले का रूपांकित सिंचाई क्षमता 47,617 हेक्टेयर है, जिसे आने वाले समय में 01 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, विभिन्न वार्डाे के पार्षद गण, मुख्य अभियंता गोदावरी कछार श्री ए. ग्राहम, जल संसाधन संभाग कांकेर के कार्यपालन अभियंता श्री धर्मेंद्र मेश्राम, विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

————————

✍️06. उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही।अवैध रूप से गांजा की खेती करने वाला आरोपी गिरफ्तार।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर  निखिल राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर  आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन तथा नुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर   शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना भानुप्रतापपुर पुलिस द्वारा उजियारा अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 26.08.2026 को थाना भानुप्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भरसा तरहुल निवासी एक व्यक्ति अपने घर की बाड़ी में अरहर एवं अन्य फसलों के बीच अवैध रूप से गांजा के पौधे लगाकर गांजा की खेती कर रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु थाना भानुप्रतापपुर पुलिस टीम तत्काल ग्राम भरसा तरहुल रवाना हुई। पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुभाष कोरेटी, पिता रामू राम कोरेटी, उम्र 40 वर्ष, निवासी भरसा तरहुल, थाना भानुप्रतापपुर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.) बताया। आरोपी के घर की बाड़ी की जांच करने पर अरहर एवं अन्य फसलों के बीच अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा के पौधे लगाए जाना पाया गया। पुलिस द्वारा मौके से गांजा के छोटे-बड़े कुल 850 नग पौधे, जड़ एवं मिट्टी सहित, कुल वजन 8 किलो 660 ग्राम, अनुमानित कीमत 4,30,000/- जप्त किया गया।उक्त मामले में थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्रमांक 173/2026, धारा 8, 20(A) NDPS Act के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

 ————————

✍️07. राखी पर्व पर खाकी की नई पहल: “जुर्माना नहीं, साइबर जागृति की सेल्फी” अभियान के तहत एनएच-30 कांकेर बाईपास में 500 से अधिक लोगों को किया जागरूक।

—पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में, यातायात प्रभारी श्री दीपक साव, एवं यातायात टीम द्वारा कोड़ेजूंगा चौक NH 30 कांकेर में कैंप लगाकर आमजन को साइबर अपराधों एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें साइबर जागृति अभियान के साथ-साथ यातायात की पाठशाला के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई ।  यातायात पुलिस द्वारा आमजन से 20 प्रश्नों का यातायात नियम संबंधी विकल्प फॉर्म भरवाकर यातायात नियमों, सड़क संकेतों, यातायात सिग्नल, हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सुरक्षित यातायात से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। प्रश्नों के माध्यम से लोगों को यह समझाया जा रहा है कि यातायात नियमों का पालन स्वयं की तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए कितना आवश्यक है।  साथ ही साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी, साइबर फ्रॉड, संदिग्ध लिंक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। लोगों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की समझाइश दी गई ।  जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए स्कैनर लिंक के माध्यम से लोगों से सेल्फी अपलोड करवाकर “मैं साइबर जागरूक हूँ” का संदेश प्रसारित करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनाना है। यातायात पुलिस कांकेर द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करें, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

————————

✍️08. उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब बिक्री पर थाना नरहरपुर पुलिस की कार्यवाही । 02 आरोपीयों के कब्जे से 14 लीटर देशी महुआ शराब किया गया जप्त ।

 

— पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरिश कुमार पाटिल के निर्देश पर थाना प्रभारी सोमेश सिंह बघेल व थाना नरहरपुर की टीम द्वारा उजियारा अभियान के तहत अवैध शराब बिक्री में संलिप्त लोगों पर कार्यवाही करते हुए थाना नरहरपुर के अपराध क्रमांक 175/2026 धारा 34 (2) आबकारी अधिनियम व अपराध क्रमांक 177/2026 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के प्रकरण में थाना नरहरपुर पुलिस द्वारा 02 आरोपियों के कब्जे से कुल 14 लीटर अवैध देशी महुआ शराब जप्त कर आरोपीयों के विरूद्व वैधानिक कार्यवाही किया गया ।दिनांक 26,27.08.2026 को थाना नरहरपुर पुलिस द्वारा गस्त पेट्रोलिंग पर रवाना हुए थे कि सूचना के आधार पर आरोपी सुखचंद कोर्राम पिता बिरझू राम उम्र 37 वर्ष निवासी कुसुमपानी थाना नरहरपुर के कब्जे से 07 लीटर महुआ शराब व आरोपी यशवंत कुजाम पिता दयाराम कुंजाम उम्र 32 वर्ष निवासी मण्डरादरहा थाना नरहरपुर के कब्जे से 07 लीटर देशी महुआ शराब को बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त कर अपराध धारा का पंजीबद्व कर आरोपीयों के विरूद्व वैधानिक कार्यवाही किया गया ।

————————

✍️09.छत्तीसगढ पिछडा वर्ग समाज की 03 अक्टूबर को कोण्डागांव में विशेष बैठक।

—छत्तीसगढ पिछडा वर्ग समाज की आगामी 03 अक्टूबर को कोण्डागांव में  विशेष बैठक का आयोजन रखा जा रहा है। बैठक में संगठन की मजबूती के  साथ आगे की रणनीति बनाई जायेगी।

 ———————–

✍️ 10. जिले के बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के माध्यम से ग्राहकों एवं आम नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचाव की जानकारी दी गई।साइबर ठगी होने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील।

—पुलिस अधीक्षक कांकेर   निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले में संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत दिनांक 27 अगस्त 2026 को विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश साहू द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्र में कमला नेहरू पब्लिक हाई स्कूल, एकल अभियान से जुड़ी महिलाओं, शासकीय कॉलेज के विद्यार्थियों एवं मावा मोदोल कोचिंग सेंटर के विद्यार्थियों को साइबर जागृति अभियान के तहत साइबर अपराध से बचाव, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया।थाना पखांजूर ,चारामा,नरहरपुर,एवं अंतागढ़ के क्षेत्र अंतर्गत स्थित सहकारी बैंक शाखा में पहुंचकर बैंक में आने वाले ग्राहकों एवं उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों की बढ़ती प्रवृत्ति, विशेषकर यूपीआई के माध्यम से होने वाली वित्तीय ठगी के संबंध में जानकारी दी गई।  थाना ताड़ोकी एवं चौकी दुधावा पुलिस द्वारा साप्ताहिक बाजार में साइबर क्राइम, UPI फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉडऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही डिजिटल लेन-देन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने एवं ग्रामीणों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की समझाइश दी गई।

 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कच्चे में स्कूली विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट एवं डिजिटल लेन-देन, यातायात नियमों का पालन तथा नशे से दूर रहने के संबंध में जागरूक किया गया।  महिला रक्षा टीम द्वारा राखी खरीदने बाजार आए महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी जा रही है। “अभिव्यक्ति ऐप” डाउनलोड कराकर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित सुविधाओं एवं साइबर अपराधों की रोकथाम के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।पुलिस द्वारा आम नागरिकों को समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा बिना सत्यापन के किसी व्यक्ति के कहने पर QR Code स्कैन न करें। बैंक अथवा सरकारी संस्था के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल एवं संदेशों से सावधान रहें।

————————

 शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 29 अगस्त 2026 शनिवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 29 अगस्त  2026 शनिवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01.सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन का वीडियो वायरल, कलेक्टर द्वारा जांच समिति गठित।…

आज की टॉप 10 खबर 28 अगस्त 2026 शुक्रवार

———————- कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 28 अगस्त  2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल ———————- ✍️ 01.सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन का वीडियो वायरल, कलेक्टर द्वारा जांच समिति गठित।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *