आज की टॉप 10 खबर 21 जुलाई 2026 मंगलवार

———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
21  जुलाई  2026 मंगलवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

✍️ 01. अधिक मुनाफे का झांसा देकर 2 लाख से अधिक की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार। निवेश पर अधिक लाभ का लालच देकर की थी धोखाधड़ी, भानुप्रतापपुर पुलिस ने रायपुर से आरोपी को किया गिरफ्तार।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि—प्रार्थिया द्वारा थाना भानुप्रतापपुर में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी प्रीतेश कुमार मोटघरे ने अपने व्यवसाय में निवेश करने पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उससे कुल  2,00,018 (दो लाख अठारह रुपये) विभिन्न ट्रांजेक्शनों के माध्यम से प्राप्त किए। निर्धारित समय के बाद जब प्रार्थिया ने अपनी राशि वापस मांगी, तब आरोपी ने मोबाइल फोन बंद कर लिया तथा अपने निवास से फरार हो गया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना भानुप्रतापपुर में दिनांक 17.07.2026 को धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक  निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री शेरबहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की लगातार तलाश की। घटना के बाद से आरोपी अपना ठिकाना बदलकर छिपकर रह रहा था। पुलिस टीम ने उसे रायपुर क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। इसके पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

———————-

✍️ 02.ग्राम ब्रेहबेड़ा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से 01नग प्रेशर कुकर IED बरामद। बद्री नारायण मीणा (भा.पु.से.) पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज के निर्देशन, दीपक तिवारी डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर,श्री निखिल राखेचा,पुलिस अधीक्षक कांकेर एंव सुभाष चंद्र 2ic प्रभारी सेनानी 94 B.N.बीएसएफ बांदे के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान संचालित किया जा रहा है।

— पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— आज दिनांक 21.07.2026 को थाना छोटेबेठिया ग्राम ब्रेहबेड़ा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान जिला पुलिस बल,बीएसएफ एंव बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा 01नग प्रेशर कुकर IED लगभग 05 कि०ग्रा० बरामद किया गया।बीडीएस टीम द्वारा मौके मे बरामद IED को डिफ्यूज कर नष्ट किया गया।टीम कंमाडर:-01.सतेन्दर मोहन एसी बीएसएफ 94 वीं वाहिनी बांदे  02.कुलवंत सिंह उप निरीक्षक बीएसएफ 94 वीं वाहिनी बांदे 03.रोशन लाल मीणा उप निरीक्षक बीएसएफ बीडीएस टीम कमांडर  कांकेर पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है।सुरक्षा बलो द्वारा क्षेत्र मे शांति,सुरक्षा एंव कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

  ———————

✍️ 03.आरटीई के तहत प्रवेश के लिए 22 जुलाई से 05 अगस्त तक किया जाएगा ऑनलाइन आवेदन।  

—लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर के निर्देशानुसार शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम 2009 के तहत निजी (गैर-अनुदान प्राप्त) अशासकीय विद्यालयों के कक्षा पहली में दर्ज 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर प्रवेश के लिए जिले में तीसरे चरण की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जुलाई से 5 अगस्त तक संचालित होगी।जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्र 2026-27 के प्रथम चरण में जिले में संचालित 172 अशासकीय विद्यालयों के 640 सीटों के लिए 711 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्राप्त आवेदनों के दस्तावेज परीक्षण कर प्रथम चरण की लॉटरी ऑनलाइन के माध्यम से 471 विद्यार्थियों को विद्यालय आबंटित किए गए तथा 01 मई से 30 मई तक आबंटित अशासकीय विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया किया गया, जिसमें जिले में कुल 188 सीटें रिक्त रहीं।इसी प्रकार द्वितीय चरण में 17 जून से 30 जून तक आवेदन संशोधन एवं लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें 18 विद्यार्थियों का चयन हुआ। इन विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके तृतीय चरण में कक्षा पहली में कुल 205 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं संशोधन की प्रक्रिया 22 जुलाई से 05 अगस्त तक चालू रहेगी।प्रवेश हेतु ऑनलाइन पोर्टल https://rte.cg.nic.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म आवेदन भरते समय बच्चे की आयु 05 से साढ़े 06 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। पोर्टल पर दूरी के आधार पर विद्यालयों की सूची प्रदर्शित होगी, जिनका चयन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित विद्यालय के नोडल अधिकारी द्वारा किया जाएगा, सत्यापन उपरांत लॉटरी एवं स्कूल आबंटन की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। ऑनलाइन आवेदन की पात्रता एवं नियम के लिए आरटीई की वेबसाइट से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

 ————————

✍️ 04. कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने दिए निर्देश

—जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया। जिला कार्यालय में आज आयोजित जनदर्शन में कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें अन्त्योदय राशन कार्ड प्रदाय करने, प्रधानमंत्री आवास आवंटित करवाने, उच्च शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता, एग्रीस्टैक किसान पंजीयन, अतिथि शिक्षक पद पर भर्ती, अटल आवास आबंटित करने, प्राथमिक शाला भैराडीह हेतु भवन निर्माण जैसे विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर द्वय   जितेन्द्र कुर्रे एवं  ए.एस. पैकरा, विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।

 ————————

✍️ 05. प्रयास आवासीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग 22 जुलाई से

—मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं (सत्र 2026-27) में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग 22 जुलाई से 05 अगस्त तक प्रयास आवासीय विद्यालय ईमलीपारा में किया जाएगा। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर काउंसिलिंग हेतु विद्यार्थियों की सूची एवं तिथि प्रदर्शित की गई है। विद्यार्थी उक्त निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेज के साथ काउंसिलिंग स्थल में उपस्थित हो सकते हैं।

   ————————

✍️06. समाज कल्याण विभाग की क्षितिज अपार योजना से दिव्यांग विद्यार्थियों को मिला प्रोत्साहन राशि, कलेक्टर ने होनहार छात्र-छात्राओं का किया सम्मान, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

—छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित क्षितिज अपार योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा सांकेतिक चेक प्रदान किए। समाज कल्याण विभाग की इस योजना के तहत कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों तथा उच्च शिक्षा में अध्ययनरत या सिविल सेवा की प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा अथवा चयनित अभ्यर्थियों को एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इसी क्रम में जिले में कक्षा 10वीं में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले यश कुमार को 05 हजार रूपए, सत्र 2025-26 में कक्षा 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली कु. समरिका नेताम को 05 हजार रूपए तथा उच्च शिक्षा में अध्ययनरत कु. दीपिका को 06 हजार रूपए की चेक प्रदान की गई।उपसंचालक समाज कल्याण श्रीमती क्षमा शर्मा ने बताया कि 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को कक्षा पहली से महाविद्यालय स्तर तक छात्रवृत्ति के साथ-साथ क्षितिज अपार योजना के अंतर्गत पात्रता अनुसार एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी अपने संबंधित विद्यालय अथवा महाविद्यालय के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। 

   ————————

✍️07. अऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई

—प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अऋणी किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। कृषि विभाग ने जिले के सभी अऋणी किसानों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर अपनी संबंधित बैंक शाखा समिति एवं नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अन्य वित्तीय संस्थानों के माध्यम से फसल बीमा अवश्य कराएं। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि इस वर्ष अल नीनो एवं मौसम को देखते हुए अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में होने वाले फसल क्षतिपूर्ति का लाभ प्राप्त कर सकें। जिले में अब तक 261.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इस अवधि की औसत वर्षा का केवल 50.8 प्रतिशत है। संभावित उपज में कमी को दृष्टिगत रखते हुए किसानों को फसल बीमा कराने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ ऋणी एवं अऋणी दोनों प्रकार के किसानों को मिलेगा। भू-धारक एवं बटाईदार किसान भी योजना के लिए पात्र होंगे। अधिसूचित फसल के लिए जिन किसानों को वित्तीय संस्थानों से मौसमी कृषि ऋण स्वीकृत हुआ है, उन्हें योजना में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। गैर ऋणी किसान भी आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बी-1, खसरा तथा स्व-प्रमाणित फसल बुवाई प्रमाण-पत्र के साथ योजना में शामिल हो सकते हैं। योजना के तहत किसानों को कुल बीमित राशि का केवल 02 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना होगा। यदि किसी किसान ने एक ही अधिसूचित क्षेत्र और फसल के लिए अलग-अलग वित्तीय संस्थानों से ऋण लिया है, तो उसे केवल एक ही स्थान से बीमा कराना होगा तथा इसकी जानकारी संबंधित बैंक को देना आवश्यक होगा। जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संचालन के लिए बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी को नामित किया गया है। कृषि विभाग ने सभी पात्र किसानों से शीघ्र फसल बीमा कराने की अपील की है।   

————————

✍️08. योग के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश, योग आयोग के अध्यक्ष ने दिलाई शपथ।

—छत्तीसगढ़ शासन योग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल ने बस्तर प्रवास के दौरान जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित संस्थाओं का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान वे विशेष विद्यालय कोदाभाट पहुंचे, जहां दिव्यांग विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ एवं तिलक लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने अपने हाथों से बनाया गया रेखाचित्र भेंट किया तथा गीत-संगीत की प्रस्तुति देकर सभी अतिथियों को प्रभावित किया। बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए श्री अग्रवाल ने उन्हें नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने योग को स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज का प्रभावी माध्यम बताते हुए लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इसके बाद श्री अग्रवाल ने गोविंदपुर स्थित कल्याणी नशामुक्ति केंद्र पहुंचकर लाभार्थियों से चर्चा की तथा प्रतिदिन योग और ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी ने नशा मुक्ति की शपथ भी ली गई। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक क्षमा शर्मा सहित आशीष शोरी, राजकुमार पटेल, सीता नाग, गंगा नेताम एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

    ————————

✍️09.अंगना विधायक जनसंपर्क  कार्यालय  बेंवरती में लोगों की समस्याओं का निदान।

-प्रतिदिन लगने वाले अंगना विधायक जनसंपर्क कार्यालय, बेवरती में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कांकेर शहर के विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें रखीं। कार्यक्रम के दौरान आमजन ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, राजस्व तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु कार्यवाही प्रारंभ की गई। जनदर्शन के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान कर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सतत प्रयास किया जा रहा है। प्रातः 11 बजे से अंगना कार्यालय कांकेर में सीधे विधायक से मिलकर अपनी समस्याओं का निदान कर सकते हैं।

  ———————–

✍️ 10.चारामा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 जुआरी गिरफ्तार। जुआ खेलते 12 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार। 31,510 नगद, 02 कार, 03 मोटरसाइकिल, 09 मोबाइल फोन सहित कुल 5,96,510 मूल्य का मशरूका जब्त। थाना चारामा एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि— पुलिस अधीक्षक, कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू (रा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सायबर) दिनेश कुमार सिन्हा (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री मोहसीन खान (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना चारामा एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रभावी कार्रवाई की गई।प्रकरण में अपराध क्रमांक 157/2026 अंतर्गत धारा 3(2), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दिनांक 19.07.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति सीएचसी चारामा के समीप बने शेड में ताश के 52 पत्तों से रुपए-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना चारामा एवं जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तथा विधिवत रेड कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके से 12 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 09 मोबाइल फोन, 02 चारपहिया वाहन, 03 मोटरसाइकिल, ताश के 52 पत्ते, एक चटाई तथा ₹31,510 नगद जब्त किया गया। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 5,96,510 है। गिरफ्तार आरोपीयों में (01) शिवदत्त निषाद पिता जयसिंह निषाद उम्र 31 साल निवासी शाहवाडा चैकी हल्बा थाना नरहरपुर (02) देवेन्द्र कुमार सेन पिता नंद कुमार सेन उम्र 30 साल निवासी शाहवाड़ा चैकी हल्बा थाना नरहरपुर (03) खेमलाल गजेन्द्र पिता स्व चमरूराम उम्र 59 साल निवासी अरौद चौकी हल्बा थाना नरहरपुर (04) विरेन्द्र मेश्राम पिता पंचम मेश्राम उम्र 40 साल निवासी शाहवाडा चौकी हल्बा थाना नरहरपुर(05) देवप्रसाद उईके पिता रामभरोस उईके उम्र 52 साल निवासी पलेवा चौकी हल्बा थाना नरहरपुर (06) इन्द्रजीत रामटेके पिता करण लाल रामटेके उम्र 35 साल निवासी शाहवाडा चौकी हल्बा थाना नरहरपुर (07) ईश्वर नेताम पिता लीलाराम नेताम उम्र 35 साल निवासी एकता नगर ढेलकाबोड कांकेर थाना कांकेर(08) प्रकाश सिन्हा पिता निर्मल सिन्हा उम्र 32 साल निवासी रूद्री जिला धमतरी(09) डी.के. बंछोर पिता चंदन बंछोर उम्र 36 साल निवासी वार्ड क्रंमांक 10 चारामा थाना चारामा(10) गोविन्द जुर्री पिता रामेश्वर जुर्री उम्र 40 साल निवासी अलबेलापारा कांकेर थाना कांकेर(11) महेन्द्र निषाद पिता अर्जुन निषाद उम्र 35 साल निवासी अकलाडोंकरी जिला धमतरी(12) अरूण मण्डावी पिता विशाल राम मण्डावी उम्र 36 साल निवासी शाहवाडा चौकी हल्बा थाना नरहरपुर हैं।

 

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 17 जुलाई 2026 शुक्रवार

———————– संपादकीय लड़की लड़का भागने के पीछे का सवाल? – रेत की भुरभुरी ‘बालुई’ सी उड़ रही होती ‘जिंदगी’ सवाल प्यार में पागलपन की हद करते हुए लड़की लड़का के…

आज की टॉप 10 खबर 16 जुलाई 2026 गुरूवार

 ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 16  जुलाई  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– ✍️ 01. कांकेर में पदस्थ आदर्श एवं प्रतिभाशाली डीएसपी कविता धुर्वे ने मास्टर्स 70…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *