———————–
संपादकीय
लड़की लड़का भागने के पीछे का सवाल?
– रेत की भुरभुरी ‘बालुई’ सी उड़ रही होती ‘जिंदगी’
सवाल प्यार में पागलपन की हद करते हुए लड़की लड़का के भागने की है। यदि लड़की नहीं है तो सीधे तौर पर कहा जाता है लड़की भाग गयी है। वहीं दूसरी ओर लड़के पर कहा जाता है, वो अमुक को भगा ले गया। आरोप दोनों पर लगते हैं, लेकिन सच तो यही है कि भाग जाना दोनों की सहमति का किया कराया होता है। वैसे तो बिना भागे भी वो जो करना चाहते हैं वह संभव है, पर दोनों ‘युगल’ स्थानीय जगह से कुछ दिनों के लिए ही सही भाग जाते हैं तो यह उन दोनों के बंधन को भी प्रतिपादित करता है। प्यार में पागलपन की हद लड़का ही नहीं लड़की की भी होती है। वस्तुतः भाग जाना एक नजरिये से प्यार के उस बंधन में जब दोनों आगे की जिंदगी एक साथ निर्वाह करने का सबुत भी होता है। आज के वातावरण में यदि बालिग हैं तो इसी समय में जहां वे भाग जाते हैं उपरी स्तर पर वे कई विवाह संस्थानों में विवाह रचा लेते हैं, तो कई मंदिरों में सिंदुर लगा कर वापसी करते हैं। अमूमन आज की हालात और एक दूसरे से विछोह न हो ऐसा कर प्रेमी युगल उन संस्था में विवाह कर ही अपने घर या जहां भी हो उन्हें रहना है लौट जाते हैं। इधर घर परिवार वाले,समाज गांव के लोगों को भी उतनी चिंता नहीं होती क्योंकि उन्हें पता है ये बिना विवाह किए तो लौटेंगे नहीं। लड़की जब सर्वस्व ‘समर्पण’ के रूप में उस लड़के साथ जीवन ‘निर्वाह’ करने राजी होती है तो उन्हें लोकलाज और क्या कहेंगे लोग? इन बातों से सरोकार नहीं होता। पकड़े जाने पर कई दफा हमेशा लड़के की धुनाई और बदनामी होती रही है पर अब जैसा कि पीछे लाईन में लिखा हूं विछोह की डर से शादी ही कर लिया जाता है। मां बाप जो अपने संतान को उनके नवजीवन में चलना सिखाने से लेकर उन्हे पैरों में खड़ा करने में कोई कमी नहीं रखते संतान के प्यार में उन्हें आर्थिक रूप से उनके मुताबिक सभी मांगे पूरा करने में अपना जीवन अर्पित कर देते हैं लेकिन अचानक इस प्रकार के जिंदगी के बेहद महत्वपूर्ण संस्कार पर उन्हें धोखा दिया जाता है,जिसकी कल्पना भी वेे नहीं करते ऐसा खबर आता है जो उनके जीवन में भू चाल ला देता है। जीवन संगीनी समकक्ष है तो ठीक वरना कई दफा तो किसी दृष्टि में उन्हें उचित नहीं जंचता ऐसे में माता पिता को ऐसा दुख होता है,जिन्हें कभी वे माफ नहीं कर सकते। यही कारण है कि इन युगलों के आने वाले संतान प्राप्ति के बाद कई माता पिता तो इनसे मिल जाते हैं पर कई कभी नहीं मिलते। ऐसे कई उदाहरण है, जहां इन युगलों को उपेक्षा का जीवन और माता पिता के प्यार से महरूम रहना पड़ता है। सामाजिक जनजीवन में देखा जाय तो कई समाज में लड़की यदि लड़के पक्ष के किसी आयोजन में जाती भी है तो उन्हें समाज के ‘मूल’ आयोजन में उस हिसाब से शरीक नहीं होने दिया जाता जैसा कि अन्य ‘रिश्तेदार’ अपना ‘फर्ज’ निभाते हैं। यहां उस लड़की के साथ लड़के को भी दुख होता है। भाग गर शादी करने वाले कई तो वैवाहिक जीवन अरेज जैसा भी निभाते हैं पर कई हमेशा उपेक्षापूर्ण ‘वेदना’ सहते हुए बिताना पड़ता है,अंदर की पीड़ा। समाज में कईयों रिश्ते बिखरते भी देखे गए हैं। यही भाग कर प्यार करने वाले किस्से का दूसरा ‘पायदान’ पहले से तलाक कर दूसरे से प्यार और विवाह इसके बाद भी सामंजस्य नहीं होने से अलग थलग की जिंदगी बिताते हुए रंग भी इसी समाज के अंदर देखने मिल जाते हैं। ‘विश्वास’ पर सब रिश्ता टिका है। शराब का सेवन और इसका लत न जाने कितनों की जिंदगी तबाह कर बैठा है। कई दफा ऐसे मामलों पर पुलिस कोर्ट में भी जाता है पर अंततः शराब के व्यसनी जिनका खुद का कोई ठिकाना नहीं ना ही उनके रोजगार का ऐसे में इस प्रकार की जिंदगी ऐसे ही रेत की भूरीभूरी ‘बालुई’ सी उड़ रही होती है।
✍️मनोज जायसवाल
———————–
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
17 जुलाई 2026 शुक्रवार
✍️मनोज जायसवाल
———————–
✍️
01. छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा का किया गया आत्मीय स्वागत।

— छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा बस्तर प्रवास के दौरान आज सुबह 11 बजे शासकीय विश्राम गृह कांकेर पहुंचे। इस अवसर पर कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, एसपी निखिल राखेचा और जिला एवं सत्र न्यायालय कांकेर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भास्कर मिश्र ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश श्री सिन्हा को पुलिस प्रशासन की ओर से ‘गॉर्ड ऑफ ऑनर’ के साथ सलामी दी गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुमार कुर्रे, एएसपी योगेश साहू, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित जिला प्रशासन, पुलिस और जिला न्यायालय के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
———————-
✍️ 02.आईटीआई में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 17 से 24 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन।
—राज्य की शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 जुलाई से प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 24 जुलाई तक निर्धारित वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कांकेर में विभिन्न व्यवसायों में रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें कोपा 06 सीट, स्टेनोग्राफर (हिंदी) 22 सीट, इलेक्ट्रीशियन के 05 सीट, ड्रेस मेकिंग के 08 सीट, स्विंग टेक्नोलॉजी के 10 सीट तथा हॉस्पिटल हाउसकीपिंग के 21 सीटों में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया के तहत चतुर्थ चरण में चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश 31 जुलाई से 02 अगस्त तक तथा पंचम चरण में 06 अगस्त से 08 अगस्त तक किया जाएगा। आवेदन करने के पूर्व अभ्यर्थी प्रवेश विवरणिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए वे निकटतम शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अथवा वेबसाइट पर उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर से संपर्क कर सकते हैं।
———————
✍️ 03.आरटीई के तहत प्रवेश के लिए 22 जुलाई से 05 अगस्त तक किया जाएगा ऑनलाइन आवेदन।
—लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर के निर्देशानुसार शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम 2009 के तहत निजी (गैर-अनुदान प्राप्त) अशासकीय विद्यालयों के कक्षा पहली में दर्ज 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर प्रवेश के लिए जिले में तीसरे चरण की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जुलाई से 5 अगस्त तक संचालित होगी।जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्र 2026-27 के प्रथम चरण में जिले में संचालित 172 अशासकीय विद्यालयों के 640 सीटों के लिए 711 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्राप्त आवेदनों के दस्तावेज परीक्षण कर प्रथम चरण की लॉटरी ऑनलाइन के माध्यम से 471 विद्यार्थियों को विद्यालय आबंटित किए गए तथा 01 मई से 30 मई तक आबंटित अशासकीय विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया किया गया, जिसमें जिले में कुल 188 सीटें रिक्त रहीं।इसी प्रकार द्वितीय चरण में 17 जून से 30 जून तक आवेदन संशोधन एवं लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें 18 विद्यार्थियों का चयन हुआ। इन विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके तृतीय चरण में कक्षा पहली में कुल 205 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं संशोधन की प्रक्रिया 22 जुलाई से 05 अगस्त तक चालू रहेगी।प्रवेश हेतु ऑनलाइन पोर्टल https://rte.cg.nic.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म आवेदन भरते समय बच्चे की आयु 05 से साढ़े 06 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। पोर्टल पर दूरी के आधार पर विद्यालयों की सूची प्रदर्शित होगी, जिनका चयन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित विद्यालय के नोडल अधिकारी द्वारा किया जाएगा, सत्यापन उपरांत लॉटरी एवं स्कूल आबंटन की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। ऑनलाइन आवेदन की पात्रता एवं नियम के लिए आरटीई की वेबसाइट से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
————————
✍️ 04. मुख्यमंत्री सहायता कोष से दिव्यांग सैनिक को चेक प्रदाय किया गया।

— जिले के दिव्यांग सैनिक हवलदार श्री गजेन्द्र कुमार को मुख्यमंत्री सहायता कोष (कारगिल फंड) से स्वीकृत 02 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे ने आज अपरान्ह में अपने कक्ष में प्रदाय किया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया कि दिव्यांग सैनिक हवलदार गजेन्द्र को यह सहायता राशि भारतीय सेना द्वारा सियाचिन ग्लेशियर में चलाए गए ऑपरेशन रक्षक 2003 के दौरान उनकी सेवाओं के सम्मान एवं सहयोग स्वरूप प्रदान की गई है।
————————
✍️ 05. जिले में अब तक 2537 मिलीमीटर वर्षा दर्ज
— जिले में 01 जून से अब तक जिले की 11 तहसीलों में कुल 2537.1 मिलीमीटर वर्षा यानी 230.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक सर्वाधिक वर्षा कोयलीबेड़ा तहसील में 415.9 मिलीमीटर तथा सबसे कम आमाबेड़ा तहसील में 145.4 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। इसी प्रकार कांकेर तहसील में 243.3 मिलीमीटर, भानुप्रतापपुर तहसील में 208 मिलीमीटर, दुर्गूकोंदल में 154.4 मिलीमीटर, चारामा़ में 234.4 मिलीमीटर, अंतागढ़ में 193.1 मिलीमीटर, पखांजूर में 189.8, नरहरपुर में 206.4, सरोना में 216 मिलीमीटर और बांदे में 330.4 मिलीमीटर वर्षा अब तक दर्ज की गई है। इसी तरह पिछले 24 घंटे में जिले में 19.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।
————————
✍️06. विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण से बढ़ी मजदूरी, हितग्राही ने जताया आभार।

— भारत सरकार द्वारा विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जीरामजी) के अंतर्गत ग्रामीण श्रमिकों की मजदूरी दर निर्धारित की गई है, इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को आर्थिक मिलेगा। कांकेर विकासखंड के ग्राम बेवरती निवासी श्रीमती धनेश्वरी साहू ने बताया कि पहले उन्हें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत 261 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलती थी। अब विकसित भारत, रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण के तहत उन्हें 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलेगी।उन्होंने कहा कि मजदूरी दर में हुई वृद्धि से ग्रामीण श्रमिकों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में आसानी होगी। इस पहल के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का यह निर्णय ग्रामीण श्रमिकों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है।
————————
✍️07. 3.50 लाख मूल्य के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार चोरी का सफल खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार विद्युत लाइन निर्माण में प्रयुक्त 3.50 लाख मूल्य के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार की चोरी का सफल खुलासा। आरोपी शुभम यादव गिरफ्तार, चोरी गया एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार बरामद। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं त्वरित विवेचना के आधार पर थाना सरोना पुलिस की प्रभावी कार्यवाही।

—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना सरोना पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विद्युत लाइन निर्माण कार्य में प्रयुक्त एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया है।
प्रार्थी मनोज सोनी, निवासी रामपुर वार्ड, जिला धमतरी द्वारा थाना सरोना में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनकी कंपनी द्वारा सीएसपीडीसीएल के विद्युत लाइन निर्माण कार्य हेतु ग्राम मालगांव एवं बरकई के मध्य सड़क किनारे एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार रखा गया था। दिनांक 03.12.2025 से 06.12.2025 के मध्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक ड्रम से 01 नग एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,50,000/- थी, चोरी कर लिया गया।रिपोर्ट के आधार पर थाना सरोना में अपराध क्रमांक 04/2025 अंतर्गत धारा 303(2), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं अन्य जांच माध्यमों के आधार पर संदेही शुभम यादव को चिन्हाकिँत करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई। सन्देही को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उक्त चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया गया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ योजना बनाकर पैंथर कंडक्टर तार की चोरी किए तथा उसे एक अन्य फरार आरोपी के घर में सीढ़ी के नीचे रखकर एक विशेष दिवाल चिनवाकर छुपा दिए थे जिसे आरोपी शुभम यादव के निशानदेही पर फरार आरोपी के घर से चोरी के संपूर्ण माल मशरुका 01 नग एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार, जिसकी अनुमानित कीमत 3,50,000/- है, बरामद किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
————————
✍️08. लगभग 1.50 लाख मूल्य के डीजल जनरेटर चोरी प्रकरण का सफल खुलासा, 04 आरोपी गिरफ्तार । प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के निर्माण स्थल से चोरी हुए डीजल जनरेटर की बरामदगी। 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया डीजल जनरेटर, घटना में प्रयुक्त TATA ACE वाहन, जनरेटर लोड करने में प्रयुक्त चैन एवं अन्य सामग्री बरामद।
—पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक( साइबर) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) श्री शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना आमाबेड़ा पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डीजल जनरेटर चोरी के मामले में त्वरित एवं वैज्ञानिक विवेचना करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया है।प्रार्थी बी.बी. वर्मा, इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी, कोरबा द्वारा थाना आमाबेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी कंपनी द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत पुल निर्माण कार्य किया जा रहा था। निर्माण कार्य के लिए उपयोग में लाया जा रहा डीजल जनरेटर नालाग्राम के समीप कार्यस्थल पर रखा गया था।

दिनांक 17 मई 2026 को कार्य समाप्त होने के बाद जनरेटर को सुरक्षित स्थान पर रखा गया था, किन्तु अगले दिन प्रातः लगभग 06:00 बजे कार्यस्थल पर पहुंचने पर जनरेटर गायब मिला। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगभग 1,50,000/- मूल्य का डीजल जनरेटर चोरी कर ले जाने की सूचना पर थाना आमाबेड़ा में अपराध क्रमांक 24/2026 अंतर्गत धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना आमाबेड़ा पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया, संभावित मार्गों का परीक्षण किया गया तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया गया। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों, साइबर इनपुट, एवं सक्रिय मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि निर्माण स्थल पर रखा जनरेटर कई दिनों से उनकी नजर में था। आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से उन्होंने पूर्व नियोजित योजना बनाकर रात्रि के समय TATA ACE वाहन से घटनास्थल पहुंचकर लोहे की चैन पट्टियों की सहायता से जनरेटर वाहन में लोड किया और चोरी कर ले गए। बाद में जनरेटर को एक आरोपी के घर के पीछे छिपाकर रखा गया तथा अवसर मिलने पर रायपुर ले जाकर बेचने की योजना बनाई गई थी। पुलिस द्वारा आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया डीजल जनरेटर, घटना में प्रयुक्त TATA ACE वाहन, जनरेटर लोड करने में प्रयुक्त चैन एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
————————
✍️09. उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार मोटर सायकल बुलेट से अवैध महुआ शराब का परिवहन करते हुए एक आरोपी को किया गिरफ्तार। आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक कार्रवाई की गई।

-पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- निखिल अशोक कुमार राखेचा, पुलिस अधीक्षक, उत्तर बस्तर कांकेर के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के अंतर्गत अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में 17 जुलाई 2026 को थाना भानुप्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति काला कलर के बुलेट 350 रॉयल एनफील्ड क्रमांक CG 19 BU-8575 में अवैध महुआ शराब लेकर ग्राम कराठी के गली की ओर जा रहा हैं। सूचना पर तत्काल PSI फलित राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम कराठी के गली के पास घेराबंदी कर मोटर साइकल काला रंग का बुलेट को रोका।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम- फिरतू राम जैन पिता स्वर्गीय श्याम लाल जैन उम्र 58 वर्ष निवासी संबलपुर कराठी थाना भानुप्रतापपुर जिला कांकेर का होना बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 02 जरीकेन में कुल 10 लीटर देशी महुआ शराब (कीमत लगभग ₹ 1600 तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकल BULLET 350 ROYAL Enfild क्रमांक CG 19 BU 5875 बरामद की गई।आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 139/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
———————–
✍️10. थाना कूड़ेकुर्से पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई। आरोपी के कब्जे से 15 पेटी गोवा व्हिस्की, 25 नग खुली गोवा व्हिस्की, 6 पेटी बीयर एवं 3 नग खुली कैन बीयर सहित कुल 213 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹1,08,465/-। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

-पुलिस जानकारी के अनुसार संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शेर बहादुर सिंह के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत थाना कूड़ेकुर्से पुलिस को दिनांक 15 जुलाई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सुरुगदोह में एक व्यक्ति अपने खेत (लाड़ी) में बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर बिक्री कर रहा है।सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोड़ेकुर्सी पुलिस द्वारा तत्काल एक विशेष टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी गई। पुलिस टीम को मौके पर आरोपी टुकेश्वर कुमार जैन संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 15 पेटी गोवा व्हिस्की, 25 नग खुली गोवा व्हिस्की, 6 पेटी बीयर एवं 3 नग खुली कैन बीयर बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 213 लीटर तथा अनुमानित कीमत 1,08,465/- पाई गई। आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, किन्तु वह कोई वैध अनुज्ञप्ति अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके पश्चात पुलिस द्वारा समस्त शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना कोड़ेकुर्सी में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।प्रारंभिक पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया, जिसमें थाना दुर्गूकोंदल में अपराध क्रमांक 2209/2022, धारा 4(क) जुआ एक्ट तथा थाना कोड़ेकुर्सी में अपराध क्रमांक 06/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम का मामला दर्ज होना पाया गया।
————————
विशेष-
ग्राम मर्रापी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से 01नग प्रेशर कुकर IED बरामद।
आज दिनांक 17.07.2026 को थाना कांकेर ग्राम मर्रापी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान डीआरजी एंव बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा 01नग प्रेशर कुकर IED लगभग 03 कि०ग्रा० बरामद किया गया। बीडीएस टीम द्वारा मौके मे बरामद IED को डिफ्यूज कर नष्ट किया गया।
टीम कंमाडर:-
01.शैलेद्र भास्कर सहायक उप निरीक्षक डीआरजी टीम कंमाडर
02.गोवर्धन कोर्राम सहायक उप निरीक्षक बीडीएस टीम कमांडर
कांकेर पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है।सुरक्षा बलो द्वारा क्षेत्र मे शांति,सुरक्षा एंव कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






