———————-
संपादकीय—
”नगर में यातायात की समस्या से जुझ रहे लोग”

फोटो— लोगों को समझ नहीं आ रहा‚ यह एनएच 30 है‚या स्टेट हाईवे
—वैसे तो कांकेर यातायात पुलिस द्वारा यहां की यातायात व्यवस्था को बनाये रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, स्पीड बसों पर कार्रवाई के साथ मोडिफाईड साईलेंसर वाले बुलेट वाहनों पर कार्रवाई एक मुहिम के साथ की जा रही है,लेकिन बावजूद इसके आम लोेगों को शहर में यातायात की समस्या से जुझना पड रहा है। खासकर गिल्ली चौक से पुराने बस स्टैण्ड तक मार्ग संकरे होने के चलते सर्वाधिक परेशानी इसी जगह होती है। सडक किनारे नाली निर्माण के चलते इन दिनों परेशानी कुछ ज्यादा ही है। राजनीतिक पार्टी या अन्य सार्वजनिक आयोजनों पर हालांकि मार्ग डायवर्ट बाईपास से किया जाता है,लेकिन समस्या जाने का नाम नहीं ले रही है।ं आज ही का चित्र देखें किस कदर मुख्य मार्ग पर निर्माण सामग्री के चलते लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड रहा है।
✍️मनोज जायसवाल
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
14 अक्टूबर 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01.आगामी 12 दिसंबर को होगी एनएमएमएस परीक्षा, विद्यार्थियों की तैयारी के लिए विद्यालयों में लगेंगी विशेष कक्षाएं, 23 अक्टूबर तक जमा होंगे आवेदन पत्र।
—राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा 2026-27 में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन और परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए जिले में विशेष तैयारी की रणनीति बनाई गई है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशन में विद्यालयों के पात्र विद्यार्थियों की पहचान करने, विशेष कक्षाएं संचालित करने, नियमित अभ्यास कराने और साप्ताहिक परीक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) नवनीत पटेल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की तैयारी की नियमित समीक्षा और निगरानी पर जोर दिया गया है। विद्यालयों में विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति के आधार पर उन्हें अच्छे, मध्यम और कमजोर वर्गों में चिन्हित किया जाएगा। प्रत्येक विद्यार्थी के कमजोर विषयों और पाठों की सूची तैयार कर नियमित समीक्षा की जाएगी। तैयारी के लिए अवधारणा समझने, उदाहरण हल करने, अभ्यास करने, परीक्षा देने, गलतियों का विश्लेषण करने और दोबारा अभ्यास करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त कक्षाओं में आसान से कठिन स्तर तक के प्रश्न हल कराए जाएंगे, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कठिन प्रश्नों और समयबद्ध अभ्यास के माध्यम से तैयार किया जाएगा। एनएमएमएस परीक्षा शनिवार 12 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। विद्यालय स्तर पर आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर निर्धारित है। विद्यालयों द्वारा आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज संबंधित परीक्षा केंद्र में 27 अक्टूबर तक जमा किए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन प्रविष्टि एवं आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर है। शिक्षण संस्थाओं के प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि पात्र विद्यार्थियों के आवेदन समय-सीमा में पूर्ण कराएं, ताकि कोई भी योग्य विद्यार्थी अवसर से वंचित न रहे।
दो प्रश्नपत्रों में होगी परीक्षा
परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे। पहला प्रश्नपत्र मानसिक योग्यता परीक्षण (एमएटी) का होगा, जिसमें 90 प्रश्नों के लिए 90 अंक निर्धारित हैं। इसका समय सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक रहेगा। दूसरा प्रश्नपत्र शैक्षिक योग्यता परीक्षण (एसएटी) का होगा, इसमें भी 90 प्रश्नों के लिए 90 अंक निर्धारित हैं और परीक्षा दोपहर 01 बजे से 2.30 बजे तक होगी। एसएटी में गणित के 20, विज्ञान के 35 और सामाजिक विज्ञान के 35 प्रश्न होंगे। उपलब्ध दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा में नकारात्मक अंकन नहीं होगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन के लिए आय प्रमाण पत्र, वित्तीय वर्ष 2025-26 से संबंधित प्रमाण, कक्षा सातवीं की उत्तीर्ण अंकसूची की प्रमाणित छायाप्रति, आधार कार्ड, आवश्यकतानुसार जाति प्रमाण पत्र एवं एआरएन नंबर, दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा जहां लागू हो शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। आवेदन में नाम और जन्मतिथि आधार के अनुसार दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों को सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त करने के लिए परीक्षा में शामिल हो सके।
———————–
✍️ 02. प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं की 228 रिक्त सीटों पर 16 अक्टूबर को चतुर्थ ओपन काउंसलिंग
— मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चतुर्थ ओपन काउंसलिंग का आयोजन 16 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। यह काउंसलिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर 228 रिक्त सीटों के लिए आयोजित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार काउंसलिंग सुबह 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर, अटल नगर के ब्लॉक-5, तृतीय तल स्थित हॉल नंबर-4 में होगी। काउंसलिंग की जानकारी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है।
आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा आठवीं में प्रथम श्रेणी 60 प्रतिशत से उत्तीर्ण होने की अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा लागू होने पर विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। अल्पसंख्यक वर्ग के अंतर्गत होने संबंधी नोटरी सत्यापित प्रमाण पत्र 10 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर प्रस्तुत करना होगा। विशेष श्रेणी के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता की संतान, अनाथ, विधवा माता की संतान, परित्यक्ता महिला की संतान अथवा देश की रक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक, सशस्त्र बल या सैनिक के बच्चे होने संबंधी प्रमाण पत्र भी लाना अनिवार्य होगा। काउंसलिंग के बाद प्रवेश के लिए पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। रिक्त सीटों की संख्या में वृद्धि या कमी संभव है।
———————–
✍️ 03. एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन 16 अक्टूबर को।
—जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन 16 अक्टूबर को सुबह 11 से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 340 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी श्री बी.आर. ठाकुर ने बताया कि उक्त प्लेसमेंट कैम्प में सुरक्षा जवान के 250 पद, सुपरवाईजर के 50 पद, बीमा सखी के 10 और फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त रोजगार मेला में उपस्थित होकर अथवा ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना फोन के माध्यम से आवेदक को दिया जाएगा।
————————
विज्ञापन

————————
✍️ 04.गौ सेवा आयोग के जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न जिले में नौ गोधाम के संचालन की अनुशंसा।

—गौ सेवा आयोग कांकेर के जिला स्तरीय समिति की बैठक मंगलवार को गौ सेवा आयोग कांकेर के जिला अध्यक्ष सोनसाय साहू की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले के नौ गोधामों के सुचारू संचालन के लिए पंजीयन कराने हेतु छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग को प्रस्ताव प्रेषित करने की अनुशंसा की गई। इनमें चारामा विकासखण्ड के अंतर्गत नगर पंचायत चारामा, ग्राम भानपुरी एवं लखनपुरी, कांकेर विकासखण्ड के ग्राम नवागांव भावगीर, गढ़ पिछवाड़ी एवं बेवरती, विकासखण्ड भानुप्रतापपुर के नगर पंचायत भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम तराई घोटिया और लोहत्तर इत्यादि नौ गौठान शामिल है। बैठक में गौ सेवा आयोग के संबंधित पदाधिकारियों तथा अधिकारियों ने गौठानों के व्यवस्थित संचालन और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र क्षत्रिय, अरुण ठाकुर एवं उत्तम साहू, विकासखंड स्तरीय समिति गौ सेवा आयोग कांकेर के अध्यक्ष भावेश आरदे तथा चारामा विकासखंड स्तरीय समिति के अध्यक्ष रूपलाल साहू सहित पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग के उप संचालक उपस्थित रहे।
————————
✍️ 05. पक्के आवास का सपना हुआ साकार, सेवा सेतु शिविर में हितग्राहियों को मिली पक्के आवास की चाबी

—’सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम आमाबेड़ा में आयोजित जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर में आवास निर्माण पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को उनके पक्के घर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। वर्षों से अपने पक्के घर का सपना संजोए हितग्राहियों के लिए यह पल खुशियों और संतोष से भरा रहा। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत ग्राम आमाबेड़ा निवासी नरेन्द्र वैद्य एवं श्री भवन सिंह नाग, ग्राम सोड़े निवासी बुद्धदेव पटेल, ग्राम बड़ेतेवड़ा निवासी श्री रतउ राम एवं श्रीमती कुमारी बाई तथा ग्राम बेलोण्डी निवासी श्री गणेश जैन को आवास निर्माण पूर्ण होने पर प्रतीकात्मक चाबी सौपी गई। अपने पक्के आवास की चाबी पाकर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अब वे अपने परिवार के साथ पक्के घर में सुरक्षित एवं बेहतर जीवन व्यतीत कर सकेंगे। हितग्राहियों ने कहा कि पक्का मकान प्रत्येक परिवार की बुनियादी जरूरत है। शासन की इस योजना से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविर शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना। शिविर के जरिए विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया गया।
✍️06. बस किराये में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी जनविरोधी कदम, आम जनता पर महंगाई की दोहरी मार : ठाकुर राम कश्यप

—छत्तीसगढ़ में बस किराये में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की खबरों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच यात्री बसों का किराया बढ़ाना आम जनता, मजदूरों, किसानों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। सरकार को आम नागरिकों की परेशानियों को समझते हुए इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।ठाकुर राम कश्यप ने कहा कि प्रदेश में पहले से ही महंगाई के कारण आम परिवारों का बजट बिगड़ा हुआ है। ऐसे में बस किराये में भारी बढ़ोतरी होने से रोजाना आवागमन करने वाले लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बस ही आवागमन का प्रमुख साधन है। इलाज, पढ़ाई, रोजगार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए शहर जाने वाले नागरिकों को अब अधिक खर्च करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर परिवहन सुविधा देना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन किराये में इतनी बड़ी वृद्धि से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि परिवहन व्यवस्था आम आदमी की पहुंच में बनी रहे और महंगाई का अतिरिक्त बोझ जनता पर न डाला जाए। कांग्रेस नेता ने मांग की कि बस किराया वृद्धि की समीक्षा की जाए तथा आम यात्रियों, विद्यार्थियों, श्रमिकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी और आम नागरिकों के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी।
————————
✍️07.समान नागरिक संहिता पर सामूहिक चर्चा एवं परिचयात्मक बैठक 15 अक्टूबर को।
—छत्तीसगढ़ राज्य में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने तथा इसके प्रारूप को अंतिम रूप दिए जाने के लिए शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति के सदस्यों की उपस्थिति में एक सामूहिक चर्चा एवं परिचयात्मक बैठक का आयोजन 15 अक्टूबर दिन गुरूवार को दोपहर 12 बजे से जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित किया गया है। उक्त बैठक में राजनीतिक दलों, सर्वसमाज प्रमुख एवं प्रतिष्ठित नागरिकों, विशिष्ट नागरिकों, गणमान्य नागरिकों, सभी धार्मिक संगठन प्रमुख एवं सभी संगठन प्रमुखों को उक्त बैठक मे शामिल होने का अनुरोध किया गया है।
————————
✍️08. श्री नवजोत दुर्गा उत्सव समिति आमापारा कांकेर द्वारा भव्य आयोजन, स्वर सम्राट किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर भारतीय स्टेट बैंक प्रांगण में गूंजे सदाबहार नगमे । नगर में हर जगह आयोजन की सफलता के चर्चे।

—मां जगदंबा के पावन नवरात्रि पर्व और हिंदी सिनेमा के महान पार्श्वगायक सदाबहार गायक किशोर कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर श्री संगीत ग्रुप कांकेर द्वारा एक अनूठी संगीतमय श्रद्धांजलि संध्या का आयोजन किया गया। नवरात्रि के रंग, किशोर दा के संग शीर्षक से आयोजित यह भव्य कार्यक्रम 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को शाम 7.30 बजे भारतीय स्टेट बैंक प्रांगण, कांकेर में संपन्न हुआ। आयोजन श्री नवजोत दुर्गा उत्सव समिति आमापारा कांकेर द्वारा किया गया। नवरात्रि की भक्ति और किशोर दा के अमर गीतों के संगम ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।शहर के संगीत प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में एक से बढ़कर एक सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों पर श्रोता झूमते नजर आए। कार्यक्रम की शुरुआत में किशोर कुमार के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद श्री संगीत ग्रुप कांकेर के 18 प्रतिभाशाली गायक कलाकारों ने एक के बाद एक किशोर दा के अमर और सदाबहार गीतों की प्रस्तुति दी। एक प्यार का नगमा है, मेरे सपनों की रानी, रूप तेरा मस्ताना, ओ मेरे दिल के चैन जैसे कालजयी गीतों ने श्रोताओं को संगीत के स्वर्णिम दौर की यादों में पहुंचा दिया। कलाकारों की मधुर आवाज और संगीत संयोजन ने ऐसा समा बांधा कि पूरा प्रांगण तालियों से गूंज उठा।

धमतरी से आए आर्केस्ट्रा ग्रुप के कलाकारों ने भी अपनी विशेष प्रस्तुति से श्री संगीत ग्रुप का साथ दिया और कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बाहर से आए गायक नंदू विश्वकर्मा, इरफान गिलार्ड और गायिका सजाना कुमारी की प्रस्तुतियों को भी श्रोताओं ने खूब सराहा। इस गरिमामय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में अरुण कौशिक अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कांकेर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गणेश तिवारी अध्यक्ष श्री नवजोत दुर्गा उत्सव समिति आमापारा कांकेर ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अशोक वालेचा उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी कांकेर, मोहन सेनापति अध्यक्ष सरस्वती कला मंच कांकेर, विजय लक्ष्मी कौशिक जिला महामंत्री भाजपा महिला मोर्चा, नरेंद्र वीरू साहू पार्षद आमापारा वार्ड, शिव श्रीवास्तव अध्यक्ष कायस्थ समाज, सतीश दीपक संरक्षक श्री नवजोत दुर्गा उत्सव समिति आमापारा कांकेर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
✍️09. यातायात नियमों, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लगभग 500 विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण को किया गया जागरूक।

—कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह के पर्यवेक्षण में दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को पीएम श्री शासकीय स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, दुर्गूकोंदल एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय, कोड़ेकोर्से में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लगभग 500 विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण को जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को सरल एवं संवादात्मक तरीके से विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई, जिससे वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सकें। महिला रक्षा टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा तथा अभिव्यक्ति ऐप की उपयोगिता के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस से सहायता प्राप्त करने के उपाय बताए गए। साइबर टीम द्वारा विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल एवं संदिग्ध लिंक से होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को ओटीपी, एटीएम विवरण, यूपीआई पिन एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के महत्व से भी अवगत कराया गया।
कांकेर पुलिस की अपील: यातायात नियमों का पालन करें, महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहें तथा साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता बरतें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
———————–
✍️
10. कुल 164 वीं लावारिस लाश का अंतिम संस्कार “जन सहयोग” द्वारा

— विगत दिनों एक नागरिक गोविंद मरकाम पिता श्रवण मरकाम द्वारा शासकीय जिला कोमल देव अस्पताल के मेमो के माध्यम से थाना काँकेर में उपस्थित होकर अज्ञात लाश की सूचना पेश की गई, इसके आधार पर थाना काँकेर में मर्ग क्रमांक 134 /2026 धारा 194 बीएनएस कायम की गई और अज्ञात मृतक के शव को मरचुरी गृह में सुरक्षित रखकर उसके नाम, पते ,परिजनों आदि की तलाश की गई किंतु कहीं से कोई सूत्र, सुराग नहीं मिलने पर थानेदार ने अज्ञात लाश के कफन दफन हेतु काँकेर की सामाजिक संस्था “जन सहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी से पत्र लिखकर अनुरोध किया गया ताकि उपरोक्त सामाजिक संस्थान की उपस्थिति व सहयोग से अंतिम संस्कार किया जा सके। इस पुण्य कार्य में अजय पप्पू मोटवानी की संस्था “जन सहयोग” के सदस्य के अलावा नायब तहसीलदार सेवक राम, सहायक उप निरीक्षक भीखम साहू, आरक्षक सेवक कवाडे, तुलसीराम मडामी, अखिलेश साहू ,माँ केसरी एंबुलेंस वाहन के ड्राइवर ने भी भरपूर सहयोग दिया।उल्लेखनीय है कि जन-सह योग संस्थान के बैनर पर अजय पप्पू मोटवानी विगत 20 वर्षों से काँकेर ज़िले में लावारिस शवों की विधि- विधान सहित अंत्येष्टि करते आ रहे हैं । यह उनके द्वारा की गई 164 वीं लाश की अंत्येष्टि होगी । अनेक अज्ञात नक्सलवादियों के शवों का भी अंतिम संस्कार का मानवीय कार्य अजय पप्पू मोटवानी द्वारा अपनी संस्था “जन सहयोग” द्वारा पुलिस के अनुरोध से किया जा चुका है। उनका एवं उनकी संस्था का नाम इसीलिए देश-प्रदेश में प्रसिद्ध है तथा वे अनेक महत्वपूर्ण सम्मानों से नवाजे जा चुके हैं।
————————
विशेष—
आम आदमी पार्टी बैठक रेस्ट हाउस कांकेर में रखा गया

आज आम आदमी पार्टी बैठक रेस्ट हाउस कांकेर में रखा गया‚जिसमें मुख्य अतिथि सौरभ झा प्रदेश सह प्रभारी के नेतृत्व में कांकेर जिला के तीनों विधानसभा में आगामी चुनाव के लिए संगठन मजबूत एवं 90 विधानसभा में आम आदमी पार्टी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।देवलाल नरेटी प्रदेश कार्यकरी अध्यक्ष ने कहा आम आदमी पार्टी का नेता एक एक घर जाकर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।पदाधिकारी मौजूद घनश्याम चंद्राकर, परमानंद जांगड़े,मेहर सिंह वटी, जगदीश नेताम, संतोष मांडवी, अर्जुन ठाकुर, दीपक कोडपी, दिशानु नेताम, नूतन निषाद,संजय मनसनी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे
————————
एकलव्य विद्यालय दुर्गूकोंदल में अर्द्धवार्षिक परीक्षा संपन्न, 400 विद्यार्थी हुए शामिल

— भण्डारडिगी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय दुर्गूकोंदल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षा बुधवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गई। सीबीएसई पैटर्न पर आधारित इस परीक्षा में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के लगभग 400 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा संपन्न होने के बाद अब विद्यार्थियों को परिणाम का इंतजार है।विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की शुरुआत 8 अक्टूबर, गुरुवार को हुई थी। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विभिन्न विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी तैयारी के अनुरूप प्रश्नपत्र हल किए। विद्यालय प्रबंधन द्वारा परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की व्यवस्था की गई थी।
————————
हर अनुविभाग में लगे प्रदूषण जांच मशीन, ललित नरेटी ने उठाई मांग

—छत्तीसगढ़ के प्रत्येक अनुविभाग स्तर पर वाहन प्रदूषण जांच मशीन स्थापित करने की मांग उठी है। सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष ललित नरेटी ने इस संबंध में प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं परिवहन आयुक्त को पत्र लिखकर ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में वाहन प्रदूषण जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण जांच केंद्रों की सीमित उपलब्धता के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय पर प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं बन पाने से उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
40 से 60 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा जांच कराने
ललित नरेटी ने पत्र में उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन पंजीकृत हैं। इनका उपयोग आम नागरिक प्रतिदिन आवागमन के लिए करते हैं। नियमानुसार वाहनों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र होना आवश्यक है, ताकि वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण रखा जा सके और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई अनुविभागों एवं विकासखंडों में प्रदूषण जांच मशीन उपलब्ध नहीं होने से वाहन चालकों को जांच कराने के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसके लिए लगभग 40 से 60 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत होती है। विशेषकर ग्रामीण वाहन मालिकों, नौकरीपेशा लोगों और छोटे व्यवसायियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
————————
—कांकेर अंतर्गत आमाबेडा क्षेत्र में जगदलपूर एसीबी का बडा एक्शन। दो कृषि अधिकारी रिश्वत के रूप में बीस हजार रूपये लेते रंगे हाथ धरे गये। पहूंचे जेल। 02 अधिकारियों पर फसल बीमा की राशि निकलवाने के एवज मे कुल बीमा राशि का 75 प्रतिशत मांगने का लगा आरोप। दोनों अधिकारियों प्रवीण उर्फ रिंकु चंद्राकर तथा सुंदर लाल बच्छड के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 पीसी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्व किया गया है।
————————
जिला स्तरीय आयुष शिविर में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

आज श्रीराम नगर, कांकेर स्थित आयुष पॉलीक्लिनिक में आयोजित जिला स्तरीय आयुष चिकित्सा शिविर कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। मंच से कहा-आयुष चिकित्सा पद्धति भारतीय परंपरा, प्राकृतिक उपचार एवं समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास किए जाते हैं।
————————
आदिवासी विश्राम गृह नरहरपुर के भुमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

आज नरहरपुर वार्ड क्रमांक 10 (सांस्कृतिक भवन के पास) में आयोजित आदिवासी विश्राम गृह के भूमिपूजन कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुएं उन्होंने इस मौके पर कहा-आदिवासी समाज की परंपराओं, संस्कृति एवं गौरवशाली विरासत के संरक्षण के साथ-साथ समाज के लोगों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। यह विश्राम गृह समाज के लोगों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा तथा आपसी मेल-मिलाप, सामाजिक गतिविधियों और सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






