———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
12 अक्टूबर 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
विज्ञापन

✍️ 01.सुरावड(लखनपुरी) में 11 अक्टूबर को एक दिवसीय सस्वर मानसगान का समापन देर रात्रि 1.00 बजे हुआ।

—जिले के चारामा एवं कांकेर तहसील के सीमा पर बसे ग्राम सुरावंड(लखनपुरी) में एक दिवसीय सस्वर मानस गान सम्मलेन सम्पन्न हुआ। आयोजन का यह चतुर्थ वर्ष रहा जहां प्रदेश के पांच मानस मंडलियों को आमंत्रित किया गया था। आयोजन में आमंत्रित मानस मंडली में मोर मयारू मानस परिवार गुदगुदा(धामतरी) एवं जय महाकाल मानस परिवार मांझी आठगांव(फरसगांव) यह दो मंडली आयोजन समिति के संयोजक एवं तहसील साहू समाज के अध्यक्ष विश्वेश्वर साहू द्वारा स्व. लक्ष्मण सिंह साहू तथा माता स्व. रूपसिर बाई साहू की पुण्य स्मृति में अपने सौजन्य से किया गया। जिसमें फरसगांव की मंडली के व्याख्याकार योगेश साहू के भांजे की आकस्मित मृत्यु के चलते नहीं आ पाए। विशेश्वर साहू ने बताया कि -भविष्य में भी वे ग्राम में आयोजित इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी निभाते हुए रामायण के आयोजन पर अपना सहयोग प्रदान करेंगे। मंच में आमंत्रित मंडलियों में विंध्येश्वरी मानस मंडली गोकुलपूर(धमतरी) सीताराम बालिका मानस मंडली भोथली(धमतरी),पीपर के छांव मानस मंडली परसोदा(कांकेर) ने अपनी सुमधुर प्रस्तुति दी। आयोजन देर रात्रि 1.00 बजे तक चला। ग्राम सुरावंड में वर्ष 2023 से यह आयोजन लगातार हो रहा है। मुख्य अतिथि भूतपूर्व सांसद मोहन मंडावी, ब्लाक कांग्रेस कमेटी चारामा के अध्यक्ष हिरवेंद्र साहू, रूप राम साहू तहसील साहू समाज चारामा तथा गौरी शंकर साहू पूर्व जिलाध्यक्ष साहू समाज कांकेर‚ के.आर.गजबल्ला ने अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कर आर्थिक सहयोग करते हुए भागीदारी निभायी। आयोजन के लिए भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोेज मंडावी ने भी विशेष रूप से सहयोग की।
———————–
✍️ 02. कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने अपने अंगना कार्यालय जनदर्शन में मुखातिब होते लोगों की समस्याएं सुनी।

—आज अंगना विधायक जनसंपर्क कार्यालय में प्रतिदिन आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान सरोना, धनेलीकन्हार एवं मरदापोटी से आए ग्रामीणजनों से आत्मीय भेंट कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनी। इस दौरान ग्रामीणजनों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न विषयों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। कहा— जनता की सेवा, उनकी समस्याओं का समाधान और कांकेर विधानसभा का सर्वांगीण विकास हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और उनके सुख-दुःख में सहभागी बनना ही हमारी जनसेवा का मूल उद्देश्य है।
———————–
✍️ 03. कल 13 अक्टूबर की शाम सजेगी सुरों की महफिल, ”नवरात्रि के रंग किशोर दा के संग”।

—माँ जगदंबा के पावन नवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर सुरों के जादूगर स्व. किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर आज एक मनमोहक संगीतमय संध्या का आयोजन किया जा रहा है। श्री संगीत ग्रुप कांकेर की प्रस्तुति नवरात्रि के रंग किशोर दा के संग कार्यक्रम का आयोजन श्री श्री नवजोत दुर्गा उत्सव समिति आमापारा कांकेर के सहयोग से हो रहा है। समिति द्वारा इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्य अतिथि अरुण कौशिक, अध्यक्षता गणेश तिवारी करेंगे

13 अक्टूबर 2026 मंगलवार शाम 7:30 बजे से कार्यक्रम भारतीय स्टेट बैंक प्रांगण कांकेर, श्री श्री नवजोत दुर्गा उत्सव समिति आमापारा कोठारी पेट्रोल पंप के पास आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गणेश तिवारी, अध्यक्ष नवजोत दुर्गा उत्सव समिति आमापारा द्वारा की जाएगी। इस संगीतमय श्रद्धांजलि समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्यूरो चीफ राजेश शर्मा, सरस्वती कला मंच अध्यक्ष मोहन सेनापति, भारतीय जनता पार्टी उपाध्यक्ष अशोक वलेचा, भाजपा महिला मोर्चा जिला महामंत्री विजय लक्ष्मी कौशिक, नवजोत दुर्गा उत्सव समिति संरक्षक सतीश दीपक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।सपरिवार पधारने की अपील, कल्पना ध्रुव जायसवाल और श्री श्री नवजोत दुर्गा उत्सव समिति आमापारा के अध्यक्ष गणेश तिवारी, संरक्षक सतीश दीपक ने किया आमंत्रित, शाम 7:30 बजे से शुरू होगा कार्यक्रमआयोजक संस्था श्री संगीत ग्रुप की अध्यक्ष कल्पना ध्रुव जायसवाल और समस्त सदस्यगण तथा श्री श्री नवजोत दुर्गा उत्सव समिति आमापारा ने सभी नगरवासियों एवं संगीत प्रेमियों से सपरिवार पधारकर अपनी गरिमामयी उपस्थिति से इस सुरमयी संध्या की शोभा बढ़ाने की अपील की है। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा किशोर कुमार के सुप्रसिद्ध अमर गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ दुर्गा की आरती के पश्चात समारोह का शुभारंभ होगा। आप सपरिवार पधारकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें।
————————
आमंत्रण

————————
✍️ 04. आज 75 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर रोलर चलाकर नष्ट, कांकेर पुलिस की सख्त कार्रवाई। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों पर सख्ती, कांकेर पुलिस की कार्रवाई जारी।

—पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशानुसार जिले में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सितंबर माह में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों में लगाए गए 75 से अधिक अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू की उपस्थिति में यातायात प्रभारी श्री दीपक साव एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा कोड़ेजूंगा चौक पर जब्त साइलेंसरों को रोलर चलाकर नष्ट किया गया। मॉडिफाइड साइलेंसरों से निकलने वाली तेज एवं कर्कश आवाज ध्वनि प्रदूषण का कारण बनने के साथ ही आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं बुजुर्गों को परेशान करती है। अचानक होने वाला तेज शोर वाहन चालकों का ध्यान भटका सकता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है।
कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिक मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज एवं कर्कश आवाज से उत्पात मचाने वाले वाहनों की सूचना वाहन नंबर सहित वीडियो के माध्यम से यातायात पुलिस कांकेर के मोबाइल नंबर 9479192979 पर भेज सकते हैं।
————————
✍️ 05. नशामुक्त समाज, स्वच्छ गांव एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए ग्रामीणों से की गई अपील।
—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में संचालित मोर मितान – कांकेर पुलिस अभियान के तहत पुलिस एवं आम नागरिकों के मध्य संवाद स्थापित करने, जनसहयोग बढ़ाने तथा सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम कोकड़ी में सर्व समाज की बैठक आयोजित की गई।बैठक में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कांकेर श्री जितेंद्र साहू की उपस्थिति में नशामुक्ति, स्वच्छता, सामाजिक एकता एवं गांव में शांति और सद्भाव बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजित बैठक में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए युवाओं एवं समाज को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। गांव की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी पर चर्चा की गई। साथ ही सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे एवं परस्पर सहयोग के माध्यम से गांव में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया।
मोर मितान कांकेर पुलिस अभियान के माध्यम से कांकेर पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों के साथ सहज संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुनना तथा जनसहयोग से सामाजिक चुनौतियों का समाधान करना है। बैठक में ग्रामीणों से पुलिस के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा गांव में कानून-व्यवस्था, स्वच्छता एवं नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई। बैठक में सर्व समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू, उपाध्यक्ष गणेश सेवता, सचिव ललित उड़के, ग्राम पटेल हरिराम साहू, पूर्व सरपंच श्री राकेश जुर्री सहित बिमल पड़ोती, नारद पड़ोती, संतोष शांडिल्य, मनमोहन नेताम, श्यामलाल सलाम, राम जैन, चुनीलाल रामटेके, महादेव जैन, हिरामन सलाम तथा विभिन्न समाजों के पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
————————–
✍️06. आतुरगांव में ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम का शुभारंभ। कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थी 300 कृषकों एवं महिला कृषकों से करेंगे संवाद।

—रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र सिंगार भाट कांकेर द्वारा अंगीकृत ग्राम आतुरगांव एवं आश्रित ग्राम पत्थरी में चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती लक्ष्मी पोटाई, उपसरपंच श्री सरादु नेताम, ग्रामसभा अध्यक्ष श्रीमती कला मातला एवं ग्राम पटेल श्री राजकुमार कुरेटी की उपस्थिति में प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. प्रमोद कुमार नेताम की अध्यक्षता में किया गया।कार्यक्रम में रावे प्रभारी डॉ. नेताम ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विद्यार्थी पांच किसानों के संपर्क में रहकर उन्हें कृषि की उन्नत तकनीकों की जानकारी देगा। साथ ही विद्यार्थी किसानों से पारंपरिक कृषि पद्धतियों एवं उनके अनुभवों को सीखेंगे। इससे विद्यार्थियों को ग्रामीण कृषि की वास्तविक परिस्थितियों को समझने और किसानों की समस्याओं के अनुरूप समाधान सुझाने का अवसर मिलेगा। रावे के सहायक प्रभारी डॉ. पीयूष कांत नेताम ने बताया कि आतुरगांव एवं पत्थरी के लगभग 300 कृषकों और महिला कृषकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं को समझा जाएगा। इसके आधार पर किसानों को उपयोगी कृषि तकनीकों की जानकारी देकर तकनीकी ज्ञान का हस्तांतरण किया जाएगा।कार्यक्रम में डॉ. फुलसिंग मरकाम ने किसानों को धान की खेती के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फल एवं सब्जियों की खेती के माध्यम से किसान अपनी आय के स्रोत बढ़ा सकते हैं और वर्षभर आय अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। डॉ. अनिल नेताम ने कृषि लागत कम करने और किसानों की आय को मजबूत बनाने के लिए खेती के साथ सहायक गतिविधियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने शूकर पालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन, बतख पालन एवं मछली पालन जैसी गतिविधियों को आय बढ़ाने के उपयोगी माध्यम के रूप में बताया। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती लक्ष्मी पोटाई ने किसानों से अपील की कि उनके गांव में कृषि तकनीकी ज्ञान पहुंचना सौभाग्य की बात है। किसानों को जागरूक होकर इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए, ताकि कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि की जा सके।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मॉडलों के माध्यम से ग्रामीणों को कृषि संबंधी तकनीकों एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कृषक, युवा, किसान एवं पंचायत के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और कृषि संबंधी प्रदर्शनी का लाभ उठाया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अनिल दिव्य, प्रदीप कुमार गंजीर, डॉ. जागृति पटेल, डॉ. अभिषेक शोरी एवं डॉ. उषा यादव उपस्थित थे।
————————
✍️07.समान नागरिक संहिता पर सामूहिक चर्चा एवं परिचयात्मक बैठक 15 अक्टूबर को।
—छत्तीसगढ़ राज्य में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने तथा इसके प्रारूप को अंतिम रूप दिए जाने के लिए शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति के सदस्यों की उपस्थिति में एक सामूहिक चर्चा एवं परिचयात्मक बैठक का आयोजन 15 अक्टूबर दिन गुरूवार को दोपहर 12 बजे से जिला पंचायत कांकेर के सभाकक्ष में आयोजित किया गया है। उक्त बैठक में राजनीतिक दलों, सर्वसमाज प्रमुख एवं प्रतिष्ठित नागरिकों, विशिष्ट नागरिकों, गणमान्य नागरिकों, सभी धार्मिक संगठन प्रमुख एवं सभी संगठन प्रमुखों को उक्त बैठक मे शामिल होने का अनुरोध किया गया है।
————————
✍️08.कलेक्टर जनदर्शन में 47 आवेदन प्राप्त, निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश। सरोना की हितग्राही को ओटीपी के माध्यम से मिलेगा राशन।

✍️09.जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर 14 अक्टूबर को
—छत्तीसगढ़ सेवा संकल्प अभियान के उपलक्ष्य में नागरिकों के सम्मान में स्वस्थ नागरिक-स्वस्थ परिवार के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से 14 अक्टूबर बुधवार को आयुष पॉलीक्लिनिक श्रीरामनगर कांकेर में जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर (आयुष मेगा कैम्प) का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक किया जाएगा। उक्त शिविर के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक आशाराम नेताम होंगे तथा अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक द्वारा की जाएगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, रामनगर के पार्षद अजय रेणु सहित ग्राम पंचायत ठेलकाबोड़ के सरपंच एवं उप संरपंच मौजूद रहेंगे।शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन के तहत बालिकाओं, युवतियों एवं प्रौढ़ महिलाओं से संबंधित विभिन्न बीमारियों की जांच और उपचार किया जाएगा। शिशुओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए स्वर्णप्राशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही सिकल सेल, एनीमिया, सूखा रोग तथा अन्य बाल रोगों के उपचार एवं परामर्श की व्यवस्था की जाएगी। युवा एवं खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स मेडिसिन के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जाएगा। वहीं उदर रोग, छाती संबंधी बीमारियों, चर्म रोग और मानसिक विकारों से पीड़ित नागरिक भी चिकित्सा सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए गठिया-वात, किडनी, उदर एवं चर्म रोग सहित वृद्धावस्था से संबंधित अन्य बीमारियों के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा की मिलेगी सुविधा
आयुष मेगा कैम्प में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी चिकित्सा तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। शिविर में विशेष रूप से पंचकर्म, कपिंग थेरेपी, अग्निकर्म पद्धति और एक्यूपंक्चर चिकित्सा, आयुष प्रदर्शनी, रक्त जांच, नेत्र जांच तथा गैर-संचारी रोग (एनसीडी) क्लीनिक के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। जिला आयुष विभाग ने जिले के नागरिकों से अपने परिवार सहित शिविर में पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।
———————–
✍️
10.जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक 13 अक्टूबर को
— कलेक्टर कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में नवरात्रि पर्व के समापन के पश्चात मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन तथा 20 अक्टूबर को विजयादशमी (दशहरा) पर्व के अवसर पर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक 13 अक्टूबर को दोपहर 03 बजे जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने कहा गया है।
————————
विशेष—
रबी सीजन 2026-27 से किसानों को मोबाइल ऐप के माध्यम से मिलेगा उर्वरक। टोकन एवं क्यूआर कोड आधारित होगी खाद वितरण व्यवस्था।
किसानों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी पर नियंत्रण के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा उर्वरक विक्रय की नई डिजिटल व्यवस्था लागू की जा रही है। कृषि विभाग के उप संचालक ने जाकनारी देते हुए बताया कि इस व्यवस्था के तहत रबी सीजन 2026-27 से छत्तीसगढ़ के किसानों को मोबाइल ऐप के माध्यम से उर्वरक की खरीदी करनी होगी। किसानों को टोकन के जरिए खाद उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वितरण प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बन सकेगी। उन्होंने बताया कि मोबाइल ऐप आधारित उर्वरक वितरण प्रणाली को पहले गरियाबंद एवं बीजापुर जिलों में मॉडल के रूप में संचालित किया गया था। इसके सफल क्रियान्वयन के बाद अब रबी सीजन 2026-27 से इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जा रहा है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण को सुव्यवस्थित करना, कालाबाजारी पर नियंत्रण रखना तथा किसानों को खाद प्राप्त करने में होने वाली अनावश्यक परेशानियों को कम करना है।नई प्रणाली के तहत पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन के माध्यम से अनिवार्य विक्रय, उपलब्ध स्टॉक का वास्तविक समय में मिलान तथा पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन एवं आधार लिंकिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। इससे उर्वरकों की अग्रिम मांग का आकलन करने, भंडारण एवं वितरण की बेहतर कार्ययोजना तैयार करने तथा अमानक उर्वरकों और कालाबाजारी पर निगरानी मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
एफएफएस फर्टिलाइजर ऐप से स्वयं जारी कर सकेंगे टोकन
नई व्यवस्था के अंतर्गत किसान मोबाइल के माध्यम से उर्वरक खरीदी संबंधी जानकारी प्राप्त कर अपना टोकन स्वयं जारी कर सकेंगे। जिन किसानों के पास स्वयं का मोबाइल फोन नहीं है, वे परिवार के किसी अन्य सदस्य के मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से एफएफएस फर्टिलाइजर ऐप इंस्टॉल कर आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद टोकन अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से किसान अपने नजदीकी निर्धारित केंद्र से फसल के लिए अनुशंसित मात्रा में उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। डिजिटल सुविधा का उपयोग करने में असमर्थ किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इसके बाद वे चयनित उर्वरक विक्रेता से खाद प्राप्त कर पाएंगे। इससे मोबाइल ऐप के उपयोग में कठिनाई का सामना करने वाले किसानों को भी नई व्यवस्था का लाभ मिल सकेगा। कृषि विभाग के अनुसार, डिजिटल प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी, उपलब्ध स्टॉक की निगरानी बेहतर होगी तथा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
————————
समग्र शिक्षा के वित्तीय भुगतान में पारदर्शिता के लिए एसएनए-स्पर्श प्रणाली पर प्रशिक्षण आयोजित। डाइट कांकेर में वित्तीय प्रक्रिया की दी गई जानकारी, जिले के 71 डीडीओ हुए शामिल।

— समग्र शिक्षा के अंतर्गत वित्तीय भुगतान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), कांकेर में एसएनए-स्पर्श प्रणाली के संचालन को लेकर बैठक सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 71 आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) तथा उनके लिपिकीय कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवंटन के पुनर्बंटन, वित्तीय स्वीकृति, बिल प्रस्तुत करने, भुगतान प्रक्रिया और व्यय का लेखा-जोखा संधारित करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
पीएफएमएस के स्थान पर नई प्रणाली से होगा वित्तीय संचालन
प्रशिक्षण में बताया गया कि पूर्व में समग्र शिक्षा के अंतर्गत वित्तीय भुगतान सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) के माध्यम से किया जाता था। अब सितंबर 2026 से एसएनए-स्पर्श प्रणाली के माध्यम से राशि जारी करने की व्यवस्था के तहत जिला शिक्षा अधिकारी, कांकेर को आवंटन प्राप्त हुआ है। प्राप्त आवंटन का संबंधित डीडीओ के बीच नियमानुसार पुनर्बंटन किया जाना है, ताकि स्वीकृत मदों के अंतर्गत शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य निर्धारित कार्यों के लिए भुगतान सुचारू रूप से किया जा सके।
आवंटन पुनर्बंटन एवं भुगतान प्रक्रिया की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण में वित्तीय स्वीकृति, आवंटन के पुनर्बंटन, बिल प्रस्तुत करने, भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने तथा व्यय संबंधी अभिलेखों के संधारण के विभिन्न चरणों को समझाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि नई प्रणाली के तहत वित्तीय कार्यों का निष्पादन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें तथा सभी आवश्यक अभिलेख व्यवस्थित रूप से संधारित करें।
तीन वित्तीय प्रणालियों के समन्वय से होगा भुगतान
एसएनए-स्पर्श एकीकृत वित्तीय भुगतान व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं की राशि के प्रवाह में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और वित्तीय अनुशासन बनाए रखना है। इस प्रणाली में सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस), राज्य की एकीकृत वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली (आईएफएमआईएस) तथा भारतीय रिजर्व बैंक के ई-कुबेर प्लेटफॉर्म के समन्वय से भुगतान प्रक्रिया संचालित की जाती है।
वित्तीय नियमों का पालन करने पर दिया गया जोर
प्रशिक्षण के दौरान सभी संबंधित डीडीओ एवं उनके लिपिकीय कर्मचारियों को एसएनए-स्पर्श प्रणाली की कार्यप्रणाली को समझते हुए नियमानुसार वित्तीय कार्यों का निष्पादन करने पर जोर दिया गया। साथ ही आवंटन के पुनर्बंटन, बिलों के संधारण और भुगतान संबंधी कार्यों में सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। नई प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित शैक्षणिक गतिविधियों के लिए वित्तीय प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






