आज की टॉप 10 खबर 20 अक्टूबर 2026 मंगलवार

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

19 अक्टूबर  2026 सोमवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय रेल मंत्री  अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, रावघाट से सांसद  भोजराज नाग और विधायक  विक्रम देव उसेंडी ने भी किया रेल सफर।

—छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई। दल्लीराजहरा-रावघाट रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत ताड़ोकी से रावघाट के बीच नवनिर्मित 17.5 किलोमीटर रेलखंड का उद्घाटन किया गया। इसके साथ रावघाट से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर तक रेलवे की सुविधा उपलब्ध हो गई हैं। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचने से क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है। यह उपलब्धि केवल रेल लाइन के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर के दूरस्थ गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय ने रायपुर से तथा केंद्रीय रेल मंत्री   अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रेल सेवा का शुभारंभ किया। वहीं सांसद श्री भोजराज नाग एवं विधायक  विक्रम देव उसेंडी ने भी रावघाट रेलवे स्टेशन से रावघाट – रायपुर मेमो पैसेंजर को हरी झंडी दिखाकर रायपुर के लिए रवाना किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर क्षेत्र के ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सांसद एवं विधायक ने ग्रामीणों के साथ रावघाट से अंतागढ़ तक रेल यात्रा भी की। यात्रियों को इस अवसर पर निःशुल्क डेमो टिकट कार्ड प्रदान किए गए।

ग्रामीण बच्चों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

रावघाट तक रेल पहुंचने से अब दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों के लिए शहरों में जाकर पढ़ाई करना पहले की तुलना में आसान होगा। बेहतर आवागमन सुविधा मिलने से बच्चों को उच्च शिक्षा के अवसरों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही ग्रामीणों को इलाज के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचने, जरूरी सामान खरीदने, रोजगार के अवसर तलाशने और व्यापारिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने में भी सुविधा होगी।अब तक दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित परिवहन सुविधाओं के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। रेल सेवा शुरू होने से समय और यात्रा खर्च में राहत मिलेगी। यह सुविधा विशेष रूप से विद्यार्थियों, मरीजों, श्रमिकों, किसानों और छोटे व्यापारियों के लिए लाभकारी साबित होगी।

1,628 करोड़ की परियोजना से बढ़ेगा रेल नेटवर्क

दल्लीराजहरा-रावघाट के बीच लगभग ₹1,628 करोड़ की लागत से 95 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना अंतर्गत ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेलखंड का निर्माण पूरा हुआ है। इस रेल संपर्क से बस्तर के सुदूर क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
रावघाट से रायपुर के लिए मेमो पैसेंजर ट्रेन संख्या 68769 का परिचालन प्रातः 6:30 बजे रावघाट से प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार होगा। इस ट्रेन का सामान्य किराया रायपुर तक ₹55 बताया गया है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी रायपुर सहित मार्ग में आने वाले प्रमुख स्थानों तक पहुंचने का सुलभ विकल्प मिलेगा।

विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा बस्तर

बस्तर अंचल में रेल सेवा का विस्तार क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। सांसद श्री भोजराज नाग ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बस्तरवासी आजादी के बाद से रेल सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे थे। दुर्गम क्षेत्र में रेल लाइन का विस्तार करना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के निरंतर प्रयासों से यह सपना साकार होने की दिशा में आगे बढ़ा है। नक्सलवाद के समाप्ति एवं क्षेत्र में विकास के वातावरण के बीच ऐसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार बस्तर के लिए नई संभावनाएं खोल रहा है। रेल संपर्क से स्थानीय लोगों का देश के अन्य हिस्सों से जुड़ाव बढ़ेगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए रास्ते खुलेंगे।  रावघाट तक रेल पहुंचना इस बात का प्रतीक है कि बस्तर का दूरस्थ अंचल भी अब विकास की नई यात्रा में आगे बढ़ रहा है। रेल की सीटी के साथ यहां के बच्चों के बेहतर भविष्य, मरीजों की आसान यात्रा, युवाओं के रोजगार और स्थानीय व्यापार की नई उम्मीदों ने भी गति पकड़ी है। रावघाट से रायपुर मेमो पैसेंजर ट्रैन के शुभारम्भ अवसर पर प्रधान मुख्ययांत्रिकी इंजीनियर  मनीष अग्रवाल, मुख्य महाप्रबंधक रावघाट श्री अनूप बिष्ट, ई डी रावघाट अरुण कुमार, श्री भावेश पाण्डे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यापालन अधिकारी  हरेश मंडावी, जनपद अध्यक्ष अंतागढ़ श्रीमती मनोरमा मंडावी,नगर पंचायात अध्यक्ष अंतागढ़  राधेलाल नाग, लधु वनोपज संघ के अध्यक्ष  रुपसाय सलाम, ग्राम पंचायत रावघाट के सरपंच प्यारेलाल उसेंडी, अंतागढ़ अपर कलेक्टर व एसडीएम  गंगाधर वाहिले सहित कांकेर एवं नारायणपुर जिले के पंच सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन और जिला प्रशासन व रेलवे के अधिकारी मौजूद रहें

———————–

✍️ 02. भानुप्रतापपुर के कन्या छात्रावास में नाबालिग छात्रा से संबंधित मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित।

  — भानुप्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत संचालित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में अध्ययनरत एक नाबालिग छात्रा से संबंधित गंभीर एवं संवेदनशील मामला संज्ञान में आया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर   कुन्दन कुमार द्वारा मामले की तथ्यात्मक एवं प्रशासनिक जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। गठित समिति में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भानुप्रतापपुर  अनिकेत अशोक फड़तरे, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कांकेर सुश्री जया मनु,खंड चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड अंतागढ़ तथा खंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड भानुप्रतापपुर को शामिल किया गया है। समिति को घटना से संबंधित समस्त तथ्यों एवं परिस्थितियों का विस्तृत परीक्षण कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति तीन दिवस के भीतर तथ्यात्मक जांच प्रतिवेदन, स्पष्ट निष्कर्ष तथा आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा सहित प्रस्तुत करेगी। जांच प्रक्रिया के दौरान छात्रा की पहचान एवं व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश भी कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं।

———————–

✍️ 03. ट्राइसाइकिल मिलने से हीरे सिंह निषाद के लिए आवागमन हुआ आसान, दिव्यांगजन के जीवन में आई सहूलियत।

— दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में  कांकेर के मिनी स्टेडियम में भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चारामा विकासखंड के ग्राम उडकुड़ा निवासी दिव्यांग   हीरे सिंह निषाद को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। ट्राइसाइकिल मिलने से श्री हीरे सिंह निषाद के लिए अब आवागमन पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले वे बैसाखी के सहारे चलते थे, जिससे एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। अब ट्राइसाइकिल मिलने से उन्हें आने-जाने में सुविधा होगी और वे अधिक सहजता के साथ अपने दैनिक कार्य कर सकेंगे।   हीरे सिंह निषाद ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ट्राइसाइकिल मिलने से उन्हें बहुत अच्छा लगा है। अब उन्हें इधर-उधर आने-जाने में आसानी होगी। उन्होंने इस सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं सहयोग से उन्हें यह सुविधा प्राप्त हुई है।
जिला प्रशासन एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर की यह पहल दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे प्रयासों से दिव्यांगजनों के जीवन में सुविधा, आत्मविश्वास और सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

————————

✍️ 04.  विजयादशमी पर पुलिस लाइन कांकेर में विधि-विधान से संपन्न हुआ शस्त्र पूजन। सुरक्षा, साहस और कर्तव्य के प्रतीक के रूप में पुलिस बल द्वारा शस्त्रों और वाहनों की गई पूजा ।

फोटो— विजयादशमी पर्व पर शस्त्र पुजन करते पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा एवं यातायात प्रभारी दीपक साव।

—विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा (भा.पु.से.) की उपस्थिति में पुलिस लाइन कांकेर में पुलिस विभाग की परंपरा के अनुरूप शस्त्र पूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शासकीय शस्त्रों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। साथ ही हवन एवं फल की प्रतीकात्मक बलि देकर मंगलकामना की गई।  पुलिस विभाग में विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन की परंपरा का विशेष महत्व है।जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में शस्त्रों की महत्वपूर्ण भूमिका को दृष्टिगत रखते हुए प्रतिवर्ष इस अवसर पर शस्त्रागार में रखे शासकीय शस्त्रों का विधिवत पूजन किया जाता है।  इस अवसर पर पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों, वाहन शाखा एवं कार्यशाला में उपयोग की जाने वाली मशीनरी, औजारों तथा विभिन्न तकनीकी उपकरणों का भी पूजन किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभागीय संसाधनों के सुरक्षित संचालन, उचित रख-रखाव एवं कार्यक्षमता बनाए रखने की कामना की। पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा ने सभी को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए नागरिकों से त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की भी अपील की। कार्यक्रम में एसडीओपी कांकेर   हरीश पाटिल,डीएसपी(मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, जिला सेनानी श्री संजय शर्मा, एवं रक्षित निरीक्षक श्री गोविन्द वर्मा, यातायात प्रभारी श्री दीपक साव सहित पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

 ——————-

✍️ 05. पिपरौद(लखनपुरी) में कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने सपरिवार की पूजा।

 —कल 19 अक्टूबर को चारामा क्षेत्र के ग्राम पिपरौद (लखनपुरी) स्थित दुर्गाेत्सव समिति में विराजमान माँ दुर्गा के देवी का दर्शन कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने परिवार किया। इस पावन अवसर पर माता रानी के श्रीचरणों में समस्त क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। विनती की -माँ दुर्गा की असीम कृपा सभी पर बनी रहे और हर घर में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो। माता रानी सभी के जीवन को खुशियों और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण करें।

——————-

✍️06. जिले भर में आज विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। लेकिन कल एकादशी पर जिले का ऐतिहासिक अरौद (चारामा)दशहरा उत्सव मनेगा विशेष आतिशबाजियों के साथ। प्रदेश स्तर तक बना चुका है,अपनी पहचान।  

—जिले भर में आज विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिला मुख्यालय कांकेर में कई फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व पर भीड एवं शांति व्यवस्था के लिए पूर्व से ही तैयारी की गई थी। कांकेर विधायक आशा राम नेताम के साथ ही जिले के जनप्रतिनिधियों सहित काफी संख्या में आम लोगों ने उत्सव का आनंद लिया। दशहरा मंच पर मंचन करते   लोक कलाकारों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जिसके साथ जनप्रतिनिधियों ने भी  यादें  ताजा रखने फोटो  खिचवाते दिखे।सबने विजयादशमी पर्व पर एक दूसरे को बधाई शुभकामनाएं देते देखा गया।  चारामा नगर‚ भानुप्रतापपुर आदि जगहों पर लोगों की काफी भीड दिखाई दी।  इधर  जिले का ऐतिहासिक अरौद (चारामा)दशहरा उत्सव विशेष आतिशबाजियों के साथ कल 21 अक्टूबर को  मनाया जायेगा।

बताते चलें अरौद का दशहरा महोत्सव प्रदेश स्तर तक अपनी पहचान बना चुका है। इस उत्सव में जिले एवं प्रदेश के जनप्रतिनिधी नेताओं का आगमन होता रहा है। रात्रिकालीन बेला में छत्तीसगढ की नामचीन सांस्कृतिक मंच अपनी प्रस्तुति देती है। इस वर्ष भी गरियाबद की सुरता लोक सांस्कृतिक मंच द्वारा चारामा विकासखंड के अरौद दशहरा मैदान मंच पर अपनी प्रस्तुती देंगी। पूर्व की तरह इस वर्ष भी कानून शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस बल का सहयोग लिया जा रहा है। मुख्यतः यहां भारी भीड के चलते ट्रेफिक की समस्या होती रही है,जिसे देखते कई जगह पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है। लगातार प्रति वर्ष होने वाले आयोजन में स्थानीय विधायक मुख्य रूप से उपस्थित होते हैं। इस बार भी भानुप्रतापपुर की लोकप्रिय विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी उपस्थित रहेंगी। पुरी तरह इलेक्ट्रानिक पद्वति से दहन होने वाले विशाल रावण का पुतला का निर्माण कार्य अंतिम चरण पर है। अरौद ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव की तैयारियों की बात की जाय तो दो महीने पूर्व से ही इसकी तैयारी प्रारंभ हो जाती है। ग्राम ही नहीं क्षेत्र के लोग इस आयोजन में जाना नहीं भूलते,अरौदवासियों की एकता,स्नेह का लोग कायल दिखायी देते हैं।

 ————————

✍️07. कुरूद तक पहूंची बडी रेल।अब धमतरी तक इसके पहूंचने का इंतजार। चारामा क्षेत्र के लोगों का व्यापारिक लेनदेन‚खरीदी का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है‚धमतरी।

—पडोसी धमतरी जिले में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा जहां आज कुरूद तक बडी रेल की सुविधा को हरी झंडी दिखाई गई। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर यात्री रेल सेवाओं को रवाना किया। अब अब क्षेत्रवासियों की निगाहें कुरूद से धमतरी तक रेल सेवा के विस्तार पर टिकी हुई है। धमतरी तक रेल आने से चारामा क्षेत्र में भी खुशहाली आएगी। क्योंकि चारामा विकासखंड तक के लोगों का व्यापारिक लेनदेन,खरीदी धमतरी शहर से होता है। प्रतिदिन प्रदेश की राजधानी रायपुर आवाजाही करने वाले लोगों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। 

————————

✍️08.

 

 —

———————–

 ✍️09.  

 

———————–

✍️ 10.  

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 18अक्टूबर 2026 रविवार

———————- संपादकीय— ”समाज” स्त्रियों की खुशी से घर! —जिस घर की स्त्री अतिथि के आगमन पर खुश होती है, वही स्वर्ग का अहसास होता है। उनके लिए चाय बने न…

आज की टॉप 10 खबर 17अक्टूबर 2026 शनिवार

———————- संपादकीय— ”समाज” ‘पंतवादी संपूर्णता की निशानी नहीं! —अपने कौन है,और पराया कौन? इसका सीधा सा उत्तर यह है कि जिनमें आपके लिए अपनापन हो वही अपना है,जिनमें आपके प्रति…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *