———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
21 अक्टूबर 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01.जिला स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर।
— राज्य के प्रत्येक जिले से युवाओं के बीच पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा एकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर गुरुवार को प्रातः 10 बजे से नया बस स्टैंड स्थित डोम कांकेर में किया जाना प्रस्तावित है। युवा उत्सव में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों के पंजीयन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर निर्धारित की गई है। जिला खेल अधिकारी एवं खेल तथा युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवा उत्सव में विकसित भारत चैलेंज ट्रेक, लोक नृत्य (दलीय), लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक वेशभूषा, रॉकबैंड (रॉकबैंड का आयोजन केवल राज्य स्तर पर) तथा क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष तक के युवा प्रतिभागी तथा 18 से 40 वर्ष तक के संगतकार (दिनांक 17 अगस्त 2026 की स्थिति में) भाग ले सकेंगे। जिला स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को ‘‘माई भारत’’ पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीयन कराने की अपील की गई है। पूर्व में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के राष्ट्रीय स्तर पर भाग ले चुके प्रतिभागी इस वर्ष उक्त डायलॉग के लिए पात्र नहीं होंगे। भारत सरकार द्वारा निर्धारित विधाओं (विकसित भारत चैलेंज ट्रेक, लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक) में चयनित प्रतिभागी अथवा दल राष्ट्रीय युवा उत्सव में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में किया जाना प्रस्तावित है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी कार्यालयीन समय में कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला उत्तर बस्तर कांकेर में संपर्क कर सकते हैं।
———————–
✍️ 02. पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में शहीद स्मृति परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन । देशभर में कर्तव्य के दौरान शहीद हुए कुल 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन कर उनके अदम्य साहस, वीरता एवं सर्वोच्च बलिदान को किया गया नमन ।
—पुलिस अधीक्षक कार्यालय के परेड ग्राउंड में पुलिस जवानों द्वारा विशेष शोक परेड आयोजित की गई। शहीद जवानों के सम्मान में शोक शस्त्र की मुद्रा में सलामी दी गई तथा इस दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नक्सल मोर्चे पर कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) द्वारा विगत एक वर्ष( 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026) की अवधि के दौरान देश की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्तव्य निर्वहन करते हुए 154 शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों के जवानों के नामों का सम्मानपूर्वक वाचन किया गया। श्रद्धांजलि समारोह में डीएसपी सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, जिला सेनानी संजय शर्मा, रक्षित निरीक्षक गोविन्द वर्मा, रक्षित निरीक्षक दीपक साव सहित उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को मौन श्रद्धांजलि दी गई।

फोटो—शहीद दिवस पर कांकेर विधायक आशा राम नेताम के साथ पुलिस अधीक्षक कांकेर
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारीयों द्वारा कांकेर जिले के शहीद जवानों के परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेने तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने के प्रति आश्वस्त किया गया। राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले का वीरतापूर्वक मुकाबला करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 वीर जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। कांकेर पुलिस वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करती है।उनका साहस, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा पुलिस बल की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
———————–
✍️ 03. आगामी 27 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर में सर्व पिछडा वर्ग की स्थापना दिवस संबंध में कोरर में महती बैठक कल 22 अक्टूबर को।
—आगामी 27 अक्टूबर को जिले के भानुप्रतापपुर मुख्यालय में सर्व पिछडा वर्ग का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है,जिसमें प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के लोग लगातार लगे हुए हैं। वैसे तो कोरर,भानप्रतापपुर,चारामा में भी इस संबंध में कई दौर की बैठक हो चुकी है। अब कल 22 अक्टूबर गुरूवार को बाजार स्थल मण्डी प्रांगण कोरर में अपरान्ह 2.00 बजे से बैठक रखी गई है। इसमें 27 अक्टूबर 2026 को स्थापना दिवस मनाने हेतु मुख्य चर्चा का विषय रखा गया है,जिसके चलते समाज के समस्त पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
————————
✍️ 04. सिलतरा‚बरबांधा में कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने माँ नंदेश्वरी का दर्शन किया। जनता के लिए की शुभकामना।

—आज ग्राम सिलतरा (बरबांधा) में माँ नंदेश्वरी माता का कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने सपरिवार दर्शन किया। उन्होंने इस पुण्य मौके पर माँ के श्रीचरणों में शीश नवाकर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात माहुरबंदपारा, कांकेर स्थित शीतला मंदिर में आयोजित माता रानी की भव्य चुनरी एवं शोभायात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा-ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने के साथ ही समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं भक्तिभाव का संचार करते हैं। माँ दुर्गा हर घर में सुख-समृद्धि, हर मन में शांति और हर जीवन में खुशहाली का संचार करें। माँ के आशीर्वाद से हमारा क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल बना रहे।
——————-
✍️ 05. फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर को।
—भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संबंध में कार्यक्रम जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम अनुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 गुरूवार तथा अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 सोमवार को किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण 02 नवम्बर 2026 तक, प्रारंभिक प्रकाशन की तिथि 12 नवम्बर 2026 दिन गुरूवार, दावे-आपत्ति प्राप्त करने की तिथि 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2026 तक एवं दावे आपत्तियों का निराकरण 28 दिसम्बर 2026 सोमवार तथा फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 सोमवार को किया जाएगा।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा पात्र मतदाता तथा छूटे हुए मतदाता संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम अथवा https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन तथा विलोपन करने के संबंध में समय-सीमा में सभी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
——————-
✍️06.कलेक्टर के निर्देशानुसार अब प्रत्येक शुक्रवार को अनुभाग स्तर पर होगा जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण
—कलेक्टर कुन्दन कुमार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को प्रत्येक शुक्रवार को अनुभाग स्तर पर नियमित रूप से जनदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत आगामी 23 अक्टूबर शुक्रवार से प्रत्येक शुक्रवार को प्रातः 11 बजे संबंधित अनुभाग मुख्यालय में जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशानुसार उक्त जनदर्शन संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में आयोजित होगा। इसमें संबंधित अनुभाग के समस्त विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, ताकि आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का विधिवत पंजीयन किया जाएगा। इसके लिए आवेदक का नाम, आवेदन का विषय, संबंधित विभाग तथा निराकरण की स्थिति का व्यवस्थित अभिलेख संधारित किया जाएगा। जिन आवेदनों का निराकरण मौके पर संभव होगा, उनका तत्काल निराकरण किया जाएगा। वहीं, शेष आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर निराकरण के लिए भेजा जाएगा।प्रत्येक जनदर्शन में पूर्व में प्राप्त लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा भी की जाएगी। आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों से कारण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जनदर्शन के निर्धारित दिवस, समय एवं स्थान का नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों तथा अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
जनदर्शन के बाद जिला कार्यालय को देना होगा प्रतिवेदन
प्रत्येक जनदर्शन के आयोजन के बाद संबंधित अधिकारियों को प्राप्त कुल आवेदनों, मौके पर निराकृत आवेदनों, संबंधित विभागों को भेजे गए आवेदनों तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी जिला कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को जनदर्शन का नियमित एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने कहा गया है। जनदर्शन में संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति अथवा आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। इस पहल से नागरिकों को अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए अनुभाग स्तर पर नियमित अवसर उपलब्ध होगा।
————————
✍️07. अरौद ऐतिहासिक दशहरा सम्पन्न। मुख्य अतिथि के रूप में पधारे रायपुर सांसद एवं पूर्व मंत्री छत्तीसगढ शासन ने अरौद में तालाब सौंदर्यीकरण के लिए माँग पर 20 लाख की घोषणा की। वही आयोजन में स्थानीय विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ने अरौद स्कूल में ओपन जिम के लिए पांच लाख की घाेषणा की। कालेज की मांग संदर्भित आवेदन भी सौंपा गया। दशहरा मंच पर भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी ने दशहरा पर्व पर बधाई शुभकामनाएं दी।
—
————————
✍️08.
—
———————–
✍️09.
———————–
✍️
10.
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






