आज की टॉप 10 खबर 17अक्टूबर 2026 शनिवार

———————-

संपादकीय—

”समाज”
‘पंतवादी संपूर्णता की निशानी नहीं!

—अपने कौन है,और पराया कौन? इसका सीधा सा उत्तर यह है कि जिनमें आपके लिए अपनापन हो वही अपना है,जिनमें आपके प्रति अपनापन का भाव ना हो वह निश्चित तौर पर पराया है। हालांकि आपके कोई भी अपनों में पुर्णतः संपूर्णता के गुण हो यह असंभव है, लेकिन जरूर वो आपके अपने निःस्वार्थ हो इस गुण को जरूर देखना उचित है।निःस्वार्थ के गुण कोई धार्मिक पुस्तक पढने वाला या मंदिर मस्जिद जाने वाला या फिर किसी पंत से जुडा व्यक्ति हो ऐसा जरूरी नहीं। यहां नहीं जाने वाला व्यक्ति भी सम्पूर्ण हो सकता है। कई पंतवादी धार्मिक व्यक्तियों की संकीर्णता भी दुनिया देख रही है। दिखावे के नाम पर आज कई लोग लडके के परिवार में किसी के भी मांसाहार खाने की बातों को सुन कर परहेज करने लगे हैं। लेकिन परिवार में किसी के मांसाहारी होने के चलते इस बात भी तय नहीं होता कि उनके घरों में लडाई झगडे ही होते होंगे।दूसरी ओर शाकाहारी परिवार का तात्पर्य भी यह नहीं है कि सात्विकता के चलते उनके यहां तनाव की स्थिति कभी नहीं बनती होगी! कभी-कभी तो लडकी के व्यवहार से घर बनते भी देखे जाते है, यदि उनका परिवार विनम्र हो। तो कभी लडकी के व्यवहार की खातिर कोर्ट कचहरियों में भी जिंदगी के वो मुकाम पार हो जाते है, जो वक्त कुछ पाने का होता है।कुल मिलाकर किसी पंत विशेष को मानने वाले परिवार से संपूर्णता की उम्मीद करना आपको धोखा ही देगा। खानपान से विलग आप संस्कारिकता और व्यवहार पर जाइये।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

17 अक्टूबर  2026 शनिवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01. नरहरपुर के छापरपारा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय ठाकुर जोहारनी मिलन समारोह में शामिल हुए मंत्री रामविचार नेताम। गोंडवाना भवन में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित टीना शेड का किया लोकार्पण।

फोटो—नरहरपुर(छापरपारा) में आयोजित ब्लाक स्तरीय ठाकुर जोहारनी समारोह मंच पर विराजे अतिथिगण।

—छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री  रामविचार नेताम आज कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम छापरपारा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय ठाकुर जोहारनी मिलन समारोह में अपनी धर्मपत्नी श्रीमती पुष्पा नेताम के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं गोंडवाना संस्कृति के अनुरूप देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर सेवा अर्जी की गई। कार्यक्रम में कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम सहित समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

आदिवासी संस्कृति हमारी पहचान, इसे संरक्षित रखना आवश्यक – मंत्री रामविचार नेताम
ठाकुर जोहारनी मिलन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि आदिवासी संस्कृति प्राचीन, समृद्ध, गौरवशाली और विशिष्ट पहचान वाली संस्कृति है। इसकी परंपराओं, रीति-रिवाजों और जीवन मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमारी संस्कृति समाज के लोगों को आपस में जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि गोंड समाज एक बड़ा सामाजिक समुदाय है और समाज की व्यापकता के साथ उसकी जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। समाज के लोगों को एकजुट होकर अपनी समस्याओं का समाधान करना चाहिए तथा शिक्षा, जागरूकता और आर्थिक सशक्तिकरण के माध्यम से विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। मंत्री श्री नेताम ने कहा कि कांकेर जिला शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और यहां से समाज का नेतृत्व करने वाले अनेक लोग सामने आए हैं। समाज की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं और भावी पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराना आवश्यक है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी सहयोग, सामाजिक सद्भाव और जागरूकता के साथ विकास कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

ठाकुर जोहारनी सामाजिक एकता और पारंपरिक सद्भाव का प्रतीक – विधायक   आशाराम नेताम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि गोंडवाना समाज में नवाखाई पर्व के पश्चात ठाकुर जोहारनी का आयोजन किया जाता है। यह पारंपरिक पर्व समाज के लोगों के आपसी मेल-मिलाप, सम्मान और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने उपस्थित समाजजनों को जोहार करते हुए ठाकुर जोहारनी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष नरहरपुर विकासखंड मुख्यालय में आयोजित ठाकुर जोहारनी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शामिल हुए थे। इस वर्ष विकासखंड की बासनवाही ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम छापरपारा में यह आयोजन किया गया है।

मंत्री ने विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन, योजनाओं की ली जानकारी
कार्यक्रम के दौरान मंत्री   रामविचार नेताम ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने पशुधन विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, कृषि विभाग तथा कृषि अभियांत्रिकी विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर, आदिवासी विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग के स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। इसके पश्चात मंत्री श्री नेताम ने गोंडवाना भवन परिसर में आंगा देव के दर्शन कर सेवा अर्पित की, साथ ही बूढ़ादेव मंदिर में भी पूजा-अर्चना किया।

गोंडवाना भवन में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित टीना शेड का लोकार्पण
मुख्यमंत्री   विष्णुदेव साय द्वारा गत वर्ष नरहरपुर में आयोजित ठाकुर जोहारनी मिलन समारोह के दौरान गोंडवाना भवन में 10 लाख रुपये की लागत से टीना शेड निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई थी। जिसके पालन में ग्राम छापरपारा के गोड़वाना भवन में निर्मित टीना शेड का लोकार्पण आज मंत्री  रामविचार नेताम द्वारा किया गया। टीना शेड के निर्माण से सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के आयोजन में समाजजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक   शिशुपाल शोरी, श्रीमती सुमित्रा मारकोले, गोंडवाना समाज के ब्लॉक अध्यक्ष नरहरपुर   सगेसिंह वट्टी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर,  कपूरचंद कुंजाम,   गणेश कोड़ोपी, गरियाबंद जिले से श्रीमती लोकेश्वरी नेताम,  आर.एन. ध्रुव, हेमलाल मरकाम, पवन नेताम सहित समाज के प्रमुख, गायता, पुजारी, ग्राम पटेल, वैद्यराज संघ के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
———————–

✍️ 02. कांकेर ज़िले के कई ग्रामों में मानस गान प्रतियोगिताएं संपन्न हुआ।

फोटो— मानस मंच में समाजसेवी अजय पप्पू मोटवानी।

 — मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामचंद्रजी के आशीर्वाद से कांकेर ज़िले के तीन महत्वपूर्ण ऐतिहासिक ग्रामों (बारदेवरी, कन्हारपुरी तथा धनेली कन्हार में त्रि- दिवसीय (15 अक्टूबर से 17 अक्टूब तक राज्य स्तरीय रामायण मानस गान की प्रतियोगिताएं अत्यंत हर्षोल्लास के धार्मिक माहौल में संपन्न हो हुआ। इन तीनों ग्रामों के आयोजन में कांकेर की समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी अतिथि स्वरूप आमंत्रित किए गए थे ,जहां उन्हें गरिमयी सम्मानों से अलंकृत भी किया गया। तीनों महत्वपूर्ण ग्रामों में “जन सहयोग” अध्यक्ष तथा उनकी टीम ने तीन-तीन वृद्ध माताओं को सम्मानित करते हुए चरण- स्पर्श कर उनसे आशीर्वाद भी प्राप्त किये। इस आयोजन हेतु अजय पप्पू मोटवानी ने ग्राम वासियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि 20 वर्षों से भी अधिक समय से राज्य स्तरीय मानस गान प्रतियोगिताएं निरंतर आयोजित करते रहना मायने रखता है, जिसके कारण क्षेत्र का वातावरण धार्मिक तथा पवित्र होता जा रहा है। अजय पप्पू मोटवानी ने प्रत्येक से मिलकर इस हेतु हार्दिक आभार प्रकट किया। उपर्युक्त धार्मिक पुण्य कार्यों में उनका साथ देने वालों में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता मनोज दुबे, दिलीप कुमार गंजीर, महावीर धनेलिया, अध्यक्ष, गाडा राम, ग्राम पटेल, रामानंद कोसमा, दुष्यंत , देवरी , बैसाखू धनेलिया ,चैन सिंह समरथ, रूपेश समरथ, इंद्र पाल प्रधान इत्यादि के नाम उल्लेखनीय हैं।

———————–

✍️ 03. नवरात्रि एवं गरबा आयोजनों में महिला रक्षा टीम की सक्रिय पहल, महिलाओं एवं बालिकाओं को किया जागरूक । महिला रक्षा टीम ने रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान दुर्गा समितियों एवं गरबा आयोजन स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से किया सीधा संवाद।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं डीएसपी सुश्री प्रतिभा लहरे के पर्यवेक्षण में कांकेर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निरंतर जागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में महिला रक्षा टीम द्वारा रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान दुर्गा समितियों एवं गरबा आयोजन स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधे संवाद किया गया।

इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने उन्हें छेड़छाड़ एवं उत्पीड़न जैसी घटनाओं से बचाव, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के संबंध में जागरूक किया। टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के मोबाइल फोन में ‘अभिव्यक्ति’ ऐप डाउनलोड कराया गया तथा ऐप की उपयोगिता एवं उसके माध्यम से पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य नवरात्रि एवं गरबा आयोजनों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना, महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उत्सवों के दौरान सुरक्षित एवं निर्भीक वातावरण बनाए रखना है।

————————

विज्ञापन

————————

✍️ 04.नांदनमारा में सामुदायिक भवन,टीना शेड निर्माण कार्य का कांकेर विधायक आशा राम नेताम के करकमलों से हुआ भुमिपूजन।

फोटो—कांकेर विधायक का नगर से सटे नंदनमारा में जबर्दस्त स्वागत किया गया।

— आज ग्राम नंदनमारा में सामुदायिक भवन एवं टीना शेड निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए।उन्होंने इस मौके पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ विकास कार्यों की मंगलमय शुरुआत की। मंच से अपने सारगर्भित एवं संक्षेप उद्बोधन में कहा- इन निर्माण कार्यों से ग्रामवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएँ प्राप्त होंगी तथा ग्रामीण क्षेत्र में जनसुविधाओं को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। आयोजन के बाद दुगोत्सव पंडाल जाकर माता रानी की भव्य महाआरती में शामिल होकर माँ दुर्गा की आराधना की एवं उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। माता रानी से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की। जनसेवा, ग्राम विकास और धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की उन्नति के लिए निरंतर समर्पित।

 

 ——————-

✍️ 05. जिला पंचायत में लेखापाल पद पर संविदा नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित

 —  विकसित भारत रोजगार आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण अंतर्गत जिला पंचायत कांकेर द्वारा लेखापाल (संविदा) के स्वीकृत 04 रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के स्थानीय निवासियों से 01 नवंबर 2026 को रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन के माध्यम से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गए हैं। ऑनलाईन आवेदन की लिंक https://zpkanker.indicompute.com/ है, जिसे कांकेर जिले की वेबसाइट www.kanker.gov.in से प्राप्त किया जा सकता है। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात आवेदन नहीं किये जा सकेंगे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी   हरेश मण्डावी ने बताया कि उक्त पद पर नियुक्ति के लिए आवेदक को छत्तीसगढ राज्य का स्थानीय निवासी होना चाहिए एवं 01 सितम्बर 2026 की स्थिति उम्मीदवार की आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष एवं अधिकतम 35 वर्ष होना चाहिए। अधिकतम आयु सीमा के लिए छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी छूट संबंधी आदेश निर्देश इन नियुक्तियों के लिए भी लागू होंगी।

——————-

✍️06. लाइवलीहुड कॉलेज अंतागढ़ में असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन प्रशिक्षण के लिए 18 से 23 अक्टूबर तक काउंसलिंग

—जिला प्रशासन एवं राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के मार्गदर्शन में लाइवलीहुड कॉलेज अंतागढ़ में बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन (घरेलू वायरिंग) ट्रेड में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। इसके लिए 18 से 23 अक्टूबर 2026 तक प्रवेश काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन आयोजित किया जाएगा। लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक लाइवलीहुड कॉलेज परिसर अंतागढ़ में उपस्थित होकर आवेदन एवं दस्तावेज जमा कर सकते हैं। प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम 8वीं अथवा 10वीं उत्तीर्ण तथा 18 से 45 वर्ष आयु के युवक-युवतियां पात्र होंगे। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क एवं आवासीय होगा। प्रशिक्षणार्थियों को रहने और भोजन की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण के बाद अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र के साथ निजी क्षेत्र में रोजगार (प्लेसमेंट) तथा स्वरोजगार स्थापना के लिए शासकीय ऋण संबंधी मार्गदर्शन एवं सहायता भी प्रदान की जाएगी। आवश्यक दस्तावेज- काउंसलिंग के समय अभ्यर्थियों को शैक्षणिक अंकसूची (8वीं/10वीं), आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र अथवा राशन कार्ड, आरक्षित वर्ग के लिए जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा तीन नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो प्रस्तुत करने होंगे। सभी दस्तावेजों की मूल प्रति के साथ प्रत्येक की दो-दो स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लाना अनिवार्य है।

 ————————

✍️07. जिले के तालाकुर्रा में मां दुर्गा की महाआरती तथा कोदागांव के कंकालीन मंदिर में कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने पहूंच कर शामिल होते पूजा अर्चना करते जिलेवासियों के लिए शुभ कामना की।

—आज ग्राम तालाकुर्रा में माँ दुर्गा माता की भव्य महाआरती में कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने माता रानी की विधिवत आराधना करने एवं उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। इसके बाद ग्राम कोदागांव स्थित पावन कंकालीन माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद की विनती की। माता रानी के श्रीचरणों में नमन कर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए कहा-माँ कंकालीन की कृपा सदैव सभी भक्तों पर बनी रहे। माता रानी सभी के जीवन से कष्टों को दूर कर सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करें तथा क्षेत्र में सुख, शांति एवं सद्भाव बनाए रखें, यही प्रार्थना है।

————————

✍️08. कन्हारपुरी में आयोजित राज्य स्तरीय मानसगान प्रतियोगिता में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

.

फोटो—कन्हारपुरी में आयोजित राज्य स्तरीय मानसगान प्रतियोगिता में कांकेर विधायक आशा राम नेताम अपनी बात रखते हुए।

—आज कन्हारपुरी में आयोजित राज्य स्तरीय मानसगान प्रतियोगिता के कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने मंचीय उद्बोधन में कहा-मानसगान हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। रामचरितमानस में निहित मर्यादा, त्याग, सेवा, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्श हमें जीवन में सदैव धर्म, मानवता और जनकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही समाज में आपसी सद्भाव, एकता और भक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। इस भव्य आयोजन के सफल संचालन हेतु समस्त आयोजकों, मानस मंडलियों एवं श्रद्धालुजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।

———————–

 ✍️09.फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत किसान शिव कुमार कडियाम को कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने प्रदान किया 4 लाख रुपये के अनुदान से खरीदा गया कृषि ड्रोन।

फोटो— फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत किसान को चाबी सौंपते कृषि मंत्री रामविचार नेताम।

—आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को आसान और समय की बचत करने की दिशा में ग्राम चंवाड़ निवासी किसान श्री शिव कुमार कडियाम ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कृषि यंत्रीकरण सबमिशन अंतर्गत फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत उन्होंने कृषि ड्रोन खरीदा है, जिसके लिए उन्हें 04 लाख रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई है। नरहरपुर ब्लॉक के बासनवाही ग्राम पंचायत अंतर्गत गोंडवाना भवन, छापरपारा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय ठाकुर जोहारनी कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री  रामविचार नेताम ने हितग्राही श्री शिव कुमार कडियाम को कृषि ड्रोन प्रदान किया। कृषि ड्रोन मिलने से श्री शिव कुमार कडियाम के लिए खेतों में कीटनाशक का छिड़काव करना पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा। पहले उन्हें अपने खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने में लगभग 2 से 3 घंटे का समय लगता था, जबकि अब कृषि ड्रोन की मदद से मात्र 10 से 15 मिनट में एक एकड़ खेत में छिड़काव किया जा सकेगा। इससे समय और श्रम की बचत होगी तथा कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी। शासन की कृषि यंत्रीकरण संबंधी योजनाओं का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराकर खेती-किसानी के कार्यों को सरल बनाना और कृषि कार्यों में लगने वाले समय एवं श्रम को कम करना है। किसान श्री शिव कुमार कडियाम के लिए कृषि ड्रोन की उपलब्धता आधुनिक तकनीक के माध्यम से खेती को सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 ———————–

✍️ 10.सूकर पालन से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगे नरहरपुर के 13 हितग्राही। मंत्री रामविचार नेताम ने ठाकुर जोहारनी मिलन समारोह में प्रदान की अनुदान सहायता, पशुपालन से बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर।

—ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनकी आजीविका के साधनों को मजबूत करने के उद्देश्य से शासन द्वारा पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित सूकरत्रयी योजना के अंतर्गत केवल अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को सूकर प्रजाति के नस्ल सुधार के लिए उच्च नस्ल के 02 मादा व 01 नर सूकर प्रदाय किया जाता है। योजना की कुल लागत 25 हजार रूपए होती है, जिसमें से 22 हजार 500 रूपए शासन द्वारा अनुदान दिया जाता है, शेष राशि हितग्राही का अंशदान होता है। इस योजना के तहत आज प्रदेश के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम छापरपारा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय ठाकुर जोहारनी मिलन समारोह में 13 हितग्राहियों को अनुदान सहायता राशि प्रदान की। प्रत्येक हितग्राही को सूकर पालन के लिए 22 हजार 500 रुपये की अनुदान राशि दी गई। इस सहायता से हितग्राही सूकर पालन व्यवसाय शुरू कर अपनी आय बढ़ाने तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

शासन की अनुदान सहायता से पशुपालन व्यवसाय को मिलेगा बढ़ावा
सूकर पालन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आय अर्जित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस व्यवसाय को शुरू करने के लिए शुरुआती पूंजी की आवश्यकता होती है। ऐसे में शासन की अनुदान सहायता हितग्राहियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। योजना के तहत एक नर और दो मादा सूकर के लिए परिवहन सहित 25 हजार रुपये की लागत आती है। इसमें शासन द्वारा 22 हजार 500 रुपये अर्थात 90 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है, जबकि शेष 2 हजार 500 रुपये हितग्राही को अपने अंशदान के रूप में जमा करने होते हैं। इस प्रकार कम अंशदान के माध्यम से हितग्राही सूकर पालन व्यवसाय प्रारंभ करने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

नरहरपुर विकासखंड के इन 13 हितग्राहियों को मिला लाभ
योजना के अंतर्गत ग्राम देवीनवागांव के  रूपेन्द्र कुमार मण्डावी, कोचवाही की श्रीमती राजकुमारी जुर्री, बत्तबनी की श्रीमती महासिर नेताम, मारवाही की श्रीमती सबिता नेताम, चनार की श्रीमती वीणा कावड़े, रावस की श्रीमती मानोबाई, श्री रामदयाल शोरी,   सूरजा राम मरकाम,   सुकचंद मरकाम, शामतरा के   भवन मरकाम,  देवराम नेताम, सारवण्डी के  सुखदेव शोरी तथा चनार की श्रीमती कमलबत्ती सलाम को अनुदान सहायता से लाभान्वित किया गया।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

दिलों में निराशा के भी आशा है, कांकेर विधायक —आशा राम नेताम

(मनोज जायसवाल) —कांकेर जिले के हाईटेक अँगना कार्यालय में प्रतिदिन 11 बजे से लगता है‚जनदर्शन। लोगों के मुखातिब होने के बाद ही निकलते हैं‚ दौरे पर।कांकेर  में शिक्षा स्वास्थ्य‚ सडक…

आज की टॉप 10 खबर 16अक्टूबर 2026 शुक्रवार

———————- संपादकीय— ”कांकेर विधायक आशाराम नेताम का  उद्योग नगरी लखनपुरी ”प्रेम”  —वर्ष 1998 में बस्तर संभाग से अलग होकर बने कांकेर जिला, जिसे वर्ष 2003 में उत्तर बस्तर कांकेर का…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *