आज की टॉप 10 खबर 16अक्टूबर 2026 शुक्रवार

———————-

संपादकीय—

”कांकेर विधायक आशाराम नेताम का  उद्योग नगरी लखनपुरी ”प्रेम” 

—वर्ष 1998 में बस्तर संभाग से अलग होकर बने कांकेर जिला, जिसे वर्ष 2003 में उत्तर बस्तर कांकेर का नाम दिया गया। जिला बनने के बाद द्रुतगति से विकास हुआ जहां प्रत्येक गावों को जोडने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी बाजपेयी का सपना साकार होते उनके किए घोषणा प्रधानमंत्री सडक के माध्यम हर गांवो को जोडे गए।पिछले ही दशक में पिपरौद से लगी खदरहीभाठा की कई एकड जमीन पर लखनपुरी को जिले की औद्योगिक नगरी के रूप में विकास किया गया। इसके बाद यहां से लगे तेलगरा की जमीं पर वर्तमान में मेडिकल कालेज का निर्माण भी अंतिम चरणों पर है।महानदी उस पार का क्षेत्र पूर्व में कांकेर विधानसभा का अभिन्न अंग था, जिसमें जेपरा,अरौद,गीतपहर जैसे कई बडे गांव जो आज भानुप्रतापपुर क्षेत्र में आते हैं, परिसीमन में यहां के वाशिंदो को संभवतया पुनः विधानसभा के रूप में और नये नामों से जाना जायेगा। पर कांकेर विधानसभा के प्रति यहां के लोगों का लगाव आज भी है।कांकेर विधानसभा में वर्तमान में सत्ताधारी भाजपा से आशा राम नेताम क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक है। सहज,सरल,विनम्र,मिलनसार जैसे शब्द का प्रमाण एक व्यक्तित्व से पता चलता है। अब लखनपुरी जो आशा राम नेताम का क्षेत्र नहीं है,लेकिन लगाव क्यों? यह तो सबको पता है कि भानुप्रतापपुर में सत्ताधारी भाजपा पिछले चुनाव में जीत दर्ज नहीं करा सकी तो आशा राम नेताम ने कार्यकर्ताओं के बीच इस शब्द से हौसला बुलंद किया था आपको चिंता करने की बात नहीं,कोई बात नहीं कि हम यहां नहीं जीत पाए पर आपकी सेवा में यह सेवादार हमेशा खडा रहेगा। यह भी बताते चलें किलखनपुरी से लगे पिपरौद आशा राम नेताम का ससुराल भी है। इस क्षेत्रवासी उन्हें दामाद के रूप में स्नेह देते हैं। यही कारण है कि तात्कालीन विधायक इस क्षेत्र में बुलावे पर बिल्कुल आते हैं। कुल मिलाकर यह जरूर है कि इस क्षेत्र के लोगों का जितना स्नेह अपने स्थानीय विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी से है, उतना ही आशा राम नेताम से भी है।

✍️मनोज जायसवाल

———————-

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….

16 अक्टूबर  2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

———————-

✍️ 01.छत्तीसगढ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष,भानुप्रतापपुर विधानसभा के पूर्व विधायक स्व. मनोज मंडावी की चतुर्थ पुण्यतिथि चारामा में मनाई गई।

—छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं भानुप्रतापपुर के पूर्व विधायक स्वर्गीय मनोज सिंह मंडावी की चतुर्थ पुण्यतिथि आज विधायक निवास चारामा में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेसजनों ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान और जनसेवा को स्मरण किया। काफी संख्या में भानुप्रतापपुर विधानसभा के कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं आम लोग उपस्थित रहे। सबने श्रद्वांजलि सभा में अपने-अपने विचार व्यक्त कर यादें साझा की। स्व. मनोज मंडावी की धर्मपत्नी वर्तमान विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी अपनी बात रखते विभोर हो गई। गौ—सेवा आयोग के पूर्व सदस्य नरेंद्र यादव के साथ कई लोगों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हिरवेंद्र साहू‚देवेंद्र सोनी‚राजेंद्र सलाम सहित काफी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

———————–

✍️ 02. नगर में आयोजित भव्य चुनरी यात्रा में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

 —आज कांकेर में आयोजित भव्य चुनरी यात्रा में माँ दुर्गा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, अपार श्रद्धा एवं भक्ति का दृश्य देखने को मिला। माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और हर ओर भक्ति, उल्लास एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। इस भव्य यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह, माँ के प्रति समर्पण और सनातन संस्कृति के प्रति उनकी गहरी आस्था मन को भावविभोर करने वाली रही। चुनरी यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक श्रद्धा का प्रतीक है। इस बीच कांकेर विधायक इस यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा- माँ दुर्गा से प्रार्थना है कि उनकी कृपा समस्त क्षेत्रवासियों पर सदैव बनी रहे। माता रानी सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली प्रदान करें और हर परिवार को उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दें।
———————–

✍️ 03. दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने कार्यपालिक दण्डाधिकारी नियुक्त।

—कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी  कुन्दन कुमार ने विजयादशमी दशहरा पर्व पर रावण दहन पश्चात मॉ दुर्गा प्रतिमा, ज्योत कलश और जंवारा विसर्जन के अवसर पर यथोचित कानून एवं लोक शांति सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की डयूटी लगाई है।जारी आदेशानुसार घड़ी चौक से गोविन्दपुर एवं मुख्य रावण दहन एवं समारोह स्थल नरहरदेव हाईस्कूल खेल ग्राउण्ड के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री रानू मैथ्यूज एवं नायब तहसीलदार नरहरपुर सुश्री भाग्यश्री की ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार आदर्श नगर, शीतलापारा, शिवनगर, भण्डारीपारा, संजय नगर, श्रीरामनगर, आमापारा, बीटीआई मार्ग की दुर्गा प्रतिमाओं एवं नरदेव तालाब मार्ग की झांकी शोभायात्रा सहित नरहरदेव हाईस्कूल खेल मैदान एवं अलबेलापारा तालाब विसर्जन स्थल के लिए तहसीलदार कांकेर श्री रूपेश कुमार मरकाम एवं नायब तहसीलदार सरोना श्री अभिषेक देवांगन तथा सिंगारभाठ, बरदेभाठा, कोदाभाट, लट्टीपारा, शांति नगर, एमजी वार्ड टिकरापारा, नया बस स्टैण्ड, मेलाभाठा के मॉ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन हेतु निकलने वाले झांकियों के साथ व मेलाभाठा में रावण दहन स्थल सहित (ज्ञानी चौक से कोमल देव अस्पताल तक) तहसीलदार नरहरपुर श्री पुष्पराज पात्र, नायब तहसीलदार कांकेर श्री चंदा नाग की ड्यूटी लगाई गई है।इसी प्रकार अलबेलापारा तालाब में विसर्जित होने वाली समस्त दुर्गा प्रतिमाओं, शोभा यात्रा के साथ पुराना बस स्टैण्ड, मस्जिद चौक, राजापारा, सुभाष वार्ड, सिंधी धर्मशाला मार्ग, मांझापारा आदि मुख्य मार्ग सहित कोमलदेव अस्पताल से मस्जिद चौक तक के लिए तहसीलदार सरोना श्रीमती माया अंचल एवं नायब तहसीलदार लखनपुरी श्री कृष्ण कुमार पाटले तथा अलबेलापारा तालाब में विसर्जित होने वाली समस्त दुर्गा प्रतिमा, झांकी, शोभा यात्रा के साथ घड़ी चौक, अलबेलापारा, सेन चौक, माहुरबंदपारा, जवाहर वार्ड, अन्नपूर्णापारा, ऊपर-नीचे रोड आदि मुख्य मार्ग सहित अलबेलापारा तालाब मस्जिद चौक के पास से कलेक्टर बंगला घड़ी चौक तक के लिए नायब तहसीलदार कांकेर श्री संजय कुमार राय और नायब तहसीलदार कांकेर सुश्री दुर्गावर्ती कुजुर की डयूटी लगाई गई है। संबंधित कार्यपालिक दण्डाधिकारी स्थिति पर सतत निगरानी रखेंगे तथा समय-समय पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार को भी अवगत करायेंगे। अनुविभागीय दण्डाधिकारी श्रीमती सरस्वती बंजारे सम्पूर्ण कानून व्यवस्था के प्रभार पर रहेंगे।

————————

विज्ञापन

————————

✍️ 04.मंत्री श्री रामविचार नेताम 17 अक्टूबर को नरहरपुर में ब्लॉक स्तरीय ठाकुर जोहारनी कार्यक्रम में होंगे शामिल।

— छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री  रामविचार नेताम 17 अक्टूबर शनिवार को कांकेर जिले के नरहरपुर प्रवास पर रहेंगे। वे दोपहर 12.45 बजे दुधावा सिंचाई विश्राम गृह पहुंचेंगे। इसके पश्चात दोपहर 01 बजे नरहरपुर के छापरपारा स्थित हाई स्कूल ग्राउंड, गोंडवाना भवन में आयोजित ब्लॉक स्तरीय ठाकुर जोहारनी कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंत्री श्री नेताम दोपहर 3.30 बजे नरहरपुर से नवा रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे तथा शाम 5 बजे अटल नगर, नवा रायपुर स्थित अपने निवास पहुंचेंगे।

————————

✍️ 05. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संविदा पदों की पात्र-अपात्र आवेदकों की सूची जारी, दावा-आपत्ति 30 अक्टूबर तक आमंत्रित

 —जिला पंचायत कांकेर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्वीकृत प्रशिक्षण आवास समन्वयक, सहायक प्रोग्रामर, विकासखण्ड समन्वयक, तकनीकी सहायक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों की संविदा भर्ती के लिए इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों से 15 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदन पत्रों के परीक्षण के उपरांत पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। जिसका अवलोकन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कांकेर एवं जनपद पंचायतों के सूचना पटल तथा जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.kanker.gov.in पर किया जा सकता है।पात्र-अपात्र सूची के संबंध में यदि किसी आवेदक को दावा-आपत्ति हो, तो वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ 30 अक्टूबर तक लिखित में दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समयावधि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

✍️06. लाइवलीहुड कॉलेज अंतागढ़ में असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन प्रशिक्षण के लिए 18 से 23 अक्टूबर तक काउंसलिंग

—जिला प्रशासन एवं राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के मार्गदर्शन में लाइवलीहुड कॉलेज अंतागढ़ में बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन (घरेलू वायरिंग) ट्रेड में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। इसके लिए 18 से 23 अक्टूबर 2026 तक प्रवेश काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन आयोजित किया जाएगा। लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक लाइवलीहुड कॉलेज परिसर अंतागढ़ में उपस्थित होकर आवेदन एवं दस्तावेज जमा कर सकते हैं। प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम 8वीं अथवा 10वीं उत्तीर्ण तथा 18 से 45 वर्ष आयु के युवक-युवतियां पात्र होंगे। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क एवं आवासीय होगा। प्रशिक्षणार्थियों को रहने और भोजन की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण के बाद अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र के साथ निजी क्षेत्र में रोजगार (प्लेसमेंट) तथा स्वरोजगार स्थापना के लिए शासकीय ऋण संबंधी मार्गदर्शन एवं सहायता भी प्रदान की जाएगी। आवश्यक दस्तावेज- काउंसलिंग के समय अभ्यर्थियों को शैक्षणिक अंकसूची (8वीं/10वीं), आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र अथवा राशन कार्ड, आरक्षित वर्ग के लिए जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा तीन नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो प्रस्तुत करने होंगे। सभी दस्तावेजों की मूल प्रति के साथ प्रत्येक की दो-दो स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लाना अनिवार्य है।

 ————————

✍️07. मिशन रक्षक के तहत आमाबेड़ा में संचालित निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण ।युवाओं को पुलिस एवं पैरामिलिट्री बलों में भर्ती के लिए किया प्रेरित, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को मिशन रक्षक जर्सी वितरित कर किया प्रोत्साहित।

—पुलिस अधीक्षक   निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में कांकेर पुलिस द्वारा संचालित ‘मिशन रक्षक’ के अंतर्गत युवाओं को पुलिस, पैरामिलिट्री बलों एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं में भर्ती हेतु तैयार करने के उद्देश्य से निःशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 15.10.2026 को पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) ने आमाबेड़ा में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली तथा उन्हें नियमित अभ्यास, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप मिशन रक्षक जर्सी वितरित किए गए। साथ ही लिखित परीक्षा एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

मिशन रक्षक के तहत कांकेर पुलिस के प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को नियमित शारीरिक प्रशिक्षण एवं भर्ती प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें। कार्यक्रम में थाना प्रभारी आमाबेड़ा  सुदर्शन सिंह ध्रुव ,भाजपा मंडल अध्यक्ष  मनोहर यादव, ग्राम सरपंच  लोकेश बघेल, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कांकेर पुलिस का “मिशन रक्षक” अभियान — युवाओं को अवसर, तैयारी को दिशा और लक्ष्य तक पहुंचने का संकल्प है।

————————

✍️08. माँ  दुर्गा महाआरती शांति नगर कांकेर में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज शांति नगर, कांकेर में आयोजित माँ दुर्गा महाआरती में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने माँ दुर्गा की भक्ति और महाआरती के इस पावन अवसर पर श्रद्धा, आस्था एवं भक्तिभाव के साथ माता रानी का स्मरण किया। कहा-माँ दुर्गा शक्ति, साहस, करुणा और धर्म की प्रतीक हैं। उनकी आराधना हमें सत्य के मार्ग पर चलने, बुराइयों का सामना करने और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देती है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को संजोने के साथ-साथ समाज को आपसी भाईचारे के सूत्र में बाँधते हैं। सबके लिए विनती करते स्मरण किया-माँ जगदम्बा से प्रार्थना है कि उनकी असीम कृपा समस्त क्षेत्रवासियों एवं प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे। हर घर में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो। सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और उन्नति का संचार हो तथा हमारा कांकेर जिला निरंतर विकास, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक गौरव की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करे।

———————–

 ✍️09. त्रिपुर सुंदरी मंदिर नाथियानवागांव(कांकेर) में नवरात्रि पर भक्तिमय वातावरण। दूर-दूर से दर्शन को आ रहे भक्त। आस्था की 294 ज्योति प्रज्जवलित हो रही है। सेवानिवृत्त,सेवाभावी शिक्षक पी.एस.गंगेश मुख्य पुजारी के रूप में पूरे वर्ष भर देते हैं सेवाएं। भानुप्रतापपुर क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी इन दिनों मंदिर में भक्तिभावना में लीन दिखाई दे रही है। क्षेत्र से माता जस गायन टोलियां रोज अपनी प्रस्तुति दे रही है। ग्राम में सब कुछ व्यवस्थित चाक चौबंद व्यवस्था।

 ———————–

✍️ 10. पूर्व विधायक स्व. मनोज सिंह मंडावी की चौथी पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि  

—भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक, छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व गृह राज्य मंत्री एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय मनोज सिंह मंडावी की चौथी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दुर्गूकोंदल द्वारा ग्राम दुर्गूकोंदल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों एवं ग्रामीणों ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व, राजनीतिक जीवन, कुशल नेतृत्व और जनसेवा के कार्यों को स्मरण किया।श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय मनोज सिंह मंडावी अपने दमदार व्यक्तित्व, मिलनसार स्वभाव, सरल कार्यशैली और जनहित के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। उन्होंने भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया। विधायक, मंत्री तथा विधानसभा उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया।कांग्रेसजनों ने कहा कि स्व. मंडावी का राजनीतिक जीवन जनसंपर्क और जनसेवा से जुड़ा रहा। वे समाज के अंतिम व्यक्ति की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते थे। आम लोगों के बीच सहज उपलब्धता, कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध और क्षेत्र की आवश्यकताओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण उन्होंने लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। उनके कार्यों और विचारों को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने कहा कि उनका योगदान लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में राजेंद्र नरेटी, नंदलाल कुलदीप, हेमंत, खामेश नरेटी, अविनाश, माखन, अभय, शैलेन्द्र नरेटी, मनीष, चंदन, गुप्तेश नरेटी, शंकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।  

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 15अक्टूबर 2026 गुरूवार

———————- संपादकीय— ”अपनी प्रतिभा में खो जाओ” —अपने कर्मो में आप बिल्कुल खो जाओ जो कि आपके आजीविका का साधन है। अपने साथ अन्यों को भी आप अन्न खिला सको।…

आज की टॉप 10 खबर 14अक्टूबर 2026 बुधवार

———————- संपादकीय— ”नगर में यातायात की समस्या से जुझ रहे लोग” फोटो— लोगों को समझ नहीं आ रहा‚ यह एनएच 30 है‚या स्टेट हाईवे —वैसे तो कांकेर यातायात पुलिस द्वारा…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *