———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
14 सितंबर 2026 सोमवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. कांकेर विधानसभा अंतर्गत हाटकर्रा से कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी पुल को प्रशासकीय स्वीकृति मिली। कांकेर विधायक आशा राम नेताम के इस ऐतिहासिक प्रयास से अब विधानसभा के अंतिम ग्राम तक अब चौबीसों घंटे मिलेगी कलेक्टिविटी। क्षेत्रवासियों ने विधायक का जताया आभार। लोगों में हर्ष व्याप्त।

—जिले में कांकेर विधानसभा का अंतिम छोर जहां हाटकर्रा से कोटगांव के किमी 1/4 पर चिनार नदी पर उच्च स्तरीय पुल की मांग जनता द्वारा की जा रही थी। बहुप्रतीक्षित इस कार्य को कांकेर विधानसभा के विधायक आशा राम नेताम ने गंभीरता से लिया और इस मांग को पूरा कराने की ठानी। आज का दिन क्षेत्रवासियों के लिए खुशी का ठिकाना नहीं रहा जब श्रीनेताम ने वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल होने की खबर से अवगत कराया। उन्होंने आगे बताया कि-जिला कांकेर के अंतर्गत कांकेर विधानसभा क्षेत्र के हाटकर्रा से कोटगाँव मार्ग के किमी 1/4 पर चिनार नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुँच मार्ग निर्माण कार्य को शासन द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस बहुप्रतीक्षित मांग के पूरे होने से पूरे मंडल और विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे ग्रामीणों में भारी उत्साह और हर्ष का माहौल है।
अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी का सपना हुआ साकार
कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने कहा- यह पुल निर्माण कार्य केवल एक कंक्रीट का ढांचा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की जीवनरेखा साबित होगा। हाटकर्रा से कोटगाँव मार्ग पर चिनार नदी के कारण बारिश के दिनों में या सामान्य दिनों में भी ग्रामीणों को आवागमन में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। इस उच्च स्तरीय पुल और एप्रोच रोड के बन जाने से हमारे मंडल और विधानसभा क्षेत्र के आखिरी छोर तक के गांव सीधे तौर पर मुख्य सड़कों और शहरों से जुड़ जाएंगे। स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यापारिक दृष्टिकोण से यह परियोजना पूरे क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी।
विधायक श्रीनेताम का क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
क्षेत्र की जनता की इस बुनियादी और बेहद जरूरी समस्या को गंभीरता से लेते हुए, कांकेर विधानसभा के लोकप्रिय एवं जनप्रिय विधायक आशाराम नेताम ने इसके लिए निरंतर प्रयास किए। उनके अथक प्रयासों और दृढ़ इच्छाशक्ति के फलस्वरूप ही बजट में शामिल इस कार्य को अब प्रशासकीय मंजूरी मिल चुकी है।इस ऐतिहासिक सौगात के लिए समस्त मंडल पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की सम्मानित जनता की ओर से विधायक आशाराम नेताम का आभार एवं साधुवाद व्यक्त किया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विधायक ने विधानसभा के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति की चिंता कर सच्चे जनसेवक होने का प्रमाण दिया है।
———————–
विज्ञापन—

———————–
✍️ 02. जिला एवं सत्र न्यायालय कांकेर में तृतीय नेशनल लोक अदालत का सफल आयोजन । 1,12,307 प्रकरणों का हुआ निराकरण। कांकेर पुलिस द्वारा साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक।

—राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आज जिला एवं सत्र न्यायालय कांकेर में तृतीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के माध्यम से विभिन्न प्रकृति के प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर कुल 1,12,307 प्रकरणों का निराकरण किया गया।कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार टामक द्वारा लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं से आपसी सहमति एवं सहयोग के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण में सहभागी बनने की अपील की गई। कांकेर पुलिस ने लगाया साइबर एवं यातायात जागरूकता शिविर में नेशनल लोक अदालत के अवसर पर कांकेर पुलिस द्वारा न्यायालय परिसर में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, संदिग्ध लिंक एवं कॉल से सावधान रहने तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल संबंधित माध्यमों से 1930 में शिकायत करने के लिए जागरूक किया गया।साथ ही वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। “ एक पेड़ माँ के नाम” के तहत किया गया वृक्षारोपण:- कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के महत्व का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती विभा पांडे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री भास्कर मिश्र, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शांति प्रभु जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री योगेश साहू, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ कांकेर सहित न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
———————–
विज्ञापन

———————–
✍️ 03. एकलव्य स्कूल ग्राम सुरही में कांकेर पुलिस का सायबर जागरूकता अभियान। विद्यार्थियों को सायबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, महिला एवं बालिका सुरक्षा, अभिव्यक्ति ऐप एवं यातायात नियमों की दी गई जानकारी।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री हरिश कुमार पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित जागरूकता अभियान के तहत दिनांक 12.09.2026 को थाना नरहरपुर क्षेत्र अंतर्गत एकलव्य स्कूल, ग्राम सुरही में सायबर जागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरिश कुमार पाटिल एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी एवं सायबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए OTP, PIN, CVV, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी मैसेज एवं ऑनलाइन ठगी के अन्य माध्यमों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की सायबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग की जानकारी दी गई।तेज गति से वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाले गंभीर परिणामों से अवगत कराया गया। साथ ही ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतक एवं जेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग की जानकारी दी गई।नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं इससे होने वाले गंभीर परिणामों के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए अभिव्यक्ति ऐप की सुविधाओं एवं पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।

कांकेर पुलिस द्वारा जिले के विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सायबर अपराध, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने के लिए कांकेर पुलिस की अपराधिक हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर संपर्क किया जा सकता है।सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
————————
✍️ 04. हायर सेकेण्डरी छोटेबेठिया के सहायक ग्रेड-तीन रवि प्रकाश चतुर्वेदी निलंबित।
—कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के हायर सेकेण्डरी स्कूल छोटेबेठिया में पदस्थ सहायक ग्रेड-तीन रवि प्रकाश चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा उनका मुख्यालय खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नरहरपुर नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।सहायक गेड-तीन श्री चतुर्वेदी अपने संस्था के प्राचार्य को विद्यालय में पदस्थ कर्मचारियों के सेवा पुस्तिका का सत्यापन कराने उल्लेख करते हुए जगदलपुर जाने के लिए रवाना हुए थे, लेकिन वे कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के बालिका आवासीय विद्यालय दुर्गूकोंदल में निरीक्षण के दौरान व्यवधान करते पाए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुर्गूकोंदल के चिकित्सा अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट में श्री चतुर्वेदी शराब सेवन करने की पुष्टि की गई। इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 03 के विपरित मानते हुए श्री चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।।
————————
✍️ 05. दूरस्थ अंचलों में कलेक्टर ने किया अस्पताल, स्कूल और छात्रावासों का सघन निरीक्षण। स्वास्थ्य, शिक्षा और छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने दिए निर्देश।

—कलेक्टर कुन्दन कुमार ने शुक्रवार को जिले के दूरस्थ अंचल दुर्गूकोंदल एवं बड़गांव क्षेत्र का सघन दौरा कर अस्पताल, स्कूल, छात्रावास एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों के उपचार, चिकित्सा सुविधाओं, संस्थागत प्रसव एवं स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी ली। वहीं स्कूलों में पठन-पाठन, शिक्षा की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं शौचालय सुविधाओं का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों से रू-ब-रू चर्चा कर शिक्षा की गुणवत्ता परखी। छात्रावासों में बच्चों को मिलने वाले भोजन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए।

दुर्गुकोंदल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण
कलेक्टर ने दुर्गुकोंदल के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के विभिन्न वार्डों, पंजीयन कक्ष, दवाई वितरण कक्ष, एनसीडी स्क्रीनिंग कक्ष एवं एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया तथा मरीजों के उपचार एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की छात्राएं स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अतिथि शिक्षिका सुश्री प्रियंका बगमरिया के साथ अस्पताल पहुंची थीं। कलेक्टर ने छात्राओं से बातचीत की और उन्हें कविता सुनाने के लिए कहा। छात्राओं द्वारा कविता सुनाए जाने पर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया।
अस्पताल के वार्डों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, खराब सोलर पैनल लाइट को दुरुस्त कराने तथा पेयजल व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। अस्पताल के प्रवेश द्वार के समीप लगे नल की टोंटी से पानी व्यर्थ बहता देखकर उन्होंने तत्काल उसे स्वयं बंद कर पानी बचाने का संदेश दिया।

निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी पर कारण बताओ नोटिस
कलेक्टर ने दुर्गूकोंदल के कन्या आवासीय विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन प्री-मैट्रिक छात्रावास भवन का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर उन्होंने आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त एवं संबंधित निर्माण एजेंसी के इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर उपस्थित तहसीलदार एवं जनपद सीईओ को आश्रम-छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने तथा तहसीलदार को क्षेत्र में अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए। प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास के पास चिन्हांकित स्थल पर खेल मैदान विकसित करने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बड़गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में एमबीबीएस डॉक्टर की व्यवस्था
क्षेत्रवासियों की मांग पर जिला प्रशासन द्वारा बड़गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में एमबीबीएस डॉक्टर की व्यवस्था की गई है। रोस्टर के आधार पर पखांजूर एवं दुर्गूकोंदल अस्पताल से डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। संबंधित डॉक्टर बड़गांव में रात्रि विश्राम भी करेंगे, जिसके लिए वन विभाग के निरीक्षण कुटीर में आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर ने बड़गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर संस्थागत प्रसव, मरीजों के उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि अस्पताल में प्रतिमाह लगभग 15 से 17 संस्थागत प्रसव कराए जाते हैं तथा जोखिम वाले मामलों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाता है। पिछले चार माह में यहां 84 संस्थागत प्रसव कराए गए हैं। इस पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अस्पताल में एक स्टाफ नर्स की अविलंब व्यवस्था करने के निर्देश दिए।उन्होंने अस्पताल भवन की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने, लैब कक्ष को व्यवस्थित करने तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार कर अस्पताल में चस्पा करने के निर्देश दिए। साथ ही एमआईएस सिस्टम तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि जिला स्तर से ग्राम स्तर तक गर्भवती महिलाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके। पुराने प्रचार-प्रसार सामग्री को हटाकर नई सामग्री व्यवस्थित ढंग से लगाने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने बड़गांव में पोस्टमार्टम कक्ष एवं बॉडी फ्रीजर की व्यवस्था करने के साथ ही आम नागरिकों की सुविधा के लिए मुख्य मार्ग से अस्पताल तक सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति हेतु प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए।
छात्रावास एवं स्कूल में शिक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा
कलेक्टर ने बड़गांव के प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास का निरीक्षण कर साफ-सफाई, शौचालय की स्वच्छता एवं खिड़कियों में मच्छररोधी जाली की व्यवस्था देखी। व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने छात्रावास अधीक्षक की सराहना की। छात्रावास परिसर में ओपन जिम स्थापित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने शिक्षक डायरी की तर्ज पर विद्यार्थियों के लिए भी डायरी तैयार करने के निर्देश दिए। कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी शैक्षणिक समझ एवं शिक्षा की गुणवत्ता परखी। विद्यार्थियों से अंग्रेजी की पुस्तक पढ़कर सुनाने को कहा और स्वयं भी पढ़कर उनका उत्साहवर्धन किया। स्कूल परिसर एवं शौचालयों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने नवीन शौचालय निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
पखांजूर-बांदे मार्ग की मरम्मत और स्वच्छता पर जोर
कलेक्टर ने पखांजूर-बांदे मार्ग पर गड्ढों की मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित एजेंसी को गड्ढों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए। पखांजूर से उदयनगर ग्राम पंचायत के मध्य अंजाड़ी नाला पर वर्ष 1977 में निर्मित पुल का भी निरीक्षण किया। पुल के समीप नहर में कचरा एवं गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा इसकी शीघ्र सफाई कराने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी पखांजूर को दिए। उन्होंने पखांजूर शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। प्रवास के दौरान पखांजूर में जनप्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक माह एक निर्धारित दिवस पर पखांजूर में आरटीओ कैंप आयोजित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान वन मंडल पश्चिम भानुप्रतापपुर के वन मंडलाधिकारी श्री एस. नवीन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, एसडीएम पखांजूर श्री मनीष देव साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक/982/सुरेन्द्र
————————
✍️06. जल भराव वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने कलेक्टर ने दिए निर्देश। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण।

— जिले में लगातार बारिश को देखते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने नदी-नालों, जल भराव वाले क्षेत्रों पर सतत निगरानी रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम कांकेर श्रीमती सरस्वती बंजारे, तहसीलदार,मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने शहरी एवं ग्रामीण इलाकों का निरीक्षण कर जलभराव वाले क्षेत्रों का अवलोकन किया एवं नागरिकों से चर्चा करते हुए सतर्कता बरतने के संबंध में समझाईश दी। कांकेर शहर के शांतिनगर इलाके में दूध नदी में जल स्तर बढ़ने से कुछ समय के लिए लगभग 10 परिवारों को सामाजिक भवन में ठहराया गया था,जो नदी का जल स्तर घटते ही अपने घरों को लौट गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें सतर्कता बरतने की समझाइश दी है, साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
————————
✍️07. चारामा विकासखंड के टांहकापार विद्युत उपकेंद्र के उपभोक्ता बार—बार बिजली की आवाजाही से परेशान। कर सकते हैं‚ आंदोलन। घंटों बंद रखी जा रही है‚फीडर।
—
————————
✍️08. कांकेर जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते महानदी का जल स्तर लगातार बढ रहा है। अभी खतरे के निशान से कुछ ही नीचे है‚जलस्तर।
————————
✍️09. “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत अंतागढ़ में 150 युवाओं को निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण की शुरुआत। पुलिस एवं पैरामिलिट्री सेवाओं में जाने के इच्छुक युवाओं को लक्ष्य की ओर बढ़ने का मिला अवसर।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में युवाओं को पुलिस एवं पैरामिलिट्री सेवाओं में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिए तैयार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन रक्षक” अभियान के तहत आज अनुभाग अंतागढ़ के उन्मुक्त खेल मैदान में निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अंतागढ़ संतोष जैन, थाना प्रभारी अंतागढ़ कोमल भूषण पटेल की उपस्थिति में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 150 महिला एवं पुरुष युवा तथा अध्ययनरत छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए।मिशन रक्षक कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस विभाग के प्रशिक्षित ट्रेनर महिला एवं पुरुष पुलिस बल द्वारा युवाओं को विभिन्न शारीरिक दक्षताइवेंट्स की तैयारी कराई जा रही है। प्रशिक्षण में युवाओं की शारीरिक क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ नियमित अभ्यास, दौड़, सहनशक्ति एवं भर्ती प्रक्रिया में उपयोगी विभिन्न फिजिकल इवेंट्स की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मिशन रक्षक केवल शारीरिक प्रशिक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को उनके सुनहरे भविष्य की ओर आगे बढ़ाने की एक सार्थक पहल है। कांकेर पुलिस का उद्देश्य है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान युवाओं को उचित मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण का अवसर मिले, ताकि वे कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ पुलिस एवं पैरामिलिट्री जैसी सेवाओं में अपना भविष्य बना सकें। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी द्वारा युवाओं को संदेश दिया गया कि सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अभ्यास,
अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति ही सफलता की मजबूत नींव है।
“मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत भानुप्रतापपुर एवं आमाबेड़ा में प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्व में प्रारंभ किया जा चुका है, जहां लगभग 300 युवाओं को नियमित रूप से शारीरिक प्रशिक्षण एवं भर्ती परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी सप्ताह में कांकेर, पखांजूर एवं कोयलीबेड़ा में भी मिशन रक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की जायेगी। कांकेर पुलिस का “मिशन रक्षक” अभियान — युवाओं को अवसर, तैयारी को दिशा और लक्ष्य तक पहुंचने का संक
———————–
✍️
10. बाइकर्स मीट बना कांकेर पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” का मंच । लगभग 300 बाइकर्स एवं युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया गया जागरूक।युवाओं को “साइबर वॉलंटियर” के रूप में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए किया गया प्रेरित।

—पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, भापुसे के निर्देशन में संचालित “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत कांकेर पुलिस द्वारा युवाओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार रचनात्मक एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 13 सितम्बर 2026 को न्यू कम्युनिटी हॉल, कांकेर में आयोजित ‘आओ छत्तीसगढ़ देखो बस्तर’ बाइकर्स मीट को साइबर जागरूकता के महत्वपूर्ण मंच के रूप में उपयोग किया गया। बाइकर्स ऑफ कांकेर एवं छत्तीसगढ़ मोटो क्वीन्स के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 300 बाइकर्स, राइडर्स एवं युवाओं ने सहभागिता की। बाइकर्स एवं युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी:-अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, एसडीओपी कांकेर हरीश पाटिल एवं थाना प्रभारी कांकेर जितेंद्र साहू की उपस्थिति में उपस्थित युवाओं एवं बाइकर्स को साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।

ऑनलाइन ठगी, UPI फ्रॉड, फर्जी KYC अपडेट, लॉटरी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक एवं APK फाइल के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के संबंध में जागरूक किया गया। OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक अकाउंट एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।अनजान लिंक पर क्लिक करने तथा अज्ञात स्रोत से प्राप्त APK/मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने की अपील की गईसोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा व्यक्तिगत फोटो, मोबाइल नंबर, बैंक संबंधी जानकारी एवं अन्य निजी जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं एवं बाइकर्स को “साइबर पाठशाला” की अवधारणा से जोड़ते हुए अपने परिवार, मित्रों, गांव एवं मोहल्ले में कम से कम 10 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।युवाओं को साइबर जागरूकता के संदेश को आगे बढ़ाने तथा समाज में “साइबर वॉलंटियर” के रूप में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। युवाओं की ऊर्जा एवं बाइकर्स समुदाय की सक्रिय भागीदारी को सकारात्मक दिशा देते हुए बस्तर पर्यटन के साथ-साथ साइबर सुरक्षा का संदेश आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






