आज की टॉप 10 खबर 06 जुलाई 2026 सोमवार

———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
06 जुलाई  2026 सोमवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

01.जन शिकायतों का त्वरित निराकरण करें: कलेक्टर । नीलाम हो चुके वाहनों को परिसर से हटवाने आरटीओ को निर्देश।

— कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले से प्राप्त जन शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निराकृत करने के लिए निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, पीएम पोर्टल में प्राप्त शिकायतों केे अलावा सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने शिविरों के दौरान प्राप्त आवेदनों सहित विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की गई। उनके द्वारा सभी शिकायतों को गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न प्रकरणों के निराकरण करते हुए कार्यालयों के कंडम वाहन जिनका नीलामी हो चुकी है और उक्त वाहन अभी तक परिसर में है, ऐसे वाहनों को तत्काल हटाने के लिए आरटीओ को निर्देशित किया है। दूरस्थ अंचलों में दूरसंचार टॉवर, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, किसानों का एग्रीस्टेक में पंजीयन, नामांकन, बंटवारा प्रकरणों का निराकरण सहित अन्य विकास कार्यों में प्रगति की समीक्षा भी कलेक्टर द्वारा किया गया एवं समय-सीमा में सभी कार्यों के निराकृत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर कांकेर   जितेन्द्र कुर्रे, अपर कलेक्टर अंतागढ़  ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।

  ———————-

02. चारामा पुलिस ने चोरी के 03 मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 04 आरोपियों एवं 01 विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया।

—पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है‚ –  पुलिस अधीक्षक  कांकेर   निखिल राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक   योगेश साहू कांकेर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सायबर सेल   दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर  मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में थाना चारामा एवं जिला सायबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम द्वारा चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 आरोपियों एवं 01 विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण थाना चारामा के अपराध क्रमांक 140/2026 एवं 143/2026 धारा 305(ए), 331(2), 111(2) बीएनएस से संबंधित है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण थाना चारामा के अपराध क्रमांक 140/2026 एवं 143/2026 धारा 305(ए), 331(2), 111(2) बीएनएस से संबंधित है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रार्थी द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 30.06.2026 की रात्रि अज्ञात चोरों द्वारा दुकानों एवं घरों का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, कटर मशीन, ड्रिल मशीन, हेमर मशीन, कांसे के गिलास, चांदी की मूर्तियां एवं नगदी रकम चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई प्रकरण दर्ज होने के बाद थाना चारामा पुलिस एवं जिला सायबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार निगरानी की गई। जांच के दौरान लगभग 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा 2000 से अधिक मोबाइल नंबरों का परीक्षण किया गया। संदेह के आधार पर निगरानी बदमाश सूरज देवागन उर्फ टोटो निवासी दरगहन एवं संजू सोनकर निवासी चारामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों प्रमोद गंगाधर निवासी अंतागढ़ मद्रासीपारा हाल निवासी जगदलपुर, प्रीतम सिंह निवासी भिलाई हाल निवासी जगदलपुर एवं एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर नगर चारामा के दुकानों एवं सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए नगदी एवं सामान का आपस में बंटवारा कर लिया गया था तथा कुछ रकम अपने शौक पूरे करने में खर्च कर दी गई। आरोपियों के कब्जे से शेष रकम एवं चोरी गया सामान बरामद किया गया। आरोपियों द्वारा घटना दिनांक को फरसगांव जिला कोंडागांव क्षेत्र में भी चोरी करना स्वीकार किया गया है।विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

  ———————

03. शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विभागीय समीक्षा बैठक, अधिकारियों ने दिए प्रभावी शिक्षण के निर्देश।विद्यार्थियों की अधिगम उपलब्धि और बोर्ड परीक्षा तैयारी पर विशेष फोकस, चारामा में हुई समीक्षा बैठक।

— जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने के उद्देश्य से संचालित शिक्षा सुदृढ़ीकरण एवं संवर्धन अभियान के अंतर्गत विभागीय समीक्षा बैठकों की श्रृंखला का अंतिम चरण शनिवार को विकासखंड चारामा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद एवं जिला मिशन समन्वयक नवनीत कुमार पटेल ने विकासखंड के संस्था प्रमुखों, संकुल समन्वयकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की । इस दौरान विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, नियमित एवं प्रभावी अध्यापन, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन), विद्यार्थियों की अधिगम उपलब्धियों तथा सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। समीक्षा बैठक में आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र निर्माण में निर्धारित ब्लूप्रिंट का पालन, कोर कमेटियों की सक्रिय भूमिका, नियमित मूल्यांकन प्रणाली तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए योजनाबद्ध एवं लक्ष्य आधारित शिक्षण पद्धति अपनाना आवश्यक है। बैठक में शासन की विभिन्न छात्रहितैषी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं साइकिल वितरण, मध्याह्न भोजन योजना, नेवता भोज, शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति, विद्यालयों की स्वच्छता, डिजिटल शिक्षण व्यवस्था, पुस्तकालय एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं के प्रभावी उपयोग सहित समग्र शिक्षा अंतर्गत संचालित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद ने शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों को समयपालन, नियमित कक्षाओं का संचालन, सतत मूल्यांकन, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार तथा अभिभावकों से नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में अनुशासित, सकारात्मक एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण तैयार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। जिला मिशन समन्वयक नवनीत कुमार पटेल ने समग्र शिक्षा अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी शिक्षकों से समन्वित प्रयास, नवाचार आधारित शिक्षण तथा सीखने के परिणामों में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक के समापन पर अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा सुदृढ़ीकरण एवं संवर्धन अभियान के माध्यम से जिले के सभी विकासखंडों में शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 ————————

04. जिला स्तरीय वैद्य सम्मेलन में पारंपरिक औषधीय ज्ञान के संरक्षण एवं संवर्धन पर दिया गया जोर।

— छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष  विकास मरकाम के मुख्य आतिथ्य में आज सिंगारभाट स्थित नीलम कक्ष, काष्ठागार डिपो में जिला स्तरीय वैद्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के तीनों वनमंडलों के अंतर्गत आने वाले सभी सात विकासखंडों से बड़ी संख्या में पारंपरिक वैद्यों ने भाग लिया। सम्मेलन में वैद्यों ने अपने पारंपरिक औषधीय ज्ञान, जड़ी-बूटियों के उपयोग तथा उपचार पद्धतियों का आदान-प्रदान किया।मुख्य अतिथि   विकास मरकाम ने वैद्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांकेर जिले के पारंपरिक वैद्य समाज सेवा का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सम्मानजनक कार्य कर रहे हैं। वैद्य न केवल जड़ी-बूटियों के माध्यम से लोगों का उपचार करते हैं, बल्कि औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। छत्तीसगढ़ को “हर्बल स्टेट” के रूप में स्थापित करने में पारंपरिक वैद्यों की अहम भूमिका है। उन्होंने अधिक से अधिक वैद्यों से अपना पंजीयन कराने, औषधीय पौधों के माध्यम से आय बढ़ाने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही स्कूलों में हर्बल गार्डन, औषधीय उद्यान तथा दुर्लभ औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी विशेष बल दिया। श्री मरकाम ने बताया कि प्रदेश में अब तक लगभग 1,300 पारंपरिक वैद्यों का पंजीयन किया जा चुका है। नारायणपुर के पद्मश्री सम्मानित पारंपरिक वैद्य   हेमचंद मांझी का उल्लेख करते हुए उन्होंने सभी वैद्यों को अपने पारंपरिक ज्ञान का संरक्षण करने तथा समाजहित में निस्वार्थ भाव से सेवा करते रहने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष   अंजय शुक्ला ने कहा कि उपचार में उपयोग होने वाली जड़ी-बूटियों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं सुरक्षित भंडारण अत्यंत आवश्यक है। विशेषकर वर्षा ऋतु में औषधीय सामग्री के खराब होने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए उनके उचित संरक्षण पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने दुर्लभ औषधीय पौधों के संरक्षण एवं उनके संवर्धन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।औषधि पादप बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जे.ए.सी.एस. राव ने कहा कि पारंपरिक वैद्य निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने सभी वैद्यों से पंजीयन कराने का आग्रह करते हुए बताया कि जड़ी-बूटियों को पीसने, चूर्ण एवं तरल औषधि तैयार करने के लिए मशीनों की व्यवस्था की जाएगी। इच्छुक वैद्य अपने क्षेत्र के उपयुक्त गांवों में इन मशीनों की स्थापना कर सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल हर्बल गार्डन एवं दुर्लभ औषधीय पौधों के संरक्षण के लिए शासन द्वारा प्रोत्साहन एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सम्मेलन के दौरान विभिन्न ग्रामों से आए वैद्यों ने पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों, जड़ी-बूटियों की पहचान, संग्रहण, संरक्षण एवं उपचार संबंधी अपने अनुभव साझा किए। इस ज्ञान-विनिमय से पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी श्री रौनक गोयल, वैद्य संघ के अध्यक्ष श्री वीर सिंह पद्दा, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के बड़ी संख्या में पारंपरिक वैद्य उपस्थित रहे।

 ————————

05. जिले के मुसुरपुट्टा में नये सामुदायिक भवन का कांकेर विधायक आशा राम नेताम ने किया लोकार्पण।

—गत दिनों ग्राम मुसुरपुटा नयापारा में नव-निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण कांकेर विधायक आशा राम नेताम द्वारा किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा-यह भवन ग्रामीणों की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इस प्रकार के आधारभूत विकास कार्य ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता को भी नई दिशा प्रदान करेंगे।आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामवासियों के साथ मुखातिब हुए, तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते कहा- राज्य सरकार ग्रामीण अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और प्रत्येक गांव तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। ।

  ————————

06. समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु कृषकों का नवीन पंजीयन 31 अक्टूबर तक, गत वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों को इस वर्ष 2026-27 के लिए पंजीकृत माना जाएगा

—खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए ऑनलाईन सोसायटी माड्यूल से 31 अक्टूबर 2026 तक नवीन पंजीयन तथा संशोधन करने के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। विगत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों को आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए पंजीकृत माना जाएगा एवं इसके लिए विगत खरीफ वर्ष में पंजीकृत किसानों की दर्ज भूमि एवं धान के रकबे तथा खसरा को राजस्व विभाग के माध्यम से एग्रीस्टेक पंजीयन पोर्टल में अद्यतन करा लिया जाएगा।राज्य शासन द्वारा एग्रीस्टेक में कृषक पंजीयन कराने हेतु दिशा-निर्देश जारी किया गया है। जारी निर्देशानुसार खरीद कार्यों में पारदर्शिता में सुधार के लिए बायोमेट्रिक आधारित खरीदी प्रणाली गत वर्ष अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में भी लागू रहेगी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु कृषक पंजीयन के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों को आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए पंजीकृत माना जाएगा एवं इसके लिए विगत खरीफ वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों की दर्ज भूमि एवं धान के रकबे एवं खसरे को राजस्व विभाग के माध्यम से एग्रीस्टेक पंजीयन पोर्टल से अद्यतन करा लिया जाए। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में उपार्जन केन्द्रों में धान विक्रय हेतु कृषकों के पास कृषि मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित एग्रीस्टेक पोर्टल के माध्यम से एग्रीस्टेक आईडी/फार्मर आईडी प्राप्त किया जाना अनिवार्य होगा। इस वर्ष कृषकों को कृषि विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के एकीकृत किसान पोर्टल में किसान पंजीयन किये जाने की आवश्यकता नहीं होगी।वन पट्टाधारी, डूबान, शासकीय पट्टेदार, कोटवार, संस्थागत कृषकों को भी धान विक्रय किये जाने हेतु एग्रीस्टेक में पंजीयन किया जाना अनिवार्य होगा। ऐसे कृषक जिन्होंने विगत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान विक्रय हेतु पंजीयन कराया था एवं जिनके पास एग्रीस्टेक फार्मर आईडी तथा किसान कोड उपलब्ध है, उन्हें पृथक से कोई नवीन पंजीयन कराए जाने की आवश्यकता नहीं होगी।खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कृषक पंजीयन के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है, जिसके अनुसार नवीन किसान पंजीयन, विगत वर्ष से पंजीकृत कृषकों के खसरा मैपिंग, बैंक विवरण संशोधन, एग्रीस्टेक पोर्टल के अथोराईजेशन मॉड्यूल का प्रयोग कर अधिया, रेगहा हेतु नॉमिनी पंजीयन तथा वनाधिकार पट्टाधारी, डूबान कृषकों एवं संस्थागत का नवीन पंजीयन 01 जुलाई से 31 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसी प्रकार नॉमिनी संशोधन 01 जुलाई से धान खरीदी की अवधि तक तथा डिजिटल क्राप सर्वे के माध्यम से फसल की प्रविष्टि 15 अगस्त से 31 अक्टूबर तक किया जाएगा।

  ————————

07. ‘ डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार’ हेतु 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित।

– कृषि विभाग द्वारा वर्ष 2026 हेतु ‘डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार’ हेतु कृषकों से 31 जुलाई मे आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदन पत्र प्रोजेक्ट डायरेक्टर आत्मा सह उप संचालक कृषि कार्यालय कांकेर से निःशुल्क प्राप्त कर निर्धारित प्रपत्र में भरकर 31 जुलाई तक जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कृषि विभाग के वेबसाइट www.agriportal.cg.nic.in पर उपलब्ध है।

  ————————

08.बिहान अंतर्गत चार परिवारों के नॉमिनी को मिली बीमित राशि।प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत जिला पंचायत सीईओ ने सौंपे चेक।

— राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी महिलाओं एवं उनके परिजन के मृत्यु होने पर उनके नामांकित सदस्यों को आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी   हरेश मंडावी द्वारा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की बीमा राशि प्रदान की गई। कांकेर विकासखंड के ग्राम मनकेशरी निवासी भूपेश देवांगन एवं पवन पटेल तथा ग्राम बारदेवरी निवासी रामेश्वरी पटेल एवं तेजसिंग दनेलिया की मृत्यु पश्चात उनके नामांकित परिजनों को उक्त बीमा राशि का चेक प्रदान की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत पीआरपी एवं एफएलसीआरपी द्वारा तत्काल बीमा दावा तैयार कर बैंक ऑफ इंडिया एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में जमा कराया गया। बैंक प्रबंधन ने आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कर दावा क्लेम उच्च कार्यालय को प्रेषित कर प्रकरण को स्वीकृत कराया गया, तत्पश्चात नॉमिनी को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजनांतर्गत बीमा राशि प्रदान की गई। बताया गया कि कांकेर विकासखंड में वित्तीय वर्ष 2026-27 अब तक 09 मृतक बीमा दावों का सफलतापूर्वक निपटारा कर संबंधित नॉमिनी को बीमा राशि उपलब्ध कराई गई है।

   ————————

09.पंजीकृत श्रमिकों के ई-केवाईसी कराने सीएससी संचालकों को दिया गया प्रशिक्षण।

  — छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर   विकास नायक एवं   गिरीष कुमार द्वारा जिले के सभी च्वाइस सेंटर (सीएससी) संचालकों एवं वीएलई को श्रमिक पंजीयन, ई-केवाईसी, ऑनलाइन पंजीकरण तथा विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं में तकनीकी संबंधी जैसे- ई-केवाईसी प्रक्रिया, श्रमिक पंजीयन, पोर्टल संचालन तथा योजना संबंधी तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित किया गया, जिसमें पहली पाली में 85 तथा दूसरी पाली में 220 सीएससी संचालकों एवं वीएलई ने भाग लिया। इस प्रकार प्रशिक्षण में 305 सीएससी संचालकों एवं वीएलई को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

 ———————–

10.आधार बायोमेट्रिक अपडेट का विशेष अभियान: विद्यालयों में लगेंगे शिविर। 05 से 07 एवं 15 से 17 वर्ष के बच्चों का मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य।

— भारत सरकार एवं भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के निर्देशानुसार कांकेर जिले में निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों के मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देश पर शिक्षा विभाग के समन्वय से जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पात्र विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट का कार्य किया जाएगा।शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यूआईडीएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार 05 से 07 वर्ष की आयु के बच्चों का प्रथम तथा 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों का द्वितीय मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है। इस प्रक्रिया में विद्यार्थियों के फिंगरप्रिंट, आईरिस (नेत्र पुतली) तथा नवीनतम फोटोग्राफ का अद्यतन किया जाता है, जिससे आधार की प्रमाणिकता बनी रहे और भविष्य में आधार आधारित प्रमाणीकरण संबंधी सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित हो सकें।शिक्षा विभाग द्वारा ऐसे सभी विद्यालयों की पहचान की गई है, जहां पात्र विद्यार्थियों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है। इन विद्यालयों में चरणबद्ध रूप से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों के संस्था प्रमुखों को पात्र विद्यार्थियों की सूची तैयार करने, पालकों को समय पर सूचना देने तथा निर्धारित तिथि पर विद्यार्थियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय में इस अभियान के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जो निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान को मूर्त रूप देंगे। जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश कुमार निषाद ने सभी पालकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के आधार की स्थिति की जांच करें और यदि मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है तो विद्यालय में आयोजित विशेष शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर यह प्रक्रिया अवश्य पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर आधार अपडेट नहीं कराने की स्थिति में भविष्य में आधार आधारित प्रमाणीकरण, छात्रवृत्ति, परीक्षा पंजीयन, शासकीय योजनाओं के लाभ तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। डीएमसी नवनीत पटेल ने बताया कि यह अभियान जिले के प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का आधार अद्यतन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके लिए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों, संस्था प्रमुखों एवं संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 03 जुलाई 2026 शुक्रवार

———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 03 जुलाई  2026 शुक्रवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– 01.संस्कार भारती छत्तीसगढ़ की 23वीं वार्षिक सामान्य सभा संपन्न —कला एवं साहित्य को समर्पित…

आज की टॉप 10 खबर 02 जुलाई 2026 गुरूवार

———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 02 जुलाई  2026 गुरूवार ✍️मनोज जायसवाल.  ———————– 01. विकसित भारत-जी राम जी योजना का शुभारंभ, ग्रामीण परिवारों को अब मिलेगा 125…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *