आज की टॉप 10 खबर 05 जून 2026 शुक्रवार

———————–

संपादकीय-

”रस्म अदायगी ना हो‚ दिल से हो पर्यावरण संरक्षण”

—आज 5 जून सभी को याद आता है कि आज विश्व पर्यावरण दिवस है। बता दें सन् 1972 में संयुक्त राष्ट्र संघ ने स्टाकहोम (स्वीडन) में विश्व भर के देशों का पहला पर्यावरण सम्मेलन आयोजित किया। इसमें 119 देशों ने भाग लिया और पहली बार एक ही पृथ्वी का सिद्धांत मान्य किया। इसी सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) का जन्म हुआ तथा प्रति वर्ष 5 जून को पर्यावरण दिवस आयोजित करके नागरिकों को प्रदूषण की समस्या से अवगत कराने का निश्चय किया गया। तभी से हम प्रति वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस मनाते आ रहे हैं।19 नवंबर 1986 से पर्यावरण संरक्षण अधिनियम लागू हुआ। इसके बाद इस अधिनियम के महत्वपुर्ण बिंदुओं पर काम हुआ। पर धीरे धीरे आज हमें ऐसा लगने लगा है कि आज 5 जून का दिन महज रस्म अदायगी तक सीमित हो गया है। पूरे साल भर प्रकृति के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है तो एक दिन यह दिवस मना देने से पर्यावरण का संरक्षण नहीं हो सकता। हमारे छत्तीसगढ राज्य में ही देखा जाय तो पुर्व में तथा वर्तमान तक भी करोडों रूपये पर्यावरण संरक्षण के नाम पर काफी पैमाने पर वृहद वृक्षारोपण किया गया है‚ लेकिन जमीनी हालात देखा जाय तो जितने पेंड लगाये गये हैं उनकी सुरक्षा नहीं हो पायी है। जिसके चलते स्थिति यह कि पैसे तो खर्च हुए पर फायदा सिफर रहा।जिन शहरों में देखा जाय तो सबसे प्रमुख रूप से वहां से गुजरने वाली नदी प्रदुषित है। नगर पंचायतों से निगमों तक अंतिम निर्णय शहर की गंदी नालियों को अंततः नदी में गिराने के निर्णय हुए हैं। अभी तक पुर्णतः ट्रीटमेंट नहीं किया जा सका जिसके दूरगामी प्रदुषण के परिणाम हम भुगत रहे हैं। निरंतर भुमिगत जल स्त्रोत का दोहन‚ नदियों के कटाव को नहीं रोका जाना। घरों के सामने बाडियों में खेतों में पेंड न लगाया जाना‚ जो पेंड लगाये गये हैं उनकी सुरक्षा न करना।जंगलों की कटाई आदि सब वे कारण हैं जिसके चलते निरंतर तापमान बढा है। इसी महीने के वे कुछ दिन के मध्यप्रदेश के उस शहर का तापमान देखिये जहां 57 से हो गया था। कैसे कटता रहा होगा दिन और रात यह अंदाजा लगाया जा सकता है। बस्तर क्षेत्र देख लीजिए जहां तापमान पेंड पौधों के चलते निश्चित रूप से कम होता है। प्रण कीजिए कि हम अपने घरों एवं आसपास जरूर पेंड लगायें और पर्यावरण प्रदुषण रोकने में अपनी भागीदारी निभायें।

✍️मनोज जायसवाल

———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
05 जून  2026 शुक्रवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

01.  हल्बा समाज भवन केंवटीनटोला का कांकेर विधायक आशा राम नेताम के हाथों लोकार्पण।

चित्र-कांकेर विधायक आशा राम नेताम  आज  केंवटीनटोला(नरहरपुर) में हल्बा समाज  सामाजिक भवन लोकार्पण करते हुए।

—जिलें के ग्राम केंवटीनटोला में हल्बा समाज के नवनिर्मित सामाजिक भवन का विधिवत लोकार्पण कांकेर विधानसभा के विधायक आशा राम नेताम के करकमलों से सम्पन्न हुआ। मौके पर उन्हों कहा- यह भवन समाज की एकता, संस्कृति, परंपराओं एवं सामुदायिक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेगा। आयोजन में हल्बा समाज के सभी सम्मानित सामाजिकजन उपस्थित रहे।

  ———————–

02. निर्माणाधीन नालंदा परिसर व अमोड़ा-नरहरपुर सड़क निर्माण का लिया जायजा, जताई नाराजगी, समय सीमा में कार्य पूर्ण करने दिए निर्देश।

—उप मुख्यमंत्री एवं जिला के प्रभारी मंत्री  साव ने कांकेर प्रवास के दौरान विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। श्रीसाव ने नगर के घड़ी चौक के समीप निर्माणाधीन नालंदा परिसर का स्थल निरीक्षण किया तथा मौके पर किए गए कार्यों की गुणवत्ता परखी। साथ ही संबंधित कार्य एजेंसी व मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि अक्टूबर 2026 तक हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण करें। उन्होंने नगर पालिका के सीएमओ से कहा कि अगली बार प्रवास के दौरान शहर की किसी भी गली का औचक निरीक्षण किया जाएगा तथा किसी प्रकार की गंदगी या अस्वच्छता पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। श्री साव ने यह भी निर्देशित किया कि जिला मुख्यालय की गरिमा के अनुरूप कांकेर शहर में स्वच्छता एवं सुंदरता परिलक्षित होनी चाहिए। इस अवसर पर कांकेर विधायक  आशाराम नेताम, कलेक्टर   निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मण्डावी सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद और नगरवासी उपस्थित थे। इसके पश्चात उन्होंने अमोड़ा-नरहरपुर मार्ग चौड़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य का औचक निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण की धीमी गति को लेकर नाराजगी जाहिर की तथा कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग और संबंधित निर्माण एजेंसी के ठेकेदार को जल्द से जल्द कार्य को पूर्ण करने के लिए अतिरिक्त मानव संसाधन व मशीन उपकरण लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान बताया गया कि उक्त 16 किलीमीटर लंबी सड़क के निर्माण की पूर्णता अवधि फरवरी 2027 को निर्धारित है तथा वर्तमान में पुलियों का निर्माण किया जा रहा है। इस पर श्री साव ने कहा कि बारिश प्रारंभ होते ही निर्माण कार्य रूक जाएगा, अतः इससे पहले यथासंभव संसाधन जुटाकर हर हाल में कार्य प्रारंभ करें। इस दौरान  कांकेर विधायक  आशाराम नेताम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 ———————

03.आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ का महा संकल्प अभियान शहीद स्मारक भवन रायपुर में ।

—आम आदमी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष नरहरपुर जगदीश नेताम ने कहा की आम आदमी पार्टी  छत्तीसगढ़ के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन को संबोधित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का आगमन राजधानी रायपुर में होने जा रही है। 7 जून दिन रविवार 2026 को 11: बजे सेआयोजित होने वाले इस महा सम्मेलन में पार्टी की आगामी रणनीतियों की घोषणा की जाएगी इस भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता और माननीय राज्यसभा सांसद  संजय सिंह   होंगे और कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के नव नियुक्त प्रदेश प्रभारी और दिल्ली से  विधायक मुकेश अहलावत शिरकत करेंगे। दोनों शीर्ष नेताओं के एक साथ छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।जगदीश नेताम ने कहा कि माननीय श्री संजय सिंह जी का मार्गदर्शन और प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत जी का संगठन विस्तार रणनीति छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगी। इस महासम्मेलन में प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों, जिलों और ब्लॉकों से हजारों की संख्या पदाधिकारी, पार्टी कार्यकता हिस्सा लेंगे। महा सम्मेलन के मुख्य अतिथि माननीय   संजय सिंह   होंगे राज्य सभा सांसद (दिल्ली) मुकेश अहलावत   के प्रदेश प्रभारी बनने के बाद संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिल रही है। उनके और संजय सिंह   के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ की जनता के जल, जंगल, जमीन, शिक्षा स्वास्थ्य और बिजली सड़क भ्रष्टाचार मुक्त छत्तीसगढ़ के अधिकारों के लिए एक निर्णायक आम जनता की हक अधिकार की लड़ाई का आवाज बुलंद करेगी जगदीश नेताम ने कहा प्रदेश के सभी पदाधिकारीयों पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील है की शहीद स्मारक भवन रायपुर पहुंच कर इस महासम्मेलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं ।

 ————————

04. ग्राम कोटतरा में उपमुख्यमंत्री श्री साव ने किया सामग्री व किट वितरण ।कहा – योजनाएं कागजों पर नहीं, धरातल पर दिखनी चाहिए,  ग्रामीणों की मांग पर तीन निर्माण कार्यों का ऐलान किया ।

—प्रदेश सरकार द्वारा 01 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार तथा बस्तर मुन्ने कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल व युवा कल्याण मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री  अरूण साव आज चारामा विकासखण्ड के ग्राम कोटतरा पहुंचकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। साथ ही विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओ  के तहत ग्रामीणों को सामग्री एवं उपकरण वितरित किए। इस दौरान उन्होंने नवीन पंचायत भवन का लोकार्पण भी किया। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने ग्राम कोटतरा में आयोजित सुशासन तिहार तथा बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के अंतर्गत समाधान शिविर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति शासन की योजनाओं का लाभ लेने से अछूता न रहे, इसी उद्देश्य से सुशासन तिहार व बस्तर मुन्ने के तहत शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों का संतृप्तिकरण करने के सतत प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हांेने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाएं कागजों पर नहीं, लोगों के घरों और धरातल पर फलीभूत होते दिखनी चाहिए। श्री साव ने ग्रामीणों को आगे बढ़कर तथा जागरूक होकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने ग्राम कोटतरा में नवीन राशन भवन निर्माण के लिए 10 लाख रूपए स्वीकृति करने, ग्राम जामबहार के प्राथमिक शाला में बालक-बालिका शौचालय निर्माण हेतु 01 लाख रूपए तथा ग्राम कांटागांव के आंगनबाड़ी भवन में निर्माण कार्य के लिए 01 लाख 50 हजार रूपए प्रदाय करने की घोषणा की। उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, मिनी बीज किट, राशन कार्ड, मछली जाल एवं आईस बॉक्स वितरित किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नवनिर्मित घर की चाबी हितग्राहियों को सौंपी। इसी तरह उप मुख्यमंत्री द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वधान में पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के रस्म अदायगी की गई तथा दो बच्चो का अन्नप्राशन कराया गया। इसके अलावा तीन कुपोषित बच्चो को सुपोषण किट वितरित किए तथा चार बच्चो को विद्यारंभ प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके पहले उन्होंने ग्राम पंचायत कोटतरा में 18 लाख 42 हजार रूपए की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन का लोकार्पण किया एवं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ   हरेश मंडावी, नागरिक  महेश जैन, राजा देवनानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और काफी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन उपस्थित थे।

  ————————

05.उप मुख्यमंत्री श्री साव ने विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम बड़ेगौरी में किया जल अर्पण, रोपे पौधे, जलजीवन मिशन के ग्रामीणों के घर जाकर ली जानकारी

—प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल व युवा कल्याण मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री  अरूण साव आज सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने अभियान के दौरान जिले के चारामा विकासखण्ड के ग्राम बड़ेगौरी पहुंचे। इस दौरान उन्होने  विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ग्रामीणों के समक्ष जल अर्पण कर जल संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने जल जीवन मिशन की रेट्रोफिटिंग योजना के तहत लाभान्वित ग्रामीणों के घर जाकर स्वच्छ जल की उपलब्धता एवं गुणवत्ता की जानकारी ली। आज दोपहर उप मुख्यमंत्री श्री साव ग्राम पंचायत बड़ेगौरी पहुंचे, जहां पर उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्रामीणों के समक्ष जल अर्पण किया। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री   नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की मंशा है कि प्रत्येक ग्रामीणों को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल मुहैया हो सके। इसके तहत जल जीवन मिशन लागू कर गांव-गांव में तथा सभी घरों में साफ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। यह एक क्रांतिकारी परिवर्तन है, जिससे लोगों का जीवन स्वस्थ एवं खुशहाल बन रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले कुंए या हैण्डपंप का पानी पीते थे, अब घर पर ही सुबह-शाम दो घंटे निर्बाध साफ पानी प्रतिदिन मिल रहा है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन की वास्तविकता जानने हितग्राहियों के घर जाकर उनसे चर्चा की। उन्होंने श्रीमती राजिम बाई नेताम और श्रीमती कोता बाई नेताम के घर जाकर उनसे पेयजल की उपलब्धता के बारे में पूछा, जिस पर उन्होंने प्रतिदिन सुबह-शाम टेप नल से नियमित रूप से पानी मिलने की बात कही। उन्होंने स्थानीय सरपंच श्रीमती गमलेश्वरी नेताम की सराहना करते हुए ग्रामीणों के हित के लिए बेहतर कार्य करने की बात कही। श्री साव ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच ग्रामीणों एवं जल बहनों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत बड़ेगौरी में जल जीवन मिशन के तहत 2 करोड़ 49 लाख रूपए की लागत से पानी टंकी का निर्माण किया गया है तथा रेट्रोफिटिंग योजनांतर्गत 391 घरों में नियमित रूप से पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।  इस दौरान उन्होंने हाई स्कूल प्रांगण में बेल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण करने पर संदेश दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ   हरेश मंडावी, नागरिक   महेश जैन, राजा देवनानी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता श्री के.के. मरकाम, अतिरिक्त मिशन संचालक   ओंकेश चंद्रवंशी, मुख्य अभियंता  जी.एल. लखेरा, कार्यपालन अभियंता श्री कुंदन राणा तथा सहायक अभियंता   राजेश हिरकने सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और काफी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन उपस्थित थे। 

 ————————

06.कृषि महाविद्यालय कांकेर में हुआ आयोजन, महाविद्यालय प्रांगण में प्राध्यापकों और छात्रों ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प  

– ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर आज रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कांकेर में एक गरिमापूर्ण एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी जिम्मेदारी को रेखांकित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. प्रमोद कुमार नेताम द्वारा की गई। उन्होंने ‘पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली’ और स्थानीय पर्यावरण पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि कांकेर और बस्तर अंचल प्राकृतिक रूप से बेहद समृद्ध हैं, लेकिन आधुनिकता की दौड़ में हम अपनी इस अमूल्य धरोहर को खो रहे हैं। बढ़ते तापमान और अनियमित मानसून का सीधा असर हमारी खेती पर पड़ रहा है। एक कृषि महाविद्यालय होने के नाते हमारी यह दोहरी जिम्मेदारी है कि हम न सिर्फ पर्यावरण को बचाएं, बल्कि ऐसी कृषि पद्धतियों को बढ़ावा दें जो प्रकृति को नुकसान न पहुंचाएं। केवल आज के दिन पौधा लगा देना काफी नहीं है, बल्कि उस पौधे के पेड़ बनने तक उसकी संतान की तरह देखभाल करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने छात्रों से प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने और पानी की हर बूंद को सहेजने के लिए वॉटर हार्वेस्टिंग को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. फूल सिंह मरकाम ने पर्यावरण और आधुनिक कृषि के अंतर्संबंधों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाया। उन्होंने कहा कि रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से न केवल हमारी जमीन बंजर हो रही है, बल्कि वह जहरीले तत्व हमारे भोजन के माध्यम से हमारे शरीर में पहुंच रहे हैं। विश्व पर्यावरण दिवस पर हमें यह कसम खानी होगी कि हम जैविक खेती और प्राकृतिक खेती की ओर लौटें। जैव-विविधता को बचाना बेहद जरूरी है, क्योंकि जब तक सूक्ष्मजीव और मित्र कीट सुरक्षित नहीं रहेंगे, तब तक हमारी धरती और पर्यावरण भी सुरक्षित नहीं रह सकते। उन्होंने किसानों और भावी कृषि वैज्ञानिकों (छात्रों) को पारंपरिक बीजों के संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सही दोहन के तरीके बताए। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल दिव्य द्वारा किया गया। विद्यार्थियों की ओर से अपनी बात रखते हुए संगीता मवाली ने युवाओं की जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति उनकी सोच को रेखांकित किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण को स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित रखने की शपथ लेने के बाद एक पेड़ मां के नाम और पर्यावरण सुधार के संकल्प के साथ महाविद्यालय प्रांगण में सघन वृक्षारोपण किया गया। प्रभारी अधिष्ठाता, प्राध्यापकों और छात्रों ने मिलकर विभिन्न छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण व नियमित देखरेख की जिम्मेदारी भी ली।

  ————————

07.बेलर मशीन से पैरा के बंडल बनाकर पराली प्रबंधन का किया गया प्रदर्शन।

—खेत बचाओ अभियान के तहत खेती में नए तकनीक एवं कृषि में मशीनीकरण को बढ़ावा देने एवं पराली को जलाने से हो रहे मिट्टी को नुकसान एवं बढ़ रहे वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से धान की हार्वेस्टर से कटाई के पश्चात बचे हुए धान के पैरा (पराली) को बेलर मशीन से बंडल बनाने के लिए किसानों को प्रेरित किया जा रहा है, साथ ही इसके विधि का जीवंत प्रदर्शन भी किया जा रहा है।वर्तमान में लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच चुका है और ऐसे में गर्मी के फसल के पराली को जलाने से विकराल स्थिति निर्मित हो रही है। इसके समाधान के लिए कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि समवर्ती विभागों द्वारा किसानों को पराली नहीं जलाने और उसके उचित प्रबंधन के लिए बेलर मशीन से बंडल बनाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही वेस्ट डी-कंपोजर जैसे विकल्पों के उपयोग एवं उनका प्रबंधन करने की सुझाव भी किसानों को दी जा रही है। इसी कड़ी में चारामा विकासखण्ड के ग्राम रतेसरा में बेलर मशीन से पराली का बंडल बनाने की विधि का डेमो प्रदर्शन किया गया। यहां पहुंचे कृषि विज्ञान केंद्र कांकेर के कृषि वैज्ञानिक (कृषि अभियांत्रिकी) डॉ. नरेंद्र हरिदास तायडे़ ने बताया कि बेलर मशीन एक घंटे में लगभग एक एकड़ खेत से 35 से 40 बंडल बनाकर देती है, जबकि पारंपरिक विधि में लगभग 05 श्रमिक एक एकड़ के लिए लग जाते हैं। इस प्रकार मशीन के उपयोग से समय की बचत होती है, लागत में कमी आती है एवं पराली का उचित प्रबंधन हो जाता है। इसका उठाव और रखरखाव भी आसान है।इस दौरान ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी महेश कुमार सोनकर ने किसानों को जानकारी देते हुए कहा कि पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभदायक सूक्ष्म जीव नष्ट हो जाते हैं, जो फसलों को पोषक तत्व उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा पराली जलाने से वायु प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग का खतरा भी बढ़ता है। उन्होंने किसानों से बेलर मशीन का उपयोग कर पराली प्रबंधन अपनाने की प्रोत्साहित की। पराली से बंडल बनाने के प्रदर्शन को देखकर किसान उत्साहित हुए और पराली को न जलाकर इसे खेती में उपयोग करने की बात कही।
कार्यक्रम में कृषि अभियांत्रिकी विभाग से यांत्रिक सहायक श्रीमती कल्पना सिंह, ग्राम पंचायत सराधुनवागांव की सरपंच श्रीमती कलिता गोटी, ग्राम पंचायत गोलकुम्हडा के सरपंच श्री सुरेश तेता सहित क्षेत्र के प्रगतिशील किसान रमेश साहू, महेंद्र धनकर, राजू साहू, धनेश्वर कुंजाम, तीरथ सलाम, प्रताप नेताम, प्यारेलाल सलाम, चंदन सिन्हा, भगवान सिंह कुमेटी, कुबेर सिंह राजपूत, बाबूलाल सिन्हा, घनश्याम तिवारी तथा किसान मित्र परशुराम साहू और तुलसी पॉल उपस्थित रहे।

 ————————

08. पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कांकेर पुलिस की पहल , जिला मुख्यालय से लेकर सभी थाना एवं चौकी परिसरों में किया गया वृक्षारोपण। फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का लिया संकल्प। आमजन से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने की अपील। 

-विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिनांक 05 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कांकेर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक  निखिल राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर  आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में डीएसपी   अविनाश ठाकुर, डीएसपी सुश्री प्रतिभा लहरें, डीएसपी सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, डीएसपी श्रीमती कविता धुर्वे, रक्षित निरीक्षक श्री गोविंद वर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करना रहा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आम, नीम, अमरूद, जामुन, कटहल, बेल, आँवला, नींबू एवं सीताफल जैसे फलदार एवं छायादार पौधों का सामूहिक रोपण किया गया।

इन पौधों का चयन उनके पर्यावरणीय महत्व, जैव विविधता संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा भविष्य में जनहितकारी उपयोग को ध्यान में रखते हुए किया गया।इसी क्रम में जिले के समस्त थाना एवं चौकी परिसरों में भी एक साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन किया तथा पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों को भी वृक्षारोपण हेतु प्रेरित किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करते हुए उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें। पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।कांकेर पुलिस द्वारा आयोजित इस वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से समाज को यह सशक्त संदेश दिया गया कि—“आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन, स्वास्थ्य और समृद्धि का आधार बन सकता है। हरित पर्यावरण ही सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य की नींव है।”कांकेर पुलिस द्वारा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।

 ————————

09.पर्यावरण दिवस पर ग्राम पंचायत इच्छापुर में हुआ वृक्षारोपण, महिलाओं और छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

-विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत इच्छापुर में नारी शक्ति महिलाओं, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालयीन छात्रों द्वारा सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत परिसर के समीप विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती प्रतिमा तेता, उप सरपंच श्रीमती किरण गावड़े, महिला वार्ड पंच श्रीमती सुखिया कांगे, साधना कांगे, संध्या तेता, मेघा कांगे, उर्मिला कांगे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधरोपण को गांव के विकास, हरियाली और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान सभी ने पेड़ों के संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने इस पहल को गांव के लिए प्रेरणादायक एवं सराहनीय कदम बताया।

———————–

10.सायकल रैली का आयोजन 07 जून को ।

-जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन 08 जून को सुबह 11 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 242 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि उक्त रोजगार मेला में सिक्युरिटी गार्ड के 100 पद, असिस्टेंट सुपरवाइजर के 20 पद, सिक्युरिटी सुपरवाइजर के 10, मार्केटिंग एक्सक्यूटिव के 08, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 100, काउंसलर के 01 और टीचर के 03 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त रोजगार मेला में उपस्थित होकर या ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।।

 ————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 04 जून 2026 गुरूवार

———————– संपादकीय- ‘हिन्दी सिनेमा की प्रसिद्व अभिनेत्री रही “नुतन”  4 जुन को जन्मदिवस पर सादर………. —नूतन समर्थ बहल जी हिन्दी सिनेमा भारतीय कला जगत में दशक की सबसे प्रसिद्व अभिनेत्री…

आज की टॉप 10 खबर 03 जून 2026 बुधवार

———————– संपादकीय- ‘खुद सामाजिक बहिष्कृत हो तब पता चलेगा’ -समय चक्र का पहिया घुमता है, जब अदालत की कुर्सी पर बैठकर फैसला सुनाने वाली पूर्व जज गिरिबाला सिंह सेंट्रल जेल…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *