———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
19 सितंबर 2026 शनिवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
✍️ 01. राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में हो रही दुर्घटनाओं को देखते समाजसेवाभावी युवाओं ने लखनपुरी डिवाईडर में उगे कंटीले पौधों को काट कर दुरूस्त किया।
वीडियो—लखनपुरी में डिवाईडर में अनावश्यक जगे कंटीले बेर को काट कर हटाते समाजसेवी।
—इन दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में लगातार हादसे हो रहे हैं। धमतरी से जगदलपूर तक सडक का चौडीकरण किया गया,जहां छोटे-छोटे गावों में वन-वे फोरलेन का स्वरूप देते हुए डिवाईडर तो बनाया गया लेकिन कई बार ये डिवाईडर भी हादसों का कारण बना। अंधेरे के कारण नजर नहीं आने के चलते झिपाटोला,लखनपुरी के पास कई बार वाहन हादसों का शिकार हुए तो कई बार इस डिवाईडर के बीचोंबीच उगे कंटीले बेर के पौधे जो अवरोध बनते हैं, की सफाई विभाग द्वारा नहीं किये जाने के चलते हादसों को न्यौता देते रहे हैं। लोगों की जान अमूल्य है, हादसा ना हो इसे ध्यान में लेते लखनपुरी के सेवाभावी युवाओं ने पत्रकार मनोज जायसवाल के विचार मार्गदर्शन में कंटीले बेर एवं अनावश्यक घांसफूंस को हटाया गया। बचा कार्य भी आगामी दिनों में किया जायेगा। इस कार्य की लोगों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की है।
———————–
✍️ 02. सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता आयोजित। न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों में सहभागिता और सामाजिक अपनत्व की भावना को दिया बढ़ावा।

— सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कांकेर जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, सेवा भावना, विकसित भारत-2047, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं अपने सपनों के भारत जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और भविष्य के भारत की कल्पना को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। भाषण प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। उन्होंने देश के विकास में युवाओं एवं विद्यार्थियों की भूमिका, सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।इसी क्रम में विद्यालयों में न्योता भोज का आयोजन भी किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं समुदाय के सदस्यों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भोजन किया और विद्यालय परिवार एवं समुदाय के साथ मिलकर कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक संपन्न किया। न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, सहभागिता एवं सामाजिक अपनत्व की भावना को बढ़ावा दिया गया।उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 18 सितंबर को आयोजित ’मेरे सपनों का भारत” चित्रकला प्रतियोगिता’ में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए उत्कृष्ट चित्रों की प्रदर्शनी भी विद्यालयों में लगाई गई। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत को रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, रचनात्मकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा और विचारों को व्यक्त करने के लिए मंच प्रदान किया जा रहा है।।
———————–
विज्ञापन

———————–
✍️ 03. नरहरपुर में रक्तदान शिविर आयोजित, 28 युवाओं ने किया रक्तदान।

—सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “सेवा संकल्प अभियान-सेवा मेरा योगदान” के तहत उत्तर बस्तर कांकेर जिले में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में नरहरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के 28 युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, इनमें एक रक्तदाता नरहपुर निवासी श्रीमती मौसमी साहा भी शामिल है। रक्तदान शिविर के अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सीएमओ डॉ. आरसी ठाकुर, बीएमओ डॉ. प्रशांत सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।भानुप्रतापपुर में 20 सितम्बर को रक्तदान शिविर आयोजन
भानुप्रतापपुर के एसएसबी में रविवार 20 सितम्बर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिला प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक युवाओं को रक्तदान कर भागीदारी करने की अपील की गई है।
————————
✍️ 04.जिले में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक लगेगा मेगा स्वास्थ्य शिविर।
— “सेवा संकल्प अभियान के तहत कांकेर जिले के विभिन्न विकासखंडों में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक मेगा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। शिविरों की थीम “सभी के लिए स्वस्थ जीवन” रखी गई है। शिविरों में चिकित्सा सेवा, टीकाकरण एवं दवाई वितरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 सितंबर को कांकेर विकासखंड के ग्राम मोदे के शासकीय हाई स्कूल प्रांगण में, 01 अक्टूबर को चारामा विकासखंड अंतर्गत ग्राम हल्बा के मेलाभाठा स्थल, 02 अक्टूबर को कांकेर जिला मुख्यालय के जनकपुर वार्ड स्थित मेलाभाठा रंगमंच, 03 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत परिसर, 04 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर के ग्राम तारांदुल स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर तथा 05 अक्टूबर को दुर्गूकोंदल के ग्राम कोड़ेकुर्से स्थित दुर्गा मंच में शिविर आयोजित होगा। इसी क्रम में 06 अक्टूबर को नरहरपुर विकासखंड के ग्राम मांडाभर्री स्थित पंचायत भवन परिसर, 07 अक्टूबर को अंतागढ़ के ग्राम आमाबेड़ा स्थित बाजार स्थल दुर्गा चौक तथा 10 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा के ग्राम माहला स्थित प्राथमिक शाला खेल मैदान में मेगा स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। जिला प्रशासन ने लोगों से निर्धारित तिथि एवं स्थल पर पहुंचकर शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।
————————
✍️ 05. सोलर पैनल तकनीशियन एवं असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स में निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए 25 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित।
—जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में 30-30 सीटों पर सोलर पैनल तकनीशियन एवं असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए इच्छुक युवाओं से 25 सितंबर तक लाइवलीहुड कॉलेज, गोविंदपुर कांकेर में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिले के ऐसे युवा, जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है और जो इस प्रशिक्षण से जुड़कर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं। वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज की फोटो एवं निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।।
————————
✍️06. ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपीएटी वेयर हाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण।

—भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशानुसार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के गोदाम का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर आस्था बोरकर एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों – भारतीय जनता पार्टी से प्रदीप जायसवाल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से अजय रेणु सिंह एवं बहुजन समाज पार्टी से हेमंत पटेल की उपस्थिति में आज बैलेट यूनिट एवं कंट्रोल यूनिट तथा व्हीव्हीपैट वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।
————————
✍️07. ’सेवा संकल्प अभियान’ जिलेभर में रक्तदान और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन।
— सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 09 स्थलों में जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किए जाएंगे वहीं 11 स्थानो पर जिला स्तरीय रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें से गत 17 सितम्बर को मेडिकल कॉलेज कांकेर में रक्तदान शिविर आयोजित की गई। शनिवार 19 सितम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहरपुर, 20 सितंबर को एसएसबी भानुप्रतापपुर, 23 सितंबर को चारामा, 26 सितंबर को धनेलीकन्हार, 28 सितंबर को दुर्गूकोंदल, 29 सितंबर को सिटी सेंटर मॉल स्थित संत निरंकारी चौरिटेबल संस्था, 30 सितंबर को अंतागढ़ तथा 7 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर और 8 अक्टूबर को पखांजूर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 10 अक्टूबर को कांकेर के धनेलीकन्हार में मेगा हेल्थ कैंप के साथ रक्तदान शिविर भी आयोजित होगा।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरसी ठाकुर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। कांकेर विकासखण्ड के ग्राम तुलतुली में 30 सितंबर, चारामा विकासखण्ड के ग्राम हल्बा 01 अक्टूबर, नगर पालिका कांकेर मंे 02 अक्टूबर, कोयलीबेडा 3 अक्टूबर, भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम तरांदुल 04 अक्टूबर, दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम कोड़ेकुर्से 5 अक्टूबर, नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम मांडाभर्री 06 अक्टूबर और 07 अक्टूबर को अंतागढ़ विकासखण्ड के ग्राम आमाबेड़ा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। इसी प्रकार 10 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के ग्राम माहला में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन भी किया जाएगा। ।
————————
✍️08. नरहरपुर क्षेत्र के जामगांव में कांकेर विधायक का जनसंपर्क कार्यक्रम अंतर्गत भेंट मुलाकात,संवाद।

—आज ग्राम जामगांव (नरहरपुर) में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट एवं संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी सुझावों से अवगत कराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा-जनसंपर्क केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की बात को करीब से समझने और उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने का अवसर भी है। ग्रामवासियों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके यथासंभव समाधान की दिशा में आवश्यक पहल का प्रयास किया जाएगा।हमारा प्रयास है कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचे और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए। जनता के बीच रहकर, जनता की बात सुनकर और जनता के विश्वास के साथ क्षेत्र की सेवा करना ही हमारा संकल्प है।
——————-
✍️09. दुधावा निवासी आम आदमी पार्टी के नेता जगदीश नेताम को कांकेर जिला, किसान प्रकोष्ठ, जिला अध्यक्ष बनाया गया है‚ उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

———————–
✍️
10. जिले के सबसे बडे ग्राम कोदागांव में आयोजित विश्वकर्मा जयंती समारोह में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।
— जिले के सबसे बडे ग्राम कोदागाँव में भगवारन विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने इस पावन अवसर पर भगवान विश्वकर्मा जी का विधिवत पूजन-अर्चना कर समस्त शिल्पकारों, कारीगरों, श्रमिकों एवं निर्माण कार्यों से जुड़े मेहनतकश साथियों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा- भगवान विश्वकर्मा की आराधना हमें यह संदेश देती है कि कौशल, परिश्रम और सृजनशीलता समाज और राष्ट्र के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्तियों में से हैं। अपने हुनर और मेहनत से देश के विकास में योगदान देने वाले प्रत्येक श्रमवीर का सम्मान हमारा दायित्व है।
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————





