आज की टॉप 10 खबर 01 जून 2026 सोमवार

———————–

संपादकीय-

”प्रतिभा” सबको झुका देती है

-कला संगीत जगत जो आपकी जीने की लालसा जगाती है, तो साहित्य आपके अच्छे पथ पर प्रशस्त होने का अच्छे जीवन जीने का शुभ संदेश। बाकी द्वेश,क्लेश,विद्वेश के लिए तो बात राजनीतिक मंच ही नहीं अब तो सामाजिक मंच भी बेहतर मंच साबित हो रहे हैं। किस कदर एक साथ कुर्सी में बैठ कर चाय पीने वाले एक दूसरे के लिए दुर्भावनापूर्ण कलुषित सोच रखते हुए समय आने पर देख लेने का विचार मस्तिष्क में मथ रहा होता है,यह किसी को नजर नहीं आएगा, लेकिन बहुत जल्द होने वाली लडाई में जब अलग-थलग पडते हैं तब लोगों को आश्चर्य होता है कि वे तो भाई-भाई जैसे चलते थे।
ऐसे कैसे हो गया? आम लोगों के लिए आश्चर्य जरूर लगे पर जो जुड़े हैं,उनके लिए कोई आश्चर्य की बात नहीं है। किसी पत्रकार, कलमकार के लिए तो और भी आश्चर्य की बात नहीं वे तो इनकी थोथी मित्रता के गवाही जो होते है,लेकिन इन्हें भी पार्टी नहीं बनना है। इस प्रकार का क्लेश,इस प्रकार की भावनाएं साहित्य कला संगीत में नही दिखायी देती। हालांकि राजनीतिक सर्पोटिंग के चलते पीडित इस जगत के लोग भी होते हैं,लेकिन इस बात को ये विषय कभी नहीं बनाते।
ऐसा धैर्य दूसरे क्षेत्र में दिखायी नहीं देता। क्या कारण है कि एक गरीब प्रतिभा को सिर आंखों पर लिया जाता है, पैसे वाले भी उनके चरणों में सिर झुकाते हैं, यह उनकी प्रतिभा के चलते ही है,वरना धन संपदा वालों के नाम देखते कोई प्रतिभा सिर नहीं झुकाते। यही चाहे कला संगीत हो या साहित्य लेखन कला की प्रतिभा जो हर किसी को झुकाने बाध्य करती है। किसी का धन संपदा,वैभवशाली होना यह उनकी बात,उन्हें सलाम! इस जगत में इसका कोई रोल नही है,आपको तौलना तौलाना है तो आप सत्ता के मंच पर जा सकते हैं,जहां आपका स्वागत होगा।
किसी लेखक,लेखिका के विचारोत्तेजक आलेख रचनाएं किसी के लिए टार्गेट नहीं होते। यह तो कलम है,जो सबसे परे चलती जाती है। साहित्य प्रतिभा के लिए कलम और कला संगीत प्रतिभा के लिए संगीत उनका साथी है। दोनों प्रतिभाओं को यह मत पूछिए कि आप कैसे गायन और लेखन कर लेते हैं,यह तो ईश्वर प्रदत्त है… बस… आपको यदि स्नेह रखते हैं तो बात कीजिए वरना चाटूकारिता हमारी फितरत में हमारे जगत में नहीं है।
✍️मनोज जायसवाल

———————–

कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
01  जून  2026 सोमवार

✍️मनोज जायसवाल

 ———————–

01. कांकेर पुलिस को थाना बांदे के मुकेश विश्वास  अंधे हत्या की गुत्थी को सुलझाने में मिली अहम सफलता। एक वर्ष पूर्व मृतक द्वारा पत्नी के साथ तलाक को लेकर चलते विवाद पर हुयी थी मृतक की हत्या ।

—-पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि- कांकेर पुलिस द्वारा जिले में लंबित गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना बांदे क्षेत्र में वर्ष 2025 में घटित एक जघन्य एवं अंधे हत्या (ठसपदक डनतकमत) के प्रकरण का सफल खुलासा किया गया है। लगभग एक वर्ष से अनसुलझे इस मामले में पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों तथा लगातार की गई सूक्ष्म विवेचना के आधार पर हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया है।दिनांक 24 मई 2025 को थाना बांदे क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। मृतक की पहचान मुकेश विश्वास निवासी दल्लीराजहरा जिला बालोद के रूप में हुई। घटनास्थल निरीक्षण के दौरान मृतक के दोनों हाथों एवं उंगलियों में जलने के निशान पाए गए। मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं वैज्ञानिक परीक्षणों में मृत्यु का कारण विद्युत करंट लगना पाया गया। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य प्राप्त नहीं होने के कारण मामला पूर्णतः ब्लाइंड मर्डर के रूप में सामने आया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अषोक कुमार राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखाजूर राकेश कुमार कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(सायबर) दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन   एवं अनु. पुलिस अधिकारी पखांजूर रवि कुमार कूजूर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बांदे एवं सायबर सेल प्रभारी के नेतृत्व में एक संयुक्त विषेष टीम गठित कर एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अंधे कत्ल के निराकरण हेतु पुनः विवेचना प्रारंभ की गई। गठित विषेष टीम द्वारा विवेचना के दौरान मृतक के पारिवारिक, सामाजिक एवं व्यक्तिगत संबंधों की विस्तृत पड़ताल की गई। सायबर सेल के तकनीकि विश्लेषण में यह तथ्य सामने आया कि मृतक की पत्नी सरस्वती विश्वास एवं आरोपी इन्द्रजीत दास के बीच लगातार संपर्क था। तकनीकी साक्ष्यों एवं पूछताछ से यह भी ज्ञात हुआ कि दोनों के मध्य लंबे समय से अवैध संबंध था, जिसकी जानकारी मृतक को हो चुकी थी तथा इसी कारण पारिवारिक विवाद लगातार बढ़ रहा था। विवेचना में यह तथ्य भी सामने आया कि मृतक अपनी पत्नी से तलाक लेने की तैयारी कर रहा था। इस परिस्थिति में आरोपियों ने मृतक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत मृतक को धोखे से बुलाकर आरोपी रंजीत सरकार के खेत स्थित लाड़ी में ले जाया गया, जहां आरोपियों द्वारा मृतक को अत्यधिक मात्रा में शराब पिलाकर उसके अचेत अवस्था के दौरान आरोपी रंजीत विष्वास के खेत में ट्युबवेल मषीन के लिये प्रयुक्त विद्युत तार के माध्यम से करंट प्रवाहित कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद घटना को दुर्घटना अथवा सामान्य मृत्यु का स्वरूप देने का प्रयास किया गया ताकि पुलिस जांच को भ्रमित किया जा सके।

लगातार तकनीकी निगरानी, वैज्ञानिक विश्लेषण, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों एवं संदिग्धों से गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए पूरी साजिश का पर्दा फास करने में पुलिस को अहम सफलता प्राप्त हुयी। आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर उनके निशानदेही मे हत्या में प्रयुक्त विद्युत तार, मोबाइल फोन एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा घटनाक्रम का पुनर्निर्माण  भी किया गया, जिससे घटना के प्रत्येक चरण की पुष्टि हुई।

प्रकरण में सरस्वती विश्वास, इन्द्रजीत दास, सुरेन्द्र बछाड़ एवं रंजीत सरकार सभी आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायलय के समक्ष न्यायिक रिमांड हेतु पेश कर सभी का न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है।

  ———————–

02. पंचायतों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने रेत खदानों से बढ़ी आय, अवैध उत्खनन पर की जा रही सख्त कार्रवाई ।

—पंचायतों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिले में सरपंचों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों के आधार पर चारामा एवं दुर्गकोंदल क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में 16 रेत खदानों का संचालन किया जा रहा है। इनमें ग्राम पंचायत माहुद, भिलाई, तांसी पार्ट-2, तांसी पार्ट-3, तेलगुड़ा, भिरौद, करिहा, हाराडुला, बासनवाही, अरौद, किलेपार, भर्रीटोला, तारसगांव, भंडारडिगी, गुदुम एवं परभेली शामिल हैं। इन खदानों का संचालन पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त कर नियमानुसार किया जा रहा है।जिला खनि अधिकारी ने बताया कि रेत खदानों के संचालन से संबंधित ग्राम पंचायतों को रॉयल्टी मद में 1 करोड़ 19 लाख 93 हजार 500 रुपये तथा प्रीमियम मद में 2 करोड़ 58 लाख 43 हजार 160 रुपये की आय प्राप्त हुई है। वहीं जिले को डीएमएफ मद में 16 लाख 88 हजार 950 रुपये प्राप्त हुए हैं। शासन द्वारा रेत खनन नियमों में संशोधन के उपरांत इन खदानों से शासन को 51 लाख 57 हजार 572 रुपये रॉयल्टी, 1 करोड़ 11 लाख 40 हजार 355 रुपये प्रीमियम तथा 5 लाख 15 हजार 757 रुपये डीएमएफ राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर भी लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से मई माह तक अवैध उत्खनन के 8 प्रकरण दर्ज कर 9 मशीनों एवं 15 वाहनों को जब्त किया गया तथा 7 लाख 9 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया। इसी अवधि में अवैध परिवहन के 51 प्रकरणों में 9 लाख 71 हजार 992 रुपये तथा अवैध भंडारण के 4 प्रकरणों में 4 मशीनों एवं 10 वाहनों की जब्ती के साथ 2 लाख 10 हजार रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया।इसके अतिरिक्त स्वीकृत खदानों का संचालन नियमों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित संचालकों पर 3 लाख 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है तथा खदानों का संचालन नियमानुसार सुनिश्चित कराया जा रहा है। वर्षा ऋतु में रेत की उपलब्धता बनाए रखने के लिए जिले में 16 अस्थायी रेत भंडारण स्थलों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें नवागांव, अरौद, जैसाकर्रा, गोड़पाल, कर्राजैसा, बाबूकोहका, चिनौरी, सराधुनवागांव, माहुद, बासनवाही, किलेपार, डांगरा, करिहा, करिहा-01 सोनादाई तथा गढ़पिछवाड़ी सहित अन्य स्थान शामिल हैं।जिला स्तर पर गठित टास्क फोर्स समिति द्वारा साप्ताहिक बैठकों में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित शिकायतों एवं कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जा रही है, जिससे खनिज संसाधनों का संरक्षण एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित किया जा सके
 ———————

03. जगदलपुर, बिलासपुर व अम्बिकापुर हवाई अड्डों से नियमित उड़ान संचालित हो रही।

—छत्तीसगढ़ राज्य में क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के अंतर्गत जगदलपुर, बिलासपुर एवं अम्बिकापुर हवाई अड्डों से विभिन्न गंतव्यों के लिए नियमित विमान सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इन सेवाओं का संचालन एलायंस एयर एवं इंडिगो एयरलाइंस द्वारा किया जा रहा है।कार्यालय संभागायुक्त बस्तर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदलपुर हवाई अड्डा से रायपुर एवं हैदराबाद, बिलासपुर हवाई अड्डे से अम्बिकापुर, प्रयागराज और कोलकाता तथा अम्बिकापुर हवाई अड्डे से दिल्ली, कोलकाता और बिलासपुर की नियमित विमान सेवाएं प्रारंभ हो गई हैं। कलेक्टर   निलेशकुुमार महादेव क्षीरसागर ने सभी विभागों व कार्यालय प्रमुखों को इन विमान सेवाओं के उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शासकीय सेवकों के आधिकारिक भ्रमण व दौरों के लिए यथासंभव इन उड़ानों के उपयोग को प्राथमिकता देने के लिए भी कहा है।

 ————————

04. रोजगार मेला का आयोजन 08 जून को

— जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोड़ेजुंगा कांकेर में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन 08 जून को सुबह 11 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा 242 रिक्तियों के आधार पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि उक्त रोजगार मेला में सिक्युरिटी गार्ड के 100 पद, असिस्टेंट सुपरवाइजर के 20 पद, सिक्युरिटी सुपरवाइजर के 10, मार्केटिंग एक्सक्यूटिव के 08, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 100, काउंसलर के 01 और टीचर के 03 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक उक्त रोजगार मेला में उपस्थित होकर या ई-रोजगार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन https://erojgar.cg.gov.in/ पर अपना सम्पूर्ण बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियोक्ता द्वारा प्राथमिक चयन कर साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसकी सूचना पृथक से फोन के माध्यम से आवेदक को दी जाएगी।

  ————————

05. नागरिकों की शिकायतों का निराकरण अब ‘सीएम हेल्पलाइन‘ से, जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न।

— शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित आमजन से प्राप्त शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ‘‘सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली‘‘ व्यवस्था विकसित की गई है, जिसमें आमजनता की शिकायतों का निराकरण समय-सीमा में पूर्ण पारदर्शिता के साथ होगा। इसके प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों के समयबद्ध निराकरण तथा मैदानी स्तर पर सुचारू संचालन सुनिश्चित किये जाने के उद्देश्य से आज सुबह 10.30 बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में कलेक्टर  निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर तथा एसपी श्री निखिल राखेचा की उपस्थिति में जिला स्तरीय प्रशिक्षण दिया गया। इसमें ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े।कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से जनसामान्य की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। सुशासन सरकार (गुड गवर्नेंस) में इसके लिए प्रतिक्रिया आधारित एक मजबूत और जवाबदेह फ्रेमवर्क तैयार किया जा रहा है, ताकि हर शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। आम जनता को समर्पित इस अभिनव पहल से लोगों को सीधी पहंुच की सुविधा मिलेगी, पारदर्शिता बढे़गी और शासन-प्रशासन की सेवाओं की पहुंच हर स्तर पर अधिक सशक्त होगी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण बिंदुओं और पोर्टल के तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझने कहा।राज्य स्तर से गठित अधिकारियों के प्रशिक्षण दल के प्रमुख एवं सुशासन एवं अभिसरण विभाग के अधिकारी  आर.के. शर्मा तथा सूचना प्रौद्योगिकी प्रबंधक   सौरभ श्रीकांत द्वारा सीएम हेल्पलाइन के प्रावधान, संचालन एवं समस्याओं के निराकरण किये जाने हेतु प्रेजंेटेशन के माध्यम से जिला स्तरीय अधिकारियों को विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। इसके लिए टोल फ्री नंबर- 1076 या 18002333300 अथवा वेबसाइट के लिंक https://cmhelpline.cg.gov.in पर आम नागरिक द्वारा शिकायत दर्ज की जा सकती है। इस दौरान बताया गया कि सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली के तहत प्रदेश का कोई भी नागरिक टोल फ्री नंबर 1076 सहित वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप जैसे आधुनिक किसी भी मल्टी चैनल माध्यम से कॉल करके 24×7 अपनी शिकायत आसानी से दर्ज करा सकता है। शिकायत दर्ज होते ही उन्हें एक विशिष्ट पहचान संख्या मिलेगी, जिसके माध्यम से शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत की पूरी स्थिति किस विभाग में, किस अधिकारी के पास लंबित है, और कार्यवाही हुई या नहीं, इसके साथ ही समाधान में कितना समय लगेगा इसके बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी। कार्यशाला में यह भी बताया गया कि शिकायत दर्ज होने के बाद उसे संबंधित विभाग और अधिकारी तक तुरंत पहंुचाया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम से जुडी होगी, जिसमें हर स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और शिकायतों के अनावश्यक लंबित रहने की संभावना नहीं होगी। इसके लिए ब्लॉक, जिला, संभाग तथा राज्य स्तरीय निराकरण और निगरानी के लिए एल-1 से एल-4 तक चैनल तैयार किया गया है, जिससे शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता की रियल टाइम मॉनिटरिंग शासन स्तर पर की जा सकेगी।
आवेदक की संतुष्टि पर आधारित होगा समाधान
कार्यशाला में यह भी जानकारी दी गई कि नागरिकों का फीडबैक इस पूरी प्रणाली की सबसे बड़ी ताकत है। समाधान होने के बाद संबंधित नागरिक से सीधे संपर्क कर उसकी प्रतिक्रिया ली जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि समस्या का वास्तव में समाधान हुआ है या नहीं। व्यक्ति अगर समाधान से संतुष्ट होता है, तभी शिकायत का पूर्ण निराकरण माना जाएगा। लेकिन यदि काई असंतुष्ट है तो शिकायत स्वतः सक्रिय हो जाएगी। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी। रियल टाइम मॉनिटरिंग की इस व्यवस्था से प्रशासन अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और सक्रिय बनेगा, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का तेजी से निराकरण सुनिश्चित होगा। कार्यशाला में जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम कांकेर  अरूण वर्मा सहित जिला स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

 ————————

06.जनगणना 2027: प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य पूर्ण, 01 से 30 मई तक किया गया भवन सूचीकरण व गणना का कार्य

-जनगणना 2027 के तहत प्रथम चरण में जिले में निर्धारित समयावधि 1 मई से 30 मई 2026 को मकान सूचीकरण तथा मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। यह सूची आगामी फरवरी 2027 में होने वाली जनसंख्या गणना के लिए आधार का कार्य करेगी।कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रगणकों ने घर-घर पहुंचकर मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से जानकारी संकलित की गई। इस दौरान भारत सरकार द्वारा अधिसूचित 33 बिंदुओं पर मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं तथा परिवारों की परिसंपत्तियों से संबंधित आंकडे एकत्र किए गए। संकलित सभी जानकारी को सुरक्षित रूप से भारत सरकार के सर्वर में संग्रहित किया गया है। अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी  जितेन्द्र कुर्रे ने बताया कि जिले की 11 तहसीलों और 06 नगरीय निकायों में यह कार्य संपादित किया गया। इसके लिए 11 ग्रामीण चार्ज और 06 नगरीय चार्ज बनाए गए थे, जिनके अंतर्गत कुल 1622 मकान सूचीकरण गणना ब्लॉक गठित किए गए थे। जनगणना अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 1882 अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी। इनमें 01 प्रमुख जनगणना अधिकारी, 01 जिला जनगणना अधिकारी, 17 चार्ज अधिकारी, 2 मास्टर ट्रेनर, 32 फील्ड ट्रेनर, 1536 प्रगणक और 268 पर्यवेक्षक शामिल थे। उन्होंने बताया कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचने की चुनौतियों के बावजूद प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय में प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पूरा किया। जिले का कोई भी क्षेत्र गणना कार्य से वंचित नहीं रहा और नागरिकों ने भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।कलेक्टर   निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण की सफलता पर जिलेवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन सहयोग के कारण ही यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान सफल हो पाया है। उन्होंने फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले द्वितीय चरण ‘जनसंख्या गणना’ में भी नागरिकों से इसी प्रकार सहयोग करने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियमावली 1990 के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा इनका उपयोग केवल नीति निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किया जाएगा।

  ————————

07. साप्ताहिक बाजार में विद्यार्थियों से मुखातिब होते हुए कांकेर विधायक ने चर्चा की।

—कांकेर विधायक आशा राम नेताम द्वारा आज क्षेत्र के ग्राम पटौद साप्ताहिक बाजार पहुंचकर सब्जी व्यापारियों से चर्चा की तथा स्थानीय उत्पादों की खरीदी कर उनके कार्य एवं बाजार व्यवस्था से जुड़ी आवश्यकताओं को समझा।मौके पर बाजार में सब्जी लेने आई बिटिया रानियों से उनकी शिक्षा, भविष्य की संभावनाओं एवं कैरियर संबंधी विषयों पर संवाद किया।चर्चा के दौरान उच्च शिक्षा, उपयुक्त विषय चयन, कौशल विकास एवं बदलते समय में रोजगारोन्मुखी स्किल्स के महत्व पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। विद्यार्थियों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को सुनते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में ज्ञानपथ कार्यक्रम का आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से दसवीं एवं बारहवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को विशेषज्ञों द्वारा कैरियर गाइडेंस, उच्च शिक्षा एवं भविष्य निर्माण संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी।

 ————————

08. कांकेर विधायक ने गर्मी से बचने का लोगों से आव्हान किया। 

– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज जिला अस्पताल कांकेर में नागरिकों एवं अस्पताल परिसर के सामने ठेला लगाकर आजीविका चलाने वाले व्यापारियों को भीषण गर्मी एवं लू से बचाव हेतु तपती  धूप में आशा की पहल के अंतर्गत कांकेर विधायक आशा राम नेताम एवं भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ ग्लूकोज़-डी,ओआरएस पैकेट एवं गमछा वितरित कर धूप से बचने का आग्रह किया।प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में भी नागरिकों से गर्मी और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने का आग्रह किया है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए सभी से पर्याप्त पानी पीने, ओआरएस का सेवन करने, धूप में निकलते समय सिर को ढंकने एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। इस दौरान अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
 ————————

09.आज कांकेर में आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग सीजन-3 के अंतर्गत बस्तर बाइसन टीम के जर्सी लॉन्च कार्यक्रम में कांकेर विधायक आसाराम नेताम ी, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया। 

———————–

10.जिले में रबी धान की फसल का 95 प्रतिशत धान कटाई कार्य पूर्ण। इस बार तनाछेदक के चलते किसानों की फसल हुई कम।मंडी में धान की दर भी इस बार कम। 

 ————————

शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…

 ————————

नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास  किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏

————————

 

Related Posts

आज की टॉप 10 खबर 31 मई 2026 रविवार

  ———————– कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से …. 31  मई  2026 रविवार ✍️मनोज जायसवाल  ———————– 01. कांकेर पुलिस की बड़ी सफलता : चोरी के 16 प्रकरणों में अंतर्राज्यीय गिरोह…

आज की टॉप 10 खबर 30 मई 2026 शनिवार

 ———————– संपादकीय- ‘पत्रकारों को दिली सम्मान,नमन करें.’ -पत्रकारिता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं…मंजे हुए पत्रकारों लेखकों, बुद्विजीवियों के ही कलम से मिली। प्रतिदिन अपनी जमीन जिंदा रखने के लिए, हर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *