———————-
संपादकीय-
”एंटी इन्कंबेसी आपका पीछा नहीं छोडेगी”
-अच्छा हो आप अभी से ऑट्स आफ लिविंग के साथ लोकजीवन में अपने को ऐसा बनाईये कि आप भी किसी कलमकार पत्रकार का विषय बन सकें और वो आपके लिए अच्छा लिखे। साहित्य समाज का दर्पण है‚आप लोगों से अच्छा सलुक करेंगे‚अच्छा रहेंगे जन में आपका अच्छा संदेश जायेगा। याद यह भी रखें कि सत्ता सुख भोग कर उससे अंतहीन दूर होने वाले लोग भी इसी समाज के अंदर उपेक्षित जीवन भी जी रहे हैं।
आपकी अपनी ऐसी क्या प्रतिभा रही कि किसी पत्रकार की लेखनी का अंग बने? आपके संदर्भ यदि आप किसी कलमकार का विषय नहीं बने तो खुद के मुंह से खुद की वो बडाई करने से क्या मिलेगा?जहां आपकी आभा मंडल ही प्रसुप्त है!कुछ लोग किसी स्तर पर निर्वाचित या नियुक्त तो हो जाते हैं,लेकिन वे खुद अपने आपको नहीं बना पाते। इनके लिए यह सलाह सबसे अच्छी है,जो आध्यात्मिक जगत में भी माना जाता है कि दिन भर का पांच मिनट का समय भी तो अपने आपको दें। दैनिक क्रियाकर्म से लेकर अपनी आजीविका के क्रियाकर्म से सोते तक सिर्फ अन्य ख्वाहिशों में समय गुजारा जाना।महज पांच वर्ष की अल्पकालीन सत्ता के लिए घमंड करना। सत्ता खुद का भी नहीं किसी रिश्ते के नाम पर। हर व्यक्ति चाहे वह कितना अर्थ उपार्जन कर ले,चाहता है कि दूसरे भी उन्हें जाने। लेकिन दूसरे लोग आपको जाने अपने में कभी किन्हीं विषयों पर गहन विचार मंथन,खुद को लेकर कभी सोचा है? शायद..! क्योंकि यदि कोई सियासी सत्ता में है,तो आने वाले पांच साल के बाद के चुनाव में उतरने के लिए कैसे पैसे बहाना है। फलां..फलां..!
लेकिन जब आम जनता के द्वारा मौका मिलने के बाद भी आर्ट आफ लिविंग यानि कि जीवन जीने की कला ही नहीं जान पाए। कभी सत्ता प्रतिनिधित्व का घमंड तो कभी अपनी आर्थिक हैसियत का। और इन सबसे आम लोगों को कोई सरोकार नहीं है,ना कोई आस! यह मुगालते में ना रहे कि आने वाले पांच वर्ष बाद भी आप कोई प्रतिनिधि रहेंगे ! एंटी इन्कंबेसी शब्द जो कि आज बहुत प्रचलित है,सुना होगा। इसका विस्तृत अर्थ हिंदी में जरूर समझ लीजिए और विचार कीजिए कि सच में खुद में अल्पकालीन सत्ता का घमंड कितना क्षणिक है। एंटी इन्कंबेसी आपकी अगली पायदान में जरूर रास्ता रोक सकती है। याद रखें आम जनता जिनके मतों के आशीर्वाद से कुर्सी मिली उसी जनता ने कई कुर्सियां बदल दी है।फिर आज जब आप किसी कलमकार की कलम का अंग नहीं बन सके हैं,आपके बारे में कौन लिखेगा? अच्छा हो अभी से अपनी प्रतिभा को सामने लाकर लोकजीवन में ऐसा बनाईये कि कोई पत्रकार,कलमकार आपके बारे में कुछ अच्छा लिख सकें।
✍️मनोज जायसवाल
———————-
कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
28 अप्रेल 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
01.जिले के 74 श्रद्धालु रामलला दर्शन के लिए रवाना

—“श्री रामलला दर्शन यात्रा योजना” के अंतर्गत कांकेर जिले से श्रद्धालुओं का दल मंगलवार 28 अप्रैल को अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस यात्रा में 72 दर्शनार्थियों के साथ 02 अनुरक्षक सहित कुल 74 यात्रियों को आजीविका महाविद्यालय, गोविंदपुर कांकेर से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के लिए प्रस्थान कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के सभी श्रद्धालुओं ने 29 अप्रैल को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए यात्रा प्रारंभ किया, जहां वे श्री रामलला के दर्शन का लाभ प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक, श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, ईश्वर कावड़े सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
———————–
02. बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित: 10वीं में एक व 12वीं में 03 छात्रों ने मेरिट सूची में बनाई जगह।

— छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आज बोर्ड कक्षाओं के परीक्षाफल घोषित कर दिए गए हैं। इसमें कांकेर जिले के कक्षा 10वीं से 01 छात्र ने तथा कक्षा 12वीं में 03 छात्रा ने राज्य मेरिट में वर्चस्व बनाया है। साथ ही जिले में बोर्ड कक्षाओं 10वीं एवं 12वीं में उतीर्ण विद्यार्थियों का प्रतिशत क्रमशः 93.68 एवं 93.75 रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले दस वर्ष के परीक्षा परिणामों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का पासिंग पर्सेंटेज इस साल सर्वश्रेष्ठ रिजल्ट रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में संचालित 247 हाई एवं हायर सेकंडरी विद्यालयों में जिले के बोर्ड कक्षाओं में रिजल्ट प्राप्त करने के उददेश्य से ’हमर लक्ष्य’ कार्यक्रम के तहत प्रारंभ से ही बोर्ड कक्षाओं के रिजल्ट में सुधार हेतु विशेष प्रयास किए जाते रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में कुल 8884 छात्र सम्मिलित हुए जिनमें से 6075 विद्यार्थियों अर्थात 68.38 प्रतिशत बच्चे प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 2202 विद्यार्थियों ने द्वितीय और सिर्फ 14 छात्र-छात्राओं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसमें से एक छात्रा ने राज्य की प्रवीण्य सूची में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने बताया कि इसी तरह कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 7662 बच्चों ने भाग लिया जिनमें से 5371 प्रथम श्रेणी अर्थात 70.09 प्रतिशत छात्र-छात्रा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि 1777 द्वितीय श्रेणी और मात्र 19 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण रहे, जिसमें से तीन विद्यार्थियों ने राज्य की मेरिट सूची में स्थान बनाया है। कक्षा 12वीं बोर्ड कक्षा में श्री यश खोब्रागढे़ पीएमश्री नरहरदेव शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय कांकेर ने 96.40 प्रतिशत, कु. अपर्णा बिश्वास, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कापसी विकासखंड कोयलीबेड़ा ने 96.40 प्रतिशत एवं कु. महेश्वरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुरी विकासखंड चारामा 96.40 प्रतिशत के साथ राज्य मेरिट में दसवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं कक्षा 10वीं में चारामा विकासखंड मुख्यालय के निजी स्कूल की छात्रा ईशा दुर्गासी ने 97.83 अंक प्राप्त कर राज्य मेरिट में आठवां स्थान प्राप्त किया है। इस प्रकार जिले से कुल 04 विद्यार्थियों ने राज्य की मेरिट में जगह बनाई है। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी ने सफल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। साथ ही उन्होंने जिले के पासिंग पर्सेंटेज व बोर्ड कक्षाओं में प्रथम स्थान हेतु अधिक से अधिक बच्चों के चयन होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए सभी विद्यार्थियों, पालकों, प्राचार्यों, शिक्षकों को उनके अथक एवं सतत परिश्रम के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की है।
———————
03.कांकेर में बनेगा फाइनेंशियल पार्क और स्टार्टअप इंक्युबेशन सेंटर, युवाओं को मिलेगा नया मंच 80 विषय विशेषज्ञों को दिया गया प्रशिक्षण, छात्रों और आमजन को मिलेगा डिजिटल वित्त का ज्ञानकलेक्टर के निर्देशन में वित्तीय साक्षरता लैब हेतु दो दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न।

-कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशन तथा जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी के मार्गदर्शन में कांकेर जिले में वित्तीय साक्षरता फाइनेंशियल लैब के सफल संचालन के उद्देश्य से 27 एवं 28 अप्रैल को दो दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाना और आधुनिक आर्थिक व्यवस्थाओं से जोड़ना है।कार्यक्रम के प्रथम चरण में जिले के चयनित 80 विषय विशेषज्ञों को प्रशिक्षण दिया गया, जो आगे चलकर जिलेभर में वित्तीय साक्षरता अभियान को गति देंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल आम नागरिकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी।फाइनेंशियल लैब के साथ बनेगा वित्तीय पार्ककलेक्टर श्री क्षीरसागर की दूरदर्शी सोच के तहत वित्तीय साक्षरता लैब परिसर में वित्तीय पार्क तथा स्टार्टअप इंक्युबेशन सेंटर अर्थात नवाचार उद्यम संवर्धन केंद्र की स्थापना की जाएगी। यहां प्रारंभिक चरण में 10 स्टार्टअप शुरू करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इससे जिले के युवाओं को व्यवसाय, नवाचार और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य-कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। डिजिटल लेन-देन, साइबर सुरक्षा, बैंकिंग सेवाओं का उपयोग और बचत की आदत विकसित करने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।प्रमुख शिक्षण विषय फाइनेंशियल लैब में प्रतिभागियों को बैंकिंग प्रणाली, जमा-निकासी, ऋण, एटीएम, यूपीआई, बीमा, निवेश, डिजिटल भुगतान, साइबर फ्रॉड से बचाव, आय-व्यय प्रबंधन, बचत, उद्यमिता और स्वरोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त लैब
लैब में कंप्यूटर आधारित डिजिटल लर्निंग सिस्टम, ऑडियो-विजुअल सामग्री, इंटरएक्टिव कंटेंट, सिमुलेशन आधारित गेम्स तथा बैंकिंग, बीमा और ट्रेडिंग के मॉडल सेटअप उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे प्रतिभागी व्यावहारिक रूप से सीख सकेंगे।
गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति
इस पहल में पारंपरिक पढ़ाई के बजाय Activity-Based Learning को अपनाया गया है। गेम्स, रोल-प्ले, समूह गतिविधियों और वास्तविक जीवन की परिस्थितियों पर आधारित प्रशिक्षण से प्रतिभागियों को वित्तीय निर्णय लेने की समझ विकसित की जाएगी।
कौन होंगे लाभार्थी-इस योजना का लाभ स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी, ग्रामीण एवं शहरी नागरिक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, बेरोजगार युवा तथा उद्यमिता में रुचि रखने वाले लोग उठा सकेंगे।
अपेक्षित परिणाम
इस महत्वाकांक्षी पहल से लोगों में डिजिटल भुगतान के प्रति आत्मविश्वास बढ़ेगा, साइबर ठगी से बचने की जागरूकता आएगी, बचत और निवेश की आदत विकसित होगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
विशेष महत्व-
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) के अनुरूप अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देती है। कांकेर जिले में यह मॉडल “सीखने से निर्णय लेने तक” की सोच को साकार करेगा।
जिला प्रशासन की इस अनूठी पहल से कांकेर जिला वित्तीय रूप से जागरूक, आत्मनिर्भर और नवाचार आधारित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।।
————————
04 नकली हाथ पैर के मापन शिविर का आयोजन 28 एवं 29 अप्रैल को।
—कांकेर जिले में दो दिवसीय नकली हाथ पैर के मापन शिविर का आयोजन 28 एवं 29 अप्रैल को प्रातः 11 से 4 बजे तक शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय कोदाभाट कांकेर में किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने जानकारी दी है कि जरूरतमंद सभी दिव्यांग शिविर का लाभ ले सकते हैं। शिविर हेतु भोजन, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था समाज कल्याण विभाग कांकेर द्वारा की जाएगी। शिविर में हितग्राही को अपना आधार, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साईज फोटो, यू.डी.आई.डी. कार्ड लाना अनिवार्य है।
————————
05 . जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 04 से 25 मई तक।
— प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 04 से 25 मई तक सुबह 06 से 08 बजे तक एवं सायंकाल 05 से 07 बजे तक शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान एवं जिला खेल परिसर सिंगारभाट कांकेर में आयोजन किया जाएगा। प्रभारी खेल अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जिला स्तरीय खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन में प्रशिक्षक फुटबॉल, कराटे, खो-खो, एथेलटिक्स, हैण्डबॉल, व्हालीबॉल और बैडमिंटन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर हेतु व्यवस्थित खेल मैदान, खेल सामग्री, प्रशिक्षक की व्यवस्था, प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों को शुद्ध पेयजल, पौष्टिक आहार आदि समस्त व्यवस्था विभाग द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में प्रवेश हेतु खिलाड़ियों की आयु सीमा मय दस्तावेज निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र तथा 8 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक, बालिकाओं को शामिल किया जाएगा। आयु प्रमाण के लिए प्रवेश लेने वाले खिलाड़ियों से जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड अथवा ऐसी दस्तावेज जो सक्षम प्राधिकारी द्वारा अभिप्रमाणित हो। प्रशिक्षणार्थी जिस खेल में भाग लेना चाहते हैं, उन खेलों से संबंधित प्रशिक्षण स्थल अथवा कार्यालय खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग कांकेर में जाकर सीधे सम्पर्क कर अपना नाम पंजीयन अथवा आवेदन जमा करा सकते हैं।
————————
06.जिले में 13 नए उच्च स्तरीय पुलों की स्वीकृति, ग्रामीणों को मिलेगा बारहमासी आवागमन की सुविधा ।
—सरकार द्वारा कांकेर जिले में 13 नए उच्च स्तरीय पुलों की स्वीकृति दी गई है। इन पुलों के निर्माण से लोगों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी। बारिश के दिनों में अब उन्हें नदी-नालों को पार करने की जोखिम नहीं लेना पड़ेगा। कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के बेचाघाट पुल भी इसमें शामिल है, नक्सली दबाव के कारण इस पुल के निर्माण नहीं हो पा रहा था, जो अब प्रगतिरत है।लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग कांकेर के कार्यपालन अभियंता राजेन्द्र सोनकर से मिली जानकारी के अनुसार कांकेर जिले में 13 नए उच्च स्तरीय पुल स्वीकृत किए गए हैं। रावघाट में मेढकी नदी पर 512 लाख 97 हजार रूपए की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसी प्रकार सोनपुर-नारायणपुर मार्ग में कोटरी नदी पर बेचाघाट में 1552 लाख 26 हजार रूपए की लागत से पुल का निर्माण हो रहा है। भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ मार्ग में खंडी नदी पर 617 लाख 92 हजार रूपए की लागत से पुल निर्माण के कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार कांकेर-देवरी मार्ग में चिनार नदी पर 898 लाख 09 हजार रूपए की लागत से पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन उच्च स्तरीय पुलों के अलावा शासन द्वारा कांकेर जिले में अंतागढ़-बेड़मा मार्ग में निर्गुण नाला पर पुल निर्माण के लिए 382 लाख 40 हजार रूपए, चारामा के पास सिरसिदा नाला में पुल निर्माण के लिए 899 लाख 60 हजार रूपए, कोरर के पास जंजालीपारा में पुल निर्माण हेतु 422 लाख 54 हजार रूपए, संबलपुर से सिलपट मार्ग में संबलपुर नाला में पुल निर्माण के लिए 387 लाख 37 हजार रूपए, चारामा विकासखण्ड के टांहकापार में महानदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण हेतु 2806 लाख 90 हजार रूपए, ईच्छापुर-घोटिया मार्ग में दूध नदी पर पुल निर्माण के लिए 653 लाख 09 हजार रूपए और ताड़ोकी में निब्रा (मेढकी) नदी पर पुल निर्माण के लिए 612 लाख 60 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह सभी कार्य टेंडर प्रक्रिया पर हैं। इसी प्रकार कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के छोटेबेठिया के बेलगाल में पुल निर्माण के लिए 410 लाख 38 हजार रूपए और भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग में पासंगी नाला पर पुल निर्माण के लिए 574 लाख 43 हजार रूपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन कार्यों के लिए तकनीकी स्वीकृति प्रक्रियाधीन है।
————————
07.
—
————————
08.
—
——————–
09 .
–
————————
10.
–
————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
————————






