कांकेर टॉप 10 अब पढें विस्तार से ….
25 मार्च 2026 बुधवार
✍️मनोज जायसवाल
———————-
‘सफल अभिनेत्री, नंदा जी’

नंदा जी की पुण्यतिथी पर सादर प्रणाम…सादर नमन….
01. तिलक उत्सव कार्यक्रम के माध्यम नगर भ्रमण किया गया।
वीडियो- पंचमुखी हनुमान मंदिर से नगर भ्रमण पर जाते कार्यकर्ता।
-एकल अभियान के तत्वाधान में आयोजित तिलक उत्सव कार्यक्रम गत 24 मार्च को कांकेर अंचल के सभी कार्यकर्ता एवं समिति के माध्यम से पंचमुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ करके नगर भ्रमण किया गया। इस दौरान कांकेर शहर के नागरिकों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में, चलते हुए राहगीरों को तिलक लगाकर हिंदू नव वर्ष की बधाई दिया गया और अंत में पंचमुखी हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ करके इस कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान कांकेर की समिति से शरद श्रीवास्तव, अंचल अध्यक्ष,मनोज, कोषाध्यक्ष, अशोक राठी, अशोक राठी संरक्षक, डी.के लाल सिदार, श्रीमती हर्षा कोठारी, श्रीमती सिंधु श्रीवास्तव, सुश्री पद्मिनी साहू, श्रीमती गीतांजलि देव, सुश्री विरल कोठारी, श्रीमती मंजू गुप्ता, श्रीमती सविता परूथी आदि ने इस तिलक उत्सव कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
————————
02. बेवरती एवं बांधापारा नाथियानवागांव जलाशय मत्स्य पालन हेतु पट्टे पर होगा आबंटित।
— जनपद पंचायत कांकेर अंतर्गत बेवरती एवं बांधापारा नाथियानवागांव सिंचाई जलाशय को मत्स्य पालन के लिए 10 वर्षीय पट्टे पर आबंटित किया जाएगा। जनपद पंचायत कांकेर से मिली जानकारी के अनुसार पट्टा आबंटन में पंजीकृत मत्स्य सहकारी समिति एवं मछुआ समूह, स्थानीय महिला स्वसहायता समूह, मछुआ व्यक्ति एवं मत्स्य कृषक, ऐसा क्षेत्र जहां वर्ष 1968 या उसके पश्चात मकान, भूमि आदि डूब में आने के कारण परिवार स्थापित हो गए हों, ऐसे व्यक्तियों एवं परिवार व उनके समूह, समिति को संबंधित जल क्षेत्र में पट्टे पर दिए जाने के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। इसी प्रकार गौठान समिति या उनके द्वारा चिन्हित समूह को भी मत्स्य पालन के जलाशय आबंटित किए जा सकेंगे। योजना में चयनित हितग्राही की न्यूनतम आयु 18 वर्ष पूर्ण होना चाहिए। उपरोक्त जलाशयों में मत्स्य पालन के लिए पट्टा आबंटन के लिए 06 अप्रैल तक आवश्यक दस्तावेजों सहित जनपद पंचायत कांकेर में कार्यालयीन समय में आवेदन प्रस्तुत किए जा सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जनपद पंचायत कांकेर से संपर्क किया जा सकता है।
———————
03. ग्रामोद्योग विकास योजना अंतर्गत 26 मार्च को कारीगरों को वितरित किए जाएंगे टूलकिट्स।
— खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार के अधीन कार्यरत विधिविहित विभाग के अध्यक्ष मनोज कुमार के द्वारा 26 मार्च को दोपहर 12 बजे सामुदायिक भवन ग्राम गोविंदपुर के खेल मैदान में कारीगरां को टूलकिट्स वितरित किए जाएंगे। सहायक निदेशक खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग 540 कारीगरों को विभिन्न गतिविधियों कुम्हारी, दोना-पत्तल निर्माण, फुटवियर निर्माण, मधुमक्खी पालन, इमली प्रसंस्करण, इलेक्ट्रिशियन एवं प्लम्बर जैसे कार्यों से संबंधित मशीनों एवं टूलकिट्स वितरित किए जाएंगे।
————————
04. कांकेर पुलिस की सख्ती: बस संचालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश। यातायात नियमों के सख्त पालन हेतु बस संचालकों की बैठक आयोजित।ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग व नशे में वाहन चलाने पर कड़ी कार्यवाही । शहर में बस स्टॉपेज निर्धारित कर यातायात व्यवस्था को किया जाएगा सुगम। नशे में ड्राइविंग पर एक्शन: लाइसेंस निलंबन तक होगी कार्यवाही ।

—कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू, प्रशिक्षु आईपीएस (थाना प्रभारी) कांकेर प्रतीक दादासाहेब बनसोड़े (भा.पु.से.), उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह एवं यातायात प्रभारी दीपक साव द्वारा बस संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई । बैठक के प्रमुख बिंदुओं में- सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु ओवरस्पीडिंग एवं ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना।बसों को केवल निर्धारित स्टॉपेज पर ही रोकना।सभी चालकों के लिए वैध ड्रायविंग लाइसेंस रखना अनिवार्य।वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध। बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने। बसों में प्रेशर हॉर्न का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित, उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही।वाहन के फिटनेस एवं परमिट नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये।
नशे में वाहन चलाने पर सख्त चेतावनी इसके तहत बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने चालकों को शराब या अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाने हेतु सख्ती से निर्देश दें।नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित चालक के विरुद्ध लाइसेंस निलंबन, जुर्माना एवं कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
बस स्टॉपेज निर्धारण- यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने हेतु शहर में प्रमुख बस स्टॉपेज निर्धारित किए गए।रायपुर रूट माकड़ी चौक, घड़ी चौक, बस स्टैंड जगदलपुर रूटरू ज्ञानी चौक, बस स्टैंड शहर के प्रमुख स्टॉप पीजी कॉलेज, घड़ी चौक, ज्ञानी चौक बसों को इन निर्धारित स्थानों पर ही रोकने एवं अनावश्यक रूप से अधिक समय तक खड़ा न रखने के निर्देश दिए गए।साथ ही मस्जिद चौक पर बस खड़ी पाए जाने पर चालानी कार्यवाही की जाएगी। बैठक में कलेक्ट्रेट से लोकेश सिन्हा सहित विभिन्न बस संचालक सहित यातायात पुलिस बल उपस्थित रहे।
कांकेर पुलिस की अपील
सभी बस संचालकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, गति सीमा का ध्यान रखें एवं यात्रियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।
————————
05.थाना ताड़ोकी के 04 वर्ष पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में कांकेर पुलिस को मिली बड़ी सफलता ।सामाजिक प्रमुख आरोपी द्वारा मृतक के दूसरी शादी करने की बात को लेकर क्रोधित होकर अपने अन्य 02 साथियों के साथ दिया था हत्या की घटना को अंजाम। आरोपियों द्वारा मृतक सदेश कुमार ध्रुव की गला घोंटकर की गई थी हत्या, पुलिस की विशेष टीम ने सुलझाया मामला। कांकेर पुलिस की सतत विवेचना से मिली सफलता।
-पुलिस जानकारी के अनुसार घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि-थाना ताड़ोकी क्षेत्रांतर्गत दिनांक 13.07.2022 को प्रार्थी महेन्द्र कुमार ध्रुव निवासी चिहरीपारा सरंडी द्वारा अपने परिजन सदेश कुमार ध्रुव की संदिग्ध मृत्यु के संबंध में मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराए जाने पर रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किया जाना प्रमाणित हुआ। इस आधार पर थाना ताड़ोकी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 302 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना एवं पुलिस कार्यवाही —मृतक सदेश कुमार ध्रुव की विवाह 14 वर्ष पूर्व हुुआ था तथा उनके दो बच्चे है। कुछ वर्ष बाद उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति सही नही होने पर वह ईलाज हेतु ग्राम बेलगांव, जिला नारायणपुर जाकर रहने लगी। इस बीच मृतक सदेष कुमार ध्रुव एक दूसरी महिला से दूसरी शादी करने सामाजिक रीति रिवाज से फलदान का कार्यक्रम भी सम्पन्न कर लिया था। आरोपी गंगूराम ध्रुव अपने क्षेत्र का सामाजिक अध्यक्ष होने पर मृतक के द्वारा दूसरी शादी की बात को लेकर काफी नाराज था एवं वह नही चाहता कि एक जीवित पत्नी रहते हुए मृतक सदेष दूसरी शादी करे। इस बात को लेकर काफी विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई थी। दिनांक 13.07.2022 को ग्राम सरंडी में आयोजित सामाजिक बैठक में उक्त बात प्रमुखता से उठाई गई। बैठक पश्चात सामाजिक प्रमुख आरोपी गंगूराम ध्रुव, मंगूराम ध्रुव दोनो निवासी ग्राम सरंडी तथा रजउ राम ध्रुव शराब पीकर मृतक सदेश कुमार ध्रुव के शादी की दूसरी शादी की बात को लेकर आक्रोश में आकर उसे मारने की योजना बनायी। उसी दिनांक की रात्रि लगभग 08ः30 बजे आरोपी गंगूराम ध्रुव, मंगूराम ध्रुव एवं रजउराम ध्रुव मृतक सदेश कुमार ध्रुव के घर पहुंचकर उसे अकेले में पाकर गला घोंटकर हत्या कर शव को उसके बिस्तर में लिटाकर वहां से फरार हो गये थे। प्रार्थी की सूचना पर थाना ताड़ोकी में अपराध पंजीबद्ध कर लगातार विवेचना की जा रही थी। इसी तारतम्य मे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष बंछोर (अंतागढ़) अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश सिन्हा (साइबर नोडल)के मार्गदर्शन में तथा उप पुलिस अधीक्षक श्री गिरिजाशंकर साव (नक्सल आ.) के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित कर अज्ञात हत्या के मामले को सुलझाने के लिए निर्देशित किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार सिन्हा, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक श्री यशवंत कुमार श्याम, निरीक्षक श्री दिलेश्वर चंद्रवंशी के द्वारा सायबर सेल कांकेर एवं थाना ताड़ोकी की सयुक्त टीम द्वारा पूनः घटना स्थल का मुआयना कर टीम द्वारा लगातार साक्ष्य संकलन एवं संदेहियों की पतासाजी की गई। दिनांक 23.03.2026 को ग्राम सरंडी में पुनः गहन पूछताछ के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने घटना दिनांक को मिलकर सदेश कुमार ध्रुव की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया गया ।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान:-
इस महत्वपूर्ण अंधे कत्ल के खुलासे में थाना ताड़ोकी एवं सायबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा, जिसमें – निरीक्षक दिलेश्वर चंद्रवंशी (थाना प्रभारी ताड़ोकी), निरीक्षक यशवंत श्याम (सायबर सेल प्रभारी), निरीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार साहू, सउनि सतीश जाधव, सउनि भकेश पटेल ,प्रधान आरक्षक संतराम ओटी,आरक्षक जितेन्द्र नाग, रामरतन निषाद, विष्णु मंडावी,आरक्षक संजीत महावीर, पियाशरण कश्यप,आरक्षक बरातु राम भंडारी, घासीराम मंडावी,महिला आरक्षक रेखा वट्टी एवं अन्तेश्वरी उसेण्डी सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
————————
06. ”उमंग एक प्रतिभा” कार्यक्रम में शामिल हुए कांकेर विधायक आशा राम नेताम।

—आज कांकेर के गोविंदपुर स्कूल मैदान में राष्ट्रीय आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत आयोजित “उमंग एक प्रतिभा” कार्यक्रम में कांकेर विधानसभा के विधायक आशा राम नेताम शामिल हुए। उन्होंने कहा- यह आयोजन केवल एक मंच नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की छुपी प्रतिभा को पहचान दिलाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उनके सपनों को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम है। हमारे प्रदेश की नारी शक्ति आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय दे रही है और बिहान जैसे प्रयास उन्हें सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महिलाओं की यह उमंग, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की चाह निश्चित ही समाज और क्षेत्र के समग्र विकास का आधार बनेगी।
————————
07. चित्रकांत सिन्हा,जेपरा(चारामा) को दो मंडल का कार्यभार दिये जाने से महानदी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त।

—-छत्तीसगढ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी के संगठ सृजन अभियान के तहत संगठन को मजबूत बनाये जाने के उद्वेश्य को लेकर कांकेर जिलाध्यक्ष बसंत यादव की सहमति एवं अनुशंसा से जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त मंडल प्रभारी की नियुक्ति की गई है। जिसमें सचिव पद पर चारामा विकासखंड के जेपरा निवासी चित्रकांत सिन्हा(गोलू) को मंडल कांग्रेस कमेटी टांहकापार, तथा हाराडुला इस तरह दो मंडल का कार्यभार सौंपा गया है। इसे लेकर महानदी परिक्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है। कांग्रेस के दिग्गज युवा तुर्क की गिनती में चित्रकांत सिन्हा का नाम पहले पहल आता है। निष्ठावान, कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में पहचान बनाने वाले चित्रकांत कांग्रेस के उन चुनिंदे कार्यकर्ता है,जो पार्टी हित में बैठकों में अपनी बातें निष्पक्ष बेबाक रखते हैं।
————————
08.-आज ग्राम बासनवाही विकासखंड चारामा में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में भानुप्रतापपुर विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी विधायक भानुप्रतापपुर ने कथा कथा का श्रवणा किया। इस दौरान प्रमुख रूप से रत्ना कोवाची सरपंच बासनवाही, नरेन्द्र यादव पूर्व सदस्य गौ सेवा आयोग छत्तीसगढ़, हिरवेन्द्र साहू अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी चारामा, देवेन्द्र सोनी सचिव जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर, महेन्द्र नायक कार्यकारी जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस कांकेर, पप्पू टंडन उपसरपंच बासनवाही आदि उपस्थित थे।

———————-
09. रात्रि गश्त में बड़ी कार्रवाई: अवैध लकड़ी से भरा वाहन पकड़ा, वन विभाग की सख्ती ।

-वन विभाग दुर्गूकोदल द्वारा अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रात्रि गश्त के दौरान लकड़ी से भरा एक वाहन पकड़ने में सफलता प्राप्त की गई। यह कार्रवाई 24 मार्च की रात पूर्व वनमंडलाधिकारी ऋषभ जैन एवं उप मंडलाधिकारी आईपी गेदरे के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई।गश्त के दौरान टीम को संदिग्ध वाहन दिखाई दिया, जिसे रोककर जांच की गई। जांच में वाहन में मोदे प्रजाति की लकड़ी भरी हुई पाई गई। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने लकड़ी के स्रोत के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर टीम मौके पर पहुंची और जांच की।जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त लकड़ी आरएफ 616 क्षेत्र से काटी गई है, जो वन विकास निगम के अंतर्गत आता है।
————————
10. आज जिले के नरहरपुर में गैस महंगाई और सड़क बदहाली को लेकर ब्लॉक कांग्रेस एवं जिला युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर काफी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

————————
शुभ रात्रि… कल इसी समय फिर हाजिर होंगे हम। टॉप 10 न्यूज सशक्त पथ संवाद पर…आपके कमेंट का इंतजार रहेगा…
————————
नोटः— खबर लिखे जाने अभी तक हमारे पास किसी अप्रिय घटना दुर्घटना की खबर नहीं है। 🙏
———————–






